5. परिवार के दैहिक सुखों के लिए लालायित रहने की समस्या का समाधान कैसे करें
बाइबल से उद्धृत परमेश्वर के वचन
“यदि कोई मेरे पास आए, और अपने पिता और माता और पत्नी और बच्चों और भाइयों और बहिनों वरन् अपने प्राण को भी अप्रिय न जाने, तो वह मेरा चेला नहीं हो सकता” (लूका 14:26)।
“तुम में से जो कोई अपना सब कुछ त्याग न दे, वह मेरा चेला नहीं हो सकता” (लूका 14:33)।
“मैं तुम से सच कहता हूँ कि ऐसा कोई नहीं जिसने परमेश्वर के राज्य के लिए घर, या पत्नी, या भाइयों, या माता-पिता, या बाल-बच्चों को छोड़ दिया हो; और इस समय कई गुणा अधिक न पाए और आने वाले युग में अनन्त जीवन” (लूका 18:29-30)।
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
हजारों वर्षों की “राष्ट्रीय भावना” के माध्यम से मानव हृदय में गहराई तक बैठे हानिकारक प्रभावों और सामंती सोच ने लोगों को बाँध और जकड़ दिया है, जिससे उनमें जरा-सी भी स्वतंत्रता नहीं बची है, न कोई महत्वाकांक्षा या दृढ़ता है और न ही प्रगति करने की कोई इच्छा है; इसके बजाय वे नकारात्मक बने रहते हैं और पीछे हट जाते हैं, गुलामी की मानसिकता में जकड़े रहते हैं, इत्यादि। इन वस्तुनिष्ठ कारकों ने लोगों के वैचारिक दृष्टिकोण पर और उनकी व्यक्तिगत आकांक्षाओं, नैतिकता और स्वभाव पर एक अमिट गंदी और भद्दी छाप छोड़ी है। ऐसा लगता है कि मनुष्य आतंकमय अँधेरी दुनिया में जी रहे हैं और उनमें से कोई भी इससे पार पाने के बारे में नहीं सोचता या एक आदर्श दुनिया में जाने के बारे में नहीं सोचता; बल्कि, वे अपने जीवन की स्थिति को लेकर संतोष की भावना के साथ अपने दिन बिताते हैं : बच्चे पैदा करना और पालना, प्रयास करना, पसीना बहाना, अपने श्रम में लगे रहना और एक आरामदायक और सुखी परिवार, वैवाहिक स्नेह, संतानोचित बच्चों, जीवन के अंतिम पड़ाव में आनंद और शांतिपूर्ण ढंग से अपना जीवन जीने का सपना देखना...। दसियों हजारों, दसियों हजार वर्षों से लेकर अब तक लोग इसी तरह अपना समय बरबाद करते आ रहे हैं, किसी ने भी समस्त मानव जीवन में सबसे शानदार जीवन का निर्माण नहीं किया है, वे केवल इस अँधेरी दुनिया में एक-दूसरे की हत्या, प्रसिद्धि और लाभ की दौड़ और एक-दूसरे के खिलाफ साजिशें रचने में लगे रहते हैं। किसने कभी परमेश्वर के इरादे जानने का प्रयास किया है? क्या किसी ने कभी परमेश्वर के कार्य पर ध्यान दिया है? मनुष्य के वे सभी पक्ष, जो अंधकार के प्रभाव के अधीन हैं, बहुत पहले से ही उसकी मानव प्रकृति बन चुके हैं, इसलिए परमेश्वर का कार्य करना अत्यंत कठिन हो गया है और लोग आज परमेश्वर द्वारा उन्हें सौंपे गए कार्य पर ध्यान देने के तो और भी कम इच्छुक हैं।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, कार्य और प्रवेश (3)
कौन वास्तव में पूरी तरह से मेरे लिए खुद को खपा पाता है और मेरी खातिर अपना सब कुछ अर्पित कर पाता है? तुम सभी अनमने हो; अपने विचारों को लेकर तुम दुविधाग्रस्त रहते हो, परिवार के बारे में, बाहरी दुनिया के बारे में, भोजन और कपड़ों के बारे में सोचते रहते हो। इस तथ्य के बावजूद कि तुम यहाँ मेरे सामने हो, मेरे लिए चीजें कर रहे हो, अपने दिल में तुम अभी भी घर पर मौजूद अपनी पत्नी, बच्चों और माता-पिता के बारे में सोच रहे हो। क्या वे तुम्हारी संपत्ति हैं? तुम उन्हें मेरे हाथों में क्यों नहीं सौंप देते? क्या तुम मुझ पर भरोसा नहीं करते? या ऐसा है कि तुम डरते हो कि मैं तुम्हारे लिए अनुचित व्यवस्थाएँ करूँगा? तुम्हारी अपनी देह का परिवार और अपने प्रियजन क्यों हमेशा तुम्हारे मन में रहते हैं? क्या तुम्हारे दिल में मैं कोई निश्चित स्थान रखता हूँ? फिर भी तुम दावा करते हो कि तुम मुझे अपने भीतर प्रभुत्व रखने दोगे और अपने पूरे अस्तित्व पर अधिकार करने दोगे—ये सभी कपटपूर्ण झूठ हैं! तुम में से कितने लोग कलीसिया के लिए पूरे दिल से समर्पित हो? और तुम में से कौन अपने बारे में नहीं सोचता है, बल्कि आज के राज्य के बारे में सोचता है? इस बारे में बहुत ध्यानपूर्वक विचार करो।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, आरंभ में मसीह के कथन, अध्याय 59
इन सब वर्षों में तुम लोगों ने मेरा अनुसरण किया है, फिर भी तुम लोगों ने मुझे कभी रत्ती भर भी “वफादारी” नहीं दी है। इसके बजाय, तुम उन लोगों और चीजों के इर्द-गिर्द घूमते रहे हो जिन्हें तुम लोग पसंद करते हो—इतना कि हर समय, और हर जगह जहाँ तुम जाते हो, उन्हें अपने हृदय के करीब रखते हो और तुमने कभी भी उन्हें छोड़ा नहीं है। तुम लोग उस हर चीज के प्रति समर्पित हो जिसे तुम लोग पसंद करते हो, और उस हर चीज के प्रति जुनूनी हो जिससे तुम लोग प्रेम करते हो, और यह सब तुम लोग मेरा अनुसरण करते समय, और यहाँ तक कि मेरे वचनों को सुनते समय करते हो। इसलिए मैं कहता हूँ कि जिस वफादारी की अपेक्षा मैं तुम लोगों से करता हूँ, उसे तुम लोग अपने “पालतु पशुओं” के प्रति वफादार होने और अपने “पालतु पशुओं” को संजोने के लिए इस्तेमाल कर रहे हो। हालाँकि तुम लोग मेरे लिए एक-दो चीजों का त्याग करते हो, पर वह तुम्हारे सर्वस्व का प्रतिनिधित्व नहीं करता, और यह नहीं दर्शाता कि वह मैं हूँ, जिसके प्रति तुम सचमुच वफादार हो। तुम लोग खुद को उन उपक्रमों में संलग्न कर देते हो, जिनके प्रति तुम बहुत गहरा चाव रखते हो। तुममें से कुछ लोग अपने बेटे और बेटियों के प्रति वफादार हैं, तुममें से कुछ अपने पतियों के प्रति वफादार हैं, तुममें से कुछ अपनी पत्नियों के प्रति वफादार हैं, तुममें से कुछ धन के प्रति वफादार हैं, तुममें से कुछ काम के प्रति वफादार हैं, तुममें से कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति वफादार हैं, तुममें से कुछ रुतबे के प्रति वफादार हैं, और तुममें से कुछ स्त्रियों के प्रति वफादार हैं। तुम लोग जिन चीजों के प्रति वफादार हो, उनसे तुम लोग कभी नहीं थकते, और उनसे कभी परेशान नहीं होते; इसके बजाय, तुम लोग उस चीज को अधिक मात्रा में और बेहतर तरीके से पाने के लिए और अधिक उत्सुक हो जाते हो जिसके प्रति तुम वफादार हो, और तुम कभी हार नहीं मानते। जहाँ तक मेरी बात है और जहाँ तक मेरे वचनों की बात है, तुम लोग हमेशा उन्हें उन सभी चीजों के पीछे रखते हो जिनके प्रति तुम लोग जुनूनी हो, और तुम्हारे पास उन्हें आखिरी स्थान पर रखने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। ऐसे लोग भी हैं जो इस आखिरी स्थान को भी उन चीजों के लिए आरक्षित करते हैं जिनके प्रति वे वफादार रहेंगे, लेकिन जिन्हें उन्होंने अभी खोजा नहीं है। उनके दिलों में कभी भी मेरा मामूली-सा भी निशान नहीं रहा है। तुम लोग सोच सकते हो कि मैं तुम लोगों से बहुत ज्यादा अपेक्षा रखता हूँ या मैं तुम लोगों पर गलत तरीके से आरोप लगा रहा हूँ—लेकिन क्या तुमने कभी इस तथ्य पर ध्यान दिया है कि जब तुम खुशी-खुशी अपने परिवार के साथ समय बिता रहे होते हो, तो तुम कभी भी मेरे प्रति वफादार नहीं रहे हो? इस समय, क्या तुम लोगों को इससे तकलीफ नहीं होती? जब तुम लोगों के दिल अपनी मेहनत का प्रतिफल पाकर खुशी से भरे होते हैं, तब क्या तुम लोग खुद को पर्याप्त सत्यों से लैस न करने के कारण निराश महसूस नहीं करते? मेरी स्वीकृति प्राप्त न करने पर तुम लोग कब रोए हो? तुम लोग अपने बेटे-बेटियों के लिए अपना दिमाग खपाते हो और बहुत तकलीफ उठाते हो, फिर भी तुम संतुष्ट नहीं होते; फिर भी तुम यह मानते हो कि तुमने उनके लिए ज्यादा मेहनत नहीं की है, और तुमने उनके लिए वह सब कुछ नहीं किया है जो तुम कर सकते थे। लेकिन मेरे प्रति तुम लोग हमेशा से लापरवाह रहे हो; मैं केवल तुम्हारी यादों में रहता हूँ, तुम्हारे दिलों में नहीं। तुम लोग कभी मेरे श्रमसाध्य इरादों को समझने की कोशिश नहीं करते, उनके प्रति कभी विचारशीलता दिखाने की कोशिश नहीं करते। तुम सिर्फ मामूली संक्षिप्त सोच-विचार करते हो, और समझते हो कि यह काफी होगा। यह “वफादारी” वह नहीं है, जिसकी मैंने लंबे समय से कामना की है, बल्कि वह है जिससे मैंने लंबे समय से नफरत की है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, तुम वास्तव में किसके प्रति वफादार हो?
