32. विश्वासघाती प्रकृति की समस्या को कैसे समझें और समाधान करें
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
मनुष्य की प्रकृति मेरे सार से काफी भिन्न है, क्योंकि मनुष्य की भ्रष्ट प्रकृति पूरी तरह से शैतान से उत्पन्न होती है; मनुष्य की प्रकृति को शैतान द्वारा संसाधित और भ्रष्ट किया गया है। अर्थात्, मनुष्य इसकी बुराई और कुरूपता के प्रभाव के अधीन जीता है। मनुष्य सत्य के संसार या पवित्र वातावरण में बड़ा नहीं होता है और प्रकाश में जीना तो दूर की बात है। इसलिए किसी व्यक्ति के पास जन्म से ही प्रकृति के भीतर सत्य का होना संभव नहीं है और किसी व्यक्ति का परमेश्वर का भय मानने और उसके प्रति समर्पण करने के सार के साथ पैदा होना और भी संभव नहीं है। इसके विपरीत, लोग एक ऐसी प्रकृति से युक्त होते हैं जो परमेश्वर का विरोध करती है, परमेश्वर से विद्रोह करती है और जिसमें सत्य के लिए कोई प्रेम नहीं होता। यही प्रकृति वह समस्या है जिसके बारे में मैं बात करना चाहता हूँ—विश्वासघात।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, एक बहुत गंभीर समस्या : विश्वासघात (2)
मनुष्य की प्रकृति उसकी आत्मा से आती है, न कि उसके शरीर से। प्रत्येक व्यक्ति की आत्मा ही जानती है कि कैसे उसने शैतान के प्रलोभनों, यातना और भ्रष्टता का अनुभव किया है। मनुष्य के शरीर के लिए ये बातें ज्ञानातीत हैं। इसलिए, मानवजाति अनजाने ही उत्तरोत्तर अधिक अंधकारमय, अधिक कलुषित और कहीं अधिक बुरी बनती जाती है, जबकि मेरे और मानवजाति के बीच की दूरी अधिक से अधिक बढ़ती जाती है और उसके लिए जीवन और अधिक अंधकारमय होता जाता है। मनुष्य की आत्मा को शैतान अपनी मुट्ठी में जकड़े हुए है, इसलिए कहने की जरूरत नहीं है कि उसकी देह पर भी शैतान द्वारा आक्रमण कर दिया गया है। इस तरह की देह और इस तरह की मानवजाति परमेश्वर का विरोध कैसे नहीं कर सकती हैं? वे उसके साथ स्वाभाविक रूप से सुसंगत कैसे हो सकती हैं? मैंने शैतान को नीचे बीच हवा में इस कारण फेंका था क्योंकि उसने मेरे साथ विश्वासघात किया था। तो फिर मानवजाति अपनी संलग्नता से कैसे मुक्त हो सकती है? यही कारण है कि विश्वासघात मनुष्य की प्रकृति है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, एक बहुत गंभीर समस्या : विश्वासघात (2)
“मनुष्य को शैतान ने इतना भ्रष्ट कर दिया है कि अब वह मनुष्य जैसा नहीं रहा।” इस वाक्यांश को अब अधिकांश लोग थोड़ी-बहुत मान्यता देते हैं। मैं ऐसा इसलिए कहता हूँ क्योंकि मैं जिस “मान्यता” की बात कर रहा हूँ वह वास्तविक ज्ञान के विपरीत केवल सतही अभिस्वीकृति है। चूँकि तुम में से कोई भी स्वयं का सही तरीके से मूल्यांकन या पूरी तरह से गहन-विश्लेषण नहीं कर सकता है, इसलिए तुम लोग मेरे वचनों पर आधा-अधूरा ही विश्वास करते हो। लेकिन इस बार मैं तुम लोगों में मौजूद सबसे गंभीर समस्या की व्याख्या करने के लिए तथ्यों का उपयोग कर रहा हूँ। वह समस्या है “विश्वासघात।” तुम सभी लोग “विश्वासघात” शब्द से परिचित हो क्योंकि अधिकांश लोगों ने दूसरों के साथ विश्वासघात करने वाला कुछ काम किया है, जैसे कि किसी पति का अपनी पत्नी के साथ विश्वासघात करना, किसी पत्नी का अपने पति के साथ विश्वासघात करना, किसी बेटे का अपने पिता के साथ विश्वासघात करना, किसी बेटी का अपनी माँ के साथ विश्वासघात करना, किसी नौकर का अपने मालिक के साथ विश्वासघात करना, दोस्तों का एक दूसरे के साथ विश्वासघात करना, रिश्तेदारों का एक दूसरे के साथ विश्वासघात करना, विक्रेताओं का क्रेताओं के साथ विश्वासघात करना, इत्यादि। इन सभी उदाहरणों में विश्वासघात का सार निहित है। संक्षेप में, विश्वासघात व्यवहार का वह रूप है जो वादा तोड़ता है, नैतिक मानदंडों का उल्लंघन करता है या मानवीय मूल्यों के विरुद्ध काम करता है, मानवता का ह्रास प्रदर्शित करता है। मानवों के रूप में चाहे तुम लोगों को याद हो या नहीं कि तुमने किसी दूसरे व्यक्ति के साथ विश्वासघात किया है या तुम लोगों ने पहले कई बार दूसरों से विश्वासघात किया है, इस दुनिया में जन्म लेने के कारण तुम सभी ने कुछ-न-कुछ ऐसा अवश्य किया है जो सत्य का उल्लंघन है। चूँकि तुम अपने माता-पिता या दोस्तों से विश्वासघात करने में सक्षम हो, तो तुम दूसरों के साथ भी विश्वासघात करने में सक्षम हो और इससे भी ज्यादा तुम मेरे साथ विश्वासघात करने और उन चीजों को करने में सक्षम हो जिनसे मैं नफरत करता हूँ। दूसरे शब्दों में, विश्वासघात महज़ एक सतही अनैतिक व्यवहार नहीं है, बल्कि इससे भी ज्यादा यह ऐसी चीज है जो सत्य के विपरीत है। यह वास्तव में मेरे प्रति मनुष्य के प्रतिरोध और विद्रोह का स्रोत है। यही कारण है कि मैंने निम्नलिखित कथन में इसका सारांश दिया है : विश्वासघात मनुष्य की जन्मजात प्रकृति है और यह प्रकृति मेरे साथ अनुरूपता हासिल करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जन्मजात शत्रु है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, एक बहुत गंभीर समस्या : विश्वासघात (1)
ऐसा व्यवहार जो पूरी तरह से मेरे प्रति समर्पण नहीं कर सकता है, विश्वासघात है। ऐसा व्यवहार जो मेरे प्रति निष्ठावान नहीं हो सकता, वह है विश्वासघात। मेरे साथ धोखा करना और मेरे साथ छल करने के लिए झूठ का उपयोग करना, विश्वासघात है। धारणाओं से भरा होना और हर जगह उन्हें फैलाना विश्वासघात है। मेरी गवाहियों और हितों की रक्षा नहीं कर पाना विश्वासघात है। दिल में मुझसे दूर होते हुए भी झूठमूठ मुस्कुराना विश्वासघात है। ये सभी विश्वासघात के काम हैं जिन्हें करने में तुम लोग हमेशा सक्षम रहे हो, और ये तुम लोगों के बीच आम बात है। तुम लोगों में से शायद कोई भी इसे समस्या न माने, लेकिन मैं ऐसा नहीं सोचता हूँ। मैं अपने साथ किसी व्यक्ति के विश्वासघात को एक तुच्छ बात नहीं मान सकता हूँ, और इससे भी बढ़कर, मैं इसे अनदेखा नहीं कर सकता। अब भी, जबकि मैं तुम लोगों के बीच कार्य कर रहा हूँ, तो तुम लोग इस तरह से व्यवहार कर रहे हो—यदि कभी ऐसा दिन आए जब तुम लोगों की निगरानी करने के लिए कोई न हो, तो क्या तुम लोग उन डाकुओं जैसे नहीं बन जाओगे जिन्होंने खुद को अपने छोटे-से इलाकों का राजा घोषित कर दिया है? जब ऐसा होगा और तुम विनाश का कारण बनोगे, तब तुम्हारे पीछे उस गंदगी को कौन-साफ करेगा? अगर तुम लोग सोचते हो कि विश्वासघात के कुछ कार्य तुम लोगों के सतत व्यवहार नहीं, बल्कि मात्र कभी-कभार होने वाले क्रियाकलाप हैं, जिन्हें इतनी सख्ती से