20. उत्पीड़न और क्लेश का अनुभव कैसे करें
बाइबल से उद्धृत परमेश्वर के वचन
“जो शरीर को घात करते हैं, पर आत्मा को घात नहीं कर सकते, उनसे मत डरना; पर उसी से डरो, जो आत्मा और शरीर दोनों को नरक में नष्ट कर सकता है” (मत्ती 10:28)।
“जो अपने प्राण बचाता है, वह उसे खोएगा; और जो मेरे कारण अपना प्राण खोता है, वह उसे पाएगा” (मत्ती 10:39)।
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
परमेश्वर के विश्वासी के रूप में, तुममें से प्रत्येक को यह समझना चाहिए कि आज अंत के दिनों में परमेश्वर के कार्य को स्वीकार कर पाने और उसकी योजना के उन सभी कार्यों को स्वीकार कर पाने में जो वह तुम पर करता है, तुमने वास्तव में परमेश्वर से महान उत्कर्ष और उद्धार प्राप्त किया है। परमेश्वर ने ब्रह्मांड में अपने कार्य को लेकर उसे पूरी तरह से लोगों के इस समूह पर केंद्रित कर दिया है। उसने अपने हृदय का सारा रक्त लेकर उसे तुम लोगों के लिए समर्पित कर दिया है; उसने ब्रह्मांड में आत्मा का सारा कार्य वापस ले लिया है और उसे तुम लोगों को दे दिया है। इसीलिए तुम लोग सौभाग्यशाली हो। इसके अलावा, उसने अपनी महिमा इस्राएल के अपने चुने हुए लोगों से हटाकर तुम लोगों पर स्थानांतरित कर दी है, और उसका इरादा अपनी योजना के उद्देश्य को तुम लोगों, यानी लोगों के इस समूह के माध्यम से पूरी तरह से प्रकट करने का है। इसलिए तुम लोग ही वे हो, जो परमेश्वर की विरासत प्राप्त करोगे और इससे भी अधिक तुम ही वे लोग हो जो परमेश्वर की महिमा विरासत में पाओगे। तुम सब लोगों को शायद ये वचन स्मरण हों : “क्योंकि हमारा पल भर का हल्का सा क्लेश हमारे लिये बहुत ही महत्वपूर्ण और अनन्त महिमा उत्पन्न करता जाता है।” तुम सब लोगों ने पहले भी ये वचन सुने हैं, किंतु तुममें से किसी ने भी उनका सच्चा अर्थ नहीं समझा। आज तुम उनके वास्तविक अर्थ से गहराई से अवगत हो। ये वही वचन हैं जिन्हें परमेश्वर अंत के दिनों में पूरे करेगा और वे उन लोगों में पूरे किए जाएँगे जिन्हें बड़े लाल अजगर द्वारा निर्दयतापूर्वक उत्पीड़ित किया गया है, उस देश में जहाँ वह कुण्डली मारकर बैठा है। बड़ा लाल अजगर परमेश्वर को सताता है और परमेश्वर का शत्रु है, इसीलिए इस देश के सभी लोगों को परमेश्वर में उनके विश्वास के कारण अपमान और उत्पीड़न सहना पड़ता है; इस प्रकार, ये वचन तुम लोगों में, लोगों के इस समूह में पूरे होते हैं। चूँकि परमेश्वर अपना कार्य उस देश में कार्यान्वित करता है जो परमेश्वर का प्रतिरोध करता है, इसलिए उसका संपूर्ण कार्य प्रचंड बाधाओं का सामना करता है और उसके बहुत-से वचन तुरंत पूरे नहीं हो सकते हैं; इस प्रकार, परमेश्वर के वचनों के परिणामस्वरूप लोग शोधित किए जाते हैं, जो “कष्ट” का हिस्सा भी है। परमेश्वर के लिए बड़े लाल अजगर के देश में अपना कार्य कार्यान्वित करना अत्यंत कठिन है, परंतु इसी “कठिनाई” के माध्यम से परमेश्वर अपने कार्य का एक चरण करता है, ताकि वह अपनी बुद्धि को प्रकट कर सके और अपने अद्भुत कर्मों को प्रकट कर सके। परमेश्वर इस अवसर का उपयोग लोगों के इस समूह को पूर्ण करने के लिए करता है। लोगों की पीड़ा के माध्यम से, उनकी काबिलियत के माध्यम से और इस गंदे देश के लोगों के समस्त शैतानी स्वभावों के माध्यम से ही परमेश्वर शुद्धिकरण और विजय का अपना कार्य करता है, ताकि इससे वह महिमा प्राप्त कर सके और इससे वह उन लोगों को प्राप्त कर सके जो उसके कर्मों की गवाही देते हैं। इस समूह के लोगों के लिए परमेश्वर द्वारा पूरी कीमत चुकाए जाने का संपूर्ण अर्थ यही है। अर्थात्, परमेश्वर विजय का कार्य उन्हीं लोगों के माध्यम से करता है जो उसका प्रतिरोध करते हैं, और केवल इसी प्रकार परमेश्वर की महान शक्ति प्रकट हो सकती है। दूसरे शब्दों में, गंदे देश के लोग ही परमेश्वर की महिमा को विरासत में पाने के योग्य हैं, और केवल यही परमेश्वर की महान सामर्थ्य को उभारकर सामने ला सकता है। इसी कारण गंदे देश से ही परमेश्वर महिमा प्राप्त करता है, और गंदे देश में रहने वालों से ही परमेश्वर महिमा प्राप्त करता है—परमेश्वर का ऐसा ही इरादा है। यह बिल्कुल यीशु के कार्य के चरण जैसा है : वह केवल उन्हीं फरीसियों के बीच महिमा प्राप्त कर सकता था जिन्होंने उसे सताया था; यदि फरीसियों द्वारा किया गया उत्पीड़न नहीं होता और यहूदा ने यीशु के साथ विश्वासघात नहीं किया होता, तो यीशु का उपहास नहीं उड़ाया जाता या उसे लांछित नहीं किया जाता, सलीब पर तो और भी नहीं चढ़ाया जाता, और न ही उसे कभी महिमा प्राप्त होती। जहाँ परमेश्वर प्रत्येक युग में कार्य करता है, और जहाँ वह देह में कार्य करता है वहीं वह महिमा प्राप्त करता है और वहीं वह उन्हें प्राप्त करता है जिन्हें वह प्राप्त करना चाहता है। यही परमेश्वर के कार्य की योजना है और यही उसका प्रबंधन है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, क्या परमेश्वर का कार्य उतना सरल है जितना मनुष्य कल्पना करता है?
जब मैं औपचारिक रूप से अपना कार्य शुरू करता हूँ तो सभी लोग वैसे ही चलते हैं जैसे मैं चलता हूँ, इस तरह कि ब्रह्मांड में लोग मेरे साथ खुद को व्यस्त रखते हैं, समस्त ब्रह्मांड “हर्षोल्लास” की अवस्था में होता है और मनुष्य को मेरे द्वारा आगे की ओर प्रेरित किया जाता है। परिणामस्वरूप, स्वयं बड़े लाल अजगर तक को मेरे द्वारा अस्त-व्यस्तता और घबराहट भरी अनिश्चितता की अवस्था में डाल दिया जाता है, वह मेरे कार्य में सेवा करता है और अनिच्छुक होने के बावजूद वह अपनी ही इच्छाओं का अनुसरण करने में असमर्थ रहता है और उसके पास “मुझे मेरी इच्छा के अनुसार आयोजन करने देने” के अलावा कोई विकल्प नहीं रहता है। मेरी सभी योजनाओं में बड़ा लाल अजगर मेरी विषमता, मेरा शत्रु है, लेकिन यह मेरा “सेवक” भी है; इसलिए मैंने उससे अपनी “अपेक्षाओं” को कभी भी शिथिल नहीं किया है। इसलिए मेरे कार्य, मेरे देहधारण के कार्य का अंतिम चरण उसके घराने में पूरा होता है—यह बड़े लाल अजगर द्वारा मेरी उचित तरीके से सेवा करने में अधिक सहायक है, जिसके माध्यम से मैं उस पर विजय पाऊँगा और अपनी योजना पूरी करूँगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, संपूर्ण ब्रह्मांड के लिए परमेश्वर के वचन, अध्याय 29
अंत के दिनों के लोगों के समूह पर मेरा कार्य एक अभूतपूर्व उद्यम है और इस प्रकार मेरी खातिर सभी लोगों को आखिरी कठिनाई का सामना करना है, ताकि मेरी महिमा सारे आकाश-मंडल को भर सके। क्या तुम लोग मेरे इरादों को समझते हो? यह आखिरी अपेक्षा है जो मैं मनुष्य से करता हूँ, जिसका अर्थ है, मुझे आशा है कि सभी लोग बड़े लाल अजगर के सामने मेरे लिए सशक्त और शानदार ज़बर्दस्त गवाही दे सकते हैं, कि वे मेरे लिए अंतिम बार स्वयं को समर्पित कर सकते हैं और एक आखिरी बार मेरी अपेक्षाओं को पूरा कर सकते हैं। क्या तुम लोग वाकई ऐसा कर सकते हो? तुम लोग अतीत में मेरे दिल को संतुष्ट करने में असमर्थ थे—क्या तुम लोग अंतिम बार इस प्रतिमान को तोड़ सकते हो? मैं लोगों को इस मामले पर विचार करने का मौका देता हूँ; मुझे अंतिम जवाब देने से पहले मैं उन्हें सावधानी से विचार करने का अवसर देता हूँ—क्या ऐसा करना बुरा है? मैं मनुष्य की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा करता हूँ, मैं उसके “प्रत्युत्तर पत्र” की प्रतीक्षा करता हूँ—क्या तुम लोगों में मेरी माँगें पूरी करने की आस्था है?
