23. परीक्षणों के दौरान अपनी गवाही पर कैसे अडिग रहें

अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन

परमेश्वर पर विश्वास के लिए उसके प्रति समर्पण करना और उसके कार्य का अनुभव करना आवश्यक है। परमेश्वर ने इतना अधिक कार्य किया है—कहा जा सकता है कि लोगों के लिए यह सब पूर्ण बनाना, शोधन और इससे भी बढ़कर, ताड़ना है। परमेश्वर के कार्य का एक भी चरण ऐसा नहीं रहा है, जो मनुष्य की धारणाओं के अनुरूप रहा हो; लोगों ने जिस चीज का आनंद लिया है, वह है परमेश्वर के कठोर वचन। जब परमेश्वर आता है, तो लोगों को उसके प्रताप और उसके कोप का आनंद अवश्य लेना चाहिए। लेकिन उसके वचन चाहे कितने ही कठोर क्यों न हों, वह मनुष्य को बचाने और पूर्ण बनाने के लिए आता है। सृजित प्राणियों के रूप में लोगों को वे कर्तव्य पूरे करने चाहिए, जो उनसे अपेक्षित हैं, और शोधन के बीच परमेश्वर के प्रति अपनी गवाही में अडिग रहना चाहिए। हर परीक्षण में उन्हें उस गवाही पर कायम रहना चाहिए जो कि उन्हें देनी चाहिए और परमेश्वर के लिए गूँजती हुई गवाही देनी चाहिए। ऐसा करने वाला व्यक्ति विजेता होता है। परमेश्वर चाहे तुम्हारा कैसे भी शोधन करे, तुम्हें आस्था से भरा रहना चाहिए और उसमें कभी आस्था नहीं खोनी चाहिए और तुम्हें वह भी करना चाहिए जो मनुष्य को करना चाहिए। परमेश्वर मनुष्य से बस यही अपेक्षा करता है—वह अपेक्षा करता है कि मनुष्य का हृदय पूरी तरह से उसकी ओर लौट सके और हर पल उसकी ओर मुड़ सके। ऐसा व्यक्ति विजेता होता है। जिन्हें परमेश्वर “विजेता” कहता है, वे ऐसे लोग हैं जो शैतान के प्रभाव में और शैतान द्वारा घेरे जाने के दौरान—अर्थात्, जब वे अंधकार की शक्तियों के बीच होते हैं, तब भी अपनी गवाही में अडिग रह सकते हैं, अपनी आस्था और परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी बनाए रख सकते हैं और चाहे कुछ भी हो, परमेश्वर के सामने एक शुद्ध हृदय बनाए रख सकते हैं और परमेश्वर के प्रति अपना सच्चा प्रेम बनाए रख सकते हैं। इस तरह, वे परमेश्वर के सामने अपनी गवाही में अडिग रहे हैं। ऐसे लोग वे हैं जिन्हें परमेश्वर “विजेता” कहता है। यदि परमेश्वर द्वारा तुम्हें आशीष दिए जाने पर तुम्हारा अनुसरण उत्कृष्ट होता है, लेकिन उसके आशीष न मिलने पर तुम पीछे हट जाते हो, तो क्या यह शुद्धता है? चूँकि तुम निश्चित हो कि यह सच्चा मार्ग है, इसलिए तुम्हें अंत तक इसका अनुसरण करना चाहिए; तुम्हें परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी कायम रखनी चाहिए। चूँकि तुमने देखा है कि परमेश्वर तुम्हें स्वयं पूर्ण बनाने के लिए पृथ्वी पर आया है, इसलिए तुम्हें अपना दिल पूरी तरह से उसे दे देना चाहिए। चाहे परमेश्वर कुछ भी करे—भले ही अंत में तुम्हें प्रतिकूल परिणाम ही क्यों न दे—यदि तुम फिर भी उसका अनुसरण कर सकते हो, तो इसका मतलब है कि तुमने परमेश्वर के सामने अपनी शुद्धता बनाए रखी है। परमेश्वर को एक पवित्र आध्यात्मिक शरीर और एक शुद्ध कुँवारी की भेंट, जिसके बारे में कहा गया है, इसका मतलब है परमेश्वर के सामने एक निष्कपट दिल रखना। मनुष्य की निष्कपटता ही शुद्धता है और जो परमेश्वर के प्रति निष्कपट हो सकते हैं, उन्होंने शुद्धता बनाए रखी है। यही वह चीज है, जिसे तुम्हें अभ्यास में लाना चाहिए। जब तुम्हें प्रार्थना करनी चाहिए, तब तुम प्रार्थना करो; जब तुम्हें संगति में एक-साथ इकट्ठे होना चाहिए, तो तुम इकट्ठे हो जाओ; जब तुम्हें भजन गाने चाहिए, तो तुम भजन गाओ; और जब तुम्हें देह के खिलाफ विद्रोह करना चाहिए, तो तुम देह के खिलाफ विद्रोह करो। जब तुम अपना कर्तव्य करते हो तो तुम खानापूरी नहीं करते; जब तुम्हें परीक्षणों का सामना करना पड़ता है तो तुम मजबूती से खड़े रहते हो। यह परमेश्वर के प्रति वफादारी है। लोगों को जो करना चाहिए, यदि तुम वह बनाए नहीं रखते, तो तुम्हारी पिछली सभी पीड़ाएँ और संकल्प व्यर्थ रहे हैं।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, तुम्हें परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी कायम रखनी चाहिए

परमेश्वर के लिए एक जबरदस्त गवाही देना मुख्यतः इस बात से संबंधित है कि तुम्हें व्यावहारिक परमेश्वर की समझ है या नहीं, और तुम इस व्यक्ति के सामने समर्पण करने में सक्षम हो या नहीं, जो न केवल साधारण है बल्कि सामान्य भी है, और मृत्युपर्यंत समर्पण कर सकते हो या नहीं। अगर तुम इस समर्पण के माध्यम से परमेश्वर के लिए वास्तव में गवाही देते हो, तो इसका अर्थ है कि तुम परमेश्वर द्वारा प्राप्त किए जा चुके हो। अगर तुम मृत्युपर्यंत समर्पण कर सकते हो, और उसके सामने शिकायतें नहीं करते, आलोचनाएँ नहीं करते, बदनामी नहीं करते, धारणाएँ नहीं रखते, और कोई गुप्त मंशा नहीं रखते, तो इस तरह परमेश्वर महिमा प्राप्त करेगा। किसी सामान्य व्यक्ति, जिसे मनुष्य द्वारा तुच्छ समझा जाता है, के सम्मुख समर्पण करने और किसी भी धारणा के बिना मृत्युपर्यंत समर्पण करने में सक्षम होना—यह सच्ची गवाही है। परमेश्वर जिस वास्तविकता में प्रवेश करने की लोगों से अपेक्षा करता है, वह यह है कि तुम उसके वचनों के प्रति समर्पण करने, उन्हें अभ्यास में लाने, व्यावहारिक परमेश्वर के सामने झुकने और अपनी भ्रष्टता जानने, उसके सामने अपना हृदय खोलने, और अंततः उसके इन वचनों के माध्यम से उसके द्वारा प्राप्त कर लिए जाने में सक्षम हो जाओ। जब ये वचन तुम्हें जीत लेते हैं और तुम्हें उसके सामने पूर्णतः समर्पित बना देते हैं, तो परमेश्वर महिमा प्राप्त करता है; इसके माध्यम से वह शैतान को लज्जित करता है और अपना कार्य पूरा करता है। जब तुम्हारी देहधारी परमेश्वर की व्यावहारिकता के बारे में कोई धारणा नहीं होती—अर्थात्, जब तुम इस परीक्षण में अडिग रहते हो—तो तुम एक अच्छी गवाही देते हो। अगर ऐसा दिन आता है, जब तुम्हें व्यावहारिक परमेश्वर की पूरी समझ हो जाती है और तुम पतरस की तरह मृत्युपर्यंत समर्पण कर सकते हो, तो तुम परमेश्वर द्वारा प्राप्त कर लिए जाओगे और पूर्ण बना दिए जाओगे। परमेश्वर द्वारा की जाने वाली हर वह चीज, जो तुम्हारी धारणाओं के अनुरूप नहीं होती, तुम्हारे लिए एक परीक्षण होती है। अगर परमेश्वर का कार्य तुम्हारी धारणाओं के अनुरूप होता, तो तुम्हें कष्ट सहने या शोधन किए जाने की आवश्यकता न होती। चूँकि उसका कार्य इतना व्यावहारिक है और तुम्हारी धारणाओं के अनुसार नहीं है कि यह तुम्हारे लिए अपनी धारणाओं को छोड़ देना आवश्यक बनाता है। यही कारण है कि यह तुम्हारे लिए एक परीक्षण है। यह परमेश्वर की व्यावहारिकता के कारण ही है कि सभी लोग परीक्षणों के बीच में हैं; उसका कार्य व्यावहारिक है, अलौकिक नहीं। उसके व्यावहारिक वचनों और उसके व्यावहारिक कथनों को बिना किसी धारणा के पूरी तरह से समझकर, और उसका कार्य जितना अधिक व्यावहारिक हो तुम उतना ही उसे वास्तव में प्रेम करने में सक्षम होकर उसके द्वारा प्राप्त किए जाओगे। लोगों के जिस समूह को परमेश्वर प्राप्त करेगा, उसमें वे लोग हैं जो परमेश्वर को जानते हैं, अर्थात्, जो उसकी व्यावहारिकता को जानते हैं। इससे भी अधिक ये वे लोग हैं, जो परमेश्वर के व्यावहारिक कार्य के प्रति समर्पित होने में सक्षम हैं।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर की व्यावहारिकता के प्रति पूर्णतः समर्पण कर सकने वाले लोग वे होते हैं जो परमेश्वर से सचमुच प्रेम करते हैं