हर पल, तुम लोग मेरे बारे में नहीं, मुझसे आने वाले सत्य के बारे में नहीं, बल्कि अपने पति या पत्नी, अपने बच्चों, और अपने खाने और कपड़ों के बारे में सोचते हो। तुम यही सोचते हो कि तुम लोग कैसे बेहतर आनंद और उच्चतर स्तर का आनंद प्राप्त कर सकते हो। तुम लोग अपने पेट पूरी तरह भर लेते हो, लेकिन क्या तुम अब भी लाशें नहीं हो? तुम लोग अपने बाहरी रंग-रूप को विशेष रूप से आलीशान तरीके से सजाते हो, लेकिन क्या तुम लोग अब भी निर्जीव चलती-फिरती लाशें नहीं हो? तुम सभी अपने पेट के लिए इतनी मेहनत करते हो कि तुम्हारे बाल सफेद हो जाते हैं, फिर भी तुममें से कोई भी मेरे कार्य के लिए एक बाल भी कुर्बान नहीं करता। तुम लोग अपनी देह और अपने बच्चों के लिए लगातार दौड़-भाग करते हो और मेहनत करते हो, अपने दिमाग खपाते हो, फिर भी तुममें से कोई भी मेरे इरादों के लिए व्याकुल या चिंतित नहीं होता। वह क्या है, जो तुम अब भी मुझसे प्राप्त करने की आशा रखते हो?
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, बुलाए बहुत जाते हैं, पर चुने कुछ ही जाते हैं
जो लोग परमेश्वर का अनुसरण करते हैं, उन्हें कम से कम अपना सब कुछ त्यागने में सक्षम होना चाहिए। परमेश्वर ने बाइबल में एक बार कहा था : “तुम में से जो कोई अपना सब कुछ त्याग न दे, वह मेरा चेला नहीं हो सकता” (लूका 14:33)। अपने पास जो कुछ भी है, उसे त्यागने से क्या तात्पर्य है? इसका तात्पर्य है अपने परिवार को त्यागना, अपने कार्य को त्यागना, अपने सभी सांसारिक बंधनों को त्यागना। क्या यह करना आसान है? यह बहुत ही कठिन है। ऐसा करने का संकल्प न हो तो यह कभी नहीं किया जा सकता। जब व्यक्ति के पास त्यागने का संकल्प होता है, तो उसमें स्वाभाविक रूप से कष्ट सहने का संकल्प भी होता है। यदि व्यक्ति कष्ट नहीं सह सकता, तो वह चाहते हुए भी कुछ त्याग नहीं पाएगा। कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें अपने परिवारों को त्याग देने और अपने प्रियजनों को पीछे छोड़ देने पर कुछ समय तक घर से दूर अपने कर्तव्य करने के बाद घर की याद सताने लगती है। यदि वे सच में इसे सहन नहीं कर पाते, तो घर जाकर देख आते हैं और फिर अपने कर्तव्य करने के लिए लौट आते हैं। कुछ लोग जो अपने कर्तव्य करने के लिए अपना घर छोड़ चुके हैं, नववर्ष और अन्य छुट्टियों पर अपने प्रियजनों को याद किए बिना नहीं रह पाते और छिपकर रोते हैं। रोने-धोने के बाद वे परमेश्वर से प्रार्थना करते हैं और काफी बेहतर महसूस करते हैं, जिसके बाद वे अपने कर्तव्य जारी रखते हैं। हालाँकि ये लोग अपने परिवारों को त्यागने में सक्षम थे, लेकिन वे अत्यधिक पीड़ा सहने में असमर्थ हैं। यदि वे देह के अपने संबंधियों के लिए अपना स्नेह भी नहीं छोड़ सकते, तो वे वास्तव में स्वयं को परमेश्वर के लिए कैसे खपा सकते हैं? कुछ लोग अपना सब कुछ त्यागकर परमेश्वर का अनुसरण करने में सक्षम होते हैं। वे अपनी नौकरी और अपने परिवारों को त्याग देते हैं। लेकिन ऐसा करने में उनका लक्ष्य क्या है? कुछ लोग ऐसा अनुग्रह और आशीष प्राप्त करने के लिए करते हैं, और कुछ पौलुस जैसे हैं जो केवल एक मुकुट और एक पुरस्कार पाने का प्रयास कर रहे हैं। बहुत कम लोग ही सत्य और जीवन प्राप्त करने और उद्धार प्राप्त करने के लिए अपना सब कुछ त्यागते हैं। तो कौन-सा अनुसरण परमेश्वर के इरादों के अनुरूप है? निस्संदेह, यह सत्य का अनुसरण करना और जीवन प्राप्त करना ही है जो पूर्ण रूप से परमेश्वर के इरादों के अनुरूप है और परमेश्वर में विश्वास करने की बात आने पर यह सबसे महत्वपूर्ण मामला होता है। यदि कोई व्यक्ति सांसारिक वस्तुएँ या धन नहीं त्याग सकता, तो क्या वह सत्य प्राप्त कर पाएगा? एकदम नहीं। ... परमेश्वर के राज्य में तुम केवल तभी प्रवेश कर पाओगे जब तुम परमेश्वर का अनुगमन करने और अपना कर्तव्य करने और सत्य का अनुसरण करने तथा जीवन पाने के लिए अपनी सबसे मूल्यवान चीज त्याग सकोगे। परमेश्वर के राज्य में प्रवेश करने का अर्थ क्या है? इसका मतलब है कि तुम अपना सब कुछ त्यागने और परमेश्वर का अनुसरण करने, उसके वचनों की आज्ञा मानने और उसकी व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करने, हर चीज में उसके प्रति समर्पण करने में सक्षम हो; इसका मतलब है कि वह तुम्हारा प्रभु और तुम्हारा परमेश्वर बन गया है। परमेश्वर के लिए इसका मतलब है कि तुमने उसके राज्य में प्रवेश पा लिया है और तुम पर चाहे कोई भी आपदा आए, तुम्हें उसकी सुरक्षा मिलेगी और तुम बच जाओगे, और तुम उसके राज्य के लोगों में से एक होओगे। परमेश्वर तुम्हें अपना अनुयायी स्वीकार करे या तुम्हें पूर्ण बनाने का अपना वादा दे, इसके लिए तुम्हारा पहला कदम यह होना चाहिए कि तुम मसीह का अनुगमन करो। केवल इसी तरह राज्य के प्रशिक्षण में तुम्हारा हिस्सा होगा। यदि तुम मसीह का अनुसरण नहीं करते और परमेश्वर के राज्य के बाहर हो तो परमेश्वर तुम्हें स्वीकृति नहीं देगा। और यदि परमेश्वर तुम्हें स्वीकृति नहीं देता है तो क्या तुम उद्धार किए जाने और परमेश्वर का वादा और उससे पूर्णता हासिल करने की इच्छा के बावजूद यह सब हासिल कर सकोगे? तुम नहीं कर सकोगे। यदि तुम परमेश्वर की स्वीकृति हासिल करना चाहते हो तो तुम्हें सबसे पहले उसके राज्य में प्रवेश करने लायक बनना होगा। यदि तुम सत्य के अनुसरण के लिए अपना सब कुछ त्याग सकते हो, यदि तुम अपना कर्तव्य निभाने में सत्य खोज सकते हो और सिद्धांतों के अनुसार कार्य कर सकते हो और यदि तुम्हारे पास सच्ची अनुभवजन्य गवाही है तो तुम परमेश्वर के राज्य में प्रवेश करने और उसके वादे को विरासत में पाने के योग्य हो। यदि तुम परमेश्वर का अनुसरण करने के लिए अपना सब कुछ त्याग नहीं सकते, तो तुम न तो उसके राज्य में प्रवेश करने के योग्य हो, न ही तुम्हारा उसके आशीष और वादे से कुछ लेना-देना है। अब बहुत-से लोग ऐसे हैं जिन्होंने अपना सब कुछ त्याग दिया है और परमेश्वर के घर में कर्तव्य कर रहे हैं, फिर भी जरूरी नहीं कि वे सभी सत्य प्राप्त कर पाएँगे। उसे प्राप्त करने से पहले उन्हें सत्य से प्रेम करना होगा और उसे स्वीकार करने में सक्षम होना होगा। यदि वे सत्य का अनुसरण नहीं करते तो वे उसे प्राप्त नहीं कर सकते। उन लोगों का तो जिक्र ही क्या जो अपने खाली समय में अपना कर्तव्य करते हैं—परमेश्वर के कार्य के बारे में उनका अनुभव इतना सीमित है कि उनके लिए सत्य को पाना और भी कठिन होगा। यदि व्यक्ति अपना कर्तव्य नहीं करता या सत्य का अनुसरण नहीं करता, तो वह परमेश्वर का उद्धार और पूर्णता प्राप्त करने के अद्भुत अवसर से चूक जाएगा। कुछ लोग परमेश्वर में विश्वास करने का दावा करते हैं, लेकिन अपने कर्तव्य नहीं करते और सांसारिक चीजों के पीछे पड़े रहते हैं। क्या यही उनका सब कुछ त्यागना है? यह देखते हुए कि वे इस तरह से परमेश्वर में विश्वास करते हैं, क्या वे अंत तक उसका अनुसरण कर सकते हैं? प्रभु यीशु के शिष्यों को देखो : उनमें मछुआरे, किसान और एक कर संग्राहक थे। जब प्रभु यीशु ने उन्हें बुलाया और कहा, “मेरे पीछे चले आओ,” तो उन्होंने अपने काम-धंधे छोड़ दिए और प्रभु के पीछे हो लिए। उन्होंने न तो रोजी-रोटी के मुद्दे पर विचार किया, न ही इस बात पर कि बाद में उनके पास दुनिया में जीवित रहने का कोई जरिया बचेगा या नहीं, और वे तुरंत प्रभु यीशु के पीछे चल पड़े। पतरस ने खुद को पूरे दिल से समर्पित करके प्रभु यीशु का आदेश पूरा करने के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया और अपने कर्तव्य पर अडिग रहा। उसने जीवनभर परमेश्वर से प्रेम करने का अनुसरण किया और अंत में वह परमेश्वर द्वारा पूर्ण बना दिया गया। आज कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपना सब कुछ भी नहीं त्याग सकते, और फिर भी वे परमेश्वर के राज्य में प्रवेश करना चाहते हैं। क्या वे केवल सपने नहीं देख रहे हैं?