नहीं उठाया जाना चाहिए जिससे तुम्हारे स्वाभिमान को ठेस पहुँचे, और यदि तुम लोग वास्तव में ऐसा ही मानते हो तो तुम समझ से बिल्कुल कोरे हो। कोई व्यक्ति जितना ज्यादा इस तरीके से सोचता है, वह विद्रोह का उतना ही बड़ा आदर्श और नमूना होता है। मनुष्य की प्रकृति उसका जीवन है; यह एक सिद्धांत है जिस पर वह जीवित रहने के लिए निर्भर करता है और वह इसे बदलने में असमर्थ है। विश्वासघात की प्रकृति का उदाहरण लो। यदि तुम अपने किसी रिश्तेदार या मित्र से विश्वासघात करने के लिए चीजें कर सकते हो, तो यह साबित करता है कि यह तुम्हारे जीवन और तुम्हारी प्रकृति का हिस्सा है जिसके साथ तुम पैदा हुए थे। यह कुछ ऐसा है जिससे कोई भी इनकार नहीं कर सकता है। उदाहरण के लिए, यदि कोई व्यक्ति अन्य लोगों की चीजें चुराना पसंद करता है, तो यह चुराना पसंद करना उसके जीवन का एक हिस्सा है, भले ही कभी-कभी वह चोरी करता है, और अन्य समय वह नहीं करता है। चाहे वह चोरी करता है अथवा नहीं, इससे यह साबित नहीं हो सकता कि उसका चोरी करना केवल एक प्रकार का व्यवहार है। बल्कि, इससे साबित होता है कि उसका चोरी करना उसके जीवन का एक हिस्सा, अर्थात्, उसकी प्रकृति है। कुछ लोग पूछेंगे : चूँकि यह उसकी प्रकृति है, तो ऐसा क्यों है कि वह कभी-कभी अच्छी चीजें देखता है लेकिन उन्हें चोरी नहीं करता है? उत्तर बहुत आसान है। उसके चोरी नहीं करने के कई कारण हैं। हो सकता है कि वह इसलिए चोरी न करता हो क्योंकि चौकस निगाहों के नीचे से निकाल ले जाने के लिए वस्तु बहुत बड़ी हो, या चोरी करने के लिए उपयुक्त समय न हो, या वस्तु बहुत महँगी हो, बहुत कड़े पहरे में हो, या शायद उसकी इस चीज में विशेष रूप से रुचि न हो, या उसे यह न समझ आये कि उसके लिए इसका क्या उपयोग है, इत्यादि। ये सभी कारण संभव हैं। लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह कोई वस्तु चुराता है या नहीं, इससे यह साबित नहीं होता है कि यह विचार उसके अंदर केवल क्षण भर के लिए रहता है, एक पल के लिए कौंधता है। इसके विपरीत, यह उसकी प्रकृति का एक हिस्सा है—ऐसी प्रकृति, जिसे बदलना कठिन है। ऐसा व्यक्ति केवल एक बार चोरी करके संतुष्ट नहीं होता है; बल्कि जब भी कोई अच्छी वस्तु या उपयुक्त स्थिति उसके सामने आती है, तो दूसरों की चीजों को अपनी बना लेने के ऐसे विचार उसमें जाग जाते हैं। इसीलिए मैं कहता हूँ कि यह विचार ऐसा नहीं है जिसे यह व्यक्ति बस कभी-कभार अपना लेता हो, बल्कि ऐसा है जो इसकी प्रकृति से ही आता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, एक बहुत गंभीर समस्या : विश्वासघात (1)
कोई भी अपना सच्चा चेहरा दर्शाने के लिए अपने स्वयं के शब्दों और क्रियाओं का उपयोग कर सकता है। यह सच्चा चेहरा निश्चित रूप से उसकी प्रकृति है। यदि तुम बहुत कुटिल ढंग से बोलने वाले व्यक्ति हो, तो तुम कुटिल प्रकृति के हो। यदि तुम्हारी प्रकृति कपटपूर्ण है, तो तुम कपटी ढंग से काम करते हो, और दूसरे बहुत आसानी से तुम्हारे झाँसे में आ जाते हैं और ठगे जाते हैं। यदि तुम्हारी प्रकृति अत्यंत क्रूर है, तो हो सकता है कि तुम्हारे वचन सुनने में सुखद हों, लेकिन तुम्हारे कार्य तुम्हारी क्रूर चालों को छिपा नहीं सकते हैं। यदि तुम्हारी प्रकृति आलसी है, तो तुम जो कुछ भी कहोगे, उससे खुद को खानापूरी करने और आलसी होने से दोषमुक्त कराने की कोशिश कर रहे होगे, और तुम्हारे कार्य बहुत धीमे और लापरवाही से भरे होंगे, और सत्य छिपाने में बहुत अच्छे होंगे। यदि तुम्हारी प्रकृति समानुभूतिपूर्ण है, तो तुम्हारे वचन तर्कसंगत होंगे और तुम्हारे कार्य भी ठीक से सत्य के अनुरूप होंगे। यदि तुम्हारी प्रकृति सबके प्रति वफादार रहने की है, तो तुम्हारे वचन निश्चय ही खरे होंगे और जिस तरीके से तुम कार्य करते हो, वह भी व्यावहारिक और यथार्थवादी होगा, जिसमें ऐसा कुछ न होगा जिससे तुम्हारे मालिक को असहजता महसूस हो। यदि तुम्हारी प्रकृति कामुक या धन लोलुप है, तो तुम्हारा हृदय प्रायः इन चीजों से भरा होगा और तुम बेइरादा कुछ विकृत, अनैतिक काम करोगे, जिन्हें भूलना लोगों के लिए कठिन होगा और वे काम उनमें घृणा पैदा करेंगे। जैसा कि मैंने कहा है, यदि तुम्हारी प्रकृति विश्वासघात की है तो तुम आरोप से नहीं बच सकते। यह मानकर ख्याली पुलाव पकाने की मानसिकता मत पालो कि चूँकि तुमने दूसरों के साथ गलत नहीं किया है, इसलिए तुम्हारी प्रकृति विश्वासघात की नहीं है। यदि तुम ऐसा ही सोचते हो तो तुम घृणित हो। जब भी मैं बोलता हूँ, तो मेरे वचन सभी लोगों पर लक्षित होते हैं, न कि केवल एक व्यक्ति या एक प्रकार के व्यक्ति पर। यह तथ्य कि तुमने मेरे साथ एक मामले में विश्वासघात नहीं किया है, यह साबित नहीं करता कि तुम मेरे साथ किसी मामले में विश्वासघात नहीं करोगे। कुछ लोग अपने विवाह में असफलताओं के दौरान सत्य की तलाश करने में अपनी आस्था खो देते हैं। कुछ लोग परिवार के टूटने के दौरान मेरे प्रति निष्ठावान होने के अपने दायित्व को त्याग देते हैं। कुछ लोग खुशी और उत्तेजना के एक पल की तलाश करने के लिए मेरा परित्याग कर देते हैं। कुछ लोग प्रकाश में रहने और पवित्र आत्मा के कार्य का आनंद प्राप्त करने के बजाय एक अंधेरी खोह में पड़े रहना पसंद करेंगे। कुछ लोग धन की अपनी लालसा को संतुष्ट करने के लिए दोस्तों की सलाह पर ध्यान नहीं देते हैं, और अब भी अपनी गलतियों को स्वीकार नहीं कर सकते हैं और अपनी दिशा में बदलाव नहीं कर सकते हैं। कुछ लोग मेरा संरक्षण प्राप्त करने के लिए केवल अस्थायी रूप से मेरे नाम के अधीन रहते हैं, जबकि अन्य लोग बेमन से मेरे प्रति थोड़ा-सा समर्पित होते हैं क्योंकि वे जीवन से चिपके रहते हैं और मृत्यु से डरते हैं। क्या ये और ऐसे अन्य क्रियाकलाप जो अनैतिक हैं और इससे भी बढ़कर सत्यनिष्ठा से रहित हैं, ऐसे व्यवहार नहीं हैं जिनसे लोग लंबे समय पहले अपने दिलों की गहराई में मेरे साथ विश्वासघात करते आ रहे हैं? निस्संदेह, मुझे पता है कि लोग मुझसे विश्वासघात करने की पहले से योजना नहीं बनाते, लेकिन उनका विश्वासघात उनकी प्रकृति का स्वाभाविक रूप से प्रकट होना है। कोई मेरे साथ विश्वासघात नहीं करना चाहता, और इस बात से खुश तो कोई बिल्कुल भी नहीं होता कि उसने मेरे साथ विश्वासघात का कोई काम किया है। इसके विपरीत, वे डर से काँप रहे हैं, है ना? तो क्या तुम लोग इस बारे में सोच रहे हो कि तुम लोग इन विश्वासघातों की भरपाई कैसे कर सकते हो, और कैसे तुम लोग वर्तमान परिस्थिति को बदल सकते हो?