सच्ची गवाही वास्तव में क्या है? यहाँ कही गई गवाही के दो हिस्से हैं : एक तो जीत लिए जाने की गवाही, और दूसरी पूर्ण बना दिए जाने की गवाही (जो स्वाभाविक रूप से भविष्य के अधिक बड़े परीक्षणों और क्लेशों के बाद की गवाही होगी)। दूसरे शब्दों में, यदि तुम क्लेशों और परीक्षणों के दौरान अडिग रहने में सक्षम हो, तो तुमने दूसरे कदम की गवाही दे दी होगी। आज जो महत्वपूर्ण है, वह है गवाही का पहला भाग वहन करना : ताड़ना और न्याय के परीक्षणों की हर घटना के दौरान अडिग रहने में सक्षम होना। यह जीत लिए जाने की गवाही है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि अभी विजय का समय है। (तुम्हें पता होना चाहिए कि अब पृथ्वी पर परमेश्वर के कार्य का समय है; पृथ्वी पर देहधारी परमेश्वर का मुख्य कार्य पृथ्वी पर अपना अनुसरण करने वाले लोगों के समूह को न्याय और ताड़ना के माध्यम से जीतना है।) तुम जीत लिए जाने की गवाही देने में सक्षम हो या नहीं, यह न केवल इस बात पर निर्भर करता है कि तुम बिल्कुल अंत तक अनुसरण कर सकते हो या नहीं, बल्कि, इससे भी महत्वपूर्ण रूप से यह इस बात पर निर्भर करता है कि जब तुम परमेश्वर के कार्य के प्रत्येक चरण का अनुभव करते हो, तो तुम परमेश्वर की ताड़ना और उसके न्याय की सच्ची समझ प्राप्त करने में सक्षम होते हो या नहीं, और इस बात पर कि तुम इस समस्त कार्य को वास्तव में समझते हो या नहीं। सिर्फ अंत तक अनुसरण करते रहने से तुम किसी तरह बचकर नहीं निकल जाओगे। तुम्हें ताड़ना और न्याय की हर घटना के दौरान स्वेच्छा से झुकने में सक्षम होना चाहिए, कार्य के हर उस चरण को, जिसका तुम अनुभव करते हो, वास्तव में समझने में सक्षम होना चाहिए, और परमेश्वर के स्वभाव का ज्ञान प्राप्त करने और इसके प्रति समर्पण करने में सक्षम होना चाहिए। यह जीत लिए जाने की परम गवाही है, जो तुम्हारे द्वारा दी जानी अपेक्षित है। जीत लिए जाने की गवाही मुख्य रूप से देहधारी परमेश्वर के बारे में तुम्हारे ज्ञान को संदर्भित करती है। महत्त्वपूर्ण रूप से, गवाही का यह चरण देहधारी परमेश्वर के बारे में है। दुनिया के लोगों या सत्ताधारी व्यक्तियों के सामने तुम क्या करते या कहते हो, यह मायने नहीं रखता; सबसे बढ़कर यह मायने रखता है कि तुम परमेश्वर के मुँह से निकले सभी वचनों और उसके समस्त कार्यों के प्रति समर्पण करने में सक्षम हो या नहीं। इसलिए गवाही के इस चरण में निशाने पर शैतान सहित परमेश्वर के सभी दुश्मन हैं—वे राक्षस और दुश्मन जो यह विश्वास नहीं करते कि परमेश्वर दूसरी बार देहधारण करेगा तथा और भी बड़े कार्य करने आएगा, और इसके अतिरिक्त, जो परमेश्वर के देह में लौटने के तथ्य में विश्वास नहीं करते। दूसरे शब्दों में कहें तो इसके निशाने पर सभी मसीह-विरोधी हैं—वे सभी शत्रु जो देहधारी परमेश्वर में विश्वास नहीं करते।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, अभ्यास (4)

गवाही का आखिरी कदम इस बात की गवाही है कि तुम पूर्ण बनाए जाने में सक्षम हो या नहीं—जिसका अर्थ है कि देहधारी परमेश्वर के मुँह से बोले गए सभी वचनों को समझने के बाद तुम्हें परमेश्वर का ज्ञान हो जाता है और तुम उसके बारे में निश्चित हो जाते हो, तुम परमेश्वर के मुँह से निकले सभी वचनों को जीते हो और वे मानदंड पूरे करते हो, जिनकी परमेश्वर तुमसे अपेक्षा करता है—पतरस की शैली और अय्यूब की आस्था—ऐसे कि तुम मृत्यु होने तक समर्पण कर सको, अपने आप को पूरी तरह से उसे सौंप दो, और अंततः ऐसे व्यक्ति की छवि प्राप्त करो जो मानक पर खरा उतरता हो, अर्थात् ऐसे व्यक्ति की छवि, जिसे परमेश्वर की ताड़ना और न्याय का अनुभव करने के बाद जीता और पूर्ण बनाया जा चुका हो। यही परम गवाही है—जो उस व्यक्ति द्वारा दी जानी ज़रूरी है, जिसे अंततः पूर्ण बना दिया गया है। ये गवाही के दो कदम हैं, जो तुम लोगों को उठाने चाहिए, और ये परस्पर संबंधित हैं, और दोनों में से प्रत्येक अपरिहार्य है। किंतु एक बात तुम्हें अवश्य जाननी चाहिए : आज जिस गवाही की मैं तुमसे अपेक्षा करता हूँ, वह न तो दुनिया के लोगों पर निर्देशित है, न ही किसी एक व्यक्ति पर, बल्कि उस पर है जो मैं तुमसे माँगता हूँ। यह इस बात से मापी जाती है कि तुम मुझे संतुष्ट करने में सक्षम हो या नहीं, और तुम मेरे द्वारा अपेक्षित मानक सर्वथा पूरे करने में समर्थ हो या नहीं, जो तुम लोगों में से प्रत्येक के लिए हैं। यही वह चीज़ है, जिसे तुम लोगों को समझना चाहिए।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, अभ्यास (4)

जब तुम अय्यूब के परीक्षणों से गुजरते हो तो ठीक उसी समय तुम पतरस के परीक्षणों से भी गुजर रहे होते हो। जब अय्यूब का परीक्षण किया गया था तो वह अपनी गवाही में अडिग रहा और अंत में यहोवा उसके सामने प्रकट हुआ। गवाही में अडिग रहने के बाद ही वह परमेश्वर का चेहरा देखने योग्य हुआ था। यह क्यों कहा जाता है, “मैं गंदगी की भूमि से खुद को छिपाता हूँ लेकिन पवित्र राज्य में प्रकट होता हूँ”? इसका मतलब यह है कि जब तुम पावनीकृत होते हो और अपनी गवाही में अडिग रहते हो, तभी तुम परमेश्वर का चेहरा देखने के योग्य होते हो। अगर तुम अपनी गवाही में अडिग नहीं रह पाते, तो तुम उसका चेहरा देखने के योग्य नहीं हो। अगर तुम शोधनों का सामना होने पर पीछे हट जाते हो या परमेश्वर के विरुद्ध शिकायतें करते हो और इस प्रकार अपनी गवाही में अडिग रहने में विफल रहते हो तथा शैतान की हँसी का पात्र बन जाते हो, तो फिर तुम परमेश्वर का प्रकटन हासिल नहीं कर सकते। अगर तुम अय्यूब की तरह हो, जिसने परीक्षणों के बीच अपनी ही देह को धिक्कारा लेकिन परमेश्वर के विरुद्ध शिकायत नहीं की, और अपने शब्दों से शिकायत या पाप किए बिना अपनी ही देह से घृणा कर सका तो तुम अपनी गवाही में अडिग रहोगे। जब तुम एक निश्चित मात्रा तक शोधनों से गुजरते हो और अय्यूब की तरह हो सकते हो, परमेश्वर के सामने सर्वथा समर्पणशील हो सकते हो और उससे कोई अन्य अपेक्षा नहीं रखते या अपनी धारणाएँ नहीं रखते, तब परमेश्वर तुम्हारे सामने प्रकट होगा। अभी परमेश्वर तुम्हारे सामने प्रकट नहीं होता क्योंकि तुम्हारी बहुत सारी धारणाएँ, व्यक्तिगत पूर्वाग्रह, स्वार्थी विचार, व्यक्तिगत अपेक्षाएँ और दैहिक हित हैं और तुम उसका चेहरा देखने योग्य नहीं हो। अगर तुम परमेश्वर को देखते, तो तुम उसे अपनी धारणाओं से मापते, और ऐसा करते हुए उसे सलीब पर चढ़ा देते। अगर तुम पर ऐसी कई चीजें आ पड़ती हैं, जो तुम्हारी धारणाओं के अनुरूप नहीं होतीं, परंतु फिर भी तुम उन्हें छोड़ने और इन चीजों से परमेश्वर के कर्मों का ज्ञान प्राप्त करने में समर्थ होते हो और अगर शोधनों के बीच तुम अपना परमेश्वर-प्रेमी हृदय प्रकट करते हो, तो यह अपनी गवाही में अडिग रहना है।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, जिन्हें पूर्ण बनाया जाना है उन्हें शोधन से गुजरना होगा

अय्यूब की आस्था, उसका समर्पण और शैतान पर विजय पाने की उसकी गवाही लोगों के लिए अत्यधिक सहायता और प्रोत्साहन का स्रोत रहे हैं। वे अय्यूब में अपने स्वयं के उद्धार की आशा देखते हैं, और देखते हैं कि परमेश्वर के प्रति आस्था, समर्पण और उसके भय के माध्यम से शैतान को हराना और शैतान के ऊपर हावी होना पूरी तरह संभव है। वे देखते हैं कि जब तक वे परमेश्वर की संप्रभुता और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करते हैं, और जब तक सब कुछ खो देने के बाद भी परमेश्वर को न त्यागने का दृढ़संकल्प और आस्था उनमें है, तब तक वे शैतान को लज्जित और पराजित कर सकते हैं, और वे देखते हैं कि शैतान को भयभीत करने और हड़बड़ी में पीछे हटने को मजबूर करने के लिए, उन्हें केवल अपनी गवाही में अडिग रहने के निश्चय और दृढ़ता की आवश्यकता है—भले ही इसका अर्थ अपने प्राण गँवाना हो। अय्यूब की गवाही बाद की पीढ़ियों के लिए चेतावनी है, और यह चेतावनी उन्हें बताती है कि यदि वे शैतान को नहीं हराते हैं, तो वे शैतान के दोषारोपणों और विघ्नों से कभी अपना पीछा नहीं छुड़ा पाएँगे, न ही वे कभी शैतान के हमलों और दुर्व्यवहार से बचकर निकल पाएँगे। अय्यूब की गवाही ने बाद की पीढ़ियों को भी प्रबुद्ध किया है। यह प्रबुद्धता लोगों को सिखाती है कि यदि वे पूर्ण और खरे लोग बनते हैं, केवल तभी वे परमेश्वर का भय मान पाएँगे और बुराई से दूर रह पाएँगे; यह उन्हें सिखाती है कि यदि वे परमेश्वर का भय मानते और बुराई से दूर रहते हैं, केवल तभी वे परमेश्वर के लिए मजबूत और जबर्दस्त गवाही दे सकते हैं; यदि वे परमेश्वर के लिए मजबूत और जबर्दस्त गवाही देते हैं, केवल तभी वे शैतान द्वारा कभी नियंत्रित नहीं किए जा सकते हैं और परमेश्वर के मार्गदर्शन तथा सुरक्षा में रहते हैं—केवल तभी उन्हें सचमुच बचा लिया गया होगा। अय्यूब के चरित्र और जीवन के उसके अनुसरण का अनुकरण हर उस व्यक्ति को करनी चाहिए जो उद्धार का अनुसरण करता है। अपने संपूर्ण जीवन के दौरान उसने जो जिया और अपने परीक्षणों के दौरान उसकी अभिव्यक्तियाँ उन सब लोगों के लिए अनमोल ख़ज़ाने हैं जो परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने के मार्ग का अनुसरण करते हैं।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, परमेश्वर का कार्य, परमेश्वर का स्वभाव और स्वयं परमेश्वर II

