15. स्वार्थीपन और नीचता की समस्या का समाधान कैसे करें
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
इससे पहले कि मनुष्य परमेश्वर के कार्य का अनुभव करे और सत्य समझे, यह शैतान की प्रकृति है जो कार्यभार सँभाल लेती है और उस पर भीतर से हावी हो जाती है। उस प्रकृति में विशिष्ट रूप से क्या शामिल होता है? उदाहरण के लिए, तुम स्वार्थी क्यों हो? तुम अपने रुतबे की रक्षा क्यों करते हो? तुम अपनी भावनाओं से इतने प्रभावित क्यों होते हो? तुम उन अधार्मिक और बुरी चीजों को क्यों पसंद करते हो? तुम्हें ऐसी चीजें पसंद आने का आधार क्या है? ये चीजें कहाँ से आती हैं? तुम इन्हें पसंद और स्वीकार क्यों करते हो? अब तक, तुम सब लोगों ने यह समझ लिया है : मुख्य कारण यह है कि मनुष्य के भीतर शैतान के जहर भरे हैं। तो शैतान के जहर क्या हैं? इन्हें कैसे व्यक्त किया जा सकता है? उदाहरण के लिए, यदि तुम पूछते हो, “मनुष्य को कैसे जीना चाहिए? मनुष्य को किसलिए जीना चाहिए?” तो सभी जवाब देंगे, “हर व्यक्ति अपनी सोचे बाकियों को शैतान ले जाए।” बस यह अकेला वाक्यांश समस्या की जड़ को व्यक्त करता है। शैतान का फलसफा और तर्क मनुष्य का जीवन बन गए हैं। मनुष्य चाहे जिसका भी अनुसरण करे, वह वास्तव में उसे अपने लिए ही करता है—और इसलिए मनुष्य अपने लिए जीता है। “हर व्यक्ति अपनी सोचे बाकियों को शैतान ले जाए”—यही मनुष्य का जीवन-दर्शन है, और इंसानी प्रकृति का भी प्रतिनिधित्व करता है। ये शब्द पहले ही भ्रष्ट इंसान की प्रकृति बन गए हैं, और वे भ्रष्ट इंसान की शैतानी प्रकृति की सच्ची तस्वीर हैं। यह शैतानी प्रकृति पूरी तरह से भ्रष्ट मानवजाति के अस्तित्व का आधार बन चुकी है। कई हजार सालों से वर्तमान दिन तक भ्रष्ट मानवजाति ने शैतान के इस जहर के अनुसार जीवन जिया है। शैतान का हर काम अपनी आकांक्षाओं, महत्वाकांक्षाओं और उद्देश्यों के लिए होता है। वह परमेश्वर से आगे जाना चाहता है, परमेश्वर से मुक्त होना चाहता है और परमेश्वर द्वारा रची गई सभी चीजों पर नियंत्रण पाना चाहता है। आज लोग शैतान द्वारा इस हद तक भ्रष्ट कर दिए गए हैं। उन सभी में शैतानी प्रकृति है, उनमें परमेश्वर को नकारने और उसका विरोध करने की प्रवृत्ति होती है और वे अपने भाग्य का नियंत्रण अपने हाथों में रखना चाहते हैं; वे परमेश्वर के आयोजनों और व्यवस्थाओं का विरोध करने की कोशिश करते हैं। उनकी महत्वाकांक्षाएँ और आकांक्षाएँ पहले से ही बिल्कुल शैतान की महत्वाकांक्षाओं और आकांक्षाओं जैसी हैं। इसलिए, मनुष्यों की प्रकृति शैतान की प्रकृति है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, पतरस के मार्ग पर कैसे चलें
स्वार्थ व्यक्ति की प्रकृति का एक तत्व कहा जा सकता है। यह तत्व सबके भीतर होता है। कुछ लोग घोर स्वार्थी होते हैं और सभी चीजों में वे केवल अपने बारे में सोचते हैं, लाभ को सबसे पहले रखने के ढंग से काम करते हैं और उन्हें दूसरों का जरा भी ख्याल नहीं होता। यह स्वार्थ उनकी प्रकृति का प्रतिनिधित्व करता है। सभी लोग स्वार्थी होते हैं लेकिन एक अंतर होता है। दूसरों के साथ मेलजोल करते हुए कुछ लोग दूसरों की परवाह और देखभाल कर सकते हैं, वे दूसरों के लिए चिंता दिखा सकते हैं और सभी स्थितियों में दूसरों को ध्यान में रख सकते हैं। हालाँकि कुछ अन्य लोग ऐसे नहीं होते। ये लोग विशेष रूप से स्वार्थी होते हैं और भाई-बहनों की मेजबानी करते समय हमेशा क्षुद्र होते हैं। वे अपने परिवार को सबसे अच्छा भोजन देते हैं और भाई-बहनों के लिए कम स्वादिष्ट भोजन छोड़ देते हैं और वे अपने परिवार को बड़े कटोरे में भोजन परोसते हैं जबकि भाई-बहनों को छोटे कटोरे में परोसते हैं। जब उनके रिश्तेदार आते हैं, तो वे उनके लिए बहुत आरामदायक व्यवस्था करते हैं। लेकिन जब भाई-बहन आते हैं, तो उन्हें जमीन पर सुलाया जाता है। इतना ही काफी अच्छा है कि वे भाई-बहनों को अपने साथ ठहरने तो देते हैं। जब भाई-बहन बीमार पड़ते हैं या किसी दूसरी मुसीबत में होते हैं, तो ऐसा व्यक्ति उनके बारे में सोचता तक नहीं, और ध्यान न जाने का दिखावा करता है। ऐसे लोग दूसरों की बिल्कुल भी चिंता नहीं करते। वे केवल अपने और अपने रिश्तेदारों के बारे में विचारशील होते हैं। उनकी यह स्वार्थी प्रकृति ही दूसरों के प्रति विचारशील होने की उनकी अनिच्छा निर्धारित करती है। उन्हें लगता है कि दूसरों के प्रति विचारशील होने से उन्हें नुकसान झेलना पड़ेगा और बहुत परेशानी होगी। कुछ लोग कह सकते हैं, “स्वार्थी व्यक्ति नहीं जानता कि दूसरों का ध्यान कैसे रखा जाए।” यह गलत है। अगर वे नहीं जानते कि दूसरों का ध्यान कैसे रखा जाए, तो फिर स्वार्थी लोग अपने रिश्तेदारों के प्रति इतने अच्छे कैसे होते हैं और उनकी जरूरतों का पूरा ध्यान क्यों रखते हैं? वे क्यों जानते हैं कि उनमें क्या कमी है और किसी निश्चित समय पर क्या पहनना या खाना उपयुक्त है? वे दूसरों के लिए ऐसे क्यों नहीं हो पाते? वास्तव में, वे सब समझते हैं, लेकिन वे स्वार्थी और नीच होते हैं। यह उनकी प्रकृति से निर्धारित होता है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, मनुष्य की प्रकृति को कैसे जानें
लोगों के साथ चाहे कुछ भी घटित हो या वे चाहे जिस चीज से निपट रहे हों, वे हमेशा अपने हितों की सुरक्षा और अपनी देह की चिंता करते हैं, और वे हमेशा अपने पक्ष में तर्क और बहाने ढूंढ़ते रहते हैं। वे लेशमात्र भी सत्य खोजते और स्वीकारते नहीं हैं, और वे जो कुछ भी करते हैं वह अपनी देह को उचित ठहराने और अपनी संभावनाओं की योजना बनाने के लिए होता है। वे परमेश्वर से हमेशा अनुग्रह माँगते हैं, हर संभव लाभ पाना चाहते हैं। लोग परमेश्वर से इतनी सारी माँगें क्यों करते हैं? यह साबित करता है कि लोग अपनी प्रकृति से लालची होते हैं, और परमेश्वर के समक्ष उनमें कतई कोई विवेक नहीं होता है। लोग जो कुछ भी करते हैं—वे चाहे प्रार्थना कर रहे हों या संगति कर रहे हों या धर्मोपदेश दे रहे हों—वे जिस चीज के बारे में सोचते हैं, जिस चीज का अनुसरण करते हैं और जिस चीज के लिए लालायित रहते हैं, वह हमेशा परमेश्वर से चीजें माँगने और उनके लिए आग्रह करने के समान ही होता है, उससे कुछ प्राप्त करने की उम्मीद करना होता है। कुछ लोग कहते हैं कि “यह बात मानव प्रकृति पर आकर ठहर जाती है,” जो सही है। इसके अलावा, परमेश्वर से लोगों का बहुत अधिक माँगें करना और बहुत अधिक असंयत लालसाएँ रखना यह साबित करता है कि लोग पूरी तरह अंतरात्मा और विवेक से रहित हैं। वे सब अपने लिए चीजों की माँग और आग्रह कर रहे हैं, या अपने लिए औचित्य साबित करने और बहाने बनाने की कोशिश कर रहे हैं—वे यह सब अपने लिए करते हैं। बहुत सारे मामलों में देखा जा सकता है कि लोग जो कुछ करते हैं वह पूरी तरह विवेक से रहित है, जो पूरी तरह यह साबित करता है कि “हर व्यक्ति अपनी सोचे बाकियों को शैतान ले जाए” वाला शैतान का तर्क पहले ही मनुष्य की प्रकृति बन चुका है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, मनुष्य परमेश्वर से बहुत अधिक माँगें करता है
कुछ लोग वाकई चीजों का अनुचित लाभ उठाना पसंद करते हैं और वे सभी मामलों में अपना ही हित साधना चाहते हैं। वे सब कुछ इस आधार पर करते हैं कि इससे उन्हें लाभ होता है या नहीं। अगर इससे उन्हें लाभ होता है तो वे इसे करते हैं; अगर उनके लिए कोई लाभ नहीं है तो वे इसे नहीं करते हैं। उनके कार्यों के पीछे हमेशा गुप्त उद्देश्य होते हैं। जो व्यक्ति उन्हें लाभ पहुँचाता है, वे उसकी प्रशंसा करते हैं, और जो कोई उनकी चापलूसी करता है, उसे वे बढ़ावा देते हैं। यहाँ तक कि अगर उनके पसंदीदा लोगों में समस्याएँ भी हों, तो भी वे कहेंगे कि वे लोग सही हैं, और उनका बचाव करने और उन पर पर्दा डालने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। इस तरह के व्यक्तियों की प्रकृति क्या होती है? तुम पूरी तरह उनकी प्रकृति को इन व्यवहारों से साफ देख सकते हो। वे अपने कार्यों के माध्यम से चीजों का अनुचित लाभ लेने का प्रयास करते हैं और हर स्थिति में लेन-देन के व्यवहार में संलग्न रहते हैं, इसलिए तुम यह निश्चित रूप से कह सकते हो कि उनकी प्रकृति लाभों को सबसे पहले रखती है। वे हर चीज में स्वयं के बारे में सोचते हैं। अगर कोई फायदा न होने वाला हो तो वे एक उँगली तक नहीं उठाएँगे। वे लोगों में सबसे स्वार्थी होते हैं, और वे बेहद लालची होते हैं। उनकी प्रकृति फायदे से उनके प्रेम और सत्य से प्रेम के अभाव के जरिये प्रदर्शित होती है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, मनुष्य की प्रकृति को कैसे जानें