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, एक बहुत गंभीर समस्या : विश्वासघात (1)
विश्वासघात का मूल कारण शैतान से आता है, शैतान की प्रकृति विश्वासघात है और लोग अपने क्रियाकलापों में जो कोई भी स्वभाव प्रकट करते हैं, उसे परमेश्वर द्वारा विश्वासघात के रूप में देखा जाता है। परमेश्वर इस मामले के बारे में इतने विस्तार से बात क्यों करता है? ऐसा इसलिए है क्योंकि मनुष्य का विश्वासघात निरंतर जारी है, चाहे जगह या समय कोई भी हो और लोग चाहे जैसे भी व्यवहार करें, लोगों की प्रकृति में जो चीज गहराई तक जड़ें जमाए है वह परमेश्वर का प्रतिरोध करने का उनका सार है। भले ही तुम कहो कि तुम परमेश्वर का विरोध या प्रतिरोध नहीं करना चाहते, फिर भी तुम ऐसा करने से खुद को रोक नहीं पाते, क्योंकि तुम्हारे भीतर एक विश्वासघाती प्रकृति है। विश्वासघात की इस प्रकृति के साथ तुम परमेश्वर के प्रति समर्पण नहीं कर सकते, अंत तक उसका अनुसरण नहीं कर सकते और परमेश्वर के वचनों को पूरी तरह से अपना जीवन नहीं मान सकते। तुम्हें विश्वासघात की समस्या को कैसे समझना चाहिए? तुमने चाहे कितने भी समय से परमेश्वर में विश्वास किया हो या उसके कितने भी वचन खाए और पिए हों या तुम्हें उसकी कितनी भी समझ हो—अगर तुम्हारी प्रकृति परमेश्वर से विश्वासघात करने की है और तुमने उसके वचनों को अपने दिल में स्वीकार नहीं किया है या उसके वचनों का अभ्यास और उनमें प्रवेश नहीं किया है और उसके वचन तुम्हारा जीवन नहीं बने हैं, तो तुम्हारा सार हमेशा परमेश्वर से विश्वासघात करने का ही रहेगा। अर्थात्, अगर तुम्हारा स्वभाव नहीं बदला है, तो तुम ऐसे इंसान हो जो परमेश्वर से विश्वासघात करता है। कुछ लोग कहते हैं, “मैं परमेश्वर के वचनों को समझ सकता हूँ, वह जो कुछ भी कहता है उसे समझता हूँ। मैं इन्हें स्वीकारने के लिए भी तैयार हूँ। तो फिर मुझे परमेश्वर से विश्वासघात करने वाला कैसे कहा जा सकता है?” तुम्हारे परमेश्वर के वचन स्वीकारने के लिए तैयार होने का यह अर्थ नहीं है कि तुम परमेश्वर के वचन जीने में भी सक्षम हो, और इसका यह अर्थ तो बिल्कुल भी नहीं है कि तुमने सत्य प्राप्त कर लिया है या तुम उसके द्वारा पहले ही पूर्ण बनाए जा चुके हो। मनुष्य की विश्वासघाती प्रकृति का सत्य थोड़ा गहरा है और अगर तुम्हें सत्य के इस पहलू को समझना है, तो फिर तुम्हें एक अवधि के अनुभव की जरूरत पड़ सकती है। परमेश्वर की नजरों में, परमेश्वर में विश्वास करने वाला हर व्यक्ति जो कुछ भी करता है, वह सत्य के विपरीत होता है, परमेश्वर के वचनों के अनुसार नहीं होता और उसके प्रति शत्रुतापूर्ण होता है। हो सकता है तुम लोग इसे भी स्वीकार न पाओ और यह कहो, “हम परमेश्वर की सेवा करते हैं, परमेश्वर की आराधना करते हैं, परमेश्वर के घर में अपने कर्तव्य निभाते हैं। हम इतना सब कुछ कर चुके हैं, वह भी परमेश्वर के वचनों और उसकी अपेक्षाओं के अनुसार, और कार्य व्यवस्थाओं के अनुरूप किया है। यह कैसे कहा जा सकता है कि हम परमेश्वर का प्रतिरोध और उससे विश्वासघात करते हैं? तुम हमेशा हमें हतोत्साहित क्यों करते हो? हमने बड़ी मुश्किल से अपने परिवार और करियर छोड़े थे और परमेश्वर का अनुसरण करने का संकल्प लिया था, तो तुम हमारे बारे में ऐसा कैसे बोल सकते हो?” इस तरह बोलने का उद्देश्य हर किसी को यह समझाना है : कुछ अच्छा व्यवहार करने, कुछ त्यागने या कुछ कष्ट सहने का यह अर्थ नहीं है कि किसी व्यक्ति की विश्वासघाती प्रकृति बदल गई है—ऐसा नहीं है! कष्ट सहना आवश्यक है और अपना कर्तव्य निभाना भी, लेकिन इस तथ्य का कि तुम कष्ट सह सकते हो या अपना कर्तव्य निभा सकते हो, यह अर्थ नहीं है कि तुम्हारे भीतर भ्रष्ट स्वभाव अब नहीं रहे। ऐसा इसलिए है क्योंकि कोई भी अपने भीतरी जीवन स्वभाव में वास्तविक बदलाव से नहीं गुजरा है, कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं बना है जो परमेश्वर के प्रति समर्पण करता हो और हर कोई अभी भी परमेश्वर के इरादे पूरे करने से बहुत दूर है और इसलिए उद्धार प्राप्त करने का मानक पूरा नहीं हुआ है। परमेश्वर में लोगों का विश्वास बहुत मिलावटी है, वे बहुत अधिक भ्रष्ट स्वभाव प्रकट करते हैं। बहुत-से लोग अगुआ या कार्यकर्ता बन जाते हैं; यद्यपि वे परमेश्वर की सेवा करते हैं फिर भी वे उसका प्रतिरोध भी करते हैं। इसका क्या अर्थ है? इसका अर्थ यह है कि वे जानबूझकर परमेश्वर के वचनों के विरुद्ध जाते हैं, सत्य के विरुद्ध जाते हैं और परमेश्वर की इच्छाओं के अनुसार अभ्यास नहीं करते। वे अपनी मर्जी से काम करने, अपने मनसूबे और लक्ष्य हासिल करने, सत्ता का इस्तेमाल करने और हुक्म चलाने और अपने स्वतंत्र राज्य स्थापित करने और परमेश्वर से विश्वासघात करने पर जोर देते हैं। इस प्रकार वे शैतान के मार्ग पर चल पड़े हैं। परमेश्वर की सेवा करने, लेकिन उसका प्रतिरोध भी करने का यही अर्थ है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपना स्वभाव बदलने के लिए अभ्यास का मार्ग
मनुष्य की प्रकृति में सामान्य तत्व परमेश्वर के प्रति विश्वासघात है; हर एक व्यक्ति परमेश्वर के प्रति विश्वासघात करने में सक्षम है। परमेश्वर के प्रति विश्वासघात किसे कहते हैं? परमेश्वर से विश्वासघात करने के बराबर कौन-सी अभिव्यक्तियाँ होती हैं? क्या केवल परमेश्वर में विश्वास न करना ही उसके साथ विश्वासघात है? लोगों को समझना चाहिए कि मनुष्य का सार क्या है और इसे समझना चाहिए कि इसकी जड़ में क्या है। तुम्हारा चिड़चिड़ापन, कमियाँ, बुरी आदतें या संस्कारों में कमी सभी सतही समस्याएँ हैं। यदि तुम हमेशा इन सतही समस्याओं से चिपके रहते हो और यहाँ तक कि बिना सोचे-समझे विनियम लागू करते हो, तो यह विरूपित है। तुम्हें आवश्यक समस्याओं को समझना चाहिए, जिसका अर्थ है कि तुम्हें अपने भ्रष्ट स्वभावों को जानना चाहिए, उन चीजों को जो तुम्हारी प्रकृति के भीतर मौजूद हैं। यदि तुम्हारे भ्रष्ट स्वभावों का समाधान नहीं होता है, तो चाहे तुम कितने भी शब्द और धर्म-सिद्धांत बोल सको, यह बेकार होगा; तुम जो कहते और करते हो वह अभी भी परमेश्वर का प्रतिरोध करेगा। लोग कभी भी और कहीं भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं—यह एक गंभीर समस्या है। शायद वर्तमान में तुम्हारे पास थोड़ा-सा परमेश्वर-प्रेमी दिल हो, तुम उत्साह के साथ खुद को खपाओ और थोड़ी लगन के साथ अपना कर्तव्य निभाओ; या इस अवधि के दौरान तुम्हारे पास पूरी तरह से सामान्य विवेक और अंतरात्मा हो। लेकिन मनुष्य अस्थिर और चंचल है और तुम एक ही