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, संपूर्ण ब्रह्मांड के लिए परमेश्वर के वचन, अध्याय 34
पहले यह कहा गया था कि ये लोग बड़े लाल अजगर की संतति हैं। वास्तव में, स्पष्ट कहा जाए तो, वे बड़े लाल अजगर के मूर्त रूप हैं। जब परमेश्वर उन्हें रास्ते के अंत तक जाने को मजबूर कर देता है और उन्हें मार डालता है, तब—बिना किसी संदेह के—बड़े लाल अजगर के आत्मा के पास उनमें कार्य करने का कोई अवसर नहीं रहता। इस तरह, जब लोग रास्ते के अंत तक पहुँचते हैं, तब बड़ा लाल अजगर भी मृत्यु को प्राप्त हो जाता है। यह कहा जा सकता है कि वह परमेश्वर की “महान दया” का बदला चुकाने के लिए मृत्यु का उपयोग कर रहा है। बड़े लाल अजगर के देश में परमेश्वर के कार्य का यह उद्देश्य है। जब लोग अपने जीवन का बलिदान करने के लिए तैयार होते हैं, तो हर चीज तुच्छ हो जाती है और कोई भी उन्हें हरा नहीं सकता है। जीवन से अधिक महत्वपूर्ण क्या हो सकता है? इस प्रकार, शैतान लोगों में आगे कुछ करने में असमर्थ हो जाता है, वह मनुष्य के साथ कुछ भी नहीं कर सकता। यूँ तो, “देह” की परिभाषा में यह कहा जाता है कि देह शैतान द्वारा भ्रष्ट हुई है, लेकिन अगर लोग वास्तव में स्वयं को अर्पित कर देते हैं, और शैतान से प्रेरित नहीं रहते, तो कोई भी उन्हें हरा नहीं सकता है—और इस समय देह अपना अन्य कार्य निष्पादित करेगी और बाकायदा परमेश्वर के आत्मा से निर्देश प्राप्त करना शुरू कर देगी। यह एक आवश्यक प्रक्रिया है; इसे कदम-दर-कदम होना चाहिए; यदि नहीं, तो परमेश्वर के पास जिद्दी देह में कार्य करने का कोई उपाय नहीं होगा। ऐसी परमेश्वर की बुद्धि है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, “संपूर्ण ब्रह्मांड के लिए परमेश्वर के वचनों” के रहस्यों का अनावरण, अध्याय 36
शैतान चाहे कितना ही “अत्यधिक शक्तिशाली” क्यों न हो, चाहे वह कितना ही अक्खड़ और महत्वाकांक्षी क्यों न हो, चाहे उसमें नुकसान पहुँचाने की कितनी ही बड़ी क्षमता क्यों न हो, मनुष्य को भ्रष्ट करने और लुभाने की उसकी क्षमताएँ कितनी ही व्यापक क्यों न हों, मनुष्य को डराने-धमकाने की उसकी चालें और साजिशें कितनी ही चतुर क्यों न हों या उसके अस्तित्व के रूप कितने ही विविध क्यों न हों, वह कभी एक भी सजीव चीज बनाने, सभी चीजों के अस्तित्व के लिए नियम या कानून बनाने या किसी भी वस्तु पर, चाहे वह सजीव हो या निर्जीव, शासन करने या संप्रभुता रखने में सक्षम नहीं हुआ है। ब्रह्मांड और आकाश-मंडल में, एक भी ऐसा व्यक्ति या ऐसी चीज नहीं है जो उसके द्वारा अस्तित्व में लाई गई हो या जो उसके कारण अस्तित्व में हो; एक भी ऐसा व्यक्ति या ऐसी चीज नहीं है जो उसकी संप्रभुता के अधीन हो या उसके द्वारा शासित हो। इसके विपरीत उसे न केवल परमेश्वर के प्रभुत्व के अधीन रहना पड़ता है, बल्कि इससे भी बढ़कर, उसे परमेश्वर की सभी आज्ञाओं और आदेशों का पालन भी करना पड़ता है। परमेश्वर की अनुमति के बिना, शैतान जमीन पर पानी की एक बूँद या रेत के एक कण को भी आसानी से छू नहीं सकता; परमेश्वर की अनुमति के बिना, शैतान जमीन पर चींटियों का भी कुछ नहीं बिगाड़ सकता, मानवजाति की तो बात ही छोड़ दो, जिसे परमेश्वर ने बनाया था। परमेश्वर की नजरों में, शैतान पहाड़ पर उगे लिली के फूलों, हवा में उड़ते पक्षियों, समुद्र की मछलियों और धरती की इल्लियों से भी तुच्छ है। सभी चीजों के बीच उसकी भूमिका सभी चीजों की सेवा करना, मानवजाति की सेवा करना और परमेश्वर के कार्य और उसकी प्रबंधन योजना की सेवा करना है। चाहे उसकी प्रकृति कितनी भी दुर्भावनापूर्ण हो और उसका सार कितना भी दुष्ट क्यों न हो, वह बस आज्ञापूर्वक अपनी भूमिका का पालन कर सकता है : परमेश्वर की सेवा करना—एक विषमता के रूप में अच्छी तरह से सेवा करना। ऐसा ही है शैतान का सार और मूल स्थान। उसके सार का जीवन, सामर्थ्य या अधिकार से कोई लेना-देना नहीं है; वह परमेश्वर के हाथों में महज एक खिलौना है, बस एक मशीन है जिसका उपयोग परमेश्वर सेवा के लिए करता है!
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है I
तुम्हें इस या उस चीज से नहीं डरना चाहिए; चाहे तुम्हें कितनी भी मुसीबतों या खतरों का सामना करना पड़े, तुम्हें किसी भी अड़चन से बाधित हुए बिना मेरे सम्मुख अडिग रहने में सक्षम होना चाहिए ताकि मेरी इच्छा बेरोक-टोक कार्यान्वित हो सके। यह तुम्हारा कर्तव्य है; अन्यथा मैं अपना क्रोध तुम पर उतारूँगा और अपने हाथ से मैं...। फिर तुम अपने दिल में अंतहीन पीड़ा सहोगे। तुम्हें सब कुछ सहना होगा; मेरे लिए तुम्हें हर चीज छोड़ने और अपनी पूरी ताकत से मेरा अनुसरण करने को तैयार रहना होगा और कोई भी कीमत चुकाने के लिए तैयार रहना होगा। अब वह समय है जब मैं तुम्हें परखूँगा : क्या तुम अपनी वफादारी मुझे अर्पित करोगे? क्या तुम मार्ग के अंत तक वफादारी से मेरा अनुसरण कर सकते हो? डरो मत; तुम्हारे सहारे के रूप में मेरे रहते कौन कभी तुम्हारे रास्ते को अवरुद्ध कर सकता है? यह याद रखो! याद रखो! हर चीज में मेरे अच्छे इरादे निहित हैं और हर चीज मेरी जाँच-परख के अधीन है। क्या तुम्हारे हर शब्द और कर्म में मेरे वचन का पालन होता है? जब तुम पर अग्नि परीक्षाएँ आएँगी, तो क्या तुम घुटने टेकोगे और पुकारोगे? या तुम दुबक जाओगे और आगे बढ़ने में असमर्थ रहोगे?
तुममें मेरा साहस होना चाहिए और जब अविश्वासी रिश्तेदारों का सामना करने की बात आए तो तुम्हारे पास सिद्धांत होने चाहिए। लेकिन मेरी खातिर तुम्हें किसी भी अंधकार की शक्ति के आगे झुकना नहीं चाहिए। तुम्हें पूर्ण मार्ग का अनुगमन करने के लिए मेरी बुद्धि पर निर्भर रहना चाहिए और शैतान की किसी भी साजिश को कामयाब नहीं होने देना चाहिए। अपने दिल को मेरे सम्मुख रखने के लिए जो बन पड़े वह सब करो, मैं तुम्हें दिलासा दूँगा और तुम्हारे दिल को शांति और आनंद प्रदान करूँगा। यह परवाह मत करो कि लोगों को तुम कैसे प्रतीत होते हो; क्या मुझे संतुष्ट करना अधिक मूल्य और महत्व नहीं रखता है? क्या यह तुम्हारे लिए इस तरह और भी अनंत और जीवनपर्यंत आनंद और शांति लेकर नहीं आएगा? तुम्हारा आज का कष्ट बताता है कि तुम्हारे भविष्य के आशीष कितने बड़े होंगे; वे अवर्णनीय हैं। तुम्हें जो आशीष प्राप्त होंगे, वे कितने बड़े होंगे, ये तुम नहीं जानते; तुम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते। आज यह वास्तविक बन गया है; बिल्कुल वास्तविक! यह बहुत दूर नहीं है—क्या तुम उसे देख सकते हो? इसका हर अंतिम अंश मुझमें है; भविष्य कितना रोशन है! अपने आँसू पोंछो तथा और अधिक दुःख या दर्द महसूस मत करो। हर चीज का आयोजन मेरे हाथों से होता है और मेरा लक्ष्य यह है कि तुम लोगों को जल्द विजेता बनाऊँ और तुम्हें अपने साथ महिमा में ले चलूँ। तुम्हारे साथ जो सब होता है, उसके लिए तुममें इस तरह का आभार और प्रशंसा होनी चाहिए; इससे मुझे संतुष्टि मिलेगी।
सांसारिक बंधनों से मुक्त मसीह का जीवन पहले ही प्रकट हो चुका है; ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे तुम डरो। शैतान हमारे पैरों के नीचे हैं और उनका समय अधिक लंबा नहीं चलेगा। फौरन जागो! व्यभिचार के इस स्थान से बचकर निकलो; मृत्यु के रसातल से खुद को मुक्त करो! चाहे कुछ भी हो जाए, मेरे प्रति वफादार रहो और बहादुरी से आगे बढ़ो; मैं तुम्हारी ठोस चट्टान हूँ, इसलिए मुझ पर निर्भर रहो!