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
(भाई-बहनों के सवालों के जवाब)
(अपने परिवार के लिए स्नेह के कारण मैं अभी भी अपना कर्तव्य करते समय बाधित हो जाता हूँ। मुझे अक्सर उनकी याद आती है और इसका मेरे कर्तव्य निर्वहन पर असर पड़ता है। अब मेरी दशा थोड़ी सुधरी है, लेकिन कभी-कभी मुझे अब भी चिंता होती है कि बड़ा लाल अजगर मुझे धमकाने के लिए मेरे परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार कर लेगा और मुझे डर है कि मैं तब मजबूती से खड़ा नहीं रह पाऊँगा।) ये डर बेबुनियाद हैं। जब तुम इन बातों के बारे में सोचते हो, तो तुम्हें इनके हल के लिए सत्य खोजना चाहिए। तुम्हें यह समझना चाहिए कि तुम जिन भी परिस्थितियों का सामना करते हो, वे परमेश्वर द्वारा आयोजित और व्यवस्थित की गई हैं। तुम्हें परमेश्वर के प्रति समर्पण करना और स्थितियों का सामना करने पर सत्य खोजना और दृढ़ रहना सीखना होगा। यह एक सबक है जिसे तुम्हें सीखना है। तुम्हें अक्सर यह सोच-विचार करना चाहिए : तुम परमेश्वर द्वारा इस दौरान किए गए सिंचन और चरवाही का कैसे अनुभव करते रहे हो? तुम्हारा असली आध्यात्मिक कद क्या है? एक सृजित प्राणी का कर्तव्य तुम्हें कैसे पूरा करना चाहिए? तुम्हें इन बातों पर अच्छी तरह विचार करना होगा! यह देखते हुए कि तुम इस बारे में सोच सकते हो कि कैसे बड़ा लाल अजगर तुम्हें धमका सकता है, तुम इस बारे में क्यों नहीं सोचते कि सत्य में प्रवेश कैसे किया जाए? तुम सत्य के बारे में सोच-विचार क्यों नहीं करते? (जब ये ख्याल मेरे मन में आते हैं तो मैं जरूर परमेश्वर से प्रार्थना करता हूँ और संकल्प लेता हूँ कि अगर एक दिन मुझे सच में ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, तो मैं परमेश्वर को धोखा देने के बजाय मर जाना पसंद करूँगा। लेकिन मुझे डर है कि अपने छोटे आध्यात्मिक कद के साथ मैं इस पर विजय नहीं पा सकूँगा।) फिर तुम प्रार्थना करते हो, “परमेश्वर, मुझे डर है कि अपने छोटे आध्यात्मिक कद के साथ मैं इस पर विजय नहीं पा सकूँगा। मैं डर के मारे मर ही रहा हूँ। कृपया ऐसा मत करो। जब मेरा आध्यात्मिक कद होगा तब तुम ऐसा कर सकते हो।” क्या यह प्रार्थना करने का सही तरीका है? (नहीं।) तुम्हें इस तरह प्रार्थना करनी चाहिए : “परमेश्वर, मैं आध्यात्मिक कद में छोटा और आस्था में कमजोर हूँ। मुझे किसी चीज का सामना करने से डर लगता है—तथ्य यह है कि मैं यह नहीं मानता कि सभी घटनाएँ और चीजें तुम्हारे हाथों में हैं और मैंने खुद को तुम्हारे हाथों में नहीं सौंपा है। यह विद्रोह है! मैं तुम्हारी व्यवस्थाओं और आयोजनों के प्रति समर्पण करने का इच्छुक हूँ। तुम चाहे जो करो, मेरा दिल तुम्हारी गवाही देने का इच्छुक है। मैं अपनी गवाही में अडिग रहने और तुम्हें कलंकित न करने का इच्छुक हूँ। कृपया जैसा तुम चाहो वैसा करो।” तुम्हें जो कहना है वह और अपना संकल्प परमेश्वर के सामने रखने की जरूरत है—इसी तरह तुम सच्ची आस्था विकसित करते हो। यदि तुममें इस तरह प्रार्थना करने तक का साहस नहीं है, तो तुम्हारी आस्था सचमुच कमजोर होगी! तुम्हें अक्सर इस तरह प्रार्थना करने की जरूरत है। अगर तुम इस तरह प्रार्थना करते भी हो, तो भी जरूरी नहीं कि परमेश्वर वैसा ही करे। परमेश्वर किसी को भी उसकी क्षमता से ज्यादा कुछ करने के लिए मजबूर नहीं करता, लेकिन यदि तुम अपना रवैया और अपना संकल्प स्पष्ट करते हो, तो परमेश्वर उन्हें स्वीकार करेगा। जब परमेश्वर इन्हें स्वीकार करता है, तो तुम्हारा दिल अब इस मामले से विचलित और बाधित नहीं होगा। “पति (पत्नी), बच्चे, परिवार, संपत्ति जैसी चीजें—ये सब परमेश्वर के हाथ में हैं। ये कुछ नहीं हैं। सारा ब्रह्मांड परमेश्वर के हाथों में है; क्या मेरा परिवार भी उसके हाथों में नहीं है? मुझे उनके बारे में परेशान होने से क्या फायदा? इसमें मेरी कुछ नहीं चलती, मुझमें वह क्षमता नहीं है और मैं उनकी हिफाजत नहीं कर सकता। उनकी किस्मत और उनके बारे में सब कुछ परमेश्वर के हाथों में है!” तुम्हें आस्था रखनी होगी और प्रार्थना करने के लिए परमेश्वर के सामने आना होगा, अपना मन बनाना होगा और परमेश्वर की व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करने का दृढ़ संकल्प लेना होगा। तब तुम्हारे अंदर की दशा बदल जाएगी। तुम्हें फिर कोई परेशानी नहीं होगी और तुम फिर चिंतित महसूस नहीं करोगे। तुम अपने हर काम में बहुत अधिक चौकन्ने और आशंका से ग्रस्त नहीं रहोगे। जब बाकी सब आगे बढ़ते हैं, तब तुम पीछे छिपते हो, हमेशा भाग जाना चाहते हो। क्या तुम कायर नहीं हो? जब परमेश्वर के लोग राज्य में अपना कर्तव्य निभाते हैं और सृजित प्राणी सृष्टिकर्ता के सामने अपना कर्तव्य निभाते हैं, तब उन्हें शांति और आश्वासन के साथ और परमेश्वर का भय मानने वाले दिल के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्हें डरपोक और कायरतापूर्ण तरीके से काम नहीं करना चाहिए, पीछे नहीं हटना चाहिए और हर तरफ से डर से घिरे नहीं रहना चाहिए। यदि तुम जानते हो कि यह दशा गलत है और फिर भी तुम इसे हल करने के लिए सत्य खोजे बिना बस चिंता करते रहते हो, तो तुम इससे बाधित और बँधे हुए हो और तुम अपना कर्तव्य पूरा नहीं कर पाओगे। तुम एक सृजित प्राणी होने के नाते अपने कर्तव्य को पूरे दिल, पूरे मन और अपनी पूरी ताकत से निभाना चाहते हो, लेकिन क्या तुम ऐसा कर सकते हो? तुम अपना पूरा दिल देने की हद तक नहीं पहुँच सकते क्योंकि तुम्हारा दिल तुम्हारे कर्तव्य पर नहीं है, तुमने ज्यादा से ज्यादा अपने दिल का सिर्फ दसवां हिस्सा ही सुपुर्द किया है। तुम अपना पूरा दिल लगाए बिना अपना सारा मन और अपनी सारी ताकत कैसे लगा सकते हो? तुम्हारा दिल अपने कर्तव्य में नहीं लगा है, और तुम्हारे पास इसे निभाने की थोड़ी-सी इच्छा भर है। क्या तुम अपना कर्तव्य पूरे दिल और मन से पूरा कर सकते हो? तुम्हारे अंदर सत्य का अभ्यास करने का संकल्प नहीं है, इसलिए तुम परिवार और उसके प्रति स्नेह से बाधित होगे। वे तुम्हारे हाथ-पैर बाँध देंगे; वे तुम्हारी सोच और तुम्हारे दिल को नियंत्रित करेंगे। परिणामस्वरूप तुम सत्य और परमेश्वर की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाओगे—तुम इच्छुक तो होगे लेकिन तुममें ताकत की कमी होगी। इसलिए तुम्हें परमेश्वर के सामने प्रार्थना करनी चाहिए। एक तो तुम्हें परमेश्वर के इरादे समझने होंगे और तुम्हें यह भी समझना होगा कि एक सृजित प्राणी के रूप में तुम्हें कहाँ खड़ा होना चाहिए। तुम्हें वह संकल्प और रवैया अपनाना चाहिए जो तुम्हारे पास होने चाहिए और उन्हें परमेश्वर के सामने रखना चाहिए—तुम्हारा यह रवैया न रखना काम नहीं आएगा। अन्य लोगों को ये चिंताएँ क्यों नहीं होतीं? क्या ऐसा हो सकता है कि अन्य लोगों के परिवार या ऐसी कठिनाइयाँ न हों? असल में हर किसी को कुछ देह संबंधी और घरेलू उलझनें होती हैं, लेकिन कुछ लोग परमेश्वर से प्रार्थना करके और सत्य की तलाश करके उन्हें हल कर पाते हैं। तलाश करने के कुछ समय बाद वे देह के इस स्नेह की असलियत जान लेते हैं और उन्हें अपने दिल से निकाल देते हैं; फिर ये चीजें उनके लिए कठिनाइयाँ नहीं रह जातीं, और ये अब उन्हें नियंत्रित या बाधित नहीं करतीं या उनके द्वारा अपने कर्तव्य निभाने पर असर नहीं डालतीं। इस प्रकार वे मुक्त हो जाते हैं। बाइबल में परमेश्वर के वचनों का एक वाक्य यह कहता है, “तुम में से जो कोई अपना सब कुछ त्याग न दे, वह मेरा चेला नहीं हो सकता” (लूका 14:33)। जो कुछ भी किसी के पास है उसे त्यागना क्या होता है? “सब कुछ” का क्या मतलब है? रुतबा, प्रसिद्धि और लाभ, परिवार, दोस्त और संपत्ति जैसी चीजें—ये सभी “सब कुछ” शब्द में शामिल हैं। तो कौन-सी चीजें तुम्हारे दिल में महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं? कुछ लोगों के लिए ये चीजें उनके बच्चे हैं, कुछ के लिए उनके माँ-बाप हैं, कुछ के लिए यह संपत्ति है और कुछ के लिए यह रुतबा, प्रसिद्धि और लाभ है। अगर तुम इन चीजों को सँजोते हो, तो वे तुम पर हावी हो जाएँगी। अगर तुम उन्हें नहीं सँजोते और तुम उन्हें पूरी तरह से छोड़ देते हो, तो वे तुम्हें वश में नहीं कर सकतीं। यह सिर्फ इस बात पर निर्भर है कि उनके प्रति तुम्हारा रवैया कैसा है, और तुम इन चीजों को कैसे सँभालते हो।
तुम लोगों को इस तथ्य के बारे में स्पष्ट होना होगा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि परमेश्वर किस समय या किस चरण में अपना काम करता है, उसे हमेशा अपने साथ सहयोग करने के लिए कुछ लोगों की जरूरत पड़ती है। इन लोगों का परमेश्वर के कार्य में सहयोग करना या सुसमाचार फैलाने में अपनी भूमिका निभाना उसके द्वारा पूर्वनियत है। तो क्या परमेश्वर के पास उस हर एक इंसान के लिए एक आदेश है जिसे उसने पूर्वनियत किया है? हर किसी का एक मिशन और एक जिम्मेदारी होती है और हर किसी के लिए एक आदेश होता है। जब परमेश्वर तुम्हें एक आदेश देता है तो यह तुम्हारी जिम्मेदारी बन जाती है। तुम्हें यह जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेनी चाहिए, यह तुम्हारा कर्तव्य है। कर्तव्य क्या है? यह वह मिशन है जो परमेश्वर ने तुम्हें दिया है। मिशन क्या है? (परमेश्वर का आदेश इंसान का मिशन है। हर किसी को अपना जीवन परमेश्वर के आदेश को पूरा करने के लिए जीना चाहिए। उसके दिल में इस आदेश के सिवाय कुछ नहीं होना चाहिए और उसे किसी और चीज के लिए नहीं जीना चाहिए।) परमेश्वर का आदेश इंसान का मिशन है; यह समझ सही है। जो लोग परमेश्वर में विश्वास करते हैं, वे दुनिया में परमेश्वर का आदेश पूरा करने के लिए आए हैं। अगर तुम इस जीवन में सिर्फ उन्नत किए जाने, पैसा इकट्ठा करने, एक अच्छा जीवन जीने और परिवार की निकटता का आनंद लेने और प्रसिद्धि, लाभ और रुतबे का मजा लेने की खोज करते हो—अगर तुम सामाजिक रुतबा हासिल कर लेते हो, तुम्हारा परिवार प्रतिष्ठित हो जाता है और तुम्हारे परिवार में हर कोई सुरक्षित और स्वस्थ है—लेकिन तुम उस मिशन को अनदेखा कर देते हो जो परमेश्वर ने तुम्हें दिया है, क्या इस जीवन का कोई मूल्य है जिसे तुम जी रहे हो? मरने के बाद तुम परमेश्वर के सामने अपना हिसाब कैसे दोगे? यदि तुम परमेश्वर के सामने अपना हिसाब नहीं दे सकते, तो यह सबसे बड़ा विद्रोह और सबसे बड़ा पाप होगा! तुम लोगों में से कोई भी अभी परमेश्वर के घर में अपना कर्तव्य संयोग से नहीं निभा रहा है—चाहे तुम में से कोई भी अपना कर्तव्य निभाने के लिए किसी भी पृष्ठभूमि से आया हो, यह संयोग से नहीं था। परमेश्वर के घर में कर्तव्य निभाने वाले लोगों में से किसी को भी किसी व्यक्ति द्वारा यादृच्छिक रूप से नहीं चुना गया था; चाहे कोई व्यक्ति कोई भी कर्तव्य निभाता हो, यह युगों पहले परमेश्वर द्वारा पूर्वनियत था। यह कहने का क्या मतलब है कि यह पूर्वनियत था? विशेष रूप से क्या? इसका मतलब यह है कि अपनी पूरी प्रबंधन योजना में, परमेश्वर ने बहुत पहले ही योजना बना ली थी कि तुम कितनी बार इस दुनिया में आओगे, अंत के दिनों के दौरान तुम किस वंश और किस परिवार में पैदा होगे, इस परिवार की परिस्थितियाँ क्या होंगी, तुम मर्द होगे या औरत, तुम्हारी खूबियाँ क्या होंगी, तुम्हारी शिक्षा किस स्तर की होगी, तुम कितना साफ-साफ बोलने वाले होगे, तुम्हारी काबिलियत कितनी होगी, तुम कैसे दिखोगे, तुम किस उम्र में परमेश्वर के घर में आओगे और अपना कर्तव्य निभाना शुरू करोगे और कब कौन-सा कर्तव्य निभाओगे। परमेश्वर ने तुम्हारे लिए हर कदम पहले से पूर्वनियत कर दिया था। जब तुम पैदा भी नहीं हुए थे और जब तुम अपने पिछले कई जीवनों में इस दुनिया में आए थे, तो परमेश्वर ने तुम्हारे लिए पहले से ही व्यवस्था की थी कि कार्य के इस आखिरी चरण में तुम क्या कर्तव्य निभाओगे। यह बिल्कुल भी कोई मजाक नहीं है! यह तथ्य कि तुम यहाँ उपदेश सुन पा रहे हो, परमेश्वर द्वारा पूर्वनियत था। यह कोई छोटी बात नहीं है! इसके अलावा, तुम्हारा कद, तुम्हारा हुलिया, तुम्हारी आँखें कैसी दिखती हैं, तुम्हारी कद-काठी, तुम्हारी सेहत, एक खास उम्र में तुम्हारे जीवन अनुभव क्या हैं और तुम कौन-से कर्तव्य अपने कंधों पर ले सकते हो और तुम्हारे पास किस तरह के गुण और काबिलियत हैं—ये बहुत पहले परमेश्वर ने तुम्हारे लिए पूर्वनियत किए थे और निश्चित रूप से अब व्यवस्थित नहीं किए जा रहे। परमेश्वर ने लंबे समय से उन्हें तुम्हारे लिए पूर्वनियत किया हुआ है जिसका मतलब यह है कि अगर उसका तुम्हारा उपयोग करने का इरादा होता तो वह तुम्हें यह आदेश और यह मिशन देने से पहले ही तैयार कर चुका होता। तो क्या तुम्हारा उससे भागना स्वीकार्य है? क्या इसके बारे में तुम्हारा अधूरे मन से रहना स्वीकार्य है? दोनों ही स्वीकार्य नहीं हैं; यह परमेश्वर को निराश करने वाली बात होगी! लोगों का अपने कर्तव्य के साथ विश्वासघात करना विद्रोह का सबसे बड़ा कृत्य है। यह एक घिनौना काम है। परमेश्वर ने श्रमसाध्य विचार किया है, युगों पहले से यह पूर्वनिर्धारित किया है कि तुम इस दिन तक पहुँचोगे और तुम्हें यह मिशन सौंपा जाएगा। तो क्या यह मिशन तुम्हारी जिम्मेदारी नहीं है? क्या यह तुम्हारे जीवन का असली मूल्य नहीं है? यदि तुम परमेश्वर द्वारा तुम्हें दिया गया मिशन पूरा करने में विफल रहते हो, तो तुम्हारा जीवन अपना मूल्य और अर्थ खो देगा। यह ऐसा होगा मानो तुम व्यर्थ ही जिए हो। परमेश्वर ने तुम्हारे लिए सही स्थितियों, परिवेश और पृष्ठभूमि की व्यवस्था की। उसने तुम्हें यह काबिलियत और क्षमता प्रदान की, तुम्हें इस उम्र तक जीने के लिए तैयार किया और तुम्हें वे सभी स्थितियाँ प्राप्त करने के लिए तैयार किया जिनकी तुम्हें इस कर्तव्य को निभाने के लिए आवश्यकता होगी। उसने तुम्हारे लिए इन सभी चीजों की व्यवस्था की, लेकिन यदि तुम इस कर्तव्य को निभाने के लिए कड़ी मेहनत नहीं करते और यदि तुम प्रलोभन का सामना करने में विफल रहते हो और भागना चुनते हो, हमेशा एक अच्छा जीवन जीने की चाह रखते हो और सांसारिक चीजों का अनुसरण करते हो, परमेश्वर द्वारा तुम्हें दिए गए गुण और क्षमता ले लेते हो और उनसे शैतान की सेवा करते हो और शैतान के लिए जीते हो, तो इससे परमेश्वर को कैसा महसूस होगा? यदि परमेश्वर की आशाएँ तुम इस तरह तोड़ते हो, तो क्या वह तुमसे बेइंतहा नफरत नहीं करेगा? क्या वह तुमसे नफरत नहीं करेगा? वह तुम पर भारी क्रोध बरपाएगा। और क्या तब यह मामला खत्म हुआ माना जाएगा? क्या यह उतना आसान हो सकता है जितना तुम सोचते हो? क्या तुम सोचते हो कि अगर तुम इस जीवन में अपना मिशन पूरा नहीं करते तो इन सबका तुम्हारी मृत्यु के साथ अंत हो जाएगा? इसका अंत यहीं नहीं होता; तब तुम्हारी आत्मा कष्ट सहेगी। तुमने अपना कर्तव्य नहीं निभाया, तुमने परमेश्वर के आदेश को स्वीकार नहीं किया और तुम परमेश्वर की उपस्थिति से भाग गए। हालात अत्यंत गंभीर हो गए हैं। तुम कहाँ तक भाग सकते हो? क्या तुम परमेश्वर के हाथों से बच सकते हो? परमेश्वर इस प्रकार के इंसान को कैसे वर्गीकृत करता है? (ये वे लोग हैं जिन्होंने परमेश्वर के साथ विश्वासघात किया है।) परमेश्वर उन लोगों के प्रति कैसा निर्धारण करता है जिन्होंने उसके साथ विश्वासघात किया है? परमेश्वर उन लोगों के प्रति कैसा निर्धारण करता है जो उसके न्याय के आसन से भाग गए हैं? अनंत विनाश और नाश। तुम्हारे लिए कभी कोई दूसरा जीवन या पुनर्जन्म नहीं होगा और परमेश्वर द्वारा तुम्हें कोई दूसरा आदेश सौंपा जाना पूर्णतः असंभव है। तुम्हारे लिए अब कोई मिशन नहीं है और तुम्हारे पास उद्धार प्राप्त करने का कोई मौका नहीं है। यह एक गंभीर समस्या है! परमेश्वर कहेगा, “यह इंसान एक बार मेरी आँखों के सामने से बचकर निकल चुका है, मेरे न्याय के आसन और मेरी उपस्थिति से बचकर निकल चुका है। उसने अपना मिशन नहीं निभाया या अपना आदेश पूरा नहीं किया। यहीं उसके जीवन का अंत होता है। यह