घटना के कारण किसी भी क्षण और कहीं भी परमेश्वर का प्रतिरोध और उसके साथ विश्वासघात कर सकते हो। उदाहरण के लिए, किसी के पास अब पूरी तरह से सामान्य विवेक हो सकता है, उसके पास पवित्र आत्मा का कार्य, व्यावहारिक अनुभव, बोझ का एहसास और अपना कर्तव्य निभाने के प्रति लगन हो सकती है लेकिन ठीक उसी समय जब वह अपनी आस्था में विशेष रूप से ताकत से भरा होता है, परमेश्वर का घर एक ऐसे मसीह-विरोधी को निष्कासित कर देता है जिसकी वह आराधना करता है और उसके मन में धारणाएँ पनपने लगती हैं। वह एकदम से नकारात्मक हो जाता है, अपने कार्य में उत्साह खो देता है, अपने कर्तव्य में खानापूरी करता है, प्रार्थना नहीं करना चाहता, और शिकायत करता है, “प्रार्थना क्यों करूँ? अगर किसी इतने अच्छे इंसान को निष्कासित किया जा सकता है, तो किसका उद्धार किया जा सकता है? परमेश्वर को लोगों के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करना चाहिए!” उसके शब्दों की प्रकृति क्या है? सिर्फ एक घटना उसकी इच्छा के अनुसार नहीं होती और वह परमेश्वर की आलोचना करने लगता है। क्या यह परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने की अभिव्यक्ति नहीं है? लोग कभी भी और कहीं भी परमेश्वर से भटक सकते हैं; किसी स्थिति का सामना करने पर उनमें धारणाएँ विकसित हो सकती हैं और वे परमेश्वर की आलोचना और निंदा कर सकते हैं—क्या यह परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने की अभिव्यक्ति नहीं है? यह बहुत गंभीर मामला है। अब शायद तुम्हें लगे कि तुम्हारे मन में परमेश्वर के प्रति कोई धारणा नहीं है और तुम उसके प्रति समर्पण कर सकते हो, लेकिन अगर तुम कुछ गलत कर बैठे और अचानक तुम्हारे साथ सख्ती से काट-छाँट की जाए, तो क्या तुम समर्पण कर सकोगे? क्या तुम समाधान के लिए सत्य की खोज कर पाओगे? अगर तुम समर्पण नहीं कर सकते या अपने विद्रोहीपन की समस्या सुलझाने के लिए सत्य नहीं खोज सकते, तब भी यह संभावना है कि तुम परमेश्वर के साथ विश्वासघात करोगे। हो सकता है तुमने वास्तव में यह न कहा हो कि “मैं अब परमेश्वर में विश्वास नहीं करता,” लेकिन उस वक्त तुम्हारा हृदय उसके साथ पहले ही विश्वासघात कर चुका है। तुम्हें स्पष्ट रूप से समझना है कि मनुष्य की प्रकृति वास्तव में क्या है। क्या विश्वासघात ही इस प्रकृति का सार है? बहुत कम लोग ही मनुष्य की प्रकृति सार स्पष्ट रूप से समझ पाते हैं। निस्संदेह, कुछ लोगों में थोड़ी-सी अंतरात्मा और अपेक्षाकृत अच्छी मानवता होती है, तो कुछ में कोई मानवता नहीं होती, लेकिन चाहे किसी में अच्छी मानवता हो या बुरी, या चाहे उसकी काबिलियत अच्छी हो या खराब, इनमें एक समान बात यह है कि ये सब परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं। मनुष्य की प्रकृति परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने की है। तुम्हें लगता है कि मनुष्य—जिन्हें शैतान द्वारा भ्रष्ट किया गया है—उनकी प्रकृति में परमेश्वर के साथ विश्वासघात करना है, कि इसे बदला नहीं जा सकता है और तुम्हारे लिए उद्धार पाना असंभव है, इसलिए तुम उद्धार पाने का अवसर छोड़ देते हो। उस स्थिति में, मैं कुछ नहीं कर सकता; यदि तुम लोग सत्य का अनुसरण नहीं करते हो तो तुम्हें वास्तव में हटा दिया जा सकता है! क्या तुम लोगों के मन में अभी भी इस तरह के नकारात्मक विचार हैं? तो मुझे बताओ, क्या लोग भ्रष्ट हुए बिना भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं? लोग भ्रष्ट हुए बिना भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं। जब परमेश्वर ने मनुष्यों को बनाया, उसने उन्हें स्वतंत्र इच्छा दी। मनुष्य विशेष रूप से नाजुक हैं; उनमें वह हृदय नहीं होता जो सक्रियता से परमेश्वर के करीब आए और कहे, “परमेश्वर हमारा सृष्टिकर्ता है, और हम सृजित प्राणी हैं।” मनुष्यों में ऐसी कोई संकल्पना नहीं होती है। उनमें मूल रूप से सत्य का अभाव होता है, न उनमें परमेश्वर की आराधना से संबंधित कोई भी तत्व होता है। परमेश्वर ने मनुष्यों को स्वतंत्र इच्छा दी है, उन्हें सोचने की अनुमति दी है, लेकिन लोग सत्य नहीं स्वीकारते, परमेश्वर को बिल्कुल भी नहीं जानते, और वे नहीं जानते कि उसके प्रति समर्पण कैसे करें और उसकी आराधना कैसे करें। ये चीजें मनुष्यों में मौजूद नहीं हैं, इसलिए भ्रष्ट हुए बिना भी तुम परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हो। मैं ऐसा क्यों कहता हूँ कि तुम परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हो? क्योंकि, जब शैतान तुम्हें ललचाने आता है तो तुम नहीं जानते कि इसका भेद कैसे पहचानना है; सत्य के बिना, तुम्हारे शैतान की बात सुनने और उसका अनुसरण करने की संभावना होती है—इस प्रकार, तुम परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हो। तुम्हें परमेश्वर ने बनाया लेकिन तुम उसका अनुसरण नहीं करते, उसके बजाय शैतान का अनुसरण करते हो—क्या यह तुम्हें गद्दार नहीं बनाता? गद्दार वह होता है, जो विश्वासघात करता है। क्या तुम इसके सार की असलियत देख रहे हो? इसलिए, लोग कभी भी और कहीं भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं। लोग परमेश्वर के साथ विश्वासघात सिर्फ तब नहीं करेंगे जब वे पूरी तरह परमेश्वर के राज्य और उसके प्रकाश में रहेंगे, जब शैतान का सब कुछ नष्ट हो जाएगा और जब उन्हें पाप करने के लिए ललचाने या लुभाने वाली कोई चीज नहीं होगी। अगर उन्हें पाप करने के लिए लुभाने वाली कोई भी चीज है तो वे अभी भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने में सक्षम होंगे। इसलिए मनुष्य बेकार हैं। तुम मान लेते हो कि बस इसलिए कि तुम कुछ शब्द और धर्म-सिद्धांत बोल ले रहे हो, इसलिए तुम कुछ सत्य समझते हो और परमेश्वर के साथ विश्वासघात नहीं कर सकते, और तुम्हें कम से कम मिट्टी के एक बर्तन से अधिक मूल्यवान समझा जाना चाहिए, सोने-चाँदी की तरह न सही, काँसा या लोहा तो मानना ही चाहिए। तुम खुद को ज्यादा ही ऊँचा आँकते हो। क्या तुम जानते हो कि मनुष्य वास्तव में क्या हैं? लोग कभी भी और कहीं भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं, और उनकी कीमत धेले भर नहीं है; जैसा कि परमेश्वर ने कहा : मनुष्य जानवर हैं, बेकार दयनीय प्राणी हैं। लेकिन अपने हृदय में लोग इस तरह से नहीं सोचते। वे सोचते हैं, “मुझे नहीं लगता कि मैं बेकार दयनीय प्राणी हूँ। मैं इस मामले की असलियत क्यों नहीं जान सकता? मैंने इसका अनुभव कैसे नहीं किया है? परमेश्वर में मेरा सच्चा विश्वास है; मुझमें आस्था है, इसलिए मैं परमेश्वर के साथ विश्वासघात नहीं कर सकता। परमेश्वर के वचन बिल्कुल सत्य हैं, लेकिन मैं इस कथन को नहीं समझ सकता, ‘लोग कभी भी और कहीं भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं।’ मैं पहले ही परमेश्वर का प्रेम देख चुका हूँ; मैं उसके साथ कभी विश्वासघात नहीं कर सकता।” लोग अपने हृदय में ऐसा ही सोचते हैं, लेकिन परमेश्वर के वचन तथ्य हैं और उन्हें ऐसे ही हवा में नहीं बोला गया है। तुम लोगों के सामने हर मामला स्पष्ट कर दिया गया है, तुम्हें पूरी तरह से आश्वस्त कर दिया गया है; सिर्फ इसी तरह से तुम लोग अपनी भ्रष्टता को जान सकोगे और विश्वासघात की समस्या का समाधान कर सकोगे। परमेश्वर के राज्य में कोई विश्वासघात नहीं है; लोग परमेश्वर के प्रभुत्व में रहते हैं और वे शैतान के नियंत्रण में नहीं होते तो वे वास्तव में स्वतंत्र होते हैं। उन्हें अबसे इस बारे में चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है कि क्या वे परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर बैठेंगे; ऐसी चिंता अनावश्यक और व्यर्थ है। भविष्य में यह घोषणा की जा सकती है कि तुम लोगों में ऐसी कोई चीज नहीं है जो परमेश्वर के साथ विश्वासघात करे, लेकिन फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं है। ऐसा इसलिए है क्योंकि लोगों में भ्रष्ट स्वभाव है, और वे कभी भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं। ऐसा नहीं है कि कुछ विशेष परिस्थितियाँ ही विश्वासघात तक पहुँचा देती हैं, और ये विशेष परिस्थितियाँ या दबाव न होने पर तुम परमेश्वर के साथ विश्वासघात नहीं करोगे—बिना दबाव के भी तुम उसके साथ विश्वासघात कर सकते हो। यह मनुष्य के भ्रष्ट सार की समस्या है, मनुष्य की प्रकृति की समस्या है। भले ही तुम अभी कुछ सोच या कर नहीं रहे हो, तुम्हारी प्रकृति वास्तव में वैसी ही मौजूद है और इसे किसी के द्वारा मिटाया नहीं जा सकता। क्योंकि तुम्हारे पास एक ऐसी प्रकृति है जो परमेश्वर के साथ विश्वासघात करती है और तुम्हारे दिल में परमेश्वर के लिए कोई जगह नहीं है—उसके लिए कोई स्थान नहीं है और न ही तुम्हारे दिल की गहराइयों में सत्य की उपस्थिति है—तुम किसी भी समय और किसी भी स्थान पर परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हो। फरिश्तों की बात अलग है; उनमें परमेश्वर का स्वभाव या सार तो नहीं होता, लेकिन वे पूरी तरह परमेश्वर के प्रति समर्पण कर पाते हैं क्योंकि उन्हें परमेश्वर ने विशेष रूप से अपनी सेवा के लिए बनाया है, और वे विशेष रूप से परमेश्वर द्वारा वहाँ भेजे जाते हैं जहाँ जाने का परमेश्वर आदेश देता है और वे पूरी तरह से परमेश्वर के हैं। जहाँ तक मनुष्यों की बात है, परमेश्वर ने चाहा कि वे धरती पर रहें, लेकिन अपनी आराधना करने की क्षमता उन्हें नहीं दी। इसलिए मनुष्य परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं और उसका विरोध कर सकते हैं। इससे साबित होता है कि मनुष्यों को कोई भी इस्तेमाल कर सकता है और उन पर दावा कर सकता है; उनकी अपनी कोई स्वायत्तता नहीं है। मनुष्य ऐसे प्राणी हैं, जिनकी कोई गरिमा नहीं है और वे बेकार हैं!
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
लोगों में विश्वासघात की प्रकृति काफी गंभीर है; यह ऐसी चीज है जो गहराई से जड़ें जमाए हुए है। ऐसा क्यों कहा जाता है कि लोगों की प्रकृति विश्वासघात है? इस विश्वासघात में कितनी चीजें शामिल होती हैं? इस विश्वासघात में लोगों की पसंद और धारणाएँ शामिल होती हैं; वह जिसकी लोग लालसा करते हैं या जिस पर ध्यान केंद्रित करते हैं; रुतबा, प्रसिद्धि और लाभ, आशीष, भोजन, कपड़े और आनंद जिनकी लोग अपने दिलों में सबसे ज्यादा इच्छा करते हैं; आदि। इन चीजों के सार से यह देखा जा सकता है कि लोगों की प्रकृति वास्तव में विश्वासघात है। इसे कैसे देखा जा सकता है? परमेश्वर के प्रति लोगों के रवैये, सत्य के प्रति उनके रवैये, उनके द्वारा परमेश्वर का अनुसरण, वह जो परमेश्वर से माँगते हैं और वह जिसके बारे में वे अपने दिलों में सोचते हैं, उसे देखकर यह तुलना करना और देखना पूरी तरह से संभव है कि वे दिन भर जो सोचते हैं, वह परमेश्वर के इरादों के अनुरूप है या नहीं। खाने और सोने में बिताए समय के अलावा लोग दिन के चौबीस घंटों में क्या सोचते हैं? जब उनके पास कुछ खाली समय होता है, तो वे हमेशा सोच रहे होते हैं, “देखो, वह व्यक्ति कितने सुख-चैन से रह रहा है। अगर मैं इस तरह जी सकता और फिर भी परमेश्वर में विश्वास कर सकता, तो बहुत बढ़िया होता! अपने पास सब कुछ होना कितना बढ़िया है!” कुछ लोग सारा दिन यह सोचते हुए बिता देते हैं, “अगर मुझे भी उस व्यक्ति की तरह एक अच्छा जीवनसाथी मिल जाए, जो परमेश्वर में मेरे विश्वास के लिए मुझे न सताए और मेरा भी एक खुशहाल परिवार हो, तो कितना अच्छा हो!” और कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो किसी को अच्छी नौकरी करते हुए देखकर सोचते हैं, “अगर मैं भी उसके जैसी परिस्थितियों में होता, अच्छी नौकरी करता, खूब पैसा कमाता, अच्छे कपड़े पहनता, अच्छा खाता और फिर भी परमेश्वर में विश्वास करता, तो कितना अच्छा होता!” लोग परमेश्वर में विश्वास को हमेशा अपनी अंतिम प्राथमिकता रखते हैं। परमेश्वर में विश्वास का उल्लेख किए जाने पर कुछ लोग सोचते हैं, “आजकल इस तरह परमेश्वर में विश्वास करना कुछ अधूरा-सा लगता है। क्या यह और भी बेहतर नहीं होगा अगर मैं जीवन का थोड़ा और आनंद ले पाऊँ, बेहतर खा पाऊँ, बेहतर कपड़े पहन पाऊँ और किसी उत्पीड़न का सामना न करूँ? परमेश्वर मुझे उस तरह से संतुष्ट क्यों नहीं करता?” पहले ऐसा क्यों कहा गया था कि लोगों के दिलों में जो कुछ भी होता है, वह सब बुरा होता है, वे सब चीजें जो परमेश्वर के इरादों के अनुरूप नहीं होतीं? ऐसा ठीक-ठीक इसलिए होता है क्योंकि लोगों के दिमाग खाने, कपड़े, मौज-मस्ती और मनोरंजन के विचारों से भरे हुए हैं। ये चीजें किसकी हैं? ये दुनिया की हैं, दानवों की हैं।
—परमेश्वर की संगति
