37. परमेश्वर का भय मानना और बुराई से दूर रहना क्या है

अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन

एक सच्‍चे सृजित प्राणी को यह जानना चाहिए कि सृष्टिकर्ता कौन है, मनुष्‍य का सृजन किसलिए हुआ है, एक सृजित प्राणी की जिम्‍मेदारियों को किस तरह पूरा करें, और सृष्टिकर्ता की आराधना किस तरह करें, उसे सृष्टिकर्ता के इरादों, इच्‍छाओं और अपेक्षाओं को समझना, उनका बोध होना और उन्हें जानना चाहिए, और उनके प्रति विचारशीलता दिखानी चाहिए, और सृष्टिकर्ता के इस मार्ग पर चलना चाहिए—परमेश्वर का भय मानो और बुराई से दूर रहो।

परमेश्वर का भय मानना क्‍या है? और बुराई से दूर कैसे रहा जा सकता है?

“परमेश्वर का भय मानने” का अर्थ अवर्णनीय डर या आतंक नहीं होता, न ही इसका अर्थ कतराना, दूरी बनाए रखना, अंधी पूजा करना या अंधविश्वास होता है। वरन इसका अर्थ आदर, श्रद्धा, भरोसा, बोध, विचारशीलता, समर्पण, अर्पण और प्रेम के साथ-साथ बिना शर्त और बिना शिकायत आराधना, प्रतिदान और आत्मसमर्पण होता है। परमेश्वर के सच्चे ज्ञान के बिना लोगों में सच्चा आदर, सच्चा भरोसा, सच्चा बोध, सच्‍ची विचारशीलता या समर्पण नहीं होगा, वरन केवल आतंक और व्यग्रता, केवल शंका, गलतफहमी, कतराना और दूरी बनाए रखना होगा; परमेश्वर के सच्चे ज्ञान के बिना लोगों में सच्चा अर्पण और प्रतिदान नहीं होगा; परमेश्वर के सच्‍चे ज्ञान के बिना लोगों में सच्‍ची आराधना और आत्मसमर्पण नहीं होगा, मात्र अंधी मूर्तिपूजा और अंधविश्‍वास होगा; परमेश्वर के सच्चे ज्ञान के बिना लोग बिल्कुल भी परमेश्वर के मार्ग का अनुसरण नहीं कर पाएँगे, परमेश्वर का भय नहीं मानेंगे या बुराई से दूर नहीं रह पाएँगे। इसके विपरीत जिन भी गतिविधियों और व्यवहारों में लोग संलग्न होते हैं, वे परमेश्वर के प्रति विद्रोह और प्रतिरोध से भरे होंगे, परमेश्वर के बारे में निंदा और आलोचनात्मक निर्णयों से तथा सत्य और परमेश्वर के वचनों के वास्तविक अर्थ के विपरीत चलने वाले बुरे कर्मों से भरे होंगे।

जब लोगों को परमेश्वर में सच्‍चा भरोसा हो जाएगा तो वे सच में उसका अनुसरण करेंगे और उस पर निर्भर रहेंगे; परमेश्वर पर सच्चे भरोसे और निर्भरता से ही लोग सचमुच उसे समझ और जान सकते हैं; परमेश्वर के बारे में वास्‍तविक बोध के साथ उसके प्रति सच्ची विचारशीलता आती है; परमेश्वर के प्रति सच्ची विचारशीलता से ही लोगों में सच्‍चा समर्पण आ सकता है; परमेश्वर के प्रति सच्चे समर्पण से ही लोगों में सच्चा अर्पण हो सकता है; केवल परमेश्वर के प्रति सच्चे अर्पण से ही लोग बेशर्त और बिना शिकायत प्रतिदान कर सकते हैं; सच्चा भरोसा और निर्भरता, सच्चा बोध और सच्ची विचारशीलता, सच्चे समर्पण, सच्चे अर्पण और प्रतिदान से ही लोग सचमुच परमेश्वर के स्वभाव और सार को तथा सृष्टिकर्ता की पहचान को जान सकते हैं; सृष्टिकर्ता को सचमुच जान लेने के बाद ही उनके भीतर सच्ची आराधना और आत्मसमर्पण जाग्रत हो सकता है; सृष्टिकर्ता की सच्‍ची आराधना और उसके प्रति आत्मसमर्पण होने के बाद ही वे सही मायने में अपने बुरे कर्मों से छुटकारा पाएँगे—अर्थात् बुराई से दूर रह पाएँगे।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, प्रस्तावना

अब हर कोई ऐसा व्यक्ति बनना चाहता है जो परमेश्वर का भय माने और बुराई से दूर रहे। तो फिर परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने के मार्ग का क्या अर्थ है? यह कहा जा सकता है कि इसमें परमेश्वर के प्रति समर्पित होने का प्रयास और उसके प्रति पूरी तरह से और बिना शर्त समर्पण करना शामिल है। इसमें सचमुच परमेश्वर से डरना और उसका भय मानना शामिल है, जिसमें कपट, प्रतिरोध और विद्रोह का कोई भी तत्व न हो और हृदय पूरी तरह से शुद्ध होना चाहिए। इसका अर्थ परमेश्वर के प्रति पूरी तरह वफादार और समर्पित होना है—पूरी तरह, न कि सापेक्ष रूप से—चाहे समय या स्थान कुछ भी हो, या व्यक्ति की उम्र चाहे जो हो। यही परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने का मार्ग है। इस प्रकार के अनुसरण के मार्ग पर चलते हुए तुम धीरे-धीरे परमेश्वर को जानने लगोगे और उसके कर्मों का अनुभव करने लगोगे; तुम उसकी देख-रेख और सुरक्षा का एहसास करोगे, उसके वास्तविक अस्तित्व का बोध करोगे और उसकी संप्रभुता का एहसास करोगे। आखिरकार, तुम्हें सचमुच यह एहसास होगा कि परमेश्वर सभी चीजों में है, और वह ठीक तुम्हारे बगल में है। तुम्हें इस तरह का प्रत्यक्ष अनुभव होगा। अगर तुम परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने के मार्ग पर नहीं चलोगे, तो तुम्हें कभी भी इन चीजों का ज्ञान नहीं प्राप्त होगा।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर की प्रबंधन योजना का सर्वाधिक लाभार्थी मनुष्‍य है

