32. परमेश्वर की जाँच-पड़ताल को कैसे स्वीकार करें
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
मैं धार्मिक हूँ, मैं विश्वसनीय हूँ, और मैं वो परमेश्वर हूँ जो मनुष्यों के अंतरतम हृदय की पड़ताल करता है! मैं एक क्षण में इसे प्रकट कर दूँगा कि कौन असली और कौन झूठा है। घबराओ मत; सभी चीजें मेरे समय के अनुसार काम करती हैं। कौन मुझे सच्चे दिल से चाहता है और कौन नहीं—मैं एक-एक करके तुम सबको बता दूँगा। तुम लोग बस पेट-भर वचनों को खाने और पीने और मेरी उपस्थिति में मेरे करीब आने पर ध्यान केंद्रित करो और मैं अपना कार्य स्वयं करूँगा। त्वरित नतीजों के लिए बहुत अधीर मत होओ; मेरा कार्य ऐसा नहीं है जो सारा एक साथ पूरा किया जा सके। इसके भीतर मेरे चरण और मेरी बुद्धि निहित है, और इसीलिए मेरी बुद्धि प्रकट हो सकती है। मैं तुम सभी को देखने दूँगा कि मेरे हाथों द्वारा क्या किया जाता है—बुराई को दण्डित और भलाई को पुरस्कृत किया जाता है। मैं मनुष्य के प्रति पूरी तरह निष्पक्ष हूँ। तुम जो मुझे सच्चे दिल से प्रेम करते हो, मैं भी तुम्हें सच्चे दिल से प्रेम करूँगा, और जहाँ तक उनकी बात है जो मुझे सच्चे दिल से प्रेम नहीं करते, उन पर मेरा क्रोध हमेशा रहेगा, ताकि वे सदा के लिए याद रखें कि मैं सच्चा परमेश्वर हूँ, ऐसा परमेश्वर जो मनुष्यों के अंतरतम हृदय की परख करता है। लोगों के सामने एक तरह से और उनकी पीठ पीछे दूसरी तरह से काम न करो; तुम जो कुछ भी करते हो, उसे मैं स्पष्ट रूप से देखता हूँ, तुम दूसरों को भले ही मूर्ख बना लो, लेकिन तुम मुझे मूर्ख नहीं बना सकते। मैं यह सब स्पष्ट रूप से देखता हूँ। तुम्हारे लिए कुछ भी छिपाना संभव नहीं है; सब कुछ मेरे हाथों की पहुँच में है। यह मत समझो कि तुम तुच्छ छोटी-छोटी गणनाओं में बहुत ही चालाक और कुशल हो। मैं तुमसे कहता हूँ : मनुष्य चाहे जितनी योजनाएँ बना ले, वे चाहे हजारों हों या लाखों, लेकिन अंत में वह मेरे हाथ की पहुँच से बच नहीं सकता। सभी चीजें और सभी घटनाएँ मेरे हाथों से नियंत्रित होती हैं, एक व्यक्ति की तो बिसात ही क्या! मुझसे बचने या छिपने की कोशिश मत करो, फुसलाने या छिपाने की कोशिश मत करो। क्या ऐसा हो सकता है कि तुम अभी भी नहीं देख सकते कि मेरा महिमामय मुख, मेरा क्रोध और मेरा न्याय सार्वजनिक रूप से प्रकट किए गए हैं? जो भी मुझे सच्चे दिल से नहीं चाहते हैं, मैं उनका तत्काल और बिना दया के न्याय करूँगा। मेरी दया समाप्त हो गई है; अब और शेष नहीं रही है। अब और पाखंडी मत बनो, और अपने बेलगाम और उद्दंड चाल-चलन को रोक लो।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, आरंभ में मसीह के कथन, अध्याय 44
परमेश्वर के विश्वासी होने के नाते तुम्हें अपने सारे कर्म और क्रियाकलाप उसके सामने लाने और उसकी जाँच-पड़ताल स्वीकार करने में सक्षम होना चाहिए। यदि तुम जो कुछ भी करते हो वह परमेश्वर के आत्मा के सम्मुख लाया जा सकता है, लेकिन परमेश्वर की देह के सम्मुख नहीं लाया जा सकता है तो यह दर्शाता है कि तुमने उसके आत्मा की जाँच-पड़ताल स्वीकार नहीं की है। परमेश्वर का आत्मा कौन है? वह व्यक्ति कौन है जिसकी गवाही परमेश्वर देता है? क्या वे एक और एक ही समान नहीं हैं? अधिकतर उन्हें दो अलग अस्तित्वों के रूप में देखते हैं, विश्वास करते हैं कि परमेश्वर का आत्मा तो परमेश्वर का आत्मा है और परमेश्वर जिसकी गवाही देता है वह मात्र एक मानव है। लेकिन क्या तुम गलत नहीं हो? किसकी ओर से यह व्यक्ति काम करता है? जो लोग देहधारी परमेश्वर को नहीं जानते, उनके पास आध्यात्मिक समझ नहीं होती है। परमेश्वर का आत्मा और उसका देहधारी देह एक ही हैं, क्योंकि परमेश्वर का आत्मा देह में साकार होता है। यदि यह व्यक्ति तुम्हारे प्रति निर्दयी है, तो क्या परमेश्वर का आत्मा दयालु होगा? क्या तुम भ्रमित नहीं हो? आज, जो कोई भी परमेश्वर की जाँच-पड़ताल को स्वीकार नहीं कर सकता है, वह परमेश्वर की स्वीकृति नहीं पा सकता है, और जो देहधारी परमेश्वर को न जानता हो, उसे पूर्ण नहीं बनाया जा सकता। तुम जो कुछ भी करते हो उसे देखो और यह देखो कि क्या यह परमेश्वर के सम्मुख लाया जा सकता है कि नहीं। यदि तुम जो कुछ भी करते हो उसे परमेश्वर के सम्मुख नहीं ला सकते हो तो यह दर्शाता है कि तुम एक कुकर्मी हो। क्या