खत्म हो गया है; इसका अंत हो गया है।” यह कैसी त्रासदी है! आज परमेश्वर के घर में तुम लोगों का अपना कर्तव्य निभा पाना, चाहे वह बड़ा हो या छोटा, चाहे वह शारीरिक हो या मानसिक और चाहे वह बाहरी मुद्दे सँभालना हो या कलीसिया के आंतरिक कामकाज—यह सब परमेश्वर द्वारा पूर्वनिर्धारित और व्यवस्थित है। किसी भी व्यक्ति का कोई भी कर्तव्य निभाना मनुष्य द्वारा अभिकल्पित या व्यवस्थित नहीं किया जाता या संयोग से नहीं होता—यह तय करना लोगों के हाथ में नहीं है। यह केवल परमेश्वर द्वारा तुम्हें दिए आदेश के कारण है कि तुम इस तरह भावविभोर हुए हो, तुम्हें इसी मिशन और जिम्मेदारी का बोध है और तुम इस कर्तव्य को निभा सकते हो। अविश्वासियों में ऐसे बहुत-से लोग हैं जिनके पास अच्छी शक्ल-सूरत, ज्ञान या क्षमता है लेकिन क्या परमेश्वर उन पर कृपादृष्टि रखता है? नहीं, वह नहीं रखता। परमेश्वर ने उन्हें नहीं चुना। वह केवल तुम लोगों पर, इस समूह पर ही कृपादृष्टि रखता है, और उसने अपने प्रबंधन कार्य में तुम सभी को तमाम तरह की भूमिकाएँ निभाने, सभी प्रकार के कर्तव्य निभाने और विभिन्न प्रकार की जिम्मेदारियाँ उठाने का बीड़ा दिया है, और अंत में परमेश्वर की प्रबंधन योजना खत्म हो जाएगी और पूरी हो जाएगी। यह सब कितना बड़ा सौभाग्य है! तो फिर जब लोग आज अपना कर्तव्य निभाते समय थोड़े कष्ट सहते हैं; जब वे कुछ चीजें छोड़ते हैं, खुद को थोड़ा खपाते हैं और कोई कीमत चुकाते हैं; जब वे दुनिया में अपना रुतबा, प्रसिद्धि और लाभ खो देते हैं और जब ये सभी चीजें अब उनके पास नहीं रहतीं तो ऐसा लगता है जैसे परमेश्वर ने यह सब उनसे छीन लिया हो, लेकिन वे कुछ और अधिक कीमती और मूल्यवान प्राप्त कर चुके होते हैं। लोग परमेश्वर से क्या हासिल कर चुके होते हैं? वे अपना कर्तव्य निभाकर सत्य और जीवन हासिल कर चुके होते हैं। सिर्फ तब, जब तुम अपना कर्तव्य पूरा कर चुके होते हो, परमेश्वर का आदेश पूरा कर चुके होते हो, अपना पूरा जीवन अपने मिशन और उस आदेश के लिए जीते हो जो परमेश्वर ने तुम्हें दिया है, तुम्हारे पास एक सुंदर गवाही होती है और तुम एक मूल्यवान जीवन जीते हो—सिर्फ तभी तुम एक सच्चे व्यक्ति हो! और मैं यह क्यों कहता हूँ कि तुम एक असली इंसान हो? क्योंकि परमेश्वर ने तुम्हें चुना है और तुमसे अपने प्रबंधन के अंतर्गत एक सृजित प्राणी होने के नाते अपना कर्तव्य पूरा करवाया है। यह तुम्हारे जीवन का सबसे बड़ा मूल्य और सबसे बड़ा अर्थ है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
जब तुम बहुत-से उपदेश, बहुत-से सत्य और परमेश्वर के बहुत-से वचन सुन चुके हो और तुम यह सुनिश्चित कर चुके हो कि यह रास्ता सही है और जीवन का सही रास्ता है तो इस बिंदु पर तुम्हें किस चीज की आवश्यकता होती है? तुम्हें परमेश्वर से यह माँगने की जरूरत है कि वह तुम्हारे लिए एक ऐसे उपयुक्त परिवेश का इंतजाम करे जो तुम्हारे जीवन के लिए उन्नतिप्रद और मददगार हो और तुम्हें जीवन में संवृद्धि करने में सहायक हो। हो सकता है यह परिवेश बहुत आरामदायक न हो—व्यक्ति की देह को कठिनाई सहनी होगी और उसे बहुत सारी चीजों को छोड़ना और त्यागना होगा। यह ऐसी चीज है जिसका अब तक तुम सब अनुभव कर चुके हो। उदाहरण के लिए, मान लो तुम्हारा उत्पीड़न किया गया और तुम घर लौटने, अपने बच्चों या जीवनसाथी से मिलने या उनसे संपर्क करने या अपने रिश्तेदारों या दोस्तों से मिलने में असमर्थ रहे और तुम्हें उनसे कोई समाचार नहीं मिल सका। आधी रात को तुम घर के बारे में सोचने लगोगे : “पता नहीं माँ और पिताजी कैसे हैं। वे दोनों बूढ़े हैं और मेरे पास उनका सम्मान करने का कोई तरीका नहीं है।” क्या तुम हमेशा इन चीजों के बारे में नहीं सोच रहे होगे? यदि तुम्हारा दिल हमेशा ऐसी चीजों से बाधित रहता है, तो तुम अपना कर्तव्य करने के लिए स्थिर नहीं हो पाओगे। तुम्हारे कर्तव्य निभाने पर इसके क्या परिणाम होंगे? क्या यह इस बात को प्रभावित नहीं करेगा कि तुम अपना कर्तव्य कैसे करते हो? इसलिए तुम्हें इस तरह के सांसारिक, दैहिक मामलों में कम शामिल होना चाहिए और उनसे कम सरोकार रखना चाहिए। यह तुम्हारी जीवन प्रगति के लिए लाभदायक होगा। ऐसी चीजों में तल्लीन रहने और उनके बारे में चिंता करने से बिल्कुल मदद नहीं मिल सकती। ये सभी मामले परमेश्वर के हाथों में हैं; तुम अपने प्रियजनों का भाग्य नहीं बदल सकते। तुम्हें यह समझना होगा कि एक विश्वासी के रूप में तुम्हारी सर्वोच्च प्राथमिकता परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होना, एक इंसान के रूप में अपना कर्तव्य निभाना, सच्ची आस्था विकसित करना, परमेश्वर के वचनों की वास्तविकता में प्रवेश करना, जीवन में आगे बढ़ना और सत्य प्राप्त करना है। केवल यही सबसे ज्यादा मायने रखता है। ऊपर से ऐसा लग सकता है कि तुम उत्पीड़न सहते हो और तुमने अपना घर छोड़ दिया है और तुम अपना परिवार और दुनिया त्याग देते हो, लेकिन वास्तव में क्या हो रहा है? (ये परमेश्वर की संप्रभुता और आयोजनों के कारण हैं।) यह सब परमेश्वर द्वारा आयोजित है। परमेश्वर ही तुम्हें अपने प्रियजनों से मिलने से रोकता है। इसे और सटीक ढंग से कहें तो परमेश्वर तुम्हें उनसे वंचित करता है। क्या ये सर्वाधिक व्यावहारिक शब्द नहीं हैं? (हैं।) लोग हमेशा कहते हैं कि परमेश्वर चीजों पर संप्रभुता रखता है और उनकी व्यवस्था करता है तो वह इस मामले पर कैसे संप्रभुता रखता है? वह तुम्हें अपने घर से बाहर ले आता है, इन लोगों को ऐसा बोझ नहीं बनने देता जो तुम्हें बाधित करे। तो परमेश्वर तुम्हें कहाँ ले जाता है? वह तुम्हें ऐसे परिवेश में ले जाता है जहाँ देह के बंधन नहीं हैं, जहाँ तुम अपने प्रियजनों को देख नहीं सकते हो। जब तुम उनके बारे में चिंता करते हो और उनके लिए कुछ प्रयास करना चाहते हो तो तुम कर नहीं सकते और जब तुम संतानोचित लगन दिखाना चाहते हो तो तुम दिखा नहीं सकते। ये अब तुम्हें उलझा नहीं सकते। परमेश्वर तुम्हें इनसे दूर ले जा चुका है, तुम्हें इन सभी बंधनों से वंचित कर चुका है। अगर उसने ऐसा न किया होता, तो तुम अभी भी उनके प्रति संतानोचित लगन दिखाते, उनकी सेवा करते और उनकी गुलामी करते। परमेश्वर ने तुमसे इन सभी बाहरी उलझनों को दूर कर दिया है। यह अच्छी चीज है कि बुरी? (यह अच्छी बात है।) यह एक अच्छी बात है और इस पर पछताने की कोई जरूरत नहीं है। चूँकि यह अच्छी बात है तो लोगों को क्या करना चाहिए? लोगों को यह कहते हुए परमेश्वर का धन्यवाद करना चाहिए, “परमेश्वर मुझसे इतना प्रेम करता है!” व्यक्ति स्वयं स्नेह के बंधन से बाहर नहीं निकल सकता, क्योंकि लोगों के दिल स्नेह से बाधित होते हैं। वे इस बात के लिए लालायित रहते हैं कि उनका सारा परिवार एक साथ रहे, हर छोटा-बड़ा उनके साथ रहे, हर कोई सकुशल, स्वस्थ और खुश रहे और हर दिन इसी तरह, कभी भी एक-दूसरे से अलग हुए बिना बीते। लेकिन इसका एक बुरा पक्ष भी है। तुम अपने जीवन की सारी ऊर्जा, हृदय का रक्त, जवानी, अपने सर्वोत्तम वर्ष, यानी अपने जीवन के सभी सर्वोत्तम हिस्से उनके लिए समर्पित कर दोगे; तुम अपना सारा जीवन अपनी देह, परिवार, प्रियजनों, काम, प्रसिद्धि और लाभ और तमाम तरह के जटिल रिश्तों के लिए त्याग दोगे और नतीजे में तुम खुद को पूरी तरह नष्ट कर दोगे। तो परमेश्वर मनुष्य से कैसे प्रेम करता है? परमेश्वर कहता है, “खुद को इस कीचड़ के गड्ढे में नष्ट मत करो। तुम्हारे दोनों पैर फँसे हुए हैं और तुम खुद को बाहर नहीं खींच पाओगे, चाहे तुम खुद को कैसे भी थका लो। ऐसा करने के लिए तुम्हारे पास आध्यात्मिक कद या साहस नहीं है, आस्था तो बिल्कुल भी नहीं है। मैं खुद तुम्हें बाहर निकालूँगा।” परमेश्वर यही करता है और वह तुम्हारे साथ इस पर चर्चा नहीं करता। परमेश्वर लोगों की राय क्यों नहीं पूछता? कुछ लोग कहते हैं, “परमेश्वर सृष्टिकर्ता है, वह जो चाहता है वह करता है। मनुष्य चींटियों और कीड़े-मकोड़ों की तरह