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, आरंभ में मसीह के कथन, अध्याय 10
यदि लोगों में कोई आस्था नहीं है, तो उनके लिए इस मार्ग पर चलते रहना आसान नहीं है। अब हर कोई देख सकता है कि परमेश्वर का कार्य मनुष्य की धारणाओं और कल्पनाओं के जरा भी अनुरूप नहीं है। परमेश्वर ने इतना अधिक कार्य किया है और इतने सारे वचनों को कहा है, और भले ही लोग मानें कि वे सत्य हैं, पर परमेश्वर के बारे में धारणाएँ अभी भी पैदा हो सकती हैं। अगर लोग सत्य को समझना और पाना चाहते हैं, तो उनमें आस्था और इच्छाशक्ति होनी चाहिए और वे उस चीज पर टिके रहने में सक्षम होने चाहिए जिसे वे पहले ही देख चुके हैं और अपने अनुभवों से प्राप्त कर चुके हैं। चाहे परमेश्वर लोगों के साथ कुछ भी करे, उन्हें वह बनाए रखना चाहिए जो उनके पास है, उन्हें परमेश्वर के सामने सच्चे दिल का होना चाहिए और उसके प्रति बिल्कुल अंत तक वफादार रहना चाहिए। यह मनुष्य का कर्तव्य है। लोगों को जो करना चाहिए, उसे उन्हें बनाए रखना चाहिए। परमेश्वर पर विश्वास के लिए उसके प्रति समर्पण करना और उसके कार्य का अनुभव करना आवश्यक है। परमेश्वर ने इतना अधिक कार्य किया है—कहा जा सकता है कि लोगों के लिए यह सब पूर्ण बनाना, शोधन और इससे भी बढ़कर, ताड़ना है। परमेश्वर के कार्य का एक भी चरण ऐसा नहीं रहा है, जो मनुष्य की धारणाओं के अनुरूप रहा हो; लोगों ने जिस चीज का आनंद लिया है, वह है परमेश्वर के कठोर वचन। जब परमेश्वर आता है, तो लोगों को उसके प्रताप और उसके कोप का आनंद अवश्य लेना चाहिए। लेकिन उसके वचन चाहे कितने ही कठोर क्यों न हों, वह मनुष्य को बचाने और पूर्ण बनाने के लिए आता है। सृजित प्राणियों के रूप में लोगों को वे कर्तव्य पूरे करने चाहिए, जो उनसे अपेक्षित हैं, और शोधन के बीच परमेश्वर के प्रति अपनी गवाही में अडिग रहना चाहिए। हर परीक्षण में उन्हें उस गवाही पर कायम रहना चाहिए जो कि उन्हें देनी चाहिए और परमेश्वर के लिए गूँजती हुई गवाही देनी चाहिए। ऐसा करने वाला व्यक्ति विजेता होता है। परमेश्वर चाहे तुम्हारा कैसे भी शोधन करे, तुम्हें आस्था से भरा रहना चाहिए और उसमें कभी आस्था नहीं खोनी चाहिए और तुम्हें वह भी करना चाहिए जो मनुष्य को करना चाहिए। परमेश्वर मनुष्य से बस यही अपेक्षा करता है—वह अपेक्षा करता है कि मनुष्य का हृदय पूरी तरह से उसकी ओर लौट सके और हर पल उसकी ओर मुड़ सके। ऐसा व्यक्ति विजेता होता है। जिन्हें परमेश्वर “विजेता” कहता है, वे ऐसे लोग हैं जो शैतान के प्रभाव में और शैतान द्वारा घेरे जाने के दौरान—अर्थात्, जब वे अंधकार की शक्तियों के बीच होते हैं, तब भी अपनी गवाही में अडिग रह सकते हैं, अपनी आस्था और परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी बनाए रख सकते हैं और चाहे कुछ भी हो, परमेश्वर के सामने एक शुद्ध हृदय बनाए रख सकते हैं और परमेश्वर के प्रति अपना सच्चा प्रेम बनाए रख सकते हैं। इस तरह, वे परमेश्वर के सामने अपनी गवाही में अडिग रहे हैं। ऐसे लोग वे हैं जिन्हें परमेश्वर “विजेता” कहता है। यदि परमेश्वर द्वारा तुम्हें आशीष दिए जाने पर तुम्हारा अनुसरण उत्कृष्ट होता है, लेकिन उसके आशीष न मिलने पर तुम पीछे हट जाते हो, तो क्या यह शुद्धता है? चूँकि तुम निश्चित हो कि यह सच्चा मार्ग है, इसलिए तुम्हें अंत तक इसका अनुसरण करना चाहिए; तुम्हें परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी कायम रखनी चाहिए। चूँकि तुमने देखा है कि परमेश्वर तुम्हें स्वयं पूर्ण बनाने के लिए पृथ्वी पर आया है, इसलिए तुम्हें अपना दिल पूरी तरह से उसे दे देना चाहिए। चाहे परमेश्वर कुछ भी करे—भले ही अंत में तुम्हें प्रतिकूल परिणाम ही क्यों न दे—यदि तुम फिर भी उसका अनुसरण कर सकते हो, तो इसका मतलब है कि तुमने परमेश्वर के सामने अपनी शुद्धता बनाए रखी है। परमेश्वर को एक पवित्र आध्यात्मिक शरीर और एक शुद्ध कुँवारी की भेंट, जिसके बारे में कहा गया है, इसका मतलब है परमेश्वर के सामने एक निष्कपट दिल रखना। मनुष्य की निष्कपटता ही शुद्धता है और जो परमेश्वर के प्रति निष्कपट हो सकते हैं, उन्होंने शुद्धता बनाए रखी है। यही वह चीज है, जिसे तुम्हें अभ्यास में लाना चाहिए। जब तुम्हें प्रार्थना करनी चाहिए, तब तुम प्रार्थना करो; जब तुम्हें संगति में एक-साथ इकट्ठे होना चाहिए, तो तुम इकट्ठे हो जाओ; जब तुम्हें भजन गाने चाहिए, तो तुम भजन गाओ; और जब तुम्हें देह के खिलाफ विद्रोह करना चाहिए, तो तुम देह के खिलाफ विद्रोह करो। जब तुम अपना कर्तव्य करते हो तो तुम खानापूरी नहीं करते; जब तुम्हें परीक्षणों का सामना करना पड़ता है तो तुम मजबूती से खड़े रहते हो। यह परमेश्वर के प्रति वफादारी है। लोगों को जो करना चाहिए, यदि तुम वह बनाए नहीं रखते, तो तुम्हारी पिछली सभी पीड़ाएँ और संकल्प व्यर्थ रहे हैं।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, तुम्हें परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी कायम रखनी चाहिए
इस समय, वे दर्शन और वे सत्य जिन्हें तुम समझते हो, वे तुम्हारे भविष्य के अनुभवों की नींव डाल रहे हैं; भविष्य के क्लेशों में तुम सब इन वचनों का वास्तविक अनुभव प्राप्त करोगे। बाद में, जब परीक्षण तुम्हारे ऊपर आएँगे और तुम क्लेशों से होकर गुजरोगे, तो तुम उन वचनों के बारे में सोचोगे जिन्हें तुम आज कहते हो : “चाहे कैसे भी क्लेशों, परीक्षणों या बड़ी आपदाओं का मैं सामना करूँ, मुझे परमेश्वर को संतुष्ट करना आवश्यक है।” तुम पतरस के अनुभवों के बारे में सोचोगे और फिर अय्यूब के अनुभवों के बारे में सोचोगे—तुम आज के वचनों से प्रोत्साहित हो जाओगे। केवल इस प्रकार से तुम्हारी आस्था प्रेरित हो सकती है। उस समय पतरस ने कहा कि वह परमेश्वर का न्याय और उसकी ताड़ना प्राप्त करने के योग्य नहीं था और जब समय आएगा तो तुम भी अपने माध्यम से सभी लोगों को परमेश्वर का धर्मी स्वभाव दिखाने के इच्छुक होगे। तुम उसके न्याय और उसकी ताड़ना को स्वीकार करने के लिए तैयार हो जाओगे, और उसका न्याय, उसकी ताड़ना, और उसका श्राप तुम्हारे लिए राहत का कारण होगा। अब, तुम्हारा सत्य से लैस न होने से बिल्कुल भी काम नहीं चलेगा। न केवल तुम भविष्य में अडिग रहने में असमर्थ होगे, बल्कि वर्तमान कार्य का अनुभव करने में भी शायद सक्षम नहीं होओगे। ऐसा हुआ तो क्या तुम निकाले जाने और सजा पाने वाले लोगों में नहीं होओगे? फिलहाल कोई वास्तविक घटना तुम पर नहीं आई है और जिन किन्हीं पहलुओं में तुममें कमी है, मैंने उनमें तुम्हारी पूर्ति की है; मैं हर पहलू से बात करता हूँ। तुम लोगों ने वास्तव में अधिक पीड़ा नहीं सही है और तुम लोग बस वही ले लेते हो जो उपलब्ध होता है, तुम लोगों ने किसी भी प्रकार का मूल्य नहीं चुकाया है, तुम लोगों के पास अपने वास्तविक अनुभव या अंतर्दृष्टियाँ होना तो दूर की बात है। इसलिए, जो तुम लोग समझते हो वह तुम लोगों का वास्तविक आध्यात्मिक कद नहीं है। तुम लोग केवल समझ, ज्ञान और दृष्टि तक सीमित हो, लेकिन तुमने अधिक फसल नहीं काटी है। यदि मैंने तुम लोगों पर कभी ध्यान न दिया होता, बल्कि तुम्हें अपने ही घर में अनुभवों से होकर गुजरने देता, तो तुम बहुत पहले ही बहकर इस बड़े संसार में जा मिलते। जिस मार्ग पर तुम लोग भविष्य में चलोगे वह दुःख का मार्ग होगा, और यदि तुम लोग मार्ग के वर्तमान चरण में सफलतापूर्वक चलते हो, तो भविष्य में बड़े क्लेशों से गुजरते हुए तुम्हारे पास गवाही होगी। अगर तुम मानवीय जीवन की सार्थकता को समझते हो और तुमने जीवन के सही मार्ग को अपनाया है, और अगर भविष्य में—परमेश्वर तुमसे चाहे जैसे भी पेश आए—तुम खुद को परमेश्वर के आयोजनों की दया पर छोड़ देते हो, कोई शिकायत नहीं करते हो या अपनी पसंदगी नहीं दिखाते हो और परमेश्वर से कोई माँग नहीं करते हो, तो इस तरह से तुम एक मूल्यवान व्यक्ति होगे। अभी तुम क्लेश से होकर नहीं गुज़रे हो, इसलिए तुम किसी भी चीज के प्रति समर्पण कर सकते हो। तुम कहते हो कि परमेश्वर जैसे भी अगुआई करता है, अच्छा है, और तुम सब कुछ परमेश्वर के आयोजनों पर छोड़ देते हो। परमेश्वर चाहे तुम्हें ताड़ना देता है या श्राप, तुम उसे संतुष्ट करने के लिए तैयार रहोगे। ऐसा कहकर जो अब तुम कहते हो वह जरूरी नहीं है कि तुम्हारे आध्यात्मिक कद को प्रस्तुत करे। अब तुम जो करने के लिए तैयार हो वह यह नहीं दर्शा सकता कि तुम अंत तक अनुसरण करने में सक्षम हो। जब बड़े क्लेश तुम पर आते हैं या जब तुम किसी सताव या उत्पीड़न से, या और भी बड़े परीक्षणों से होकर जाते हो, तो तुम उन शब्दों को नहीं कह पाओगे। यदि तुम उस प्रकार की समझ रख सकते हो और दृढ़ खड़े रहते हो, तो यह तुम्हारा आध्यात्मिक कद होगा। उस समय पतरस कैसा था? उसने कहा, “प्रभु, मैं तेरे लिए अपना जीवन बलिदान कर दूँगा। यदि तू कहे कि मैं मरूँ, तो मैं मर जाऊँगा!” उस समय उसने इस रीति से प्रार्थना की थी। उसने यह भी कहा था, “यदि दूसरे तुझसे प्रेम नहीं भी करते हैं तो भी मैं तुझसे अंत तक अवश्य प्रेम करूँगा। मैं हर समय तेरा अनुसरण करूँगा।” उस समय उसने यह कहा, परंतु जैसे ही परीक्षण उस पर आए, तो वह बर्दाश्त नहीं कर सका और रोने लगा। तुम सब जानते हो कि पतरस ने तीन बार प्रभु का इनकार किया, है ना? ऐसे बहुत-से लोग हैं जो तब रोएँगे और मानवीय निर्बलताओं को व्यक्त करेंगे जब परीक्षण उन पर आ पड़ते हैं। तुम अपने स्वामी नहीं हो। इसमें, तुम स्वयं को नियंत्रित नहीं कर सकते। शायद आज तुम वास्तव में अच्छा कर रहे हो, परंतु वह इसलिए है क्योंकि तुम्हारे पास एक उपयुक्त वातावरण है। यदि कल यह बदल जाए, तो तुम अपनी कायरता और अयोग्यता दिखाओगे, तुम अपनी तुच्छता और नीचता भी दिखाओगे। तुम्हारी “मर्दानगी” बहुत पहले ही बरबाद हो गई होगी, और कभी-कभी तुम अपना काम छोड़कर चले भी जाओगे। यह दिखाता है कि उस समय जो तुम समझते थे वह तुम्हारा वास्तविक आध्यात्मिक कद नहीं था। किसी को यह देखने के लिए व्यक्ति का वास्तविक आध्यात्मिक कद देखना आवश्यक होता है कि क्या वह परमेश्वर से सचमुच प्रेम करता है, क्या वह वास्तव में खुद को परमेश्वर के आयोजनों की दया पर छोड़ पाता है और क्या वह अपनी सारी शक्ति उस चीज को हासिल करने में लगा पाता है जिसकी माँग परमेश्वर करता है; और क्या वह परमेश्वर के प्रति वफदार रहता है और परमेश्वर को सर्वोत्तम चीज अर्पित करता है, फिर चाहे इसका अर्थ स्वयं के जीवन का त्याग करना ही क्यों न हो।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, अपने मार्ग के अंतिम चरण में तुम्हें कैसे चलना चाहिए
इन दिनों, परमेश्वर में विश्वास रखने वाले अधिकांश लोग अभी तक सही रास्ते पर नहीं चले हैं और सत्य नहीं समझ पाए हैं, इसलिए वे अभी भी अंदर से खालीपन महसूस करते हैं, और यह भी कि जीवन कष्टमय है और वे अपने कर्तव्य निर्वहन में उदासीन हो जाते हैं। अपने हृदय में दर्शन होने तक परमेश्वर के विश्वासी ऐसे ही होते हैं। लोगों ने सत्य प्राप्त नहीं किया है और वे अभी तक परमेश्वर को नहीं जानते, इसलिए उन्हें ज्यादा आनंद नहीं आता। तुम सबने, विशेष रूप से, उत्पीड़न सहा है और तुम घर लौटने में असमर्थ हो। जब तुम कष्ट उठाते हो, तुममें मृत्यु के विचार और जीने की अनिच्छा भी होती है। यह देह की एक कमजोरी है। कुछ लोग यह तक सोचते हैं, “परमेश्वर में विश्वास करना आनंददायक होना चाहिए। अनुग्रह के युग में पवित्र आत्मा ने लोगों को शांति और आनंद दिया। अब बहुत कम शांति और आनंद है और अनुग्रह के युग के दौरान जितना अधिक आनंद था उतना आज नहीं है। आज परमेश्वर में विश्वास करना अत्यंत कष्टप्रद है।” तुम केवल यह जानते हो कि देह का सुख किसी भी अन्य चीज से बेहतर है। तुम नहीं जानते कि आज परमेश्वर क्या कार्य कर रहा है। परमेश्वर को तुम लोगों की देह को कष्ट उठाने देना पड़ता है, ताकि तुम्हारा स्वभाव बदल सके। भले ही तुम्हारी देह कष्ट उठाती है, पर तुम्हारे पास परमेश्वर का वचन है और तुम्हारे पास परमेश्वर का आशीष है—अगर तुम चाहते तो भी तुम मर नहीं सकते। क्या तुम परमेश्वर को न जानने और सत्य प्राप्त न करने से संतोष कर सकते हो? वर्तमान में मुख्य बात यह है कि लोगों ने अभी तक सत्य प्राप्त नहीं किया है, उनके पास जीवन नहीं है और उन्होंने अभी तक अपने भ्रष्ट स्वभावों को नहीं छोड़ा है। वे वर्तमान में उद्धार किए जाने की प्रक्रिया का अनुभव कर रहे हैं इसलिए उन्हें इस प्रक्रिया में थोड़ा कष्ट अवश्य सहना होगा। आज दुनिया में हर व्यक्ति परीक्षण से गुजर रहा है, यहाँ तक कि परमेश्वर भी कष्ट उठा रहा है, इसलिए ऐसे कैसे हो सकता है कि तुम लोग कष्ट न उठाओ? बड़ी आपदाओं के माध्यम से शोधन के बिना कोई भी व्यक्ति सच्ची आस्था विकसित नहीं कर सकता है या सत्य और जीवन प्राप्त नहीं कर सकता है। परीक्षण और शोधन न होने से काम नहीं चलेगा। पतरस को ही देखो—आखिरकार वह सात सालों के परीक्षणों से गुजरा (तिरेपन वर्ष का होने के बाद)। उन सात सालों के दौरान उसने सैकड़ों परीक्षणों का अनुभव किया। उसे हर कुछ दिनों में इन परीक्षणों में से एक से गुजरना पड़ता था, और तमाम तरह के परीक्षणों से गुजरने के बाद ही उसे जीवन प्राप्त हुआ और उसने अपने स्वभाव में परिवर्तन अनुभव किया। जब तुम वास्तव में सत्य प्राप्त कर लोगे और परमेश्वर को जान लोगे, तब तुम महसूस करोगे कि तुम्हें परमेश्वर के लिए जीना चाहिए और अगर तुम ऐसा नहीं करते हो तो तुम्हें बहुत अफसोस होगा और तुम अपने बाकी दिन भारी खेद और घोर पछतावे में बिताओगे। तुम महसूस करोगे कि तुम अभी मर नहीं सकते, कि तुम्हें अपनी मुट्ठियाँ भींचकर रखनी होंगी और संकल्प के साथ जीते रहना होगा, और तुम्हें परमेश्वर के लिए जीवन जीना चाहिए। जब लोगों के भीतर सत्य होता है, तब उनमें यह संकल्प होता है और वे फिर कभी मरने की इच्छा नहीं करते। जब मृत्यु तुम्हें खतरे में डालेगी, तो तुम कहोगे, “परमेश्वर, मैं मरने का इच्छुक नहीं हूँ; मैं अभी भी तुझे नहीं जानता। मैंने अभी तक तेरे प्रेम का प्रतिदान नहीं दिया है। मैं तब तक नहीं मर सकता, जब तक मैं तुझे अच्छी तरह से नहीं जान लेता।” क्या तुम लोग अब इस मुकाम पर हो? अभी तक नहीं, है न? कुछ लोग अपने परिवारों से उत्पीड़न का सामना करते हैं, कुछ अपने प्रियजनों से अस्वीकृति का सामना करते हैं, और कुछ, उत्पीड़न के तहत, अपने घरों में लौटने में असमर्थ होते हैं, उनके पास आराम करने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं होता। यह उनके दिलों में कष्ट का कारण बनता है। तुम लोग अभी जिस पीड़ा का सामना कर रहे हो क्या वह वैसी ही नहीं है जैसी परमेश्वर ने सहन की थी? तुम लोग अब परमेश्वर के साथ कष्ट सह रहे हो, और परमेश्वर कष्ट में मनुष्यों का साथ देता है। यदि तुम लोग आज मसीह के क्लेश, राज्य और सहनशीलता में एक हिस्सा लेते हो, केवल तभी तुम अंत में महिमा प्राप्त करोगे! यह पीड़ा सार्थक है। क्या ऐसा ही नहीं है? तुम संकल्प से रहित बिल्कुल नहीं हो सकते। तुम्हें आज पीड़ा का अर्थ समझना चाहिए और इस बात का भी कि तुम इतनी पीड़ा क्यों झेलते हो। तुम्हें सत्य खोजना चाहिए और परमेश्वर के इरादे की समझ हासिल करनी चाहिए, तब तुममें पीड़ा सहने का संकल्प होगा। यदि तुम सत्य को नहीं समझते हो तो तुम परमेश्वर के इरादों को समझने में सक्षम नहीं होगे। जब कष्ट सहने की बात आती है तो तुम हमेशा आंतरिक रूप से बाधित महसूस करोगे; तुम इसके बारे में जितना अधिक सोचोगे तुम उतने ही अधिक असहज और नकारात्मक हो जाओगे, यह महसूस करोगे कि तुम्हारे पास जीवित रहने का कोई रास्ता नहीं बचेगा। तुम मृत्यु की पीड़ा सहने लगोगे और तुम्हारी आत्मा भी निरंतर बंधन में रहकर मृत्यु में डूब जाएगी। यदि तुम मुक्त होना चाहते हो तो तुम्हें अपना दिल और अपना सारा प्रयास सत्य में लगाना होगा। जब तुम सत्य को समझ लोगे तो तुम्हारा दिल उज्ज्वल हो जाएगा और तुम अब कष्ट या मृत्यु से बाधित नहीं होगे। तुम जीवन में अपने दिल के भीतर शांति और आनंद पाओगे, और जब बीमारी आए या मौत मँडराए, तो तुम कहोगे, “मैंने अभी तक सत्य प्राप्त नहीं किया है, इसलिए मैं मर नहीं सकता। मुझे उचित तरह से परमेश्वर के लिए खुद को खपाना चाहिए, अच्छे से परमेश्वर की गवाही देनी चाहिए, और साथ ही परमेश्वर के प्रेम का प्रतिदान करना चाहिए। मैं अंत में कैसे मरता हूँ, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि मैंने एक संतोषप्रद जीवन जी लिया होगा। चाहे कुछ भी हो, मैं अभी मर नहीं सकता। मुझे दृढ़ता से जीवित रहना चाहिए।” अब तुम्हें कष्ट और मृत्यु के मुद्दों की असलियत जानने में सक्षम जरूर होना चाहिए और तुम्हें इन चीजों में सत्य को अवश्य समझना चाहिए। जब लोगों के पास सत्य होता है, तो उनके पास ताकत होती है। जब उनके पास सत्य होता है, तो उनके पास एक अक्षय ऊर्जा होती है जो उनके शरीर को भर देती है। जब उनके पास सत्य होता है, तब उनमें संकल्प होता है। सत्य के बिना लोग सड़ी हुई सब्जियों की तरह नर्म होते हैं; जब उनके पास सत्य होता है, तो वे मजबूत और साहसी बन जाते हैं। चीजें चाहे जितनी भी कड़वी हों, उन्हें जरा भी कड़वी नहीं लगेंगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, मनुष्य की प्रकृति को कैसे जानें
आज अधिकतर लोगों के पास यह ज्ञान नहीं है। वे मानते हैं कि कष्ट सहने का कोई मूल्य नहीं है और दुनिया उन्हें ठुकरा देती है, उनका पारिवारिक जीवन अशांत रहता है, परमेश्वर उनसे प्रसन्न नहीं होता और उनका भविष्य अंधकारमय है। कुछ लोग तो एक निश्चित सीमा तक कष्ट सहते हुए मर ही जाना चाहते हैं। यह परमेश्वर के प्रति सच्चा प्रेम नहीं है; ऐसे लोग कायर होते हैं, उनमें दृढ़ता नहीं होती है, वे रीढ़विहीन और अक्षम होते हैं! परमेश्वर उत्सुक है कि मनुष्य उससे प्रेम करे, परंतु मनुष्य जितना अधिक उससे प्रेम करता है, उसके कष्ट उतने अधिक बढ़ते हैं और जितना अधिक मनुष्य उससे प्रेम करता है, उसके परीक्षण उतने अधिक बढ़ते हैं। यदि तुम उससे प्रेम करते हो तो तुम्हारे ऊपर हर प्रकार के कष्ट आ पड़ेंगे—और यदि तुम उससे प्रेम नहीं करते, तब शायद सब कुछ तुम्हारे लिए सुचारु रूप से चलता रहेगा और तुम्हारे चारों ओर सब कुछ शांतिपूर्ण होगा। जब तुम परमेश्वर से प्रेम करते हो तो तुम हमेशा यह महसूस करोगे कि तुम्हारे चारों ओर बहुत-कुछ अजेय है। और चूँकि तुम्हारा आध्यात्मिक कद बहुत छोटा है, इसलिए तुम्हारा शोधन किया जाएगा और तुम परमेश्वर को संतुष्ट करने में असमर्थ रहोगे—तुम हमेशा यह महसूस करोगे कि परमेश्वर के इरादे बहुत ही ऊँचे हैं और वे मनुष्य की पहुँच से बाहर हैं। इन सबकी वजह से तुम्हारा शोधन किया जाएगा—क्योंकि तुममें बहुत कमजोरी है और तुम कई मायनों में परमेश्वर के इरादे पूरे करने में असमर्थ हो, इसलिए तुम्हारा भीतर से शोधन किया जाएगा। फिर भी तुम लोगों को यह स्पष्ट देखना चाहिए कि शुद्धिकरण केवल शोधन के द्वारा ही प्राप्त किया जाता है। इस प्रकार, इन अंत के दिनों में तुम लोगों को परमेश्वर के लिए गवाही देनी चाहिए। चाहे तुम्हारे कष्ट कितने भी बड़े क्यों न हों, तुम्हें बिल्कुल अंत तक चलना चाहिए, यहाँ तक कि अपनी अंतिम साँस तक तुम्हें परमेश्वर के प्रति वफादार होना चाहिए और खुद को परमेश्वर के आयोजन की दया पर छोड़ देना चाहिए; केवल यही वास्तव में परमेश्वर से प्रेम करना है और केवल यही सशक्त और गुंजायमान गवाही है। जब शैतान तुम्हें लुभाए, तो तुम्हें कहना चाहिए, “मेरा हृदय परमेश्वर का है, और परमेश्वर ने मुझे पहले ही प्राप्त कर लिया है। मैं तुम्हें संतुष्ट नहीं कर सकता—मुझे परमेश्वर को सही ढंग से संतुष्ट करना चाहिए।” तुम जितना अधिक परमेश्वर को संतुष्ट करोगे, परमेश्वर तुम्हें उतना ही अधिक आशीष देगा और परमेश्वर से प्रेम करने की तुम्हारी प्रेरणा उतनी ही अधिक हो जाएगी; तुम्हारे पास आस्था और संकल्प भी होंगे और तुम महसूस करोगे कि परमेश्वर से प्रेम करने में बिताया गया जीवन सबसे मूल्यवान और सार्थक जीवन है। यह कहा जा सकता है कि जैसे ही तुम परमेश्वर से प्रेम करोगे, तुम दुख से मुक्त हो जाओगे। यद्यपि ऐसे समय होते हैं जब तुम्हारी देह कमजोर होती है और तुम्हें कई वास्तविक कठिनाइयाँ होती हैं, फिर भी यदि इन समयों के दौरान तुम वास्तव में परमेश्वर पर भरोसा करते हो तो तुम्हें सांत्वना मिलेगी और तुम अपनी आत्मा के भीतर सहज और समर्थित महसूस करोगे। इस तरह तुम कई स्थितियों से पार पाने में सक्षम होगे और तुम अपने द्वारा सहे जाने वाले कष्ट के कारण परमेश्वर के बारे में शिकायत नहीं करोगे। इसके बजाय तुम भजन गाना, नाचना और प्रार्थना करना, इकट्ठे होकर संगति करना और परमेश्वर को याद करना चाहोगे और तुम महसूस करोगे कि तुम्हारे आस-पास के सभी लोग, घटनाएँ और चीजें, जिनकी परमेश्वर ने व्यवस्था की है, उपयुक्त हैं। यदि तुम परमेश्वर से प्रेम नहीं करते, तो तुम जो कुछ भी देखोगे वह तुम्हारी पसंद का नहीं होगा और कुछ भी तुम्हारी आँखों को नहीं भाएगा; तुम्हें कोई रिहाई नहीं मिलेगी और तुम अपनी आत्मा के भीतर दबा हुआ महसूस करोगे और तुम हमेशा परमेश्वर के बारे में शिकायतें पालोगे और हमेशा महसूस करोगे कि तुम जो कष्ट सहते हो वह बहुत बड़ा है और तुम्हारे साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। यदि तुम खुशी की खातिर अनुसरण नहीं करते, बल्कि परमेश्वर को संतुष्ट करने और शैतान द्वारा आरोप न लगाए जाने के लिए अनुसरण करते हो, तो ऐसा अनुसरण तुम्हें परमेश्वर से प्रेम करने की एक बड़ी प्रेरणा देगा। जब तुम उस सबका अभ्यास करने में सक्षम होते हो जो परमेश्वर द्वारा बोला जाता है, और तुम जो कुछ भी करते हो वह परमेश्वर को संतुष्ट करने में सक्षम होता है, तो इसे वास्तविकता से युक्त होना कहा जाता है। परमेश्वर की संतुष्टि का अनुसरण करना अपने परमेश्वर-प्रेमी दिल का उसके वचनों को अभ्यास में लाने के लिए उपयोग करना है। चाहे जो भी समय हो, यहाँ तक कि जब दूसरे शक्तिहीन होते हैं तब भी तुम्हारे पास हमेशा एक परमेश्वर-प्रेमी दिल होता है और तुम अपने दिल की गहराई में परमेश्वर के लिए तरसते हो और उसे याद करते हो। यह वास्तविक आध्यात्मिक कद है। तुम्हारा आध्यात्मिक कद असल में कितना बड़ा है, यह इस बात पर निर्भर करता है कि तुम्हारे पास कितनी मात्रा में परमेश्वर-प्रेमी हृदय है, जब तुम्हारी परीक्षा ली जाती है तब तुम अडिग रह पाते हो या नहीं, अपने सामने कोई खास परिवेश आने पर तुम कमजोर तो नहीं पड़ जाते, और अपने भाई-बहनों द्वारा ठुकराए जाने पर तुम अडिग रह पाते हो या नहीं; तथ्यों के सामने आने से पता चलेगा कि तुम्हारा परमेश्वर-प्रेमी हृदय कैसा है। परमेश्वर के बहुत-से कार्य से यह देखा जा सकता है कि परमेश्वर सचमुच मनुष्य से प्रेम करता है। बात बस यह है कि मनुष्य की आध्यात्मिक आँखें पूरी तरह से खुलनी अभी बाकी हैं, और वह परमेश्वर के बहुत सारे कार्य और उसके इरादों को और उससे संबंधित बहुत-सी मनोहर चीजें साफ देखने में असमर्थ है; मनुष्य में परमेश्वर के प्रति सच्चा प्रेम बहुत कम है। तुमने इस पूरे समय के दौरान परमेश्वर पर विश्वास किया है, और आज परमेश्वर ने बच निकलने के सारे मार्ग बंद कर दिए हैं। सच कहूँ तो, तुम्हारे पास सही मार्ग अपनाने के अतिरिक्त कोई विकल्प नहीं है, और यह परमेश्वर का कठोर न्याय और अपार उद्धार ही है जो तुम्हें इस सही मार्ग पर ले जाता है। कठिनाई और शोधन का अनुभव करने के बाद ही मनुष्य जान पाता है कि परमेश्वर मनोहर है। आज तक इसका अनुभव करने के बाद कहा जा सकता है कि मनुष्य परमेश्वर की मनोहरता का एक अंश जान गया है, परंतु यह अभी भी अपर्याप्त है, क्योंकि मनुष्य में बहुत सारी कमियाँ हैं। मनुष्य को परमेश्वर के अद्भुत कार्य का और उस कठिन शोधन का और अधिक अनुभव करना चाहिए, जिसका इंतजाम परमेश्वर उसके लिए करता है। तभी मनुष्य का जीवन स्वभाव बदल सकता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पीड़ादायक परीक्षणों के अनुभव से ही तुम परमेश्वर की मनोहरता को जान सकते हो