जब शैतान ने मनुष्य को भ्रष्ट कर दिया तो उसके बाद मनुष्य शैतान का मूर्त रूप बन गया, वह शैतान की किस्म का बन गया जो परमेश्वर का प्रतिरोध करती है और वह पूरी तरह परमेश्वर से विश्वासघात करने में सक्षम बन गया। परमेश्वर लोगों से अपना स्वभाव बदलने की अपेक्षा क्यों करता है? क्योंकि परमेश्वर लोगों को पूर्ण बनाकर उन्हें प्राप्त करना चाहता है और जो लोग अंततः पूर्ण किए जाते हैं, उनमें परमेश्वर को जानने की बहुत-सी अतिरिक्त वास्तविकताएँ तथा सत्य के सभी पहलुओं की वास्तविकताएँ होती हैं। इस प्रकार के लोग पूर्ण रूप से परमेश्वर के इरादों के अनुरूप होते हैं। अतीत में, लोगों में भ्रष्ट स्वभाव होता था, और वे जब भी कुछ करते थे तब उसमें गलती करते थे या परमेश्वर का प्रतिरोध करते थे, लेकिन अब लोग कुछ सत्य समझते हैं और कई ऐसी चीजें कर सकते हैं जो परमेश्वर के इरादों के अनुसार होती हैं। लेकिन, इसका अर्थ यह नहीं है कि लोग परमेश्वर से विश्वासघात नहीं करते हैं। लोग अब भी ऐसा कर सकते हैं। मनुष्य की प्रकृति के भीतर से प्रकट होने वाले भ्रष्ट स्वभाव आंशिक रूप से बदल सकते हैं। जो अंश बदलता है, वह वो अंश होता है जहाँ भ्रष्ट स्वभावों का समाधान करने के लिए सत्य का उपयोग किया जाता है, जिससे व्यक्ति सत्य के अनुसार अभ्यास करने में सक्षम होता है; बाकी हिस्से पर अभी भी शैतानी स्वभावों का कब्जा हो सकता है। इसलिए सत्य के एक पहलू का अभ्यास करने में सक्षम होने का मतलब यह नहीं है कि तुम्हारा जीवन स्वभाव बदल गया है क्योंकि जो बदलाव तुममें आया है, वह केवल आंशिक है, पूर्ण नहीं। यह वैसा ही है जैसे पहले लोग हमेशा परमेश्वर के बारे में धारणाएँ रखते थे और उससे माँगें करते थे, और अब कई मामलों में वे ऐसा नहीं करते—लेकिन कुछ मामलों में अब भी उनमें धारणाएँ और माँगें हो सकती हैं, और वे अब भी परमेश्वर से विश्वासघात करने में सक्षम हैं। हो सकता है कि तुम कहो, “परमेश्वर चाहे जो करे, मैं उसके प्रति समर्पण कर सकता हूँ, और बिना शिकायत या माँग किए कई मामलों में समर्पण कर सकता हूँ,” लेकिन कुछ मामलों में तुम अभी भी परमेश्वर से विश्वासघात कर सकते हो। यद्यपि तुम जानबूझकर परमेश्वर का प्रतिरोध नहीं करते, लेकिन जब तुम उसके इरादों को नहीं समझते हो, तो तब भी तुम उसकी इच्छा के विरुद्ध जा सकते हो। तो, जो हिस्सा बदल सकता है, उसका अर्थ क्या है? इसका यही अर्थ है कि जब तुम परमेश्वर के इरादे समझते हो तो तुम समर्पण कर सकते हो, और जब तुम सत्य समझते हो तो तुम इसे अभ्यास में ला सकते हो। अगर तुम कुछ मामलों में सत्य या परमेश्वर के इरादे नहीं समझते तो अब भी तुममें भ्रष्टता प्रकट करने की संभावना है। अगर तुम सत्य समझते हो लेकिन कुछ चीजों से बाधित होने के कारण इसे अभ्यास में नहीं लाते तो फिर यह विश्वासघात है और यह कुछ ऐसा है, जो तुम्हारी प्रकृति में है। बेशक, तुम्हारा स्वभाव कितना बदल सकता है, इसकी कोई सीमा नहीं है। तुम जितना अधिक सत्य प्राप्त करोगे, परमेश्वर के बारे में तुम्हारा ज्ञान उतना ही अधिक गहरा होगा और तुम परमेश्वर का प्रतिरोध और उससे विश्वासघात उतनी ही कम बार करोगे। यह जीवन स्वभाव में बदलाव है। अपना स्वभाव बदलने की कोशिश मुख्य रूप से सत्य के अनुसरण से पूरी होती है, और अपने प्रकृति सार की समझ सत्य को समझने से हासिल होती है। जब कोई सचमुच सत्य हासिल कर लेगा तो उसकी सारी समस्याएँ हल हो जाएँगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, मनुष्य परमेश्वर से बहुत अधिक माँगें करता है
परमेश्वर लोगों की विश्वासघाती प्रकृति को उजागर इसलिए करता है कि वे इस मसले की और अपनी सच्ची समझ पा सकें। लोग खुद को बदलना और इस पहलू से चिंतन करना शुरू कर सकते हैं, यह समझ सकते हैं कि वे किन चीजों में परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हैं और उनके कौन-से भ्रष्ट स्वभाव उन्हें परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं, और फिर वे सत्य खोज और अभ्यास का पथ ढूँढ़ सकते हैं। एक बार तुम उस मुकाम पर पहुँच जाते हो जहाँ तुम बहुत-से पहलुओं में परमेश्वर के प्रति विद्रोह नहीं करते और अधिकतर पहलुओं में उसके साथ विश्वासघात नहीं करते, तो जब तुम अपने जीवन की यात्रा के अंत पर पहुँचोगे, या जब परमेश्वर का कार्य पूरा हो चुका होगा, तुम्हें इस बारे में और चिंता करने की जरूरत नहीं होगी कि क्या तुम भविष्य में परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हो या नहीं। मैं ऐसा क्यों कहता हूँ? शैतान के हाथों भ्रष्ट होने से पहले लोग उसके बहकावे में आकर परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते थे। जब शैतान नष्ट हो जाएगा, तो क्या लोग परमेश्वर के साथ विश्वासघात करना बंद नहीं कर देंगे? लेकिन वह समय अभी नहीं आया है। लोगों के अंदर अभी भी शैतान के भ्रष्ट स्वभाव हैं, वे कभी भी और कहीं भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने में सक्षम हैं। एक बार जब तुम्हारे जीवन का अनुभव एक निश्चित चरण तक पहुँच जाता है—जहाँ तुमने परमेश्वर का प्रतिरोध करने और उसके साथ विश्वासघात करने वाले उन सभी गलत विचारों, धारणाओं और कल्पनाओं को त्याग दिया है; तुमने सत्य को समझ लिया है, तुम्हारे दिल में कई सकारात्मक चीजें हैं; तुम आत्म-संयम और आत्म-नियंत्रण प्राप्त कर लेते हो; और तुम अब अधिकांश स्थितियों में परमेश्वर के साथ विश्वासघात नहीं करते हो—तो जब शैतान नष्ट हो जाएगा, तब तुम पूरी तरह से बदल जाओगे। कार्य का वर्तमान चरण मनुष्य के विश्वासघात और विद्रोहीपन को हल करना है। भविष्य की मानवजाति परमेश्वर के साथ विश्वासघात नहीं करेगी क्योंकि शैतान से निपटा जा चुका होगा और शैतान द्वारा मनुष्य को गुमराह करने और भ्रष्ट करने की और घटनाएँ नहीं होंगी—तब यह मामला मनुष्य से संबंधित नहीं रहेगा। अब, लोगों को अपनी विश्वासघाती प्रकृति को समझने के लिए कहा जाता है, जो अत्यंत महत्व का है। यहीं से तुम लोगों को शुरुआत करनी चाहिए। परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने की प्रकृति में क्या आता है, विश्वासघात के खुलासे में क्या आता है, लोगों को इन चीजों पर कैसे चिंतन करना चाहिए और समझना चाहिए, उन्हें इस संबंध में कैसे अभ्यास और प्रवेश करना चाहिए—यह सब स्पष्ट रूप से समझा और देखा जाना चाहिए। जब तक किसी के अंदर विश्वासघात की प्रकृति मौजूद रहती है, वह कभी भी और कहीं भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकता है। ऐसे लोग भले ही खुलेआम परमेश्वर को न नकारें या उसके साथ गद्दारी न करें, तो भी वे बहुत-सी ऐसी चीजें कर सकते हैं जिन्हें लोग विश्वासघात नहीं मानते, लेकिन मूलतः वे विश्वासघात ही हैं। दूसरे शब्दों में, लोगों के पास कोई स्वायत्तता नहीं है; शैतान ने उन पर पहले ही कब्जा कर लिया है। भ्रष्ट हुए बिना भी, तुम परमेश्वर के साथ विश्वासघात कर सकते हो—अब जब तुम शैतान के भ्रष्ट स्वभावों से भरे हुए हो तो अब तुम्हारे ऐसा करने की कितनी अधिक