कुछ लोग जब बुलाए जाते हैं तो वे परमेश्वर की सेवा में दूसरों के साथ सहयोग करने के इच्छुक ही नहीं होते; ये आलसी लोग हैं जो आराम की लालसा रखते हैं। तुमसे जितना अधिक दूसरों के साथ सेवा में सहयोग करने का आग्रह किया जाएगा, तुम उतने ही अधिक अनुभव प्राप्त करोगे। अधिक बोझ और अधिक अनुभव होने के कारण, तुम्हारे पास पूर्ण बनाए जाने के अधिक अवसर होंगे। इसलिए, यदि तुम सच्चे मन से परमेश्वर की सेवा कर सको, तो तुम परमेश्वर के बोझ के प्रति विचारशील रहोगे; और इस तरह तुम्हारे पास परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाए जाने के अधिक अवसर होंगे। ऐसे ही लोगों के एक समूह को इस समय पूर्ण बनाया जा रहा है। पवित्र आत्मा जितनी अधिक तीव्रता से तुम्हारे दिल को छूएगा, तुम उतने ही अधिक परमेश्वर के बोझ के प्रति विचारशील होओगे, तुम्हें परमेश्वर द्वारा उतना अधिक पूर्ण बनाया जाएगा, तुम्हें उसके द्वारा उतना अधिक प्राप्त किया जाएगा, और अंत में, तुम ऐसे व्यक्ति बन जाओगे जिसे परमेश्वर द्वारा प्रयुक्त किया जाता है। वर्तमान में, कुछ ऐसे लोग हैं जो कलीसिया के लिए कोई बोझ नहीं उठाते। ये लोग सुस्त और ढीले-ढाले हैं, वे केवल अपने शरीर की चिंता करते हैं। ऐसे लोग बहुत स्वार्थी होते हैं और अंधे भी होते हैं। यदि तुम इस मामले को स्पष्ट रूप से नहीं देखते, तो तुम कोई बोझ नहीं उठाओगे। तुम जितना अधिक परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील रहोगे, तुम्हें परमेश्वर उतना ही बड़ा बोझ देगा। स्वार्थी लोग ऐसी चीज़ें सहना नहीं चाहते; वे कीमत नहीं चुकाना चाहते, परिणामस्वरूप, वे परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाए जाने के अवसर से चूक जाएँगे। क्या वे अपना नुकसान नहीं कर रहे हैं? यदि तुम ऐसे व्यक्ति हो जो परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील है, तो तुम कलीसिया के लिए एक सच्चा बोझ विकसित करोगे। असल में इसे कलीसिया के लिए तुम्हारे द्वारा उठाया गया बोझ कहने के बजाय इसे अपने जीवन के लिए तुम्हारे द्वारा उठाया गया बोझ कहना बेहतर होगा, क्योंकि तुम कलीसिया के लिए एक बोझ विकसित करते हो ताकि परमेश्वर तुम्हें ऐसे अनुभवों के माध्यम से पूर्ण बना सके। इसलिए, जो कोई भी कलीसिया के लिए सबसे बड़ा बोझ उठाता है, जो कोई भी जीवन प्रवेश के लिए बोझ उठाता है—वे ही लोग हैं जिन्हें परमेश्वर पूर्ण बनाता है। क्या तुमने इसे स्पष्ट रूप से देखा है? यदि तुम जिस कलीसिया में हो वह रेत की तरह बिखरी हुई है, लेकिन तुम चिंतित नहीं हो और परेशान नहीं हो और यहाँ तक कि तब भी आँखें फेर लेते हो जब तुम्हारे भाई-बहन सामान्य रूप से परमेश्वर के वचन खा और पी नहीं सकते, तो यह कोई बोझ न होने की एक अभिव्यक्ति है। ऐसे लोग वे नहीं हैं, जिन्हें परमेश्वर प्रेम करता है। जिन्हें परमेश्वर प्रेम करता है वे धार्मिकता के भूखे और प्यासे होते हैं और वे परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होते हैं। इसलिए, तुम लोगों को परमेश्वर के बोझ के प्रति अभी तुरंत विचारशील हो जाना चाहिए; परमेश्वर के बोझ के प्रति विचारशील होने से पहले तुम्हें यह प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए कि परमेश्वर असंख्य लोगों के सामने अपना धार्मिक स्वभाव प्रदर्शित करे। क्या तब तक बहुत देर नहीं हो जाएगी? परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाए जाने के लिए अभी अच्छा अवसर है। यदि तुम अपने हाथ से इस अवसर को निकल जाने दोगे, तो तुम जीवन भर पछताओगे, जैसे मूसा कनान की अच्छी भूमि में प्रवेश नहीं कर पाया और जीवन भर पछताता रहा, पछतावे के साथ ही मरा। जब परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव असंख्य लोगों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा, तब तुम पछतावे से भर जाओगे। यदि परमेश्वर तुम्हें ताड़ना नहीं भी देता है, तो भी तुम स्वयं ही अपने आपको अपने पछतावे के कारण ताड़ना दोगे। कुछ लोग इस बात से आश्वस्त नहीं हैं, लेकिन यदि तुम्हें इस पर विश्वास नहीं है, तो इंतजार करो और देखो। कुछ लोग सटीक तौर पर वही लोग हैं जो इन वचनों को स्वयं में साकार होते देखेंगे। क्या तुम इन वचनों के लिए अपना बलिदान करने को तैयार हो?
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पूर्णता प्राप्त करने के लिए परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील रहो
स्वार्थी और नीच लोग अपने क्रियाकलापों में खानापूरी करने वाले होते हैं और अगर चीजें उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रभावित नहीं करतीं, तो वे मामले से दूर ही रहते हैं। वे परमेश्वर के घर के हितों के बारे में नहीं सोचते हैं, न ही वे परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशीलता दिखाते हैं। जब अपने कर्तव्य निभाने या परमेश्वर की गवाही देने की बात आती है तो उनमें बोझ या जिम्मेदारी की कोई भावना नहीं होती है। जब भी वे कुछ करते हैं तो वे किस चीज के बारे में सोचते हैं? उनका पहला विचार होता है, “अगर मैं यह करूँ तो क्या परमेश्वर को पता चलेगा? क्या दूसरे लोग इसे देखेंगे? यदि मैं यह सारा प्रयास करता हूँ और लगन से काम करता हूँ, लेकिन दूसरे लोग इसे नहीं देखते और न ही परमेश्वर देखता है, तो मेरे लिए यह प्रयास करना और इस तरह पीड़ा सहना व्यर्थ है।” क्या यह अत्यंत स्वार्थपूर्ण नहीं है? यह एक नीच मंशा भी है। जब वे इस तरह से सोचते और कार्य करते हैं, तो क्या उनका जमीर कोई भूमिका निभा रहा होता है? क्या उनका जमीर उन्हें धिक्कारता है? नहीं, उनका जमीर कोई भूमिका नहीं निभा रहा होता, और यह उन्हें धिक्कारता नहीं है। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो चाहे कोई भी कर्तव्य निभा रहे हों, वे कोई जिम्मेदारी नहीं लेते हैं। वे अपने वरिष्ठों को अपने द्वारा खोजी गई समस्याओं की तुरंत सूचना नहीं देते हैं। जब वे लोगों को गड़बड़ियाँ और बाधाएँ उत्पन्न करते हुए देखते हैं, तो वे आँखें मूँद लेते हैं। जब वे बुरे लोगों को बुराई करते हुए देखते हैं, तो वे उन्हें रोकने की कोशिश नहीं करते हैं। वे परमेश्वर के घर के हितों की बिल्कुल भी रक्षा नहीं करते, न ही यह विचार करते हैं कि उनका अपना कर्तव्य और अपनी जिम्मेदारी क्या है। जब इस तरह के लोग अपना कर्तव्य निभाते हैं, तो वे कोई वास्तविक कार्य नहीं करते हैं और वे आराम में लिप्त रहते हैं; वे सबको खुश रखने वाले होते हैं, वे केवल अपने मिथ्याभिमान, इज्जत, रुतबे और हितों के लिए बोलते और कार्य करते हैं और केवल उन चीजों पर कुछ प्रयास और ऊर्जा खपाने को तैयार रहते हैं जो उन्हें लाभ पहुँचाती हैं। इस तरह के व्यक्तियों के क्रियाकलाप और मंशाएँ सबको स्पष्ट होती हैं : जब कभी सुर्खियों में आने या किसी आशीष का आनंद लेने का अवसर होता है, तब वे उभर आते हैं। लेकिन जब सुर्खियों में आने का अवसर नहीं होता या जब पीड़ा सहने का समय आता है तो वे कछुए की तरह अपना सिर सिकोड़कर नजरों से ओझल हो जाते हैं। क्या इस तरह के व्यक्ति में जमीर और विवेक होता है? (नहीं।) क्या जमीर और विवेक से रहित कोई व्यक्ति इस तरह से कार्य करने के लिए आत्म-धिक्कार महसूस करता है? वह आत्म-धिक्कार महसूस नहीं करता है; इस तरह के व्यक्ति का जमीर किसी काम का नहीं होता। ऐसे लोगों को कभी भी अपने जमीर से धिक्कार महसूस नहीं होता है, तो क्या वे पवित्र आत्मा के धिक्कार या अनुशासन को महसूस कर सकते हैं? नहीं, वे नहीं कर सकते।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपना हृदय परमेश्वर को देकर व्यक्ति सत्य प्राप्त कर सकता है
अधिकांश लोग सत्य का अनुसरण करने को तैयार हैं और सत्य का अभ्यास करना चाहते हैं, लेकिन बहुत बार उनमें केवल ऐसा करने का दृढ़ संकल्प और इच्छा ही होती है। लेकिन भीतर से, सत्य उनका जीवन नहीं बना होता है। इसलिए जब तुम्हारा सामना बुरी शक्तियों के कलीसिया के कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने से होता है—उदाहरण के लिए, जब तुम्हारा सामना झूठे अगुआओं द्वारा सिद्धांतों का उल्लंघन करते हुए मामलों से निपटने और असली काम न करने से होता है या बुरे लोगों और मसीह-विरोधियों के बुराई करने और कलीसिया के कार्य में बाधा डालने और इस तरह परमेश्वर के चुने हुए लोगों को नुकसान पहुँचाने से होता है—तो तुममें खड़े होने और बोलने का साहस नहीं होता। तुममें यह साहस क्यों नहीं होता? क्या यह इसलिए है क्योंकि तुम डरपोक हो या स्पष्ट रूप से नहीं बोल पाते हो या क्या तुम इसलिए बोलने की हिम्मत नहीं करते क्योंकि तुम चीजों को स्पष्ट रूप से नहीं देख सकते? यह इनमें से किसी भी चीज के कारण नहीं है; यह मुख्य रूप से तुम्हारे भ्रष्ट स्वभावों द्वारा बाधित होने का परिणाम है। तुम्हारे द्वारा प्रकट किए जाने वाले भ्रष्ट स्वभावों में से एक कपटी स्वभाव है : जब कुछ घटित होता है, तो सबसे पहले तुम अपने हितों, अपने कार्यों के परिणामों और क्या वे तुम्हारे लिए फायदेमंद होंगे, इस पर विचार करते हो। यह एक कपटी स्वभाव है, है ना? दूसरा स्वार्थी और नीच स्वभाव है। तुम सोचते हो, “उनके द्वारा परमेश्वर के घर के हितों को नुकसान पहुँचाने से मेरा क्या लेना-देना? मैं अगुआ नहीं हूँ, तो मुझे इसमें क्यों शामिल होना