कुकर्मियों को पूर्ण बनाया जा सकता है? तुम जो कुछ भी करते हो, हर क्रियाकलाप, हर इरादा और हर प्रतिक्रिया, अवश्य ही परमेश्वर के सम्मुख लाई जानी चाहिए। इसका मतलब है कि तुम्हारे दैनिक आध्यात्मिक जीवन की हर चीज—प्रार्थना करना, परमेश्वर के करीब आना, परमेश्वर के वचन खाना और पीना, अपने भाइयों और बहनों के साथ संगति करना और कलीसियाई जीवन जीना—से लेकर दूसरों के साथ सहयोग में की जाने वाली तुम्हारी सेवा तक, सब कुछ परमेश्वर के सामने उसकी जाँच-पड़ताल के लिए लाया जाना चाहिए। यह ऐसा अभ्यास है, जो तुम्हें जीवन में संवृद्धि हासिल करने में मदद करेगा। परमेश्वर की जाँच-पड़ताल को स्वीकार करने की प्रक्रिया शुद्धिकरण की प्रक्रिया है। तुम परमेश्वर की जाँच-परख को जितना अधिक स्वीकार करते हो, तुम उतने ही अधिक शुद्ध होते जाते हो और तुम उतने ही अधिक परमेश्वर के इरादों के अनुरूप होते जाते हो, ताकि तुम असंयमता में न गिरो और तुम्हारा हृदय परमेश्वर के समक्ष जीने में सक्षम हो। जितना तुम उसकी जाँच-पड़ताल को स्वीकार करते हो, शैतान उतना ही लज्जित होता है और उतना ही अधिक तुम देह के खिलाफ विद्रोह करने में सक्षम होते हो। इसलिए, परमेश्वर की जाँच-पड़ताल को स्वीकार करना अभ्यास का वह मार्ग है जिसका सभी को अनुसरण करना चाहिए। चाहे तुम जो भी करो, यहाँ तक कि अपने भाई-बहनों के साथ संगति करते हुए भी, तुम्हें अपने कर्म परमेश्वर के सम्मुख लाने चाहिए और उसकी जाँच-पड़ताल खोजनी चाहिए और तुम्हें उद्देश्यपूर्ण ढंग से स्वयं परमेश्वर के प्रति समर्पण करना चाहिए; यह तुम्हारे अभ्यास को और अधिक सटीक बना देगा। केवल जब तुम जो कुछ भी करते हो वह सब कुछ परमेश्वर के सम्मुख लाते हो और परमेश्वर की जाँच-परख को स्वीकार करते हो, तभी तुम ऐसे व्यक्ति हो सकते हो जो परमेश्वर के समक्ष जीता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर उन्हें पूर्ण बनाता है, जो उसके इरादों के अनुरूप हैं
तुझे सभी मामलों में परमेश्वर की जाँच-पड़ताल स्वीकार करने के लिए प्रार्थना को एक माध्यम के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए। जब तू प्रार्थना करता है, तब भले ही मैं व्यक्तिगत रूप से तेरे सामने खड़ा नहीं हूँ, लेकिन पवित्र आत्मा तेरे साथ होता है और तू उस व्यक्ति से जो मैं हूँ और परमेश्वर के आत्मा, दोनों से प्रार्थना कर रहा है। तू इस देह में विश्वास क्यों करता है? तू इसलिए विश्वास करता है क्योंकि उसमें परमेश्वर का आत्मा है। यदि यह व्यक्ति परमेश्वर के आत्मा के बिना होता तो क्या तू उसमें विश्वास करता? जब तू इस व्यक्ति पर विश्वास करता है, तो तू परमेश्वर के आत्मा पर विश्वास कर रहा होता है। तुम्हारा इस व्यक्ति का भय मानना परमेश्वर के आत्मा का भय मानना है। परमेश्वर के आत्मा पर आस्था इस व्यक्ति पर आस्था है, और इस व्यक्ति पर आस्था परमेश्वर के आत्मा पर भी आस्था है। जब तू प्रार्थना करता है, तो तू महसूस करता है कि परमेश्वर का आत्मा तेरे साथ है और परमेश्वर तेरे सामने है; इसलिए तू उसके आत्मा से प्रार्थना करता है। आज, अधिकांश लोग अपने कृत्यों को परमेश्वर के सम्मुख लाने से डरते हैं; तू परमेश्वर की देह को तो धोखा दे सकता है, परन्तु उसके आत्मा को धोखा नहीं दे सकता है। जो भी मामला परमेश्वर की जाँच-पड़ताल का सामना नहीं कर सकता है वह सत्य के अनुसार नहीं है और उसे दरकिनार कर देना चाहिए; ऐसा न करना परमेश्वर को नाराज करना है। इसलिए तू चाहे अपने भाई-बहनों के साथ प्रार्थना, बातचीत और संगति कर रहा है या अपना कर्तव्य निभा रहा है और चीजों को कर रहा है, तुझे अपना हृदय परमेश्वर के सम्मुख खोलकर अवश्य रख देना चाहिए। जब तू अपनी भूमिका निभाता है, तो परमेश्वर तेरे साथ होता है, और जब तक तेरा इरादा सही है और परमेश्वर के घर के कार्य के लिए है, तब तक जो कुछ भी तू करेगा, परमेश्वर उसे स्वीकार करेगा; तुझे अपने कार्य को दिल से पूरा करना चाहिए। जब तू प्रार्थना करता है तो तेरे पास परमेश्वर-प्रेमी हृदय होना चाहिए और तुझे परमेश्वर की देखरेख, सुरक्षा और जाँच-पड़ताल खोजनी चाहिए। अगर तेरे ये इरादे हैं, तो तेरी प्रार्थनाएँ फलेंगी। उदाहरण के लिए, जब तू सभाओं में प्रार्थना करता है, यदि तू अपना हृदय खोलता है और परमेश्वर से प्रार्थना करता है और झूठ बोले बिना परमेश्वर को बताता है कि तेरे हृदय में क्या है, तब तेरी प्रार्थनाएँ निश्चित रूप से प्रभावी होंगी।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर उन्हें पूर्ण बनाता है, जो उसके इरादों के अनुरूप हैं