अय्यूब एक पूर्ण व्यक्ति था, वह परमेश्वर का भय मानता और बुराई से दूर रहता था और उसके पास बहुत धन-संपत्ति और सम्माननीय हैसियत थी। ऐसे परिवेश में और ऐसी परिस्थितियों में रह रहे साधारण व्यक्ति के लिए, उसका आहार, जीवन की गुणवत्ता, और उसके व्यक्तिगत जीवन के विभिन्न पहलू अधिकांश लोगों के ध्यान के केंद्रबिंदु होंगे; इसलिए हमें पवित्र शास्त्र आगे पढ़ना होगा : “उसके बेटे बारी-बारी से एक दूसरे के घर में खाने-पीने को जाया करते थे; और अपनी तीनों बहिनों को अपने संग खाने-पीने के लिये बुलवा भेजते थे। जब जब भोज के दिन पूरे हो जाते, तब तब अय्यूब उन्हें बुलवाकर पवित्र करता, और बड़े भोर को उठकर उनकी गिनती के अनुसार होमबलि चढ़ाता था; क्योंकि अय्यूब सोचता था, ‘कदाचित् मेरे लड़कों ने पाप करके परमेश्वर को छोड़ दिया हो।’ इसी रीति अय्यूब सदैव किया करता था” (अय्यूब 1:4-5)। ... जैसा कि पवित्र शास्त्र में दर्ज है, जब अय्यूब के पुत्र-पुत्रियों ने भोज आयोजित किया तो अय्यूब स्वयं उनके बीच नहीं था; बल्कि केवल उसके पुत्र और पुत्रियाँ ही अक्सर एक साथ खाते-पीते थे। दूसरे शब्दों में, उसने भोज आयोजित नहीं किए और न ही वह अपने पुत्र-पुत्रियों के साथ उनके भोज और अतिशयी खान-पान में शामिल हुआ। यद्यपि अय्यूब संपन्न था और उसके पास सभी प्रकार की संपत्तियाँ और कई सेवक थे, उसका जीवन विलासितापूर्ण नहीं था। उसकी संपन्नता ने उसे अपने श्रेष्ठतर जीवन परिवेश में लिप्त होने या दैहिक सुखों का लालच करने या होमबलि चढ़ाना भूलने के लिए प्रेरित नहीं किया और इससे वह अपने दिल में परमेश्वर से धीरे-धीरे दूर तो बिल्कुल भी नहीं हुआ। तो स्पष्ट रूप से, अय्यूब अपनी जीवनशैली में अनुशासित था; परमेश्वर के आशीषों के परिणामस्वरूप वह लालची या सुख चाहने वाला नहीं बना या उसने अपने जीवन की गुणवत्ता पर ध्यान देना शुरू नहीं किया। इसके अलावा, वह अपने कार्यों में विनम्र था, वह अपने स्व-आचरण में दिखावा नहीं करता था और वह परमेश्वर के सामने सतर्क और सावधान था। वह परमेश्वर के अनुग्रह और आशीषों पर बहुधा विचार करता था, और निरंतर परमेश्वर का भय मानने वाला हृदय रखता था। अपने दैनिक जीवन में, अय्यूब अपने पुत्र-पुत्रियों के हेतु होमबलि चढ़ाने के लिए प्रायः जल्दी उठ जाता था। दूसरे शब्दों में, न केवल अय्यूब स्वयं परमेश्वर का भय मानता था, बल्कि यह आशा भी करता था कि उसके बच्चे भी इसी प्रकार परमेश्वर का भय मानेंगे और ऐसी चीजें नहीं करेंगे जो परमेश्वर को नाराज करती हों। अर्थात् अय्यूब की प्रचुर भौतिक संपदा का उसके हृदय में कोई स्थान नहीं था, न ही उसने उसके हृदय में परमेश्वर द्वारा ग्रहीत स्थान लिया था; चाहे वे स्वयं अपने लिए हों या अपने बच्चों के लिए, अय्यूब के सभी दैनिक कार्यकलाप परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने से जुड़े थे। यहोवा परमेश्वर का उसका भय उसके मुँह तक ही नहीं रुका, बल्कि वह कुछ ऐसा था जिसका उसने अभ्यास किया था और जो उसके दैनिक जीवन के प्रत्येक और सभी भागों में अभिव्यक्त होता था। अय्यूब का यह वास्तविक आचरण हमें दिखाता है कि वह ईमानदार था, और उस सार से युक्त था जो न्याय और सकारात्मक चीजों से प्रेम करता था। अय्यूब अपने पुत्रों और पुत्रियों को प्रायः बुलावा भेजता और उनका पवित्रीकरण कराता था, इसका अर्थ है कि उसने अपने बच्चों के व्यवहार को अपनी स्वीकृति नहीं दी या अनुमोदन नहीं दिया था; इसके बजाय वह दिल से उनके व्यवहार के प्रति खिन्न होकर उनकी भर्त्सना करता था। उसे दृढ़ विश्वास था कि उसके पुत्र और पुत्रियों का व्यवहार यहोवा परमेश्वर को प्रसन्न करने वाला नहीं था, और इसलिए वह प्रायः उनसे यहोवा परमेश्वर के सामने जाने और अपने पाप स्वीकार करने के लिए कहता था। इस मामले में अय्यूब के कार्यकलाप हमें उसकी मानवता का दूसरा पक्ष दिखाते हैं, वह पक्ष जिसमें वह कभी उनके साथ नहीं चलता था जो अक्सर पाप करते थे और परमेश्वर को नाराज़ करते थे, बल्कि इसके बजाय वह उनसे दूर रहता था और उनसे बचता था। यद्यपि ये लोग उसके पुत्र और पुत्रियाँ थे, फिर भी उसने अपने स्व-आचरण के सिद्धांत इसलिए नहीं छोड़े कि वे उसके अपने सगे-संबंधी थे, न ही उसने उनके प्रति अपने स्नेह के कारण उनके पाप बर्दाश्त किए। अपितु, उसने उन्हें पाप-स्वीकार करने और यहोवा परमेश्वर की क्षमा प्राप्त करने को प्रोत्साहित किया, और उसने उन्हें चेताया भी कि वे अपने आनंद के लिए अपने जुनून के कारण परमेश्वर को न त्यागें। दूसरों के साथ अय्यूब के व्यवहार के सिद्धांत उसके परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने के सिद्धांतों से अलग नहीं किए जा सकते हैं। वह उससे प्रेम करता था जो परमेश्वर द्वारा स्वीकृत था, और उससे नफरत करता था जिससे परमेश्वर विमुख था; और वह उनसे प्रेम करता था जो अपने हृदय में परमेश्वर का भय मानते थे, और उनसे नफरत करता था जो बुराई करते थे या जो परमेश्वर को नाराज़ करने वाली चीज़ें करते थे—ऐसा प्रेम और ऐसी नफरत उसके दैनिक जीवन में प्रदर्शित होती थी। परमेश्वर की नजरों में अय्यूब का यही खरापन है। स्वाभाविक रूप से, यह उसके दिन-प्रतिदिन के जीवन में दूसरों के साथ उसके रिश्तों और मामलों को सँभालने में अय्यूब की सच्ची मानवता का प्रकाशन और जीवन यापन भी है, जिसके बारे में हमें अवश्य सीखना चाहिए।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, परमेश्वर का कार्य, परमेश्वर का स्वभाव और स्वयं परमेश्वर II

परमेश्वर द्वारा शैतान से यह कहने के बाद कि “जो कुछ उसका है, वह सब तेरे हाथ में है; केवल उसके शरीर पर हाथ न लगाना,” शैतान चला गया, जिसके तुरंत बाद अय्यूब के ऊपर अचानक और भयंकर हमले होने लगे : पहले, उसके बैल और गधे लूट लिए गए और उसके कुछ सेवकों को मार दिया गया; फिर, उसकी भेड़-बकरियों और कुछ और सेवकों को आग में भस्म कर दिया गया; उसके पश्चात्, उसके ऊँट ले लिए गए और उसके कुछ और सेवकों की हत्या कर दी गई; अंत में, उसके पुत्र और पुत्रियों की जानें ले ली गईं। हमलों की यह श्रृंखला अय्यूब द्वारा अपने पहले प्रलोभन के दौरान झेली गई यातना थी। जैसा कि परमेश्वर द्वारा आदेशित था, इन हमलों के दौरान शैतान ने केवल अय्यूब की संपत्ति और उसके बच्चों को लक्ष्य बनाया था, और स्वयं अय्यूब को हानि नहीं पहुँचाई थी। तथापि, अय्यूब विशाल संपदा से संपन्न धनवान मनुष्य से तत्क्षण ऐसे व्यक्ति में बदल गया जिसके पास कुछ भी नहीं था। कोई भी व्यक्ति यह विस्मयकारी अप्रत्याशित झटका सहन नहीं कर सकता था या इसका उचित रूप से सामना नहीं कर सकता था, फिर भी अय्यूब ने अपने असाधारण पहलू का प्रदर्शन किया। पवित्र शास्त्र नीचे लिखा विवरण प्रदान करते हैं : “तब अय्यूब उठा, और बागा फाड़, सिर मुँड़ाकर भूमि पर गिरा और दण्डवत् किया।” यह सुनने के पश्चात् कि अय्यूब ने अपने बच्चे और अपनी सारी संपत्ति गँवा दी थी, यह अय्यूब की पहली प्रतिक्रिया थी। सबसे बढ़कर, वह आश्चर्यचकित, या घबराया हुआ नहीं दिखा, उसने क्रोध या नफरत तो और भी व्यक्त नहीं की। तो, तुम देखते हो कि वह अपने हृदय में पहले से ही निष्कर्ष निकाल चुका था कि ये विपदाएँ आकस्मिक घटनाएँ नहीं थीं, या मनुष्य के हाथों से उत्पन्न नहीं हुई थीं, वे प्रतिफल या दण्ड का आगमन तो और भी नहीं थीं। इसके बजाय, यहोवा के परीक्षण उस पर आए; वह यहोवा ही था जो उसकी संपत्ति और बच्चों को ले लेना चाहता था। उस समय अय्यूब बहुत शांत और सोच-विचार में स्पष्ट था। उसकी पूर्ण और खरी मानवता ने उसे अपने ऊपर आ पड़ी विपदाओं के बारे में तर्कसंगत और स्वाभाविक रूप से सटीक परख करने और निर्णय लेने में समर्थ बनाया, और इसके परिणामस्वरूप, उसने असामान्य शांत मन से व्यवहार किया : “तब अय्यूब उठा, और बागा फाड़, सिर मुँड़ाकर भूमि पर गिरा और दण्डवत् किया।” “बागा फाड़” का अर्थ है वह निर्वस्त्र था, और उसके पास कुछ भी नहीं था; “सिर मुँडाने” का अर्थ है वह नवजात शिशु के समान परमेश्वर के समक्ष लौट आया था; “भूमि पर गिरा और दण्डवत् किया” का अर्थ है कि वह इस संसार में नग्न आया था, और आज भी उसके पास कुछ नहीं था, उसने स्वयं को परमेश्वर को इस तरह से लौटा दिया मानो वह कोई नवजात शिशु हो। अय्यूब पर जो कुछ बीता था उस सबके प्रति उसके जैसे रवैये को कोई सृजित प्राणी हासिल नहीं कर सकता था। यहोवा में उसकी आस्था, विश्वास के क्षेत्र से आगे चली गई थी; यह परमेश्वर के प्रति उसका भय, परमेश्वर के प्रति उसका समर्पण था; वह न केवल उसे देने के लिए, बल्कि उससे लेने के लिए भी परमेश्वर को धन्यवाद दे पाने में समर्थ था। इतना ही नहीं, वह स्वयं आगे बढ़कर वह सब करने में समर्थ था, जो अपना सब कुछ, अपने जीवन सहित, परमेश्वर को लौटाने के लिए आवश्यक था।

परमेश्वर के प्रति अय्यूब का भय और समर्पण मनुष्यजाति के लिए एक उदाहरण है, और उसकी पूर्णता और खरापन मानवता की पराकाष्ठा थे जिन्हें मनुष्य को धारण करना ही चाहिए। यद्यपि उसने परमेश्वर को नहीं देखा था, फिर भी वह समझ पाया कि परमेश्वर सचमुच विद्यमान था, और इस समझ के कारण वह परमेश्वर का भय मानता था, और परमेश्वर के अपने इसी भय के कारण, वह परमेश्वर के प्रति समर्पण कर पाया था। उसने परमेश्वर को वह सब जो उसका था लेने की खुली छूट दे दी, फिर भी उसे कोई शिकायत नहीं थी, और वह जमीन पर गिर गया और उसने परमेश्वर से कहा कि बिल्कुल इसी क्षण, यदि परमेश्वर उसकी देह भी ले ले, तो वह, शिकायत किए बिना, ख़ुशी-ख़ुशी उसे ऐसा करने देगा। उसका समूचा आचरण उसकी पूर्ण और खरी मानवता के कारण था। कहने का तात्पर्य यह है कि अपनी निश्छलता, ईमानदारी, और दयालुता के फलस्वरूप, अय्यूब परमेश्वर के उस अस्तित्व में दृढ़ता से विश्वास करता था जिसे वह समझता और जिसका एहसास करता था। इसी आधार पर उसने स्वयं से अपेक्षाएँ की थीं और परमेश्वर के समक्ष अपनी सोच, व्यवहार, आचरण और क्रियाकलापों के सिद्धांतों को उसने परमेश्वर द्वारा अपने मार्गदर्शन और सभी चीजों के बीच उसके द्वारा देखे गए परमेश्वर के कर्म के अनुसार आदर्श ढंग से ढाला था। समय के साथ, उसके अनुभवों ने उसमें परमेश्वर का सच्चा और वास्तविक भय उत्पन्न किया और उसे बुराई से दूर रखा। यही उस सत्यनिष्ठा का स्रोत था जिसे अय्यूब ने दृढ़ता से थामे रखा था। अय्यूब ईमानदार, निश्छल और दयालु मानवता से युक्त था, और उसके पास परमेश्वर का भय मानने, परमेश्वर के प्रति समर्पण करने और बुराई से दूर रहने का व्यावहारिक अनुभव था, साथ ही इसका ज्ञान था कि “यहोवा ने दिया और यहोवा ही ने लिया।” केवल इन्हीं चीजों के कारण वह शैतान के ऐसे दुर्भावनापूर्ण हमलों के बीच अपनी गवाही में अडिग रह पाया, और जब परमेश्वर के परीक्षण उस पर आए, तब केवल उन्हीं के कारण वह परमेश्वर को निराश नहीं करने और परमेश्वर को संतोषजनक उत्तर देने में समर्थ हो पाया।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, परमेश्वर का कार्य, परमेश्वर का स्वभाव और स्वयं परमेश्वर II

जब अय्यूब शैतान द्वारा तबाह किए जाने के अधीन बहुत कष्ट झेल रहा था, तब भी उसने यहोवा परमेश्वर का नाम नहीं त्यागा, उसकी पत्नी पहली थी जो बाहर आई और, मनुष्य की आँखों को दिखाई दे सकने वाले रूप में शैतान की भूमिका निभाते हुए, उसने अय्यूब पर आक्रमण किया। मूल पाठ इसका वर्णन इस प्रकार करता है : “फिर उसकी पत्नी ने उससे कहा, ‘क्या तुम अब भी अपनी सत्यनिष्ठा कायम रखे हुए हो? परमेश्वर को त्याग दो, और मर जाओ’” (अय्यूब 2:9)। ये वे शब्द थे जो एक इंसान की भूमिका निभाते हुए शैतान द्वारा बोले गए थे। इन शब्दों में हमला और आरोप था, साथ ही फुसलाना, प्रलोभन और बदनामी भी थी। अय्यूब की देह पर आक्रमण करने में विफल होने पर, फिर शैतान ने उसकी सत्यनिष्ठा पर सीधा हमला किया, वह इसका उपयोग अय्यूब से उसकी सत्यनिष्ठा छुड़वाने, परमेश्वर का त्याग करवाने, और जीते नहीं रहने देने के लिए करना चाहता था। इसलिए शैतान भी अय्यूब को लुभाने के लिए ऐसे वचनों का उपयोग करना चाहता था : यदि अय्यूब यहोवा का नाम त्याग देता, तो उसे ऐसी यंत्रणा सहने की आवश्यकता नहीं होती, वह अपने को देह की यंत्रणा से मुक्त कर सकता था। अपनी पत्नी की सलाह का सामना करने पर, अय्यूब ने यह कहकर उसे झिड़का, “तू एक मूढ़ स्त्री की सी बातें करती है, क्या हम जो परमेश्वर के हाथ से सुख लेते हैं, दुःख न लें?” (अय्यूब 2:10)। ये वचन एक ऐसी समझ थे जो अय्यूब के पास लंबे समय से थी; लेकिन केवल इसी क्षण इस समझ की सच्चाई साबित हुई थी।