यदि तुम भविष्य में अडिग रहने में समर्थ होना चाहते हो, परमेश्वर को बेहतर ढंग से संतुष्ट करना, और अंत तक उसका अनुसरण करना चाहते हो, तो आज तुम्हें एक मजबूत बुनियाद का निर्माण करना चाहिए। तुम्हें सभी चीजों में सत्य को अभ्यास में लाकर और उसके इरादों के प्रति विचारशील रहकर परमेश्वर को संतुष्ट करना चाहिए। यदि तुम हमेशा इस तरह से अभ्यास करते हो, तो तुम्हारे भीतर एक बुनियाद बनेगी, और परमेश्वर तुम्हारे भीतर ऐसे हृदय को प्रेरित करेगा जो परमेश्वर से प्रेम करेगा, और वह तुम्हें आस्था देगा। किसी दिन जब कोई परीक्षण वास्तव में तुम पर आता है, तो तुम्हें कुछ पीड़ा का अनुभव अवश्य हो सकता है, और तुम एक निश्चित बिंदु तक परेशान महसूस कर सकते हो और तीव्र व्यथा से पीड़ित हो सकते हो, मानो तुम मर चुके हो—किंतु तुम्हारा परमेश्वर-प्रेमी हृदय नहीं बदलेगा, बल्कि और अधिक गहरा हो जाएगा। परमेश्वर के आशीष ऐसे ही होते हैं। आज परमेश्वर जो कुछ भी कहता और करता है, यदि तुम उसे समर्पित हृदय से स्वीकारने में समर्थ हो, तो तुम्हें निश्चित रूप से परमेश्वर द्वारा आशीष दिया जाएगा और इसलिए तुम ऐसे व्यक्ति होगे, जो परमेश्वर के आशीष और वादे विरासत में पाता है। यदि आज तुम अभ्यास नहीं करते, तो एक दिन जब तुम पर परीक्षण आएँगे, तो तुम आस्था या प्रेममय हृदय से रहित होगे, और उस समय परीक्षण प्रलोभन बन जाएँगे; तुम शैतान के प्रलोभनों के बीच डूब जाओगे और तुम्हारे पास बच निकलने का कोई उपाय नहीं होगा। आज तुम किसी छोटे परीक्षण का सामना करने पर अडिग रहने में सक्षम हो सकते हो लेकिन जरूरी नहीं कि एक दिन किसी बड़े परीक्षण का सामना करने पर तुम अडिग रहने में सक्षम होगे। कुछ लोग खुद से काफी खुश होते हैं और सोचते हैं कि वे जितने अच्छे हो सकते हैं, उतने अच्छे हैं। यदि तुम ऐसे समय में और अधिक गहराई तक नहीं जाओगे और आत्मसंतुष्ट बने रहोगे, तो तुम खतरे में पड़ जाओगे। आज जब परमेश्वर बड़े परीक्षणों का कार्य नहीं कर रहा, तब तुम हर तरह से ठीक-ठाक दिखाई देते हो, किंतु जब परमेश्वर तुम्हारा परीक्षण करेगा, तो तुम पाओगे कि तुममें बहुत कमियाँ हैं, क्योंकि तुम्हारा आध्यात्मिक कद बहुत छोटा है और तुम बड़े परीक्षणों को सहने में अक्षम हो। यदि तुम वैसे ही बने रहते हो जैसे तुम हो और आगे बढ़ना बंद करके संतुष्ट महसूस करते हो, तो जब परीक्षण आएँगे, तुम गिर जाओगे। तुम लोगों को अक्सर देखना चाहिए कि तुम लोगों का आध्यात्मिक कद कितना छोटा है; केवल इसी तरह से तुम लोग प्रगति करोगे। यदि ऐसा केवल परीक्षण के दौरान होता है कि तुम देखते हो कि तुम्हारा आध्यात्मिक कद बहुत छोटा है, कि तुम्हारी इच्छाशक्ति बहुत कमजोर है, कि तुम्हारे भीतर वास्तविक चीज बहुत कम है, और कि तुम परमेश्वर के इरादों के लिए अपर्याप्त हो—और यदि तुम केवल तभी इन बातों को महसूस करते हो, तो बहुत देर हो जाएगी।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, केवल परमेश्वर से प्रेम करना ही वास्तव में परमेश्वर पर विश्वास करना है

परमेश्वर के वचन को अपनी वास्तविकता बनाए बिना तुम्हारा कोई वास्तविक आध्यात्मिक कद नहीं होता। जब परीक्षा का समय आएगा, तुम निश्चय ही गिर जाओगे और तब तुम्हारा वास्तविक आध्यात्मिक कद प्रकट हो जाएगा। परंतु जो लोग नियमित रूप से वास्तविकता में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे होते हैं, वे परीक्षणों का सामना करते हुए परमेश्वर के कार्य का उद्देश्य समझ जाएँगे। जिसके पास जमीर है और जिसमें परमेश्वर के लिए प्यास है, उसे परमेश्वर के प्रेम का प्रतिदान करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। जिनमें वास्तविकता नहीं है, वे छोटी-छोटी बातों में भी दृढ़ नहीं रह सकते। वास्तविक आध्यात्मिक कद वाले और बिना वास्तविक आध्यात्मिक कद वाले लोगों के बीच यही अंतर है। ऐसा क्यों है कि भले ही दोनों परमेश्वर के वचन को खाते-पीते हैं, परंतु उनमें से कुछ परीक्षणों के समय दृढ़ रहते हैं जबकि दूसरे उससे भाग जाते हैं? स्पष्ट अंतर यह है कि उनका कोई वास्तविक आध्यात्मिक कद नहीं है; परमेश्वर का वचन उनकी वास्तविकता नहीं है; और परमेश्वर के वचन ने उनमें जड़ें नहीं जमाई हैं। जैसे ही उनका परीक्षण किया जाता है, उनके पास कोई मार्ग नहीं रहता। क्यों, तब कुछ लोग परीक्षणों के बीच दृढ़ बने रह पाते हैं? ऐसा इसलिए है क्योंकि वे सत्य को समझते हैं और उनका एक दर्शन है, और वे परमेश्वर के इरादों और उसकी अपेक्षाओं को समझते हैं, और इस प्रकार वे परीक्षणों के बीच दृढ़ बने रह पाते हैं। यही वास्तविक आध्यात्मिक कद है और जीवन भी यही है। कुछ लोग परमेश्वर का वचन पढ़ते हैं परंतु उस पर कभी अमल नहीं करते, उन्हें गंभीरता से नहीं लेते; जो लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते वे अभ्यास को महत्व नहीं देते। जो परमेश्वर के वचन को अपनी वास्तविकता नहीं बनाते उनका वास्तविक आध्यात्मिक कद नहीं होता, और ऐसे लोग परीक्षणों के बीच दृढ़ नहीं रह सकते।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, राज्य का युग वचन का युग है

चूँकि तुम परमेश्वर पर विश्वास करते हो, इसलिए तुम्हें अपने हृदय को परमेश्वर के समक्ष सौंप देना चाहिए। यदि तुम अपना हृदय परमेश्वर को अर्पित कर दो और उसे उसके सामने रख दो, तो शोधन के दौरान तुम निश्चित रूप से परमेश्वर को नहीं नकारोगे या छोड़ोगे। इस तरह परमेश्वर के साथ तुम्हारा संबंध ज्यादा से ज्यादा घनिष्ठ और सामान्य हो जाएगा, और परमेश्वर के साथ तुम्हारी संगति ज्यादा बार-बार हो जाएगी। यदि तुम सदैव ऐसे ही अभ्यास करोगे तो तुम परमेश्वर की रोशनी में अधिक समय बिताओगे, और उसके वचनों के मार्गदर्शन में और अधिक समय व्यतीत करोगे, तुम्हारे स्वभाव में भी अधिक से अधिक बदलाव आएँगे, और तुम्हारा ज्ञान दिन-प्रतिदिन बढ़ता जाएगा। जब वह दिन आएगा, जब परमेश्वर के परीक्षण अचानक तुम्हारे ऊपर आ जाएँगे, तो तुम न केवल परमेश्वर की ओर खड़े रह पाओगे, बल्कि परमेश्वर के लिए गवाही भी दे पाओगे। उस समय तुम अय्यूब और पतरस के समान होगे। जब तुमने परमेश्वर के लिए गवाही दी होगी, तो इसका अर्थ यह होगा कि तुम ऐसे व्यक्ति हो जो वास्तव में उससे प्रेम करता है, ऐसा व्यक्ति जो खुशी-खुशी उसके लिए अपना जीवन दे देगा और कि तुम परमेश्वर के गवाह हो और ऐसे व्यक्ति हो जिससे परमेश्वर प्रेम करता है। जिस प्रेम ने शोधन का अनुभव किया है वह मजबूत होता है, नाज़ुक नहीं। इस बात की परवाह किए बिना कि परमेश्वर तुम्हें कब या कैसे अपने परीक्षणों के अधीन करता है, तुम अपने जीवन की परवाह नहीं करते, परमेश्वर के लिए खुशी-खुशी सब कुछ त्याग देते हो और परमेश्वर के लिए खुशी-खुशी कुछ भी सह लेते हो—इस प्रकार तुम्हारा प्रेम शुद्ध होगा और तुम्हारी आस्था में वास्तविकता होगी। केवल तभी तुम ऐसे व्यक्ति बनोगे, जिसे सचमुच परमेश्वर द्वारा प्रेम किया जाता है, और जिसे सचमुच परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाया गया है।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, केवल शोधन का अनुभव करके ही मनुष्य सच्चे प्रेम से युक्त हो सकता है