चाहिए? इसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है और यह मेरी जिम्मेदारी नहीं है।” ऐसे विचार और शब्द कुछ ऐसे नहीं हैं जिन्हें तुम जानबूझकर सोचते हो, बल्कि वे तुम्हारे द्वारा अनजाने में उत्पन्न होते हैं—ये वे भ्रष्ट स्वभाव हैं जिन्हें लोग किसी समस्या का सामना करने पर प्रकट करते हैं। ये भ्रष्ट स्वभाव तुम्हारे विचारों पर शासन करते हैं, वे तुम्हारे हाथ-पैर बाँधते हैं और तुम जो भी कहते हो उसे नियंत्रित करते हैं। अपने दिल में, तुम खड़े होकर बोलना चाहते हो, लेकिन तुम्हारे मन में आशंकाएँ रहती हैं और भले ही तुम बोलते हो, तुम घुमा-फिराकर बात करते हो और अपने लिए बचने की गुंजाइश छोड़ते हो या तुम गोलमोल बातें करते हो और बस सत्य नहीं बोलते। भेद पहचानने की क्षमता रखने वाले लोग यह देख सकते हैं और वास्तव में, तुम भी अपने दिल में जानते हो कि तुमने वह सब नहीं कहा जो तुम्हें कहना चाहिए था, तुमने नतीजे हासिल नहीं किए, तुम केवल रस्म अदायगी कर रहे थे और समस्या हल नहीं हुई है। तुमने अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की है, फिर भी तुम ढिठाई से कहते हो कि तुमने पूरी कर ली है या यह दावा करते हो कि तुमने उस समय चीजों को स्पष्ट रूप से नहीं देखा था। क्या ये दावे तथ्यों के अनुरूप हैं? क्या तुम वास्तव में यही सोचते हो? क्या तुम पूरी तरह से अपने शैतानी स्वभावों के नियंत्रण में नहीं हो? भले ही तुम जो कहते हो उसमें से कुछ तथ्यों के अनुरूप हो, प्रमुख स्थानों पर और अहम मुद्दों पर, तुम झूठ बोलते हो और लोगों को धोखा देते हो। यह साबित करने के लिए काफी है कि तुम एक झूठे हो और ऐसे व्यक्ति हो जो अपने शैतानी स्वभावों के अनुसार जीता है। तुम जो कुछ भी कहते और सोचते हो वह एक मानसिक फिल्टर से होकर गुजरता है। नतीजतन, तुम जो बातें कहते हो वे सभी झूठ, खोखले शब्द और असत्य होते हैं—वास्तव में, वे सभी तथ्यों के विपरीत होते हैं, कुतर्क का उपयोग करके खुद को उचित ठहराने के लिए बोले गए शब्द होते हैं, ऐसे शब्द जो तुम्हारे अपने लाभ के लिए हैं। जब तुमने सभी को गुमराह कर दिया है और उन्हें खुद पर विश्वास दिला दिया है, तो तुम्हें लगता है कि तुमने अपना उद्देश्य प्राप्त कर लिया है। यह तुम्हारे बोलने का तरीका है, और यह तुम्हारे स्वभाव का भी प्रतिनिधित्व करता है। तुम पूरी तरह से अपने शैतानी स्वभावों द्वारा नियंत्रित हो।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
अविश्वासियों में एक तरह का भ्रष्ट स्वभाव होता है। जब वे अन्य लोगों को कोई पेशेवर ज्ञान या कौशल का कोई खास क्षेत्र सिखाते हैं, तो वे सोचते हैं, “‘जब कोई गुरु छात्र को हर वो चीज सिखा देगा जो वह जानता है, तो गुरु के हाथ से आजीविका चली जाएगी।’ अगर मैं दूसरों को वह सब कुछ सिखा देता हूँ जो मैं जानता हूँ, तो फिर कभी कोई मेरा आदर नहीं करेगा या मेरी बात नहीं मानेगा और मैं एक शिक्षक के रूप में अपना रुतबा खो बैठूँगा। यह नहीं चलेगा। मैं उन्हें वह सब कुछ नहीं सिखा सकता जो मैं जानता हूँ, मुझे कुछ सबसे अहम चीजों को बचाकर रखना चाहिए, इस तरह लोग मेरा आदर और सम्मान करेंगे और मैं दिखा सकता हूँ कि मैं दूसरों से श्रेष्ठ हूँ।” यह किस तरह का स्वभाव है? यह धोखेबाजी है। दूसरों को सिखाते समय या उनके साथ अपनी सीखी हुई कोई चीज साझा करते समय तुम लोगों को कैसा रवैया अपनाना चाहिए? (हमें कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए और कुछ भी बचाकर नहीं रखना चाहिए।) तुम कैसे कुछ भी बचाकर नहीं रखते? अगर तुम कहते हो, “जब बात उन चीजों की आती है जिन्हें मैंने सीखा है, तो मैं कुछ भी बचाकर नहीं रखता और मुझे तुम सब को उन चीजों के बारे में बताने में कोई परेशानी नहीं है। वैसे भी मुझमें तुम लोगों से बेहतर काबिलियत है और मैं अधिक उन्नत चीजों को समझ सकता हूँ”—यह अभी भी चीजों को बचाकर रखने वाली और काफी षड्यंत्रकारी बात है। या अगर तुम कहते हो, “मैं तुम लोगों को वे सभी बुनियादी चीजें सिखाऊँगा जो मैंने सीखी हैं, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। मेरे कौशल में अभी भी अधिक उन्नत चीजें हैं और यहाँ तक कि अगर तुम सब लोग यह सब सीख भी लेते हो, तब भी तुम मेरे जितने उन्नत नहीं हो पाओगे”—यह अभी भी चीजों को बचाकर रखना है। अगर कोई व्यक्ति अधिक स्वार्थी है तो उसे परमेश्वर का आशीष प्राप्त नहीं होगा। लोगों को परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होना सीखना चाहिए। परमेश्वर के घर में तुम्हें उन सबसे महत्वपूर्ण और सारभूत बातों का योगदान करना चाहिए जिनमें तुम पारंगत हो चुके हो, ताकि परमेश्वर के चुने हुए लोग उन्हें सीख सकें और उनमें महारत हासिल कर सकें-यह परमेश्वर द्वारा आशीषित है, और फिर वह तुम्हें और भी अधिक चीजें प्रदान करेगा। “लेने से देना धन्य है,” यह कहने का यही अर्थ है। यदि तुम अपने कर्तव्य में अपने सभी गुणों और खूबियों का उपयोग करते हो और अपने कर्तव्य को इस तरह पूरा करते हो कि सभी को इससे लाभ हो, तो यह कलीसिया के काम के लिए फायदेमंद है और परमेश्वर इसे स्वीकृति देगा। यदि तुम अपने गुणों और खूबियों को रोककर रखते हो, बस उनमें से थोड़ा-सा उपयोग करते हो और सोचते हो कि तुम बहुत अच्छा कर रहे हो, तो यह ठीक नहीं होगा; इस तरह से अपना कर्तव्य करने से अच्छे नतीजे हासिल नहीं हो सकते। तुम जितना भी समझते और असलियत जानते हो, तुम्हें उतनी सारी संगति करनी चाहिए, केवल तभी सबको लाभ हो सकता है और बेहतर नतीजे प्राप्त किए जा सकते हैं। मान लो कि तुम केवल मोटे तौर पर बोलते हो और बारीकियाँ नहीं समझाते, महत्वपूर्ण चीजों को अपने दिल में छिपाकर रखते हो, फिर भी तुम मन ही मन सोचते हो, “चाहे जो भी हो, मैंने तुम्हें बता दिया है। यदि तुमने इसे नहीं समझा है, तो यह इसलिए है क्योंकि तुम्हारी काबिलियत खराब है, यह मेरी गलती नहीं है।” ऐसे इरादे में कपट होता है, है न? क्या यह स्वार्थी और नीच नहीं है? तुम दूसरों को वह सब कुछ क्यों नहीं सिखा सकते जो तुम्हारे दिल में है और जो कुछ भी तुम समझते हो, बजाय इसके कि कुछ रोककर रखो? यह तुम्हारे इरादों और तुम्हारे स्वभाव की समस्या है। जब अधिकांश लोगों को पहली बार पेशेवर ज्ञान के किसी विशिष्ट पहलू से परिचित कराया जाता है, तो वे केवल उसका शाब्दिक अर्थ ही समझ पाते हैं; महत्वपूर्ण बिंदुओं और सार को समझने से पहले अभ्यास की एक अवधि लगती है। यदि तुम इन चीजों में पहले से ही महारत हासिल कर चुके हो, तो तुम्हें उन्हें सीधे बताना चाहिए; उन्हें इतना घुमावदार रास्ता मत लेने दो और इतना समय टटोलने में मत बिताने दो। यह तुम्हारी जिम्मेदारी है; यह वही है जो तुम्हें करना चाहिए। तुम्हें उन्हें वह बताना है जिसे तुम महत्वपूर्ण बिंदु और सार मानते हो—केवल तभी तुम कुछ भी नहीं रोक रहे होगे या स्वार्थी मंशाएँ नहीं पाल रहे होगे। जब तुम लोग दूसरों को कौशल सिखाते हो, उनके साथ किसी निश्चित पेशे के बारे में संवाद करते हो या उनके साथ जीवन प्रवेश पर संगति करते हो, यदि तुम स्वार्थ और नीचता के भ्रष्ट स्वभावों का समाधान नहीं कर सकते, तो तुम अपने कर्तव्यों को अच्छी तरह से नहीं कर पाओगे, जिस स्थिति में, तुम ऐसे लोग नहीं हो जिनमें मानवता या जमीर और विवेक है या जो सत्य का अभ्यास करते हैं। तुम्हें अपने भ्रष्ट स्वभावों का समाधान करने के लिए सत्य की तलाश करनी चाहिए और उस बिंदु तक पहुँचना चाहिए जहाँ तुम स्वार्थी मंशाओं से रहित हो और केवल परमेश्वर के इरादों पर विचार करते हो। इस तरह, तुममें सत्य वास्तविकता होगी। यदि तुम सत्य का अनुसरण नहीं करते और अविश्वासियों की तरह शैतानी स्वभावों के अनुसार जीते हो, तो यह बहुत थकाऊ है। अविश्वासी दुनिया में, हर उद्योग में प्रतिस्पर्धा विशेष रूप से भयंकर होती है। एक बार जब लोग कुछ तकनीकी या पेशेवर कौशल सीख लेते हैं या किसी क्षमता में महारत हासिल कर लेते हैं, तो वे उसे अपने तक ही रखते हैं और किसी को नहीं सिखाते, इस डर से कि अगर वे ऐसा करेंगे, तो अपनी आजीविका खो देंगे। अपनी आजीविका की रक्षा के लिए, उन्हें लोगों द्वारा उनके कौशल चुराने के प्रति भी लगातार सतर्क रहना पड़ता है। भले ही वे किसी प्रशिक्षु को सिखाएँ, उन्हें कुछ रोककर रखना पड़ता है; वे सबसे अहम तकनीकें बाहरी लोगों को नहीं देते, बल्कि केवल अपने बच्चों और वंशजों को देते हैं। लोग तमाम तरह की तकनीकों और क्षमताओं को अपनी आजीविका, अपनी पूँजी, अपने अस्तित्व का असली मूल मानते हैं, जिनके बारे में कभी भी दूसरों को नहीं बताया जाना चाहिए। लेकिन तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो—यदि तुम अभी भी इस तरह सोचते हो और परमेश्वर के घर में इस तरह काम करते हो, तो तुममें और एक अविश्वासी में कोई अंतर नहीं है। यदि तुम सत्य को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करते और शैतान के फलसफों के अनुसार जीना जारी रखते हो, तो तुम ऐसे व्यक्ति नहीं हो जो वास्तव में परमेश्वर में विश्वास करता है। यदि कर्तव्य करते समय तुममें हमेशा स्वार्थी मंशाएँ होती हैं और तुम जोड़-तोड़ कर रहे होते हो, तो तुम्हें परमेश्वर का आशीष नहीं मिलेगा।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