हैं, परमेश्वर की नजर में वे कुछ भी नहीं हैं।” यह कहने का एक तरीका है, लेकिन क्या परमेश्वर लोगों के साथ इसी तरह व्यवहार करता है? नहीं, ऐसा नहीं है। परमेश्वर बहुत सारे सत्य व्यक्त करता है और इन्हें मानवजाति को प्रदान करता है, उसे अपनी भ्रष्टता से शुद्ध होने और परमेश्वर से एक नया जीवन प्राप्त करने में सक्षम बनाता है। मानवजाति के लिए परमेश्वर का प्रेम बहुत महान है। यह हर किसी के सामने पूरी तरह जाहिर है। परमेश्वर के पास तुम्हारे लिए इरादे हैं, तुम्हें बाहर लाने का उसका उद्देश्य तुम्हें जीवन में सही रास्ते पर चलने, सार्थक जीवन जीने में सक्षम बनाना है। तुम्हारे ऊपर छोड़ दिया जाए तो तुम इस रास्ते को नहीं चुनोगे। लोगों की व्यक्तिपरक इच्छा अपना जीवन सुरक्षित और सकुशल ढंग से बिताने की होती है और भले ही वे अकूत धन और रुतबा हासिल न करें, फिर भी वे कम से कम हमेशा के लिए अपने परिवार के साथ होना चाहते हैं और इसी तरह की पारिवारिक खुशी का आनंद उठाना चाहते हैं। वे परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होना नहीं जानते हैं, न ही वे अपने भविष्य की मंजिलों या मानवजाति को बचाने के परमेश्वर के इरादे पर विचार करना जानते हैं। लेकिन परमेश्वर उनकी समझ के अभाव पर आपत्ति नहीं करता है और उसे उनसे बहुत अधिक कहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे समझते नहीं हैं, उनका आध्यात्मिक कद बहुत छोटा होता है और कोई भी चर्चा नतीजे नहीं देगी। यह नतीजे क्यों नहीं देगी? क्योंकि मानवजाति को बचाने की परमेश्वर की प्रबंधन योजना जैसा महान मामला ऐसा नहीं है जिसे लोग बस एक-दो वाक्यों की व्याख्या से समझ सकें। चूँकि बात यही है, इसलिए परमेश्वर प्रत्यक्ष रूप से निर्णय लेता है और कार्य करता है और एक दिन तुम समझ जाओगे।
जब परमेश्वर अपने चुने हुए लोगों में से कुछ को मुख्य भूमि चीन के कठोर माहौल से बाहर निकालता है तो इसमें उसके अच्छे इरादे होते हैं जो अब हर कोई देख सकता है। इस मामले में लोगों को अक्सर परमेश्वर के अनुग्रह के लिए कृतज्ञ महसूस करना चाहिए और उसका धन्यवाद करना चाहिए। तुम अपने पारिवारिक माहौल से बाहर आ गए हो, देह के सभी जटिल आपसी संबंधों से अलग हो चुके हो और खुद को सभी सांसारिक और दैहिक बंधनों से मुक्त कर चुके हो। परमेश्वर तुम्हें एक जटिल जाल से निकालकर अपने समक्ष और अपने घर लाया है। परमेश्वर कहता है, “यहाँ शांति है, यह स्थान बहुत अच्छा है और यह तुम्हारी संवृद्धि के लिए बहुत ही उपयुक्त है। यही वह स्थान है जहाँ परमेश्वर सत्य व्यक्त करता है, जहाँ परमेश्वर सत्य प्रदान करता है और जहाँ परमेश्वर उद्धार का कार्य करता है। यही वह स्थान है जहाँ परमेश्वर का मार्गदर्शन है और जहाँ सत्य शासन करता है। परमेश्वर के उद्धार के कार्य का स्थान यही है। यदि तुम ऐसे व्यक्ति हो जो सच में परमेश्वर में विश्वास करता है, तो तुम यहाँ आनंद और शांति पाओगे और तुम्हारा जीवन आगे बढ़ पाएगा।” परमेश्वर तुम्हें ऐसे परिवेश में लाया है जहाँ सत्य शासन करता है। हो सकता है यहाँ तुम्हारे पास अपने प्रियजनों का सुख न हो—जब तुम बीमार पड़ोगे तो तुम्हारी देखभाल करने के लिए तुम्हारे बच्चे आस-पास नहीं होंगे और तुमसे अंतरंग और सांत्वना देने वाले शब्द बोलने वाला कोई नहीं होगा। जब तुम अकेले होते हो और अपनी देह की पीड़ा, कठिनाइयों और भविष्य में सामने आने वाली चीज के बारे में सोचते हो तो तुम अकेलापन महसूस करते हो। तुम अकेलापन क्यों महसूस करते हो? इसका एक वस्तुपरक कारण यह है कि लोगों का आध्यात्मिक कद बहुत छोटा है। और व्यक्तिपरक कारण क्या है? (लोग अपने दैहिक प्रियजनों को पूरी तरह नहीं छोड़ते।) सही कहा, इसका कारण यह है कि लोग अपने प्रियजनों को छोड़ नहीं पाते। जो लोग देह में जीते हैं वे देह के विभिन्न संबंधों और पारिवारिक स्नेह को सुख के रूप में लेते हैं। उनका मानना है कि लोग अपने प्रियजनों के बिना नहीं जी सकते हैं। तुम यह क्यों नहीं सोचते कि तुम मनुष्य की दुनिया में कैसे आए? तुम इस दुनिया में अकेले आए। तुमने अपने प्रियजनों से किसी जुड़ाव के साथ शुरुआत नहीं की थी। परमेश्वर लोगों को दुनिया में व्यक्तिगत रूप से लाता है। जब तुम आए थे तो तुम वास्तव में अकेले थे। तब तुमने अकेलापन महसूस नहीं किया तो अब जब परमेश्वर तुम्हें तुम्हारे घर से बाहर ले आया है, तब तुम अकेलापन क्यों महसूस करते हो? तुम्हें लगता है कि तुम्हें किसी ऐसे साथी की कमी खल रही है जिससे तुम दिल की बातें कर सको, चाहे वह तुम्हारे बच्चे या माता-पिता हों या तुम्हारा जीवनसाथी यानी पति या पत्नी हो—और इसलिए तुम अकेला महसूस करते हो। फिर जब तुम अकेलापन महसूस करते हो तो परमेश्वर के बारे में क्यों नहीं सोचते हो? क्या परमेश्वर मनुष्य का साथी है? (हाँ, वह है।) जब तुम सबसे अधिक पीड़ा और उदासी महसूस करते हो तो तुम्हारे दिल को वास्तव में दिलासा कौन दे सकता है? वास्तव में तुम्हारे कष्ट कौन दूर कर सकता है? (परमेश्वर कर सकता है।) केवल परमेश्वर ही वास्तव में लोगों की कठिनाइयाँ हल कर सकता है। यदि तुम बीमार हो और तुम्हारे बच्चे तुम्हारे पास हैं, तुम्हारी सेवा और सुश्रूषा कर रहे हैं तो तुम्हें काफी खुशी होगी, लेकिन समय बीतने के साथ तुम्हारे बच्चे तुमसे तंग हो जाएँगे और कोई भी तुम्हारी देखभाल नहीं करना चाहेगा। ऐसे समय तुम वास्तव में अकेलापन महसूस करोगे! तुम यह सोचते हो कि अपने पास तुम्हारा कोई साथी नहीं है, लेकिन क्या यह सच है? वास्तव में यह सच नहीं है, क्योंकि परमेश्वर सदैव तुम्हारे साथ है! परमेश्वर लोगों को नहीं छोड़ता। एक वही ऐसा है जिस पर वे हर समय निर्भर रह सकते हैं और जिसकी हर समय शरण ले सकते हैं और जो उनका एकमात्र विश्वासपात्र है। इसलिए तुम पर चाहे जो भी कठिनाइयाँ और कष्ट आएँ, तुम्हें चाहे जो भी चीजें अन्याय महसूस कराएँ और चाहे जो भी मामले तुम्हें नकारात्मक और कमजोर बनाएँ, तुम्हें तुरंत परमेश्वर के सामने आना चाहिए और प्रार्थना करनी चाहिए और उसके वचन तुम्हें दिलासा देंगे और तुम्हारी कठिनाइयों और सारी विभिन्न दिक्कतों को दूर करेंगे। इस तरह के परिवेश में तुम्हारा अकेलापन परमेश्वर के वचनों का अनुभव करने और सत्य हासिल करने के लिए बुनियादी शर्त बन जाएगा। कुछ समय तक ऐसा अनुभव करने पर तुम धीरे-धीरे समझ जाओगे, “मैं अपने माता-पिता को छोड़ने के बाद भी अच्छा जीवन जी रहा हूँ। मैं अपने पति (या पत्नी) को छोड़ने के बाद भी संतुष्टिपूर्ण जीवन जी रही (या रहा) हूँ। मैं अपने बच्चों को छोड़ने के बाद भी शांतिपूर्ण और आनंदमय जीवन जी रहा हूँ। मैं अब खालीपन महसूस नहीं करता। मैं अब लोगों पर निर्भर नहीं रहता हूँ। मैंने परमेश्वर पर निर्भर रहना सीख लिया है। परमेश्वर मेरा सदा-विद्यमान पोषक और सहायक है। भले ही मैं उसे छू या देख नहीं सकता, फिर भी मैं जानता हूँ कि वह हर घड़ी और हर जगह मेरे साथ है। जब तक मैं उससे प्रार्थना करता रहूँगा, जब तक मैं उसे पुकारता रहूँगा, तब तक वह मुझे प्रेरित करेगा और अपने इरादे समझने और जिस मार्ग पर मुझे चलना चाहिए उसे देखने में सक्षम बनाएगा।” इस मुकाम पर वह वास्तव में तुम्हारा परमेश्वर बन जाएगा और तुम्हारी सारी समस्याएँ हल हो जाएंगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