परीक्षणों से गुजरते समय लोगों का कमजोर होना, भीतर से नकारात्मक होना, परमेश्वर के इरादों को न समझना या अभ्यास के मार्ग के बारे में स्पष्टता का अभाव होना सामान्य बात है। लेकिन किसी भी स्थिति में तुम्हें परमेश्वर के कार्य में आस्था होनी चाहिए और अय्यूब की तरह तुम्हें भी परमेश्वर को नकारना नहीं चाहिए। यद्यपि अय्यूब कमजोर था और अपने जन्म के दिन को कोसता था, फिर भी उसने इस बात से इनकार नहीं किया कि जन्म के बाद लोगों के पास जो भी चीजें होती हैं वे सब यहोवा द्वारा दी जाती हैं और यहोवा ही उन्हें ले भी लेता है। उसे चाहे जिन परीक्षणों से गुजारा गया हो, उसने यह विश्वास बनाए रखा। अपने अनुभवों में तुम परमेश्वर के वचनों के चाहे जिस भी शोधन से गुजरो, परमेश्वर कुल मिलाकर जो चाहता है वह है तुम्हारी आस्था और परमेश्वर-प्रेमी हृदय। इस तरह से कार्य करके वह जिस चीज को पूर्ण बनाता है, वह है मनुष्य की आस्था, प्रेम और दृढ़ निश्चय। परमेश्वर मनुष्य पर पूर्णता का कार्य करता है, जिसे मनुष्य न तो देख सकता है, न ही छू सकता है; ऐसी परिस्थितियों में आस्था आवश्यक होती है। जब कोई चीज नग्न आँखों से न देखी जा सकती हो, तब आस्था आवश्यक होती है। जब तुम अपनी धारणाएँ नहीं छोड़ पाते, तब आस्था आवश्यक होती है। जब तुम परमेश्वर के कार्य के बारे में स्पष्ट नहीं होते तो यही अपेक्षा की जाती है कि तुम आस्था रखो, ठोस रुख अपनाए रखो और अपनी गवाही में अडिग रहो। जब अय्यूब इस मुकाम पर पहुँच गया तो परमेश्वर उसके सामने प्रकट हुआ और उससे बोला। यानी जब तुममें आस्था होगी, तभी तुम परमेश्वर को देखने में समर्थ हो पाओगे। जब तुममें आस्था होगी, परमेश्वर तुम्हें पूर्ण बनाएगा और अगर तुममें आस्था नहीं है तो वह ऐसा नहीं कर सकता। परमेश्वर तुम्हें वह सब प्रदान करेगा, जिसे पाने की तुम आशा करते हो। अगर तुम्हारे पास आस्था नहीं है तो तुम्हें पूर्ण नहीं बनाया जा सकता और तुम परमेश्वर के कर्मों को देखने में असमर्थ होगे, उसकी सर्वशक्तिमत्ता को तो बिल्कुल भी नहीं देख पाओगे। जब तुम्हारे वास्तविक अनुभवों में यह आस्था होती है कि तुम परमेश्वर के कर्म देख सको, तब परमेश्वर तुम्हारे सामने प्रकट होगा और भीतर से तुम्हें प्रबुद्ध करेगा और तुम्हारा मार्गदर्शन करेगा। इस आस्था के बिना परमेश्वर ऐसा करने में असमर्थ होगा। अगर तुमने परमेश्वर से अपनी आशा खो दी है, तो तुम कैसे उसके कार्य का अनुभव कर पाओगे? इसलिए, केवल जब तुम्हारे भीतर आस्था हो और तुम परमेश्वर पर संदेह न करो और जब तुम्हारा उसमें सच्चा विश्वास हो जो उसके कुछ भी करने से न डगमगाए, तभी वह तुम्हारे अनुभवों के माध्यम से तुम्हें प्रबुद्ध और रोशन करेगा और केवल तभी तुम उसके कर्मों को देख सकोगे। ये सभी चीजें आस्था के माध्यम से ही हासिल की जाती हैं। आस्था केवल शोधन के माध्यम से ही आती है और शोधन की अनुपस्थिति में आस्था विकसित नहीं हो सकती। आस्था का संदर्भ किस चीज से है? आस्था वह सच्चा विश्वास और निष्कपट हृदय है जो मनुष्यों में तब होना चाहिए जब वे किसी चीज को देख या छू न सकते हों, जब परमेश्वर का कार्य मनुष्य की धारणाओं के अनुरूप न हो और वह मनुष्यों की पहुँच से बाहर हो। यही वह आस्था है, जिसकी मैं बात करता हूँ। लोगों में कष्ट सहने के समय और शोधन के समय आस्था होनी जरूरी है और जब उनमें आस्था होती है तो वे शोधन का सामना करते हैं—शोधन और आस्था को अलग नहीं किया जा सकता। परमेश्वर चाहे जिस तरह कार्य करे और तुम्हारा परिवेश चाहे जैसा भी हो, अगर तुम जीवन का अनुसरण कर पाते हो और सत्य खोज पाते हो, परमेश्वर के कार्य के ज्ञान का अनुसरण करते और उसके कर्मों को जानने का प्रयास करते हो और सत्य के अनुसार कार्य करने में समर्थ हो, तो तुममें सच्ची आस्था है, इससे साबित होता है कि तुमने परमेश्वर में आस्था नहीं खोई है। अगर शोधन के दौरान तुम सत्य का अनुसरण करने और परमेश्वर से सचमुच प्रेम करने में डटे रहने में समर्थ होते हो, उसके बारे में संदेह नहीं पालते हो और अगर परमेश्वर चाहे कुछ भी करे, फिर भी तुम उसे संतुष्ट करने के लिए सत्य का अभ्यास करते हो, गहराई से उसके इरादे खोजने और उसके इरादों के प्रति विचारशील होने में समर्थ हो, तो परमेश्वर में सच्ची आस्था होने का अर्थ यही है। अतीत में जब परमेश्वर ने कहा कि तुम एक राजा के रूप में सत्ता का इस्तेमाल करोगे, तो तुमने उससे प्रेम किया और जब उसने स्वयं को खुले तौर पर तुम्हें दिखाया तो तुमने उसका अनुसरण किया। परंतु अब परमेश्वर छिपा हुआ है, तुम उसे देख नहीं सकते और तुम पर मुसीबत आ गई है—इस समय क्या तुम परमेश्वर में आशा खो देते हो? इसलिए तुम्हें हर समय जीवन का अनुसरण करना चाहिए और परमेश्वर के इरादे पूरे करने का प्रयास करना चाहिए। यही सच्ची आस्था कहलाती है और यही सबसे सच्चा और सबसे सुंदर प्रकार का प्रेम है।

अतीत में सभी लोग परमेश्वर के सामने संकल्प करने के लिए आते थे और कहते थे, “अगर कोई अन्य परमेश्वर से प्रेम न भी करे, तो भी मुझे परमेश्वर से प्रेम करना चाहिए।” परंतु अब तुम पर शोधन आता है, और चूँकि यह तुम्हारी धारणाओं के अनुरूप नहीं है, इसलिए तुम परमेश्वर में आस्था खो देते हो। क्या यह सच्चा प्रेम है? तुमने अय्यूब के कर्मों के बारे में कई बार पढ़ा है—क्या तुम उनके बारे में भूल गए हो? सच्चा प्रेम केवल आस्था के भीतर ही आकार ले सकता है। तुम जिन शोधनों से गुजरते हो, उनके माध्यम से परमेश्वर के लिए वास्तविक प्रेम विकसित करना और अपने असली अनुभवों में आस्था के साथ परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होना और अपनी ही देह के खिलाफ विद्रोह करना और आस्था के साथ जीवन का अनुसरण करना—यही वह चीज है, जो लोगों को करनी चाहिए। अगर तुम ऐसा करते हो तो तुम परमेश्वर के कर्म देखने में समर्थ हो सकोगे, परंतु अगर तुममें आस्था का अभाव है, तो तुम परमेश्वर के कर्म देखने में या उसके कार्य का अनुभव करने में समर्थ नहीं होगे। अगर तुम परमेश्वर द्वारा उपयोग में लाया जाना और पूर्ण बनाया जाना चाहते हो तो तुम्हारे पास सत्य का हर पहलू होना चाहिए : पीड़ा सहने का संकल्प, आस्था, सहनशीलता, समर्पण, सत्य खोजने और परमेश्वर के इरादे समझने की योग्यता, उसके दुःख और श्रमसाध्य इरादों के प्रति विचारशील होने की योग्यता, आदि। व्यक्ति को पूर्ण बनाना आसान नहीं है और तुम्हारे द्वारा अनुभव किए जाने वाले प्रत्येक शोधन को तुम्हारी आस्था और तुम्हारे प्रेम की जरूरत पड़ती है। अगर तुम परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाया जाना चाहते हो तो महज दौड़-भाग करना पर्याप्त नहीं है, न खुद को परमेश्वर के लिए खपाना ही पर्याप्त है। ऐसा व्यक्ति बनने के लिए जिसे परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाया जाता है, तुम्हारे पास कई चीजें होनी चाहिए। जब तुम कष्ट का सामना करते हो तो तुम्हें देह की परवाह न करने और परमेश्वर के विरुद्ध शिकायतें न करने में समर्थ होना चाहिए। जब परमेश्वर स्वयं को तुमसे छिपाता है तो तुम्हें यह आस्था रखने में सक्षम होना चाहिए कि तुम उसका अनुसरण कर सको, अपने पिछले प्रेम को बदले या मिटने दिए बिना इसे कायम रख सको। परमेश्वर चाहे कुछ भी करे, तुम्हें उसकी इच्छा के अनुसार उसे आयोजन करने देना चाहिए और उसके विरुद्ध शिकायत करने के बजाय अपनी देह को कोसना पसंद करना चाहिए। जब तुम्हारा सामना परीक्षणों से हो, तो तुम्हें परमेश्वर को संतुष्ट करने में असफल होने की अपेक्षा उन चीजों को त्यागने की पीड़ा सहना और फूट-फूटकर रोना अधिक स्वीकार होना चाहिए जिनसे तुम प्रेम करते हो। केवल यही सच्चा प्रेम और सच्ची आस्था है। तुम्हारा असली आध्यात्मिक कद चाहे जो भी हो, तुममें सबसे पहले पीड़ा सहने का यह संकल्प और सच्ची आस्था दोनों ही होने चाहिए। तुममें देह के खिलाफ विद्रोह करने का संकल्प भी होना चाहिए; तुम्हें परमेश्वर के इरादे पूरे करने में विफल होने की अपेक्षा कष्ट सहना और अपने निजी हितों का नुकसान उठाना अधिक पसंद होना चाहिए। तुम्हें अपने हृदय में पछतावा महसूस करने में भी सक्षम होना चाहिए : अतीत में तुम परमेश्वर को संतुष्ट करने में असमर्थ थे और अब तुम पछतावा कर सकते हो। तुममें इनमें से किसी भी मामले में कमी नहीं होनी चाहिए—इन्हीं चीजों के जरिए परमेश्वर तुम्हें पूर्ण बनाएगा। अगर तुम इन शर्तों को पूरा नहीं करते, तो फिर तुम्हें पूर्ण नहीं बनाया जा सकता है।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, जिन्हें पूर्ण बनाया जाना है उन्हें शोधन से गुजरना होगा