परमेश्वर के साथ सामान्य संबंध रखने का अर्थ है परमेश्वर के किसी भी कार्य पर संदेह न करने या उससे इनकार न करने और उसके कार्य के प्रति समर्पित रहने में सक्षम होना। इसका अर्थ है परमेश्वर की उपस्थिति में सही इरादे रखना और स्वयं के लिए योजनाएँ न बनाना; इसका अर्थ परमेश्वर के घर के हितों को प्राथमिकता देना, परमेश्वर की जाँच-पड़ताल को स्वीकार करना और उसकी व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करना भी है, चाहे तुम कुछ भी कर रहे हो। तुम जो कुछ भी करते हो, उसमें तुम्हें परमेश्वर की उपस्थिति में अपने हृदय को शांत करने में सक्षम होना चाहिए। यदि तुम परमेश्वर के इरादों को नहीं भी समझते, तो भी तुम्हें अपनी सर्वोत्तम योग्यता के साथ अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरा करना चाहिए। जब परमेश्वर के इरादे तुम्हारे सामने प्रकट कर दिए जाते हैं, तो फिर उनके अनुसार अभ्यास करो, यह बहुत विलंब नहीं होगा। जब परमेश्वर के साथ तुम्हारा संबंध सामान्य हो जाता है, तब लोगों के साथ भी तुम्हारा संबंध सामान्य होगा। परमेश्वर के साथ एक सामान्य संबंध बनाने के लिए, सब कुछ परमेश्वर के वचनों की नींव पर बनाया जाना चाहिए, तुम्हें परमेश्वर के वचनों और परमेश्वर की अपेक्षाओं के अनुसार अपना कर्तव्य करना चाहिए, तुम्हें अपने विचार सही रखने चाहिए, हर चीज में सत्य खोजना चाहिए और जब तुम सत्य समझ जाओ, तो तुम्हें सत्य का अभ्यास करना चाहिए। चाहे तुम्हारे साथ कुछ भी घटित हो, तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए और परमेश्वर की आज्ञा मानने वाले दिल से खोजना चाहिए। इस प्रकार अभ्यास करते हुए, तुम परमेश्वर के साथ एक सामान्य संबंध बनाए रख पाओगे। साथ ही अपने कर्तव्य को उचित ढंग से निभाते समय ही तुम्हें यह सुनिश्चित भी करना चाहिए कि तुम ऐसा कुछ भी न करो जिससे परमेश्वर के चुने हुए लोगों के जीवन प्रवेश को लाभ न हो, और ऐसा कुछ भी न कहो जो भाई-बहनों के लिए उन्नतिप्रद न हो। कम से कम तुम्हें ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए जो तुम्हारे जमीर के विरुद्ध हो और तुम्हें कतई कुछ भी ऐसा नहीं करना चाहिए जो शर्मनाक हो। खासकर तुम्हें कतई कुछ ऐसा नहीं करना चाहिए जो परमेश्वर से विद्रोह करता हो या उसका प्रतिरोध करता हो, न ही कुछ ऐसा करना चाहिए जो कलीसिया के कार्य या जीवन में बाधा डालता हो। अपने हर कार्य में खुले दिल वाले और सच्चे रहो और सुनिश्चित करो कि तुम्हारा हर क्रियाकलाप परमेश्वर के समक्ष प्रस्तुत करने योग्य हो। यद्यपि कभी-कभी देह कमज़ोर हो सकती है, फिर भी तुम्हें अपने व्यक्तिगत लाभ का लालच न करते हुए, कोई भी स्वार्थी या नीच कार्य न करते हुए, अक्सर आत्म-चिंतन करते हुए परमेश्वर के घर के हितों को पहले रखना चाहिए। इस तरह तुम अक्सर परमेश्वर के सामने रह सकते हो, और परमेश्वर के साथ तुम्हारा संबंध पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।
अपने हर कार्य में तुम्हें यह जाँचना चाहिए कि क्या तुम्हारे इरादे सही हैं। यदि तुम परमेश्वर की माँगों के अनुसार कार्य कर सकते हो, तो परमेश्वर के साथ तुम्हारा संबंध सामान्य है। यह न्यूनतम मापदंड है। अगर, अपने इरादों की जाँच करते हुए, तुम यह पाते हो कि तुममें गलत इरादे पैदा हो गए हैं, और तुम उनके खिलाफ विद्रोह कर और परमेश्वर के वचनों के अनुसार कार्य कर पाते हो तो तुम परमेश्वर के समक्ष एक सही व्यक्ति बन जाओगे। यह दर्शाता है कि परमेश्वर के साथ तुम्हारा संबंध सामान्य है, और तुम जो कुछ करते हो वह परमेश्वर के लिए है, न कि तुम्हारे अपने लिए। तुम जो कुछ भी करते या कहते हो, उसमें अपने हृदय को सही बनाने और अपने कार्यों में न्यायपूर्ण होने में सक्षम बनो, और कार्य करते हुए अपनी भावनाओं या अपनी इच्छा से संचालित मत होओ। ये वे सिद्धांत हैं, जिनके अनुसार परमेश्वर के विश्वासियों को कार्य करना चाहिए।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर के साथ तुम्हारा संबंध कैसा है?
जो लोग सत्य को अभ्यास में लाने में समर्थ हैं, वे जो चीजें करते हैं उनमें परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार कर सकते हैं। जब तुम परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार करते हो तो तुम्हारा हृदय सही हो जाएगा। यदि तुम हमेशा दूसरों को दिखाने के लिए ही चीजें करते हो और हमेशा दूसरों की प्रशंसा और सराहना प्राप्त करना चाहते हो और परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार नहीं करते हो तो क्या तब भी परमेश्वर तुम्हारे हृदय में है? ऐसे लोगों में परमेश्वर का भय मानने वाला हृदय नहीं होता। हमेशा अपने लिए कार्य मत करो, हमेशा अपने हितों की मत सोचो, अपने अहंकार, प्रतिष्ठा और रुतबे पर विचार मत करो और अपने निजी हितों पर विचार मत करो। तुम्हें सबसे पहले परमेश्वर के घर के हितों पर विचार करना चाहिए और उन्हें अपनी प्राथमिकता बनाना चाहिए। तुम्हें परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होना चाहिए और सबसे पहले यह चिंतन करना चाहिए कि तुम्हारे कर्तव्य निर्वहन में अशुद्धियाँ रही हैं या नहीं, तुम समर्पित रहे हो या नहीं, तुमने अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी की हैं या नहीं, और अपना सर्वस्व दिया है या नहीं, साथ ही तुम अपने कर्तव्य और कलीसिया के कार्य पर पूरे दिल से विचार करते रहे हो या नहीं। तुम्हें इन चीजों के बारे में अवश्य विचार करना चाहिए। अगर तुम इन पर बार-बार विचार करते हो और इन्हें समझ लेते हो, तो तुम्हारे लिए अपना कर्तव्य अच्छे से निभाना आसान हो जाएगा। अकेला अपवाद यह है कि अगर तुम्हारी काबिलियत खराब है या तुम्हारा अनुभव उथला है या तुम अपने पेशेवर कार्य में पर्याप्त रूप से दक्ष नहीं हो और नतीजतन तुम्हारे कार्य में कुछ गलतियाँ या कमियाँ पैदा होती हैं, और यह अच्छे परिणाम मिलने से रोकता है, पर तुम पहले ही अपना सर्वश्रेष्ठ कर रहे हो। तुम अपनी स्वार्थपूर्ण इच्छाओं या पसंद को संतुष्ट करने के लिए कार्य नहीं कर रहे हो। इसके बजाय, तुम हर मामले में कलीसिया के कार्य और परमेश्वर के घर के हितों पर विचार कर रहे हो। यूँ तो हो सकता है कि तुम अपने कर्तव्य में अच्छे नतीजे प्राप्त न कर रहे हो, तुम्हारा हृदय सही दशा में है; इसके अलावा अगर तुम अपने कर्तव्य में समस्याओं का समाधान करने के लिए सत्य खोजने में समर्थ हो तो तुम अपने कर्तव्य निर्वहन में मानक स्तर के होओगे और साथ ही तुम सत्य वास्तविकता में प्रवेश करोगे। तब तुम्हारे पास गवाही होगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपने भ्रष्ट स्वभावों को त्यागकर ही आजादी और मुक्ति पाई जा सकती है
तुम लोग सब कर्तव्य निभाने वाले लोग हो। कम से कम, तुम्हारे पास एक ईमानदार दिल होना चाहिए और तुम्हें परमेश्वर को यह देखने देना चाहिए कि तुम निष्कपट हो—सिर्फ तभी तुम परमेश्वर की प्रबुद्धता, रोशनी और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हो। परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकारना तुम्हारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। चाहे तुम्हारे और अन्य लोगों के बीच कोई भी बाधाएँ हों, चाहे तुम अपने मिथ्याभिमान और घमंड को कितना भी महत्व देते हो और चाहे तुम्हारे जो भी इरादे हों जिनके बारे में तुम सरल तरीके से खुलकर नहीं बोल सकते, ये तमाम चीजें धीरे-धीरे बदलनी चाहिए। कदम-दर-कदम हर व्यक्ति को इन भ्रष्ट स्वभावों और कठिनाइयों से मुक्त होना चाहिए और अपने भ्रष्ट स्वभावों द्वारा उत्पन्न बाधाओं पर काबू पाना चाहिए। इससे पहले कि तुम इन बाधाओं से पार पाओ क्या तुम्हारे पास वास्तव में परमेश्वर के प्रति ईमानदार दिल है? क्या तुम उससे चीजें छिपाते और गुप्त रखते हो या झूठ दिखावा करके उससे छिपते और उसे धोखा देने की कोशिश करते हो? तुम्हें अपने दिल में इसके बारे में स्पष्ट होना चाहिए। अगर तुम्हारे दिल में ये चीजें हैं तो तुम्हें परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकारनी चाहिए। तुम्हें चीजों को संयोग पर छोड़ने की मानसिकता नहीं रखनी चाहिए और यह नहीं कहना चाहिए, “मैं पूरे जीवन भर खुद को परमेश्वर के लिए नहीं खपाना चाहता। मुझे अभी भी परिवार शुरू करना है और अपना जीवन जीना है। उम्मीद है कि परमेश्वर मेरी परख नहीं करेगा और मेरी निंदा नहीं करेगा।” अगर तुम ये सभी चीजें परमेश्वर से छिपाते हो—यानी तुम परमेश्वर से वे इरादे, उद्देश्य, योजनाएँ और जीवन की रूपरेखा छिपाते हो जो तुम्हारे दिल की गहराई में हैं, कई चीजों पर अपने विचार और परमेश्वर में विश्वास करने के बारे में अपने विचार छिपाते हो—तो तुम गंभीर मुसीबत में हो। अगर तुम ये बेकार की चीजें छिपाते हो और इन्हें हल करने के लिए सत्य नहीं खोजते हो, तो यह दर्शाता है कि तुम सत्य से प्रेम नहीं करते, और तुम्हारे लिए सत्य स्वीकारना और पाना कठिन है। तुम दूसरों से चीजें छिपा सकते हो, लेकिन परमेश्वर से नहीं छिपा सकते हो। अगर तुम परमेश्वर पर आस्था भी नहीं रख सकते तो तुम उसमें विश्वास क्यों करते हो? अगर तुम्हारे कुछ राज़ हैं और तुम्हें डर है कि अगर तुम उन्हें साझा करोगे तो लोग तुम्हें नीची नजर से देखेंगे, तुममें मुँह खोलने का साहस नहीं है तो तुम परमेश्वर के सामने शुद्ध, सरल तरीके से खुल सकते हो। तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए—परमेश्वर में अपने विश्वास में तुम्हारे जो घृणित इरादे हैं, जो चीजें तुमने अपने भविष्य और नियति के लिए की हैं और जिन तरीकों से तुमने प्रसिद्धि और लाभ के लिए प्रयास किया है उन्हें परमेश्वर के सामने स्वीकार करो और उसके सामने इन चीजों के बारे में खुलकर बात करो; उन्हें उससे मत छिपाओ। चाहे तुम कितने भी लोगों के लिए अपना दिल बंद कर लो, परमेश्वर के लिए अपना दिल बंद मत करो—तुम्हें अपना दिल उसके लिए खोलना ही चाहिए। यह ईमानदारी की वह न्यूनतम मात्रा है जो उसमें विश्वास करने वाले लोगों में होनी चाहिए। अगर तुम्हारा दिल परमेश्वर के लिए खुला है और उसके लिए बंद नहीं है और तुम उसकी जाँच-परख स्वीकार कर सकते हो तो वह तुम्हें कैसे देखेगा? भले ही तुम दूसरों के सामने न खुल पाओ लेकिन अगर तुम परमेश्वर के सामने खुल सकते हो तो वह देखेगा कि तुम ईमानदार हो और तुम्हारे पास एक ईमानदार दिल है। तुम्हारा ईमानदार दिल उसकी जाँच-परख के लिए खुला है और उसकी नजर में यह अनमोल है—उस स्थिति में परमेश्वर निश्चित रूप से तुम पर अपना कार्य करेगा। उदाहरण के लिए, अगर तुमने परमेश्वर के प्रति कोई धोखेबाजी की है, तो वह तुम्हें अनुशासित करेगा। तब तुम्हें उसका अनुशासन स्वीकारना चाहिए और तुरंत पश्चात्ताप करना चाहिए और उसके सामने अवश्य कबूलना चाहिए। अपनी गलतियाँ मानो; अपना विद्रोहीपन और भ्रष्टता मानो, परमेश्वर की ताड़ना और न्याय स्वीकार करो और अपने भ्रष्ट स्वभावों को जानो। उसके वचनों के अनुसार अभ्यास करो और सच में पश्चात्ताप करो। यह परमेश्वर में तुम्हारे सच्चे विश्वास और उसमें तुम्हारी वास्तविक आस्था का प्रमाण होगा।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, ईमानदार व्यक्ति बनकर ही कोई सच्ची मनुष्य की छवि को जी सकता है
जब लोगों के पास विचार होते हैं, तो उनके पास विकल्प होते हैं। अगर उनके साथ कुछ हो जाता है और वे गलत विकल्प चुन लेते हैं, तो उन्हें वापस मुड़ना चाहिए और सही विकल्प चुनना चाहिए; उन्हें अपनी गलती पर बिल्कुल अड़े नहीं रहना चाहिए। ऐसे लोग विवेकशील होते हैं। लेकिन अगर वे जानते हैं कि उन्होंने गलत विकल्प चुना है और फिर भी वापस नहीं मुड़ते, तो फिर वे ऐसे इंसान हैं जो सत्य से प्रेम नहीं करते, और ऐसा इंसान वास्तव में परमेश्वर को नहीं चाहता है। उदाहरण के लिए, जब तुम्हारा मन खानापूरी से काम करने, धूर्त बनने और कामचोरी करने का करे और तुम अपना कर्तव्य करते समय परमेश्वर की जाँच-परख से बचने की कोशिश करो तो तुम्हें प्रार्थना करने और यह चिंतन करने के लिए परमेश्वर के सामने शीघ्र आना चाहिए कि क्या ऐसा करना सही है। फिर, कुछ सोच-विचार करो : “परमेश्वर में विश्वास करने में मेरा उद्देश्य क्या है? मेरा खानापूरी करना लोगों को तो मूर्ख बना सकता है, लेकिन क्या यह परमेश्वर को मूर्ख बना देगा? इसके अलावा, परमेश्वर में मेरा विश्वास और मेरा कर्तव्य करना इसलिए नहीं है कि मैं धूर्त बनूँ और कामचोरी करूँ, बल्कि इसलिए है कि मैं उद्धार पा सकूँ। इस तरह से व्यवहार करना यह दिखाता है कि मुझमें सामान्य मानवता नहीं है और यह ऐसा कुछ नहीं है जिससे परमेश्वर प्रसन्न होता है। यह ठीक नहीं होगा। अगर मैं दुनिया में धूर्त होता, कामचोरी करता और अपनी ही मर्जी के अनुसार चलता तो यह एक बात होती, लेकिन अब मैं परमेश्वर के घर में हूँ, मैं परमेश्वर की संप्रभुता के अधीन हूँ, परमेश्वर की नजरों की जाँच-परख के अधीन हूँ और मैं एक इंसान हूँ, इसलिए मुझे अपनी अंतरात्मा और परमेश्वर के वचनों के अनुसार कार्य करना चाहिए, मैं अपनी मर्जी के अनुसार नहीं चल सकता, खानापूरी नहीं कर सकता या धूर्त और कामचोर नहीं हो सकता। तो मुझे ऐसा क्या करना चाहिए कि मैं धूर्त और कामचोर न बनूँ और खानापूरी न करूँ? मुझे कुछ प्रयास करना चाहिए। अभी-अभी मुझे लगा कि उस तरह से व्यवहार करना बहुत ज्यादा मुश्किल भरा है, इसलिए मैं कठिनाई से बचना चाहता था, लेकिन अब मैं समझता हूँ : हो सकता है कि इसे इस तरह से करने में अधिक मुश्किल हो, लेकिन इससे नतीजे मिलते हैं, इसलिए मुझे यह इसी तरीके से करना चाहिए।” जब तुम यह कर रहे हो और फिर भी कठिनाई झेलने से डरते हो, तो ऐसे समय तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए, “परमेश्वर! मैं एक आलसी, धूर्त व्यक्ति हूँ। कृपया मुझे अनुशासित करो और मुझे फटकारो, ताकि मैं अंतरात्मा का बोध प्राप्त कर सकूँ और मुझमें शर्म की भावना हो। मैं खानापूरी नहीं करना चाहता। कृपया मेरा मार्गदर्शन करो और मुझे प्रबुद्ध करो, ताकि मैं अपनी विद्रोहशीलता और अपनी कुरूपता देख सकूँ।” जब तुम इस तरह प्रार्थना करते हो, इस तरह आत्म-चिंतन करते हो और खुद को जानने की कोशिश करते हो, तो इससे पछतावे की भावना पैदा होगी; तुम अपनी कुरूपता से घृणा कर सकोगे और तुम्हारी गलत अवस्था बदलने लगेगी। तुम यह मनन कर सकोगे, “मैं इतना खानापूरी करने वाला क्यों हूँ? मैं क्यों हमेशा धूर्त और कामचोर होने की कोशिश करता हूँ? इस तरह से पेश आना बिल्कुल अंतरात्मा और विवेक से रहित होना है—क्या मैं फिर भी परमेश्वर में विश्वास करने वाला व्यक्ति हूँ? मैं चीजों को कर्तव्यनिष्ठा से क्यों नहीं कर सकता? क्या मुझे बस थोड़ा-सा और समय और प्रयास लगाने की जरूरत नहीं है? इसमें इतना कठिन क्या है? यही वह चीज है जो मुझे करनी चाहिए; अगर मैं यह भी नहीं कर सकता, तो क्या मैं मानव कहलाने के लायक हूँ?” नतीजतन, तुम एक संकल्प लोगे और परमेश्वर के सामने शपथ लोगे, “परमेश्वर! मैंने तुम्हें निराश किया है, मैं सचमुच बहुत गहराई तक भ्रष्ट हो चुका हूँ, मैं अंतरात्मा और विवेक से रहित हूँ और मुझमें कोई मानवता नहीं है। मैं पश्चात्ताप करने को तैयार हूँ। कृपया मुझे क्षमा करो। मैं निश्चित रूप से बदलूँगा। यदि मैं पश्चात्ताप नहीं करता, तो तुम मुझे दंड देना।” इसके बाद, तुम्हारी मानसिकता बदल जाएगी और तुम बदलने लगोगे। जब तुम अगली बार अपना कर्तव्य करोगे, तो तुम कर्तव्यनिष्ठा से कार्य कर पाओगे, कम खानापूरी करने वाले होगे और तुम कष्ट सहने और कीमत चुकाने में सक्षम होगे। तुम महसूस करोगे कि इस तरह से अपना कर्तव्य निभाना अद्भुत है, और तुम्हारे हृदय में शांति और आनंद होगा। जब लोग परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार कर सकते हैं, जब वे उससे प्रार्थना कर सकते हैं और उस पर निर्भर रह सकते हैं, तो उनकी अवस्थाएँ जल्द ही बदल जाएँगी। जब तुम्हारी नकारात्मक अवस्था बदल चुकी होती है, तुम अपने इरादों और देह की स्वार्थपरक इच्छाओं के खिलाफ विद्रोह कर चुके होते हो, जब तुम देह के सुख और खुशियों को छोड़ने में सक्षम रहते हो, परमेश्वर की अपेक्षाओं के अनुसार कार्य करते हो और अब मनमाने ढंग से या बेलगाम होकर कार्य नहीं करते हो, तो तुम्हारे दिल को शांति मिलती है और तुम अपनी अंतरात्मा द्वारा धिक्कारे जाने से मुक्त रहते हो। क्या इस तरह से देह के खिलाफ विद्रोह करना और परमेश्वर की अपेक्षाओं के अनुसार कार्य करना आसान है? अगर तुममें परमेश्वर को पाने की जबरदस्त आकांक्षा है, तो तुम देह के खिलाफ विद्रोह कर सकते हो और सत्य का अभ्यास कर सकते हो। और अगर तुम इस तरह से अभ्यास करते हो, तो बिना एहसास किए ही तुम सत्य वास्तविकता में प्रवेश कर लोगे। यह बिल्कुल भी मुश्किल नहीं है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर के वचनों को सँजोना परमेश्वर में विश्वास की नींव है
जब कोई तुम्हारा थोड़ा-सा पर्यवेक्षण या प्रेक्षण करता है या तुम्हें गहराई से समझने की कोशिश करता है, तुम्हारे साथ खुले दिल से बातचीत करने और यह पता लगाने की कोशिश करता है कि इस दौरान तुम्हारी अवस्था कैसी रही है, यहाँ तक कि कभी-कभी जब उसका रवैया थोड़ा कठोर होता है, और तुम्हारी थोड़ी काट-छाँट करता है, तुम्हें अनुशासित करता और धिक्कारता है, तो वह यह सब इसलिए करता है क्योंकि उसका परमेश्वर के घर के कार्य के प्रति एक कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदारी भरा रवैया होता है। तुम्हें कोई नकारात्मक विचार नहीं रखना चाहिए और तुम्हें नकारात्मक भावनाओं के साथ प्रतिक्रिया नहीं करनी चाहिए। अगर तुम दूसरों की निगरानी, निरीक्षण और समझने की कोशिश को स्वीकार कर सकते हो, तो इसका क्या मतलब है? यह कि अपने दिल में तुम परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार करते हो। अगर तुम लोगों के द्वारा अपने पर्यवेक्षण, प्रेक्षण और तुम्हें समझने के प्रयासों को