कुछ लोग हमेशा इस बात से डरे रहते हैं कि दूसरे लोग उनसे बेहतर और ऊपर हैं, अन्य लोगों को पहचान मिलेगी, जबकि उन्हें अनदेखा किया जाएगा, और इसी वजह से वे दूसरों पर हमला करते हैं और उन्हें अलग कर देते हैं। क्या यह प्रतिभाशाली लोगों से ईर्ष्या करने का मामला नहीं है? क्या यह स्वार्थपूर्ण और घृणित नहीं है? यह कैसा स्वभाव है? यह एक क्रूर स्वभाव है। जो लोग दूसरों के बारे में सोचे बिना या परमेश्वर के घर के हितों को ध्यान में रखे बिना केवल अपने हितों के बारे में सोचते हैं, जो केवल अपनी स्वार्थपूर्ण इच्छाओं को संतुष्ट करते हैं, वे बुरे स्वभाव वाले होते हैं और परमेश्वर उन्हें पसंद नहीं करता। अगर तुम परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशीलता दिखाने में वाकई समर्थ हो तो तुम दूसरे लोगों से निष्पक्ष ढंग से पेश आने में सक्षम होगे। अगर तुम किसी अच्छे व्यक्ति की सिफारिश करते हो और उसे प्रशिक्षित होने और कोई कर्तव्य निर्वहन करने देते हो, और इस तरह एक प्रतिभाशाली व्यक्ति को परमेश्वर के घर में शामिल करते हो, तो क्या उससे तुम्हारा काम और आसान नहीं हो जाएगा? तब क्या तुम अपने कर्तव्य में समर्पित नहीं होगे? यह परमेश्वर के समक्ष एक अच्छा कर्म है; यह वह न्यूनतम अंतरात्मा और विवेक है जो अगुआ के रूप में कार्य करने वालों के पास होना चाहिए। जो लोग सत्य को अभ्यास में लाने में समर्थ हैं, वे जो चीजें करते हैं उनमें परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार कर सकते हैं। जब तुम परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार करते हो तो तुम्हारा हृदय सही हो जाएगा। यदि तुम हमेशा दूसरों को दिखाने के लिए ही चीजें करते हो और हमेशा दूसरों की प्रशंसा और सराहना प्राप्त करना चाहते हो और परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार नहीं करते हो तो क्या तब भी परमेश्वर तुम्हारे हृदय में है? ऐसे लोगों में परमेश्वर का भय मानने वाला हृदय नहीं होता। हमेशा अपने लिए कार्य मत करो, हमेशा अपने हितों की मत सोचो, अपने अहंकार, प्रतिष्ठा और रुतबे पर विचार मत करो और अपने निजी हितों पर विचार मत करो। तुम्हें सबसे पहले परमेश्वर के घर के हितों पर विचार करना चाहिए और उन्हें अपनी प्राथमिकता बनाना चाहिए। तुम्हें परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होना चाहिए और सबसे पहले यह चिंतन करना चाहिए कि तुम्हारे कर्तव्य निर्वहन में अशुद्धियाँ रही हैं या नहीं, तुम समर्पित रहे हो या नहीं, तुमने अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी की हैं या नहीं, और अपना सर्वस्व दिया है या नहीं, साथ ही तुम अपने कर्तव्य और कलीसिया के कार्य पर पूरे दिल से विचार करते रहे हो या नहीं। तुम्हें इन चीजों के बारे में अवश्य विचार करना चाहिए। अगर तुम इन पर बार-बार विचार करते हो और इन्हें समझ लेते हो, तो तुम्हारे लिए अपना कर्तव्य अच्छे से निभाना आसान हो जाएगा। अकेला अपवाद यह है कि अगर तुम्हारी काबिलियत खराब है या तुम्हारा अनुभव उथला है या तुम अपने पेशेवर कार्य में पर्याप्त रूप से दक्ष नहीं हो और नतीजतन तुम्हारे कार्य में कुछ गलतियाँ या कमियाँ पैदा होती हैं, और यह अच्छे परिणाम मिलने से रोकता है, पर तुम पहले ही अपना सर्वश्रेष्ठ कर रहे हो। तुम अपनी स्वार्थपूर्ण इच्छाओं या पसंद को संतुष्ट करने के लिए कार्य नहीं कर रहे हो। इसके बजाय, तुम हर मामले में कलीसिया के कार्य और परमेश्वर के घर के हितों पर विचार कर रहे हो। यूँ तो हो सकता है कि तुम अपने कर्तव्य में अच्छे नतीजे प्राप्त न कर रहे हो, तुम्हारा हृदय सही दशा में है; इसके अलावा अगर तुम अपने कर्तव्य में समस्याओं का समाधान करने के लिए सत्य खोजने में समर्थ हो तो तुम अपने कर्तव्य निर्वहन में मानक स्तर के होओगे और साथ ही तुम सत्य वास्तविकता में प्रवेश करोगे। तब तुम्हारे पास गवाही होगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपने भ्रष्ट स्वभावों को त्यागकर ही आजादी और मुक्ति पाई जा सकती है
मसीह-विरोधियों में न कोई अंतरात्मा होती है, न विवेक और न ही मानवता। वे न केवल शर्म से बेपरवाह होते हैं, बल्कि उनकी एक और पहचान होती है : वे असाधारण रूप से स्वार्थी और नीच होते हैं। “स्वार्थी और नीच” का शाब्दिक अर्थ समझना मुश्किल नहीं है। इसका मतलब है कि व्यक्ति लाभ के सिवा कुछ नहीं चाहता। यदि किसी बात का सरोकार उनके अपने हितों से होता है तो वे उसमें अपना पूरा मन लगा देंगे, उसके लिए कष्ट सहेंगे और कीमत चुकाएँगे, और उसमें अपनी सोच और ऊर्जा लगाएँगे। यदि किसी बात का सरोकार उनके अपने हितों से नहीं होता है तो वे उससे आँखें मूँद लेंगे और उस पर कोई ध्यान नहीं देंगे; वे दूसरों को अपनी मर्जी करने देंगे—भले ही कोई विघ्न-बाधाएँ पैदा कर रहा हो, वे उसे नजरअंदाज़ कर देंगे और सोचेंगे कि इसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है। इसे कहने का एक अच्छा तरीका यह है कि वे अपने काम से मतलब रखते हैं, लेकिन यह कहना अधिक सटीक है कि इस तरह का व्यक्ति नीच, अधम और घिनौना होता है—हम उन्हें “स्वार्थी और नीच” ठहराते हैं। मसीह-विरोधियों की स्वार्थपरता और नीचता कैसे प्रकट होती है? उनके रुतबे और प्रतिष्ठा को जिससे लाभ होता है, वे उसके लिए जो भी जरूरी होता है उसे करने या बोलने के प्रयास करते हैं और वे स्वेच्छा से हर पीड़ा सहन करते हैं। लेकिन जहाँ बात परमेश्वर के घर द्वारा व्यवस्थित कार्य से संबंधित होती है, या परमेश्वर के चुने हुए लोगों की जीवन संवृद्धि को लाभ पहुँचाने वाले कार्य से संबंधित होती है, वे पूरी तरह इसे अनदेखा करते हैं। यहाँ तक कि जब बुरे लोग विघ्न-बाधाएँ पैदा करते हैं, सभी प्रकार की बुराई कर रहे होते हैं और इसके फलस्वरूप कलीसिया के कार्य को बुरी तरह प्रभावित कर रहे होते हैं, तब भी वे उससे सरोकार नहीं रखते और इसके बारे में पूछताछ नहीं करते हैं, मानो उनका उससे कोई लेना-देना ही न हो। और अगर कोई किसी बुरे व्यक्ति के बुरे कर्मों के बारे में जान जाता है और इनकी रिपोर्ट कर देता है तो वे कहते हैं कि उन्होंने कुछ नहीं देखा और अज्ञानता का ढोंग करने लगते हैं। लेकिन अगर कोई उनकी रिपोर्ट करता है और यह उजागर करता है कि वे वास्तविक कार्य नहीं करते और सिर्फ प्रसिद्धि, लाभ और रुतबे का अनुसरण करते हैं तो वे आग बबूला हो जाते हैं। यह तय करने के लिए आनन-फानन में बैठकें बुलाई जाती हैं कि क्या उत्तर दिया जाए, यह पता लगाने के लिए जाँच की जाती है कि किसने गुपचुप यह काम किया, सरगना कौन था और कौन शामिल था। जब तक वे इसकी तह तक नहीं पहुँच जाते और मामला शांत नहीं हो जाता, तब तक उनका खाना और सोना हराम रहता है—उन्हें केवल तभी खुशी मिलती है जब वे उनकी रिपोर्ट करने वाले सभी लोगों को धराशायी कर देते हैं। यह स्वार्थपरता और नीचता की अभिव्यक्ति है, है न? क्या वे कलीसिया का कार्य कर रहे हैं? वे अपने सामर्थ्य और रुतबे के लिए कार्य कर रहे हैं और अपने खुद के उद्यम में लगे हुए हैं, और कुछ नहीं। मसीह-विरोधी चाहे जिस भी कार्य के लिए जिम्मेदार हों, वे कभी परमेश्वर के घर के हितों पर विचार नहीं करते। वे केवल इस बात पर विचार करते हैं कि कहीं उनके हित तो प्रभावित नहीं हो रहे हैं और वे केवल अपने सामने के उस छोटे-से काम के बारे में सोचते हैं, जिससे उन्हें फायदा होता है। उनकी नजर में, कलीसिया का प्राथमिक कार्य बस वही है जिसे वे अपने खाली समय में करते हैं। वे उसे बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लेते। वे केवल तभी हिलते हैं जब उन्हें काम करने के लिए कोंचा जाता है, केवल वही करते हैं जो वे करना पसंद करते हैं और केवल वही कार्य करते हैं जो उनके अपने सामर्थ्य और रुतबे को कायम रखने के लिए होता है। उनकी नजर में परमेश्वर के घर द्वारा व्यवस्थित कोई भी कार्य, सुसमाचार फैलाने का कार्य और परमेश्वर के चुने हुए लोगों का जीवन प्रवेश महत्वपूर्ण नहीं हैं। चाहे अन्य लोगों को अपने काम में जो भी कठिनाइयाँ आ रही हों, उन्होंने जिन भी मुद्दों को पहचाना और उन्हें रिपोर्ट किया हो, उनके शब्द कितने भी ईमानदार हों, मसीह-विरोधी उन पर कोई ध्यान नहीं देते, वे उनमें शामिल नहीं होते, मानो इन मामलों से उनका कोई लेना-देना ही न हो। कलीसिया के काम में उभरने वाली समस्याएँ चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, वे पूरी तरह से उदासीन रहते हैं। अगर कोई समस्या उनके ठीक सामने रख दी जाए, तब भी वे उससे खानापूरी वाले तरीके से ही निपटते हैं। केवल जब ऊपरवाला सीधे उनकी काट-छाँट करता है और उन्हें किसी समस्या को सुलझाने का आदेश देता है, तभी वे बेमन से थोड़ा-सा वास्तविक कार्य करेंगे