परमेश्वर द्वारा लोगों पर किए जाने वाले कार्य का हर कदम बाहर से लोगों के बीच मेल-जोल प्रतीत होता है, मानो यह मानवीय व्यवस्थाओं द्वारा या मानवीय विघ्न से उत्पन्न हुआ हो। किंतु, कार्य के प्रत्येक कदम, और घटित होने वाली हर चीज के पीछे शैतान द्वारा परमेश्वर के सामने रखी गई शर्त है और इनमें अपेक्षित है कि लोग परमेश्वर के लिए अपनी गवाही में अडिग बने रहें। उदाहरण के लिए, जब अय्यूब का परीक्षण हुआ : पर्दे के पीछे शैतान परमेश्वर के साथ शर्त लगा रहा था और अय्यूब को जिन चीजों का सामना करना पड़ा, वे लोगों के क्रियाकलाप और विघ्न थे। परमेश्वर द्वारा तुम लोगों पर किए गए कार्य के हर कदम के पीछे शैतान की परमेश्वर के साथ शर्त होती है—इसके पीछे एक लड़ाई होती है। उदाहरण के लिए, यदि तुम अपने भाइयों और बहनों के प्रति पूर्वाग्रह रखते हो, तो तुम्हारे पास ऐसे वचन होंगे जो तुम कहना चाहते हो—ऐसे वचन, जो तुम्हें परमेश्वर को अप्रसन्न करने वाले लगते हैं—किंतु अगर तुम उन्हें न कहो तो तुम्हें भीतर से बेचैनी महसूस होगी, और उस क्षण तुम्हारे भीतर एक संघर्ष शुरू हो जाएगा : “मैं बोलूँ या नहीं?” यही संघर्ष है। इस प्रकार तुम जिस भी चीज का सामना करते हो, उसमें एक लड़ाई होती है। जब तुम्हारे भीतर कोई लड़ाई होती है तो परमेश्वर तुम्हारे वास्तविक सहयोग और वास्तविक कष्ट के माध्यम से तुम पर कार्य करता है और तुम अंततः आंतरिक रूप से मामले को छोड़ने में सक्षम होगे और तुम्हारा क्रोध स्वाभाविक रूप से शांत हो जाएगा। यह परमेश्वर के साथ तुम्हारे सहयोग का परिणाम भी है। हर चीज जो लोग करते हैं, उसमें उनके हृदय के रक्त की निश्चित मात्रा की आवश्यकता होती है। बिना असली पीड़ा के वे परमेश्वर को संतुष्ट नहीं कर सकते; वे परमेश्वर को संतुष्ट करने के करीब तक भी नहीं पहुँचते और केवल खोखले नारे लगा रहे होते हैं! क्या ये खोखले नारे परमेश्वर को संतुष्ट कर सकते हैं? जब परमेश्वर और शैतान आध्यात्मिक क्षेत्र में लड़ाई करते हैं, तो तुम्हें परमेश्वर को कैसे संतुष्ट करना चाहिए और किस प्रकार उसके लिए गवाही में अडिग रहना चाहिए? तुम्हें यह पता होना चाहिए कि जो कुछ भी तुम्हारे साथ होता है वह एक महान परीक्षण है और वह समय है जब परमेश्वर को गवाही के लिए तुम्हारी आवश्यकता है। हालाँकि ये बाहर से मामूली लग सकती हैं, किंतु जब ये चीजें होती हैं तो ये दर्शाती हैं कि तुम परमेश्वर से प्रेम करते हो या नहीं। यदि तुम परमेश्वर से प्रेम करते हो, तो तुम उसके लिए अपनी गवाही में अडिग रह पाओगे और यदि तुमने परमेश्वर के प्रति प्रेम का अभ्यास नहीं किया है, तो यह दर्शाता है कि तुम वह व्यक्ति नहीं हो जो सत्य को अभ्यास में लाता है, तुम सत्य से रहित हो और जीवन से रहित हो, तुम भूसा हो! लोगों के साथ होने वाली हर बात में परमेश्वर चाहता है कि लोग उसके लिए अपनी गवाही में अडिग रहें। भले ही इस क्षण में तुम्हारे साथ कुछ बड़ा घटित न हो रहा हो, और तुम बड़ी गवाही नहीं देते, किंतु तुम्हारे जीवन का प्रत्येक विवरण परमेश्वर के लिए गवाही से जुड़ा है। यदि तुम अपने भाइयों और बहनों, अपने परिवार के सदस्यों और अपने आसपास के सभी लोगों की प्रशंसा प्राप्त कर सकते हो; यदि किसी दिन अविश्वासी आएँ और जो कुछ तुम करते हो उसकी तारीफ करें, और देखें कि जो कुछ परमेश्वर करता है वह अद्भुत है, तो यह तुम्हारी गवाही होगी। यद्यपि तुम्हारे पास कोई अंतर्दृष्टि नहीं है और तुम्हारी काबिलियत कमज़ोर है, फिर भी परमेश्वर द्वारा तुम्हारी पूर्णता के माध्यम से तुम उसे संतुष्ट करने और उसके इरादों के प्रति विचारशील होने में समर्थ हो जाते हो और दूसरों को दर्शाते हो कि सबसे खराब काबिलियत के लोगों पर उसने कितना महान कार्य किया है। जब लोग परमेश्वर को जान जाते हैं और शैतान के सामने विजेता बन जाते हैं, और परमेश्वर के प्रति उनकी वफादारी किसी निश्चित स्तर तक पहुँच जाती है, तब इस समूह के लोगों से अधिक दृढ़ता किसी में नहीं होती और यही सबसे बड़ी गवाही है। यद्यपि तुम महान कार्य करने में अक्षम हो, लेकिन तुम परमेश्वर को संतुष्ट करने में सक्षम हो। अन्य लोग अपनी धारणाएँ नहीं छोड़ सकते, लेकिन तुम छोड़ सकते हो; अन्य लोग अपने वास्तविक अनुभवों के दौरान परमेश्वर की गवाही नहीं दे सकते, लेकिन तुम परमेश्वर के प्रेम का प्रतिदान करने और उसके लिए ज़बर्दस्त गवाही देने के लिए अपने असल आध्यात्मिक कद और कार्यकलापों का उपयोग कर सकते हो। केवल इसी को परमेश्वर से वास्तव में प्रेम करना माना जाता है। यदि तुम इसमें अक्षम हो, तो तुम अपने परिवार के सदस्यों के बीच, अपने भाइयों और बहनों के बीच, या संसार के अन्य लोगों के सामने गवाही नहीं देते। यदि तुम शैतान के सामने गवाही नहीं दे सकते, तो शैतान तुम पर हँसेगा, वह तुम्हें एक मजाक के रूप में, एक खिलौने के रूप में लेगा, वह बार-बार तुम्हें मूर्ख बनाएगा और तुम्हारे मन को उलझन में डाल देगा। भविष्य में तुम पर बड़े परीक्षण आ सकते हैं—किंतु आज यदि तुम परमेश्वर को सच्चे हृदय से प्रेम करते हो, और चाहे आगे कितनी भी बड़ी परीक्षाएँ हों, चाहे तुम्हारे साथ कुछ भी होता जाए, तुम अपनी गवाही में अडिग रहते हो और परमेश्वर को संतुष्ट करने में सक्षम रहते हो, तब तुम्हारे हृदय को सांत्वना मिलेगी और भविष्य में चाहे कितने भी बड़े परीक्षण क्यों न आएँ, तुम निर्भय रहोगे। तुम लोग नहीं देख सकते कि भविष्य में क्या होगा; तुम लोग केवल आज की परिस्थितियों में ही परमेश्वर को संतुष्ट कर सकते हो। तुम लोग कोई भी महान कार्य करने में अक्षम हो—तुम्हें वास्तविक जीवन में परमेश्वर के वचन अनुभव करके उसे संतुष्ट करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और तुम्हें एक मजबूत और जबरदस्त गवाही देनी चाहिए और इस प्रकार शैतान के लिए शर्मिंदगी लानी चाहिए। यद्यपि तुम्हारी देह को संतुष्टि नहीं मिली होगी और उसे पीड़ा हुई होगी, लेकिन तुमने परमेश्वर को संतुष्ट कर दिया होगा और तुम शैतान के लिए शर्मिंदगी लाए होगे। यदि तुम हमेशा इस तरह से अभ्यास करते हो, तो परमेश्वर तुम्हारे सामने एक मार्ग खोल देगा। किसी दिन जब कोई बड़ा परीक्षण आएगा, तो अन्य लोग गिर जाएँगे, लेकिन तुम तब भी अडिग रहने में समर्थ होगे : तुमने जो क़ीमत चुकाई है, उसकी वजह से परमेश्वर तुम्हारी रक्षा करेगा, ताकि तुम अडिग रह सको और गिरो नहीं। यदि, साधारणतया, तुम सत्य को अभ्यास में लाने और एक सच्चे परमेश्वर-प्रेमी हृदय से परमेश्वर को संतुष्ट करने में समर्थ हो, तो परमेश्वर भविष्य के परीक्षणों के दौरान निश्चित रूप से तुम्हारी सुरक्षा करेगा। यद्यपि तुम मूर्ख और छोटे आध्यात्मिक कद और खराब काबिलियत वाले हो, तब भी परमेश्वर तुम्हारे खिलाफ पूर्वाग्रहपूर्ण नहीं होगा। यह इस बात पर निर्भर करता है कि क्या तुम्हारी मंशाएँ सही हैं। मान लो कि आज, तुम परमेश्वर को संतुष्ट करने में समर्थ हो—जब छोटे, ब्योरेवार मामलों की बात आती है तब उनमें भी पूरी सावधानी बरतते हो और सभी चीजों में परमेश्वर को संतुष्ट करते हो—तुम्हारे पास सच्चा परमेश्वर-प्रेमी हृदय है, तुम अपना सच्चा हृदय परमेश्वर को देते हो और यद्यपि कुछ ऐसी बातें हैं जिन्हें तुम साफ-साफ देख नहीं सकते, लेकिन तुम अपनी मंशाओं को सुधारने और परमेश्वर के इरादों को खोजने के लिए परमेश्वर के सामने आ सकते हो और तुम परमेश्वर को संतुष्ट करने के लिए सब कुछ करते हो। और यूँ तो हो सकता है कि तुम्हारे भाई-बहन तुम्हारा परित्याग कर दें, किंतु तुम्हारा हृदय परमेश्वर को संतुष्ट कर रहा है, और तुम देह के सुखों के लिए ललचा नहीं रहे हो। यदि तुम हमेशा इस तरह से अभ्यास करते हो, तो जब तुम्हारे ऊपर बड़े परीक्षण आएँगे तुम्हारी रक्षा की जाएगी।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, केवल परमेश्वर से प्रेम करना ही वास्तव में परमेश्वर पर विश्वास करना है

लोगों को परमेश्वर के कार्य का अनुभव करने के लिए सबसे पहले उसके वर्तमान कार्य को समझना चाहिए और यह भी कि लोगों को कैसे सहयोग करना चाहिए। यह ऐसी चीज है, जिसे हर किसी को समझना चाहिए। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि परमेश्वर क्या करता है, चाहे वह लोगों का शोधन कर रहा हो या बोल न रहा हो, परमेश्वर के कार्य का एक भी चरण मनुष्य की धारणाओं के अनुरूप नहीं होता। उसके कार्य का प्रत्येक चरण मनुष्य की धारणाएँ चकनाचूर कर देता और तोड़ देता है। यह उसका कार्य है। लेकिन तुम्हें विश्वास करना चाहिए कि अब परमेश्वर का कार्य एक निश्चित चरण में पहुँच गया है, इसलिए चाहे जो हो जाए, वह सभी लोगों को मौत के घाट नहीं उतारेगा। वह मनुष्य को वादे और आशीष दोनों देता है, और वे सभी जो उसका अनुसरण करते हैं, उसके आशीष प्राप्त करने में सक्षम होंगे, लेकिन जो अनुसरण नहीं करते, वे परमेश्वर द्वारा निकाल दिए जाएँगे। यह तुम्हारे अनुसरण पर निर्भर करता है। चाहे कुछ भी हो, तुम्हें विश्वास करना चाहिए कि जब परमेश्वर का कार्य समाप्त हो जाएगा, तो हर एक व्यक्ति की उचित मंजिल होगी। परमेश्वर ने मनुष्य को सुंदर आशाएँ प्रदान की हैं, लेकिन अनुसरण के बिना वे अप्राप्य हैं। तुम्हें अब इसे देखने में सक्षम होना चाहिए—परमेश्वर द्वारा लोगों का शोधन और ताड़ना उसका कार्य है, लेकिन लोगों को अपनी तरफ से हर समय अपने स्वभाव में परिवर्तन लाने का अनुसरण करना चाहिए। अपने वास्तविक अनुभवों में तुम्हें पहले जानना चाहिए कि परमेश्वर के वचनों को कैसे खाएँ और पीएँ; तुम्हें उसके वचनों में यह ढूँढ़ना चाहिए कि तुम्हें किस चीज में प्रवेश करना चाहिए और तुम्हारी कमियाँ क्या हैं; तुम्हें अपने वास्तविक अनुभवों का ध्यान रखते हुए प्रवेश करना चाहिए, और परमेश्वर के वचनों के उस भाग को लेना चाहिए, जिसे अभ्यास में लाया जाना चाहिए, और वैसा करने का प्रयास करना चाहिए। परमेश्वर के वचनों को खाना और पीना एक पहलू है। उसके अतिरिक्त, कलीसिया का जीवन बनाए रखा जाना चाहिए, तुम्हें एक सामान्य आध्यात्मिक जीवन जीना चाहिए, और तुम्हें अपनी सभी वर्तमान अवस्थाओं को परमेश्वर को सौंपने में सक्षम होना चाहिए। इस बात की परवाह किए बिना कि उसका कार्य कैसे बदलता है, तुम्हारा आध्यात्मिक जीवन सामान्य रहना चाहिए। आध्यात्मिक जीवन तुम्हारे सामान्य प्रवेश को बनाए रख सकता है। परमेश्वर चाहे कुछ भी करे, तुम्हें अपना आध्यात्मिक जीवन निर्बाध जारी रखना और अपना कर्तव्य पूरा करना चाहिए। यही काम है, जो लोगों को करना चाहिए। यह सब पवित्र आत्मा का कार्य है, लेकिन सामान्य स्थिति वाले लोगों के लिए यह पूर्णता है, जबकि असामान्य स्थिति वाले लोगों के लिए यह परीक्षण है। पवित्र आत्मा के शोधन के कार्य के वर्तमान चरण में, कुछ लोग कहते हैं कि परमेश्वर का कार्य बहुत महान है और कि लोगों को पूरी तरह से शोधन की आवश्यकता है, अन्यथा उनका आध्यात्मिक कद बहुत छोटा होगा और उनके पास परमेश्वर के इरादे पूरे करने का कोई उपाय नहीं होगा। हालाँकि, जिन लोगों की स्थिति अच्छी नहीं है, उनके लिए यह परमेश्वर का अनुसरण न करने और सभाओं में भाग न लेने या परमेश्वर के वचन को न खाने-पीने का एक कारण बन जाता है। परमेश्वर के कार्य में, चाहे वह कुछ भी करे या कोई भी बदलाव लाए, लोगों को कम से कम सामान्य आध्यात्मिक जीवन अवश्य बनाए रखना चाहिए। शायद तुम अपने आध्यात्मिक जीवन के इस वर्तमान चरण में शिथिल नहीं हुए हो, लेकिन तुमने अभी भी बहुत-कुछ प्राप्त नहीं किया है, और बहुत अच्छी फसल नहीं काटी है। इस तरह की परिस्थितियों में, भले ही तुम अपने आध्यात्मिक जीवन को ऐसे थामे रहते हो मानो किसी विनियम का पालन कर रहे हो, तब भी तुम्हें इसे थामे ही रखना चाहिए; तुम्हें इस विनियम के अनुसार चलना ही होगा, ताकि तुम अपने जीवन में नुकसान न झेलो और ताकि तुम परमेश्वर के इरादे पूरे करो। यदि तुम्हारा आध्यात्मिक जीवन असामान्य है, तो तुम परमेश्वर का वर्तमान कार्य स्पष्ट रूप से नहीं देख सकते; बल्कि हमेशा महसूस करते हो कि यह पूरी तरह से तुम्हारी धारणाओं से बेमेल है और यद्यपि तुम उसका अनुसरण करने के इच्छुक होते हो, लेकिन तुममें अंतःप्रेरणा का अभाव होता है। तो भले ही परमेश्वर वर्तमान में कुछ भी कर रहा हो, लोगों को सहयोग अवश्य करना चाहिए। यदि लोग सहयोग नहीं करते, तो पवित्र आत्मा अपना कार्य नहीं कर सकता, और यदि लोगों के पास सहयोग करने वाला दिल नहीं है, तो वे शायद ही पवित्र आत्मा के कार्य को प्राप्त कर सकते हैं। यदि तुम अपने अंदर पवित्र आत्मा का कार्य चाहते हो, और यदि तुम परमेश्वर की स्वीकृति प्राप्त करना चाहते हो, तो तुम्हें परमेश्वर के सम्मुख अपनी वफादारी बनाए रखनी चाहिए। अब, तुम्हारे पास गहन समझ, उच्च सिद्धांत, या ऐसी अन्य चीजों का होना आवश्यक नहीं है—बस इतना ही आवश्यक है कि तुम परमेश्वर के वचन को मूल आधार पर बनाए रखो। यदि लोग परमेश्वर के साथ सहयोग नहीं करते और गहरे प्रवेश का अनुसरण नहीं करते, तो परमेश्वर उन चीजों को छीन लेगा, जो मूलतः उनकी थीं। अंदर से लोग हमेशा आराम के लोभी होते हैं और उसका आनंद लेना पसंद करते हैं, जो पहले से ही उपलब्ध होता है। वे बिना कोई भी कीमत चुकाए परमेश्वर के वादे प्राप्त करना चाहते हैं। ये ऐसे असंयमित विचार हैं जिन्हें लोग रखते हैं। बिना कोई कीमत चुकाए स्वयं जीवन प्राप्त करना—पर क्या कभी कुछ भी इतना आसान रहा है? जब कोई व्यक्ति परमेश्वर में विश्वास करता है और जीवन प्रवेश का अनुसरण करता है और अपने स्वभाव में बदलाव का अनुसरण करता है, तो उसे उसकी कीमत अवश्य चुकानी चाहिए और वह दशा प्राप्त करनी चाहिए जहाँ वह हमेशा परमेश्वर का अनुसरण करेगा, फिर चाहे परमेश्वर कुछ भी करे। यह ऐसी चीज है जो लोगों को अवश्य करनी चाहिए। भले ही तुम एक विनियम के रूप में इस सबका पालन करो, तो भी तुम्हें हमेशा इसका पालन करना चाहिए और चाहे परीक्षण कितने भी बड़े हों, तुम परमेश्वर के साथ अपने सामान्य संबंध को छोड़ नहीं सकते हो। तुम्हें प्रार्थना करनी चाहिए, अपना कलीसियाई जीवन बनाए रखना चाहिए और अपने भाई-बहनों को कभी छोड़ना नहीं चाहिए। जब परमेश्वर तुम्हारा परीक्षण करे, तब भी तुम्हें सत्य खोजना चाहिए। एक आध्यात्मिक जीवन के लिए यह न्यूनतम अपेक्षा है। हमेशा खोज करने की इच्छा रखना, सहयोग करने का भरसक प्रयास करना, अपनी समस्त ऊर्जा लगा देना—क्या तुम यह कर सकते हो?

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, तुम्हें परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी कायम रखनी चाहिए

चाहे तुम्हारे सामने कोई भी परीक्षण क्यों न आए, तुम्हें इसे परमेश्वर द्वारा दिए गए एक बोझ के रूप में देखना चाहिए। उदाहरण के लिए, कुछ लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ जाते हैं—उनकी पीड़ा असहनीय होती है और कुछ मृत्यु का भी सामना करते हैं। उन्हें इस तरह की स्थिति से कैसे निपटना चाहिए? कई मामलों में परमेश्वर के परीक्षण वे बोझ होते हैं जो वह लोगों को देता है। परमेश्वर तुम पर कितना भी बड़ा बोझ क्यों न डाले, यही वह बोझ है जिसका भार तुम्हें उठाना चाहिए, क्योंकि परमेश्वर तुम्हें समझता है और यह जानता है कि तुम वह बोझ उठा पाओगे। परमेश्वर तुम्हें जो बोझ देता है, वह तुम्हारे आध्यात्मिक कद या तुम्हारी सहनशक्ति की सीमा से अधिक नहीं होगा और इसमें कोई संदेह नहीं है कि तुम उसे वहन करने में सक्षम होगे। परमेश्वर चाहे तुम्हें किसी भी तरह का बोझ या किसी भी तरह का परीक्षण दे, एक बात याद रखो : प्रार्थना करने के बाद चाहे तुम परमेश्वर के इरादों को समझ पाओ या नहीं, चाहे तुम पवित्र आत्मा द्वारा प्रबुद्ध और रोशन हो पाओ या नहीं; और इस परीक्षण द्वारा परमेश्वर चाहे तुम्हें अनुशासित कर रहा हो या तुम्हें चेतावनी दे रहा हो, अगर तुम इसे नहीं समझ पाते हो तो कोई फर्क नहीं पड़ता—अगर तुम अपना कर्तव्य करने में देर नहीं करते और वफादारी से उस पर डटे रह सकते हो, तो परमेश्वर संतुष्ट रहेगा और तुम अपनी गवाही में अडिग रहोगे। जब कुछ लोग किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त होते हैं और मरने वाले होते हैं तो वे मन ही मन सोचते हैं, “मैंने तो मौत से बचने के लिए ही परमेश्वर में विश्वास करना शुरू किया था, लेकिन ऐसा लगता है कि इतने वर्षों तक अपना कर्तव्य निभाने के बाद भी वह मुझे मर जाने देगा। क्या इसका यह मतलब नहीं है कि मैंने अपना कर्तव्य व्यर्थ में निभाया? मुझे पहले अपनी बीमारी का इलाज करने का तरीका खोजना चाहिए और फिर अपनी अधूरी इच्छाओं को पूरा करना चाहिए और इस जीवन में जिन चीजों का मैंने कभी आनंद नहीं लिया, बिना समय गँवाए उनका आनंद लेना चाहिए। मैं अभी के लिए अपना कर्तव्य निभाना बंद कर दूँगा।” यह क्या रवैया है? तुम इतने वर्षों से अपना कर्तव्य करते रहे हो, तुमने ये तमाम उपदेश सुने हैं, और फिर भी तुमने सत्य को नहीं समझा। एक परीक्षण तुम्हें गिरा देता है, तुम्हें घुटनों पर ले आता है और तुम्हें बेनकाब कर देता है। क्या इस तरह का व्यक्ति परमेश्वर की परवाह की भावनाओं के योग्य है? (वे योग्य नहीं हैं।) उनमें जरा-सी भी निष्ठा नहीं है। तो इतने वर्षों तक उन्होंने अपना जो कर्तव्य निभाया है, उसे क्या कहते हैं? इसे “मजदूरी करना” कहते हैं, और वे सिर्फ मेहनत करते रहे हैं। अगर परमेश्वर में अपनी आस्था और सत्य के अनुसरण में तुम यह कहने में सक्षम हो, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि परमेश्वर कोई बीमारी या अप्रिय घटना मुझ पर आने दे—परमेश्वर चाहे कुछ भी करे—मुझे समर्पण करना चाहिए और एक सृजित प्राणी के रूप में अपनी जगह पर रहना चाहिए। अन्य सभी चीजों से पहले मुझे सत्य के इस पहलू—समर्पण—को अभ्यास में लाना चाहिए, मुझे इसे कार्यान्वित करना और परमेश्वर के प्रति समर्पण की वास्तविकता को जीना ही चाहिए। साथ ही, परमेश्वर ने जो आदेश मुझे दिया है और जो कर्तव्य मुझे करना चाहिए, मुझे उनका परित्याग नहीं करना चाहिए। यहाँ तक कि अंतिम साँस लेते हुए भी मुझे अपने कर्तव्य पर डटे रहना चाहिए,” तो क्या यह गवाही देना नहीं है? जब तुम्हारा इस तरह का संकल्प होता है और तुम्हारी इस तरह की अवस्था होती है, तो क्या तब भी तुम परमेश्वर के बारे में शिकायत करोगे? नहीं, तुम ऐसा नहीं करोगे। ऐसे समय में तुम मन ही मन सोचोगे, “परमेश्वर ने मुझे यह साँस दी है, उसने इन तमाम वर्षों में मेरा पोषण और मेरी रक्षा की है, उसने मुझे बहुत-से दर्द से बचाया है और मुझे बहुत-सा अनुग्रह और बहुत-से सत्य दिए हैं। मैंने ऐसे सत्यों और रहस्यों को समझा है, जिन्हें लोग कई युगों और पीढ़ियों से नहीं समझ पाए हैं। मैंने परमेश्वर से इतना कुछ पाया है, इसलिए मुझे भी उसका प्रतिदान करना चाहिए! पहले, मेरा आध्यात्मिक कद छोटा था, मुझमें कोई बेहतर समझ नहीं थी और मैं हमेशा ऐसे काम करता था जो परमेश्वर को ठेस पहुँचाते थे। संभव है कि भविष्य में मुझे परमेश्वर का प्रतिदान करने का और कोई अवसर न मिले। मेरे पास जीने के लिए चाहे जितना भी समय बचा हो, मुझे अपनी थोड़ी-सी शक्ति भी अर्पित करनी चाहिए और मैं जो कुछ भी करने में सक्षम हूँ, वह सब परमेश्वर को अर्पित करना चाहिए, ताकि परमेश्वर देख सके कि इतने वर्षों तक मेरा भरण-पोषण करना व्यर्थ नहीं गया है, बल्कि उसका फल मिला है, और ताकि मैं परमेश्वर को सांत्वना दे सकूँ और अब उसे ठेस न पहुँचाऊँ या निराश न करूँ।” यह कैसा लगता है? यह मत सोचो कि खुद को कैसे बचाया जाए या कैसे भागा जाए, यह सोचते हुए, “यह बीमारी कब ठीक होगी? जब यह ठीक हो जाएगी, तो मैं अपना कर्तव्य करने और समर्पित रहने की पूरी कोशिश करूँगा। बीमार होने पर मैं कैसे समर्पित रह सकता हूँ? मैं एक सृजित प्राणी का कर्तव्य कैसे निभा सकता हूँ?” जब तक तुम्हारी एक भी साँस चल रही है, क्या तुम अपना कर्तव्य निभाने में सक्षम नहीं हो? जब तक तुम्हारी एक भी साँस चल रही है, क्या तुम परमेश्वर का अनादर न करने में सक्षम हो? जब तक तुम्हारी एक भी साँस चल रही है, जब तक तुम्हारा मन स्पष्ट है, क्या तुम परमेश्वर के बारे में शिकायत न करने में सक्षम हो? (हाँ।) अभी “हाँ” कहना आसान है, लेकिन जब तुम सच में बीमार पड़ोगे, तो तुम कहोगे “यह आसान नहीं है।” और इसलिए, तुम लोगों को सत्य का अनुसरण करना चाहिए, अक्सर सत्य पर कड़ी मेहनत करनी चाहिए और इस पर अधिक विचार करना चाहिए कि तुम परमेश्वर के इरादों को कैसे पूरा कर सकते हो, परमेश्वर के प्रेम का प्रतिदान कैसे कर सकते हो और एक सृजित प्राणी का कर्तव्य कैसे पूरा कर सकते हो। सृजित प्राणी क्या है? क्या सृजित प्राणी का कर्तव्य परमेश्वर के वचनों को सुनना भर है? नहीं—उसका कर्तव्य परमेश्वर के वचनों को जीना भी है। परमेश्वर ने तुम्हें इतना सारा सत्य दिया है, इतना सारा मार्ग और इतना सारा जीवन दिया है, ताकि तुम इन चीजों को जी सको और उसके लिए गवाही दे सको। यही है, जो एक सृजित प्राणी को करना चाहिए, यह तुम्हारी जिम्मेदारी और दायित्व है।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, केवल परमेश्वर के वचन बार-बार पढ़ने और सत्य पर चिंतन-मनन करने से ही अनुसरण का मार्ग मिल सकता है

परमेश्वर के कार्य के हर चरण के लिए एक तरीका है, जिसमें लोगों को सहयोग करना चाहिए। परमेश्वर लोगों का शोधन करता है, ताकि शोधनों से गुज़रने पर उनमें आस्था रहे। परमेश्वर लोगों को पूर्ण बनाता है, ताकि उनमें परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाए जाने की आस्था हो और वे उसके शोधन को स्वीकार करने और उसके द्वारा काट-छाँट किए जाने के लिए तैयार हो जाएँ। परमेश्वर का आत्मा लोगों में प्रबुद्धता और रोशनी लाने और उनसे परमेश्वर के साथ सहयोग करवाने और अभ्यास करवाने के लिए उनके भीतर कार्य करता है। शोधन के दौरान परमेश्वर बोलता नहीं या अपनी आवाज नहीं निकालता, फिर भी, ऐसा कार्य है जिसे लोगों को करना चाहिए। तुम्हें वह बनाए रखना चाहिए जो तुम्हारे पास पहले से है, और तुम्हें फिर भी परमेश्वर से प्रार्थना करने, परमेश्वर के निकट होने और परमेश्वर के सामने अपनी गवाही में अडिग रहने में सक्षम होना चाहिए; इस तरह तुम अपना कर्तव्य पूरा करोगे। तुम सभी ने परमेश्वर के कार्य से यह स्पष्ट रूप से देख लिया है कि लोगों की आस्था और प्रेम के उसके परीक्षण यह अपेक्षा करते हैं कि वे परमेश्वर से अधिक प्रार्थना करें, और कि वे परमेश्वर के सामने उसके वचनों का अधिक बार स्वाद लें। यदि परमेश्वर तुम्हें प्रबुद्ध करता है और तुम्हें अपने इरादे समझाता है, लेकिन फिर भी तुम अभ्यास बिल्कुल नहीं करते, तो तुम कुछ भी प्राप्त नहीं करोगे। जब तुम उसके वचनों का अभ्यास करते हो तब भी तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना करने में सक्षम होना चाहिए, जब तुम उसके वचनों का आनंद लेते हो तब तुम्हें हमेशा परमेश्वर के सामने खोज करनी चाहिए और तुम्हें उसमें आस्था से भरा होना चाहिए, हताश या उदासीन नहीं होना चाहिए। जो लोग परमेश्वर के वचनों को अभ्यास में नहीं लाते, वे सभाओं के दौरान तो ऊर्जा से भरे होते हैं, लेकिन घर लौटकर अंधकार में गिर जाते हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो एक साथ इकट्ठे भी नहीं होना चाहते। इसलिए तुम्हें स्पष्ट रूप से देखना चाहिए कि वह कौन-सा कर्तव्य है, जिसे लोगों को निभाना चाहिए। हो सकता है तुम न जानते हो कि परमेश्वर के इरादे वास्तव में क्या हैं, लेकिन तुम्हें अपना कर्तव्य पूरा करना चाहिए, जब तुम्हें प्रार्थना करनी चाहिए तब तुम्हें प्रार्थना करनी चाहिए और जब तुम्हें सत्य को अभ्यास में लाना चाहिए तब तुम्हें सत्य को अभ्यास में लाना चाहिए। यदि तुम वह सब करते हो जो लोगों को करना चाहिए और अपना मूल दर्शन बनाए रखते हो, तो तुम परमेश्वर के कार्य का अगला कदम स्वीकार करने में अधिक सक्षम होगे। जब परमेश्वर छिपे तरीके से कार्य करता है, तब यदि तुम अनुसरण नहीं करते तो यह एक समस्या है। जब वह सभाओं के दौरान बोलता और उपदेश देता है, तो तुम उत्साह से सुनते हो, लेकिन जब वह नहीं बोलता, तो तुममें ऊर्जा की कमी हो जाती है और तुम पीछे हट जाते हो। ऐसा किस तरह का व्यक्ति करता है? वह ऐसा व्यक्ति है जो सिर्फ झुंड के पीछे चलता है। उसका कोई रुख नहीं होता है, कोई गवाही नहीं होती और कोई दर्शन नहीं होता! ज्यादातर लोग ऐसे ही होते हैं। यदि तुम इस तरह से जारी रखते हो, तो एक दिन जब तुम पर कोई महान परीक्षण आएगा, तो तुम्हें सजा भोगनी पड़ जाएगी। परमेश्वर द्वारा लोगों को पूर्ण बनाने की प्रक्रिया में किसी रुख का होना सबसे महत्वपूर्ण है। यदि तुम परमेश्वर के कार्य के एक कदम पर भी शक नहीं करते, यदि तुम मनुष्य का कर्तव्य पूरा करते हो, तुम सच्चे दिल से उस चीज को कायम रखते हो जिसका परमेश्वर ने तुमसे अभ्यास करवाया है—अर्थात् यदि तुम परमेश्वर की नसीहतों को याद रखते हो और वह चाहे वर्तमान में जो भी करता हो, तुम उसकी नसीहतों को भूलते नहीं हो, उसके कार्य को लेकर कोई संदेह नहीं रखते हो, अपना रुख कायम रखते हो, अपनी गवाही बनाए रखते हो, और मार्ग के हर चरण में विजय प्राप्त करते हो—तो अंत में तुम परमेश्वर द्वारा पूर्ण कर दिए जाओगे और एक विजेता बना दिए जाओगे। यदि तुम परमेश्वर के परीक्षणों के हर चरण में दृढ़तापूर्वक खड़े रहने में सक्षम हो, और तुम अभी भी बिल्कुल अंत तक दृढ़तापूर्वक खड़े रह सकते हो, तो तुम एक विजेता हो, और तुम एक ऐसे व्यक्ति हो जिसे परमेश्वर द्वारा पूर्ण बनाया गया है।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, तुम्हें परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी कायम रखनी चाहिए

