42. ऐसा क्यों कहा जाता है कि जिन लोगों में स्वभावगत बदलाव हो चुका है केवल वे ही परमेश्वर की सेवा करने के योग्य हैं
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
परमेश्वर की सेवा करना कोई सरल कार्य नहीं है। जिनका भ्रष्ट स्वभाव अपरिवर्तित रहता है, वे परमेश्वर की सेवा कभी नहीं कर सकते हैं। यदि परमेश्वर के वचनों के द्वारा तुम्हारे स्वभाव का न्याय नहीं हुआ है और उसे ताड़ित नहीं किया गया है, तो तुम्हारा स्वभाव अभी भी शैतान का प्रतिनिधित्व करता है जो यह प्रमाणित करता है कि परमेश्वर के प्रति तुम्हारी सेवा बस तुम्हारा अपने अच्छे इरादों को अर्पित करना है, कि तुम्हारी सेवा तुम्हारी शैतानी प्रकृति पर आधारित है। तुम परमेश्वर की सेवा अपने स्वाभाविक चरित्र से और अपनी व्यक्तिगत पसंदगियों के अनुसार करते हो। यही नहीं, तुम्हें हमेशा यह लगता है कि तुम जिन चीजों को करने के इच्छुक हो वे परमेश्वर को पसंद हैं, और तुम जिन चीजों को नहीं करना चाहते हो वे परमेश्वर के लिए घृणित हैं, और तुम पूर्णतः अपनी पसंदगियों के अनुसार कार्य करते हो। क्या इसे परमेश्वर की सेवा करना कह सकते हैं? अंततः तुम्हारे जीवन स्वभाव में रत्ती भर भी परिवर्तन नहीं आएगा; बल्कि तुम्हारी सेवा इसे और भी अधिक जिद्दी बना देगी और इससे तुम्हारा भ्रष्ट स्वभाव गहराई तक जड़ें जमा लेगा। इस तरह, परमेश्वर की सेवा के बारे में तुम्हारे अंदर ऐसे नियम बन जाएँगे जो मुख्यतः तुम्हारे अपने चरित्र पर आधारित होते हैं और ऐसा अनुभव अर्जित होगा जो तुम्हारे अपने स्वभाव के अनुसार की गई तुम्हारी सेवा से प्राप्त होता है। ये मनुष्य के अनुभव और सबक हैं। यह मनुष्य के सांसारिक आचरण का फलसफा है। इस तरह के लोग फरीसी और धार्मिक अधिकारी हैं। यदि वे नहीं जागते और अभी पश्चात्ताप नहीं करते, तो वे निश्चित रूप से झूठे मसीह और मसीह-विरोधी बन जाएँगे, जो अंत के दिनों में लोगों को गुमराह करते हैं। झूठे मसीह और मसीह-विरोधी, जिनके बारे में कहा गया था, इसी प्रकार के लोगों में से उठ खड़े होंगे। जो परमेश्वर की सेवा करते हैं, यदि वे अपने चरित्र का अनुसरण करते हैं और अपनी इच्छा के अनुसार कार्य करते हैं, तब वे किसी भी समय निकाल दिए जाने के खतरे में होते हैं। जो दूसरों का दिल जीतने, उन्हें नसीहत देने और नियंत्रित करने तथा ऊँचाई पर खड़े होने के लिए परमेश्वर की सेवा करने के अपने बहुत-से वर्षों के अनुभव पर निर्भर करते हैं—और जो कभी पश्चात्ताप नहीं करते हैं, कभी अपने पाप कबूल नहीं करते हैं, रुतबे के लाभों को कभी नहीं छोड़ते हैं—उनका परमेश्वर के सामने पतन हो जाएगा। ये बिल्कुल पौलुस की किस्म के लोग हैं, अपनी वरिष्ठता का घमंड दिखाते हैं और दूसरों पर अपनी योग्यताओं का रौब जमाते हैं। परमेश्वर इस तरह के लोगों को पूर्ण नहीं बनाता। इस प्रकार की सेवा तो परमेश्वर के कार्य में गड़बड़ी डालने के समान है। लोग हमेशा पुराने से चिपके रहते हैं। वे अतीत की धारणाओं और अतीत की हर चीज से चिपके रहते हैं। यह उनकी सेवा में एक बड़ी बाधा है। यदि तुम उन्हें नहीं छोड़ते हो, तो ये चीजें तुम्हारे पूरे जीवन को बर्बाद कर देंगी। भले ही तुम दौड़-भाग करके अपनी टाँगें तोड़ लो या मेहनत करके अपनी कमर तोड़ लो, या यहाँ तक कि परमेश्वर की “सेवा” की खातिर शहीद भी हो जाओ, परमेश्वर तुम्हें जरा-सी भी स्वीकृति नहीं देगा। बल्कि इसका ठीक उलटा होगा : वह कहेगा कि तुम एक कुकर्मी हो।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, धार्मिक सेवा का अवश्य ही उन्मूलन होना चाहिए
उन लोगों के कार्य में बहुत कम विचलन होते हैं, जो काट-छाँट, न्याय और ताड़ना से गुजर चुके होते हैं और उनके कार्य की अभिव्यक्ति भी कहीं अधिक सटीक होती है। जो लोग कार्य करने की अपनी स्वाभाविकता पर निर्भर करते हैं, उनमें काफी बड़े विचलन होते हैं। अपूर्ण लोगों के कार्य में उनकी स्वाभाविकता बहुत अधिक अभिव्यक्त होती है, जो पवित्र आत्मा के कार्य में बहुत बड़ा अवरोध उत्पन्न करती है। किसी व्यक्ति की काबिलियत कितनी ही अच्छी क्यों न हो, उसे भी परमेश्वर के आदेश का कार्य करने से पहले काट-छाँट और न्याय से गुजरना ही चाहिए। यदि वह ऐसे न्याय से होकर नहीं गुजरा है, तो उसका कार्य चाहे कितनी भी अच्छी तरह से क्यों न किया गया हो, सत्य के सिद्धांतों के अनुसार नहीं हो सकता, वह हमेशा उसकी अपनी स्वाभाविकता और मानवीय भलाई का परिणाम होता है। काट-छाँट और न्याय से होकर गुजर चुके लोगों का कार्य उन लोगों के कार्य से कहीं अधिक सटीक होता है, जिनकी काट-छाँट और न्याय नहीं किया गया है। जो लोग न्याय से होकर नहीं गुजरे हैं, वे मानव-देह और विचारों के सिवाय और कुछ भी व्यक्त नहीं करते, जिनमें बहुत सारी मानव-बुद्धि और जन्मजात प्रतिभा मिली होती है। यह मनुष्य द्वारा परमेश्वर के कार्य की सटीक अभिव्यक्ति नहीं है। जो लोग ऐसे लोगों का अनुसरण करते हैं, वे उनकी जन्मजात काबिलियत द्वारा उनके सामने लाए जाते हैं। चूँकि वे मनुष्य की अंतर्दृष्टि और अनुभव को बहुत अधिक व्यक्त करते हैं, जो परमेश्वर के मूल इरादे से लगभग कटे हुए और उससे बहुत भटके हुए होते हैं, इसलिए इस प्रकार के व्यक्ति का कार्य लोगों को परमेश्वर के सम्मुख नहीं ला पाता, बल्कि वह उन्हें मनुष्य के सामने ले आता है। इसलिए, जो लोग न्याय और ताड़ना से होकर नहीं गुजरे हैं, वे परमेश्वर के आदेश के कार्य को क्रियान्वित करने योग्य नहीं हैं। मानक स्तर के कर्मी का कार्य लोगों को सही मार्ग पर लाने और सत्य में ज्यादा गहराई से प्रवेश करने में मदद कर सकता है। उसका कार्य लोगों को परमेश्वर के सम्मुख ला सकता है। इसके अतिरिक्त, जो कार्य वह करता है, वह भिन्न-भिन्न व्यक्तियों के लिए भिन्न-भिन्न हो सकता है और वह विनियमों से बँधा हुआ नहीं होता, उन्हें मुक्ति और स्वतंत्रता, जीवन में क्रमिक विकास और सत्य में उत्तरोत्तर अधिक गहन प्रवेश करने की क्षमता प्रदान करता है। जो कर्मी मानक स्तर का नहीं है उसका कार्य इससे कहीं दूर होता है। उसका कार्य मूर्खतापूर्ण होता है। वह लोगों को केवल विनियमों के भीतर ला सकता है और लोगों से उसकी अपेक्षाएँ हर व्यक्ति के लिए भिन्न-भिन्न नहीं होतीं; वह लोगों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुसार कार्य नहीं करता। इस प्रकार के कार्य में बहुत अधिक विनियम और बहुत अधिक धर्म-सिद्धांत होते हैं और वह लोगों को वास्तविकता में नहीं ला सकता, न ही वह उन्हें जीवन में विकास के सामान्य अभ्यास में ला सकता है। वह लोगों को केवल कुछ बेकार विनियमों का पालन करने में ही सक्षम बना सकता है। ऐसा मार्गदर्शन लोगों को भटका सकता है। वह तुम्हें अपने जैसा बनाने में तुम्हारी अगुआई करता है, उसके पास जो है और जो वह है उसमें तुम्हें ला सकता है। इस बात का भेद पहचानने के लिए कि अगुआ मानक स्तर के हैं या नहीं, इसकी कुंजी यह देखना है कि अगुआ दूसरों को किस मार्ग पर ले जाते हैं और उनके कार्य के परिणाम क्या हैं, और यह भी देखना चाहिए कि अनुयायी सत्य के अनुसार सिद्धांत पाते हैं या नहीं और अपने रूपांतरण के लिए उपयुक्त अभ्यास के तरीके प्राप्त करते हैं या नहीं। तुममें विभिन्न प्रकार के लोगों के विभिन्न कार्यों के बीच भेद पहचानने की क्षमता होनी चाहिए; तुम्हें भ्रमित अनुयायी नहीं बनना चाहिए। यह लोगों के प्रवेश के मामले पर प्रभाव डालता है। यदि तुम यह भेद पहचानने में असमर्थ हो कि किस व्यक्ति की अगुआई में मार्ग है और किसकी अगुआई में नहीं, तो तुम आसानी से गुमराह हो जाओगे। इस सबका तुम्हारे अपने जीवन के साथ सीधा संबंध है। अपूर्ण लोगों के कार्य में बहुत अधिक स्वाभाविकता होती है; उसमें बहुत अधिक मानवीय इच्छा मिली हुई होती है। उनका अस्तित्व स्वाभाविकता है—जिसके साथ वे पैदा हुए हैं। यह काट-छाँट किए जाने के बाद का जीवन या रूपांतरित किए जाने के बाद की वास्तविकता नहीं है। ऐसा व्यक्ति उन्हें सहारा कैसे दे सकता है, जो जीवन की खोज कर रहे हैं? मनुष्य का मूल जीवन उसकी जन्मजात बुद्धि या प्रतिभा है। इस प्रकार की बुद्धि या प्रतिभा मनुष्य से परमेश्वर की सटीक अपेक्षाओं से काफी दूर होती है। यदि किसी मनुष्य को पूर्ण नहीं बनाया गया है और उसके भ्रष्ट स्वभावों की काट-छाँट नहीं की गई है तो वह जो व्यक्त करता है उसके और सत्य के बीच एक बहुत बड़ा अंतर होगा; वह जो व्यक्त करता है उसमें कल्पित चीजें मिली होंगी, जैसे कि उसकी कल्पनाएँ और एकतरफा अनुभव। इतना ही नहीं, वह चाहे कुछ भी करे, लोग यही महसूस करते हैं कि उसमें कोई समग्र लक्ष्य और कोई सत्य नहीं है जो सभी लोगों के प्रवेश करने के लिए उपयुक्त हो। लोगों से जो अपेक्षाएँ की जाती हैं, उनमें से ज्यादातर उनकी योग्यता से परे होती हैं, मानो वे जमीन पर जीने के लिए मजबूर की जा रही मछली हों। यह मनुष्य की इच्छा का कार्य है। मनुष्य के भ्रष्ट स्वभाव, उसके विचार और उसकी धारणाएँ उसके शरीर के सभी अंगों में व्याप्त हैं। मनुष्य सत्य का अभ्यास करने की सहज-प्रवृत्ति के साथ पैदा नहीं होता, न ही उसमें सीधे तौर पर सत्य को समझने की सहज-प्रवृत्ति होती है। उसमें मनुष्य के भ्रष्ट स्वभाव जोड़ दो—जब इस प्रकार का स्वाभाविक व्यक्ति कार्य करता है, तो क्या इससे गड़बड़ियाँ नहीं होतीं? परंतु पूर्ण बनाए जा चुके व्यक्ति के पास उस सत्य का अनुभव होता है जिसे लोगों को समझना चाहिए और उसके पास उनके भ्रष्ट स्वभावों का ज्ञान होता है। उसके कार्य में कल्पित और अव्यावहारिक चीजें धीरे-धीरे कम होती जाती हैं, मानवीय मिलावटें पहले से कम हो जाती हैं और उसका काम और सेवा परमेश्वर द्वारा अपेक्षित मानकों के अधिक करीब पहुँच जाते हैं। इस प्रकार, उसका काम सत्य वास्तविकता में प्रवेश कर गया है और वह वास्तविक भी बन गया है। मनुष्य के मन के विचार विशेष रूप से पवित्र आत्मा के कार्य को अवरुद्ध कर देते हैं। मनुष्य के पास समृद्ध कल्पना और उचित तर्क होते हैं, और उसके पास मामलों से निपटने का लंबा अनुभव होता है। यदि मनुष्य के ये पहलू काट-छाँट और सुधार से होकर नहीं गुजरते, तो वे सभी कार्य की बाधाएँ हैं। इसलिए मनुष्य का कार्य सटीकता के सर्वोच्च स्तर तक नहीं पहुँच सकता, विशेषकर अपूर्ण लोगों का कार्य।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर का कार्य और मनुष्य का कार्य
जिन लोगों के स्वभाव बदल गए हैं, उनके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल होता है और वे जिन तरीकों से परमेश्वर के खिलाफ विद्रोह करते हैं, वे धीरे-धीरे कम हो जाते हैं। इसके अलावा, अपने कर्तव्यों के निर्वहन में, उन्हें अब यह आवश्यकता नहीं होती कि दूसरे उनकी चिंता करें, और न ही पवित्र आत्मा को हमेशा उन पर अनुशासनात्मक कार्य करने की आवश्यकता होती है। वे मूल रूप से परमेश्वर के प्रति समर्पण कर सकते हैं, चीजों पर उनके विचार सत्य के अनुरूप होते हैं और उनके पास परमेश्वर के बारे में कोई धारणा नहीं होती है, न ही उसके प्रति कोई असंयमित इच्छा होती है। यह सब परमेश्वर से सुसंगत होने के बराबर है। मान लो कि कोई तुम्हें एक काम सौंपता है। तुम्हें इसकी आवश्यकता नहीं है कि कोई तुम्हारा प्रबंधन करे, तुम्हारी निगरानी करे। तुम परमेश्वर के वचन और प्रार्थना से ही यह काम पूरा कर सकते हो। इस कार्य के दौरान, तुम यह सुनिश्चित कर सकते हो कि तुम खानापूरी करने वाले, अहंकारी या आत्मधर्मी नहीं हो, तुम अंतिम निर्णय की माँग नहीं करते और यह कि तुम किसी और को नियंत्रित नहीं करते। तुम प्रेम के साथ दूसरों की मदद करने में सक्षम हो, तुम आपूर्ति और लाभ प्राप्त करने में उनकी मदद करते हो और तुम परमेश्वर में विश्वास करने के सही मार्ग पर प्रवेश करने के लिए उनकी अगुआई कर सकते हो। इसके अलावा, इस कार्य के दौरान तुम रुतबे के लिए या अपने खुद के हितों की खातिर साजिश नहीं रचते; तुम रुतबे के फायदों में लिप्त नहीं होते; तुम अपने लिए नहीं बोलते; और चाहे कोई तुम्हारे साथ कैसा भी व्यवहार करे, तुम अपने प्रति उसके व्यवहार को सही ढंग से सँभालने में सक्षम हो। इसका मतलब है कि तुम ऐसे व्यक्ति हो जिसके पास अपेक्षाकृत आध्यात्मिक कद है। यह आसान बात नहीं है कि कोई व्यक्ति कुछ कार्य अपने कंधे पर ले और परमेश्वर के चुने हुए लोगों को उसके वचनों की वास्तविकता में लेकर आए। सत्य वास्तविकता के बिना ऐसा नहीं किया जा सकता। ऐसे बहुत-से लोग हैं जो काम करने में अपने गुणों पर भरोसा करते हैं, जो पूरी तरह से विफल हो जाते हैं। जिनके पास सत्य नहीं होता है वे लोग बिल्कुल भी भरोसेमंद नहीं होते हैं, और अगर उन्होंने अपने स्वभाव नहीं बदले हैं, तो उन पर और भी भरोसा नहीं कर सकते।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सत्य का अनुसरण करके ही व्यक्ति स्वभाव में बदलाव ला सकता है
जिन लोगों ने अपने स्वभाव में परिवर्तन का अनुभव किया है ... उन्होंने सत्य समझ लिया है, वे सभी मुद्दों पर विवेकी होते हैं, वे जानते हैं कि कैसे परमेश्वर के इरादों के अनुसार कार्य करना है, कैसे सत्य सिद्धांत के अनुसार कार्य करना है, कैसे परमेश्वर को संतुष्ट करने के लिए कार्य करना है, और वे उस भ्रष्टता की प्रकृति को समझते हैं जो उनसे प्रकट होती है। जब उनके अपने विचार और धारणाएँ प्रकट होती हैं, तो वे विवेकी बन सकते और देह के खिलाफ विद्रोह कर सकते हैं। स्वभाव में परिवर्तन इसी तरह से दिखता है। जिन लोगों का स्वभाव बदल चुका है, उनकी मुख्य अभिव्यक्ति यह है कि उन्होंने सत्य को स्पष्ट रूप से समझ लिया है और कार्य करते समय तो वे काफी सटीकता के साथ सत्य का अभ्यास करते हैं और वे अक्सर भ्रष्टता प्रकट नहीं करते। आम तौर पर जिन लोगों का स्वभाव बदल गया है, वे खासकर तर्कसंगत और विवेकपूर्ण प्रतीत होते हैं, और सत्य की अपनी समझ के कारण, वे उतना खुद को ही सही नहीं मानते और अहंकार प्रकट नहीं करते। वे अपनी प्रकट हुई ज्यादातर भ्रष्टता की असलियत जान लेते हैं और उसका भेद पहचान लेते हैं, इसलिए उनमें अभिमान उत्पन्न नहीं होता। उन्हें कौन-सा स्थान लेना चाहिए, विवेकयुक्त व्यक्ति समझा जाने के लिए उन्हें क्या करना चाहिए, अपने कर्तव्यों का पालन कैसे करना चाहिए, क्या कहना और क्या नहीं कहना चाहिए, और किन लोगों से क्या कहना और क्या करना चाहिए—इस बारे में उन्हें एक विवेकपूर्ण समझ होती है। इस प्रकार जिन लोगों का स्वभाव बदल गया है, वे अपेक्षाकृत विवेकी होते हैं और सही मायनों में ऐसे लोग ही मानव के समान जीवन जीते हैं। क्योंकि उन्हें सत्य की समझ होती है, वे सत्य के अनुरूप बोलने और मामलों को देखने में समर्थ होते हैं और वे जो भी करते हैं, उसमें सिद्धांत का पालन करते हैं; वे किसी व्यक्ति, घटना या चीज़ के प्रभाव में नहीं होते, उनका अपना दृष्टिकोण होता है और वे सत्य सिद्धांतों को कायम रख सकते हैं। उनका स्वभाव काफी स्थिर होता है, वे भावनात्मक रूप से अस्थिर नहीं होते, चाहे उनकी स्थिति कैसी भी हो, वे जानते हैं कि कैसे उन्हें अपने कर्तव्यों को अच्छे से निभाना है और कैसे उस ढंग से व्यवहार करना है जो परमेश्वर को संतुष्ट करता है। जिन लोगों के स्वभाव बदल गए हैं वे इस पर ध्यान नहीं देते कि बाहरी तौर पर ऐसा क्या करना चाहिए ताकि दूसरे उनके बारे में अच्छा सोचें; अपने दिलों में वे स्पष्ट हैं कि परमेश्वर को संतुष्ट करने के लिए क्या करना है। इसलिए, हो सकता है कि बाहर से लगे कि वे उतने उत्साही नहीं हैं या उन्होंने बहुत-से बड़े काम नहीं किए हैं, लेकिन वो जो कुछ भी करते हैं वह सार्थक होता है, मूल्यवान होता है, और उसके परिणाम वास्तविक होते हैं। जिन लोगों के स्वभाव बदल गए हैं उनके अंदर निश्चित रूप से बहुत-सी सत्य वास्तविकताएँ होती हैं, और इस बात की पुष्टि चीज़ों के बारे में उनके दृष्टिकोण और उनके कार्यकलाप के सिद्धांतों के आधार पर की जा सकती है। जिन लोगों ने सत्य प्राप्त नहीं किया है, उनके जीवन स्वभाव में बिल्कुल कोई परिवर्तन नहीं हुआ होता है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
धर्म के दायरे में बहुत-से लोग जीवनभर बहुत अधिक पीड़ा सहते हैं : वे अपनी देह को अधीन रखते हैं और अपने क्रूस उठाए चलते हैं, यहाँ तक कि वे मृत्यु की ऐन कगार पर पीड़ा भोगना और सहना जारी रखते हैं! कुछ लोग अपनी मृत्यु की सुबह भी उपवास रखते हैं। वे जीवन-भर स्वयं को अच्छे भोजन और अच्छे कपड़ों से दूर रखते हैं और केवल पीड़ा सहने पर ही ज़ोर देते हैं। वे अपनी देह को अधीन रखने और अपनी देह के खिलाफ विद्रोह करने में सक्षम होते हैं। पीड़ा सहन करने का उनका जोश सराहनीय है। लेकिन उनकी मानसिकता, उनकी धारणाओं, उनके मानसिक दृष्टिकोण और उनकी पुरानी प्रकृति की लेशमात्र भी काट-छाँट नहीं की गई है। उनकी स्वयं के बारे में कोई सच्ची समझ नहीं होती। परमेश्वर के बारे में उनकी मानसिक छवि एक काल्पनिक परमेश्वर की पारंपरिक छवि होती है। परमेश्वर के लिए पीड़ा सहने का उनका संकल्प, उनके उत्साह और उनकी मानवता के अच्छे व्यक्तित्व से आता है। भले ही वे परमेश्वर पर विश्वास करते हैं, लेकिन वे न तो परमेश्वर को समझते हैं और न उसके इरादों को जानते हैं। वे केवल अंधों की तरह परमेश्वर के लिए कार्य करते और पीड़ा सहते हैं। वे विवेकशीलता को बिल्कुल महत्व नहीं देते और उन्हें इसकी भी बहुत परवाह नहीं होती कि वे यह कैसे सुनिश्चित करें कि उनकी सेवा वास्तव में परमेश्वर के इरादों को पूरा करे। उन्हें इसका ज्ञान तो बिल्कुल ही नहीं होता कि परमेश्वर के विषय में समझ कैसे हासिल करें। वे जिस परमेश्वर की सेवा करते हैं वह परमेश्वर अपनी मूल छवि में नहीं है, बल्कि वह उनकी कल्पनाओं का परमेश्वर होता है, एक ऐसा परमेश्वर जिसके बारे में उन्होंने बस सुना है या जिसके बारे में लेखों में बस किंवदंतियाँ पढ़ी हैं। फिर वे अपनी तरह-तरह की कल्पनाओं और धर्मनिष्ठता का उपयोग परमेश्वर की खातिर पीड़ा सहने के लिए करते हैं और परमेश्वर के लिए उस कार्य का दायित्व स्वयं ले लेते हैं जो परमेश्वर करना चाहता है। उनकी सेवा में सटीकता की बहुत कमी होती है, ऐसी कि उनमें से लगभग कोई भी परमेश्वर के इरादों के अनुसार सेवा करने के पूरी तरह योग्य नहीं होता। चाहे वे स्वेच्छा से जितनी भी पीड़ा सहते हों, सेवा को लेकर उनका मूल परिप्रेक्ष्य और परमेश्वर के बारे में उनकी मानसिक छवि अपरिवर्तित रहती है, क्योंकि वे परमेश्वर के न्याय, उसकी ताड़ना, उसके शोधन और उसकी पूर्णता से नहीं गुजरे हैं, न ही किसी ने सत्य द्वारा उनका मार्गदर्शन किया है। यूँ तो वे उद्धारकर्ता यीशु पर विश्वास करते हैं, लेकिन उनमें से किसी ने कभी उद्धारकर्ता को देखा नहीं है। वे केवल किंवदंती और सुनी-सुनाई बात के माध्यम से ही उसके बारे में जानते हैं। इसलिए उनकी सेवा आँख बंद करके बेतरतीब ढंग से की जाने वाली सेवा से अधिक कुछ नहीं है, जैसे एक नेत्रहीन आदमी अपने पिता की सेवा कर रहा हो। इस प्रकार की सेवा के माध्यम से आखिरकार क्या हासिल किया जा सकता है? और इसे स्वीकृति कौन देगा? शुरुआत से लेकर अंत तक, उनकी सेवा कभी भी बदलती नहीं। वे केवल मानव-निर्मित पाठ प्राप्त करते हैं और अपनी सेवा को केवल अपनी स्वाभाविकता और ख़ुद की पसंद पर आधारित रखते हैं। इससे क्या इनाम प्राप्त हो सकता है? यहाँ तक कि यीशु को देखने वाला पतरस भी नहीं जानता था कि परमेश्वर के इरादों के अनुसार सेवा कैसे करनी है; अंत में, वृद्धावस्था में पहुँचने के बाद ही वह इसे समझ पाया। यह उन नेत्रहीन लोगों के बारे में क्या कहता है जिन्होंने किसी भी तरह की काट-छाँट का ज़रा-भी अनुभव नहीं किया और जिनका किसी ने मार्गदर्शन नहीं किया? क्या आजकल तुम लोगों में से बहुतों की सेवा उन नेत्रहीन लोगों की तरह ही नहीं है? जिन लोगों का न्याय नहीं हुआ है, जिनकी काट-छाँट नहीं हुई है, जो नहीं बदले हैं—क्या वे सब वो नहीं हैं जो पूरी तरह जीते नहीं गए हैं? ऐसे लोगों का क्या उपयोग? यदि तुम्हारी मानसिकता, जीवन के बारे में तुम्हारे ज्ञान और परमेश्वर को लेकर तुम्हारे ज्ञान में कोई नया परिवर्तन नहीं दिखता है और तुम वास्तव में कुछ भी हासिल नहीं करते हो, तो तुम अपनी सेवा में कभी कोई नतीजा प्राप्त नहीं करोगे! परमेश्वर के कार्य की एक नई समझ और दर्शन के बिना तुम जीते नहीं जाते हो। तब तुम्हारा परमेश्वर का अनुसरण उन्हीं लोगों की तरह होगा जो पीड़ा सहते हैं और उपवास रखते हैं : इसका कोई मूल्य नहीं होता! वे जो करते हैं उसमें कोई गवाही नहीं होती, इसीलिए मैं कहता हूँ कि उनकी सेवा व्यर्थ होती है! वे लोग जीवनभर पीड़ा सहते हैं और बंदीगृह में समय बिताते हैं, वे हर पल सहनशील, दयालु होते हैं, हमेशा अपने क्रूस उठाए चलते हैं और वे दुनिया द्वारा बदनाम किए और ठुकराए जाते हैं—वे हर कठिनाई का अनुभव करते हैं। यूँ तो वे अंत तक आज्ञाकारी रहते हैं, लेकिन फिर भी उन पर विजय प्राप्त नहीं की जाती और वे विजय प्राप्ति की कोई भी गवाही पेश नहीं कर पाते। वे बहुत अधिक कष्ट भोग चुके होते हैं, लेकिन अपने भीतर वे परमेश्वर को बिल्कुल नहीं जानते हैं। उनकी पुरानी सोच, पुरानी धारणाओं, धार्मिक प्रथाओं, मानव-निर्मित ज्ञान और मानवीय सोच में से किसी की भी काट-छाँट नहीं हुई होती है। उनमें कोई नई समझ नहीं होती है। परमेश्वर के बारे में उनकी लेशमात्र समझ भी सच या सटीक नहीं होती है। उन्होंने परमेश्वर के इरादों को गलत समझ लिया होता है। क्या इससे परमेश्वर की सेवा होती है? परमेश्वर के बारे में अतीत में तुम्हारी समझ चाहे जो भी रही हो, अगर यह आज भी पहले जैसी ही रहती है और परमेश्वर चाहे जो भी करे तुम परमेश्वर के बारे में अपने ज्ञान को अपनी धारणाओं और सोच पर आधारित रखना जारी रखते हो, अर्थात्, अगर तुम्हारे पास परमेश्वर का कोई नया, सच्चा ज्ञान नहीं होता है और तुम परमेश्वर की अंतर्निहित छवि और स्वभाव को जानने में विफल रहते हो, यदि परमेश्वर के बारे में तुम्हारी समझ अभी भी सामंती, अंधविश्वासी सोच पर आधारित है और यह अब भी मानवीय कल्पनाएँ और धारणाएँ है, तो तुम पर विजय प्राप्त नहीं की गई है। मैं अब तुमसे जो बहुत-से वचन कहता हूँ उन सबका यह उद्देश्य है कि तुम जान सको और यह ज्ञान तुम्हें नवीनतर, सटीक ज्ञान की ओर ले जाए; इनका उद्देश्य तुम्हारी पुरानी धारणाओं और पुराने ज्ञान को काट-छाँट कर दूर करना भी है, ताकि तुम नया ज्ञान ले सको। अगर तुम सच में मेरे वचनों को खाते-पीते हो, तो तुम्हारे ज्ञान में काफी बदलाव आएगा। यदि तुम एक समर्पित हृदय के साथ परमेश्वर के वचनों को खाओगे-पिओगे, तो तुम्हारा परिप्रेक्ष्य बदल जाएगा। यदि तुम बार-बार ताड़ना को स्वीकार कर पाओ, तो तुम्हारी पुरानी मानसिकता धीरे-धीरे बदल जाएगी। यदि तुम्हारी पुरानी मानसिकता पूरी तरह से नई बन जाए, तो तुम्हारा अभ्यास भी तदनुसार बदलेगा। इस तरह तुम्हारी सेवा अधिकाधिक सटीक होती जाएगी, परमेश्वर के इरादों को अधिकाधिक पूरा कर पाएगी।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, विजय के कार्य की वास्तविक कहानी (3)
परमेश्वर की नजरों में, परमेश्वर में विश्वास करने वाला हर व्यक्ति जो कुछ भी करता है, वह सत्य के विपरीत होता है, परमेश्वर के वचनों के अनुसार नहीं होता और उसके प्रति शत्रुतापूर्ण होता है। हो सकता है तुम लोग इसे भी स्वीकार न पाओ और यह कहो, “हम परमेश्वर की सेवा करते हैं, परमेश्वर की आराधना करते हैं, परमेश्वर के घर में अपने कर्तव्य निभाते हैं। हम इतना सब कुछ कर चुके हैं, वह भी परमेश्वर के वचनों और उसकी अपेक्षाओं के अनुसार, और कार्य व्यवस्थाओं के अनुरूप किया है। यह कैसे कहा जा सकता है कि हम परमेश्वर का प्रतिरोध और उससे विश्वासघात करते हैं? तुम हमेशा हमें हतोत्साहित क्यों करते हो? हमने बड़ी मुश्किल से अपने परिवार और करियर छोड़े थे और परमेश्वर का अनुसरण करने का संकल्प लिया था, तो तुम हमारे बारे में ऐसा कैसे बोल सकते हो?” इस तरह बोलने का उद्देश्य हर किसी को यह समझाना है : कुछ अच्छा व्यवहार करने, कुछ त्यागने या कुछ कष्ट सहने का यह अर्थ नहीं है कि किसी व्यक्ति की विश्वासघाती प्रकृति बदल गई है—ऐसा नहीं है! कष्ट सहना आवश्यक है और अपना कर्तव्य निभाना भी, लेकिन इस तथ्य का कि तुम कष्ट सह सकते हो या अपना कर्तव्य निभा सकते हो, यह अर्थ नहीं है कि तुम्हारे भीतर भ्रष्ट स्वभाव अब नहीं रहे। ऐसा इसलिए है क्योंकि कोई भी अपने भीतरी जीवन स्वभाव में वास्तविक बदलाव से नहीं गुजरा है, कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं बना है जो परमेश्वर के प्रति समर्पण करता हो और हर कोई अभी भी परमेश्वर के इरादे पूरे करने से बहुत दूर है और इसलिए उद्धार प्राप्त करने का मानक पूरा नहीं हुआ है। परमेश्वर में लोगों का विश्वास बहुत मिलावटी है, वे बहुत अधिक भ्रष्ट स्वभाव प्रकट करते हैं। बहुत-से लोग अगुआ या कार्यकर्ता बन जाते हैं; यद्यपि वे परमेश्वर की सेवा करते हैं फिर भी वे उसका प्रतिरोध भी करते हैं। इसका क्या अर्थ है? इसका अर्थ यह है कि वे जानबूझकर परमेश्वर के वचनों के विरुद्ध जाते हैं, सत्य के विरुद्ध जाते हैं और परमेश्वर की इच्छाओं के अनुसार अभ्यास नहीं करते। वे अपनी मर्जी से काम करने, अपने मनसूबे और लक्ष्य हासिल करने, सत्ता का इस्तेमाल करने और हुक्म चलाने और अपने स्वतंत्र राज्य स्थापित करने और परमेश्वर से विश्वासघात करने पर जोर देते हैं। इस प्रकार वे शैतान के मार्ग पर चल पड़े हैं। परमेश्वर की सेवा करने, लेकिन उसका प्रतिरोध भी करने का यही अर्थ है। क्या अब तुम समझते हो? (हाँ।)
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपना स्वभाव बदलने के लिए अभ्यास का मार्ग
जब तुम वास्तव में सत्य को समझ जाते हो और उसे अपने भीतर से प्यार करना शुरू कर देते हो, तो तुम उन चीजों को करना आसान पाओगे, जो सत्य के अनुरूप हैं। तुम सामान्य ढंग से अपना कर्तव्य निभाओगे और सत्य का अभ्यास करोगे—वह भी सहजता से और आनंद से, और तुम महसूस करोगे कि कोई नकारात्मक चीज करने के लिए भारी प्रयास की आवश्यकता होगी। ऐसा इसलिए है, क्योंकि सत्य ने तुम्हारे दिल में एक प्रमुख भूमिका ले ली है। अगर तुम वाकई मानव-जीवन का सत्य समझते हो, तो तुम्हारे पास अनुसरण के लिए एक मार्ग होगा कि तुम्हें किस तरह का व्यक्ति होना चाहिए, कैसे ऐसा व्यक्ति बनना चाहिए जो निष्कपट और सत्यनिष्ठ हो, ऐसा व्यक्ति जो ईमानदार हो; साथ ही, तुम्हें ऐसा व्यक्ति कैसे बनना चाहिए जो परमेश्वर की गवाही देता हो और उसकी सेवा करता हो। और एक बार जब तुम इन सत्यों को समझ जाओगे, तो तुम फिर कभी परमेश्वर का प्रतिरोध करने वाले बुरे कार्य करने में सक्षम नहीं होगे, और न ही तुम कभी एक झूठे अगुआ, झूठे कार्यकर्ता या मसीह-विरोधी की भूमिका निभाओगे। भले ही शैतान तुम्हें गुमराह करने की कोशिश करे या कोई बुरा व्यक्ति तुम्हें उकसाए, तुम बुराई नहीं करोगे या परमेश्वर का प्रतिरोध नहीं करोगे; चाहे कोई भी तुम्हें गुमराह करने या भड़काने की कोशिश करे, तुम बुराई नहीं करोगे। यदि लोग सत्य प्राप्त कर लेते हैं और सत्य उनका जीवन बन जाता है, तो वे बुराई से नफरत करने और नकारात्मक चीजों से घृणा महसूस करने में सक्षम हो जाएँगे और उनके लिए बुराई करना मुश्किल हो जाएगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि उनके जीवन-स्वभाव बदल गए हैं और उन्हें परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाया गया है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सत्य का अनुसरण करके ही व्यक्ति स्वभाव में बदलाव ला सकता है
संबंधित भजन
परमेश्वर के अंतरंग ही उसकी सेवा करने योग्य हैं