और ऊपरवाले को दिखाने के लिए दिखावा करेंगे। इसके बाद, वे खुद को अपने ही मामलों में व्यस्त रखना जारी रखेंगे। जब कलीसिया के कार्य की या समग्र स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों की बात आती है, तो वे इनमें से किसी भी चीज से सरोकार नहीं रखते हैं और इन्हें अनदेखा कर देते हैं, और यहाँ तक कि समस्याएँ पता चलने पर भी वे उन्हें नहीं सँभालते हैं। चाहे दूसरे कोई भी मुद्दा उठाएँ, वे अनमने ढंग से जवाब देते हैं और टालमटोल करते हैं, बड़ी अनिच्छा से ही मुद्दों से निपटते हैं। क्या यह स्वार्थपरता और नीचता की अभिव्यक्ति नहीं है? इसके अलावा, मसीह-विरोधी चाहे कोई भी कर्तव्य निभाएँ, वे हमेशा यह विचार करते हैं कि क्या वे सुर्खियों में आ सकते हैं; अगर कोई कर्तव्य उनकी प्रतिष्ठा बढ़ा सकता है, तो वे यह सीखने के लिए कि इसे कैसे करना है और इसे कार्यान्वित करने के लिए अपना दिमाग खपाएँगे और हर संभव तरीका खोजने की कोशिश करेंगे। अगर वे दूसरों से ऊपर उठ सकते हैं, तो वे संतुष्ट रहते हैं। वे चाहे जो कुछ भी कर या सोच रहे हों, वे हर मोड़ पर केवल अपनी प्रसिद्धि, लाभ और रुतबे के बारे में ही सोचते हैं। वे चाहे जो भी कर्तव्य करें, वे केवल यह देखने के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं कि कौन बेहतर है, कौन जीतता है और किसकी प्रतिष्ठा अधिक है। वे केवल इस बात की परवाह करते हैं कि कितने लोग उन्हें आराध्य मानते हैं और उनका आदर करते हैं, कितने लोग उनकी सुनते हैं और उनका अनुसरण करते हैं। वे कभी भी सत्य पर संगति नहीं करते और वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं करते हैं। वे कभी इस बात पर विचार नहीं करते कि अपना कर्तव्य इस तरह से कैसे करें कि वे सिद्धांतों के अनुसार चीजों को सँभाल सकें, न ही वे इस पर चिंतन करते हैं कि क्या उनमें लगन है, क्या उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को पूरा किया है, क्या उनके कार्य में कोई विचलन, चूक या समस्या है, और वे इस बात पर तो और भी कम विचार करते हैं कि परमेश्वर की अपेक्षाएँ क्या हैं, और परमेश्वर के इरादे क्या हैं। वे इन सभी चीजों पर जरा भी ध्यान नहीं देते हैं। वे केवल प्रसिद्धि, लाभ और रुतबे की खातिर और अपनी महत्वाकांक्षाओं और इच्छाओं को पूरा करने के लिए खुद को अपने कार्य में झोंकते हैं। क्या यह स्वार्थपरता और नीचता की अभिव्यक्ति नहीं है? यह इस तथ्य को पूरी तरह से उजागर करता है कि उनके दिल महत्वाकांक्षाओं, इच्छाओं और अविवेकपूर्ण माँगों से भरे हुए हैं, और उनका हर क्रियाकलाप उनकी महत्वाकांक्षाओं और इच्छाओं द्वारा संचालित होता है। वे चाहे जो भी करें, उनके क्रियाकलापों की प्रेरणा और स्रोत उनकी अपनी महत्वाकांक्षाओं, इच्छाओं और अविवेकपूर्ण माँगों से आते हैं। यह स्वार्थपरता और नीचता की एक ठेठ अभिव्यक्ति है।
—वचन, खंड 4, मसीह-विरोधियों को उजागर करना, अनुपूरक चार : मसीह-विरोधियों के चरित्र और उनके स्वभाव सार का सारांश (भाग एक)
मसीह-विरोधियों के स्वार्थीपन और नीचता का सार स्पष्ट है; उनकी इस तरह की अभिव्यक्तियाँ विशेष रूप से प्रमुख हैं। कलीसिया उन्हें एक काम सौंपती है, अगर वह प्रसिद्धि और लाभ लाता है और उन्हें अपना चेहरा दिखाने देता है तो वे उसमें बहुत रुचि लेते हैं और उसे स्वीकारने को तैयार रहते हैं। अगर वह ऐसा कार्य है, जिससे सराहना नहीं मिलती या जिसमें लोगों को नाराज़ करना शामिल है, या जिसमें उन्हें लोगों के बीच जाने का मौका नहीं मिलता या जिससे उनकी प्रसिद्धि, लाभ और रुतबे को कोई फायदा नहीं पहुँचता तो उसमें उनकी कोई रुचि नहीं होती और वे उसे स्वीकार नहीं करते, मानो उस काम का उनसे कोई लेना-देना न हो और वह ऐसा कार्य न हो जो उन्हें करना चाहिए। जब वे कठिनाइयों का सामना करते हैं तो इस बात की कोई संभावना नहीं होती कि वे उन्हें हल करने के लिए सत्य की तलाश करेंगे, समग्र स्थिति देखने की कोशिश करना और कलीसिया के काम पर ध्यान देना तो दूर की बात है। उदाहरण के लिए, परमेश्वर के घर के कार्य के दायरे में, कार्य की समग्र आवश्यकताओं के आधार पर, कुछ कर्मियों का तबादला हो सकता है। अगर किसी कलीसिया से कुछ लोगों का तबादला कर दिया जाता है तो उस कलीसिया के अगुआओं को समझदारी के साथ इस मामले से कैसे निपटना चाहिए? अगर वे समग्र हितों के बजाय सिर्फ अपनी कलीसिया के हितों से ही सरोकार रखते हैं और अगर वे उन लोगों को स्थानांतरित करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं होते तो इसमें क्या समस्या है? कलीसिया-अगुआ के रूप में, वे परमेश्वर के घर की केंद्रीकृत व्यवस्थाओं के प्रति समर्पित होने में असमर्थ क्यों रहते हैं? क्या ऐसा व्यक्ति परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होता है? क्या वह कार्य की समग्र स्थिति के प्रति सचेत होता है? अगर वह परमेश्वर के घर के कार्य के बारे में समग्र रूप से नहीं सोचता, बल्कि सिर्फ अपनी कलीसिया के हितों के बारे में सोचता है तो क्या वह बहुत स्वार्थी और नीच नहीं है? कलीसिया-अगुआओं को परमेश्वर की संप्रभुता और व्यवस्थाओं, परमेश्वर के घर की केंद्रीकृत व्यवस्थाओं और समन्वय के प्रति बिना शर्त समर्पित होना चाहिए। यही सत्य सिद्धांतों के अनुरूप है। जब परमेश्वर के घर के कार्य को आवश्यकता हो तो चाहे वे कोई भी हों, सभी को परमेश्वर के घर के समन्वय और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पित होना चाहिए और किसी एक अगुआ या कार्यकर्ता द्वारा नियंत्रित नहीं होना चाहिए, मानो वे उसके हों या उसके निर्णयों के अधीन हों। परमेश्वर के चुने हुए लोगों की परमेश्वर के घर की केंद्रीकृत व्यवस्थाओं के प्रति आज्ञाकारिता बिल्कुल स्वाभाविक और उचित है और इन व्यवस्थाओं की किसी के द्वारा अवहेलना नहीं की जा सकती, जब तक कि कोई अगुआ या कार्यकर्ता कोई मनमाना तबादला नहीं करता जो सिद्धांत के अनुसार न हो—उस मामले में इस व्यवस्था की अवज्ञा की जा सकती है। अगर सिद्धांतों के अनुसार सामान्य स्थानांतरण किया जाता है तो परमेश्वर के सभी चुने हुए लोगों को आज्ञापालन करना चाहिए और किसी अगुआ या कार्यकर्ता को किसी को नियंत्रित करने का प्रयास करने का अधिकार या कोई कारण नहीं है। क्या तुम लोग कहोगे कि ऐसा भी कोई कार्य होता है जो परमेश्वर के घर का कार्य नहीं होता? क्या कोई ऐसा कार्य होता है जिसमें परमेश्वर के राज्य का सुसमाचार फैलाना शामिल नहीं होता? यह सब परमेश्वर के घर का ही कार्य होता है, हर कार्य समान होता है और उसमें कोई “तेरा” और “मेरा” नहीं होता। अगर तबादला सिद्धांत के अनुरूप और कलीसिया के कार्य की आवश्यकताओं पर आधारित है तो इन लोगों को वहाँ जाना चाहिए जहाँ इनकी सबसे ज्यादा जरूरत है। फिर भी, जब इस तरह की परिस्थिति का सामना करना पड़े तो मसीह-विरोधियों की प्रतिक्रिया क्या होती है? वे इन उपयुक्त लोगों को अपने साथ रखने के लिए तरह-तरह के कारण और बहाने ढूँढ़ते हैं और केवल दो साधारण लोगों की पेशकश करते हैं और फिर तुम पर शिकंजा कसने के लिए कोई बहाना ढूँढ़ते हैं, या तो यह कहते हुए कि उनके पास काम बहुत है या यह कि उनके पास लोग कम हैं, लोगों का मिलना मुश्किल होता है, यदि इन दोनों को भी स्थानांतरित कर दिया गया तो इसका काम पर असर पड़ेगा। और वे तुमसे ही पूछते हैं कि उन्हें क्या करना चाहिए और तुम्हें यह महसूस कराते हैं कि लोगों को स्थानांतरित करने का मतलब है कि तुम उनके एहसानमंद हो। क्या दानव इसी तरह काम नहीं करते? गैर-विश्वासी इसी तरह काम करते हैं। जो लोग कलीसिया में हमेशा अपने हितों की रक्षा करने का प्रयास करते हैं—क्या वे अच्छे लोग होते हैं? क्या वे सिद्धांत के अनुसार कार्य करने वाले लोग होते हैं? बिल्कुल नहीं। वे गैर-विश्वासी और छद्म-विश्वासी हैं। और क्या यह काम स्वार्थी और नीच नहीं है? अगर किसी मसीह-विरोधी के अधीनस्थ किसी अच्छी काबिलियत वाले व्यक्ति को दूसरा कर्तव्य करने के लिए स्थानांतरित किया जाता है तो मसीह-विरोधी अपने दिल में इसका हठपूर्वक विरोध करता और इसे नकार देता है, वह काम छोड़ देना चाहता है और अब उसमें अगुआ या टीम प्रमुख होने का कोई उत्साह नहीं रह जाता। यह क्या समस्या है? उनमें कलीसिया की व्यवस्थाओं के प्रति आज्ञाकारिता क्यों नहीं होती? उन्हें लगता है कि उनके “दाएँ-हाथ जैसे व्यक्ति” का तबादला उनके काम के परिणामों और प्रगति को प्रभावित करेगा, परिणामस्वरूप उनके रुतबे और प्रतिष्ठा पर असर पड़ेगा, जिससे उन्हें परिणामों की गारंटी देने के लिए कड़ी मेहनत करने और ज्यादा कष्ट उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा—जो आखिरी चीज है, जिसे वे करना चाहते हैं। वे सुविधाभोगी हो गए हैं और थोड़ा और काम करना या थोड़ा और कष्ट उठाना नहीं चाहते, इसलिए वे उस व्यक्ति को जाने नहीं देना चाहते। अगर परमेश्वर का घर फिर भी तबादला कर देता है तो वे बहुत शिकायत करते हैं, यहाँ तक कि अपना काम भी छोड़ देना