स्वीकार नहीं करते और यहाँ तक कि तुम इसका विरोध करते हो—तो क्या तुम परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार करने में सक्षम हो? परमेश्वर की जाँच-परख लोगों के तुम्हें समझने से ज्यादा विस्तृत, गहन और सटीक होती है; परमेश्वर की अपेक्षाएँ कहीं अधिक विशिष्ट, कठोर और गहन होती हैं। अगर तुम परमेश्वर के चुने हुए लोगों द्वारा पर्यवेक्षण किया जाना भी स्वीकार नहीं कर सकते, तो क्या तुम्हारे ये दावे कि तुम परमेश्वर की जाँच-परख स्वीकार कर सकते हो, खोखले शब्द नहीं हैं? परमेश्वर की जाँच-परख और परीक्षा स्वीकार करने में सक्षम होने के लिए तुम्हें पहले परमेश्वर के घर, अगुआओं और कार्यकर्ताओं, या भाई-बहनों द्वारा पर्यवेक्षण स्वीकार करने में सक्षम होना चाहिए।
—वचन, खंड 5, अगुआओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ, अगुआओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ (7)
तुम्हारे आस-पास चाहे जो भी हो, तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना करने, सत्य खोजने और खुद पर संयम रखने, निरंतर परमेश्वर की मौजूदगी में जीने और परमेश्वर के साथ सामान्य संबंध बनाए रखने में सक्षम होना चाहिए। परमेश्वर हर समय लोगों की जाँच-परख करता है; यदि लोग सभी चीजों के संबंध में परमेश्वर से प्रार्थना कर सकते हैं और उसकी मौजूदगी में जी सकते हैं, तो पवित्र आत्मा उनके भीतर कार्य करेगा। परमेश्वर किसी व्यक्ति के दिल की जाँच-परख कैसे करता है? वह केवल उनकी जाँच-परख करके बात को वहीं नहीं छोड़ देता—वह तुम्हारे लिए परिवेशों का भी इंतजाम करता है और तुम्हारे दिल को छूता है। मैं ऐसा क्यों कहता हूँ? इसलिए कि जब परमेश्वर तुम्हारे लिए किसी परिवेश का इंतजाम करता है, तो परमेश्वर देखता है कि क्या तुम उससे घृणा करते हो और उससे विमुख हो या उसे पसंद करते हो और उसके प्रति समर्पण करते हो, क्या तुम निष्क्रियता से प्रतीक्षा करते हो या सक्रियता से सत्य खोजते हो। परमेश्वर देखता है कि तुम्हारा दिल और सोच कैसे बदलते हैं, और किस दिशा में विकसित हो रहे हैं। तुम्हारे दिल की दशा कभी-कभी सकारात्मक होती है, और कभी-कभी नकारात्मक। अगर तुम सत्य स्वीकार सकते हो, तो तुम उन लोगों, घटनाओं, चीजों और परिस्थितियों को परमेश्वर से आया मानकर स्वीकार कर सकोगे जिनका इंतजाम वह तुम्हारे लिए करता है और तुम उनसे सही ढंग से निपट सकोगे। परमेश्वर के वचन पढ़ने से और सोच-विचार और चिंतन-मनन से तुम्हारी सारी सोच और सारे विचार, सारी राय और तुम्हारी दशा परमेश्वर के वचनों के आधार पर बदल जाएँगी। तुम्हारे मन में इस बारे में स्पष्टता आएगी और परमेश्वर इन सबकी भी जाँच-परख करेगा। भले ही तुमने इस बारे में प्रार्थना नहीं की होगी और तुमने सिर्फ अपने दिल में ही सोचा होगा, मगर परमेश्वर के परिप्रेक्ष्य से यह पहले ही स्पष्ट हो चुका होगा—उसके लिए यह जाहिर होगा। लोग तुम्हें अपनी नजरों से देखते हैं, मगर परमेश्वर अपने दिल से तुम्हारे दिल को छूता है, वह तुम्हारे इतना करीब है। अगर तुम परमेश्वर की जाँच-परख को महसूस कर सकते हो, तो तुम परमेश्वर की मौजूदगी में जी रहे हो। यदि तुम उसकी जाँच-परख को बिल्कुल भी महसूस नहीं कर सकते और इसके बजाय अपनी ही दुनिया में और अपनी भावनाओं और भ्रष्ट स्वभावों के सहारे जी रहे हो, तो तुम मुसीबत में हो : तुम परमेश्वर की मौजूदगी में नहीं जी रहे हो, तुम्हारे और परमेश्वर के बीच दूरी है—तुम उससे दूर हो। तुम परमेश्वर के इरादों के प्रति बिल्कुल भी विचारशीलता नहीं दिखाते और परमेश्वर की जाँच-परख को स्वीकार नहीं करते। परमेश्वर यह सब जानता है; उसके लिए इसे भाँपना बहुत ही आसान है। इसलिए, जब तुममें संकल्प और एक लक्ष्य होगा—जब तुम परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाए जाने और एक ऐसा व्यक्ति बनने को तैयार हो जाओगे जो परमेश्वर की इच्छा के अनुसार चलता है, उसका भय मानता है और बुराई से दूर रहता है—जब तुम्हारे मन में यह संकल्प होगा और जब तुम इन चीजों के लिए अक्सर प्रार्थना और विनती कर सकोगे, और अपने दिल को कभी भी परमेश्वर से दूर किए बिना या अपने दिल को उसे छोड़ने दिए बिना, परमेश्वर की मौजूदगी में रह सकोगे, तब तुम्हारे मन में इन चीजों के बारे में स्पष्टता होगी, और परमेश्वर भी ये सब जानता है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अक्सर परमेश्वर के सामने जीने से ही उसके साथ एक सामान्य संबंध बनाया जा सकता है
चाहे लोग सत्य को समझें या न समझें, उन्हें निश्चित रूप से बुरे काम नहीं करने चाहिए, अपनी महत्वाकांक्षाओं और इच्छाओं पर भरोसा करके काम नहीं करना चाहिए और उनमें किस्मत के भरोसे बच निकलने की मानसिकता नहीं होनी चाहिए, क्योंकि परमेश्वर मनुष्य के दिलों की और समस्त पृथ्वी की जाँच-परख करता है। “समस्त पृथ्वी” में क्या कुछ शामिल है? इसमें भौतिक और अभौतिक दोनों चीजें शामिल हैं। अपने दिमाग से परमेश्वर, परमेश्वर के अधिकार या परमेश्वर की सर्वशक्तिमत्ता को मापने की कोशिश मत करो। लोग सृजित प्राणी हैं और उनका जीवन बहुत महत्वहीन है—फिर वे सृष्टिकर्ता की महानता को कैसे माप सकते हैं? वे सभी चीजों की रचना करने वाले और सभी चीजों पर संप्रभुता रखने वाले सृष्टिकर्ता की सर्वशक्तिमत्ता और बुद्धिमत्ता को कैसे माप सकते हैं? तुम्हें अज्ञानतापूर्ण कार्य या बुरे कार्य बिल्कुल भी नहीं करने चाहिए। बुराई करने पर अवश्य ही दंड मिलेगा और जब एक दिन परमेश्वर तुम्हें प्रकट करेगा, तो तुम्हें उससे भी अधिक दंड मिलेगा जिसकी तुमने अपेक्षा की थी और उस दिन तुम रोओगे और अपने दाँत पीसोगे। तुम्हें आत्म-जागरूकता के साथ आचरण करना चाहिए। कुछ मामलों में, इससे पहले कि परमेश्वर तुम्हें प्रकट करे, तुम्हारे लिए बेहतर होगा कि तुम अपनी तुलना परमेश्वर के वचनों से करो, खुद पर चिंतन करो और दबी हुई बातों को प्रकाश में लाओ, अपनी समस्याओं का पता लगाओ और फिर उन्हें हल करने के लिए सत्य की तलाश करो—परमेश्वर द्वारा तुम्हें प्रकट करने की प्रतीक्षा मत करो। एक बार जब परमेश्वर तुम्हें प्रकट कर दे, तो फिर क्या तुम इसके कारण निष्क्रिय नहीं हो जाओगे? उस समय, तुम पहले से ही अपराध कर चुके होगे। परमेश्वर द्वारा तुम्हारी जाँच-परख करने से लेकर तुम्हारे बेनकाब होने तक, हो सकता है कि तुम्हारे मूल्य और तुम्हारे बारे में परमेश्वर की राय में बहुत बड़ा बदलाव आ चुका हो। ऐसा इसलिए है क्योंकि जहाँ परमेश्वर तुम्हारी जाँच-परख कर रहा है, वहीं वह तुम्हें अवसर भी दे रहा है और अपनी आशाओं को तुम्हें सौंप रहा है, जब तक कि तुम्हारा खुलासा नहीं हो जाता। परमेश्वर द्वारा किसी को अपनी आशाएँ सौंपने से लेकर अंत में उसकी आशाओं के व्यर्थ जाने तक, परमेश्वर की मनःस्थिति कैसी होती है? उसमें बहुत बड़ी गिरावट आती है। और तुम्हारे लिए इसका क्या परिणाम होगा? जो मामले ज्यादा गंभीर नहीं होते उनमें, तुम परमेश्वर के लिए घृणा का विषय बन सकते हो और तुम्हें एक तरफ कर दिया जाएगा। “एक तरफ करने” का क्या मतलब है? इसका मतलब है कि तुम्हें रखा जाएगा और तुम्हारा निरीक्षण किया जाएगा। और अधिक गंभीर मामलों में इसका क्या परिणाम होगा? परमेश्वर कहेगा, “यह व्यक्ति एक आपदा है और वह सेवा करने के योग्य भी नहीं है। मैं इस व्यक्ति को बिल्कुल भी नहीं बचाऊँगा!” एक बार जब परमेश्वर ने यह विचार बना लिया, तो फिर तुम्हारे पास कोई परिणाम नहीं होगा और ऐसा होने के बाद फिर तुम चाहे साष्टाँग प्रणाम करो या अपना खून बहाओ, इससे कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि परमेश्वर पहले ही तुम्हें पर्याप्त मौके दे चुका होगा लेकिन तुमने कभी पश्चात्ताप नहीं किया होगा और तुम हद से आगे निकल गए होगे। इसलिए, चाहे तुम्हें कोई भी समस्या हो या चाहे तुम जैसी भी भ्रष्टता प्रकट करो, तुम्हें हमेशा परमेश्वर के वचनों के प्रकाश में आत्म-चिंतन करना और खुद को जानना चाहिए या अपने भाई-बहनों से इन बातों की ओर ध्यान दिलाने के लिए कहना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि तुम्हें परमेश्वर की जाँच-परख को स्वीकार करना चाहिए, परमेश्वर के सामने आना चाहिए और उससे तुम्हें प्रबुद्ध और रोशन करने के लिए कहना चाहिए। चाहे तुम कोई भी तरीका अपनाओ, समस्याओं को जल्दी पहचानना और फिर उनका समाधान करना एक ऐसा प्रभाव है जो आत्म-चिंतन द्वारा प्राप्त होता है और यह सबसे अच्छी चीज है जो तुम कर सकते हो। तुम्हें पश्चात्ताप करने के लिए तब तक इंतज़ार नहीं करना चाहिए, जब तक कि परमेश्वर तुम्हें बेनकाब करके हटा न दे, क्योंकि तब तक पश्चात्ताप करने में बहुत देर हो चुकी होगी! जब परमेश्वर किसी को प्रकट करता है, तो क्या वह अत्यधिक कुपित होता है या अत्यधिक दयालु होता है? यह कहना मुश्किल है, यह अज्ञात है और मैं तुम्हें इस बात की कोई गारंटी नहीं दूँगा—यह तुम पर निर्भर है कि तुम किस मार्ग पर चलते हो।
—वचन, खंड 4, मसीह-विरोधियों को उजागर करना, मद सात : वे दुष्ट, धूर्त और कपटी हैं (भाग एक)
संबंधित भजन
परमेश्वर के साथ सामान्य रिश्ता कैसे स्थापित करें
तुम्हें हर चीज में परमेश्वर की जाँच-पड़ताल स्वीकार करनी चाहिए
लोगों को अपने हर कार्य में परमेश्वर की जाँच-पड़ताल स्वीकार करनी चाहिए