कुछ लोग बिल्कुल ऐसे ही होते हैं : वे अपना कर्तव्य निभाना और सत्य प्राप्त करना तो चाहते हैं लेकिन वे सब कुछ त्यागना नहीं चाहते। वे कुछ भी त्यागने में अक्षम होते हैं। वे अपनी संभावनाओं को नहीं त्याग सकते, वे दैहिक आराम को, अपनी पारिवारिक एकता, अपने बच्चों और माता-पिता को नहीं त्याग सकते, न ही वे आशीष पाने की अपनी मंशा और इच्छा को त्याग सकते हैं। चाहे कोई भी परिस्थिति हो, वे हमेशा खुद को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। वे अपने मामलों को और अपनी स्वार्थी इच्छाओं को पहले रखते हैं और सत्य को आखिर में रखते हैं; अपने दैहिक हितों को और अपने शैतानी भ्रष्ट स्वभावों को संतुष्ट करना उनके लिए सबसे पहले आता है, जबकि परमेश्वर के वचन का अभ्यास करना और परमेश्वर को संतुष्ट करना गौण रहता है और सबसे आखिर में आता है। क्या ऐसे लोग परमेश्वर की स्वीकृति पा सकते हैं? इस तरीके से वे आखिर कब सत्य की वास्तविकता में प्रवेश कर सकते हैं? आखिर कब वे परमेश्वर के इरादों को पूरा कर सकते हैं? (कभी नहीं।) यदि बाहर से तो तुमने अपना कर्तव्य निभाया है और तुम निष्क्रिय नहीं रहे हो, लेकिन तुम्हारे भ्रष्ट स्वभावों का बिल्कुल भी समाधान नहीं हुआ है, तो क्या इसे परमेश्वर के मार्ग का अनुसरण कहा जा सकता है? (नहीं।) तुम लोग ये सब बातें समझते हो, लेकिन जब सत्य को अभ्यास में लाने की बात आती है, तो तुम्हें यह कठिन लगता है। तुम्हें अपने कष्ट सहने और त्याग को सत्य के अभ्यास में लगाना चाहिए, न कि विनियमों का पालन करने और खानापूरी करने पर। तुम सत्य के लिए कितना भी कष्ट सहो, यह सार्थक है। परमेश्वर के इरादों को पूरा करने के लिए सत्य का अभ्यास करने की खातिर जो कष्ट तुम सहते हो, वह उसे स्वीकार्य है और उसके द्वारा स्वीकृत है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
अगर तुम अपना हृदय, शरीर और अपना समस्त वास्तविक प्रेम परमेश्वर को समर्पित कर सकते हो, उन्हें उसके सामने रख सकते हो, उसके प्रति पूर्ण समर्पण कर सकते हो, उसके इरादों के प्रति पूर्णतः विचारशील हो सकते हो और देह के लिए, परिवार के लिए और अपनी इच्छाओं के लिए काम नहीं करते हो, बल्कि परमेश्वर के घर के हितों के लिए काम करते हो, परमेश्वर के वचनों को हर चीज में अपने सिद्धांत और नींव के रूप में ले सकते हो, तो ऐसा करने से तुम्हारे इरादे और परिप्रेक्ष्य सब सही होंगे और तब तुम ऐसे व्यक्ति होगे जो परमेश्वर की उपस्थिति में उसकी स्वीकृति प्राप्त करता है। परमेश्वर उन लोगों को पसंद करता है जो उसके प्रति अनन्य हैं; वह उन लोगों को पसंद करता है जो केवल उसके प्रति वफादार हो सकते हैं। जिनसे परमेश्वर बेहद घृणा करता है, वे वो लोग हैं जो उसके प्रति आधे मन के हैं, और जो उसके विरुद्ध विद्रोह करते हैं। वह उन लोगों से बेहद घृणा करता है, जो उस पर विश्वास तो करते हैं और हमेशा उसका आनंद लेना चाहते हैं, लेकिन उसके लिए स्वयं को पूरी तरह से खपा नहीं सकते। वह उनसे बेहद घृणा करता है जो कहते हैं कि वे उससे प्रेम करते हैं, लेकिन अपने हृदय में उसके विरुद्ध विद्रोह करते हैं; वह उनसे बेहद घृणा करता है, जो धोखा देने के लिए वाक्पटु और लच्छेदार शब्दों का उपयोग करते हैं। जो लोग परमेश्वर के प्रति वास्तव में समर्पित नहीं हैं या जिन्होंने वास्तव में उसके प्रति समर्पण नहीं किया है, वे प्रकृति से अत्यधिक विद्रोही और अत्यधिक अभिमानी हैं। खासकर जो लोग सामान्य, व्यावहारिक परमेश्वर के सामने वास्तव में समर्पित नहीं हो सकते, वे तो और भी अधिक अभिमानी हैं, और वे विशेष रूप से प्रधान दूत के कर्तव्यनिष्ठ वंशज हैं। जो लोग वास्तव में खुद को परमेश्वर के लिए खपाते हैं, वे अपना पूरा अस्तित्व उसे समर्पित कर देते हैं और खुद को उसके सामने रख देते हैं—वे उसके सभी वचनों और कार्य के प्रति समर्पण कर पाते हैं, उसके वचनों को अभ्यास में ला सकते और उन्हें अपने अस्तित्व की नींव के रूप में स्वीकार कर सकते हैं, और उसके वचनों में जिन हिस्सों का अभ्यास किया जाना है उनकी गंभीरता से खोज कर सकते हैं। ऐसे लोग ही होते हैं, जो वास्तव में परमेश्वर के सामने रहते हैं।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर की व्यावहारिकता के प्रति पूर्णतः समर्पण कर सकने वाले लोग वे होते हैं जो परमेश्वर से सचमुच प्रेम करते हैं
सभी लोगों को अर्थपूर्ण जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए और उन्हें अपनी वर्तमान परिस्थितियों से संतुष्ट नहीं होना चाहिए। उन्हें पतरस की छवि को जीने की स्थिति में आना चाहिए और उनमें पतरस का ज्ञान और पतरस के अनुभव होने चाहिए। लोगों को उन चीजों का अनुसरण करना चाहिए जो उच्चतर और अधिक गहन हैं। उन्हें परमेश्वर के प्रति एक अधिक गहरे प्रेम, परमेश्वर के प्रति अधिक शुद्ध प्रेम का अनुसरण करना चाहिए और एक ऐसे जीवन का अनुसरण करना चाहिए जिसका कोई मूल्य और अर्थ हो। सिर्फ यही जीवन है; केवल तभी वे पतरस के समान होंगे। तुम्हें सक्रिय रूप से सकारात्मक पक्ष में प्रवेश करने पर ध्यान देना चाहिए और तुम्हें इस कारण नकारात्मक नहीं हो जाना चाहिए और खुद को पीछे नहीं हटने देना चाहिए कि तुम अस्थायी आराम से संतुष्ट हो; साथ ही, तुम्हें अधिक गहन, अधिक विस्तृत और अधिक व्यावहारिक सत्यों की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए। तुम्हारे पास व्यावहारिक प्रेम होना चाहिए और तुम्हें इस पतनशील और बेपरवाह जीवन से खुद को मुक्त करने के लिए हर संभव उपाय ढूँढ़ना चाहिए, जो जानवरों के जीवन से अलग नहीं है। तुम्हें एक सार्थक जीवन, एक मूल्यवान जीवन जीना चाहिए और तुम्हें अपने-आपको मूर्ख नहीं बनाना चाहिए या अपने जीवन को कोई खिलौना नहीं समझना चाहिए, जिसके साथ खेला जा सके। हर उस व्यक्ति के लिए, जिसमें संकल्प है और जो परमेश्वर से प्रेम करता है, कोई भी सत्य अप्राप्य नहीं है और कोई ऐसा न्याय नहीं है जिसके लिए वह मजबूती से खड़ा न हो सके। तुम्हें अपना जीवन कैसे जीना चाहिए? तुम्हें परमेश्वर से कैसे प्रेम करना चाहिए और कैसे इस प्रेम का उपयोग उसके इरादे पूरे करने के लिए करना चाहिए? तुम्हारे जीवन में इससे बड़ा कोई मामला नहीं है। सबसे बढ़कर, तुममें इस तरह का संकल्प और दृढ़ता होनी चाहिए और तुम्हें रीढ़विहीन निर्बल नहीं होना चाहिए। तुम्हें सीखना चाहिए कि एक अर्थपूर्ण जीवन का अनुभव कैसे किया जाए और अर्थपूर्ण सत्यों का अनुभव कैसे किया जाए और उस तरह अपने साथ अनमने ढंग से पेश नहीं आना चाहिए। तुम्हें पता भी नहीं चलेगा और तुम्हारा जीवन गुजर जाएगा; उसके बाद भी क्या तुम्हारे पास परमेश्वर से प्रेम करने का ऐसा अवसर होगा? क्या मनुष्य मरने के बाद परमेश्वर से प्रेम कर सकता है? तुम्हारे अंदर वैसा ही संकल्प और जमीर होना चाहिए जैसा पतरस में था; तुम्हें एक अर्थपूर्ण जीवन जीना चाहिए और अपने साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। एक मानव के रूप में, एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो परमेश्वर का अनुसरण करता है, तुम्हें अपने पूरे जीवन पर सावधानीपूर्वक और गंभीरता से विचार करना चाहिए और उसके साथ पेश आना चाहिए : कि तुम्हें अपने-आपको परमेश्वर को कैसे अर्पित करना चाहिए, तुम्हें परमेश्वर में और अधिक सार्थक तरीके से कैसे विश्वास करना चाहिए, और, चूँकि तुम परमेश्वर से प्रेम करते हो, इसलिए तुम्हें उससे कैसे अधिक शुद्धता, अधिक सुंदरता और अधिक अच्छाई के साथ प्रेम करना चाहिए। ... तुम्हें सत्य के लिए कष्ट उठाने चाहिए, तुम्हें सत्य के लिए खुद को कुर्बान करना चाहिए, तुम्हें सत्य के लिए अपमान सहना चाहिए और तुम्हें और अधिक सत्य प्राप्त करने की खातिर और अधिक कष्ट सहना चाहिए। यही है जो तुम्हें करना चाहिए। पारिवारिक सामंजस्य का आनंद लेने की खातिर तुम्हें सत्य का त्याग नहीं करना चाहिए और तुम्हें अस्थायी आनंद के लिए जीवन भर की गरिमा और सत्यनिष्ठा नहीं गँवानी चाहिए। तुम्हें उस सबका अनुसरण करना चाहिए जो खूबसूरत और अच्छा है और तुम्हें जीवन में एक ऐसे मार्ग का अनुसरण करना चाहिए जो ज्यादा अर्थपूर्ण है। अगर तुम ऐसा साधारण और सांसारिक जीवन जीते हो और तुम्हारे पास अनुसरण करने के लिए कोई लक्ष्य नहीं है, तो क्या यह अपना जीवन बर्बाद करना नहीं है? ऐसे जीवन से तुम क्या पा सकते हो? तुम्हें एक सत्य के लिए देह के सभी सुख त्याग देने चाहिए और थोड़े-से सुख के लिए सारे सत्य नहीं छोड़ने चाहिए। ऐसे लोगों में कोई सत्यनिष्ठा या गरिमा नहीं होती; उनके होने का कोई अर्थ नहीं है!
