16. झूठ बोलने और धोखेबाजी में लिप्त होने की समस्या का समाधान कैसे करें
बाइबल से उद्धृत परमेश्वर के वचन
“तुम अपने पिता शैतान से हो और अपने पिता की लालसाओं को पूरा करना चाहते हो। वह तो आरम्भ से हत्यारा है और सत्य पर स्थिर न रहा, क्योंकि सत्य उसमें है ही नहीं। जब वह झूठ बोलता, तो अपने स्वभाव ही से बोलता है; क्योंकि वह झूठा है वरन् झूठ का पिता है” (यूहन्ना 8:44)।
“तुम्हारी बात ‘हाँ’ की ‘हाँ,’ या ‘नहीं’ की ‘नहीं’ हो; क्योंकि जो कुछ इस से अधिक होता है वह बुराई से होता है” (मत्ती 5:37)।
“मैं तुम से सच कहता हूँ कि जब तक तुम न फिरो और बालकों के समान न बनो, तुम स्वर्ग के राज्य में प्रवेश करने नहीं पाओगे” (मत्ती 18:3)।
“ये वे लोग हैं जो जहाँ कहीं भी मेमना जाता है, उसके पीछे हो लेते हैं। ये मनुष्यों में से छुटकारा दिलाए गए हैं, ये परमेश्वर के लिए और मेमने के लिए पहले फल हैं। उनके मुँह से कभी झूठ नहीं निकला है; वे निष्कलंक हैं” (प्रकाशितवाक्य 14:4-5)।
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
परमेश्वर का लोगों से ईमानदार बनने की अपेक्षा करना यह साबित करता है कि वह धोखेबाज लोगों से सचमुच अत्यधिक घृणा करता है और उन्हें नापसंद करता है। धोखेबाज लोगों के प्रति परमेश्वर की नापसंदगी उनके काम करने के तरीके, उनके स्वभावों और साथ ही उनकी मंशाओं और उनकी धोखेबाजी के साधनों के प्रति नापसंदगी है; परमेश्वर को ये सब चीजें नापसंद हैं। यदि धोखेबाज लोग सत्य स्वीकार कर पाते हैं, अपने धोखेबाज स्वभाव को मान पाते हैं और ईमानदार लोग बनने के लिए परमेश्वर का उद्धार स्वीकार करने और सत्य का अभ्यास करने को तैयार होते हैं तो उनके पास भी उद्धार किए जाने की उम्मीद होती है, क्योंकि परमेश्वर किसी के प्रति पक्षपात नहीं करता है और न ही सत्य ऐसा करता है। और इसलिए, यदि हम परमेश्वर को प्रसन्न रखने वाले लोग बनना चाहते हैं तो हमें सबसे पहले अपने स्व-आचरण के सिद्धांतों को बदलना होगा, शैतान के फलसफों के अनुसार जीना बंद करना होगा, अपना जीवन जीने के लिए झूठ बोलने और धोखा देने पर निर्भर रहना बंद करना होगा और हमें अपने सारे झूठ छोड़ने होंगे और ईमानदार लोग बनने की कोशिश करनी होगी। तब हमारे प्रति परमेश्वर का दृष्टिकोण बदलेगा। पहले लोग दूसरों के बीच रहते हुए हमेशा झूठ, धोखेबाजी और ढोंग पर निर्भर रहते थे और शैतान के फलसफों को अपने अस्तित्व का आधार, अपना जीवन और अपनी नींव मानकर आचरण करते थे। इससे परमेश्वर को घृणा थी। गैर-विश्वासियों के बीच यदि तुम ईमानदार व्यक्ति बनने की कोशिश करते हो और सच बोलते हो, तो तुम्हें बदनाम किया जाएगा, तुम्हारी आलोचना की जाएगी और तुम्हें ठुकरा दिया जाएगा। इसलिए तुम सांसारिक प्रवृत्तियों का अनुसरण करते हो और शैतान के फलसफों के अनुसार जीते हो; तुम झूठ बोलने में अधिकाधिक कुशल होते जाते हो और अधिक से अधिक धोखेबाज होते जाते हो। तुम अपने लक्ष्य पूरे करने के लिए धूर्त साधनों का उपयोग भी करते हो और इस प्रकार अपनी सुरक्षा करते हो। तुम शैतान की दुनिया में अधिकाधिक समृद्ध होते चले जाते हो और परिणामस्वरूप तुम पाप में अधिक से अधिक गहरे गिरते जाते हो और उसमें से खुद को निकाल नहीं सकते हो। परमेश्वर के घर में चीजें ठीक इसके विपरीत होती हैं। तुम झूठ बोलने और धोखेबाज होने में जितना अधिक कुशल होते हो, परमेश्वर के चुने हुए लोग तुमसे उतने ही अधिक विमुख होंगे और तुम्हें ठुकरा देंगे। यदि तुम पश्चात्ताप करने से इनकार कर देते हो, अब भी शैतान के फलसफों और तर्क से चिपके रहते हो, छद्मवेश धारण करने और मुखौटे पहनने के लिए साजिशों, चालों और परिष्कृत तरकीबों का भी इस्तेमाल करते हो तो बहुत संभव है कि तुम बेनकाब कर दिए जाओगे और हटा दिए जाओगे। ऐसा इसलिए है क्योंकि परमेश्वर धोखेबाज लोगों से अत्यधिक घृणा करता है। परमेश्वर के घर में केवल ईमानदार लोग फल-फूल सकते हैं और सभी धोखेबाज लोगों को अंततः ठुकरा और हटा दिया जाएगा। यह सब परमेश्वर ने बहुत पहले पूर्वनियत कर दिया है। केवल ईमानदार लोग स्वर्ग के राज्य में शामिल हो सकते हैं। यदि तुम ईमानदार व्यक्ति बनने की कोशिश नहीं करोगे, सत्य का अनुसरण करने की दिशा में अनुभव नहीं करोगे और अभ्यास नहीं करोगे, यदि अपनी कुरूपता उजागर नहीं करोगे और यदि खुद को खोलकर पेश नहीं करोगे, तो तुम कभी भी पवित्र आत्मा का कार्य और परमेश्वर की स्वीकृति प्राप्त नहीं कर पाओगे।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, एक ईमानदार व्यक्ति होने का सबसे बुनियादी अभ्यास
अगर लोग चाहते हैं कि उनका उद्धार किया जाए, तो उन्हें ईमानदार लोग बनना शुरू करना होगा। ऐसे लोग जिन्हें अंत में परमेश्वर द्वारा प्राप्त किया जाएगा, उनमें एक खास चिह्न होता है। क्या तुम लोग जानते हो कि वह क्या है? बाइबल में, प्रकाशितवाक्य में लिखा है : “उनके मुँह से कभी झूठ नहीं निकला है; वे निष्कलंक हैं” (प्रकाशितवाक्य 14:5)। कौन हैं “वे”? ये वे लोग हैं, जिनका परमेश्वर द्वारा उद्धार किया जाता है, जिन्हें पूर्ण बनाया और प्राप्त किया जाता है। परमेश्वर उनका वर्णन कैसे करता है? उनके स्व-आचरण की विशेषताएँ और अभिव्यक्तियाँ क्या हैं? वे निर्दोष हैं। उनके मुँह से कोई झूठ नहीं निकलता। तुम सब लोग शायद समझ-बूझ और पकड़ सकते हो कि “कोई झूठ नहीं” का क्या अर्थ है : इसका अर्थ ईमानदार होना है। “निर्दोष” का क्या मतलब है? इसका मतलब है कोई बुराई न करना। और कोई बुराई न करना किस नींव पर निर्मित है? बिना किसी संदेह के, यह परमेश्वर का भय मानने की नींव पर निर्मित है। अतः दोषरहित होने का अर्थ है परमेश्वर का भय मानना और बुराई से दूर रहना। दोषरहित व्यक्ति को परमेश्वर कैसे परिभाषित करता है? परमेश्वर की दृष्टि में केवल वे ही पूर्ण हैं, जो परमेश्वर का भय मानते हैं और बुराई से दूर रहते हैं; इस प्रकार, दोषरहित लोग वे हैं जो परमेश्वर का भय मानते हैं और बुराई से दूर रहते हैं और केवल पूर्ण लोग ही दोषरहित हैं। यह बिल्कुल सही है। अगर कोई रोज झूठ बोलता है, तो क्या यह एक दोष नहीं है? यदि वह हमेशा अपनी मर्जी के अनुसार बोलता और कार्य करता है, तो क्या यह एक दोष नहीं है? यदि वह कुछ करने पर हमेशा श्रेय देने के लिए कहता है और परमेश्वर से इनाम माँगता है, तो क्या यह एक दोष नहीं है? यदि उसने कभी परमेश्वर की बड़ाई नहीं की है, हमेशा अपने बारे में गवाही दी है, तो क्या यह एक दोष नहीं है? यदि अपना कर्तव्य निभाने में वह हमेशा खानापूरी करने वाला, अवसरवादी और धूर्त रहता है और कामचोरी करता है, तो क्या यह एक दोष नहीं है? भ्रष्ट स्वभावों के ये सब और ऐसे अन्य प्रकाशन दोष हैं। बात बस इतनी है कि सत्य को समझने से पहले लोग इसे जानते नहीं हैं। वर्तमान में तुम लोग जानते हो कि भ्रष्टता के ये सारे प्रकाशन दोष और गंदगी हैं; जब तुम थोड़ा-सा सत्य समझ लेते हो, तभी तुममें भेद पहचानने की ऐसी क्षमता होती है। जो कुछ भी भ्रष्टता के प्रकाशनों से संबंधित है, वह सब झूठ से जुड़ा है; बाइबल के ये शब्द, “कभी झूठ नहीं निकला,” ये चिंतन करने के लिए महत्वपूर्ण तत्व हैं कि तुममें दोष हैं या नहीं। इसलिए किसी व्यक्ति ने अपने जीवन में प्रगति का अनुभव किया है या नहीं, यह आँकने का एक और संकेतक यह है : तुमने ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास और उसमें प्रवेश किया है या नहीं, तुम जो कहते हो उसमें कितने झूठ पाए जा सकते हैं, और क्या तुम्हारे झूठ धीरे-धीरे कम हो रहे हैं या पहले जितने ही हैं। अगर तुम्हारे झूठ, जिनमें तुम्हारे भ्रामक और फरेबी शब्द भी शामिल हैं, धीरे-धीरे घट रहे हैं तो यह साबित करता है कि तुमने वास्तविकता में प्रवेश करना शुरू कर दिया है, और तुम्हारा जीवन प्रगति कर रहा है। क्या यह चीजों को देखने का व्यावहारिक तरीका नहीं है? (बिल्कुल है।) अगर तुम्हें लगता है कि तुम पहले ही प्रगति का अनुभव कर चुके हो, लेकिन तुम्हारे झूठ बिल्कुल भी कम नहीं हुए हैं और तुम मूल रूप से किसी गैर-विश्वासी जैसे ही हो, तो क्या यह सत्य वास्तविकता में प्रवेश करने का सामान्य लक्षण है? (नहीं।) जब कोई व्यक्ति सत्य वास्तविकता में प्रवेश कर लेता है तो कम से कम वह झूठ बहुत कम बोलता है; वह मूल रूप से ईमानदार इंसान होता है। अगर तुम बहुत ज्यादा झूठ बोलते हो और तुम्हारे शब्दों में बहुत मिलावट होती है, तो इससे साबित हो जाता है कि तुम बिल्कुल नहीं बदले हो और तुम अभी भी एक ईमानदार इंसान नहीं हो। अगर तुम ईमानदार व्यक्ति नहीं हो, तो फिर तुम्हारे पास जीवन प्रवेश भी नहीं होगा, फिर तुम कैसी प्रगति का अनुभव कर सकोगे? तुम्हारे भ्रष्ट स्वभाव अब भी अक्षुण्ण हैं और तुम गैर-विश्वासी और दानव हो। ईमानदार व्यक्ति होना यह आँकने का संकेतक है कि किसी व्यक्ति ने अपने जीवन में प्रगति का अनुभव किया है या नहीं; लोगों को जानना चाहिए कि इससे अपनी तुलना कैसे करें और अपना आकलन कैसे करें।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, जीवन संवृद्धि के छह संकेतक
अपने रोजमर्रा के जीवन में लोग अक्सर निरर्थक बातें करते हैं, झूठ बोलते हैं, और ऐसी बातें कहते हैं जो अज्ञानतापूर्ण, मूर्खतापूर्ण और अपना बचाव करने वाली होती हैं। इनमें से ज्यादातर बातें मिथ्याभिमान और घमंड के लिए, अपने अहंकार की तुष्टि के लिए कही जाती हैं। ऐसे झूठ बोलना उनके भ्रष्ट स्वभावों की अभिव्यक्ति है। अगर तुम इन भ्रष्ट तत्वों का समाधान कर लो, तो तुम्हारा हृदय शुद्धिकृत हो जाएगा और तुम धीरे-धीरे अधिक शुद्ध और अधिक ईमानदार हो जाओगे। वास्तव में सभी लोग जानते हैं कि वे झूठ क्यों बोलते हैं। यह सब व्यक्तिगत लाभ, मिथ्याभिमान और घमंड की खातिर है; यह प्रतिष्ठा और रुतबे के लिए भी है, वे दूसरों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और खुद को वैसा दिखाने की कोशिश करते हैं, जो वे नहीं होते। हालाँकि अंततः उनके झूठ उजागर हो जाते हैं, वे दूसरों के द्वारा बेनकाब कर दिए जाते हैं, वे अपनी इज्जत और साथ ही अपनी गरिमा और सत्यनिष्ठा भी खो बैठते हैं। यह सब अत्यधिक मात्रा में झूठ बोलने के कारण होता है। तुम्हारे झूठ बहुत ज्यादा हैं। तुम्हारे द्वारा कहा गया प्रत्येक शब्द मिलावटी और झूठा होता है, एक भी शब्द सच्चा या ईमानदार नहीं माना जा सकता। भले ही तुम्हें लगे कि झूठ बोलकर तुम मान-सम्मान खोने से बचते हो, लेकिन अंदर ही अंदर तुम अपमानित महसूस करते हो। तुम्हारा जमीर तुम्हें धिक्कारता है और भीतर-ही-भीतर तुम अपने प्रति तिरस्कार महसूस करते हो और खुद को तुच्छ समझते हो, “मैं ऐसा दयनीय जीवन क्यों जी रहा हूँ? क्या सच बोलना इतना कठिन है? क्या मुझे अपनी छवि बचाने की खातिर झूठ का सहारा लेना होगा? मेरा जीवन इतना थका देने वाला क्यों है?” तुम्हें ऐसा थका देने वाला जीवन जीने की जरूरत नहीं है। अगर तुम एक ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास कर सको, तो तुम एक निश्चिंत, स्वतंत्र और मुक्त जीवन जीने में सक्षम होगे। लेकिन तुमने