चाहते हैं। क्या यह स्वार्थी और नीच होना नहीं है? परमेश्वर के घर द्वारा परमेश्वर के चुने हुए लोगों को केंद्रीय रूप से आवंटित किया जाना चाहिए। इसका किसी अगुआ, टीम प्रमुख या व्यक्ति से कोई लेना-देना नहीं है। सभी को सिद्धांत के अनुसार कार्य करना चाहिए; यह परमेश्वर के घर का नियम है। मसीह-विरोधी परमेश्वर के घर के सिद्धांतों के अनुसार कार्य नहीं करते; वे लगातार अपने रुतबे और हितों के लिए साजिशें रचते हैं और अपनी शक्ति और रुतबे को मजबूत करने के लिए अच्छी काबिलियत वाले भाई-बहनों से अपनी सेवा करवाने के लिए उनका इस्तेमाल करने की आशा करते हैं। क्या यह स्वार्थी और नीच होना नहीं है? बाहरी तौर पर, अच्छी काबिलियत वाले लोगों को अपने पास रखना और परमेश्वर के घर द्वारा उनका तबादला न होने देना ऐसा प्रतीत होता है, मानो वे कलीसिया के काम के बारे में सोच रहे हों, लेकिन वास्तव में वे सिर्फ अपनी शक्ति और रुतबे के बारे में सोच रहे होते हैं, कलीसिया के काम के बारे में बिल्कुल नहीं सोचते। वे डरते हैं कि वे कलीसिया का काम खराब तरह से करेंगे और फलस्वरूप बर्खास्त कर दिए जाएँगे जिससे उनका रुतबा खो जाएगा। मसीह-विरोधी परमेश्वर के घर के व्यापक कार्य के बारे में कोई विचार नहीं करते, सिर्फ अपने रुतबे के बारे में सोचते हैं, परमेश्वर के घर के हितों को होने वाले नुकसान के लिए जरा भी खेद न करके अपने रुतबे की रक्षा करते हैं और कलीसिया के कार्य को हानि पहुँचाकर अपने रुतबे और हितों की रक्षा करते हैं। यह स्वार्थी और नीच होना है। जब ऐसी स्थिति आए तो कम से कम व्यक्ति को अपने जमीर से सोचना चाहिए : “ये सभी परमेश्वर के घर के लोग हैं, ये कोई मेरी निजी संपत्ति नहीं हैं। मैं भी परमेश्वर के घर का सदस्य हूँ। मुझे परमेश्वर के घर को लोगों को स्थानांतरित करने से रोकने का क्या अधिकार है? मुझे केवल अपनी जिम्मेदारियों के दायरे में आने वाले काम पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय परमेश्वर के घर के समग्र हितों पर विचार करना चाहिए।” जिन लोगों में जमीर और विवेक होता है, उन लोगों के विचार ऐसे ही होने चाहिए; जो परमेश्वर में विश्वास रखते हैं, उनमें भी यही विवेक होना चाहिए। परमेश्वर का घर समग्र के कार्य में संलग्न है और कलीसियाएँ हिस्सों के कार्य में संलग्न हैं। इसलिए जब परमेश्वर के घर को कलीसिया से कोई विशेष आवश्यकता हो तो इस परिस्थिति में अगुआओं और कार्यकर्ताओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण यह है कि वे सबसे पहले परमेश्वर के घर की व्यवस्थाओं का पालन करें। नकली अगुआओं और मसीह-विरोधियों में ऐसा जमीर और विवेक नहीं होता। वे सब बहुत स्वार्थी होते हैं, वे सिर्फ अपने बारे में सोचते हैं और वे कलीसिया के कार्य के बारे में नहीं सोचते। वे अपनी आँखों के सामने के लाभों पर ही विचार करते हैं, वे परमेश्वर के घर के व्यापक कार्य पर विचार नहीं करते हैं, और इसलिए वे परमेश्वर के घर की व्यवस्थाओं का बिल्कुल भी पालन नहीं करेंगे। वे बेहद स्वार्थी और नीच होते हैं! परमेश्वर के घर में उनकी हिम्मत इतनी बढ़ जाती है कि वे बाधा डालने वाले हो जाते हैं, यहाँ तक कि वे अपने मनसूबों से बाज नहीं आते; ऐसे लोग मानवता से बिल्कुल शून्य होते हैं, कुकर्मी होते हैं। मसीह-विरोधी इसी प्रकार के लोग हुआ करते हैं। वे हमेशा कलीसिया के काम को, भाइयों और बहनों को, यहाँ तक कि परमेश्वर के घर की सारी संपत्ति को जो उनकी जिम्मेदारी के दायरे में आती है, निजी संपत्ति के रूप में ही देखते हैं। जब इन चीजों को वितरित करने, स्थानांतरित करने और उपयोग करने के तरीकों की बात आती है तो मसीह-विरोधी हमेशा खुद ही फैसले लेने की जिद करते हैं और परमेश्वर के घर को दखल देने की अनुमति नहीं होती है। एक बार जब ये चीजें मसीह-विरोधियों के हाथों में आ जाती हैं तो ऐसा लगता है मानो वे शैतान के कब्जे में आ गई हों, किसी को भी उन्हें छूने की अनुमति नहीं होती है। मसीह-विरोधी स्थानीय गुंडों और सरगनाओं की तरह होते हैं और जो कोई भी उनके क्षेत्र में जाता है, उसे उनके आदेशों और व्यवस्थाओं का पालन दब्बू और आज्ञाकारी तरीके से करना होता है, और उनके चेहरे के भाव देखकर काम करना होता है। यह मसीह-विरोधियों के चरित्र के भीतर मौजूद स्वार्थीपन और नीचता की अभिव्यक्ति है। वे परमेश्वर के घर के कार्य पर बिल्कुल भी विचार नहीं करते हैं, सिद्धांतों के अनुसार जरा भी कार्य नहीं करते हैं और केवल अपने हितों और अपने रुतबे के बारे में सोचते हैं—यह मसीह-विरोधियों के स्वार्थीपन और नीचता की एक प्रमुख विशेषता है।
—वचन, खंड 4, मसीह-विरोधियों को उजागर करना, अनुपूरक चार : मसीह-विरोधियों के चरित्र और उनके स्वभाव सार का सारांश (भाग एक)
तुम्हारे भीतर जो प्रकट होता है, वह चाहे अहंकार और आत्मधर्मिता हो या कुटिलता और धोखेबाजी, या चाहे वह स्वार्थपरता और नीचता हो या खानापूरी करने वाला होना हो और परमेश्वर को धोखा देना, तुम्हें इन भ्रष्ट स्वभावों पर तब तक चिंतन करना होगा जब तक तुम उन्हें स्पष्ट रूप से न देख लो। इस तरह तुम जान लोगे कि अपना कर्तव्य निभाते समय कौन-सी समस्याएँ मौजूद हैं और तुम उद्धार पाने से कितनी दूर हो। जब तुम अपने भ्रष्ट स्वभाव अच्छी तरह देख सकोगे, तभी तुम यह जान पाओगे कि अपना कर्तव्य निभाने में कठिनाइयाँ और बाधाएँ कहाँ हैं। तभी तुम समस्याओं को उनके स्रोत पर ही हल कर पाओगे। उदाहरण के लिए, मान लो तुम अपना कर्तव्य निभाने में जिम्मेदारी नहीं लेते, इसके बजाय हमेशा खानापूरी करने वाले ढंग से काम करते हो, जिससे काम में नुकसान होता है, लेकिन तुम अपनी इज्जत बचाने की परवाह करते हो, इसलिए तुम अपनी अवस्था और कठिनाइयों के बारे में खुलकर संगति करने और उनका गहन-विश्लेषण करने और उन्हें जानने का अभ्यास करने के लिए तैयार नहीं होते, इसके बजाय हमेशा अनमने ढंग से चीजों से निपटने के बहाने ढूँढ़ते रहते हो। तुम्हें यह समस्या कैसे हल करनी चाहिए? तुम्हें यह कहते हुए परमेश्वर से प्रार्थना और आत्मचिंतन करना चाहिए, “परमेश्वर, मैं अपनी इज्जत बचाने के लिए ऐसी चीजें कहना चाहता हूँ। यह मेरा भ्रष्ट स्वभाव बोल रहा है। मुझे ऐसा नहीं कहना चाहिए। मुझे खुद को खुलकर उघाड़ना चाहिए, और अपने दिल के सच्चे उद्गार प्रकट करने चाहिए। मैं अपने मिथ्या अभिमान को बचाने के बजाय शर्म और बदनामी सहने को तैयार हूँ। मैं सिर्फ परमेश्वर को संतुष्ट करना चाहता हूँ।” इस तरह अपने खिलाफ विद्रोह करके और अपने दिल के सच्चे उद्गार व्यक्त कर तुम ईमानदार व्यक्ति बनने का अभ्यास कर रहे हो, और यही नहीं, तुम अपनी इच्छा के अनुसार क्रियाकलाप नहीं कर रहे हो, न ही अपनी इज्जत बचाने की कोशिश कर रहे हो। तुम परमेश्वर के वचनों को अभ्यास में लाने, परमेश्वर की इच्छाओं के अनुसार सत्य का अभ्यास करने, मन लगाकर अपना कर्तव्य पूरा करने और पूरी तरह से अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी करने में सक्षम हो। इस प्रकार, तुम न केवल सत्य को अभ्यास में ला रहे हो और अपना कर्तव्य पूरा कर रहे हो, बल्कि तुम परमेश्वर के घर के हित भी कायम रख रहे हो जिससे परमेश्वर का हृदय संतुष्ट होता है। इस तरह से जीना खुला और ईमानदार है और तुम्हारे विचारों और भावों के साथ-साथ तुम्हारे क्रियाकलाप और कर्म लोगों और परमेश्वर के सामने लाए जा सकते हैं। यह कितना अद्भुत है! इस तरह अभ्यास करना थोड़ा मुश्किल है और तुम्हें कई बार विफलता का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन यदि तुम इस दिशा में अभ्यास और प्रयास करते हो, तो तुम निश्चित रूप से सफल होगे। और तुम्हारे लिए सफल होने का क्या अर्थ है? इसका अर्थ है कि जब तुम सत्य का अभ्यास करते हो, तो तुम वह कदम उठाने में सक्षम हो जाते हो जो तुम्हें शैतान के बंधनों से मुक्त करता है, एक ऐसा कदम जो तुम्हें अपने खिलाफ विद्रोह करने देता है। इसका अर्थ है कि तुम मिथ्या अभिमान और इज्जत एक तरफ रखने, अपने लाभ की खोज बंद करने और स्वार्थपूर्ण और नीचतापूर्ण चीजें न करने में सक्षम हो। जब तुम इसे अभ्यास में लाते हो, तो तुम लोगों को यह दिखाते हो कि तुम ऐसे व्यक्ति हो, जो सत्य से प्रेम करता है, जिसमें सत्य वास्तविकता है, जो न्याय और प्रकाश की कामना करता है। यह वह नतीजा है जो तुम सत्य का अभ्यास कर हासिल करते हो। साथ ही, तुम शैतान को शर्मिंदा भी करते हो। शैतान ने तुम्हें भ्रष्ट कर दिया, तुम्हें स्वार्थी बना दिया और तुम्हें अपने हितों की रक्षा करने और अपनी इज्जत के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया। लेकिन अब शैतान की ये चीजें तुम्हें बाँध नहीं सकतीं, तुम उनसे मुक्त हो गए हो, तुम अब मिथ्या अभिमान, इज्जत या अपने व्यक्तिगत हितों से नियंत्रित नहीं होते और तुम सत्य का अभ्यास करते हो, इसलिए शैतान पूरी तरह से अपमानित होता है और वह कुछ नहीं कर सकता। जब शैतान तुम्हें नियंत्रित नहीं कर सकता, तब क्या तुम विजयी नहीं होते? जब