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पतरस के अनुभव : ताड़ना और न्याय का उसका ज्ञान
आज, तुम मेरी बातों पर विश्वास नहीं करते, और उन पर ध्यान नहीं देते; जब वह दिन आएगा जब यह कार्य फैल जाएगा और तुम इसकी संपूर्णता देखोगे, तब तुम्हें अफसोस होगा, और उस समय तुम भौंचक्के रह जाओगे। आशीषें हैं, फिर भी तुम्हें उनका आनंद लेना नहीं आता, सत्य है, फिर भी तुम उसका अनुसरण नहीं करते। क्या तुम अपने-आप पर मुसीबत नहीं लाते? आज, यद्यपि परमेश्वर के कार्य का अगला चरण अभी शुरू होना बाकी है, फिर भी तुमसे जो कुछ अपेक्षित है और तुम्हें जो जीने के लिए कहा जाता है, उनमें कुछ भी अतिरिक्त नहीं है। इतना सारा कार्य है, इतने सारे सत्य हैं; क्या वे इस योग्य नहीं हैं कि तुम उन्हें जानो? क्या ताड़ना और न्याय तुम्हारी आत्मा को जागृत करने में असमर्थ हैं? क्या ताड़ना और न्याय तुममें खुद के प्रति नफरत पैदा करने में असमर्थ हैं? क्या तुम शैतान के प्रभाव में जीकर, और शांति, आनंद और थोड़े-बहुत दैहिक सुख के साथ जीवन बिताकर संतुष्ट हो? क्या तुम सभी लोगों में सबसे अधिक निम्न नहीं हो? उनसे ज्यादा मूर्ख और कोई नहीं है जो उद्धारकारी अनुग्रह को देख चुके हैं लेकिन इसे प्राप्त करने का प्रयास नहीं करते हैं; वे ऐसे लोग हैं जो देह-सुख में लिप्त होते हैं और शैतान का आनंद लेते हैं। तुम यह आशा करते हो कि परमेश्वर में तुम्हारी आस्था के मार्ग में कोई भी मुश्किल या क्लेश या लेशमात्र भी पीड़ा नहीं होगी। तुम हमेशा निरर्थक चीजों का अनुसरण करते हो और तुम जीवन को कोई अहमियत नहीं देते, बल्कि तुम अपने असंयत विचारों को सत्य से अधिक महत्व देते हो। तुम कितने निकम्मे हो! तुम सूअर की तरह जीते हो—तुममें और सूअर और कुत्ते में क्या अंतर है? जो लोग सत्य का अनुसरण नहीं करते, बल्कि देह से प्यार करते हैं, क्या वे सब जानवर नहीं हैं? क्या वे मरे हुए लोग जिनमें आत्मा नहीं है, चलती-फिरती लाशें नहीं हैं? तुम लोगों के बीच कितने सारे वचन कहे गए हैं? क्या तुम लोगों के बीच केवल थोड़ा-सा ही कार्य किया गया है? मैंने तुम लोगों के बीच कितनी आपूर्ति की है? तो फिर तुमने इसे प्राप्त क्यों नहीं किया? तुम्हें किस बारे में शिकायत करनी है? क्या ऐसा नहीं है कि तुमने इसलिए कुछ भी प्राप्त नहीं किया है क्योंकि तुम देह से बहुत अधिक प्रेम करते हो? और क्या इसकी वजह यह नहीं है कि तुम्हारे विचार बहुत ज्यादा असंयमित हैं? क्या इसकी वजह यह नहीं है कि तुम बहुत ज्यादा मूर्ख हो? यदि तुम इन आशीषों को प्राप्त करने में विफल होते हो, तो क्या तुम परमेश्वर को दोष दोगे कि उसने तुम्हें नहीं बचाया? तुम परमेश्वर में विश्वास करने के बाद शांति प्राप्त करने में सक्षम होने का अनुसरण करते हो—ताकि तुम्हारे बच्चे बीमारी से दूर रहें, तुम्हारे पति को एक अच्छी नौकरी मिल जाए, तुम्हारे बेटे को एक अच्छी पत्नी और तुम्हारी बेटी को एक अच्छा पति मिले, तुम्हारे बैल और घोड़े जमीन की अच्छी जुताई कर पाएँ और तुम्हारी फसलों के लिए साल भर अच्छा मौसम रहे। तुम इन्हीं चीजों का अनुसरण करते हो। तुम्हारा अनुसरण केवल आराम से जीने के लिए है—ताकि तुम्हारे परिवार में कोई दुर्घटना न हो, आँधी-तूफान तुम्हारे पास से होकर गुजर जाएँ, धूल-मिट्टी तुम्हारे चेहरे को छू भी न पाए, तुम्हारे परिवार की फसलें बाढ़ में न बह जाएँ—किसी भी आपदा से प्रभावित न हों, तुम “परमेश्वर के आलिंगन” में रहो, एक आरामदायक घरौंदे में रहो। तुम जैसा डरपोक इंसान, जो हमेशा देह का अनुसरण करता है—क्या तुममें दिल है, क्या तुममें आत्मा है? क्या तुम एक पशु नहीं हो? मैं बदले में बिना कुछ माँगे तुम्हें सच्चा मार्ग देता हूँ, फिर भी तुम उसका अनुसरण नहीं करते। क्या तुम अभी भी उनमें से एक हो जो परमेश्वर में विश्वास करते हैं? मैं तुम्हें एक सच्चा मानवीय जीवन देता हूँ, फिर भी तुम उसका अनुसरण नहीं करते। क्या तुम कुत्ते और सूअर की किस्म के ही नहीं हो? सूअर मनुष्य के जीवन का अनुसरण नहीं करते, वे शुद्ध किए जाने का अनुसरण नहीं करते हैं और वे नहीं समझते कि जीवन क्या है। प्रतिदिन, वे बस पेट भर खाना खाते हैं और सो जाते हैं। मैंने तुम्हें सच्चा मार्ग प्रदान किया है, फिर भी तुमने उसे प्राप्त नहीं किया है, तुम्हारे हाथ खाली हैं। क्या तुम इस जीवन में एक सूअर का जीवन जीते रहना चाहते हो? ऐसे लोगों के जिंदा रहने का क्या अर्थ है? तुम्हारा जीवन घृणित और नीच है, तुम गंदगी और व्यभिचार में जीते हो और किसी लक्ष्य का अनुसरण नहीं करते हो, तो क्या तुम्हारा जीवन सबसे निकृष्ट नहीं है? क्या तुममें परमेश्वर का सामना करने का दुस्साहस है? यदि तुम इसी तरह अनुभव करते रहे, तो क्या केवल शून्य ही तुम्हारे हाथ नहीं लगेगा? तुम्हें सच्चा मार्ग प्रदान किया गया है, किंतु अंततः तुम उसे प्राप्त कर पाओगे या नहीं, यह तुम्हारे अपने अनुसरण पर निर्भर करता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पतरस के अनुभव : ताड़ना और न्याय का उसका ज्ञान
अब वह समय है जब मेरा आत्मा महान कार्य करता है और वह समय है जब मैं अन्य-जाति राष्ट्रों के बीच अपना कार्य शुरू करता हूँ। इससे भी बढ़कर यह वह समय है जब मैं सभी सृजित प्राणियों को वर्गीकृत करता हूँ, हर एक को उसकी संबंधित श्रेणी में रखता हूँ ताकि मेरा कार्य और अधिक तेजी से आगे बढ़ सके और नतीजे हासिल करने में अधिक सक्षम हो। और इसलिए मैं तुमसे अभी भी यही माँग करता हूँ कि तुम अपने पूरे अस्तित्व को मेरे संपूर्ण कार्य के लिए अर्पित कर दो; और इससे भी अधिक, तुम मेरे द्वारा तुम पर किए गए संपूर्ण कार्य को स्पष्ट रूप से पहचान लो और उसे सटीकता से देख लो और अपनी पूरी ऊर्जा खपा दो ताकि मेरा कार्य और बड़े नतीजे हासिल कर सके। यही चीज तुम्हें समझ लेनी चाहिए। एक-दूसरे से होड़ लेने, वैकल्पिक योजना तलाशने या अपनी देह के लिए आराम तलाशने से बाज आओ ताकि मेरे कार्य में विलंब करने और अपने अद्भुत भविष्य में बाधा डालने से बच सको। ऐसा करने से तुम्हें सुरक्षा मिलनी तो दूर रही, तुम खुद पर केवल बरबादी ले आओगे। क्या यह तुम्हारी मूर्खता नहीं होगी? जिसमें तुम आज लिप्त हो वही चीज तुम्हारे भविष्य को बरबाद कर रही है, जबकि आज तुम जो पीड़ा सहते हो वही चीज तुम्हारी रक्षा कर रही है। तुम्हें इन चीजों का स्पष्ट रूप से पता होना चाहिए ताकि तुम उन प्रलोभनों का शिकार होने से बच सको जिनसे बाहर निकलना तुम्हें कठिन लगेगा और ताकि तुम घने कोहरे में गलती से घुसने और फिर कभी सूर्य को न खोज पाने से बच सको। जब घना कोहरा छँटेगा, तुम अपने आपको महान दिन के न्याय के मध्य पाओगे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, सुसमाचार को फैलाने का कार्य मनुष्य को बचाने का कार्य भी है
आज, मैं हर उस आदमी को प्यार करता हूँ, जो मेरी इच्छा के अनुसार चल सके, जो मेरे भार का ध्यान रख सके, और जो कोई भी मेरे लिए ईमानदारी और सच्चाई से अपने पूर्ण अस्तित्व को अर्पित कर सके। मैं उन्हें लगातार प्रबुद्ध करूँगा, उन्हें मुझे छोड़ने नहीं दूँगा। मैं अक्सर कहता हूँ, “तुममें से जो लोग सच्चे दिल से मेरे लिए स्वयं को खपाते हैं, मैं निश्चित रूप से तुम लोगों को बहुत आशीष दूँगा।” “आशीष” किस चीज का संकेत करता है? क्या तुम जानते हो? पवित्र आत्मा के वर्तमान कार्य के संदर्भ में, यह उन भारों का संकेत करता है, जो मैं तुम्हें देता हूँ। वे सभी, जो कलीसिया के लिए भार वहन कर पाते हैं और जो ईमानदारी से मेरे लिए खुद को अर्पित करते हैं, उनके भार और उनकी ईमानदारी दोनों आशीष हैं, जो मुझसे आते हैं। इसके अलावा, उनके भीतर मैं जो प्रकाशन प्रदान करता हूँ वह भी मेरे आशीष हैं।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, आरंभ में मसीह के कथन, अध्याय 82
अभी मैं अपने लोगों के बीच चल रहा हूँ और अपने लोगों के बीच रह रहा हूँ। आज जो लोग मुझसे सच्चा प्रेम करते हैं—ऐसे लोग धन्य हैं। धन्य हैं वे लोग जो मेरे प्रति समर्पण करते हैं, वे मेरे राज्य में बने रहेंगे। धन्य हैं वे लोग जो मुझे जानते हैं, वे मेरे राज्य में सत्ता का इस्तेमाल करेंगे। धन्य हैं वे लोग जो मेरा अनुसरण करते हैं, वे शैतान के बंधनों से मुक्त हो जाएँगे और मेरे आशीषों का आनंद लेंगे। धन्य हैं वे लोग जो अपने खिलाफ विद्रोह कर पाते हैं; वे पूरी तरह मेरे अधिकार में कर लिए जाएँगे और मेरे राज्य की प्रचुरता विरासत में प्राप्त करेंगे। जो लोग मेरे लिए दौड़-धूप करते हैं, उन्हें मैं याद रखूँगा, जो लोग मेरे लिए खुद को खपाते हैं, उन्हें मैं स्वीकार करूँगा और जो लोग मुझे भेंट अर्पित करते हैं, उन्हें मैं आनंद के लिए चीजें दूँगा। जो लोग मेरे वचनों का आनंद लेते हैं, उन्हें मैं आशीष दूँगा; वे मेरे राज्य के स्तंभ होंगे, वे मेरे घर में असीम रूप से समृद्ध होंगे और कोई भी उनसे तुलना नहीं कर सकता है। जो आशीष तुम लोगों के लिए तैयार किए गए थे—क्या तुमने उन्हें कभी स्वीकार किया? जो वादे तुम लोगों के लिए किए गए थे—क्या तुमने कभी उनका अनुसरण किया? तुम लोग मेरे प्रकाश के मार्गदर्शन में अंधकार की शक्तियों का शिकंजा तोड़कर अवश्य बाहर आ जाओगे। तुम अवश्य ही अंधकार के बीच प्रकाश का मार्गदर्शन नहीं खोओगे। तुम अवश्य ही सभी चीजों के बीच मालिक होगे। तुम अवश्य ही शैतान के सामने विजेता होगे। तुम बड़े लाल अजगर के देश के पतन पर मेरी विजय के प्रमाण के रूप में असंख्य लोगों के बीच अवश्य खड़े होगे। सिनिम की भूमि में तुम लोग अडिग और अटल रहोगे। तुम जो कष्ट सहते हो उनके परिणामस्वरूप अवश्य ही विरासत में मेरे आशीष प्राप्त करोगे और तुम पूरे ब्रह्मांड में मेरा महिमामय प्रकाश बिखेरोगे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, संपूर्ण ब्रह्मांड के लिए परमेश्वर के वचन, अध्याय 19
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
विश्वासियों को अविश्वासियों के साथ असमान रूप से नहीं जोड़ा जाना चाहिए
मैंने सही मार्ग चुना है
संबंधित भजन
परमेश्वर के कार्य के लिए अपना पूरा अस्तित्व अर्पित कर दो
सत्य के लिए तुम्हें सब कुछ त्याग देना चाहिए
लोगों को सार्थक जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए