35. परमेश्वर के प्रति समर्पण करने और उद्धार के बीच संबंध
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
परमेश्वर ने मानवजाति का सृजन किया, उन्हें पृथ्वी पर रखा और आज तक उनकी अगुआई की और बाद में उसने उन्हें बचाया और वह मानवजाति के लिए पाप-बलि बना और अंतिम अवधि के दौरान उसे अभी भी मानवजाति को जीतना होगा, मानवजाति को पूरी तरह से बचाना होगा और मनुष्य को उसकी मूल छवि में बहाल करना होगा। यही वह कार्य है जिसमें वह आरंभ से अंत तक संलग्न रहा है—मनुष्य को उसका मूल प्रतिरूप और उसकी मूल छवि बहाल करना। परमेश्वर अपना राज्य स्थापित करेगा और मनुष्य की मूल छवि को बहाल करेगा, जिसका अर्थ है कि परमेश्वर पृथ्वी पर अपने अधिकार को बहाल करेगा और समस्त सृजित प्राणियों के बीच अपने अधिकार को बहाल करेगा। शैतान द्वारा भ्रष्ट किए जाने के बाद लोगों ने अपना परमेश्वर का भय मानने वाला दिल गँवा दिया, उन्होंने वो भूमिका गँवा दी जो सृजित प्राणियों की होनी चाहिए और सभी परमेश्वर के खिलाफ विद्रोही शत्रु बन गए; सभी लोग शैतान की सत्ता के अधीन जीते हैं और सभी शैतान की हेरा फेरी के अधीन हैं। इस प्रकार, परमेश्वर के पास अपने सृजित प्राणियों के बीच कार्य करने की कोई संभावना नहीं है, सृजित प्राणियों के लिए उसका भय मानने की तो बात ही छोड़ दो। मनुष्य को परमेश्वर ने बनाया था और उसे परमेश्वर की आराधना करनी चाहिए, पर वह असल में परमेश्वर के खिलाफ हो गया और इसके बजाय शैतान की आराधना करने लगा। शैतान उसके दिल में आराध्य वस्तु बन गया। इस प्रकार परमेश्वर ने मनुष्य के हृदय में अपना स्थान खो दिया, जिसका मतलब है कि उसके द्वारा मनुष्य के सृजन के पीछे का अर्थ खो गया। इसलिए मनुष्य के सृजन के अपने अर्थ को बहाल करने के लिए उसे मनुष्य की मूल छवि को बहाल करना होगा और मनुष्य को उसके भ्रष्ट स्वभाव से मुक्ति दिलानी होगी। शैतान से उसे वापस प्राप्त करने के लिए परमेश्वर को उसे पाप से बचाना होगा। केवल इसी तरह परमेश्वर धीरे-धीरे मनुष्य की मूल छवि को बहाल कर सकता है और मनुष्य की मूल भूमिका को बहाल कर सकता है; केवल इसी तरह परमेश्वर अंत में अपने राज्य को बहाल कर सकता है। विद्रोह करने वाले उन पुत्रों का अंत में पूर्णतया विनाश भी इसलिए होगा कि मनुष्य बेहतर ढंग से परमेश्वर की आराधना कर सके और पृथ्वी पर बेहतर ढंग से रह सके। चूँकि परमेश्वर ने मानवजाति का सृजन किया, इसलिए वह मनुष्य से अपनी आराधना करवाएगा; क्योंकि वह मनुष्य के मूल कार्य को बहाल करना चाहता है, वह उसे पूर्ण रूप से और बिना किसी मिलावट के बहाल करेगा। अपना अधिकार बहाल करने का अर्थ है, लोगों से अपनी आराधना कराना, सभी से समर्पण कराना, सभी को अपनी वजह से जीवित रहने देना, अपने अधिकार की वजह से अपने सभी शत्रुओं का विनाश करना और किसी प्रतिरोध के बिना लोगों के बीच अपने बारे में हर चीज को बनाए रखना। जो राज्य परमेश्वर स्थापित करना चाहता है, वह उसका स्वयं का राज्य है। वह जिस मानवजाति की आकांक्षा रखता है वह ऐसी हो जो उसकी आराधना करे, जो उसके प्रति पूरी तरह समर्पण करे और जो उसकी महिमा से युक्त हो। यदि परमेश्वर ने भ्रष्ट मानवजाति को न बचाया तो उसके द्वारा मनुष्य के सृजन का अर्थ खत्म हो जाएगा; उसका मनुष्यों के बीच अब और अधिकार नहीं रहेगा और पृथ्वी पर उसके राज्य का अस्तित्व अब और नहीं रह पाएगा। यदि परमेश्वर ने उन शत्रुओं को नष्ट नहीं किया जो उसके प्रति विद्रोही हैं, तो वह अपनी संपूर्ण महिमा प्राप्त करने में असमर्थ रहेगा, न ही वह पृथ्वी पर अपने राज्य की स्थापना कर पाएगा। मानवजाति में से उन सबको पूरी तरह नष्ट करना, जो उसके प्रति विद्रोही हैं और जो पूर्ण किए जा चुके हैं, उन्हें विश्राम में लाना—ये उसका कार्य पूरा होने और उसकी महान उपलब्धि के चिह्न होंगे। जब मनुष्यों को उनकी मूल समानता में बहाल कर लिया जाएगा और जब वे अपने-अपने कर्तव्य अच्छे से निभा सकेंगे, अपने उचित स्थानों पर बने रह सकेंगे और परमेश्वर की सभी व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण कर सकेंगे, तब परमेश्वर ने पृथ्वी पर उन लोगों का एक समूह प्राप्त कर लिया होगा जो उसकी आराधना करते हैं और उसने पृथ्वी पर एक राज्य भी स्थापित कर लिया होगा जो उसकी आराधना करता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर और मनुष्य साथ-साथ विश्राम में प्रवेश करेंगे
सृजित प्राणियों के लिए सृष्टिकर्ता के प्रति समर्पित होना बिल्कुल स्वाभाविक और उचित है—यह बिल्कुल वैसा है, जैसा उन्हें करना चाहिए। यह सत्य सदा के लिए अपरिवर्तनशील है, चाहे कोई भी समय, स्थान, वर्ष या महीना हो और चाहे कोई भी क्षेत्र या भौगोलिक वातावरण हो। यहाँ तक कि अगर यह दुनिया और मानवजाति और इनके साथ सभी चीजें खत्म भी हो जाएं, तो भी यह कथन कि “सृजित प्राणियों को सृष्टिकर्ता के प्रति समर्पण करना चाहिए” कभी नहीं बदल सकता। यह कुछ ऐसी चीज है जो तुम्हारी तर्क-शक्ति में होनी चाहिए; यह वह पहला सत्य है जो परमेश्वर में विश्वास रखने वाले व्यक्ति के रूप में तुममें होना चाहिए। अगर कुछ लोग कहते हैं कि वे ये वचन नहीं समझते, तो यह काफी संदेहजनक है—इससे ये सवाल उठते हैं कि क्या उनमें मनुष्य की आत्मा है और क्या उनमें जमीर और विवेक हैं। कुछ लोग वास्तव में इसे समझते हैं, लेकिन अपने दिलों में बस सत्य से प्रेम नहीं करते और सत्य स्वीकारना नहीं चाहते। सत्य स्वीकारना न चाहने का निहितार्थ यह है कि वे यह नहीं स्वीकारते कि परमेश्वर सृष्टिकर्ता है, न ही वे यह स्वीकारते हैं कि वे सृजित प्राणी हैं। अगर वे खुद को सृजित प्राणी स्वीकारते, तो उन्हें सृष्टिकर्ता के प्रति समर्पित होना पड़ता। लेकिन चूँकि वे समर्पण नहीं करना चाहते, इसलिए वे इसे स्वीकारने से इनकार करते हैं। क्या ऐसे लोग घोर विद्रोही नहीं हैं? आम शब्दों में कहें तो, वे इंसानियत का मैल हैं। आज परमेश्वर मानवजाति को बचाने के लिए आया है। लोगों से उसकी अपेक्षा है कि वे उसके प्रति समर्पित हों; केवल इसी तरह से लोग उद्धार पा सकते हैं। तो परमेश्वर में विश्वास रखने वाले व्यक्ति को पहली चीज क्या करनी चाहिए? (परमेश्वर के प्रति समर्पित होना चाहिए।) सही कहा; ऐसा करना परमेश्वर के इरादों के अनुरूप है, यह पूरी तरह से समझदारी भरा और न्यायोचित है। मुझे बताओ, अगर लोग समझते हों कि परमेश्वर के प्रति समर्पित होना सर्वोच्च सत्य है, तो क्या इससे उन्हें सत्य का अभ्यास करने, सत्य का अनुसरण करने के मार्ग पर चलने और परमेश्वर के प्रति सही रवैया रखने में मदद मिलती है? (हाँ।) यदि व्यक्ति परमेश्वर के प्रति समर्पित हो सकता है, तो वह सही स्थिति ग्रहण कर रहा होता है और उनमें विवेक होता है। ... चूँकि तुम सत्य या परमेश्वर के प्रति समर्पित नहीं होते और परमेश्वर के विरोध में खड़े होते हो, तो क्या परमेश्वर फिर भी तुम्हें अपना सृजित प्राणी मानेगा? परमेश्वर तुम्हारे जैसा सृजित प्राणी नहीं चाहता। तुम शैतान के प्रकार के और विषधर साँप जैसे हो और यह बहुत खतरनाक है, क्योंकि परमेश्वर शैतान को नहीं बचाता, न ही वह विषधर के प्रकारों को बचाता है।
—परमेश्वर की संगति
अगर परमेश्वर पर विश्वास करते हुए लोग उद्धार पाना चाहते हैं, तो मुख्य यह है कि उनके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल है या नहीं, उनके हृदय में परमेश्वर का स्थान है या नहीं और वे परमेश्वर के सामने जीने और उसके साथ सामान्य संबंध बनाए रखने में सक्षम हैं या नहीं। अहम यह है कि लोग सत्य का अभ्यास करने और परमेश्वर के प्रति समर्पण प्राप्त करने में सक्षम हैं या नहीं। ये उद्धार पाने के मार्ग और शर्तें हैं। अगर तुम्हारा हृदय परमेश्वर के सामने जीने में सक्षम नहीं है, अगर तुम परमेश्वर से अक्सर प्रार्थना और संगति नहीं करते, और परमेश्वर के साथ सामान्य संबंध खो देते हो, तो तुम कभी उद्धार नहीं पाओगे, क्योंकि तुमने उद्धार का मार्ग अवरुद्ध कर दिया है। यदि तुम्हारा परमेश्वर के साथ कोई संबंध नहीं है तो तुम विनाश के मार्ग पर चल रहे हो। यदि परमेश्वर तुम्हारे दिल में नहीं है तो महज यह दावा करना कि तुममें आस्था है और नाममात्र के लिए परमेश्वर में विश्वास करना बेकार है। तुम चाहे कितने भी प्रतिभाशाली क्यों न हो, तुम कितने भी शब्दों और धर्म-सिद्धांतों का प्रचार करने में सक्षम हो या तुमने परमेश्वर में अपने विश्वास के कारण कितना भी कष्ट क्यों न सहा हो, यह बेकार है। जब तक तुम्हारे दिल में परमेश्वर के लिए कोई जगह नहीं है और तुम परमेश्वर का भय नहीं मानते और सत्य के एक छोटे-से अंश का भी अभ्यास नहीं कर सकते तो तुम परमेश्वर में चाहे जैसे भी विश्वास करो यह बेकार है और परमेश्वर कहता है, “मुझसे दूर हो जाओ, कुकर्मी।” ऐसे व्यक्ति को कुकर्मी के रूप में वर्गीकृत किया जाता है क्योंकि वह सत्य का अभ्यास नहीं कर सकता और उसके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल नहीं है। और इसलिए भले ही तुमने कई वर्षों तक परमेश्वर में विश्वास किया हो, तुम्हारा परमेश्वर से कोई लेना-देना नहीं है; परमेश्वर कहता है कि तुम एक अविश्वासी और बुरे व्यक्ति हो और वह तुम्हारा प्रभु या तुम्हारा परमेश्वर नहीं है। हालाँकि तुम स्वीकार करते हो कि परमेश्वर सभी पर संप्रभु है, और स्वीकार करते हो कि परमेश्वर सृष्टिकर्ता है, मगर तुम उसकी आराधना नहीं करते, उसकी संप्रभुता के प्रति समर्पित नहीं होते। तुम शैतान और दानवों का अनुसरण करते हो, केवल शैतान और दानव ही तुम्हारे प्रभु हैं। अगर सभी चीजों में तुम खुद पर भरोसा करते हो, और अपनी ही इच्छा का पालन करते हो, अगर तुम मानते हो कि तुम्हारा भाग्य तुम्हारे अपने हाथों में है, तो तुम खुद में ही विश्वास रखते हो। भले ही तुम परमेश्वर पर विश्वास करने और उसे स्वीकार करने का दावा करते हो, मगर परमेश्वर तुम्हें स्वीकार नहीं करता। तुम्हारा परमेश्वर के साथ कोई संबंध नहीं है, और इसलिए तुम अंततः परमेश्वर द्वारा तिरस्कृत किए जाने, दंडित किए जाने, और उसके द्वारा निकाल दिए जाने के लिए नियत हो; परमेश्वर तुम जैसे लोगों को नहीं बचाता। परमेश्वर में वास्तव में विश्वास करने वाले वही लोग होते हैं, जो परमेश्वर को उद्धारकर्ता के रूप में स्वीकार करते हैं, जो यह स्वीकार करते हैं कि वह सत्य, मार्ग और जीवन है और जो उसके लिए खुद को ईमानदारी से खपाने और एक सृजित प्राणी का कर्तव्य करने में सक्षम होते हैं। जो वे अनुभव करते हैं वह परमेश्वर का कार्य है; वे जिसका अभ्यास करते हैं वह उसके वचन और सत्य हैं; और वे जिस मार्ग पर चलते हैं वह सत्य का अनुसरण करने का मार्ग है। वे ऐसे लोग होते हैं जो परमेश्वर की संप्रभुता और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करते हैं, और जो परमेश्वर की इच्छा के अनुसार चलते हैं। केवल इस तरह परमेश्वर में विश्वास करके ही उसका उद्धार किया जा सकता है; यदि नहीं तो उसे दोषी ठहराया जाएगा। यदि परमेश्वर में अपने विश्वास में लोग खयाली पुलाव पकाते हैं और हमेशा अपनी धारणाओं और काल्पनिक कल्पनाओं से चिपके रहते हैं, तो क्या वे सत्य प्राप्त कर सकते हैं? क्या वे अंततः उद्धार प्राप्त कर सकते हैं? बिल्कुल नहीं। जब लोग परमेश्वर में विश्वास करते हैं तो उन्हें अवश्य परमेश्वर के वचनों को खाना और पीना चाहिए, उन्हें सत्य को अवश्य स्वीकार करना चाहिए, उसकी अपेक्षाओं के अनुसार उसमें विश्वास करना चाहिए और परमेश्वर के कार्य का अनुभव करने में सक्षम होना चाहिए, उसके आयोजनों और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण हासिल करना चाहिए; केवल तभी वे उद्धार प्राप्त कर सकते हैं। तुम जो कुछ भी करो तुम्हें खयाली पुलाव नहीं पकाना चाहिए और केवल आशीष पाने के लिए परमेश्वर में विश्वास नहीं करना चाहिए; यह परमेश्वर को धोखा देना और उसके साथ सौदेबाजी करना है और यह तुम्हें केवल बर्बाद करेगा। इस विषय पर संगति करना लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, है न? यह तुम लोगों के लिए एक चेतावनी है।
अब जबकि तुम लोगों ने ये उपदेश सुन लिए हैं, तो तुम्हें सत्य समझ जाना चाहिए और इस बारे में स्पष्ट होना चाहिए कि उद्धार में क्या शामिल है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या पसंद करते हैं, किस चीज के लिए प्रयास करते हैं, किस चीज के प्रति जुनूनी होते हैं, इनमें से कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है। जो सबसे महत्वपूर्ण है, वह है सत्य स्वीकारना। अंतिम विश्लेषण में, सत्य प्राप्त करने में सक्षम होना सबसे महत्वपूर्ण है और सही मार्ग वह है जो तुम्हें परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने दे सकता है। अगर तुमने कई वर्षों से परमेश्वर पर विश्वास किया है और हमेशा उन चीजों की खोज पर ध्यान केंद्रित किया है जिनका सत्य से कोई संबंध नहीं, तो तुम्हारी आस्था का सत्य से कोई लेना-देना नहीं है, परमेश्वर से कोई लेना-देना नहीं है। तुम परमेश्वर में विश्वास करने और मौखिक रूप से उसे स्वीकार करने का दावा कर सकते हो, लेकिन परमेश्वर तुम्हारा प्रभु नहीं है, वह तुम्हारा परमेश्वर नहीं है; तुम अपने भाग्य पर परमेश्वर की संप्रभुता स्वीकार नहीं करते, तुम उन सबके प्रति समर्पित नहीं होते जिनका परमेश्वर तुम्हारे लिए आयोजन करता है, तुम यह तथ्य स्वीकार नहीं करते कि परमेश्वर सत्य है। इस स्थिति में तुम्हारी उद्धार की आशा चूर-चूर हो गई है। अगर तुम सत्य का अनुसरण करने के मार्ग पर चलना शुरू नहीं करते हो, तो तुम विनाश के मार्ग पर चलते हो। अगर हर वह चीज, जिसका तुम अनुसरण करते हो, जिस पर ध्यान केंद्रित करते हो, जिसके बारे में प्रार्थना करते हो, और जिसके लिए अपील करते हो, परमेश्वर के वचनों और उसकी अपेक्षाओं पर आधारित है, और अगर तुम्हें अधिकाधिक यह लगता है कि तुम सृष्टिकर्ता के प्रति समर्पण कर रहे हो और उसकी आराधना कर रहे हो, और महसूस करते हो कि परमेश्वर तुम्हारा प्रभु, तुम्हारा परमेश्वर है, अगर तुम उन सबके प्रति समर्पण करने में अधिकाधिक प्रसन्न होते हो जिनका परमेश्वर तुम्हारे लिए आयोजन और व्यवस्था करता है, और परमेश्वर के साथ तुम्हारा रिश्ता पहले से ज्यादा घनिष्ठ, ज्यादा सामान्य होता है, और अगर परमेश्वर के प्रति तुम्हारा प्रेम और अधिक शुद्ध और सच्चा होता है, तो परमेश्वर के बारे में तुम्हारी शिकायतें और गलतफहमियाँ, और परमेश्वर के प्रति तुम्हारी अत्यधिक इच्छाएँ हमेशा कम होती जाएँगी, और तुम पूरी तरह से परमेश्वर का भय मानने लगोगे और बुराई से दूर हो जाओगे, जिसका अर्थ है कि तुम पहले से ही उद्धार के मार्ग पर कदम रख चुके होगे। हालाँकि उद्धार के मार्ग पर चलना परमेश्वर के अनुशासन, काट-छाँट, न्याय और ताड़ना के साथ आता है, और इनके कारण तुम्हें बहुत पीड़ा होती है, लेकिन यह परमेश्वर का प्रेम है जो तुम पर आ रहा है। यदि परमेश्वर में अपने विश्वास में तुम केवल आशीष, रुतबे, प्रसिद्धि और लाभ का अनुसरण करते हो और तुम्हें कभी अनुशासित किया, काटा-छाँटा नहीं जाता या तुम्हारा न्याय किया और ताड़ना दी नहीं जाती—आराम का जीवन जीने के बावजूद तुम्हारा दिल परमेश्वर से अधिकाधिक दूर होता जाता है, तुम परमेश्वर के साथ अपना सामान्य संबंध खो देते हो और तुम परमेश्वर की जाँच-परख को स्वीकार करने के अनिच्छुक होते हो, अपना खुद का स्वामी बनना चाहते हो—यह सब साबित करता है कि तुम जिस मार्ग पर चलते हो वह सही मार्ग नहीं है। अगर तुम कुछ समय तक परमेश्वर के कार्य का अनुभव करते हो और तुम्हें इसका अधिकाधिक एहसास होता है कि मानवजाति कितनी गहराई तक भ्रष्ट और परमेश्वर का विरोध करने में कितनी प्रवृत्त है, और अगर तुम इस बात से डरते हो कि शायद किसी दिन तुम कुछ ऐसा कर दोगे जो परमेश्वर का प्रतिरोध करता है और परमेश्वर को नाराज करता है और तुम उसके द्वारा त्याग दिए जाओगे, और इस तरह तुम महसूस करते हो कि परमेश्वर का प्रतिरोध करने से ज्यादा भयानक कुछ नहीं है, तो तुम्हारे पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल होगा। तुम महसूस करोगे कि परमेश्वर में विश्वास रखते समय लोगों को परमेश्वर से भटकना नहीं चाहिए; अगर वे उससे भटक जाते हैं, अगर वे उसके अनुशासन से, उसके न्याय और ताड़ना से भटक जाते हैं, तो यह परमेश्वर की सुरक्षा और देखभाल खोने के बराबर है, परमेश्वर के आशीष खोने के बराबर है, और यह लोगों के लिए सब कुछ खत्म हो जाना है; वे केवल और अधिक भ्रष्ट ही हो सकते हैं, और वे उसमें विश्वास करते हुए परमेश्वर का प्रतिरोध करने में समर्थ होंगे जैसे धार्मिक जगत के लोग करते हैं—और इससे वे मसीह-विरोधी बन गए होंगे। अगर तुम इसे महसूस कर सकते हो, तो तुम परमेश्वर से प्रार्थना करोगे, “परमेश्वर! कृपया मेरा न्याय करो और मुझे ताड़ना दो। मैं विनती करता हूँ कि मैं जो कुछ भी करूँ, उसमें तुम मेरी जाँच-परख करो। अगर मैं कुछ ऐसा करूँ, जो सत्य का उल्लंघन करता हो, जो तुम्हारे इरादों के विरुद्ध जाता हो, तो मेरा गंभीर रूप से न्याय कर मुझे ताड़ना दो—मैं तुम्हारे न्याय और ताड़ना के बिना नहीं रह सकता।” यह सही मार्ग है, जिस पर लोगों को परमेश्वर में अपनी आस्था में चलना चाहिए।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर का भय मानकर ही इंसान उद्धार के मार्ग पर चल सकता है
परमेश्वर अब जो उद्धार का कार्य कर रहा है, वह शैतान के भ्रष्ट स्वभावों और उसके भ्रष्ट सार के अनुसार जीने वाली चलती-फिरती लाशों—मृत लोगों—को जीवित लोगों में बदल देने के लिए है। बचा लिए जाने का यही अर्थ है। कोई भी व्यक्ति बचा लिए जाने के खातिर परमेश्वर पर विश्वास करता है—बचा लिए जाने का अर्थ क्या है? परमेश्वर का उद्धार पाने का मतलब है कि मृत व्यक्ति जीवित व्यक्ति हो गया है। जहाँ एक समय वह शैतान का था, उसका मरना तय था, वहीं अब वह परमेश्वर के व्यक्ति के रूप में जीवित हो गया है। अगर लोग परमेश्वर में विश्वास और उसका अनुसरण करते हुए परमेश्वर के प्रति समर्पण कर सकें, उसे जान सकें और आराधना में उसके सामने झुक सकें, अगर उनके दिल में परमेश्वर के प्रति कोई प्रतिरोध और विद्रोहीपन न रहे, और वे उसका और विरोध न करें और उस पर हमले न करें, और उसके प्रति सच्चे मन से समर्पण कर सकें तो फिर परमेश्वर की नजरों में वे सच्चे जीवित लोग हैं। क्या जो व्यक्ति परमेश्वर को सिर्फ मौखिक रूप से स्वीकार करता हो वह जीवित व्यक्ति है? (नहीं।) तो फिर जीवित व्यक्ति कैसा होता है? जीवित लोगों की वास्तविक अभिव्यक्तियाँ क्या हैं? जीवित लोगों के पास क्या होना जरूरी है? तुम लोग मुझे अपनी राय बताओ। (जो लोग सत्य स्वीकार कर सकते हैं, वे जीवित लोग हैं। जब लोगों के विचार और दृष्टिकोण और चीजों से संबंधित उनके दृष्टिकोण बदलकर परमेश्वर के वचनों के अनुरूप हो जाते हैं, तो वे जीवित लोग होते हैं।) (जीवित लोग वे हैं जो सत्य समझते हैं और इसका अभ्यास कर सकते हैं।) (जो व्यक्ति परमेश्वर का भय मानता है और अय्यूब की तरह बुराई से दूर रहता है, वह जीवित व्यक्ति है।) (जो लोग परमेश्वर को जानते हैं, परमेश्वर के वचनों के अनुसार जी सकते हैं, और सत्य वास्तविकता को जी सकते हैं—वे जीवित लोग हैं।) तुम लोगों में से हर किसी ने एक प्रकार की अभिव्यक्ति की बात की है। किसी व्यक्ति के अंततः उद्धार किए जाने और जीवित व्यक्ति बनने के लिए उसे कम-से-कम परमेश्वर के वचनों को ध्यान से सुनने में सक्षम होना चाहिए, जमीर और विवेक युक्त वचन बोलने में सक्षम होना चाहिए, और उसे अवश्य ही विचारवान और विवेकशील होना चाहिए, सत्य समझने और इसका अभ्यास करने योग्य होना चाहिए, परमेश्वर के प्रति समर्पण और उसकी आराधना करने योग्य होना चाहिए। यही सच्चा जीवित व्यक्ति होता है। जीवित लोग अक्सर क्या सोचते और करते हैं? वे थोड़ा-बहुत वही कर सकते हैं जो सामान्य लोगों को करना चाहिए। मुख्य रूप से, वे अपने कर्तव्य अच्छी तरह करते हैं, और वे अपने मन में जो कुछ सोचते और प्रकट करते हैं और सामान्य रूप से जो कुछ कहते और करते हैं, उसमें परमेश्वर का भय मानते हैं और बुराई से दूर रहते हैं। वे अक्सर जो कुछ सोचते और करते हैं, उसकी यही प्रकृति है। इसे थोड़ा और सटीक रूप से कहें तो वे जो कुछ भी कहते और करते हैं, वह कम-से-कम मोटे तौर पर सत्य के अनुरूप होता है। परमेश्वर इसकी निंदा नहीं करता, न इसका तिरस्कार करता है, बल्कि वह इसे मानता और स्वीकृति देता है। जीवित लोग यही करते हैं, और यही उन्हें करना भी चाहिए।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, केवल सच्चे समर्पण के साथ ही व्यक्ति असली भरोसा रख सकता है
आखिर परमेश्वर में विश्वास करने का उद्देश्य क्या है? यह प्रश्न आने पर अधिकतर लोग अभी भी भ्रमित होते हैं और उनके पास व्यावहारिक परमेश्वर और स्वर्ग के परमेश्वर के बारे में हमेशा से दो बिल्कुल भिन्न दृष्टिकोण होते हैं। यह दर्शाता है कि मनुष्य परमेश्वर में विश्वास उसके प्रति समर्पण करने के लिए नहीं, बल्कि कुछ लाभ प्राप्त करने या आपदाओं की पीड़ा से बचने के लिए करता है; केवल तभी उसमें थोड़ा-सा समर्पण होता है। इस तरह का समर्पण पूरी तरह से सशर्त होता है, यह पूरी तरह से व्यक्तिगत संभावनाओं पर आधारित समर्पण होता है और यह कोई विकल्प नहीं होने पर किया जाता है। तो, परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास का वास्तविक उद्देश्य आखिर क्या है? यदि यह केवल तुम्हारी संभावनाओं के लिए, तुम्हारे भाग्य के लिए है, तो बेहतर होगा कि तुम विश्वास न करो। इस तरह का “विश्वास” खुद को मूर्ख बनाना है; यह खुद को तसल्ली देना और खुद की सराहना करना है। यदि परमेश्वर में तुम्हारा विश्वास परमेश्वर के प्रति समर्पण की नींव पर नहीं बना है, तो अंततः उसका प्रतिरोध करने के लिए तुम्हें दंडित किया जाएगा। वे सभी जो परमेश्वर के प्रति समर्पण के प्रयास के बिना परमेश्वर में विश्वास करते हैं, वे ऐसे लोग हैं जो परमेश्वर का प्रतिरोध करते हैं। परमेश्वर मनुष्य से सत्य खोजने, उसके वचनों का प्यासा होने, उसके वचनों को खाने और पीने, और उसके वचनों को अभ्यास में लाने के लिए कहता है, यह सब इसलिए है ताकि वह परमेश्वर के प्रति समर्पण प्राप्त कर सके। यदि तुम्हारा इरादा सचमुच ऐसा है, तो परमेश्वर निश्चित रूप से तुम्हारा उत्कर्ष करेगा, परमेश्वर निश्चित रूप से तुम पर अनुग्रह करेगा। कोई भी इस पर संदेह नहीं कर सकता और कोई भी इसे बदल नहीं सकता। यदि तुम्हारा इरादा परमेश्वर के प्रति समर्पण करने का नहीं है और तुम्हारे अन्य लक्ष्य हैं, तो तुम जो कुछ भी कहते और करते हो—यहाँ तक कि परमेश्वर के सामने तुम्हारी प्रार्थनाएँ, और इससे भी बढ़कर, तुम्हारा हर कदम—परमेश्वर का प्रतिरोध होता है। भले ही तुम्हारे शब्द कोमल हों और तुम्हारा व्यवहार सौम्य हो, भले ही तुम्हारा हर कदम और तुम्हारे हाव-भाव दूसरों को उचित लगें, मानो तुम एक समर्पणशील व्यक्ति हो, लेकिन जब तुम्हारे इरादे की बात आती है और जब परमेश्वर में विश्वास करने के बारे में तुम्हारे दृष्टिकोण की बात आती है, तो तुम जो कुछ भी करते हो वह परमेश्वर का प्रतिरोध है, और तुम जो कुछ भी करते हो वह बुराई है। जो लोग भेड़ों जैसे आज्ञाकारी प्रतीत होते हैं, परंतु जिनके हृदय में बुरे इरादे छिपे होते हैं, वे भेड़ की खाल में भेड़िए हैं और सीधे परमेश्वर का अपमान करते हैं। परमेश्वर उनमें से किसी एक को भी नहीं छोड़ेगा, और पवित्र आत्मा उनमें से हर एक को बेनकाब कर देगा, ताकि सभी लोग देख सकें कि जो भी पाखंडी हैं वे सब पवित्र आत्मा द्वारा निश्चित रूप से ठुकरा दिए जाएँगे। किसी को भी अधीर नहीं होना चाहिए : परमेश्वर एक-एक करके उनका हिसाब करेगा और एक-एक करके उनका निपटान करेगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर में विश्वास परमेश्वर के प्रति समर्पण की माँग करता है
मानवता के विश्राम में प्रवेश करने से पहले, हर किस्म के व्यक्ति का दंडित होना या पुरस्कृत होना इस आधार पर निर्धारित होगा कि क्या वह सत्य खोजता है, क्या वह परमेश्वर को जानता है और क्या वह दृश्यमान परमेश्वर के प्रति समर्पण कर सकता है। जिन्होंने मेहनत की है, लेकिन प्रत्यक्ष परमेश्वर को न तो जानते हैं न ही उसके प्रति समर्पण करते हैं, उनमें सत्य नहीं है। ऐसे लोग कुकर्मी होते हैं और कुकर्मी निःसंदेह दंड के भागी होंगे; इसके अलावा, वे अपने बुरे कर्मों के अनुसार दंडित होंगे। परमेश्वर मनुष्यों के विश्वास करने के लिए है और वह उनके समर्पण के योग्य भी है। वे जो केवल काल्पनिक और अदृश्य परमेश्वर में आस्था रखते हैं, वे लोग हैं जो परमेश्वर पर विश्वास नहीं करते और परमेश्वर के प्रति समर्पण करने में असमर्थ हैं। यदि ये लोग तब भी प्रत्यक्ष परमेश्वर पर विश्वास नहीं कर पाते, जब उसका विजय का कार्य समाप्त होता है और देहधारी प्रत्यक्ष परमेश्वर से विद्रोह करना और उसका प्रतिरोध करना जारी रखते हैं तो ये “कल्पनाजीवी” निस्संदेह विनाश के पात्र बन जाएँगे। यह तुम लोगों में एक जैसा है—सभी जो मौखिक रूप से देहधारी परमेश्वर को स्वीकार करते हैं, फिर भी देहधारी परमेश्वर के प्रति समर्पण के सत्य का अभ्यास नहीं कर पाते, उन सबको अंततः हटाया और नष्ट किया जाना है। और सभी जो दृश्यमान परमेश्वर को मौखिक रूप से स्वीकारते हैं और उसके द्वारा व्यक्त सत्य को खाते और पीते हैं, फिर भी काल्पनिक और अदृश्य परमेश्वर का अनुसरण करते हैं, वे विनाश के और भी अधिक पात्र होंगे। इन लोगों में से कोई भी, परमेश्वर का कार्य पूरा होने के बाद आने वाले विश्राम के समय तक नहीं बचेगा, न ही इस तरह का एक भी व्यक्ति विश्राम के उस समय तक बच सकता है। जो लोग राक्षसों के हैं वे सत्य का अभ्यास नहीं करते हैं; उनका सार परमेश्वर की ओर प्रतिरोध और विद्रोहीपन का है और उनमें परमेश्वर के प्रति समर्पण का लेशमात्र भी इरादा नहीं होता है। ऐसे सभी लोग नष्ट किए जाएँगे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर और मनुष्य साथ-साथ विश्राम में प्रवेश करेंगे
मनुष्य जिस मानक से दूसरे मनुष्यों को आंकते हैं वह उनके व्यवहार पर आधारित होता है; जिनका व्यवहार अच्छा है वे धार्मिक हैं और जिनका व्यवहार घृणित है वे बुरे हैं। परमेश्वर जिस मानक से मनुष्यों का न्याय करता है उसका आधार यह है कि क्या उनका सार परमेश्वर के प्रति समर्पण करता है कि नहीं; जो परमेश्वर के प्रति समर्पण करता है वह धार्मिक है और जो नहीं करता है वह शत्रु है और बुरा व्यक्ति है, फिर चाहे इस व्यक्ति का व्यवहार अच्छा हो या खराब और चाहे इस व्यक्ति की वाणी सही हो या गलत। कुछ लोग अच्छे कर्मों का उपयोग भविष्य में अच्छी मंज़िल प्राप्त करने के लिए करना चाहते हैं और कुछ लोग अच्छी वाणी का उपयोग एक अच्छी मंजिल हासिल करने में करना चाहते हैं। हर कोई यह गलत विश्वास करता है कि परमेश्वर लोगों के परिणाम उनके व्यवहार या वाणी के आधार पर निर्धारित करता है; इसलिए बहुत-से लोग अपने लिए क्षणिक अनुग्रह हथियाने के लिए इसका फायदा उठाना चाहते हैं। जो लोग आने वाले विश्राम के समय में जीवित बचेंगे उन सभी ने पीड़ा के दिन को सहन किया हुआ होगा और परमेश्वर की गवाही दी हुई होगी; ये सब वे लोग होंगे जिन्होंने अपने कर्तव्य अच्छे ढंग से निभा लिए होंगे और जिन्होंने सोच-समझकर परमेश्वर के प्रति समर्पण किया हुआ होगा। जो केवल सत्य का अभ्यास करने से बचने के इरादे से सिर्फ सेवा करने के अवसर का लाभ उठाना चाहते हैं वे नहीं रहेंगे। प्रत्येक व्यक्ति के परिणाम की व्यवस्था के लिए परमेश्वर के पास उचित मानक हैं; वह केवल यूँ ही किसी के शब्दों या आचरण के अनुसार ये निर्णय नहीं लेता, न ही वह एक अवधि के दौरान किसी के व्यवहार के अनुसार निर्णय लेता है। अतीत में किसी व्यक्ति द्वारा परमेश्वर के लिए की गई किसी सेवा की वजह से वह किसी के बुरे कर्मों के प्रति नर्मी कतई नहीं बरतेगा, न ही वह परमेश्वर के लिए स्वयं को खपाने की थोड़ी-सी अवधि के कारण किसी को मृत्यु से बचाएगा। कोई भी अपनी बुराई के प्रतिफल से नहीं बच सकता है, न ही कोई अपने बुरे कर्मों को छिपा सकता है और फलस्वरूप नष्ट होने की पीड़ा से बच सकता है। यदि लोग वास्तव में अपने कर्तव्य अच्छे ढंग से निभा सकते हैं, तो इसका अर्थ है कि वे अनंतकाल तक परमेश्वर के प्रति वफादार हैं और प्रतिफल की खोज नहीं करते हैं, फिर चाहे वे आशीष प्राप्त करें या दुख सहें। यदि लोग आशीष दिखाई देने पर परमेश्वर के लिए वफादार रहते हैं और आशीष न दिखाई देने पर अपनी वफादारी खो देते हैं और अगर ये लोग—जिन्होंने कभी परमेश्वर के लिए वफादारी से श्रम किया था—अंत में परमेश्वर की गवाही देने या अपने जिम्मे आए कर्तव्य अच्छे से निभाने में असमर्थ हैं तो ऐसे लोग अभी भी नष्ट किए जाएँगे। संक्षेप में, बुरे लोग हमेशा तक जीवित नहीं बच सकते, न ही वे विश्राम में प्रवेश कर सकते हैं; केवल धार्मिक लोग विश्राम के स्वामी होंगे। जब मानवता सही रास्ते पर होगी, लोग सामान्य मानवीय जीवन जिएंगे। वे सब अपने कर्तव्य निभा पाएँगे और परमेश्वर के प्रति पूर्णतः वफादार होंगे। वे अपने विद्रोहीपन और भ्रष्ट स्वभाव को पूरी तरह उतार फेंकेंगे और वे विद्रोह और प्रतिरोध से रहित होकर परमेश्वर के लिए और परमेश्वर के कारण जिएंगे। वे परमेश्वर के प्रति पूर्णतः समर्पण कर पाएँगे। यह परमेश्वर और मनुष्यों का जीवन होगा; यह राज्य का जीवन होगा और यह विश्राम का जीवन होगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर और मनुष्य साथ-साथ विश्राम में प्रवेश करेंगे