झूठ बोलकर मिथ्याभिमान और घमंड को बचाए रखने का मार्ग चुना है। नतीजतन, तुम एक थकाऊ और दयनीय जीवन जीते हो। यह सब तुम्हारा खुद मोल लिया हुआ है। झूठ बोलकर व्यक्ति अपनी छवि बचा सकता है, लेकिन वह छवि क्या है? यह महज एक खोखली चीज है, और यह पूरी तरह से बेकार है। झूठ बोलने का मतलब है अपनी सत्यनिष्ठा और गरिमा से विश्वासघात करना। इससे लोग अपनी गरिमा गँवा देते हैं और अपनी सत्यनिष्ठा खो देते हैं। यह परमेश्वर को अप्रिय और घृणा योग्य लगता है। क्या यह सार्थक है? नहीं है। क्या यह सही मार्ग है? (नहीं, यह सही मार्ग नहीं है।) ... अगर तुम ऐसे व्यक्ति हो जिसे सत्य से प्रेम है, तो सत्य का अभ्यास करने के लिए तुम विभिन्न प्रकार के कष्ट सहन करने में सक्षम होगे। अगर इसका मतलब अपनी प्रतिष्ठा और रुतबे को खोना और दूसरों के द्वारा अपमानित होना और उपहास उड़ाया जाना भी हो तो भी तुम बुरा नहीं मानोगे, और तुम सोचोगे कि अगर तुम सत्य का अभ्यास करने और परमेश्वर को संतुष्ट करने में सक्षम हो, तो यह पर्याप्त है। जो लोग सत्य से प्रेम करते हैं, वे इसका अभ्यास करना और ईमानदार लोग होना चुनते हैं। यही सही मार्ग है, और इस पर परमेश्वर का आशीष है। अगर लोग सत्य से प्रेम नहीं करते, तो वे क्या चुनते हैं? वे अपनी प्रतिष्ठा, रुतबा, गरिमा और सत्यनिष्ठा की दिखावटी परत बनाए रखने के लिए झूठ का उपयोग करना चुनते हैं। वे सत्य का अभ्यास करने के बजाय धोखेबाज लोग होना और परमेश्वर की घृणा के पात्र होना और अस्वीकार किया जाना पसंद करेंगे। ऐसे लोग वे हैं जो सत्य से विमुख होते हैं और परमेश्वर को अस्वीकार करते हैं। वे अपनी प्रतिष्ठा और रुतबा चुनते हैं; वे धोखेबाज लोग होना चाहते हैं। वे इस बात की परवाह नहीं करते कि परमेश्वर प्रसन्न होता है या नहीं, या वह उन्हें बचाएगा या नहीं। क्या परमेश्वर अभी भी ऐसे लोगों को बचा सकता है? निश्चित रूप से नहीं, क्योंकि उन्होंने गलत मार्ग चुना है। वे सिर्फ झूठ बोलकर और धोखा देकर ही जीवित रह सकते हैं; वे हर दिन सिर्फ झूठ बोलकर उसे छिपाने और खुद को उचित ठहराने में अपना दिमाग लगाने के दर्दनाक दिन ही गुजार सकते हैं। अगर तुम सोचते हो कि झूठ उस प्रतिष्ठा, रुतबे, झूठे दिखावे और तुम्हारी छवि को बरकरार रख सकता है जो तुम चाहते हो, तो तुम पूरी तरह से गलत हो। वास्तव में झूठ बोलकर तुम न सिर्फ अपने झूठे दिखावे और अपने आत्म-सम्मान, अपनी गरिमा और सत्यनिष्ठा के आवरण को बनाए रखने में विफल रहते हो, बल्कि इससे भी बुरी बात यह है कि तुम सत्य का अभ्यास करने और एक ईमानदार व्यक्ति बनने का अवसर चूक जाते हो। अगर तुम उस पल अपनी प्रतिष्ठा, रुतबा, मिथ्याभिमान और घमंड को बचाए रखने में सफल हो भी जाते हो, तो भी तुमने सत्य को त्याग दिया है और परमेश्वर से विश्वासघात किया है। इसका मतलब है कि तुमने उसके द्वारा बचाए और पूर्ण बनाए जाने का मौका पूरी तरह से खो दिया है, जो सबसे बड़ा नुकसान और अनंत पछतावा है। जो लोग धोखेबाज हैं, वे इसकी असलियत कभी नहीं देख पाएँगे।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, ईमानदार व्यक्ति बनकर ही कोई सच्ची मनुष्य की छवि को जी सकता है
कुछ लोग कभी किसी को सच नहीं बताते। लोगों से कहने से पहले वे हर बात पर अपने दिमाग में सोच-विचार करते हैं और अपने शब्दों को अच्छी तरह से तराशते हैं। तुम नहीं बता सकते कि उनकी कौन-सी बातें सच हैं और कौन-सी झूठी। वे आज एक बात कहते हैं तो कल दूसरी, वे एक व्यक्ति से एक बात कहते हैं तो दूसरे से कुछ और। वे जो कुछ भी कहते हैं, वह अपने आप में विरोधाभासी होता है। ऐसे लोगों पर कैसे विश्वास किया जा सकता है? तथ्यों की सटीक समझ प्राप्त करना बहुत कठिन हो जाता है और तुम उनसे कोई भरोसेमंद बात नहीं बुलवा सकते। यह कौन-सा स्वभाव है? यह कपट है। क्या कपटी स्वभाव बदलना आसान है? इसे बदलना सबसे मुश्किल है। जिस भी चीज में स्वभाव शामिल होते हैं, वह व्यक्ति की प्रकृति से संबंधित होती है, और व्यक्ति की प्रकृति से जुड़ी चीजों से मुश्किल किसी भी चीज का बदलना नहीं होता। “कुत्ते की दुम कभी सीधी नहीं होती” कहावत बिल्कुल सच है। कपटी लोग चाहे किसी भी चीज के बारे में बात करें या कुछ भी करें, वे हमेशा अपने लक्ष्य और मंशाएँ रखते हैं। अगर उनका कोई लक्ष्य या इरादा न हो, तो वे कुछ नहीं कहेंगे। अगर तुम यह समझने की कोशिश करो कि उनके लक्ष्य और मंशाएँ क्या हैं, तो वे एकाएक बोलना बंद कर देते हैं। अगर उनके मुँह से अचानक कोई सच निकल भी जाए, तो वे उसे छिपाने का कोई तरीका सोचने के लिए किसी भी हद तक जाएँगे, ताकि तुम्हें भ्रमित कर सच जानने से रोक सकें। कपटी व्यक्ति चाहे कुछ भी करें, वे किसी को पता नहीं चलने देंगे कि वास्तव में क्या चल रहा है। लोग चाहे उनके साथ कितना भी समय बिता लें, कोई यह पता नहीं लगा सकता कि उनके दिलों में क्या है। ऐसी होती है कपटी लोगों की प्रकृति। कपटी व्यक्ति चाहे कितना भी बोल लें, दूसरे लोग कभी नहीं जान पाएँगे कि उनकी मंशाएँ क्या हैं, वे वास्तव में क्या सोच रहे हैं, या वे ठीक-ठीक क्या हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। यहाँ तक कि उनके माता-पिता को भी यह जानने में मुश्किल होती है। कपटी लोगों को समझने की कोशिश करना बेहद मुश्किल है, कोई नहीं जान सकता कि उनके दिमाग में क्या है। कपटी लोग ऐसे ही बोलते या करते हैं : वे कभी अपने मन की बात नहीं कहते या जो वास्तव में चल रहा होता है, उसे व्यक्त नहीं करते। यह एक प्रकार का स्वभाव है, है न? जब तुम में कपटी स्वभाव होता है तो इससे फर्क नहीं पड़ता कि तुम क्या कहते या करते हो—यह स्वभाव हमेशा तुम्हारे भीतर रहता है, तुम्हें नियंत्रित करता है, तुमसे चालें चलवाता है और तुम्हें छल-कपट में संलग्न करता है, तुमसे लोगों के साथ खिलवाड़ करवाता है, सत्य पर पर्दा डलवाता है और तुमसे अपने बारे में झूठी अच्छी छवि पेश करवाता है। यह कपट है। कपटी लोग अन्य किन विशिष्ट व्यवहारों में संलग्न होते हैं? मैं एक उदाहरण देता हूँ। दो लोग बात कर रहे हैं, और उनमें से एक अपने बारे में समझ को लेकर बोल रहा है; यह व्यक्ति इस बारे में बात करता रहता है कि वह कैसे सुधरा है, और दूसरे व्यक्ति को इस पर विश्वास करने के लिए प्रेरित करने की कोशिश करता है, लेकिन वह उसे मामले के वास्तविक तथ्य नहीं बताता। इसमें कुछ छिपाया जा रहा है और यह एक खास स्वभाव का संकेत देता है—कपट का। चलो देखते हैं कि तुम लोग इसका भेद पहचान पाते हो या नहीं। यह व्यक्ति कहता है, “मैंने हाल ही में कुछ चीजें अनुभव की हैं, और मुझे लगता है कि इन वर्षों में परमेश्वर में मेरा विश्वास व्यर्थ रहा है। मुझे कुछ हासिल नहीं हुआ है। मैं बहुत दीन और दयनीय हूँ! हाल ही में मेरा व्यवहार बहुत अच्छा नहीं रहा है, लेकिन मैं पश्चात्ताप करने के लिए तैयार हूँ।” लेकिन यह कहने के कुछ समय बाद ही उसमें पश्चात्ताप का लक्षण कहीं दिखाई नहीं देता। यहाँ क्या समस्या है? दरअसल, वह झूठ बोलता है और दूसरों को बहकाता है। जब दूसरे लोग उसे ऐसी बातें कहते हुए सुनते हैं, तो वे सोचते हैं, “इस व्यक्ति ने पहले सत्य का अनुसरण नहीं किया था, लेकिन यह तथ्य कि अब यह ऐसी बातें कह सकता है, दिखाता है कि इसने वास्तव में पश्चात्ताप किया है। हमें उस पर कोई संदेह नहीं करना चाहिए और हमें उसे पहले की तरह नहीं, बल्कि एक नए, बेहतर आलोक में देखना चाहिए।” ये शब्द सुनकर लोग ऐसे ही सोचते-विचारते हैं। लेकिन क्या उस व्यक्ति की वर्तमान दशा वैसी ही है जैसा वह कहता है? हकीकत यह है कि ऐसा नहीं है। उसने वास्तव में पश्चात्ताप नहीं किया है, लेकिन उसके शब्द यह भ्रम देते हैं कि उसने ऐसा किया है, और कि वह बदलकर बेहतर हो गया है और पहले से अलग है। यही वह अपने शब्दों से हासिल करना चाहता है। लोगों को छलने के लिए इस तरह से बोलकर वह कैसा स्वभाव प्रकट कर रहा है? यह कपट है—और यह बहुत धूर्त और खतरनाक है! तथ्य यह है कि उसे इस बात का बिल्कुल भी एहसास नहीं है कि वह परमेश्वर में अपने विश्वास में विफल हो गया है, कि वह बहुत दीन और दयनीय है। वह लोगों को छलने के लिए, दूसरों को अपने बारे में अच्छा सोचने और अच्छी राय रखने के लिए प्रेरित करने का अपना लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आध्यात्मिक शब्द और भाषा उधार ले रहा है। क्या यह कपट नहीं है? यह कपट है, और जब कोई बहुत ज्यादा कपटी होता है, तो उसके लिए खुद को बदलना आसान नहीं होता।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, छह प्रकार के भ्रष्ट स्वभावों को जानने का अर्थ ही वास्तव में खुद को जानना है
ईमानदार व्यक्ति बनो। विशिष्ट रूप से कहें तो एक सरल और खुले दिल के व्यक्ति बनो, जब बात करो, तो अपने मन की बात करो और तथ्यों के अनुसार बोलो, कुछ भी मत छिपाओ या कुछ भी मिलावटी मत कहो, व्यक्तिगत इरादे मत पालो और अर्ध-सत्य मत बोलो; सीधे-सादे तरीके से बात करो, एक ईमानदार और खरा व्यक्ति बनो और सच्चाई से बोलो। लोगों को पहले यह जरूर हासिल करना चाहिए। मान लो, एक बुरा व्यक्ति है, जो कुछ ऐसा करता है जिससे कलीसिया के कार्य में बाधा आती है, और स्थिति को बेहतर ढंग से समझने के लिए एक अगुआ तुम्हारे पास आता है। तुम जानते हो कि यह किसने किया, लेकिन चूँकि उस व्यक्ति के साथ तुम्हारे अच्छे संबंध हैं और तुम उसे नाराज़ नहीं करना चाहते, इसलिए तुम झूठ बोल देते हो और कहते हो कि तुम नहीं जानते। अगुआ और अधिक विवरण माँगता है, तो तुम उस बुरे व्यक्ति के किए पर पर्दा डालने के लिए बहाना बनाते हुए इधर-उधर की हाँकने लगते हो। क्या यह कपटपूर्ण नहीं है? तुमने अगुआ को स्थिति के बारे में कभी सत्य नहीं बताया और उसे हमेशा छिपाया। तुम ऐसा क्यों करते हो? क्योंकि तुम किसी को नाराज नहीं करना चाहते थे। तुमने आपसी संबंधों की रक्षा करने और किसी को ठेस न पहुँचाने को पहले रखा, और सच्चाई के साथ बोलने और सत्य का अभ्यास करने को अंत में। तुम किससे नियंत्रित हो रहे हो? तुम अपने शैतानी स्वभावों द्वारा नियंत्रित किए जा रहे हो, इन्होंने तुम्हारा मुँह बंद कर दिया है और तुम्हें सच्चाई से बोलने से रोका है—तुम अपने शैतानी स्वभावों के सहारे ही जी पाते हो। शैतानी स्वभाव क्या हैं? शैतानी स्वभाव सत्य के प्रति अरुचि होने और परमेश्वर से घृणा करने के स्वभाव हैं; जिन भ्रष्ट स्वभावों की लोग अक्सर बात करते हैं उनका तात्पर्य शैतानी स्वभावों से ही होता है। जो व्यक्ति शैतानी स्वभावों के सहारे जीता है, वह एक जीता-जागता शैतान है। यदि उसके शब्दों में हमेशा छिपी हुई परीक्षाएँ होती हैं और उसकी बोली हमेशा घुमावदार होती है और कभी सीधी नहीं होती और अगर वह पीट-पीटकर मार दिए जाने पर भी सच्चाई से नहीं बोलेगा, तो इसका मतलब है कि उसके भ्रष्ट स्वभाव बहुत ही गंभीर हैं और उसने पूरी तरह से अपनी मानवता खो दी है और वह पहले ही एक दानव बन चुका है। भले ही इसका मतलब परमेश्वर को नाराज करना हो, तुम में से अधिकांश लोग दूसरों के साथ अपने रिश्ते, और दूसरे लोगों के बीच अपने रुतबे और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए झूठ बोलोगे और दूसरों की चापलूसी करोगे। क्या इस तरह का व्यक्ति कोई सत्य से प्रेम करने वाला होता है? क्या वह कोई सत्य का अनुसरण करने वाला होता है? वह कोई ऐसा है, जो बिना पलक झपकाए परमेश्वर के साथ छल करता है, जिसके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल जरा भी नहीं है। वह परमेश्वर से छल करने की हिम्मत करता है; वह इतना महत्वाकांक्षी और विद्रोही है! ऐसे लोग आमतौर पर सोचते हैं कि वे परमेश्वर से काफी प्रेम करते हैं और उसका भय मानने वाले व्यक्ति हैं और अक्सर कहते हैं, “हर बार जब मैं परमेश्वर के बारे में सोचता हूँ, तो मुझे महसूस होता है कि वह कितना भव्य, कितना महान और कितना अथाह है! परमेश्वर मनुष्य से प्रेम करता है, उसका प्रेम इतना वास्तविक है!” तुम अच्छे लगने वाले शब्द बोल सकते हो, लेकिन किसी बुरे व्यक्ति को कलीसिया के काम में बाधा डालते देखकर भी उसे उजागर नहीं करोगे। तुम दूसरे लोगों को खुश करने का प्रयास करते हो और तुम परमेश्वर के घर के हितों की रक्षा करने के बजाय सिर्फ अपनी प्रसिद्धि, लाभ और रुतबे की रक्षा करते हो। तुम वास्तविक परिस्थिति को पूरी तरह अच्छे से जानते हो लेकिन तुम सच्चाई के साथ नहीं बोलते, हमेशा इधर-उधर की हाँककर बुरे व्यक्तियों की रक्षा करते हो। अगर तुमसे सच्चाई के साथ बोलने को कहा जाए, तो यह तुम्हारे लिए बहुत कठिन होगा। सिर्फ सच बोलने से बचने के लिए तुम इतनी बकवास करते हो! अपनी खुद की प्रतिष्ठा और घमंड की रक्षा करने के लिए तुम बोलते समय इतनी घुमावदार बातें करते हो और इतने विचार खपाते हो—इस तरह से जीना कितना थका देने वाला है! क्या परमेश्वर तुम्हारे इस तरह के आचरण से प्रसन्न होता है? परमेश्वर सबसे ज्यादा धोखेबाज लोगों से घृणा करता है। अगर तुम शैतान के प्रभाव से मुक्त होना और उद्धार प्राप्त करना चाहते हो तो तुम्हें सत्य स्वीकार करना होगा। तुम्हें एक ईमानदार व्यक्ति बनने से शुरुआत करनी होगी। स्पष्टवादी बनो, सच बोलो, अपनी भावनाओं से बाधित मत होओ, अपने ढोंग और चालाकी को छोड़ दो और सिद्धांतों के साथ बोलो और कार्य करो। यह तुम्हारे जीवन को आसान और खुश बनाएगा और तुम परमेश्वर के सामने जी पाओगे। अगर तुम हमेशा शैतान के फलसफों के अनुसार जीते हो, और अपने दिन बिताने के लिए हमेशा झूठों और चालाकी पर निर्भर रहते हो, तो तुम शैतान की सत्ता के अधीन जी रहे हो और तुम अंधकार में जी रहे हो। अगर तुम शैतान की दुनिया में रहते हो, तो तुम अधिकाधिक धोखेबाज ही बनोगे। तुमने इतने सालों से परमेश्वर में विश्वास रखा है, तुमने इतने सारे धर्मोपदेश सुने हैं, पर तुम्हारे भ्रष्ट स्वभाव अभी तक शुद्ध नहीं हुए हैं और अब भी तुम अपने शैतानी स्वभावों के अनुसार ही जी रहे हो—क्या तुम्हें इससे घृणा नहीं होती? क्या तुम्हें शर्म नहीं आती? चाहे तुम्हें परमेश्वर में विश्वास करते हुए कितना ही लंबा समय हो चुका हो, अगर तुम अभी भी किसी अविश्वासी की तरह हो, तो तुम्हारे परमेश्वर में विश्वास रखने का क्या मतलब है? क्या तुम इस तरह से परमेश्वर में विश्वास रखकर वास्तव में उद्धार प्राप्त कर सकते हो? तुम्हारे जीवन लक्ष्य नहीं बदले हैं, न ही तुम्हारे जीने के सिद्धांत और तरीके बदले हैं; तुम्हारे पास सिर्फ एक ही चीज है जो किसी अविश्वासी के पास नहीं है, वह है “विश्वासी” की उपाधि। यूँ तो तुम बाहरी तौर पर परमेश्वर का अनुसरण करते हो, पर तुम्हारा जीवन स्वभाव बिल्कुल भी नहीं बदला है और अंत में तुम उद्धार प्राप्त नहीं करोगे। क्या तुम व्यर्थ ही आनंदित नहीं हो रहे हो? क्या परमेश्वर में इस तरह का विश्वास तुम्हें सत्य और जीवन प्राप्त करने में सक्षम बना सकता है? बिल्कुल नहीं।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सत्य का अभ्यास करके ही व्यक्ति भ्रष्ट स्वभावों की बेड़ियाँ तोड़ सकता है
जो लोग हमेशा झूठ बोलते हैं और गोलमोल बातें करते हैं, वे सबसे नीच लोग हैं; वे बेकार हैं। कोई उन पर ध्यान नहीं देना चाहता, कोई उनके साथ जुड़ना नहीं चाहता, उनके सामने अपना दिल खोलना या उनसे दोस्ती करना तो दूर की बात है। क्या ऐसे लोगों में कोई सत्यनिष्ठा या गरिमा होती है? (नहीं।) जो भी व्यक्ति ऐसे लोगों से मिलता है वह उनसे घृणा करेगा; वे अपनी कथनी और करनी में पूरी तरह से अविश्वसनीय होते हैं—ऐसे व्यक्तियों का अपना कोई महत्व नहीं होता है। क्या उनमें जरा-सा भी चरित्र या सत्यनिष्ठा होती है? बिल्कुल भी नहीं। अगर वे गुणी और प्रतिभाशाली होते, तो क्या लोग उन्हें पसंद करते और उनका सम्मान करते? (नहीं।) और इसलिए एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर रहने के लिए लोगों में क्या होना जरूरी है? उनमें चरित्र, सत्यनिष्ठा, गरिमा होनी जरूरी है और वे ऐसे लोग होने जरूरी हैं जिनके सामने दूसरे अपना दिल खोलकर रख सकें। गरिमायुक्त सभी लोगों में कुछ न कुछ व्यक्तित्व होता है, वे कभी-कभी दूसरों के साथ निभा नहीं पाते हैं, लेकिन वे ईमानदार होते हैं और उनमें कोई बनावटीपन या छल-कपट नहीं होता है। दूसरे लोग अंततः उनका बहुत आदर करते हैं, क्योंकि वे सत्य का अभ्यास करने में सक्षम होते हैं, वे ईमानदार होते हैं, उनमें गरिमा, सत्यनिष्ठा और चरित्र होता है, वे कभी दूसरों का फायदा नहीं उठाते, वे मुसीबत में लोगों की मदद करते हैं, वे लोगों से जमीर और विवेक के साथ पेश आते हैं, और उनके बारे में कभी मनमानी राय नहीं बनाते हैं। किसी का मूल्यांकन या उसकी चर्चा करते समय वे जो कुछ भी कहते हैं वह सटीक होता है, वे वही कहते हैं जो वे जानते हैं और जो वे नहीं जानते उसके बारे में अपना मुँह नहीं खोलते, वे नमक-मिर्च नहीं लगाते, और उनके शब्द साक्ष्य या संदर्भ का काम दे सकते हैं। चरित्रवान लोग जब बोलते और कार्य करते हैं तो उनमें व्यावहारिक और भरोसेमंद होने की प्रवृत्ति होती है। जिन लोगों के पास कोई चरित्र नहीं होता है उन्हें कोई भी मूल्यवान नहीं मानता है, और कोई भी उनकी कथनी और करनी पर जरा भी ध्यान नहीं देता है या इन्हें गंभीरता से नहीं लेता है या इन पर भरोसा नहीं करता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि वे बहुत-से झूठ बोलते हैं और बहुत कम सत्यतापूर्ण शब्द बोलते हैं, ऐसा इसलिए है क्योंकि जब वे किसी के साथ मिलते-जुलते हैं या किसी के लिए चीजें करते हैं तो उनमें सच्चे दिल का अभाव होता है और वे उस व्यक्ति को धोखा देने और मूर्ख बनाने की कोशिश करते हैं और कोई भी उन्हें पसंद नहीं करता है। क्या तुम लोगों को कोई ऐसा व्यक्ति मिला है, जो तुम लोगों की नजर में भरोसेमंद हो? क्या तुम लोग खुद को दूसरे लोगों के भरोसे के काबिल समझते हो? क्या दूसरे लोग तुम पर भरोसा कर सकते हैं? अगर कोई तुमसे किसी दूसरे व्यक्ति की स्थिति के बारे में पूछता है तो तुम्हें अपनी मनमर्जी के अनुसार न तो उस व्यक्ति का मूल्यांकन करना चाहिए, न ही उसके बारे में राय बनानी चाहिए और तुम्हारे शब्द वस्तुपरक, सटीक और तथ्यों के अनुरूप होने चाहिए। तुम्हें उसी चीज के बारे में बात करनी चाहिए जिसे तुम समझते हो और उन चीजों के बारे में बात नहीं करनी चाहिए जिन्हें तुम स्पष्ट रूप से नहीं देख सकते हो। तुम्हें उस व्यक्ति के प्रति न्यायपूर्ण और निष्पक्ष होना चाहिए। यही कार्य करने का जिम्मेदारी भरा तरीका है। अगर तुम सतही स्तर की परिघटना के अवलोकन के आधार पर आलोचना करते रहे हो तो तुम्हें उस व्यक्ति के बारे में आँख मूँदकर फैसला नहीं देना चाहिए और तुम्हें निश्चित रूप से उसके बारे में आलोचना नहीं करनी चाहिए। तुम्हें अपनी बात इस तरह शुरू करनी चाहिए, “यह सिर्फ मेरी अपनी राय है” या “मैं बस ऐसा महसूस करता हूँ।” इस तरह तुम्हारे शब्द अपेक्षाकृत वस्तुनिष्ठ होंगे, और तुम्हारी बात सुनकर दूसरा व्यक्ति तुम्हारे शब्दों की ईमानदारी और तुम्हारा निष्पक्ष रवैया महसूस कर पाएगा, और वह तुम पर भरोसा करने में सक्षम होगा। क्या तुम लोग आश्वस्त हो कि तुम इसे कर सकते हो? (नहीं।) इससे साबित होता है कि तुम लोग दूसरों के प्रति पर्याप्त ईमानदार नहीं हो, और जिस तरह से तुम आचरण करते और मामले सँभालते हो, उसमें सच्चाई और ईमानदार रवैये की कमी है। मान लो कोई तुमसे पूछता है, “मुझे तुम पर भरोसा है; तुम उस व्यक्ति के बारे में क्या सोचते हो?” और तुम जवाब देते हो, “वह ठीक है।” वह पूछता है, “क्या तुम और जानकारी दे सकते हो?” और तुम कहते हो, “वह सीधा-सादा है, अपना कर्तव्य निभाते समय कीमत चुकाने को तैयार रहता है और लोगों से उसकी अच्छी बनती है।” क्या इन तीनों कथनों में से एक में भी गवाही का काम करने के लिए पर्याप्त व्यावहारिक साक्ष्य है? नहीं। क्या तुम भरोसेमंद हो? (नहीं।) इन तीन कथनों में से किसी में भी कोई विवरण शामिल नहीं है; ये सिर्फ सामान्य, खोखले और खानापूरी करने भर के शब्द हैं। अगर तुम अभी-अभी उस व्यक्ति से मिले होते और कहते कि वह शक्ल-सूरत के आधार पर ठीक है, तो यह सामान्य होता। लेकिन तुम कुछ समय से उसके संपर्क में थे और तुम्हें उसकी कुछ मूलभूत समस्याओं का पता लगाने में सक्षम होना चाहिए था। लोग यह सुनना चाहते हैं कि अपने दिल की गहराई में उस व्यक्ति के बारे में तुम्हारा क्या आकलन और विचार है, लेकिन तुम कुछ भी वास्तविक या नितांत आवश्यक या महत्वपूर्ण नहीं कहते, इसलिए लोग तुम पर भरोसा नहीं करेंगे, और वे आगे तुम्हारे साथ बातचीत नहीं करना चाहेंगे।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, ईमानदार व्यक्ति बनकर ही कोई सच्ची मनुष्य की छवि को जी सकता है
मसीह-विरोधियों की मानवता बेईमान होती है, जिसका अर्थ है कि वे जरा भी सच्चे नहीं होते। वे जो कुछ भी कहते और करते हैं वह मिलावटी होता है, उसमें उनके इरादे और मकसद शामिल होते हैं और इस सबमें छिपी होती हैं उनकी घृणित और बताई भी न जा सकने वाली चालें और षड्यंत्र। इसलिए मसीह-विरोधियों के शब्द और क्रियाकलाप अत्यधिक दूषित और झूठ से भरे होते हैं। चाहे वे कितना भी बोलें, यह जानना असंभव होता है कि उनकी कौन-सी बात सच्ची है और कौन-सी झूठी, कौन-सी सही है और कौन-सी गलत। ऐसा इसलिए है क्योंकि वे बेईमान होते हैं और उनके दिमाग बेहद जटिल होते हैं, कपटी साजिशों से भरे और चालों से ओतप्रोत होते हैं। वे एक भी सीधी बात नहीं कहते। वे एक को एक, दो को दो, हाँ को हाँ और ना को ना नहीं कहते। इसके बजाय वे सभी मामलों में गोलमोल बातें करते हैं और चीजों के बारे में अपने दिमाग में बार-बार सोचते हैं, परिणामों के बारे में सोच-विचार करते हैं, हर कोण से गुण और कमियाँ तोलते हैं। फिर वे जो कुछ कहना चाहते हैं उसे संसाधित करते हैं, जिससे यह सब काफी अजीब लगता है। ईमानदार लोग उनकी बातें कभी समझ नहीं पाते और वे उनसे आसानी से धोखा खा जाते हैं और ठगे जाते हैं, जो भी ऐसे लोगों से बोलता और बात करता है उसका यह अनुभव थका देने वाला और दुष्कर होता है। वे कभी एक को एक और दो को दो नहीं कहते, वे कभी नहीं बताते कि वे क्या सोच रहे हैं और वे चीजों का वैसा वर्णन नहीं करते जैसी वे होती हैं। वे जो कुछ भी कहते हैं, वह अथाह होता है और उनके क्रियाकलापों के लक्ष्य और इरादे बहुत जटिल होते हैं। अगर सच बाहर आ जाता है—अगर दूसरे लोग उनकी असलियत जान जाते हैं और उन्हें समझ लेते हैं—तो वे इस पर लीपापोती करने के लिए तुरंत एक और झूठ गढ़ लेते हैं। ऐसे व्यक्ति अक्सर झूठ बोलते हैं और झूठ बोलने के बाद उन्हें झूठ कायम रखने के लिए और ज्यादा झूठ बोलने पड़ते हैं; वे अपने इरादे छिपाने के लिए दूसरों को धोखा देते हैं और अपने झूठ की मदद के लिए तमाम तरह के हीले-हवाले और बहाने गढ़ते हैं। नतीजतन लोगों के लिए यह बताना बहुत मुश्किल हो जाता है कि क्या सच है और क्या नहीं, और उन्हें पता ही नहीं चलता कि वे कब सच्चे होते हैं और इसका तो बिल्कुल भी पता नहीं चलता कि वे कब झूठ बोल रहे होते हैं। जब वे झूठ बोलते हैं तो वे शरमाते या हिचकते नहीं हैं, मानो सच बोल रहे हों। क्या इसका मतलब यह नहीं कि वे आदतन झूठ बोलते हैं? उदाहरण के लिए, कभी-कभी मसीह-विरोधी सतही तौर पर दूसरों के प्रति अच्छे, ख्याल रखने वाले और गर्मजोशी से बोलते प्रतीत होते हैं, जो सुनने में दयालु और दिल को छू लेने वाला लगता है। लेकिन जब वे इस तरह बोलते हैं, तब भी कोई नहीं बता सकता कि वे नेकनीयत हैं या नहीं और वे नेकनीयत थे या नहीं इस बात के प्रकट होने के लिए हमेशा कुछ दिनों बाद होने वाली घटनाओं की प्रतीक्षा करने की आवश्यकता होती है। मसीह-विरोधी हमेशा कुछ निश्चित इरादों और लक्ष्यों के साथ बोलते हैं और कोई यह पता नहीं लगा सकता कि वास्तव में वे क्या चाहते हैं। ऐसे लोग आदतन झूठ बोलते हैं और अपने किसी भी झूठ के परिणाम के बारे में जरा भी नहीं सोचते। जब तक उनका झूठ उन्हें लाभ पहुँचाता है और दूसरों की आँखों में धूल झोंकने में सक्षम रहता है, जब तक वह उनके लक्ष्य प्राप्त कर सकता है तो वे उसके परिणामों की परवाह नहीं करते। जैसे ही वे उजागर होते हैं, वे बात छिपाना, झूठ बोलना, छल करना जारी रखते हैं। जिस सिद्धांत और तरीके से ये लोग आचरण करते हैं और दुनिया से निपटते हैं, वह झूठ बोलकर लोगों को बरगलाना है। वे दोमुँहे होते हैं और अपने श्रोताओं के अनुरूप बोलते हैं; स्थिति जिस भी भूमिका की माँग करती है, वे उसे निभाते हैं। वे मधुरभाषी और चालाक होते हैं, उनके मुँह झूठ से भरे होते हैं और वे भरोसे के लायक नहीं होते। जो भी कुछ समय के लिए उनके संपर्क में आता है, वह गुमराह या परेशान हो जाता है और उसे पोषण, सहायता या आध्यात्मिक विकास नहीं मिल पाता। ऐसे लोगों के मुँह से निकले शब्द गंदे हों या अच्छे, तर्कसंगत हों या बेतुके, मानवता के अनुकूल हों या प्रतिकूल, अशिष्ट हों या सभ्य, वे सब अनिवार्य रूप से मिथ्या, मिलावटी शब्द और झूठ होते हैं।
—वचन, खंड 4, मसीह-विरोधियों को उजागर करना, अनुपूरक चार : मसीह-विरोधियों के चरित्र और उनके स्वभाव सार का सारांश (भाग एक)
मैं झूठ बोलने के दो उदाहरण देता हूँ। दो प्रकार के लोग झूठ बोलने में सक्षम होते हैं। तुम लोगों को अंतर करना होगा कि कौन-से लोग हठी हैं और बचाए नहीं जा सकते। तुम्हें यह अंतर भी करना होगा कि किन लोगों को बचाया जा सकता है। हालाँकि, जिन लोगों को बचाया जा सकता है वे अक्सर भ्रष्टता प्रकट करते हैं, यदि वे सत्य स्वीकार कर और आत्मचिंतन कर खुद को पहचान सकें, तो उनके लिए अब भी उम्मीद बची है। पहले उदाहरण में एक व्यक्ति था जो अक्सर झूठ बोलता था। लेकिन कुछ सत्य समझने के बाद जब उसने फिर से झूठ बोला, तो न केवल उसे इसका एहसास हुआ बल्कि उसने अपने दिल में गहरी पीड़ा और यातना भी महसूस की और उसने विचार करना शुरू किया, “मैं हमेशा झूठ क्यों बोलता हूँ? मैं बदल क्यों नहीं सकता?” फिर वह परमेश्वर से प्रार्थना करने और एक संकल्प लेने में सक्षम हुआ, उसने कहा, “इस बार चाहे जो हो जाए मुझे खुद को खोलना होगा, मन की बात साफ-साफ रखनी होगी और खुद का गहन-विश्लेषण करना होगा और इस तथ्य को स्पष्ट रूप से समझाना होगा कि मैंने अपना मान-सम्मान बचाने के लिए झूठ बोला था।” खुल कर बोलने और संगति करने के बाद, उसे शांति महसूस हुई और एहसास हुआ, “पता चला कि झूठ बोलना कितना कष्टदायी है, जबकि ईमानदार व्यक्ति बनना बहुत सुकूनदायक है—यह बढ़िया है! परमेश्वर अपेक्षा करता है कि लोग ईमानदार बनें; लोगों में यही स्वरूप होना चाहिए।” इस थोड़ी-सी खुशी का अनुभव करने के बाद आगे से वह कम झूठ बोलने, जहाँ तक मुमकिन हो झूठ न बोलने, हर चीज के बारे में खुलकर बोलने, ईमानदारी से बोलने, ईमानदार कर्म करने और ईमानदार व्यक्ति बनने पर ध्यान देने लगा। हालाँकि जब उसे ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा जिससे उसका अपना मान-सम्मान जुड़ा था तो उसने स्वाभाविक रूप से झूठ बोला और बाद में वह पछताया। फिर जब दूसरी स्थिति का सामना हुआ, तो उसने खुद को अच्छा दिखाने की कोशिश में फिर से झूठ बोला। उसने भीतर ही भीतर खुद से घृणा करते हुए सोचा, “मैं अपनी जुबान पर काबू क्यों नहीं रख सकता? क्या यह सचमुच मेरी प्रकृति की कोई समस्या हो सकती है? क्या मैं बेहद कपटी हूँ?” उसे एहसास हुआ कि इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए; नहीं तो, परमेश्वर उसे ठुकरा देगा और हटा देगा। उसने परमेश्वर से प्रार्थना की, दोबारा झूठ बोलने पर उसे अनुशासित करने को कहा, और वह दंड स्वीकारने के लिए तैयार था। उसने सभाओं में खुद का गहन-विश्लेषण करने का साहस जुटाया और कहा, “इन परिस्थितियों में मैंने झूठ इसलिए बोला क्योंकि मेरी स्वार्थी मंशाएँ थीं और मैं अपने इरादे के काबू में था। आत्मचिंतन करते हुए मुझे एहसास हुआ कि मैं जब भी झूठ बोलता हूँ तो यह मेरे मिथ्याभिमान और इज्जत या मेरे निजी फायदे के लिए होता है। अब मैं इसे स्पष्ट देख सकता हूँ : मैं अपनी इज्जत और निजी हितों के लिए जीता हूँ, इसीलिए मैं हर चीज के बारे में हमेशा झूठ ही बोलता था।” अपने झूठों का गहन-विश्लेषण करते हुए उसने अपने इरादे को भी उजागर किया और अपने इरादे को उजागर करने के दौरान उसने अपने भ्रष्ट स्वभाव की समस्या का पता लगा लिया। यह दोनों हाथों में लड्डू होने वाली बात है; वह ईमानदार व्यक्ति होने का अभ्यास करने के साथ-साथ प्रबोधन प्राप्त कर अपने भ्रष्ट स्वभाव को पहचान सकता है। बाद में, उसने विचार किया, “मुझे बदलना होगा! मुझे अभी पता चला है कि मुझमें यह समस्या है। यह सचमुच परमेश्वर की ओर से प्रबोधन है। सत्य का अभ्यास करने वाले लोगों को परमेश्वर आशीष देता है!” उसने एक बार फिर सत्य का अभ्यास करने का थोड़ा-सा मीठा स्वाद चखा। हालाँकि, एक दिन अनजाने ही उस व्यक्ति ने फिर से झूठ बोला। उसने एक बार फिर परमेश्वर से अनुशासित किए जाने के लिए प्रार्थना की। इसके अलावा उसने इस बात पर भी विचार किया कि उसकी बातों में हमेशा कोई इरादा क्यों छिपा होता है और वह परमेश्वर के इरादों के बजाय अपने मिथ्याभिमान और घमंड के बारे में क्यों सोचता है। चिंतन करने के बाद, उसे अपने भ्रष्ट स्वभाव की थोड़ी समझ प्राप्त हुई और वह खुद से घृणा करने लगा, साथ ही सत्य का अभ्यास करने और एक ईमानदार व्यक्ति होने का उसका संकल्प और भी मजबूत होता गया। वह इस तरह से सत्य का अनुसरण करता रहा और उस दिशा में प्रयास करता रहा। तीन से पाँच वर्षों के बाद उसके झूठ वास्तव में धीरे-धीरे कम होते गए और एक ईमानदार इंसान के रूप में वह जो भी सोचता था, उसे कहने और उसके अनुसार कार्य करने की संख्या बढ़ गई। उसका हृदय धीरे-धीरे शुद्ध होता गया और वह अधिक शांत और खुश रहने लगा। वह परमेश्वर की उपस्थिति में अधिक से अधिक समय बिताने लगा और उसकी अवस्था भी अधिक से अधिक सामान्य होती गई। यह उस व्यक्ति की वास्तविक स्थिति है, जो पहले अक्सर झूठ बोलता था और अब ईमानदार व्यक्ति होने का अनुभव कर रहा है। तो क्या वह व्यक्ति अब भी झूठ बोलता है? क्या वह अब भी झूठ बोल सकता है? क्या वह वास्तव में ईमानदार व्यक्ति है? अभी भी ऐसा नहीं कहा जा सकता कि वह ईमानदार व्यक्ति है। उसके बारे में यही कहा जा सकता है कि वह व्यक्ति ईमानदार व्यक्ति बनने के सत्य का अभ्यास कर सकता है, और वह ईमानदार व्यक्ति बनने के अभ्यास की प्रक्रिया में है, पर वह अब तक पूरी तरह से ईमानदार व्यक्ति के रूप में परिवर्तित नहीं हो पाया है। दूसरे शब्दों में, वह ऐसा व्यक्ति है जो सत्य का अभ्यास करने के लिए तैयार है। क्या जो व्यक्ति सत्य का अभ्यास करने को तैयार है उसे सत्य से प्रेम करने वाला व्यक्ति कहा जा सकता है? उसने सत्य का अभ्यास किया है और तथ्यों का खुलासा हो चुका है तो क्या यह स्वाभाविक नहीं है कि उसे सत्य से प्रेम करने वाला व्यक्ति निरूपित किया जाए? बेशक जब वह ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास कर रहा था, तो वह तुरंत शुद्ध और खुले ढंग से संगति करने, या अपने भीतर छिपी हर बात को बिना कुछ छिपाए उजागर करने में सक्षम नहीं था। वह अब भी कुछ चीजों को छिपाकर रखता था और सतर्कता से आगे बढ़ने की कोशिश करता था। हालाँकि, अपनी कोशिशों और अनुभवों से, उसे एहसास हुआ कि वह जितना अधिक ईमानदार व्यक्ति होने का प्रयास करता है उसे उतना ही अच्छा और स्थिर महसूस होता है और बिना किसी बड़ी कठिनाई के उतना ही सत्य का अभ्यास करना उसके लिए आसान हो जाता है। तभी उसने ईमानदार व्यक्ति होने का मीठा स्वाद चखा और परमेश्वर में उसकी आस्था बढ़ गई। इस तरह ईमानदार व्यक्ति होने का अनुभव करने से वह न केवल सत्य का अभ्यास करने में सक्षम हो जाता है, बल्कि अपने दिल में शांति और आनंद का अनुभव भी करता है। साथ ही उसे ईमानदारी का अभ्यास करने के मार्ग की और अधिक स्पष्ट समझ प्राप्त होती है। उसे एहसास होता है कि ईमानदार व्यक्ति बनना बहुत कठिन नहीं है। वह समझ लेता है कि लोगों से परमेश्वर की अपेक्षाएँ उचित और पूरी करने लायक हैं, और वह परमेश्वर के कार्य की थोड़ी समझ पा लेता है। यह सब उन पर मेहरबानी दिखाने के लिए नहीं है, बल्कि वह है जो व्यक्ति को जीवन प्रवेश की अपनी यात्रा में प्राप्त करना चाहिए, और वह इसे प्राप्त करने में सक्षम है।
दूसरा उदाहरण एक ऐसे व्यक्ति के बारे में है जिसे झूठ बोलना पसंद है—जिसके लिए यह उसकी दूसरी प्रकृति बन गई है। जब वह कुछ नहीं कहता, तो सब ठीक होता है, पर जैसे ही वह अपना मुँह खोलता है, उसकी बातें मिलावट से भरी होती हैं। वह ऐसा जानबूझकर करता हो या नहीं, सच तो यह है कि उसकी ज्यादातर बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। एक दिन, झूठ बोलने के बाद, उसने विचार किया, “झूठ बोलना गलत है और इससे परमेश्वर नाराज होता है। यदि लोगों को पता चल जाए कि मैंने झूठ बोला है, तो मेरी बदनामी होगी! लेकिन ऐसा लगता है कि किसी को मेरे झूठ की भनक लग चुकी है। जो भी हो, मैं सँभाल लूँगा। मैं कोई और विषय ढूँढ़ लूँगा और उनकी सतर्कता कम करने के लिए अलग तरह के शब्द इस्तेमाल करूँगा, उन्हें गुमराह करूँगा और उन्हें अपने झूठों की असलियत जानने में असमर्थ बना दूँगा। अब क्या यह और भी ज्यादा चालाकी नहीं हुई?” फिर अपने पुराने झूठ पर पर्दा डालने और उसमें खामियों की भरपाई करने के लिए उसने और बड़ा झूठ बोल दिया, जिसने लोगों को अच्छी तरह से गुमराह कर दिया। उसने यह सोचकर आत्म-संतुष्टि महसूस की, “देखो मैं कितना चतुर हूँ! मैंने एक झूठ बोला और उसमें कोई खामी नहीं है और अगर कोई खामी हुई भी, तो मैं फिर से झूठ बोलकर उस पर पर्दा डाल सकता हूँ। ज्यादातर लोग मेरे झूठों की असलियत नहीं जान पाते। झूठ बोलना भी एक कला है!” कुछ लोग कहते हैं, “झूठ बोलना वास्तव में थकाऊ है। एक झूठ की भरपाई करने के लिए कई झूठ बोलने पड़ते हैं। इसमें बहुत सोच-विचार और मेहनत लगती है।” लेकिन, इस झूठ बोलने में माहिर व्यक्ति को ऐसा नहीं लगा। झूठ बोलने के बाद उसने एक और झूठ बोलकर उसकी कमियों पर पर्दा डाल दिया और दूसरों को धोखा देने में सफल रहा; उसे खुद पर खुशी महसूस हुई और उसने खुद को न तो दोषी माना न उसके दिल में कोई पछतावा हुआ। उसने अपनी अंतरात्मा में कुछ भी महसूस नहीं किया। यहाँ क्या चल रहा है? वह इस बात से अनजान है कि झूठ बोलना उसके लिए कितना हानिकारक है। वह मानता है कि अपने पिछले झूठों की कमियाँ छिपाने के लिए झूठ बोलने से उसे मिथ्याभिमान, घमंड और लाभ मिले। थोड़ी सी कठिनाई और थकान के बाद भी, वह इसे सार्थक मानता है। वह मानता है कि सत्य को समझने और सत्य का अभ्यास करने से यह ज्यादा मूल्यवान है। वह अपराध-बोध महसूस किए बिना अक्सर झूठ क्यों बोलता है? क्योंकि उसके दिल में सत्य के लिए प्रेम नहीं है। वह मिथ्याभिमान, घमंड, प्रतिष्ठा और रुतबे को ज्यादा मूल्यवान मानता है। वह संगति में दूसरों के सामने कभी अपना दिल खोलकर नहीं रखता; बल्कि, अपने झूठ छिपाने के लिए स्वांग रचता और ढोंग करता है। वह लोगों के साथ इसी तरह से बातचीत करता है और जुड़ता है। चाहे वह कितने भी झूठ बोले, कितने भी झूठों पर पर्दा डाले या कितने भी स्वार्थी और नीच इरादों को छिपाए, उसे अपने दिल में कोई अपराध-बोध या बेचैनी महसूस नहीं होती। कुछ अंतरात्मा और शर्म की भावना वाले अधिकांश लोग झूठ बोलने के बाद अंदर से असहज और पछतावा महसूस करेंगे, लेकिन यह व्यक्ति इस तरह महसूस नहीं करता। झूठ बोलने और दूसरों को मूर्ख बनाने के बाद वह काफी आत्म-संतुष्टि महसूस करता है और सोचता है कि बाकी सभी लोग बेवकूफ हैं। हालाँकि वास्तव में वह केवल उन लोगों को धोखा दे सकता है, जो भ्रमित हैं और जिनमें भेद पहचानने की क्षमता नहीं है; जो लोग सचमुच सत्य को समझते हैं, वे उसके सार की असलियत जान सकते हैं। वह पूरा दिन झूठ बोलने और अपने झूठों पर पर्दा डालने में बिताता है—क्या इस तरह जीना थका देने वाला नहीं होता? यह किस तरह की प्रकृति है? यह एक दानव की प्रकृति है। दानव हर दिन झूठ बोलते हैं, अपने झूठ के सहारे जीते हैं और कोई बेचैनी या पीड़ा महसूस नहीं करते। यदि वे बेचैनी या पीड़ा महसूस करते, तो वे झूठ बोलना बंद कर देते। उनके लिए पीड़ा महसूस करना असंभव है। इस तरह के व्यक्ति के लिए झूठ बोलना रोजमर्रा की जिंदगी है—यह उसकी प्रकृति में है। यह कुछ ऐसा है जिसे वह स्वाभाविक रूप से प्रकट करता है और जब वह झूठ बोलता है, तो वह कोई संयम नहीं दिखाता या किसी आत्म-चिंतन में संलग्न नहीं होता है। चाहे वह जितने भी झूठ बोले या जितना भी धोखा दे, उसे अपने दिल में कोई अपराध-बोध नहीं होता और न ही उसके जमीर में कसूरवार होने का एहसास होता है। वह इस बात से अनजान रहता है कि परमेश्वर लोगों के दिलों की गहराई की जाँच-परख करता है; उसे झूठ बोलने और छल-कपट करने के बाद अपनी जिम्मेदारी और मिलने वाले दंड का एहसास तक नहीं हो पाता है। उसका सबसे बड़ा डर यह है कि कोई उसकी कपटपूर्ण साजिशों को उजागर कर देगा, इसलिए वह अपनी साजिशों पर पर्दा डालने के लिए और भी अधिक झूठ बोलता है; साथ ही अपने झूठों और तथ्यों को छिपाने के लिए कोई रास्ता, कोई साधन ढूँढ़ने की कोशिश में दिमाग खपाते रहता है। क्या ऐसे व्यक्ति ने इस पूरी प्रक्रिया में जरा-सा भी पश्चात्ताप किया है? क्या उसे कोई ग्लानि या दुख महसूस होता है? क्या उसमें खुद को बदलने की कोई इच्छा है? नहीं। उसे लगता है कि झूठ बोलना या उन पर पर्दा डालना कोई पाप नहीं है और अधिकांश लोग इसी तरह जीते हैं। उसका बदलने का कोई इरादा नहीं होता। जहाँ तक एक ईमानदार व्यक्ति होने की बात है, तो वह अपने दिल में सोचता है, “तो तुम चाहते हो कि मैं एक ईमानदार व्यक्ति बनूँ, दिल से बोलूँ और सत्य बताऊँ? मैं ऐसा कभी नहीं करूँगा! यह मूर्खों का काम है और मैं इतना मूर्ख नहीं हूँ। अगर मैंने झूठ बोला है और मुझे उसके उजागर होने का डर है, तो उसे छिपाने के लिए मुझे दूसरे कारण और बहाने ढूँढ़ने होंगे। क्या तुम्हें लगता है कि मैं इस तरह का व्यक्ति हो सकता हूँ जो ईमानदारी से बोलता है? क्या इससे मैं पूरी तरह से बेवकूफ नहीं हो जाऊँगा?” वह सत्य को स्वीकार नहीं करता या उसे नहीं मानता। जो लोग सत्य को नहीं मानते, वे सत्य से प्रेम कर ही नहीं सकते। उसकी आंतरिक दशा असामान्य होती है और उसका पश्चात्ताप करने का कोई इरादा नहीं होता। तो उनके दिल पर किन विचारों का नियंत्रण रहता है? तुम कह सकते हो कि वे बुनियादी तौर पर इस बात से इनकार करते हैं कि एक ईमानदार व्यक्ति होना किसी के जीवन का सही मार्ग होता है। वे भी सत्य के अस्तित्व के साथ-साथ अंत के दिनों में मानवजाति पर परमेश्वर के न्याय से भी इनकार करते हैं; वे इस बात से भी इनकार करते हैं कि परमेश्वर लोगों के परिणामों को निर्धारित करता है और वह प्रत्येक व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार प्रतिफल देगा। ऐसे लोग पूरी तरह से अज्ञानी हैं; वे अड़ियल मूर्ख हैं। ऐसी सोच उनकी हठी दशाओं, कार्य-कलापों और व्यवहारों को जन्म देती है। ये चीजें उसके प्रकृति सार से उत्पन्न होती हैं। वे इसी प्रकार के लोग हैं—असली धोखेबाज इंसान; चूँकि वे सत्य को स्वीकार नहीं करते, इसलिए वे कभी भी ईमानदार लोग नहीं बनेंगे। बहुत-से लोग ऐसे लोगों की असलियत नहीं जान पाते और हमेशा प्यार से उनकी मदद करना चाहते हैं, लेकिन ऐसा करने से कोई नतीजे नहीं निकलते और यह करना बहुत मूर्खतापूर्ण काम है। वास्तव में धोखेबाज लोगों में सामान्य मानवता नहीं होती है; उनकी अंतरात्मा बिल्कुल काम नहीं करती है और उनकी बातों और कार्य-कलापों में कोई विवेक नहीं होता है। जब सामान्य मानवता के विवेक वाले लोग परमेश्वर के वचनों को सुनते हैं, तो वे समझ पाते हैं कि ये वचन सत्य हैं; विशेष रूप से परमेश्वर के न्याय के वचन सुनने पर वे आत्म-चिंतन करने और सच्चा पछतावा महसूस करने में सक्षम होते हैं। केवल ऐसे लोगों में ही मानवता होती है। लेकिन धोखेबाज लोग सच्चे मार्ग को सुनने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। वे शैतान के फलसफों और अपने शैतानी भ्रष्ट स्वभावों के अनुसार ही जीते रहते हैं और कई वर्षों तक परमेश्वर में विश्वास करने के बाद भी उनमें जरा भी बदलाव नहीं आता। इसका अर्थ है कि उनमें सामान्य मानवता का विवेक नहीं है; ऐसे लोगों के लिए उद्धार पाना आसान नहीं होगा।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर पर विश्वास करने में सबसे महत्वपूर्ण उसके वचनों का अभ्यास और अनुभव करना है
जब लोग ईमानदार होने का अनुभव करते हैं, तो कई व्यावहारिक समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। कभी-कभी वे बिना सोचे-समझे बोलते हैं; वे अपनी सोच के संदर्भ में क्षण भर के लिए चूक कर बैठते हैं और क्योंकि वे गलत इरादे या उद्देश्य से या झूठे दिखावे और छवि बचाने की कोशिश से संचालित होते हैं, वे झूठ बोलते हैं। नतीजतन, उन्हें इसे छिपाने के लिए ज्यादा से ज्यादा झूठ बोलना पड़ता है। अंत में उन्हें अपने दिलों में शांति महसूस नहीं होती, लेकिन वे वो झूठ वापस नहीं ले पाते, उनमें अपनी गलतियाँ सुधारने का, यह स्वीकारने का साहस नहीं होता कि उन्होंने झूठ बोले थे, और इस तरह उनकी गलतियाँ लगातार होती जाती हैं। इसके बाद उन्हें हमेशा ऐसा लगता है जैसे उनके दिल किसी चट्टान के नीचे दबे जा रहे हों; वे हमेशा अपना भेद खोलने, गलती स्वीकारने और पश्चात्ताप करने का अवसर ढूँढ़ना चाहते हैं, लेकिन वे इसे कभी अभ्यास में नहीं ला पाते। अंततः वे इस पर विचार कर मन ही मन कहते हैं, “मैं जब भविष्य में अपना कर्तव्य निभाऊँगा तो इसकी भरपाई कर दूँगा।” वे हमेशा कहते हैं कि वे इसकी भरपाई कर देंगे, लेकिन कभी करते नहीं। यह झूठ बोलने के बाद माफी माँगने जितना आसान नहीं है—क्या तुम झूठ बोलने और धोखे में शामिल होने के नुकसान और परिणामों की भरपाई कर सकते हो? अगर अत्यधिक आत्म-घृणा के बीच तुम पश्चात्ताप का अभ्यास करने में सक्षम रहते हो और फिर कभी झूठ नहीं बोलते या धोखा नहीं देते, तो तुम्हें परमेश्वर की सहनशीलता और दया प्राप्त हो सकती है। अगर तुम मीठी बातें बोलते हो और कहते हो कि तुम भविष्य में अपने झूठ की भरपाई कर दोगे, लेकिन वास्तव में पश्चात्ताप नहीं करते, और बाद में झूठ बोलना और धोखा देना जारी रखते हो, तो तुम जिद्दी बनकर पश्चात्ताप करने से इनकार करते हो और तुम्हें निश्चित रूप से हटा दिया जाएगा। जमीर और विवेक वाले लोगों को निम्नलिखित बिंदु को पहचानना चाहिए : झूठ बोलने और धोखेबाजी में शामिल होने के बाद केवल सुधार करने के बारे में सोचना ही पर्याप्त नहीं है; सबसे ज्यादा मायने यह रखता है कि तुम्हें सच में पश्चात्ताप करना चाहिए, सत्य को अभ्यास में लाना चाहिए और गवाही देनी चाहिए। अगर तुम ईमानदार होना चाहते हो, तो तुम्हें झूठ बोलने और धोखा देने की समस्या का समाधान करना चाहिए। तुम्हें सच बोलना चाहिए और व्यावहारिक चीजें करनी चाहिए। कभी-कभी सच बोलने के परिणामस्वरूप तुम्हें अपमानित होना पड़ेगा और तुम्हारी काट-छाँट की जाएगी, लेकिन तुमने सत्य का अभ्यास किया होगा, और एक बार भी परमेश्वर के प्रति समर्पण कर पाना, एक बार भी उसे संतुष्ट कर पाना पूरी तरह सार्थक है; यह ऐसी बात होगी जो तुम्हें सांत्वना देगी। हर हाल में तुम अंततः ईमानदार होने का अभ्यास करने में सक्षम हो जाओगे, तुम अंततः बहस करने या खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश किए बिना अपने दिल की बात कहने में सक्षम हो जाओगे, और यही सच्चा विकास है। चाहे तुम्हारी काट-छाँट की जाए या तुम्हें बर्खास्त किया जाए, तुम अपने दिल में सुकून महसूस करोगे, क्योंकि तुमने झूठ नहीं बोला; तुम महसूस करोगे कि चूँकि तुमने अपना कर्तव्य ठीक से नहीं निभाया, इसलिए तुम्हारी काट-छाँट होना और बर्खास्त किया जाना और तुम्हारा इसकी जिम्मेदारी लेना सही था। यह एक सकारात्मक मानसिक अवस्था है। लेकिन अगर तुम धोखे में शामिल होते हो, तो क्या परिणाम होंगे? धोखे में शामिल होने के बाद तुम अपने दिल में कैसा महसूस करोगे? असहज; तुम्हें हमेशा महसूस होगा कि तुम्हारे दिल में पाप और भ्रष्टता है, तुम हमेशा दोषी महसूस करोगे : “मैं झूठ कैसे बोल सका? मैं दोबारा धोखे में शामिल कैसे हो सका? मैं ऐसा क्यों हूँ?” तुम्हें लगेगा मानो तुम अपना सिर ऊँचा नहीं उठा सकते, मानो तुम इतने शर्मिंदा हो कि परमेश्वर का सामना नहीं कर सकते। विशेष रूप से जब तुम्हें परमेश्वर का आशीष मिलता है, जब तुम्हें परमेश्वर का अनुग्रह, दया और नरमी प्राप्त होती है तो तुम्हें और भी ज्यादा महसूस होता है कि परमेश्वर को धोखा देना शर्मनाक है और अपने दिल में तुम और भी अधिक दोष का बोध करते हो और शांति और आनंद से और भी अधिक रहित हो जाते हो। यह किस समस्या को प्रदर्शित करता है? धोखेबाजी में लिप्त होना भ्रष्ट स्वभाव का प्रकटीकरण है, यह परमेश्वर के खिलाफ विद्रोह करना और उसका प्रतिरोध करना है, इसलिए यह तुम्हें बहुत अधिक पीड़ा देगा। जब तुम झूठ बोलते और धोखा देते हो, तो तुम्हें लग सकता है कि तुमने बहुत चतुराई और चालाकी से बात की है, और तुमने कोई छोटा-मोटा सुराग भी नहीं छोड़ा—लेकिन बाद में तुम्हें अपने दिल में जो आत्म-भर्त्सना और दोषारोपण महसूस होगा वह जीवन भर तुम्हारा पीछा कर सकता है। अगर तुम इरादतन और जानबूझकर झूठ बोलते और धोखा देते हो, और एक दिन तुम्हें इसकी गंभीरता का एहसास होता है तो यह एक शूल की तरह तुम्हारे दिल को बेध देगा। तुम हमेशा भरपाई करने का मौका ढूँढ़ना चाहोगे—जो तुम्हें करना ही चाहिए—जब तक कि तुम्हारे पास कोई जमीर न हो, तुमने कभी अपने जमीर के अनुसार जीवन न जिया हो, तुममें कोई मानवता न हो और तुम सत्यनिष्ठा या गरिमा की परवाह न करते हो। अगर तुममें अंतरात्मा की थोड़ी-सी भी जागरूकता है, थोड़ी-सी भी सत्यनिष्ठा और गरिमा है, तो जब तुम्हें यह एहसास होगा कि तुम झूठ बोल रहे हो और छल-कपट में लिप्त हो रहे हो तो तुम्हें अपना यह व्यवहार शर्मनाक, अपमानजनक और ओछा लगेगा; तुम खुद से घृणा करोगे और खुद को तुच्छ समझोगे, झूठ और धोखे का मार्ग ठुकरा दोगे और ईमानदार बनने का प्रयास करोगे।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, ईमानदार व्यक्ति बनकर ही कोई सच्ची मनुष्य की छवि को जी सकता है
एक ईमानदार व्यक्ति होने की कुंजी अपनी मंशाओं, उद्देश्यों और भ्रष्ट स्वभावों का समाधान करना है। केवल इसी तरह से झूठ बोलने की समस्या का जड़ से समाधान किया जा सकता है। मनुष्य अपने व्यक्तिगत लक्ष्य हासिल करने के लिए झूठ बोलता है, यानी व्यक्तिगत रूप से लाभ उठाने, फायदा पाने, अपनी अच्छी छवि बनाने के लिए या दूसरों की स्वीकृति पाने के लिए—झूठ बोलते समय मनुष्य की ये मंशाएँ और लक्ष्य होते हैं। जब मनुष्य झूठ बोलता है, तो वह जो प्रकट करता है वह एक भ्रष्ट स्वभाव होता है और इसी तरह तुम्हें झूठ बोलने का भेद पहचानना चाहिए। तो इस भ्रष्ट स्वभाव का समाधान कैसे किया जाना चाहिए? यह इस बात पर निर्भर करता है कि तुम सत्य से प्रेम करते हो या नहीं। यदि तुम सत्य को स्वीकार कर सकते हो, बोलते समय अपनी मंशाओं और लक्ष्यों से प्रेरित नहीं होते हो और केवल परमेश्वर के चुने हुए लोगों के हितों, कलीसिया के कार्य और परमेश्वर के इरादों पर विचार करते हो, तो तुम झूठ नहीं बोलोगे और तुम सच्चाई से बोलने में सक्षम होगे। यदि तुम अभी भी सच्चाई से बोलने में सक्षम नहीं हो, तो यह साबित करता है कि तुम्हारा आध्यात्मिक कद बहुत छोटा है और तुम अभी भी सत्य का अभ्यास करने में असमर्थ हो। इसलिए एक ईमानदार व्यक्ति होने के लिए सत्य की समझ और आध्यात्मिक कद में बढ़ने की प्रक्रिया की जरूरत होती है। जब हम इसे इस रूप में देखते हैं, तो आठ-दस साल के अनुभव के बिना ईमानदार व्यक्ति होना असंभव है। यह अवधि किसी के जीवन में बढ़ने की प्रक्रिया है, सत्य को समझने और उसे प्राप्त करने की प्रक्रिया है। शायद कुछ लोग यह पूछें, “झूठ बोलने की समस्या का हल और ईमानदार व्यक्ति बनना क्या सचमुच इतना कठिन हो सकता है?” दरअसल, यह इस बात पर निर्भर करता है कि तुम किसके बारे में बात कर रहे हो। यदि यह कोई ऐसा व्यक्ति है जो सत्य से प्रेम करता है, तो वह अपनी गलत मंशाओं और अपनी देह के हितों को छोड़ने में सक्षम होगा और उसके लिए झूठ बोलना छोड़ना आसान होगा। जहाँ तक उन लोगों की बात है जो सत्य से प्रेम नहीं करते—वे केवल प्रसिद्धि, लाभ और रुतबे और मिथ्याभिमान और घमंड से प्रेम करते हैं, वे सत्य को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करते, इसलिए उनके लिए झूठ बोलना छोड़ना बेहद मुश्किल होगा।
एक ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास करना मुख्य रूप से झूठ बोलने की समस्या को हल करने और साथ ही अपने भ्रष्ट स्वभावों को हल करने का मामला है। यहाँ एक मुख्य अभ्यास यह है कि जब तुम्हें एहसास हो जाए कि तुमने किसी से झूठ बोला है और उसे धोखा दिया है, तो तुम्हें उसके सामने खुलकर बात करनी चाहिए, खुद को खोलकर रख देना चाहिए और माफी माँगनी चाहिए। यह अभ्यास झूठ बोलने की समस्या को हल करने में बहुत फायदेमंद है। उदाहरण के लिए, यदि तुमने किसी को धोखा दिया है या यदि उससे कही गई तुम्हारी बातों में कोई मिलावट या व्यक्तिगत मंशा थी, तो तुम्हें उसके पास जाकर उसके सामने खुलकर बात करनी चाहिए, खुद को खोलकर रख देना चाहिए और अपना गहन-विश्लेषण करना चाहिए। तुम्हें उसे बताना चाहिए, “मैंने तुम्हें जो बताया वह झूठ था, अपने गौरव की रक्षा के लिए था। यह कहने के बाद मैंने असहज महसूस किया था, इसलिए मैं अब तुमसे क्षमा माँग रहा हूँ। कृपया मुझे माफ कर दो।” उस व्यक्ति को लगेगा कि यह बात बहुत नई है। वह सोचेगा कि ऐसा कोई कैसे हो सकता है जो झूठ बोलने के बाद उसके लिए माफी माँगे। ऐसे साहस की वे सचमुच सराहना करते हैं। और इस तरह से अभ्यास करने से व्यक्ति को क्या फायदा मिलता है? ऐसा करने का उद्देश्य दूसरों की प्रशंसा पाना नहीं है, बल्कि अपने झूठ बोलने पर अधिक प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना और उसका समाधान करना है। इसलिए, झूठ बोलने के बाद, तुम्हें ऐसा करने के लिए माफी माँगने का अभ्यास करना चाहिए। तुम इस तरह से अपना गहन-विश्लेषण करने और खुद को खोलकर रखने और लोगों से माफी माँगने का अभ्यास करने के लिए जितना अधिक प्रशिक्षण लोगे, नतीजे उतने ही बेहतर होंगे—और तुम उतना ही कम झूठ बोलोगे। एक ईमानदार व्यक्ति बनने और अपने झूठ बोलने पर अंकुश लगाने के लिए अपना गहन-विश्लेषण करने और खुद को खोलकर रखने का अभ्यास करने के लिए साहस की आवश्यकता होती है; माफी माँगने के लिए इसकी और भी अधिक आवश्यकता होती है। यदि तुम लोग एक या दो साल—या शायद तीन से पाँच साल—तक इस तरह का प्रशिक्षण लेते हो, तो तुम्हें स्पष्ट नतीजे देखने की गारंटी है और तब खुद को झूठ बोलने से छुटकारा दिलाना मुश्किल नहीं होगा।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, एक ईमानदार व्यक्ति होने का सबसे बुनियादी अभ्यास
अभी क्या तुम लोगों के पास एक ईमानदार व्यक्ति होने का कोई मार्ग है? तुम्हें जीवन में अपने हर कथन और कार्य की जाँच करनी चाहिए; केवल तभी तुम अपने द्वारा बोले जाने वाले और भी अधिक झूठों तथा अपने द्वारा किए जाने वाले और भी अधिक कपट को पहचान सकते हो और अपने स्वयं के धोखेबाज स्वभाव को जान सकते हो। फिर तुम्हें यह देखना चाहिए कि ईमानदार लोग कैसे अभ्यास और अनुभव करते हैं और उनसे कुछ अनुभव और सबक सीखने चाहिए। तुम्हें सभी चीजों में परमेश्वर की परख स्वीकारने का भी अभ्यास करना चाहिए और परमेश्वर से प्रार्थना और उसके साथ संगति करने के लिए अक्सर परमेश्वर के सामने आना चाहिए। मान लो तुमने अभी-अभी झूठ बोला है—तुम्हें तुरंत एहसास होता है : “मैंने अभी जो कुछ बातें कही हैं वे सटीक नहीं थीं। मुझे अपनी गलती तुरंत मान लेनी चाहिए और खुद को सही करना चाहिए और सबको यह बता देना चाहिए कि मैंने अभी-अभी जो कहा वह झूठ था।” तुम खुद को फौरन ठीक कर लेते हो। अगर तुम हमेशा खुद को इस तरह से ठीक कर लेते हो और अभ्यास करते हो तो यह एक आदत बन जाएगी; अगर तुम फिर कभी झूठ बोलते हो और उसे ठीक नहीं करते हो तो तुम अंदर से असहज महसूस करोगे और परमेश्वर तुम्हें सही मार्ग पर रहने में मदद करेगा। कुछ समय तक इस तरह अभ्यास और अनुभव करने से तुम कम झूठ बोलने लगोगे, तुम्हारे शब्दों और कार्यों में अशुद्धियाँ लगातार कम होती जाएँगी और तुम्हारे लिए एक ईमानदार व्यक्ति होने का अभ्यास करना अधिकाधिक आसान हो जाएगा। इस तरह तुम शुद्ध कर दिए जाओगे। एक ईमानदार व्यक्ति होने का यही मार्ग है। तुम्हें धीरे-धीरे, थोड़ा-थोड़ा करके बदलना चाहिए। तुम जितना ज्यादा बदलोगे उतने ही बेहतर बनोगे; तुम जितना ज्यादा बदलोगे तुम उतने ही ज्यादा ईमानदार शब्द बोलने में सक्षम होगे और तुम झूठ बोलना बंद कर दोगे। यह सही दशा है। भ्रष्ट मानवजाति में एक समान समस्या होती है : वे सभी स्वाभाविक रूप से झूठ बोलना जानते हैं और उन्हें अपने अंतरतम विचार साझा करना या सच बोलना मुश्किल लगता है। अगर वे सच बताना भी चाहें तो भी वे ऐसा नहीं कर पाते। सभी लोग अपने दिलों में मानते हैं कि ईमानदार होना मूर्खता है और चतुराई की कमी को दर्शाता है—वे सोचते हैं कि सिर्फ मूर्ख ही साफ-साफ बोलते हैं और अगर कोई व्यक्ति अपने मन की बात कहता है, इन चीजों को सभी के सामने उजागर करता है तो उसे नुकसान होने की सबसे ज्यादा संभावना है और दूसरे उसके साथ जुड़ना नहीं चाहेंगे, कि हर कोई ऐसे लोगों का तिरस्कार करता है। क्या तुम लोग ऐसे व्यक्ति का तिरस्कार करोगे? क्या यह तुम्हारा दृष्टिकोण है? (परमेश्वर में विश्वास करने से पहले मैं ऐसे लोगों का तिरस्कार करता था लेकिन अब मैं उनकी प्रशंसा करता हूँ और सोचता हूँ कि एक सरल, ईमानदार जीवन जीना बेहतर है। इस तरह जीने से व्यक्ति अपने दिल पर इतना भारी बोझ महसूस नहीं करता। अन्यथा किसी से झूठ बोलने के बाद तुम्हें उसे छिपाना पड़ता है और अंत में तुम अपने लिए लगातार और भी बड़ा गड्ढा खोदते जाते हो और देर-सबेर झूठ उजागर हो जाता है।) झूठ बोलना और धोखे में शामिल होना दोनों मूर्खतापूर्ण व्यवहार हैं। सिर्फ सच बोलना और दिल से बोलना ही ज्यादा बुद्धिमानी है। सभी लोग अब इस मुद्दे को समझ सकते हैं। अगर तुम अब भी सोचते हो कि झूठ बोलना और धोखे में शामिल होना काबिलियत और चतुर होने का संकेत है तो तुम हद से ज्यादा मूर्ख और जिद्दी हो और तुममें लेशमात्र भी सत्य नहीं है। अगर तुम इतनी उम्र के हो गए हो और अभी भी मानते हो कि धोखेबाज लोग सबसे चतुर होते हैं और सभी ईमानदार लोग मूर्ख होते हैं तो इसका मतलब है कि तुम एक बेतुके व्यक्ति हो जो किसी भी चीज की असलियत नहीं देख सकता। यद्यपि सभी लोग समान रूप से इंसान हैं कुछ लोग रोजाना ईमानदार होने का अभ्यास करते हैं और बहुत खुश और तनावमुक्त महसूस करते हैं; वे अपने दिलों में स्वतंत्र और मुक्त महसूस करते हैं। उनमें किसी चीज की कमी नहीं होती और वे ज्यादा आरामदायक जीवन जीते हैं। सभी को ऐसे लोगों के साथ बातचीत करने में आनंद आता है और उन्हें वास्तव में सभी की प्रशंसा का पात्र होना चाहिए। इसे कहते हैं सही मायने में जीना। कुछ मूर्ख लोग हैं जो सोचते हैं, “वह व्यक्ति हमेशा सच बोलता है और उसकी काट-छाँट कर दी गई, है न? वह इसी लायक था! मुझे देखो—मैं अपने सच्चे विचारों को छिपाकर रखता हूँ, उनके बारे में बात नहीं करता या उन्हें प्रकट नहीं करता इसलिए मेरी काट-छाँट नहीं की गई है या मुझे कोई नुकसान नहीं हुआ है या मैंने सबके सामने अपना तमाशा नहीं बनाया। यह बहुत बढ़िया है! मैं हमेशा अपने सच्चे विचारों को छिपाकर रखता हूँ और किसी से ईमानदारी से बात नहीं करता—कोई नहीं जानता कि मैं अंदर क्या सोच रहा हूँ। इसे श्रेष्ठ होना कहा जाता है; यह सबसे बुद्धिमानी भरा तरीका है।” फिर भी हर कोई देख सकता है कि ये लोग सबसे धोखेबाज और सबसे अधिक गूढ़ रूप से चालाक हैं; दूसरे लोग उनके आसपास सतर्क रहते हैं और उनसे दूरी बनाए रखते हैं। धोखेबाज लोगों से कोई दोस्ती नहीं करना चाहता। क्या ये तथ्य नहीं हैं? अगर कोई व्यक्ति निष्कपट है, अक्सर सच बोलता है, दूसरे लोगों के साथ दिल से बातचीत कर सकता है और किसी को नुकसान पहुँचाने का उसका कोई इरादा नहीं है, तो चाहे वह कभी-कभी अपनी नासमझी के कारण कोई मूर्खतापूर्ण काम कर भी बैठे, हर कोई उसे एक अच्छा इंसान मानता है और उसके साथ जुड़ने को तैयार रहता है। तुम अच्छे और ईमानदार लोगों के साथ जुड़ने से लाभ प्राप्त कर सकते हो और यह तुम्हें सुरक्षा की भावना प्रदान करता है—यह एक सार्वभौमिक रूप से स्वीकृत तथ्य है। परमेश्वर में विश्वास करने वाले जो लोग सत्य का अनुसरण कर सकते हैं और ईमानदार हो सकते हैं, उनसे न सिर्फ कलीसिया में दूसरे लोग प्रेम करते हैं बल्कि परमेश्वर भी प्रेम करता है। जैसे ही वे सत्य प्राप्त करते हैं उनके पास वास्तविक गवाही होती है और वे परमेश्वर की स्वीकृति प्राप्त करने में सक्षम होते हैं। क्या वे सभी लोगों में सबसे ज्यादा धन्य नहीं हैं? जो लोग कुछ सत्य समझते हैं वे इस मामले को स्पष्ट रूप से देख सकते हैं। अपने आचरण में तुम्हें एक अच्छा इंसान, एक ईमानदार इंसान, एक ऐसा इंसान होना चाहिए जिसके पास सत्य हो; इस तरह न सिर्फ दूसरे तुमसे प्रेम करेंगे बल्कि तुम परमेश्वर द्वारा भी आशीष प्राप्त करोगे। सांसारिक रुझानों का अनुसरण करने वाले व्यक्ति का आचरण कितना भी अच्छा क्यों न हो, वह फिर भी अच्छा इंसान नहीं होता।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, ईमानदार व्यक्ति बनकर ही कोई सच्ची मनुष्य की छवि को जी सकता है
एक ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास करने के लिए तुम्हें पहले परमेश्वर के सामने अपना दिल खोलना, और रोजाना प्रार्थना में उससे मन की सच्ची बातें कहना सीखना जरूरी है। उदाहरण के लिए अगर तुमने आज कोई ऐसा झूठ बोला जिस पर अन्य लोगों का ध्यान नहीं गया लेकिन तुममें सबके सामने खुलकर बोलने का साहस नहीं है—तो कम से कम तुम्हें वे गलतियाँ, झूठ और असत्य जिनकी तुमने जाँच की है और जिनका पता लगाया है उन्हें चिंतन के लिए तुरंत परमेश्वर के सामने लाना चाहिए और कहना चाहिए, “हे परमेश्वर, मैंने अपने हितों की रक्षा के लिए फिर से झूठ बोला है। यह गलत था। अगर मैं दोबारा झूठ बोलूँ तो कृपया मुझे अनुशासित करना।” परमेश्वर ऐसे रवैये को स्वीकार करता है और वह इसे याद रखेगा। झूठ बोलने के इस धोखेबाज भ्रष्ट स्वभाव को हल करने के लिए तुम्हें कठोर प्रयास करने पड़ सकते हैं लेकिन चिंता मत करो। चूँकि परमेश्वर तुम्हारे साथ है वह तुम्हारा मार्गदर्शन करेगा और एक के बाद एक बाधाओं को दूर करने में तुम्हारी मदद करेगा, तुम्हें अपने झूठ कभी न स्वीकारने से लेकर अपने झूठ स्वीकारने और खुलकर बोलने और खुद को खुले तौर पर प्रकट करने में सक्षम होने का साहस देगा, तुम न सिर्फ अपने झूठ स्वीकारोगे बल्कि यह भी खुलकर बोल और उजागर कर पाओगे कि तुम झूठ क्यों बोलते हो और तुम्हारे झूठ के पीछे क्या मंशा और उद्देश्य हैं। जब तुममें इस बाधा को पार करने, शैतान ने जिस पिंजरे में तुम्हें कैद किया है उससे निकलने और तुम पर उसका जो नियंत्रण है उससे मुक्त होने का साहस होता है और तुम उत्तरोत्तर उस बिंदु पर पहुँच जाते हो जहाँ तुम झूठ नहीं बोलते तो तुम धीरे-धीरे परमेश्वर के मार्गदर्शन और आशीष के साथ प्रकाश में रहने लगोगे। जब तुम देह के बंधनों की बाधा को पार करते हो और तुम भावनाओं, अभिमान, रुतबे या व्यक्तिगत हितों से बंधे नहीं होते और सत्य के प्रति समर्पण करने, खुलकर बोलने, खुद को उजागर करने, सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने और अपने मन में कोई हिचकिचाहट न रखने में सक्षम होते हो तो तुम मुक्त और स्वतंत्र हो जाओगे। जब तुम इस तरह से रहोगे तो न सिर्फ लोग तुम्हें पसंद करेंगे बल्कि परमेश्वर भी प्रसन्न होगा। हालाँकि तुम अभी भी कभी-कभी गलतियाँ कर सकते हो या सिद्धांतों का उल्लंघन कर सकते हो, अभी भी कभी-कभी झूठ बोल सकते हो या दिखावा कर सकते हो और कभी-कभी व्यक्तिगत इरादों, स्वार्थपूर्ण इच्छाओं या स्वार्थी और घृणित विचारों और व्यवहारों के साथ बोल और कार्य कर सकते हो लेकिन तुम परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकारने में सक्षम होगे, परमेश्वर के सामने अपने इरादे, वास्तविक अवस्था और भ्रष्ट स्वभाव को खोलकर रख देने में सक्षम होगे और उससे सत्य खोजोगे। जब तुम सत्य समझ लोगे, तो तुम्हारे पास अभ्यास का मार्ग होगा। जब तुम्हारे अभ्यास का मार्ग सही है, और तुम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हो, तो तुम्हारा भविष्य सुंदर और उज्ज्वल होगा। इस तरह तुम अपने दिल में शांति के साथ रहोगे, तुम्हारी आत्मा को पोषण मिलेगा, और तुम परिपूर्ण महसूस करोगे और आनंद का अनुभव करोगे। अगर तुम देह के बंधनों से मुक्त नहीं हो सकते, अगर तुम लगातार भावनाओं, व्यक्तिगत हितों और शैतान के फलसफों के आगे बेबस होते हो, हमेशा गुप्त तरीके से बोलते और कार्य करते हो, और हमेशा परछाइयों में छिपते हो, तो तुम शैतान की शक्ति के अधीन रहते हो। लेकिन अगर तुम सत्य समझते हो, देह के बंधनों से मुक्त होने में समर्थ हो जाते हो और सत्य का अभ्यास करते हो, तो तुम धीरे-धीरे मनुष्य की छवि पा लोगे। तुम अपने वचनों और कर्मों में खुले और ईमानदार होगे, और तुम अपनी राय, विचार और अपने द्वारा की गई गलतियों को उजागर करने में सक्षम होगे, और सभी को उन्हें स्पष्ट रूप से देखने दोगे। अंत में लोग तुम्हें एक पारदर्शी व्यक्ति के रूप में पहचानेंगे। पारदर्शी व्यक्ति कौन होता है? यह वह व्यक्ति होता है, जो असाधारण ईमानदारी से बोलता है, जिसकी बातें सभी सच मानते हैं। अगर वे बेइरादा झूठ बोलते या कुछ गलत कहते भी हैं, तो भी लोग यह जानते हुए कि यह बेइरादा था, उन्हें माफ कर पाते हैं। अगर उन्हें एहसास होता है कि उन्होंने झूठ बोला है या कुछ गलत कहा है, तो वे माफी माँगकर गलती सुधार लेते हैं। यह होता है पारदर्शी व्यक्ति। ऐसे व्यक्ति को सभी लोग पसंद करते हैं और उस पर भरोसा करते हैं। परमेश्वर और दूसरों का भरोसा हासिल करने के लिए तुम्हें इस स्तर तक पहुँचने की आवश्यकता है। यह कोई आसान काम नहीं है—यह गरिमा का वह उच्चतम स्तर है, जो किसी व्यक्ति में हो सकता है। ऐसे व्यक्ति में आत्मसम्मान होता है। अगर तुम दूसरे लोगों का भरोसा हासिल करने में असमर्थ रहते हो, तो तुम परमेश्वर का भरोसा अर्जित करने की उम्मीद कैसे रख सकते हो? ऐसे व्यक्ति हैं जो अपमानजनक जीवन जीते हैं, लगातार झूठ बोलते रहते हैं और कामों को खानापूरी करने वाले तरीके से करते हैं और उनमें जिम्मेदारी का जरा भी बोध नहीं होता। वे काट-छाँट किए जाने को नहीं स्वीकारते, हमेशा कुतर्कों का सहारा लेते हैं। जो कोई भी उनसे मिलता है वह उनके प्रति विरोधभाव महसूस करता है; वे बहुत बेशर्मी से जीते हैं। क्या ऐसे लोगों को इंसान कहा जा सकता है? जो लोग दूसरों में घृणा की भावना पैदा करते हैं और जिन्हें भरोसे लायक नहीं माना जाता है वे अपनी मानवता पूरी तरह से खो चुके हैं। अगर दूसरे लोग उन पर भरोसा नहीं कर सकते तो क्या परमेश्वर कर सकता है? अगर दूसरे उन्हें नापसंद करते हैं तो क्या परमेश्वर उन्हें पसंद कर सकता है? परमेश्वर ऐसे लोगों को पसंद नहीं करता और वह उनसे घृणा करता है; उन्हें निश्चित रूप से हटा दिया जाएगा। अपने आचरण में तुम्हें ईमानदार होना चाहिए और अपने वादे पूरे करने चाहिए। चाहे दूसरों के लिए कुछ करना हो या परमेश्वर के लिए तुम्हें अपना वचन निभाना चाहिए, लोगों का भरोसा अर्जित करने और परमेश्वर को संतुष्ट और आश्वस्त करने में सक्षम होना चाहिए। यह तुम्हें अपेक्षाकृत ईमानदार व्यक्ति बना देगा। अगर तुम अपने कार्यों में भरोसेमंद हो तो न सिर्फ दूसरे तुम्हें पसंद करेंगे, बल्कि परमेश्वर भी तुम्हें अवश्य पसंद करेगा। एक ईमानदार व्यक्ति बनने से परमेश्वर तुम्हें पसंद करेगा और तुम गरिमा के साथ जियोगे। इसलिए एक ईमानदार व्यक्ति होना किसी के स्व-आचरण का प्रारंभिक बिंदु होना चाहिए।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, ईमानदार व्यक्ति बनकर ही कोई सच्ची मनुष्य की छवि को जी सकता है
लोगों के झूठ के पीछे अक्सर मंशाएँ होती हैं, लेकिन कुछ झूठों के पीछे कोई मंशा नहीं होती, न ही उनकी जानबूझकर योजना बनाई जाती है, बल्कि वे बस स्वाभाविक रूप से निकल जाते हैं। ऐसे झूठों का समाधान करना आसान होता है। यदि झूठ के पीछे मंशाएँ होती हैं, तो लोग जानबूझकर ये झूठ बोल रहे होते हैं और ऐसे झूठ का समाधान करना मुश्किल होता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि ये मंशाएँ व्यक्ति की प्रकृति से आती हैं और शैतान की चालों का प्रतिनिधित्व करती हैं और ये झूठ जानबूझकर बोले जाते हैं। यदि कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जो सत्य से प्रेम करता है, तो वह देह के खिलाफ विद्रोह करने और अपने व्यक्तिगत इरादों को छोड़ने में असमर्थ होगा, इसलिए उसे परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए और उस पर निर्भर रहना चाहिए और समस्या का समाधान करने के लिए सत्य खोजना चाहिए। हालाँकि, झूठ बोलने की समस्या का एक ही बार में पूरी तरह से समाधान नहीं किया जा सकता और यह बार-बार उभरेगी, शायद कई वर्षों तक, जो कि सामान्य है। ऐसा इसलिए है क्योंकि झूठ बोलना एक भ्रष्ट स्वभाव द्वारा शासित होता है और शैतान की प्रकृति से उत्पन्न होता है। जब तक किसी व्यक्ति में यह भ्रष्ट स्वभाव अनसुलझा रह जाता है, तब तक झूठ बोलने की समस्या का पूरी तरह से समाधान नहीं हो सकता। जब तक लोग सत्य को स्वीकार कर सकते हैं और परमेश्वर की जाँच-पड़ताल स्वीकार कर सकते हैं, तब तक वे अपने झूठ बोलने की समस्या का समाधान करने के लिए लगातार सत्य खोज सकते हैं। केवल जब उनके जीवन स्वभावों में बदलाव आता है, तभी झूठ बोलने की समस्या का कमोबेश समाधान हुआ माना जा सकता है। लेकिन अभी, झूठ बोलने की समस्या का समाधान करने के लिए एक लंबी लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है : जब यह एक बार सामने आए, तो एक बार इसका समाधान करो; जब यह दो बार सामने आए, तो दो बार इसका समाधान करो। इसमें लगे रहो और एक बार जब तुम्हारा जीवन स्वभाव बदल जाएगा, तब झूठ बोलने की समस्या का पूरी तरह से समाधान हो जाएगा। झूठ बोलने की समस्या का समाधान करने के लिए, तुम्हें एक लंबी लड़ाई लड़नी होगी, तुम्हें इसका समाधान करने के लिए परमेश्वर से प्रार्थना करने और सत्य खोजने पर निर्भर रहना चाहिए। हर बार जब तुम इसे प्रकट करते हो, तो तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए और सत्य खोजना चाहिए। तुम परमेश्वर से जितनी ज्यादा प्रार्थना करोगे, अपने भ्रष्ट स्वभाव से उतनी ही घृणा करोगे, और उतने ही सत्य का अभ्यास करने और उसे जीने को लालायित होगे। इस तरह तुम्हें झूठ का परित्याग करने की शक्ति मिलेगी। ऐसे अनुभव और अभ्यास के थोड़े समय के बाद तुम देख पाओगे कि तुम्हारे झूठ बहुत कम हो गए हैं, तुम ज्यादा आसानी से जी रहे हो, और अब तुम्हें झूठ बोलने या अपने झूठ छिपाने की जरूरत नहीं है। हालाँकि तुम शायद हर दिन ज्यादा न बोलो, मगर तुम्हारा हर वाक्य तुम्हारे दिल से आएगा और सच्चा होगा, जिसमें झूठ बहुत कम होंगे। इस तरह जीना कैसा लगेगा? क्या यह स्वतंत्र और मुक्त करने वाला नहीं होगा? तुम्हारा भ्रष्ट स्वभाव तुम्हें बाधित नहीं करेगा, तुम उसके बंधन में नहीं रहोगे, और कम-से-कम तुम ईमानदार व्यक्ति बनने के परिणाम देखना शुरू कर दोगे। बेशक विशेष हालात का सामना होने पर कभी-कभी शायद कुछ झूठ निकल आएँ। उदाहरण के लिए, जब तुम्हारा सामना किसी खतरे या किसी तरह की मुसीबत से हो, या तुम अपनी सुरक्षा बनाए रखना चाहो, तब तुम्हारे पास झूठ बोलने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता। फिर भी तुम्हें उस पर आत्मचिंतन कर उसे समझना चाहिए और झूठ बोलने की समस्या का समाधान करना चाहिए। तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना कर कहना चाहिए, “मुझमें अभी भी झूठ और चालबाजी हैं। परमेश्वर मुझे पूरी तरह से मेरे भ्रष्ट स्वभाव से बचाए।” जब कोई जानबूझकर बुद्धि का प्रयोग करता है, तो यह भ्रष्टता का खुलासा नहीं माना जाता। इसी तरह से व्यक्ति को ईमानदार व्यक्ति बनने का अनुभव करना पड़ता है। इस तरह तुम्हारे झूठ और भी कम हो जाएँगे। आज तुम दस झूठ बोलते हो, कल शायद नौ बोलो, और परसों आठ। बाद में तुम सिर्फ दो-तीन ही बोलोगे। तुम ज्यादा-से-ज्यादा सच बोलोगे, और ईमानदार व्यक्ति बनने का तुम्हारा अभ्यास परमेश्वर के इरादों, उसके अपेक्षित मानकों के और ज्यादा करीब पहुँच जाएगा—और यह कितना अच्छा होगा! एक ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास करने के लिए तुम्हारे पास एक पथ और एक लक्ष्य होना चाहिए। सबसे पहले झूठ बोलने के मूल कारण का समाधान करो। तुम्हें अपने ये झूठ बोलने के पीछे के सार को जानना चाहिए। तुम्हें यह भी गहन-विश्लेषण करना चाहिए कि कौन-से इरादे और मंशाएँ तुम्हें ये झूठ बोलने को प्रेरित करती हैं, तुम्हारे भीतर ऐसी मंशाएँ क्यों हैं और उनकी प्रकृति क्या है। जब तुम इन सभी मसलों का स्पष्टीकरण कर लोगे, तो तुम झूठ बोलने की समस्या की असलियत जान चुके होगे, और एक बार जब तुम सत्य को समझ चुके होगे, तो कुछ घटित होने पर तुम्हारे पास अभ्यास के सिद्धांत होंगे। अगर तुम इस तरह से अभ्यास और अनुभव करते हो, तो यकीनन तुम्हें नतीजे दिखेंगे। एक दिन तुम कहोगे, “ईमानदार व्यक्ति होना आसान है। धोखेबाज होना बहुत थकाऊ है! मैं अब और धोखेबाज इंसान नहीं रहना चाहता, मुझे हमेशा सोचना पड़ता है कि कौन-सा झूठ बोलूँ और अपने झूठ कैसे छिपाऊँ। यह एक मानसिक रोगी होने की तरह है, जो विरोधाभासी बातें करता है—ऐसा जो ‘इंसान’ कहने लायक नहीं है! ऐसा जीवन बहुत थकाऊ है, अब मैं और उस तरह नहीं जीना चाहता!” इस समय तुम्हें सचमुच एक ईमानदार व्यक्ति होने की आशा होगी और इससे साबित होगा कि तुम ईमानदार व्यक्ति बनने की ओर आगे बढ़ रहे हो। यह एक कामयाबी है। बेशक, जब तुममें से कुछ लोग सच बोलने का अभ्यास करना शुरू करेंगे, तो तुम्हारा चेहरा लाल हो जाएगा, तुम शर्मिंदा महसूस करोगे और दूसरों के द्वारा हँसी उड़ाए जाने से डरोगे। तब तुम्हें क्या करना चाहिए? तब भी तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना कर उससे शक्ति देने की विनती करनी चाहिए। तुम कहो, “परमेश्वर! मैं ईमानदार व्यक्ति बनना चाहता हूँ, लेकिन मुझे डर है कि मेरे सच बोलने पर लोग मुझ पर हँसेंगे। मैं तुमसे विनती करता हूँ कि मुझे मेरे शैतानी स्वभाव के बंधन से बचा लो; मुझे स्वतंत्र और मुक्त होकर तुम्हारे वचनों के अनुसार जीने दो।” जब तुम इस तरह प्रार्थना करोगे, तो तुम्हारे दिल में और ज्यादा उजाला हो जाएगा, और तुम खुद से कहोगे, “इसे अभ्यास में लाना अच्छा है। आज मैंने सत्य का अभ्यास किया है। आखिरकार अब मैं एक बार ईमानदार व्यक्ति बन गया हूँ।” जब तुम इस तरह प्रार्थना करोगे, तो परमेश्वर तुम्हें प्रबुद्ध करेगा। वह तुम्हारे हृदय में कार्य करेगा, वह तुम्हें प्रेरित करेगा, तुम्हें इस बात का अनुभव करने देगा कि ईमानदार व्यक्ति बनकर कैसा महसूस होता है। सत्य को इसी तरह अभ्यास में लाना चाहिए। बिल्कुल शुरुआत में तुम्हारे सामने कोई पथ नहीं होगा, लेकिन सत्य को खोजने से तुम्हें पथ मिल जाएगा। जब लोग सत्य को खोजना शुरू करते हैं, तो जरूरी नहीं कि उनमें आस्था हो। पथ न होना लोगों के लिए पीड़ादायक होता है, लेकिन जब एक बार वे सत्य को समझ लेते हैं, और उनके सामने अभ्यास का पथ होता है, तो उनके दिलों को आनंद मिलने लगता है। अगर वे सत्य का अभ्यास करने में सक्षम होते हैं और सिद्धांतों के अनुसार कार्य कर पाते हैं, तो उनके दिलों को आराम मिलेगा, उन्हें स्वतंत्रता और मुक्ति हासिल होगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, एक ईमानदार व्यक्ति होने का सबसे बुनियादी अभ्यास
अंततः ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास करने का सबसे सरल तरीका बस यही है कि चीजों को वैसा ही बताया जाए जैसी वे हैं, ईमानदार बातें की जाएँ और तथ्यों के अनुसार बोला जाए। जैसा प्रभु यीशु ने कहा था : “तुम्हारी बात ‘हाँ’ की ‘हाँ,’ या ‘नहीं’ की ‘नहीं’ हो” (मत्ती 5:37)। ईमानदार व्यक्ति होने के लिए इस सिद्धांत के अनुसार अभ्यास करना जरूरी है—कुछ साल यह प्रशिक्षण लेने के बाद तुम्हें नतीजे जरूर दिखेंगे। अभी तुम लोग ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास किस तरह करते हो? (मैं जो कहता हूँ उसमें कोई मिलावट करने की कोशिश नहीं करता और दूसरों को धोखा भी नहीं देता।) “मिलावट न करने” का क्या अर्थ है? इसका अर्थ यह है कि तुम्हारी कही बातों में झूठ या कोई व्यक्तिगत मंशा या उद्देश्य नहीं होता है। अगर तुम अपने दिल में चालबाजी या व्यक्तिगत मंशाएँ और उद्देश्य पालते हो, तो फिर तुम्हारे झूठ स्वाभाविक रूप से सामने आ जाएँगे। अगर तुम्हारे दिल में कोई चालबाजी या व्यक्तिगत मंशाएँ या उद्देश्य नहीं हैं, तो तुम जो कहोगे वह खरा होगा और उसमें झूठ नहीं होगा—इस तरह तुम्हारी बातें होंगी : “‘हाँ’ की ‘हाँ,’ या ‘नहीं’ की ‘नहीं’।” पहले अपने दिल को शुद्ध करना सबसे महत्वपूर्ण है। एक बार किसी का दिल शुद्ध हो गया तो उसका अहंकार और कपट दूर हो जाएगा। ईमानदार व्यक्ति बनने के लिए व्यक्ति को इन मिलावटों का दिल से समाधान करना ही होगा। ऐसा कर चुकने के बाद ईमानदार व्यक्ति बनना आसान हो जाएगा। क्या ईमानदार व्यक्ति बनना जटिल है? नहीं, यह जटिल नहीं है। तुम्हारी आंतरिक दशा चाहे जैसी हो या तुममें चाहे जैसे भ्रष्ट स्वभाव हों, तुम्हें ईमानदार व्यक्ति होने के सत्य का अभ्यास करना चाहिए। तुम्हें सबसे पहले झूठ बोलने की समस्या दूर करनी होगी—यह सबसे महत्वपूर्ण है। सबसे पहले, बोलते हुए जो तुम्हारे मन में है वह कहने का अभ्यास करना चाहिए, सच्चे शब्द बोलने चाहिए, जैसा है वैसा ही कहना चाहिए, और झूठ बोलने से पूरी तरह बचना चाहिए; तुम्हें ऐसे शब्द भी जुबान पर नहीं लाने चाहिए जो मिलावटी हों, और यह पक्का कर लेना चाहिए कि तुम दिन भर जो कुछ बोलो, वह सत्यपूर्ण और ईमानदार हो। ऐसा करके तुम सत्य का और ईमानदार व्यक्ति होने का अभ्यास कर रहे होते हो। अगर तुम्हें पता लगता है कि तुमने झूठ या मिलावटी शब्द बोले हैं, तो फौरन आत्म-चिंतन करो और गहन-विश्लेषण करके उन सटीक कारणों के बारे में समझ हासिल करो कि तुम झूठ क्यों बोलते हो और कौन-सी चीज तुम्हें झूठ बोलने के लिए उकसाती है। उसके बाद परमेश्वर के वचनों के आधार पर इस मूल और बुनियादी समस्या का गहन-विश्लेषण करो। एक बार तुम अपने झूठ के मूल कारणों की असलियत देख लेते हो, तो तुम अपनी कथनी और करनी में इस शैतानी स्वभाव के खिलाफ विद्रोह करने में सक्षम हो जाओगे। ऐसी ही स्थितियाँ पेश आने पर तुम फिर कभी झूठ का सहारा नहीं लोगे, तथ्यों के अनुसार बोल सकोगे और धोखेबाज बातें नहीं कहोगे। इस तरह तुम्हारी आत्मा मुक्त और स्वतंत्र हो जाएगी और तुम परमेश्वर के समक्ष जीने में सक्षम होगे। अगर तुम परमेश्वर के वचनों के अनुसार जीने में सक्षम हो तो तुम प्रकाश में जी रहे हो। हालाँकि, अगर तुम निरंतर कपट, प्रपंच और षडयंत्र में लगे रहते हो, हमेशा चोरों की तरह अंधेरे कोनों में छिपे फिरते हो, और अपने कार्य गुपचुप संचालित करते हो तो फिर तुममें परमेश्वर के सामने रहने की हिम्मत नहीं होगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि तुम्हारे गुप्त उद्देश्य हैं और तुम अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए हमेशा दूसरों को चकमा देना चाहते हो। चूँकि तुम अपने दिल में बहुत-सी ऐसी बातें रखते हो जो बताने लायक नहीं हैं, इसलिए तुम लगातार उन्हें छिपाने की कोशिश करते हो और तुम लगातार खुद को छिपाना और अपना भेष बदलना चाहते हो। लेकिन सच्चाई छुप नहीं सकती और देर-सबेर, वह सामने आ ही जाएगी। जिस व्यक्ति के उद्देश्य गुप्त होते हैं, वह रोशनी में रहने में असमर्थ होता है। अगर वह आत्म-चिंतन का अभ्यास नहीं करता, गहन आत्म-विश्लेषण नहीं करता और खुद को अनावृत नहीं करता तो वह अपने भ्रष्ट स्वभावों की बाध्यता और बंधन से मुक्त होने में असमर्थ रहेगा। वह पापमय जीवन में बना रहेगा और खुद को छुड़ा नहीं पाएगा। अंततः तुम्हें किसी भी स्थिति में झूठ नहीं बोलना चाहिए। अगर तुम स्पष्ट रूप से यह जानते हो कि झूठ बोलना गलत है और सत्य के अनुरूप नहीं है, फिर भी तुम झूठ बोलने और दूसरों को चकमा देने पर अड़े रहते हो, यहाँ तक कि लोगों को गुमराह करने के लिए तुम तथ्यों को और स्थिति की वास्तविकता को छिपाने के लिए झूठ गढ़ते हो तो फिर तुम जानबूझकर गलत काम कर रहे हो। ऐसा व्यक्ति परमेश्वर का उद्धार प्राप्त नहीं कर सकता।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भ्रष्ट स्वभावों का समाधान करने का मार्ग
संबंधित चलचित्र अंश
झूठ बोलने और धोखा देने की समस्या कैसे हल करें?
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
अपने झूठ बोलने का इलाज मैंने कैसे किया
झूठ बोलने की पीड़ा
परमेश्वर का वचन सभी झूठों का समाधान करता है