तुम्हें यह याद रखना चाहिए कि ये वचन अब कहे जा चुके हैं : बाद में, तुम अधिक बड़े क्लेश और अधिक बड़ी पीड़ा का अनुभव करोगे! पूर्ण बनाया जाना सरल या आसान बात नहीं है। कम से कम तुममें अय्यूब की आस्था होनी चाहिए या उससे भी कहीं बड़ी आस्था। तुम्हें जानना चाहिए कि भविष्य में परीक्षण अय्यूब के परीक्षणों से भी बड़े होंगे, और तुम्हें लम्बे समय की ताड़ना से होकर गुजरना होगा। क्या यह एक सरल बात है? यदि तुम्हारी काबिलियत में सुधार नहीं हो सकता, अगर तुम्हारी बोध क्षमता में कमी है, और अगर तुम बहुत ही कम जानते हो, तो फिर उस समय तुम्हारे पास कोई गवाही नहीं होगी, बल्कि तुम उपहास का पात्र बन जाओगे, शैतान के लिए एक खिलौना बन जाओगे। यदि तुम अभी दर्शनों को थामे नहीं रह सकते, तो तुम्हारी कतई कोई नींव नहीं है, और भविष्य में तुम नाकारे मान लिए जाओगे! मार्ग का कोई भी हिस्सा चलने के लिए सरल नहीं होता, इसलिए इसे हल्के में न लो। सावधानीपूर्वक तौलो और इस बात की तैयारी करो कि इस मार्ग के अंतिम चरण में सही ढंग से कैसे चलना है। यही वह मार्ग है जिस पर भविष्य में चलना है, वह मार्ग है जिस पर सब लोगों को चलना है। तुम्हें यह ज्ञान अनसुना नहीं रहने देना है; यह न सोचो कि मैं तुमसे जो कुछ कहता हूँ वह सब व्यर्थ की बात है। वह दिन आएगा जब तुम इसका सदुपयोग करोगे—मेरे वचन व्यर्थ में नहीं कहे जा सकते हैं। यह अपने आपको सुसज्जित करने का समय है, यह भविष्य के लिए मार्ग प्रशस्त करने का समय है। तुम्हें उस मार्ग को तैयार करना चाहिए जिस पर तुम्हें भविष्य में चलना है; तुम्हें भविष्य में अडिग रह पाने के बारे में चिंतित और व्याकुल होना चाहिए और अपने भविष्य के मार्ग के लिए अच्छी तरह तैयारी करनी चाहिए। पेटू और आलसी मत बनो! तुम्हें अपने समय का सर्वोत्तम इस्तेमाल करने के लिए बिल्कुल वह सब कुछ करना होगा जो तुम कर सकते हो, ताकि तुम्हें वह सब कुछ प्राप्त हो जिसकी तुम्हें जरूरत है। मैं तुम्हें सब कुछ दे रहा हूँ ताकि तुम समझ सको। तुम लोगों ने अपनी आँखों से देखा है कि तीन वर्षों से भी कम समय में मैंने बहुत-सी बातें कही हैं और इतना अधिक कार्य किया है। इस रीति से कार्य करने का एक पहलू यह है कि मनुष्य में बहुत अधिक कमी है, और दूसरा पहलू यह है कि समय बहुत कम है; और अधिक देरी नहीं की जा सकती है। तुम सोचते हो कि मनुष्य को गवाही देने और उपयोग में लाए जाने के पहले पूर्ण आंतरिक स्पष्टता पानी होगी—क्या यह बहुत ही धीमा नहीं होगा? तो मुझे कितनी देर तक तुम्हारे साथ चलना होगा? यदि तुम चाहते हो मैं तब तक तुम्हारे साथ चलूँ जब तक कि तुम बूढ़े और सफेद बालों वाले न हो जाओ, तो यह असंभव है! अधिक बड़े क्लेश से होकर गुजरने से मनुष्य के भीतर सच्ची समझ आ जाएगी। ये कार्य के चरण हैं। जब तुम उन दर्शनों को अच्छी तरह समझ लेते हो जिन पर आज संगति हुई है और तुम सच्चा आध्यात्मिक कद पा लेते हो तो भविष्य में तुम चाहे जिस भी पीड़ा से होकर गुजरो वह तुम पर भारी नहीं पड़ेगी और तुम अडिग रह पाओगे। जब मैं कार्य के इस अंतिम चरण को पूरा कर लूँगा और अंतिम वचन कहना समाप्त कर लूँगा, तो भविष्य में मनुष्य को अपने मार्ग पर चलने की जरूरत पड़ेगी। यह पहले कहे वचनों को पूरा करेगा : पवित्र आत्मा के पास हर व्यक्ति के लिए आदेश है और हर एक व्यक्ति पर किया जाने वाला कार्य है। भविष्य में, प्रत्येक व्यक्ति पवित्र आत्मा की अगुआई के द्वारा उस मार्ग पर चलेगा जिस पर उन्हें चलना चाहिए। क्लेश से गुजरते हुए कौन दूसरों को सँभाल पाएगा? हरेक व्यक्ति के अपने दुःख हैं, और हरेक व्यक्ति का अपना आध्यात्मिक कद है। किसी का आध्यात्मिक कद किसी दूसरे जैसा नहीं होता। पति अपनी पत्नियों का ख्याल नहीं रख पाएँगे या माता-पिता अपने बच्चों का ख्याल नहीं रख पाएँगे; कोई किसी को नहीं सँभाल पाएगा। यह आज के जैसा नहीं होगा—जब पारस्परिक परवाह और सहयोग आज भी संभव है। वह ऐसा समय होगा जब हर प्रकार के व्यक्ति का खुलासा किया जाएगा। कहने का अर्थ यह है कि जब परमेश्वर चरवाहों को मारेगा तो झुंड की भेड़ें तितर-बितर हो जाएँगी, और उस समय तुम लोगों के पास कोई सच्चा अगुआ नहीं होगा। लोगों में फूट पड़ जाएगी—यह आज के जैसा नहीं होगा, जहाँ तुम लोग एक साथ सभा कर सकते हो। बाद में, जिनके पास पवित्र आत्मा का कार्य नहीं होगा वे अपने वास्तविक रंग को दिखाएँगे। पति अपनी पत्नियों से गद्दारी करेंगे, पत्नियाँ अपने पतियों से गद्दारी करेंगी, बच्चे अपने माता-पिता से गद्दारी करेंगे, माता-पिता अपने बच्चों को सताएँगे—मानवीय हृदय का पूर्वानुमान नहीं लगाया जा सकता! केवल यह किया जा सकता है कि एक व्यक्ति उसी को थामे रहे जो उसके पास है, और मार्ग के अंतिम चरण में अच्छी तरह से चले। अभी तुम लोग इसे स्पष्टता से नहीं देखते और तुम सब निकटदर्शी हो। कार्य के इस चरण को सफलतापूर्वक अनुभव करना कोई आसान बात नहीं है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, अपने मार्ग के अंतिम चरण में तुम्हें कैसे चलना चाहिए
यदि तुम यह स्वीकारते हो कि तुम सृजित प्राणी हो, तो तुम्हें सुसमाचार का प्रचार करने की अपनी जिम्मेदारी पूरी करने और अपना कर्तव्य समुचित रूप से निभाने की खातिर कष्ट भुगतने और कीमत चुकाने के लिए स्वयं को तैयार करना होगा। यह कीमत शायद कोई शारीरिक बीमारी या कठिनाई सहना या बड़े लाल अजगर के उत्पीड़नों या सांसारिक लोगों की गलतफहमियों को सहना और साथ ही उन क्लेशों को सहना हो सकता है जिनसे व्यक्ति सुसमाचार का प्रचार करते समय गुजरता है : जैसे गद्दारी का सामना करना, पीटे जाना और बुरा-भला कहा जाना, दोषी ठहराया जाना—यहाँ तक कि भीड़ का हमला सहना और मृत्यु के खतरे में डाल दिया जाना। सुसमाचार का प्रचार करने के दौरान, यह संभव है कि परमेश्वर का कार्य पूरा होने से पहले ही तुम्हारी मृत्यु हो जाए, और तुम वह दिन देखने के लिए जीवित न बचो जब परमेश्वर महिमा प्राप्त करेगा। तुम लोगों को इसके लिए तैयार रहना होगा। इसका उद्देश्य तुम लोगों को भयभीत करना नहीं है; यह सच्चाई है। अब जब मैंने यह स्पष्ट कर दिया है और इसके बारे में समझा दिया है, यदि अब भी तुम लोगों में यही संकल्प है और यह पक्का है कि इसमें कोई बदलाव नहीं होगा और तुम मृत्यु तक वफादार रहोगे, तो यह सिद्ध करता है कि तुम्हारा एक निश्चित आध्यात्मिक कद है। यह मानकर मत चलो कि धार्मिक स्वतंत्रता और मानव अधिकारों वाले इन विदेशी देशों में सुसमाचार का प्रचार करना खतरे से खाली होगा और तुम जो करोगे वह सब कुछ सुचारू ढंग से होता जाएगा, यह कि इन सभी को परमेश्वर के आशीष मिलेंगे और उसकी महान शक्ति और अधिकार का साथ मिलेगा। ये मानवीय धारणाएँ और कल्पनाएँ हैं। फरीसी भी परमेश्वर में विश्वास करते थे, फिर भी उन्होंने देहधारी परमेश्वर को सलीब पर चढ़ा दिया। तो मौजूदा धार्मिक संसार देहधारी परमेश्वर के साथ क्या-क्या कर सकता है? वे बहुत-सी बुरी चीजें कर सकते हैं—परमेश्वर की आलोचना करना, परमेश्वर को दोषी ठहराना, परमेश्वर को बदनाम करना, परमेश्वर की ईश-निंदा करना—ऐसी कोई बुरी चीज नहीं है जिसे करने में वे सक्षम न हों। चाहे जो भी हो, यह मत भूलो कि जिन लोगों ने प्रभु यीशु को पकड़ा और उसे सूली पर चढ़ाया वे विश्वासी थे। केवल विश्वासियों के पास ही परमेश्वर का प्रतिरोध करने वाली कई चीजें करने का अवसर होता है—अविश्वासी ऐसे मामलों से कोई मतलब नहीं रखते। ये विश्वासी ही थे जिन्होंने प्रभु यीशु को सलीब पर चढ़ाकर मार डालने के लिए सरकार के साथ साँठ-गाँठ की थी। इतना ही नहीं, प्रभु यीशु के उन शिष्यों की मौत कैसे हुई? उनमें ऐसे शिष्य थे जिन्हें पत्थरों से मार डाला गया, घोड़े से बाँध कर घसीटा गया, सूली पर उलटा लटका दिया गया, पाँच घोड़ों से खिंचवाकर उनके टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए—विभिन्न रूपों की मौत उन पर टूटी। उनकी मृत्यु का कारण क्या था? क्या ऐसा है कि उन्होंने कुछ गलत काम किया और फिर उन्हें कानून के जरिए सजा दी गई? नहीं। उन्होंने प्रभु के सुसमाचार का प्रसार किया, लेकिन दुनिया के लोगों ने इसे स्वीकार नहीं किया और इसके बजाय उनकी निंदा की, उन्हें पीटा और उन्हें कोसा, यहाँ तक कि उन्हें मार डाला—इस तरह वे शहीद हुए। आओ, हम उन शहीदों के अंतिम परिणाम या उनके कर्मों पर परमेश्वर के फैसले के बारे में बात न करें, बल्कि यह पूछें : जब वे शहीद अंत तक पहुँचे, तो क्या उनके जीवन के अंत के तरीके मानवीय धारणाओं के अनुरूप थे? (नहीं, वे नहीं थे।) मानवीय धारणाओं के परिप्रेक्ष्य से, उन शहीदों ने परमेश्वर के कार्य का प्रसार करने के लिए इतनी बड़ी कीमत चुकाई, लेकिन अंततः शैतान द्वारा उन्हें गंभीर रूप से नुकसान पहुँचाकर मार डाला गया। यह मानवीय धारणाओं के अनुरूप नहीं है। हालाँकि, ये चीजें ठीक वही हैं जो उन पर बीतीं—यह वही है जिसकी परमेश्वर ने अनुमति दी। इसमें कौन-सा सत्य खोजा जा सकता है? क्या परमेश्वर का उन्हें इस तरह मरने देना उसका शाप और निंदा थी या यह उसकी व्यवस्था थी, उसका आशीष था? यह दोनों में से कुछ भी नहीं था। यह क्या था? उन शहीदों की मौतों के बारे में सोचकर लोगों को दुख होता है, फिर भी ये वास्तव में तथ्य हैं। परमेश्वर में विश्वास करने वालों के इस तरह मरने के लिए क्या स्पष्टीकरण दिया जाना चाहिए? जब हम इस विषय का उल्लेख करते हैं, तो तुम लोग खुद को उनकी जगह पर रखते हो, तो क्या तुम लोग अपने दिलों में परेशान और थोड़ा-सा छिपा हुआ दर्द महसूस करते हो? तुम सोचते हो, “इन लोगों ने परमेश्वर के सुसमाचार का प्रसार करने का अपना कर्तव्य निभाया, इन्हें अच्छा इंसान माना जाना चाहिए, तो फिर उनका अंत, और उनका परिणाम ऐसा कैसे हो सकता है?” वास्तव में, उनके शरीर इसी तरह मृत्यु को प्राप्त हुए और चल बसे; यह मानव संसार से प्रस्थान का उनका अपना तरीका था, तो भी इसका यह अर्थ नहीं था कि उनका परिणाम भी वैसा ही था। उनके निधन और प्रस्थान का तरीका चाहे जो भी रहा हो या यह चाहे जैसे भी हुआ हो, लेकिन परमेश्वर ने उन जीवनों के, उन सृजित प्राणियों के अंतिम परिणाम इस तरह निर्धारित नहीं किए थे। यह ऐसी बात है जो तुम्हें स्पष्ट रूप से समझ लेनी चाहिए। इसके विपरीत, यह सटीक तौर पर वह तरीका था जिससे उन्होंने इस संसार की निंदा की और परमेश्वर के कर्मों की गवाही दी। इन सृजित प्राणियों ने अपने सर्वाधिक बहुमूल्य जीवन का उपयोग किया—उन्होंने अपने जीवन के अंतिम क्षण का उपयोग—परमेश्वर के कर्मों की गवाही देने के लिए किया, परमेश्वर की महान शक्ति की गवाही देने के लिए किया और शैतान तथा इस संसार के समक्ष यह घोषणा करने के लिए किया कि परमेश्वर के कर्म सही हैं, प्रभु यीशु परमेश्वर है, वह प्रभु है और परमेश्वर का देहधारी शरीर है। यहाँ तक कि अपने जीवन के बिल्कुल अंतिम क्षण तक उन्होंने प्रभु यीशु का नाम कभी नहीं नकारा। क्या यह इस संसार पर न्याय सुनाए जाने का एक रूप नहीं था? उन्होंने अपने जीवन का उपयोग संसार के समक्ष यह घोषणा करने, मनुष्यों के सामने यह साबित करने के लिए किया कि प्रभु यीशु प्रभु है, प्रभु यीशु मसीह है, वह परमेश्वर की देहधारी देह है, उसने समस्त मानवजाति के छुटकारे के लिए जो कार्य किया वही मानवजाति को जीवित रख पाया है—यह सच्चाई कभी बदलने वाली नहीं है। जो लोग प्रभु यीशु के सुसमाचार का प्रसार करने के लिए शहीद हुए, उन्होंने किस सीमा तक अपना कर्तव्य निभाया? क्या यह अंतिम सीमा तक किया गया था? यह अंतिम सीमा कैसे परिलक्षित होती थी? (उन्होंने अपना जीवन अर्पित किया।) यह सही है, उन्होंने अपने जीवन से कीमत चुकाई। परिवार, सम्पदा, और इस जीवन की भौतिक वस्तुएँ, सभी बाहरी चीजें हैं; स्वयं से संबंधित एकमात्र चीज जीवन है। प्रत्येक जीवित व्यक्ति के लिए जीवन सबसे अधिक सँजोने योग्य है, सबसे बहुमूल्य है और वास्तव में ये लोग मानवजाति के प्रति परमेश्वर के प्रेम की पुष्टि और गवाही के रूप में अपनी सबसे बहुमूल्य वस्तु अर्पित कर सके। अपनी मृत्यु तक उन्होंने परमेश्वर के नाम को नहीं नकारा, न ही परमेश्वर के कार्य को नकारा, और उन्होंने जीवन के अपने अंतिम क्षणों का उपयोग इस तथ्य के अस्तित्व की गवाही देने के लिए किया—क्या यह गवाही का सर्वोच्च रूप नहीं है? यह अपना कर्तव्य निभाने का सर्वश्रेष्ठ तरीक़ा है; अपना उत्तरदायित्व इसी तरह पूरा किया जाता है। जब शैतान ने उन्हें धमकाया और आतंकित किया, और अंत में जब उसने उनसे उनके प्राणों की कीमत भी वसूल ली, तब भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी नहीं छोड़ी। यही अपना कर्तव्य भरसक निभाना होता है। इससे मेरा क्या आशय है? क्या मेरा आशय यह है कि तुम लोग भी परमेश्वर की गवाही देने और उसके सुसमाचार का प्रसार करने के लिए इसी तरीके का उपयोग करो? तुम्हें अनिवार्य रूप से ऐसा करने की आवश्यकता नहीं है, किन्तु तुम्हें समझना होगा कि यह तुम्हारा दायित्व है, यदि परमेश्वर ऐसा चाहे, तो तुम्हें इसे कुछ ऐसा मानकर स्वीकार करना चाहिए जिसे करने को तुम कर्तव्यबद्ध हो। आज लोगों के भीतर डर और चिंता है, लेकिन यह चिंता किस काम की है? यदि परमेश्वर को तुमसे यह करवाने की आवश्यकता नहीं है, तो तुम चिंता करो या न करो, इसका कोई परिणाम नहीं होता। यदि परमेश्वर को तुमसे यह करवाने की आवश्यकता है, तो तुम्हें इस जिम्मेदारी से नहीं भागना चाहिए या इसे अस्वीकार नहीं करना चाहिए; तुम्हें सक्रिय रूप से सहयोग करना चाहिए और इसे स्वीकार करना चाहिए—यहाँ चिंता करने का कोई फायदा नहीं है। कोई व्यक्ति चाहे जैसे भी मरे, उसे शैतान की उपस्थिति में नहीं मरना चाहिए, उसे उसके हाथों नहीं मरना चाहिए। यदि मरना ही है, तो उसे परमेश्वर के हाथों में मरना चाहिए। लोग परमेश्वर से आए हैं, और उन्हें परमेश्वर के पास ही लौटना है—यही विवेक और रवैया सृजित प्राणियों में होना चाहिए। यही अंतिम सत्य है, जिसे सुसमाचार का प्रचार करने और अपना कर्तव्य निभाने में हर किसी को समझना चाहिए—देहधारी परमेश्वर के कार्य और मनुष्य के उद्धार के सुसमाचार का प्रसार करने और उसकी गवाही देने के लिए मनुष्य को अपने जीवन की कीमत चुकानी ही होगी। यदि तुम्हारे मन में यह संकल्प है, यदि तुम इस तरह गवाही दे सकते हो, तो बहुत अच्छी बात है। यदि तुम्हारे मन में इस प्रकार का संकल्प नहीं है, तो तुम्हें कम से कम इतना तो करना ही चाहिए कि अपने सामने मौजूद इस जिम्मेदारी और कर्तव्य को पूरा करो, बाकी सब परमेश्वर को सौंप दो और परमेश्वर की संप्रभुता और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करो। शायद तब, ज्यों-ज्यों महीने और वर्ष बीतेंगे और तुम्हारे अनुभव और आयु में बढ़ोतरी होगी, और सत्य की तुम्हारी समझ गहरी होती जाएगी, तो तुम्हें एहसास होगा कि अपने जीवन के अंतिम पल तक भी, परमेश्वर के सुसमाचार कार्य के लिए अपना जीवन अर्पित कर देना तुम्हारा दायित्व और जिम्मेदारी है।