जब उसकी पत्नी ने उसे परमेश्वर को त्यागने और मर जाने की सलाह दी, तो उसका आशय था : “तेरा परमेश्वर तुझसे ऐसा ही बर्ताव करता है, तो तू उसे त्यागता क्यों नहीं? अभी भी जीवित रहकर तू क्या कर रहा है? तेरा परमेश्वर तेरे प्रति इतना अनुचित है, फिर भी तू हमेशा कहता है कि ‘यहोवा का नाम धन्य है।’ जब तू उसके नाम को धन्य कहता है तो वह तेरे ऊपर विपदा कैसे ला सकता है? जल्दी कर और परमेश्वर का नाम त्याग दे, और अब से उसका अनुसरण मत करना। इसके बाद, तेरी परेशानियाँ समाप्त हो जाएँगी।” इसी पल, एक बार फिर अय्यूब की वह गवाही उत्पन्न हुई जो परमेश्वर देखना चाहता था। कोई साधारण मनुष्य ऐसी गवाही नहीं दे सकता था, न ही हम इसके बारे में बाइबल की किसी अन्य कहानी में पढ़ते हैं—परंतु परमेश्वर ने अय्यूब द्वारा ये वचन कहे जाने के बहुत पहले ही यह देख लिया था। परमेश्वर ने तो इस अवसर का उपयोग बस अय्यूब को सबके सामने यह साबित करने देने के लिए करना चाहा था कि परमेश्वर सही था। अपनी पत्नी की सलाह का सामना करने पर, अय्यूब ने न केवल अपनी सत्यनिष्ठा को नहीं छोड़ा या परमेश्वर को नहीं त्यागा, बल्कि उसने अपनी पत्नी से यह भी कहा, “क्या हम जो परमेश्वर के हाथ से सुख लेते हैं, दुःख न लें?” क्या ये वचन बहुत महत्व रखते हैं? यहाँ, केवल एक ही तथ्य इन वचनों का महत्व सिद्ध करने में सक्षम है। इन वचनों का महत्व यह है कि उन्हें परमेश्वर द्वारा उसके हृदय में स्वीकृति दी गई है, ये वे वचन हैं जो परमेश्वर द्वारा वांछित थे, ये वे वचन हैं जिन्हें परमेश्वर सुनना चाहता था, और ये वे परिणाम हैं जिन्हें परमेश्वर देखने को लालायित था; ये वचन अय्यूब की गवाही का गहनतम सार भी हैं। इसमें, अय्यूब की पूर्णता, खरापन, परमेश्वर का भय, और बुराई से दूर रहना प्रमाणित हुए थे। अय्यूब की अनमोलता इसमें निहित है कि जब उसे प्रलोभित किया गया था, और यहाँ तक कि जब उसका पूरा शरीर दुःखदायी फोड़ों से ढँक गया था, जब उसने अत्यधिक यंत्रणा सही थी, और जब उसकी पत्नी और कुटुंबियों ने उसे सलाह दी थी, तब भी उसने ऐसे वचन कहे थे। इसे दूसरे ढंग से कहें, तो अपने हृदय में वह मानता था कि, चाहे जो भी प्रलोभन हों, या दारुण क्लेश या यंत्रणा चाहे जितनी भी कष्टदायी हो, यहाँ तक कि उसके ऊपर यदि मृत्यु ही आनी हो, तब भी वह परमेश्वर को नहीं त्यागेगा या परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने का मार्ग नहीं त्यागेगा। तो, तुम देखो, कि परमेश्वर उसके हृदय में सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थान रखता था, और उसके हृदय में केवल परमेश्वर ही था। यही कारण है कि हम पवित्र शास्त्र में उसके बारे में ऐसे विवरण पढ़ते हैं : इन सब बातों में भी अय्यूब ने अपने मुँह से कोई पाप नहीं किया। उसने न केवल अपने होंठों से पाप नहीं किया, बल्कि अपने हृदय में उसने परमेश्वर के बारे में कोई शिकायत भी नहीं की। उसने ऐसे शब्द नहीं कहे जो परमेश्वर के दिल को दुख दें, न ही उसने परमेश्वर को नाराज करने वाला कोई काम किया। न केवल उसके मुँह ने परमेश्वर के नाम की प्रशंसा की, बल्कि अपने हृदय में भी उसने परमेश्वर के नाम की प्रशंसा की; उसका मुँह और हृदय एकमत थे। यह परमेश्वर द्वारा देखा गया सच्चा अय्यूब था, और बिल्कुल यही वह कारण था कि परमेश्वर ने अय्यूब को सँजोकर रखा था।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, परमेश्वर का कार्य, परमेश्वर का स्वभाव और स्वयं परमेश्वर II

अय्यूब परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने में क्यों सक्षम हुआ? वह अपने मन में क्या सोच रहा था? वह इन बुरे कार्यों को करने से कैसे बचा? उसके पास परमेश्वर का भय मानने वाला हृदय था। परमेश्वर का भय मानने वाले हृदय होने का क्या मतलब है? इसका मतलब है कि अपने हृदय में वह परमेश्वर से डरता था और परमेश्वर को महान मानकर उसका आदर कर सकता था, और उसके हृदय में परमेश्वर के लिए जगह थी। वह बुरी चीजें करने से दूर रहता था, इसलिए नहीं कि वह इस बात से डरता था कि परमेश्वर इसे देख लेगा या इस पर परमेश्वर क्रोधित होगा। इसके बजाय वह अपने हृदय में परमेश्वर को महान मानकर उसका आदर करता था, उसे संतुष्ट करने को तैयार था और परमेश्वर के वचनों पर अडिग रहने की इच्छा रखता था। इसी वजह से वह परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने में सक्षम हो पाया। वैसे तो हर कोई यह वाक्यांश कह सकता है कि “परमेश्वर का भय मानो और बुराई से दूर रहो,” फिर भी वे नहीं जानते कि अय्यूब ने यह किया कैसे। वास्तव में अय्यूब ने “परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने” को परमेश्वर में विश्वास करने के लिए सबसे आधारभूत और महत्वपूर्ण चीज माना। इसीलिए वह इन वचनों पर अडिग रह पाया, जैसे कि वह किसी आज्ञा का पालन कर रहा हो। उसने परमेश्वर के वचन सुने क्योंकि वह अपने हृदय में परमेश्वर को महान मानकर उसका आदर करता था। मनुष्य की नजर में परमेश्वर के वचन चाहे कितने ही मामूली लगें, भले ही वे वचन बहुत साधारण थे, लेकिन अय्यूब के हृदय में वे सर्वोच्च परमेश्वर के वचन थे; वे सबसे महान, सबसे महत्वपूर्ण वचन थे। चाहे उन वचनों को लोग हेय दृष्टि से देखें, अगर वे परमेश्वर के वचन हैं, तो लोगों को इनका पालन करना चाहिए। भले ही उनका मजाक उड़ाया जाए या बदनामी हो, उन्हें उसके वचनों का पालन करना चाहिए। भले ही उन्हें क्लेश का सामना करना पड़े या यातना झेलनी पड़े, तब भी उन्हें अंत तक परमेश्वर के वचनों पर टिके रहना चाहिए और वे इनसे पीछे नहीं हट सकते। परमेश्वर का भय मानने का यही मतलब है। तुम्हें उस हर एक वचन पर टिके रहना है, जिसकी अपेक्षा परमेश्वर एक इंसान से करता है। जहाँ तक उन चीजों की बात है, जिन्हें परमेश्वर मना करता है या जिनसे परमेश्वर नफरत करता है, यदि तुम उन चीजों के बारे में नहीं जानते तो चलेगा, लेकिन अगर एक बार तुम उन चीजों को जान जाते हो तो तुम्हें वे चीजें बिल्कुल नहीं करनी चाहिए। तुम्हें अडिग रहने में सक्षम होना चाहिए, भले ही तुम्हारा परिवार तुम्हें अस्वीकार कर दे, अविश्वासी तुम्हारा मजाक उड़ाएँ, या तुम्हारे करीबी लोग तुम्हारा तिरस्कार करें या तुम्हारा मजाक उड़ाएँ। तुम्हें अडिग रहने की क्या जरूरत है? तुम्हारी प्रेरणा क्या है? तुम्हारे सिद्धांत क्या हैं? यह है : “मुझे परमेश्वर के वचनों पर टिके रहना है और उसकी इच्छाओं के अनुसार ही काम करना है। मैं उन चीजों को करने में अडिग रहूँगा, जो परमेश्वर को पसंद हैं और उन चीजों को त्यागने के लिए संकल्पित रहूँगा, जिनसे परमेश्वर को नफरत है। अगर मैं परमेश्वर का इरादा नहीं जानता तो चलेगा, लेकिन अगर मैं उसके इरादे को जानता और समझता हूँ तो मैं दृढ़ता से उसके वचन सुनूँगा और इनके आगे समर्पण करूँगा। मुझे इससे डिगाने में कोई भी सक्षम नहीं होगा। मैं परमेश्वर के वचनों पर कायम रहूँगा और डगमगाऊँगा नहीं, यहाँ तक कि समय के अंत तक भी नहीं।” परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने का यही मतलब है।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन

अपने दैनिक जीवन में तुम लोगों का दिल किन मामलों में परमेश्वर का भय मानता है? और किन मामलों में नहीं? जब कोई तुम्हें ठेस पहुँचाता है या तुम्हारे हितों का अतिक्रमण करता है तो क्या तुम उससे नफरत कर पाते हो? और जब तुम किसी से नफरत करते हो तो क्या उसे सताने और बदला लेने में सक्षम होते हो? (हाँ।) फिर तो तुम बहुत डरावने हो! तुम्हारे पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल नहीं है और तुम बुरी चीजें करने में सक्षम हो। इसका अर्थ है कि तुम्हारे पास बहुत ही गंभीर रूप से क्रूर स्वभाव है! प्रेम और नफरत ऐसे गुण हैं जो सामान्य मानवता में होने चाहिए, लेकिन तुम्हें साफ तौर पर यह भेद पता होना चाहिए कि तुम किन चीजों से प्रेम करते हो और किनसे नफरत। अपने दिल में, तुम्हें परमेश्वर से, सत्य से, सकारात्मक चीजों और अपने भाई-बहनों से प्रेम करना चाहिए, जबकि शैतान और दानवों से, नकारात्मक चीजों से, मसीह-विरोधियों से और बुरे लोगों से नफरत करनी चाहिए। अगर तुम नफरत वश अपने भाई-बहनों को दबाकर उनसे बदला ले सकते हो तो यह बहुत भयावह होगा और यह बुरे व्यक्ति का स्वभाव है। कुछ लोगों में केवल घृणित विचार और घृणित, बुरे ख्याल होते हैं, उन्होंने कभी कोई बुराई नहीं की होती है और इसलिए वे बुरे लोग नहीं हैं। ऐसा इसलिए कि जब कुछ घटित होता है तो वे सत्य को खोजने में सक्षम होते हैं और अपने आचरण में और चीजों से निपटने के तरीके में सिद्धांतों का ध्यान रखते हैं। दूसरों से मिलते-जुलते समय वे उन्हें किसी भी तरह से बाध्य नहीं करते; अगर किसी व्यक्ति के साथ उनकी पटरी बैठ रही है तो वे मिलना-जुलना जारी रखते हैं; अगर पटरी नहीं बैठती तो मिलना-जुलना जारी नहीं रखते। यह उनके कर्तव्य निर्वहन या उनके जीवन प्रवेश को बिल्कुल भी प्रभावित नहीं करता है। उनके दिलों में परमेश्वर है और उनके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल है। वे परमेश्वर को नाराज करने को तैयार नहीं होते और वे ऐसा करने से भी डरते हैं। यूँ तो ऐसे लोग कुछ गलत सोच-विचार पाल सकते हैं, लेकिन वे उनके खिलाफ विद्रोह कर पाते हैं और उन्हें त्याग पाते हैं। वे अपने कार्य-कलापों पर लगाम लगाकर रखते हैं, ऐसा कोई शब्द नहीं बोलते जो अनुचित हो और परमेश्वर को नाराज करने वाली कोई बात नहीं कहते। जो लोग इस तरह से बोलते और पेश आते हैं, वे सिद्धांत वाले होते हैं और सत्य का अभ्यास करते हैं। हो सकता है कि तुम्हारा व्यक्तित्व किसी और से मेल न खाए और तुम उसे पसंद भी न करो, लेकिन जब तुम उसके साथ मिलकर काम करते हो तो तुम निष्पक्ष रहते हो और तुम अपना कर्तव्य निभाने में अपनी भड़ास नहीं निकालते हो या परमेश्वर के घर के हितों पर अपनी भड़ास नहीं निकालते हो; तुम मामलों को सिद्धांतों के अनुसार सँभाल सकते हो। यह किस चीज की अभिव्यक्ति है? यह परमेश्वर का भय मानने वाला बुनियादी दिल होने की अभिव्यक्ति है। इससे बेहतर स्थिति में जब तुम यह देखते हो कि किसी व्यक्ति में कुछ कमियाँ या कमजोरियाँ हैं तो भले ही उन्होंने तुम्हें नाराज किया हो या वे तुम्हारे प्रति पूर्वाग्रह रखते हों, फिर भी तुम उनके साथ सही व्यवहार करते हो और प्रेमपूर्वक उनकी मदद करते हो। इसका मतलब है कि तुममें प्रेम है, तुममें इंसानियत है, तुम दयालु हो और सत्य का अभ्यास करते हो, तुम एक ऐसे ईमानदार व्यक्ति हो जिसमें सत्य वास्तविकताएँ हैं और जिसका दिल परमेश्वर का भय मानता है। यदि तुम्हारा आध्यात्मिक कद छोटा है, लेकिन तुममें संकल्प है और तुम सत्य के लिए प्रयास करने के इच्छुक हो, चीजों को सिद्धांत के अनुसार करने का जतन करते हो और सिद्धांतों के अनुसार आचरण कर सकते हो, चीजों से निपट सकते हो और लोगों के साथ व्यवहार कर सकते हो तो इसे भी थोड़ा-सा परमेश्वर का भय मानने वाला दिल होना माना जाएगा; यह सर्वाधिक मूलभूत बात है।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, पाँच शर्तें, जिन्हें परमेश्वर पर विश्वास के सही मार्ग पर चलने के लिए पूरा करना आवश्यक है

एक बार जब सत्य तुम्हारा जीवन बन जाता है, यदि तुम किसी को परमेश्वर की ईशनिंदा करते, परमेश्वर का भय नहीं मानते, अपना कर्तव्य करते समय खानापूरी करते, या कलीसिया के कार्य में गड़बड़ करते और बाधा डालते हुए देखते हो, तो तुम उसके साथ सत्य सिद्धांतों के अनुसार व्यवहार करने में सक्षम होगे, जिनका भेद पहचानना चाहिए, उनका भेद पहचानोगे और जिन्हें उजागर करना चाहिए, उन्हें उजागर करोगे। यदि सत्य तुम्हारा जीवन नहीं बना है और तुम अभी भी अपने शैतानी स्वभावों के भीतर रहते हो, तो जब तुम बुरे लोगों और दानवों को कलीसिया के काम में गड़बड़ करते और बाधाएँ डालते हुए देखोगे, तो तुम आँखें मूँद लोगे, कान बंद कर लोगे और इसे नजरअंदाज कर दोगे, बिना अपनी अंतरात्मा से कोई धिक्कार महसूस किए। तुम यह भी सोचोगे कि चाहे कोई भी कलीसिया के काम में बाधा डाले, इसका तुमसे कोई लेना-देना नहीं है। चाहे कलीसिया के काम और परमेश्वर के घर के हितों को कितना भी नुकसान पहुँचे, तुम परवाह नहीं करोगे या इसके बारे में नहीं पूछोगे या अपनी अंतरात्मा से कोई धिक्कार महसूस नहीं करोगे। उस स्थिति में, तुम एक ऐसे व्यक्ति हो जिसमें कोई अंतरात्मा या विवेक नहीं है, तुम एक छद्म-विश्वासी, एक श्रमिक हो। तुम परमेश्वर का खाते हो, परमेश्वर का पीते हो और परमेश्वर से आने वाली हर चीज का आनंद लेते हो, फिर भी महसूस करते हो कि परमेश्वर के घर के हितों को होने वाले किसी भी नुकसान से तुम्हारा कोई लेना-देना नहीं है—यह तुम्हें एक ऐसा गद्दार बनाता है जो अपने लोगों का नुकसान करके बाहरी लोगों का पक्ष लेता है, यह कुछ ऐसा है जो अपने खिलाने वाले हाथ को ही काटता है। यदि तुम परमेश्वर के घर के हितों की रक्षा नहीं करते, तो क्या तुम इंसान भी हो? तुम एक दानव हो जिसने कलीसिया में घुसपैठ की है। तुम परमेश्वर में विश्वास करने का ढोंग करते हो, परमेश्वर के चुने हुए लोगों में से एक होने का नाटक करते हो और परमेश्वर के घर में मुफ्तखोरी करना चाहते हो—तुम एक इंसान जैसे नहीं दिखते और तुम स्पष्ट रूप से एक छद्म-विश्वासी हो। जो वास्तव में परमेश्वर में विश्वास करते हैं, भले ही उन्होंने अभी तक सत्य और जीवन प्राप्त नहीं किया हो, कम-से-कम वे अपनी कथनी और करनी में परमेश्वर का पक्ष लेंगे; कम-से-कम, वे परमेश्वर के घर के हितों को नुकसान पहुँचते देखकर चुपचाप खड़े नहीं रहेंगे। यदि वे इसे नजरअंदाज करने की कोशिश करते हैं, तो उनकी अंतरात्मा धिक्कार और बेचैनी महसूस करेगी और वे खुद से कहेंगे, “मैं बस बैठे-बैठे और कुछ किए बिना नहीं रह सकता। मुझे खड़ा होना होगा और कुछ कहना होगा, मुझे अपनी जिम्मेदारी पूरी करनी होगी। मुझे इस बुरे कर्म को उजागर करने और रोकने के लिए आगे आना होगा, परमेश्वर के घर के हितों को नुकसान से बचाना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि कलीसियाई जीवन बाधित न हो।” यदि सत्य तुम्हारे हृदय में तुम्हारा जीवन बन गया है, तो तुममें न केवल यह साहस और दृढ़ संकल्प होगा, बल्कि तुम इस मामले की असलियत देख पाने में भी सक्षम होगे। इसके अलावा, तुम परमेश्वर के काम और उसके घर के हितों के लिए अपनी जिम्मेदारी का उचित हिस्सा पूरा करने में सक्षम होगे और इस तरह, तुम्हारा कर्तव्य पूरा हो जाएगा। यदि तुम अपने कर्तव्य को अपनी जिम्मेदारी, अपना दायित्व और परमेश्वर का आदेश समझकर निभा सकते हो और महसूस कर सकते हो कि केवल इसी तरह तुम अपनी अंतरात्मा के प्रति खरे उतर रहे हो और परमेश्वर को निराश नहीं कर रहे हो, तो क्या तुम तब सामान्य मानवता की सत्यनिष्ठा और गरिमा को नहीं जी रहे होगे? तुम्हारे कर्म और व्यवहार “परमेश्वर का भय मानना और बुराई से दूर रहना” होंगे जिसके बारे में परमेश्वर कहता है। तुम इन शब्दों के सार का अभ्यास कर रहे होगे और उनकी वास्तविकता को जी रहे होगे।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन

संबंधित भजन

परमेश्वर का भय मानने वाले लोग हर चीज में उसका गुणगान करते हैं

सत्य से प्रेम करने वाले ही बचाए जा सकते हैं

परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने का ज़रूरी रास्ता

पिछला: 36. परमेश्वर के प्रति समर्पण कैसे प्राप्त किया जा सकता है

अगला: 38. परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने और उद्धार किए जाने में क्या संबंध है

परमेश्वर के बिना जीवन कठिन है। यदि आप सहमत हैं, तो क्या आप परमेश्वर पर भरोसा करने और उसकी सहायता प्राप्त करने के लिए उनके समक्ष आना चाहते हैं?

संबंधित सामग्री

1. प्रभु ने हमसे यह कहते हुए, एक वादा किया, “मैं तुम्हारे लिये जगह तैयार करने जाता हूँ। और यदि मैं जाकर तुम्हारे लिये जगह तैयार करूँ, तो फिर आकर तुम्हें अपने यहाँ ले जाऊँगा कि जहाँ मैं रहूँ वहाँ तुम भी रहो” (यूहन्ना 14:2-3)। प्रभु यीशु पुनर्जीवित हुआ और हमारे लिए एक जगह तैयार करने के लिए स्वर्ग में चढ़ा, और इसलिए यह स्थान स्वर्ग में होना चाहिए। फिर भी आप गवाही देते हैं कि प्रभु यीशु लौट आया है और पृथ्वी पर ईश्वर का राज्य स्थापित कर चुका है। मुझे समझ में नहीं आता : स्वर्ग का राज्य स्वर्ग में है या पृथ्वी पर?

संदर्भ के लिए बाइबल के पद :“हे हमारे पिता, तू जो स्वर्ग में है; तेरा नाम पवित्र माना जाए। तेरा राज्य आए। तेरी इच्छा जैसी स्वर्ग में पूरी...

परमेश्वर का प्रकटन और कार्य परमेश्वर को जानने के बारे में अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन मसीह-विरोधियों को उजागर करना अगुआओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ सत्य के अनुसरण के बारे में सत्य के अनुसरण के बारे में न्याय परमेश्वर के घर से शुरू होता है अंत के दिनों के मसीह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर के अत्यावश्यक वचन परमेश्वर के दैनिक वचन सत्य वास्तविकताएं जिनमें परमेश्वर के विश्वासियों को जरूर प्रवेश करना चाहिए मेमने का अनुसरण करो और नए गीत गाओ राज्य का सुसमाचार फ़ैलाने के लिए दिशानिर्देश परमेश्वर की भेड़ें परमेश्वर की आवाज को सुनती हैं परमेश्वर की आवाज़ सुनो परमेश्वर के प्रकटन को देखो राज्य के सुसमाचार पर अत्यावश्यक प्रश्न और उत्तर मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 1) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 2) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 3) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 4) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 5) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 6) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 7) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 8) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 9) मैं वापस सर्वशक्तिमान परमेश्वर के पास कैसे गया

सेटिंग

  • इबारत
  • कथ्य

ठोस रंग

कथ्य

फ़ॉन्ट

फ़ॉन्ट आकार

लाइन स्पेस

लाइन स्पेस

पृष्ठ की चौड़ाई

विषय-वस्तु

खोज

  • यह पाठ चुनें
  • यह किताब चुनें

WhatsApp पर हमसे संपर्क करें