संभावना है? क्या तुम कभी भी और कहीं भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने में और भी अधिक सक्षम नहीं हो? अब तुमसे उन भ्रष्ट स्वभावों को त्यागने के लिए कहा जाता है, ताकि तुम्हारे भीतर परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने वाली चीजें कम से कमतर होती जाएँ। इस प्रकार, परमेश्वर की उपस्थिति में तुम्हारे पास परमेश्वर द्वारा पूर्ण किए जाने और स्वीकार किए जाने के अधिक अवसर होंगे। जैसे-जैसे तुम्हें विभिन्न मामलों में परमेश्वर के कार्य का अनुभव होगा, तुम कुछ सत्य प्राप्त करने और कुछ हद तक पूर्ण होने में सक्षम हो जाओगे। अगर शैतान और राक्षस अभी भी तुम्हें ललचाने आते हैं, या दुष्ट आत्माएँ तुम्हें गुमराह करने और बाधा डालने आती हैं, तो तुम कुछ भेद पहचानने की क्षमता का उपयोग कर सकते हो और इस प्रकार परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने वाले काम कम होते जाएँगे। यह चीज लोगों के अंदर बाद में गढ़ी जाती है। जब शुरू में मनुष्यों को बनाया गया था तो वे परमेश्वर के प्रति समर्पण या उसकी आराधना करना नहीं जानते थे, न वे यह जानते थे कि उसके साथ विश्वासघात करना क्या होता है। जब शैतान उन्हें फुसलाने आया, तो उन्होंने उसका अनुसरण करके परमेश्वर के साथ विश्वासघात किया, वे गद्दार बन गए, क्योंकि वे अच्छाई और बुराई में फर्क नहीं कर पाते थे, और उनमें परमेश्वर की आराधना करने की क्षमता नहीं थी—उससे भी कम उन्हें यह समझ थी कि मानवजाति का सृष्टिकर्ता परमेश्वर है और उसकी आराधना कैसे करनी चाहिए। अब परमेश्वर अपना ज्ञान कराने वाले सत्य—उसके सार, स्वभाव, सर्वशक्तिमत्ता, व्यावहारिकता, आदि समेत—लोगों के अंदर ढालकर उन्हें बचाता है ताकि ये उनका जीवन बन सकें। इस तरह लोगों के पास स्वायत्तता होगी और वे सत्य के अनुसार जीने में समर्थ होंगे। जितनी गहराई से तुम परमेश्वर के वचनों और उनके न्याय और ताड़ना का अनुभव करते हो, उतनी ही गहराई से तुम अपने भ्रष्ट स्वभावों को समझोगे, और यह तुम्हें परमेश्वर के प्रति समर्पण करने, उससे प्रेम करने और उसे संतुष्ट करने का संकल्प देगा। जितना ज्यादा तुम परमेश्वर को जानोगे, अपना भ्रष्ट स्वभाव उतना ही ज्यादा त्याग सकोगे, और तुम्हारे अंदर ऐसी बहुत कम चीजें बचेंगी जो परमेश्वर को धोखा देती हैं और ऐसी चीजें ज्यादा होंगी जो उसके अनुरूप हैं, इस तरह तुम शैतान को पूरी तरह परास्त और उस पर विजय प्राप्त कर लोगे। जब लोग सत्य प्राप्त करते हैं, उनके पास स्वायत्तता होती है और अब वे शैतान द्वारा न तो गुमराह होते हैं, न बाधित किए जाते हैं, और वे सच्चे मानव जीवन जी सकते हैं।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
शैतान द्वारा भ्रष्ट की गई सभी आत्माएँ, शैतान की सत्ता के नियंत्रण में हैं। केवल वे लोग जो मसीह में विश्वास करते हैं उन्हें ही अलग किया गया है, शैतान के शिविर से बचाया गया है और वे आज के राज्य में लाए गए हैं। अब ये लोग शैतान के प्रभाव में नहीं रहते हैं। फिर भी, मनुष्य की प्रकृति अभी भी मनुष्य के शरीर में जड़ जमाए हुए है, कहने का अर्थ है कि भले ही तुम लोगों की आत्माएँ बचा ली गई हैं, तुम लोगों की प्रकृति अभी भी पहले जैसी ही है और इस बात की अभी भी सौ प्रतिशत संभावना है कि तुम लोग मेरे साथ विश्वासघात करोगे। यही कारण है कि मेरा कार्य इतने लंबे समय तक चलता है, क्योंकि तुम लोगों की प्रकृति अड़ियल है। तुम लोग अपने कर्तव्य निभाते हुए अभी अपनी पूरी क्षमता से कष्ट उठा रहे हो, फिर भी यह एक अखंडनीय तथ्य है कि तुम लोगों में से प्रत्येक मेरे साथ विश्वासघात करने और शैतान की सत्ता में लौटने, उसके शिविर में लौटने, और अपने पुराने जीवन में वापस जाने में सक्षम है। उस समय, तुम लोगों के लिए संभव नहीं होगा कि तुम लेशमात्र भी वैसी मनुष्यता या मनुष्य की छवि दिखा सको, जैसी तुम अब दिखा रहे हो। गंभीर मामलों में, तुम नष्ट हो जाओगे और इससे भी बढ़कर तुम लोगों को अनंत सर्वनाश के हवाले कर दिया जाएगा, गंभीर रूप से दंडित किया जाएगा, फिर कभी भी पुनर्जन्म लेने नहीं दिया जाएगा। यह तुम लोगों के सामने रखी गई समस्या है। मैं तुम लोगों को इस तरह से याद दिला रहा हूँ ताकि पहले तो, मेरा कार्य व्यर्थ नहीं जाएगा और दूसरे, ताकि तुम सभी लोग प्रकाश के दिनों में रह सको। वास्तव में, मेरा कार्य व्यर्थ होगा या नहीं, यह महत्वपूर्ण मुद्दा नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि तुम लोग एक खुशहाल जीवन और एक अद्भुत भविष्य पाने में सक्षम हो। मेरा कार्य लोगों की आत्माओं को बचाने का कार्य है। यदि तुम्हारी आत्मा शैतान के हाथों में पड़ जाती है तो तुम्हारी देह शांति में नहीं रहेगी। यदि मैं तुम्हारी देह की रक्षा कर रहा हूँ तो तुम्हारी आत्मा भी निश्चित रूप से मेरी देखभाल के अधीन होगी। यदि मैं तुमसे सच में घृणा करूँ तो तुम्हारी देह और आत्मा तुरंत शैतान के हाथों में पड़ जाएँगे। क्या तुम कल्पना कर सकते हो कि तब तुम्हारी स्थिति किस तरह की होगी? यदि किसी दिन मेरे वचनों का तुम पर कोई असर न हुआ तो या तो मैं तुम सभी लोगों को शैतान को सौंप दूँगा और तुम्हें दी जाने वाली यातना को प्रचंड करने की अनुमति दे दूँगा जब तक कि मेरा गुस्सा पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता, अथवा मैं कभी न सुधर सकने योग्य तुम मानवों को व्यक्तिगत रूप से दंडित करूँगा क्योंकि मेरे साथ विश्वासघात करने वाले तुम लोगों के हृदय कभी नहीं बदले होंगे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, एक बहुत गंभीर समस्या : विश्वासघात (2)
अब तुम सभी लोगों को यथाशीघ्र अपनी जाँच करनी चाहिए कि तुम लोगों के अंदर मेरे प्रति कितना विश्वासघात बाकी है। मैं उत्सुकता से तुम्हारी प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा कर रहा हूँ। मेरे साथ अपने व्यवहार में खानापूरी मत करना। मैं कभी भी लोगों के साथ खेल नहीं खेलता हूँ। यदि मैं कहता हूँ कि मैं कुछ करूँगा तो मैं निश्चित रूप से ऐसा करूँगा। मुझे आशा है कि तुम सभी ऐसे लोग होगे जो मेरे वचनों को गंभीरता से लेते हो और यह नहीं सोचते हो कि वे मात्र वैज्ञानिक कपोल कथाएँ हैं। मैं तुम लोगों से ठोस कार्रवाई चाहता हूँ, न कि तुम लोगों की कल्पनाएँ। इसके बाद, तुम लोगों को मेरे प्रश्नों के उत्तर देने होंगे, जो इस प्रकार हैं :
1. यदि तुम सचमुच सेवाकर्ता हो तो क्या तुम खानापूरी करने या नकारात्मकता के किसी तत्व के बिना समर्पित होकर मुझे सेवा प्रदान कर सकते हो?