जब परमेश्वर पतरस को ताड़ना दे रहा था, तब पतरस ने प्रार्थना की, “परमेश्वर! मेरी देह विद्रोही है और तू मुझे ताड़ना देता है और मेरा न्याय करता है। मैं तेरी ताड़ना और न्याय में आनंदित होता हूँ और अगर तू मुझे न भी चाहे, तो भी मैं तेरे न्याय में तेरा पवित्र और धार्मिक स्वभाव देखता हूँ। जब तू मेरा न्याय करता है, तब अगर अन्य लोग तेरे न्याय में तेरा धार्मिक स्वभाव देख सकें, तब मैं संतुष्टि महसूस करता हूँ। अगर तेरा न्याय तेरे स्वभाव को अभिव्यक्त कर सकता है और सभी सृजित प्राणियों को तेरा धार्मिक स्वभाव देखने दे सकता है और अगर यह तुझसे प्रेम करने वाले मेरे हृदय को और शुद्ध बना सकता है ताकि मैं एक ऐसे व्यक्ति की छवि पा सकूँ जो धार्मिक है, तो यह पर्याप्त है। तेरा यह न्याय अच्छा है क्योंकि तेरा अच्छा इरादा ऐसा ही है। मैं जानता हूँ कि अभी भी मेरे भीतर बहुत कुछ ऐसा है जो विद्रोही है और मैं अभी भी तेरे सामने आने के योग्य नहीं हूँ। मैं चाहता हूँ कि तू मेरा और भी अधिक न्याय करे। चाहे तू मुझे प्रतिकूल परिवेशों से गुजारे या महाक्लेशों से, तू चाहे जो भी करे, मैं उसे अनमोल मानता हूँ। तेरा प्यार बहुत गहरा है और मैं बिना किसी शिकायत के तेरे आयोजन की दया पर रहने को तैयार हूँ।” यह परमेश्वर के कार्य का अनुभव करने के बाद का पतरस का ज्ञान है और यह परमेश्वर के प्रति उसके प्रेम की गवाही भी है। ... पूर्ण बनाए जाने के बाद, अपने जीवन का अंत निकट आने पर पतरस ने कहा, “परमेश्वर! अगर मैं कुछ वर्ष और जीवित रहता, तो मैं तेरा और ज्यादा शुद्ध और गहरा प्रेम हासिल करने की कामना करता।” जब वह क्रूस पर चढ़ाया जाने वाला था, तब उसने अपने दिल में प्रार्थना की, “परमेश्वर! अब तेरा समय आ गया है; तूने मेरे लिए जो समय तय किया था वह आ गया है। मुझे तेरे लिए क्रूस पर चढ़ना चाहिए, मुझे तेरे लिए यह गवाही देनी चाहिए और मुझे उम्मीद है कि मेरा प्रेम तेरी अपेक्षा पूरी करेगा और यह और ज्यादा शुद्ध बन सकेगा। आज तेरे लिए जान दे पाना और तेरे लिए क्रूस पर चढ़ाया जाना मुझे सुकून और शांति देता है, क्योंकि मैं तेरे लिए क्रूस पर चढ़ सकता हूँ और तेरी इच्छाएँ पूरी कर सकता हूँ। खुद को तुझे सौंपना और अपना जीवन तुझे अर्पित करना मुझे पूरी तरह से तृप्त कर रहा है। परमेश्वर! तू कितना प्यारा है! अगर तू मुझे जीने दे तो मैं तुझसे प्रेम करने का और भी अधिक इच्छुक होऊँगा। जब तक मैं जीवित हूँ, मैं तुझसे प्रेम करता रहूँगा। मैं तुझसे और गहराई से प्रेम करना चाहता हूँ। तू इसलिए मेरा न्याय करता है, मुझे ताड़ना देता है और मेरा परीक्षण करता है क्योंकि मैं धार्मिक नहीं हूँ, क्योंकि मैंने पाप किया है। और तेरा धार्मिक स्वभाव मेरे लिए और अधिक स्पष्ट होता जाता है। यह मेरे लिए एक आशीष है, क्योंकि मैं तुझे और भी अधिक गहराई से प्रेम करने में सक्षम हूँ। अगर तू मुझसे प्रेम न भी करे तो भी मैं तुझसे इसी तरह से प्रेम करने को तैयार हूँ। मैं तेरा धार्मिक स्वभाव देखने का इच्छुक हूँ, क्योंकि यह मुझे अर्थपूर्ण जीवन जीने के और ज्यादा काबिल बनाता है। मुझे हमेशा लगता है कि अब मेरा जीवन और भी अधिक सार्थक है, क्योंकि मैं तेरी खातिर क्रूस पर चढ़ा हूँ और तेरे लिए मरना सार्थक है। लेकिन मैं अभी भी संतुष्टि महसूस नहीं करता, क्योंकि मैं तेरे बारे में बहुत थोड़ा जानता हूँ, मैं जानता हूँ कि मैं तेरी इच्छाएँ पूर्ण रूप से पूरी नहीं कर सकता और मैंने बदले में तुझे बहुत कम लौटाया है। अपने जीवन में मैं तेरा ऋण पूरी तरह से चुकाने में असमर्थ रहा हूँ; मैं उससे बहुत दूर हूँ। इस घड़ी पीछे मुड़कर देखता हूँ तो मैं तेरा बहुत ऋणी महसूस करता हूँ और अपनी सारी गलतियों की भरपाई करने और सारे बकाया प्रेम को चुकाने के लिए मेरे पास यही एक घड़ी है।”

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पतरस के अनुभव : ताड़ना और न्याय का उसका ज्ञान

आज तुम्हें पता होना चाहिए कि तुम पर कैसे विजय प्राप्त की जाए और लोगों पर विजय पाए जाने के बाद उनकी अभिव्यक्तियाँ क्या होती हैं। तुम कह सकते हो कि तुम पर विजय पा ली गई है, पर क्या तुम मृत्युपर्यंत समर्पण कर सकते हो? इस बात की परवाह किए बिना कि इसमें कोई संभावना है या नहीं, तुम्हें बिल्कुल अंत तक अनुसरण करने में सक्षम होना चाहिए और कैसा भी परिवेश हो, तुम्हें परमेश्वर में आस्था नहीं खोनी चाहिए। अंततः तुम्हें गवाही के दो पहलू प्राप्त करने चाहिए : अय्यूब की गवाही—मृत्युपर्यंत समर्पण; और पतरस की गवाही—परमेश्वर से परम प्रेम। एक मामले में तुम्हें अय्यूब की तरह होना चाहिए : उसने समस्त भौतिक संपत्ति गँवा दी और देह की बीमारी का सामना किया, फिर भी उसने यहोवा का नाम नहीं त्यागा। यह अय्यूब की गवाही थी। पतरस मृत्युपर्यंत परमेश्वर से प्रेम करने में सक्षम रहा—जब उसने अपनी मृत्यु का सामना किया, तब भी उसने परमेश्वर से प्रेम किया, जब उसे क्रूस पर चढ़ाया गया, तब भी उसने परमेश्वर से प्रेम किया। उसने अपने भविष्य का विचार नहीं किया या सुंदर आशाओं अथवा अव्यावहारिक विचारों का अनुसरण नहीं किया, और केवल परमेश्वर से प्रेम करने और परमेश्वर की समस्त व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करने का प्रयास किया। इससे पहले कि यह माना जा सके कि तुमने गवाही दी है, इससे पहले कि तुम ऐसा व्यक्ति बन सको जिसे जीते जाने के बाद पूर्ण बना दिया गया है, तुम्हें यह स्तर हासिल करना होगा।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, विजय के कार्य की वास्तविक कहानी (2)

संबंधित चलचित्र अंश

जब उसे पता चला कि उसकी बेटी को कैंसर है

संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ

बीमारी का फल

मेरे जीवनसाथी की मृत्यु के बाद

संबंधित भजन

परीक्षण माँग करते हैं आस्था की

तुम्हें सभी चीजों में परमेश्वर की गवाही अवश्य देनी चाहिए

तुम्हें अय्यूब और पतरस की गवाहियाँ हासिल करनी चाहिए

विजेता वे हैं जो परमेश्वर की जोरदार गवाही देते हैं

पिछला: 22. जीवन और मृत्यु को कैसे देखें

अगला: 24. अपने भ्रष्ट स्वभावों का समाधान कैसे करें और शुद्धि प्राप्त करें

परमेश्वर के बिना जीवन कठिन है। यदि आप सहमत हैं, तो क्या आप परमेश्वर पर भरोसा करने और उसकी सहायता प्राप्त करने के लिए उनके समक्ष आना चाहते हैं?

संबंधित सामग्री

1. प्रभु ने हमसे यह कहते हुए, एक वादा किया, “मैं तुम्हारे लिये जगह तैयार करने जाता हूँ। और यदि मैं जाकर तुम्हारे लिये जगह तैयार करूँ, तो फिर आकर तुम्हें अपने यहाँ ले जाऊँगा कि जहाँ मैं रहूँ वहाँ तुम भी रहो” (यूहन्ना 14:2-3)। प्रभु यीशु पुनर्जीवित हुआ और हमारे लिए एक जगह तैयार करने के लिए स्वर्ग में चढ़ा, और इसलिए यह स्थान स्वर्ग में होना चाहिए। फिर भी आप गवाही देते हैं कि प्रभु यीशु लौट आया है और पृथ्वी पर ईश्वर का राज्य स्थापित कर चुका है। मुझे समझ में नहीं आता : स्वर्ग का राज्य स्वर्ग में है या पृथ्वी पर?

संदर्भ के लिए बाइबल के पद :“हे हमारे पिता, तू जो स्वर्ग में है; तेरा नाम पवित्र माना जाए। तेरा राज्य आए। तेरी इच्छा जैसी स्वर्ग में पूरी...

परमेश्वर का प्रकटन और कार्य परमेश्वर को जानने के बारे में अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन मसीह-विरोधियों को उजागर करना अगुआओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ सत्य के अनुसरण के बारे में सत्य के अनुसरण के बारे में न्याय परमेश्वर के घर से शुरू होता है अंत के दिनों के मसीह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर के अत्यावश्यक वचन परमेश्वर के दैनिक वचन सत्य वास्तविकताएं जिनमें परमेश्वर के विश्वासियों को जरूर प्रवेश करना चाहिए मेमने का अनुसरण करो और नए गीत गाओ राज्य का सुसमाचार फ़ैलाने के लिए दिशानिर्देश परमेश्वर की भेड़ें परमेश्वर की आवाज को सुनती हैं परमेश्वर की आवाज़ सुनो परमेश्वर के प्रकटन को देखो राज्य के सुसमाचार पर अत्यावश्यक प्रश्न और उत्तर मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 1) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 2) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 3) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 4) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 5) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 6) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 7) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 8) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 9) मैं वापस सर्वशक्तिमान परमेश्वर के पास कैसे गया

सेटिंग

  • इबारत
  • कथ्य

ठोस रंग

कथ्य

फ़ॉन्ट

फ़ॉन्ट आकार

लाइन स्पेस

लाइन स्पेस

पृष्ठ की चौड़ाई

विषय-वस्तु

खोज

  • यह पाठ चुनें
  • यह किताब चुनें

WhatsApp पर हमसे संपर्क करें