तुम विजयी होते हो, तब क्या तुम परमेश्वर के लिए अपनी गवाही में अडिग नहीं रहते? क्या तुम एक अच्छी लड़ाई नहीं लड़ते? जब तुम एक अच्छी लड़ाई लड़ते हो, तो तुम्हारे दिल में शांति, आनंद और राहत की भावना होती है। यदि तुम अपने हृदय में प्रायः दोषारोपण की भावना के साथ जीते हो, बेचैन महसूस करते हो, तुममें कोई शांति या आनंद नहीं है और यदि तुम अक्सर सभी प्रकार की चीजों के बारे में चिंतित और परेशान रहते हो, तो यह क्या दर्शाता है? बस यही कि तुम सत्य का अभ्यास नहीं करते हो और परमेश्वर के लिए अपनी गवाही में अडिग नहीं रहते हो। जब तुम शैतानी स्वभावों के बीच जीते हो, तो तुम अपनी इच्छा के अनुसार कार्य करते हो, सत्य का अभ्यास करना नापसंद करते हो और यहाँ तक कि सत्य के साथ विश्वासघात करते हो, अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए किसी भी साधन का सहारा लेते हो। तुम केवल अपने मिथ्याभिमान, मान-सम्मान, प्रतिष्ठा, रुतबे और हितों की रक्षा करते हो। क्या यह स्वार्थी और नीच होना नहीं है? जब तुम हमेशा अपने लिए और अपने हितों के लिए जीते हो, तो जीवन अत्यंत पीड़ादायक हो जाता है। तुम्हारे पास बहुत सारी स्वार्थी इच्छाएँ, उलझनें, बंधन, आशंकाएँ और परेशानियाँ होती हैं; तुममें जरा भी शांति या आनंद नहीं होता। भ्रष्ट देह के लिए जीना चरम पीड़ा सहने के सिवा और कुछ नहीं है। जो सत्य का अनुसरण करते हैं वे भिन्न होते हैं। वे सत्य को जितना अधिक समझते हैं, उतने ही अधिक मुक्त और स्वतंत्र होते हैं; वे सत्य का जितना अधिक अभ्यास करते हैं, उन्हें उतनी ही अधिक शांति और आनंद मिलता है। जब वे सत्य को प्राप्त कर लेते हैं, तो वे पूरी तरह से रोशनी में रहेंगे और परमेश्वर के आशीषों का आनंद लेंगे, पीड़ा से मुक्त होंगे।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, जीवन प्रवेश कर्तव्य निभाने से प्रारंभ होता है
जब तुम्हारे साथ चीजें घटित होती हैं तो तुम्हें सत्य की तलाश करनी चाहिए और सत्य का अभ्यास करना चाहिए। यदि उन समयों पर जब तुम्हें सत्य का अभ्यास करने की आवश्यकता होती है, तब हमेशा तुम्हारी स्वार्थी मंशाएँ होती हैं और तुम अपने स्वार्थ को नहीं छोड़ सकते तो तुम सत्य को अभ्यास में नहीं ला पाओगे। चाहे तुम्हारे साथ कुछ भी घटित हो, यदि तुम न तो सत्य की तलाश करते हो और न ही उसे अभ्यास में लाते हो, तो तुम सत्य से प्रेम करने वाले व्यक्ति नहीं हो। चाहे तुम कितने भी वर्षों तक परमेश्वर में विश्वास करो, तुम सत्य प्राप्त नहीं करोगे। कुछ लोग हमेशा प्रसिद्धि, लाभ और स्वार्थ का पीछा करते हैं। कलीसिया उनके लिए जो भी काम करने की व्यवस्था करती है, वे हमेशा विचार करते हैं, “क्या ऐसा करना मेरे लिए फायदेमंद या लाभकारी होगा? यदि होगा, तो मैं करूँगा; यदि नहीं, तो मैं नहीं करूँगा।” इस तरह का व्यक्ति सत्य का अभ्यास नहीं करता—तो क्या वह अपना कर्तव्य अच्छी तरह से कर सकता है? वह निश्चित रूप से नहीं कर सकता। भले ही तुम बाहरी तौर पर बुराई करते हुए न दिखो, तुम फिर भी सत्य का अभ्यास करने वाले व्यक्ति नहीं हो। तुम सत्य का अनुसरण नहीं करते, तुम सकारात्मक चीजों से प्रेम नहीं करते और चाहे तुम्हारे साथ कुछ भी घटित हो, तुम केवल अपनी प्रतिष्ठा और रुतबे, अपने स्वार्थ और तुम क्या लाभ प्राप्त कर सकते हो, इसकी परवाह करते हो—इसका मतलब है कि तुम एक ऐसे व्यक्ति हो जो सभी चीजों से अधिक लाभ की तलाश करता है और जो स्वार्थी और नीच भी है। इस तरह का व्यक्ति व्यक्तिगत लाभ के लिए इसका दोहन करने और अपने लिए कुछ फायदे प्राप्त करने के लिए परमेश्वर में विश्वास करता है, सत्य या परमेश्वर का उद्धार प्राप्त करने के लिए नहीं। इसलिए इस प्रकार के लोग छद्म-विश्वासी होते हैं। जो लोग वास्तव में परमेश्वर में विश्वास करते हैं, वे वो लोग हैं जो सत्य की खोज और अभ्यास कर सकते हैं क्योंकि वे अपने हृदय में निश्चित हैं कि मसीह सत्य है और उन्हें परमेश्वर के वचन सुनने चाहिए और परमेश्वर की अपेक्षाओं के अनुसार परमेश्वर में विश्वास करना चाहिए। मान लो कि कोई व्यक्ति अपने साथ कुछ होने पर सत्य का अभ्यास करना चाहता है लेकिन फिर वह अपनी प्रतिष्ठा और रुतबे पर विचार करता है और अपने अभिमान पर विचार करता है—तो उसके लिए सत्य का अभ्यास करना कठिन होगा। इस तरह की स्थिति में प्रार्थना, खोज और आत्म-चिंतन करके और खुद को जानने से सत्य से प्रेम करने वाले लोग अपने स्वार्थ और व्यक्तिगत लाभ को छोड़ पाएँगे, जिससे वे सत्य का अभ्यास करने और परमेश्वर के प्रति समर्पण करने में सक्षम होंगे। ऐसे लोग वे होते हैं, जो वास्तव में परमेश्वर पर विश्वास और सत्य से प्रेम करते हैं। और अगर लोग हमेशा अपने स्वार्थ के बारे में सोचते हैं, अगर वे हमेशा अपने अभिमान और मिथ्याभिमान की रक्षा करने की कोशिश करते हैं, अगर वे भ्रष्ट स्वभाव प्रकट करते हैं लेकिन उसे हल करने के लिए सत्य की खोज नहीं करते, तो इसका क्या नतीजा होता है? यही कि उनके पास कोई जीवन प्रवेश नहीं होता और कोई सच्ची अनुभवजन्य गवाही नहीं होती। और यह खतरनाक है, है न? अगर तुम कभी सत्य का अभ्यास नहीं करते और तुम्हारे पास किसी भी तरह की कोई अनुभवजन्य गवाही नहीं है, तो तुम्हें स्वाभाविक रूप से बेनकाब कर निकाल दिया जाएगा। अनुभवजन्य गवाही से रहित लोगों का परमेश्वर के घर में क्या उपयोग है? उनका कोई भी कर्तव्य ठीक से न कर पाना और कुछ भी उचित ढंग से सँभाल न पाना तय है। क्या वे सिर्फ बेकार नहीं हो गए हैं? वर्षों तक परमेश्वर पर विश्वास करने के बाद भी अगर लोग कभी सत्य का अभ्यास नहीं करते, तो वे छद्म-विश्वासी हैं; वे बुरे लोग हैं। अगर तुम कभी सत्य का अभ्यास नहीं करते, अगर तुम्हारे अपराध बहुत अधिक बढ़ते जाते हैं, तो तुम्हारा परिणाम निश्चित है। यह स्पष्ट देखा जा सकता है कि तुम्हारे सभी अपराध, वह गलत मार्ग जिस पर तुम चलते हो और पश्चात्ताप करने से तुम्हारा हठपूर्वक इनकार, ये सभी मिलकर बुरे कर्मों का ढेर बन जाते हैं; और तुम्हारा परिणाम यह है कि तुम नरक में जाने और दंडित किए जाने लायक हो। क्या तुम लोग सोचते हो कि यह कोई मामूली मामला है? जब तुम्हें दंडित नहीं किया गया है, तो तुम्हें इसका अंदाजा नहीं हो सकता कि यह कितना भयानक है। जब वह दिन आएगा जब तुम वास्तव में आपदाओं का सामना करोगे, और मृत्यु तुम्हारे दरवाजे पर होगी, तो पछताने के लिए बहुत देर हो चुकी होगी। अगर परमेश्वर पर अपनी आस्था में तुम सत्य नहीं स्वीकारते, अगर तुम वर्षों से परमेश्वर पर विश्वास करते हो लेकिन तुममें कोई बदलाव नहीं आया, तो अंतिम परिणाम यह होगा कि तुम्हें निकालकर त्याग दिया जाएगा।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
अपने कर्तव्य को निभाने वाले सभी लोगों के लिए, चाहे सत्य को लेकर उनकी समझ कितनी भी उथली या गहरी क्यों न हो, सत्य वास्तविकता में प्रवेश करने का सबसे सरल अभ्यास यह है कि हर मोड़ पर परमेश्वर के घर के हितों के बारे में सोचा जाए, अपनी स्वार्थपूर्ण इच्छाओं, व्यक्तिगत मंशाओं, उद्देश्यों, अहंकार और रुतबे का त्याग किया जाए और परमेश्वर के घर के हितों को सबसे आगे रखा जाए—कम से कम इतना तो उन्हें करना ही चाहिए। अपना कर्तव्य निभाने वाला कोई व्यक्ति अगर इतना भी नहीं कर सकता, तो उस व्यक्ति को कर्तव्य निभाने वाला कैसे कहा जा सकता है? यह अपना कर्तव्य निभाना नहीं है। तुम्हें पहले परमेश्वर के घर के हितों के बारे में सोचना चाहिए, परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होना चाहिए और कलीसिया के कार्य का ध्यान रखना चाहिए। इन चीजों को पहले स्थान पर रखना चाहिए; उसके बाद ही तुम अपने रुतबे की स्थिरता या दूसरे लोग तुम्हारे बारे में क्या सोचते हैं, इसकी चिंता कर सकते हो। इसे दो चरणों में बाँटो, थोड़ा-सा समझौता कर लो—क्या तुम लोगों को नहीं लगता कि इससे चीजें थोड़ी आसान हो जाती हैं? यदि तुम कुछ समय तक इस तरह अभ्यास करते हो, तो तुम्हें महसूस होने लगेगा कि परमेश्वर को संतुष्ट करना कोई मुश्किल काम नहीं है। इसके अलावा, यदि तुम अपनी जिम्मेदारियों को पूरा कर सकते हो; अपने दायित्वों और कर्तव्य को पूरा कर सकते हो; अपनी स्वार्थपूर्ण इच्छाओं, मंशाओं और उद्देश्यों को एक तरफ रख सकते हो; परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील हो सकते हो; और परमेश्वर के घर के हितों, कलीसिया के कार्य और उस कर्तव्य को जिसे तुम्हें निभाना चाहिए, सबसे पहले रख सकते हो, तो कुछ समय तक इस तरह अनुभव करने के बाद, तुम्हें महसूस होगा कि इस तरह से आचरण करना अच्छा है, मनुष्य को ईमानदारी और स्पष्टवादिता से जीना चाहिए और मनुष्य को नैतिक साहस से विहीन, घिनौना, नीच अस्तित्व नहीं जीना चाहिए, बल्कि उसे ईमानदार और न्यायसंगत होना चाहिए। तुम्हें महसूस होगा कि यही वह छवि है जिसे मनुष्य को जीना चाहिए। धीरे-धीरे, अपने हितों को तुष्ट करने की तुम्हारी इच्छा घटती चली जाएगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपने भ्रष्ट स्वभावों को त्यागकर ही आजादी और मुक्ति पाई जा सकती है