2. यदि तुम्हें पता चले कि मैंने कभी भी तुम्हारी सराहना नहीं की है तो क्या तब भी तुम जीवन भर टिके रहकर मुझे सेवा प्रदान कर पाओगे?
3. यदि तुम्हारे काफी प्रयास करने के बावजूद मैं तुम्हारे प्रति बहुत रूखा रहूँ तो क्या तुम गुमनाम रहकर मेरे लिए कार्य करना जारी रख पाओगे?
4. यदि तुम्हारे द्वारा मेरे लिए कुछ खपने के बाद मैं तुम्हारी छोटी-सी माँगें पूरी नहीं करता हूँ तो क्या तुम मेरे प्रति निरुत्साहित और निराश हो जाओगे या यहाँ तक कि गुस्से से फूलने लगोगे और गालियाँ भी बकने लगोगे?
5. यदि तुम हमेशा बहुत वफादार रहे हो, मेरे लिए तुममें बहुत प्रेम रहा है, मगर फिर भी तुम बीमारी की पीड़ा, वित्तीय तनाव, अपने दोस्तों और रिश्तेदारों द्वारा त्याग दिए जाने या जीवन में किसी भी अन्य दुर्भाग्य को सहन करते हो तो क्या तब भी मेरे लिए तुम्हारी वफादारी और प्रेम बना रहेगा?
6. यदि जिसकी तुमने अपने हृदय में कल्पना की है उसमें से कुछ भी मेरे किए से मेल नहीं खाता है तो तुम्हें अपने भविष्य के मार्ग पर कैसे चलना चाहिए?
7. यदि तुम्हें वह कुछ भी प्राप्त नहीं होता है जो तुमने प्राप्त करने की आशा की थी तो क्या तुम मेरे अनुयायी बने रह सकते हो?
8. यदि तुम्हें मेरे कार्य का उद्देश्य और महत्व कभी भी समझ में न आया हो तो क्या तुम ऐसे समर्पणशील व्यक्ति हो सकते हो जो मनमानी राय न बनाता हो और निष्कर्ष न निकालता हो?
9. मनुष्य के साथ रहते हुए मैंने जो वचन कहे हैं और जो कार्य किया है क्या तुम वह सब सँजोए रख सकते हो?
10. क्या तुम मेरे निष्ठावान अनुयायी बने रहने में सक्षम हो और आजीवन मेरे लिए कष्ट भुगतने को तैयार हो, भले ही तुम्हें कुछ प्राप्त न हो?
11. क्या तुम मेरे वास्ते अपने जीवित रहने के भविष्य के मार्ग पर विचार न करने, योजना न बनाने या तैयारी न करने में सक्षम हो?
ये प्रश्न तुम लोगों से मेरी अंतिम माँगें दर्शाते हैं और मुझे आशा है कि तुम सभी लोग मुझे उत्तर दे सकते हो। यदि तुम इन प्रश्नों में पूछी गई एक या दो चीजों को पूरा कर चुके हो तो तुम्हें अभी भी अपना प्रयास जारी रखने की आवश्यकता है। यदि तुम इनमें से कोई एक भी माँग पूरी नहीं कर सकते हो तो तुम निश्चित रूप से उस प्रकार के हो जिसे नरक में डाला जाएगा। ऐसे लोगों से मुझे अब कुछ और कहने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वे निश्चित रूप से ऐसे लोग हैं जो मेरे अनुरूप नहीं हो सकते। मैं किसी ऐसे व्यक्ति को अपने घर में कैसे रख सकता हूँ जो किसी भी परिस्थिति में मेरे साथ विश्वासघात कर सकता है? जहाँ तक ऐसे लोगों की बात है जो अधिकांश परिस्थितियों में मेरे साथ विश्वासघात कर सकते हैं, मैं अन्य व्यवस्थाएँ करने से पहले उनका प्रदर्शन देखूँगा। लेकिन, चाहे जो भी परिस्थिति हो, वे सब लोग जो मेरे साथ विश्वासघात करने में सक्षम हैं, मैं उन्हें कभी भी नहीं भूलूँगा; मैं उनमें से प्रत्येक को अपने मन में याद रखूँगा और उनके बुरे कर्मों का बदला चुकाने के अवसर की प्रतीक्षा करूँगा। मैंने जो अपेक्षाएँ की हैं वे सभी ऐसे मुद्दे हैं जिनकी जाँच तुम लोगों को स्वयं में करनी चाहिए। मुझे आशा है कि तुम सभी लोग उन पर गंभीरता से विचार कर सकते हो और मेरे साथ अनमने ढंग से व्यवहार नहीं करोगे। निकट भविष्य में, मैं अपनी अपेक्षाओं को सामने रखकर तुम्हारे द्वारा दिए गए उत्तरों की जाँच करूँगा। उस समय तक मैं तुम लोगों से कुछ भी अधिक माँग नहीं करूँगा और तुम्हें अधिक गंभीर नसीहत नहीं दूँगा। इसकी बजाय, मैं अपने अधिकार का प्रयोग करूँगा : जिन्हें रखा जाना चाहिए उन्हें रखा जाएगा, जिन्हें पुरस्कृत किया जाना चाहिए उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा, जिन्हें शैतान को दिया जाना चाहिए, उन्हें शैतान को दिया जाएगा, जिन्हें भारी दंड मिलना चाहिए, उन्हें भारी दंड दिया जाएगा और जिनका नाश हो जाना चाहिए, उन्हें नष्ट कर दिया जाएगा। इस तरह, मेरे दिनों में मुझे परेशान करने वाला कोई भी नहीं होगा। क्या तुम मेरे वचनों पर विश्वास करते हो? क्या तुम प्रतिकार में विश्वास करते हो? क्या तुम विश्वास करते हो कि मैं उन सभी बुरे लोगों को दंड दूँगा जो मुझे धोखा देते हैं और मेरे साथ विश्वासघात करते हैं? तुम उस दिन के जल्दी आने की आशा करते हो या देर से आने की? क्या तुम ऐसे व्यक्ति हो जो सज़ा से बहुत भयभीत है, या ऐसे व्यक्ति हो जो मेरा प्रतिरोधी होना पसंद करेगा, भले ही इसका अर्थ दंड भुगतना हो? जब वह दिन आएगा तो क्या तुम कल्पना कर सकते हो कि तुम हँसी-खुशी के बीच रह रहे होगे या रो रहे होगे और अपने दांत पीस रहे होगे? तुम क्या आशा करते हो कि तुम किस तरह के परिणाम का सामना करोगे? क्या तुमने कभी गंभीरता से विचार किया है कि तुम मुझ पर शत प्रतिशत विश्वास करते हो या मुझ पर शत प्रतिशत संदेह करते हो? क्या तुमने कभी ध्यान से विचार किया है कि तुम्हारे कार्य और व्यवहार तुम्हारे लिए किस प्रकार के नतीजे और परिणाम लाएँगे? क्या तुम दृढ़ता से आशा करते हो कि मेरे सभी वचन एक-एक करके पूरे होंगे या तुम बहुत डरे हुए हो कि मेरे वचन एक-एक करके पूरे होंगे? यदि तुम आशा करते हो कि अपने वचनों को पूरा करने के लिए मैं शीघ्र ही प्रस्थान करूँ तो तुम्हें अपने स्वयं के शब्दों और कार्यों से कैसे पेश आना चाहिए? यदि तुम मेरे प्रस्थान की आशा नहीं करते हो और यह आशा नहीं करते हो कि मेरे सभी वचन तुरंत पूरे हो जाएँ तो तुम मुझ पर विश्वास ही क्यों करते हो? क्या तुम सचमुच जानते हो कि तुम मेरा अनुसरण क्यों कर रहे हो? यदि यह केवल तुम्हारे ज्ञान का विस्तार करने के लिए है तो तुम्हें खुद को इतनी मुश्किल में डालने की आवश्यकता नहीं है। यदि यह आशीष पाने और भविष्य की आपदा से बचने के लिए है तो तुम अपने स्वयं के आचरण के बारे में चिंतित क्यों नहीं हो? तुम अपने आपसे क्यों नहीं पूछते हो कि क्या तुम मेरी अपेक्षाओं को पूरा कर सकते हो? तुम अपने आपसे क्यों नहीं पूछते कि क्या तुम भविष्य के आशीषों को विरासत में प्राप्त करने के योग्य हो?
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, एक बहुत गंभीर समस्या : विश्वासघात (2)