लोगों के स्वार्थ, नीचता, कपट और चालबाजी से युक्त भ्रष्ट स्वभावों को दूर किया जा सकता है या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि वे सत्य को स्वीकारने में सक्षम हैं या नहीं। जो सत्य को स्वीकार पाते हैं, वे सभी अपने भ्रष्ट स्वभावों से घृणा करते हैं, वे स्वार्थ और नीचता और अपने कपट और चालबाजी से घृणा करते हैं। वे अब और इन चीजों से खुद को दूषित या बाधित होने देना नहीं चाहते हैं। अगर सत्य से प्रेम करने वाले अपने भ्रष्ट स्वभावों को पहचान जाते हैं तो उनके लिए इन नकारात्मक चीजों को त्याग देना आसान हो जाता है, जो कचरे और कूड़े-करकट के बराबर हैं। जो सत्य से प्रेम नहीं करते वे इन नकारात्मक चीजों को खजाने की तरह मानते हैं। वे अपने फायदे से बहुत अधिक प्रेम करते हैं, वे देह के खिलाफ विद्रोह नहीं करना चाहते, और बहुत हठी होते हैं। इस कारण वे न कभी परमेश्वर के इरादे समझ पाते हैं और न ही उसके प्रति कभी समर्पित हो पाते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि लोग सत्य से न तो प्रेम करते हैं और न ही उसे स्वीकारते हैं, इसी कारण वे इतने वर्षों से परमेश्वर में इतने भ्रमित तरीके से विश्वास कर रहे हैं। जब उनका गवाही देने का समय आता है तो उनकी जबान सिल जाती है और वे कुछ बोल नहीं पाते। लोगों ने इतने वर्षों तक सत्य के उपदेश सुने हैं और यह भी देखा है कि परमेश्वर का स्वभाव हमेशा उन्हें बताया और उनके सामने प्रकट किया जाता है। जो लोग सत्य का अनुसरण करते हैं, वे सभी परमेश्वर की पवित्रता और धार्मिकता देख सकते हैं, उनके दिलों में परमेश्वर का कुछ भय होता है, वे सभी सत्य का अभ्यास करने और परमेश्वर के प्रति समर्पण करने का प्रशिक्षण ले रहे हैं और उन सभी में कुछ स्पष्ट बदलाव आए हैं। लेकिन जो लोग सत्य से प्रेम नहीं करते, चाहे उन्होंने कितने भी धर्मोपदेश सुने हों, वे परमेश्वर के सामने खुद को नहीं खोल सकते और दिल से बात नहीं कर सकते। वे हमेशा परमेश्वर से चीजें छिपाते हैं और यहाँ तक कि उससे सावधान भी रहते हैं। उनके दिल अभी भी देह की पसंद-नापसंद से भरे हुए हैं, वे इन चीजों को छोड़ने के अनिच्छुक हैं। उन्होंने सत्य का उल्लंघन करने वाले चाहे कितने भी काम किए हों, वे उन्हें परमेश्वर के सामने स्वीकार करने की हिम्मत नहीं करते, लोगों के सामने शुद्ध और सरल तरीके से खुद को खोलने की हिम्मत करना तो दूर की बात है। वे केवल मुफ्त में परमेश्वर के अनुग्रह का आनंद लेना चाहते हैं, लेकिन वे परमेश्वर को संतुष्ट करने के लिए सत्य का अभ्यास नहीं करना चाहते। परमेश्वर कहता है, “अगर तुम मेरा अनुग्रह ग्रहण करना चाहते हो, अगर तुम इन सत्यों को ग्रहण करना चाहते हो, तो केवल एक ही शर्त है—तुम्हें अपने फायदे को त्यागना होगा और मुझे अपना सच्चा दिल सौंपना होगा।” लोग इस एक शर्त को भी पूरा नहीं कर पाते हैं और फिर भी वे परमेश्वर के अनुग्रह की माँग, शांति और खुशी की माँग करना चाहते हैं और सत्य प्राप्त करना चाहते हैं; मगर वे अपना सच्चा दिल परमेश्वर को नहीं देते, तो वे किस तरह के लोग हैं? क्या वे शैतान की किस्म के लोग नहीं हैं? क्या वे दोनों नावों पर सवार हो सकते हैं? असल में, वे ऐसा नहीं कर सकते। चाहे तुम परमेश्वर के इरादे समझते हो या नहीं, उसका स्वभाव हमेशा खुले तौर पर लोगों के सामने प्रकट किया जाता है। अगर कोई व्यक्ति सत्य को कभी स्वीकार नहीं करता या वह सत्य को समझता तो है पर उसे अभ्यास में नहीं लाता तो वह बहुत हठी है। उसने परमेश्वर को अपना दिल नहीं सौंपा है, इसलिए वह सत्य को प्राप्त करने में कभी सक्षम नहीं होता है, न ही वह परमेश्वर के स्वभाव को जान पाता है। ऐसा इसलिए नहीं है क्योंकि परमेश्वर लोगों के साथ पक्षपात का व्यवहार करता है। लोग अक्सर यह कहते हैं, “परमेश्वर का वचन हमें बताता है कि परमेश्वर जिसे चाहेगा उसके प्रति अनुग्रह से पेश आएगा,” लेकिन असल में वे इसका अर्थ नहीं समझते हैं कि परमेश्वर का इससे क्या अर्थ है। इसके उलट, वे परमेश्वर को गलत समझते हैं। वे सोचते हैं कि अनुग्रह परमेश्वर से आता है, वह जिसे चाहता है उसे अनुग्रह देता है और जो उसे पसंद है उसके साथ अच्छा व्यवहार करता है। क्या यही मामला है? क्या ये मानवीय धारणाएँ और कल्पनाएँ नहीं हैं? परमेश्वर लोगों से उनके सार के आधार पर व्यवहार करता है। जब लोग परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होने और सत्य को स्वीकारने में सक्षम होते हैं तो परमेश्वर उन्हें आशीष देता है। अगर लोग सत्य को नहीं स्वीकारते और परमेश्वर का विरोध करते हैं तो परिणाम अलग होता है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपना हृदय परमेश्वर को देकर व्यक्ति सत्य प्राप्त कर सकता है
जब परमेश्वर लोगों को देखता है तो वह मुख्य रूप से क्या देखता है? वह उनके दिलों को देखता है। लोग जो कुछ भी कहते हैं और करते हैं वह उनके दिल से नियंत्रित होता है। अगर तुम्हारा दिल ईमानदार है तो तुममें अच्छी मानवता होगी। तुम धीरे-धीरे सत्य समझने में सक्षम हो जाओगे, तुम कुछ हद तक परमेश्वर की अपेक्षाओं को पूरा कर पाओगे, और तुम परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशीलता दिखाने में सक्षम हो सकोगे। अगर तुम्हारा दिल बहुत कपटी, अपने आप तक ही सीमित और हठी है, अगर तुम स्वार्थी और स्वार्थसाधक हो, तुममें अच्छी मानवता नहीं है, और तुम हमेशा धारणाओं में अटके रहते हो, कल्पना करते हो कि परमेश्वर को इस तरह या उस तरह काम करना चाहिए, अगर किसी ऐसी चीज का सामना होने पर जो तुम्हारी धारणाओं से मेल नहीं खाती तुम परमेश्वर को गलत समझ बैठते हो और कभी उसके इरादों को नहीं समझते तो क्या तुम सत्य प्राप्त कर पाओगे? नहीं, तुम ऐसा नहीं कर पाओगे। अंत में, जब तुम सत्य प्राप्त नहीं कर पाओगे, तो क्या तुम्हें खुद को दोष देना चाहिए, दूसरों को दोष देना चाहिए या परमेश्वर से यह कहते हुए शिकायत करनी चाहिए कि उसने तुम्हारे साथ न्याय नहीं किया? (हमें खुद को दोष देना चाहिए।) बिल्कुल सही, तुम्हें खुद को दोष देना चाहिए। तो ऐसे लोगों को सत्य प्राप्त करने के लिए क्या करना चाहिए? उन्हें सत्य की खोज करके उसे अभ्यास में लाना चाहिए, और उन्हें विशिष्ट तरीकों से व्यवहार और अभ्यास करना चाहिए। अगर वे केवल सत्य समझते हैं लेकिन उसका अभ्यास नहीं करते, वे तब भी सत्य प्राप्त नहीं कर सकते। जब तुममें स्वार्थी उद्देश्य उभरें और तुम व्यक्तिगत लाभ की खातिर साजिश रचना शुरू कर दो और तुम्हें इसका एहसास हो जाए, तो तुम्हें इसका समाधान करने के लिए परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए और सत्य खोजना चाहिए। सबसे पहले तुम्हें पता होना चाहिए कि अपने सार में इस तरह का व्यवहार सत्य सिद्धांतों का उल्लंघन है, कलीसिया के काम के लिए नुकसानदायक है, यह स्वार्थी और नीच व्यवहार है, यह ऐसा व्यवहार नहीं है जो अंतरात्मा और विवेक वाले लोगों को करना चाहिए; तुम्हें इससे अवगत होना चाहिए कि तुम्हें अपने निजी हितों और स्वार्थी उद्देश्यों को एक तरफ रखना और कलीसिया के काम के बारे में सोचना चाहिए—यह परमेश्वर के इरादों के अनुसार है। प्रार्थना और आत्मचिंतन करने के बाद, अगर तुम्हें सच में यह एहसास होता है कि इस तरह का व्यवहार स्वार्थी और नीच है, तो अपने स्वार्थी उद्देश्यों को दरकिनार करना आसान हो जाएगा। जब तुम अपने स्वार्थी उद्देश्यों को एक तरफ रख दोगे और व्यक्तिगत लाभ की खातिर साजिश रचना बंद कर दोगे, तब तुम खुद को स्थिर महसूस करोगे और तुम्हें सुख-शांति का एहसास होगा, लगेगा कि अंतरात्मा और विवेक वाले व्यक्ति को कलीसिया के कार्य के बारे में सोचना चाहिए, उसे हमेशा अपने निजी हितों पर ध्यान नहीं देना चाहिए, जो कि स्वार्थी, नीच और अंतरात्मा या विवेक से रहित होना कहलाएगा। स्वार्थी उद्देश्यों का न होना और अपने कार्य-कलापों में कलीसिया के कार्य के बारे में विचारशील होने में समर्थ होना और केवल परमेश्वर को संतुष्ट करने के लिए काम करना ईमानदार होना है और इससे तुम्हारे अस्तित्व का महत्व होगा। पृथ्वी पर इस तरह का जीवन जीते हुए तुम ईमानदार और स्पष्ट रहते हो, सामान्य मानवता जीते हो और एक सच्चे मनुष्य की छवि होते हो और न सिर्फ तुम्हारी अंतरात्मा साफ रहती है बल्कि तुम परमेश्वर द्वारा दी गई सभी चीजों के योग्य भी ठहरते हो। तुम जितना ज्यादा इस तरह जीते हो, खुद को उतना ही स्थिर महसूस करते हो, उतनी ही सुख-शांति और उतना ही उज्ज्वल महसूस करते हो। इस तरह, क्या तुम परमेश्वर में अपनी आस्था के सही रास्ते पर कदम नहीं रख चुके होगे?
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपना हृदय परमेश्वर को देकर व्यक्ति सत्य प्राप्त कर सकता है
संबंधित वीडियो
मुखौटा उतारना
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
कलीसियाओं के आवंटन से सीखे सबक
मेरे अतीत का कलंक