अब इन विषयों पर चर्चा शुरू करने का सही समय है क्योंकि राज्य के सुसमाचार का प्रसार शुरू हो चुका है। इससे पहले, व्यवस्था के युग और अनुग्रह के युग में, कुछ प्राचीन पैगंबरों और संतों ने सुसमाचार का प्रचार करने में अपना जीवन न्योछावर कर दिया था, तो अंत के दिनों में पैदा हुए लोगों का इस मकसद के लिए अपना जीवन न्योछावर कर देना कोई नई या अचानक हुई बात नहीं है, अतिशय माँग तो और भी नहीं है। यही वह काम है जो सृजित प्राणियों को करना चाहिए और यही वह कर्तव्य है जो उन्हें निभाना चाहिए। यह सत्य है; यह सर्वोच्च सत्य है। अगर तुम सिर्फ यह नारा लगाते हो कि तुम परमेश्वर के लिए क्या करना चाहते हो, तुम अपना कर्तव्य कैसे पूरा करना चाहते हो और तुम परमेश्वर के लिए खुद कितना खपना और देना चाहते हो, तो यह बेकार है। जब वास्तविकता सामने आती है और तुम्हें अपने जीवन का त्याग करना पड़ता है, तो उस अंतिम क्षण में तुम्हारे मन में शिकायत होती है, स्वेच्छा से ऐसा करने की तत्परता होती है, या सच्चा समर्पण होता है—यही तुम्हारे आध्यात्मिक कद की परीक्षा होगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सुसमाचार का प्रचार करना वह कर्तव्य है जिसे निभाना सभी विश्वासियों का दायित्व है
राज्य के युग में मनुष्य को पूरी तरह से पूर्ण किया जाएगा। विजय के कार्य के पश्चात् मनुष्य को शोधन और क्लेश से गुजारा जाएगा। जो इस क्लेश के दौरान विजय प्राप्त कर सकते हैं और अपनी गवाही में अडिग रह सकते हैं वे वो लोग हैं जिन्हें अंततः पूर्ण किया जाएगा; वे विजेता हैं। इस क्लेश के दौरान मनुष्य से माँग की जाती है कि वह इस शोधन को स्वीकार करे, और यह शोधन परमेश्वर के कार्य का अंतिम चरण है। यह अंतिम बार है कि परमेश्वर के प्रबंधन के समस्त कार्य के समापन से पहले मनुष्य का शोधन किया जाएगा, और जो परमेश्वर का अनुसरण करते हैं उन सभी को यह अंतिम परीक्षा अवश्य स्वीकार करनी चाहिए, और उन्हें यह अंतिम शोधन अवश्य स्वीकार करना चाहिए। जो लोग क्लेश के मध्य में हैं वे पवित्र आत्मा के कार्य और परमेश्वर के मार्गदर्शन से रहित हैं, किंतु जिन्हें सच में जीत लिया गया है और जो सच में परमेश्वर का अनुसरण करते हैं वे अंततः डटे रहेंगे; ये वे लोग हैं जिनमें मानवता है, और जो सच्चे मन से परमेश्वर से प्रेम करते हैं। परमेश्वर चाहे जो करे, ये विजयी लोग दर्शनों से वंचित नहीं होंगे और ये अभी भी अपनी गवाही को गँवाए बिना सत्य को अभ्यास में लाएँगे। ये वे लोग हैं जो अंततः महाक्लेश से उभरेंगे। भले ही जो लोग केवल लाभ पाने के लिए खानापूर्ति करते हैं वे आज भी मुफ्तखोरी कर सकते हों, किंतु अंतिम क्लेश से बच निकलने में कोई सक्षम नहीं है और अंतिम परीक्षा से कोई नहीं बच सकता। जो लोग विजय प्राप्त करते हैं, उनके लिए ऐसा क्लेश जबरदस्त शोधन है; किंतु केवल लाभ पाने की खातिर खानापूर्ति करने वालों के लिए यह पूरी तरह से उन्हें हटाए जाने का कार्य है। जिनके दिलों में परमेश्वर है, उनका चाहे किसी भी प्रकार से परीक्षण क्यों न किया जाए, उनकी निष्ठा अपरिवर्तित रहती है; किंतु जिनके दिलों में परमेश्वर नहीं है, वे अपनी देह के लिए परमेश्वर का कार्य लाभदायक न रहने पर परमेश्वर के बारे में अपना दृष्टिकोण बदल लेते हैं, यहाँ तक कि परमेश्वर को छोड़कर चले जाते हैं। वे ऐसे लोग हैं जो अंत में दृढ़ नहीं रहेंगे, जो केवल परमेश्वर की आशीषों की तलाश करते हैं और परमेश्वर के लिए खुद को खपाने और उसके प्रति समर्पण करने की कोई इच्छा नहीं रखते। ऐसे सभी नीच लोगों को तब “बाहर निकाल दिया जाएगा” जब परमेश्वर का काम समाप्त हो जाएगा और उन पर बिल्कुल भी कोई दया नहीं दिखाई जाएगी। जिन लोगों में मानवता नहीं है, उनमें परमेश्वर के लिए बिल्कुल भी सच्चा प्रेम नहीं होता। जब परिवेश आरामदायक होता है या उनके पास कुछ प्राप्त करने का अवसर होता है, तो वे परमेश्वर के प्रति पूरी तरह से आज्ञाकारी होते हैं, लेकिन एक बार जब उनकी इच्छाएँ बाधित होती हैं या अंततः वे धराशायी हो जाती हैं, तो वे तुरंत विद्रोह में उठ खड़े होते हैं। यहाँ तक कि सिर्फ एक रात के अंतराल में, वे एक मुस्कुराते हुए, “दयालु” व्यक्ति से एक जंगली दिखने वाले जल्लाद में बदल जाते हैं, बिना किसी तुक या कारण के अप्रत्याशित रूप से अपने कल के उपकारी के साथ अपने घातक दुश्मन की तरह पेश आते हैं। यदि इन दुष्ट राक्षसों को जो बिना पलक झपकाए मारते हैं, बहिष्कृत नहीं किया जाता, तो क्या वे एक गंभीर अंतर्निहित खतरा नहीं बन जाएँगे? ऐसा नहीं है कि एक बार जब विजय का काम समाप्त हो जाता है, तो मनुष्य को बचाने का काम पूरी तरह से पूरा हो जाता है। यद्यपि विजय का काम समाप्त हो गया है, मनुष्य को शुद्ध करने का काम पूरा नहीं हुआ है; एक बार जब मनुष्य पूरी तरह से शुद्ध हो जाता है, एक बार जब परमेश्वर के प्रति सच्चे मन से समर्पण करने वाले पूर्ण किए जाते हैं और एक बार जब उन छद्मवेशियों को हटा दिया जाता है जिनके दिलों में परमेश्वर नहीं है, केवल तभी काम समाप्त होगा। जो लोग परमेश्वर के कार्य के अंतिम चरण में उसे संतुष्ट करने में असमर्थ हैं, उन्हें पूरी तरह हटा दिया जाएगा और जिन्हें हटा दिया जाता है, वे राक्षसों की किस्म के हैं। जो लोग परमेश्वर को संतुष्ट करने में अक्षम हैं, वे परमेश्वर के प्रति विद्रोही हैं। भले ही वे लोग आज परमेश्वर का अनुसरण करते हों, फिर भी इससे यह साबित नहीं होता कि ये वो लोग हैं, जो अंततः बने रहेंगे। “जो लोग अंत तक परमेश्वर का अनुसरण करेंगे, वे उद्धार प्राप्त करेंगे,” इन वचनों में “अनुसरण” का अर्थ क्लेश के बीच डटे रहना है। आज बहुत-से लोग मानते हैं कि परमेश्वर का अनुसरण करना बहुत आसान है, किंतु जब परमेश्वर का कार्य समाप्त होने वाला होगा, तब तुम “अनुसरण करने” का असली अर्थ जानोगे। सिर्फ इस बात से कि जीत लिए जाने के पश्चात् तुम आज भी परमेश्वर का अनुसरण करने में समर्थ हो, यह प्रमाणित नहीं होता कि तुम उन लोगों में से एक हो, जिन्हें पूर्ण बनाया जाएगा। जो लोग परीक्षणों को सहने में असमर्थ हैं, जो क्लेशों के बीच विजयी होने में अक्षम हैं, वे अंततः डटे रहने में अक्षम होंगे, और वे बिल्कुल अंत तक अनुसरण करने में असमर्थ होंगे। जो लोग सच्चे मन से परमेश्वर का अनुसरण करते हैं, वे अपने कार्य की परीक्षा लिया जाना सह पाते हैं, जबकि जो लोग सच्चे मन से परमेश्वर का अनुसरण नहीं करते, वे परमेश्वर के किसी भी परीक्षण को सहने में अक्षम हैं। देर-सवेर उन्हें बाहर निकाल दिया जाएगा, जबकि विजेता राज्य में बने रहेंगे। मनुष्य सच्चे मन से परमेश्वर को खोजता है या नहीं, इसका निर्धारण उसके कार्य का परीक्षण करने के द्वारा ही किया जाता है, अर्थात्, परमेश्वर के परीक्षणों द्वारा, और इसका स्वयं मनुष्य द्वारा किए गए निर्धारण से कोई लेना-देना नहीं है। परमेश्वर किसी मनुष्य को हल्के में अस्वीकार नहीं करता; वह जो कुछ भी करता है, वह मनुष्य को पूर्ण रूप से कायल कर सकता है। वह ऐसा कुछ नहीं करता, जो मनुष्य के लिए अदृश्य हो, या कोई ऐसा कार्य जो मनुष्य को कायल न कर सके। मनुष्य का विश्वास सच्चा है कि नहीं, यह तथ्यों द्वारा साबित होता है और मनुष्य द्वारा निर्धारित नहीं किया जा सकता है। इसमें कोई संदेह नहीं कि “गेहूँ जंगली दाने नहीं बन सकता है और जंगली दाने गेहूँ नहीं बन सकते हैं।” जो सच्चे मन से परमेश्वर से प्रेम करते हैं, वे सभी अंततः राज्य में बने रहेंगे और परमेश्वर ऐसे किसी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं करेगा जो सच्चे मन से उससे प्रेम करता है। अपने विभिन्न कार्यों और गवाहियों के आधार पर राज्य के भीतर विजेता लोग याजकों और अनुयायियों के रूप में सेवा करेंगे, और जो क्लेश के बीच विजेता होंगे, वे राज्य के भीतर याजकों का एक निकाय बन जाएँगे। याजकों का निकाय तब बनाया जाएगा, जब संपूर्ण ब्रह्मांड के भीतर सुसमाचार का कार्य समाप्ति पर आ जाएगा। जब वह समय आएगा, तब जो मनुष्य के द्वारा किया जाना चाहिए, वह परमेश्वर के राज्य के भीतर अपने कर्तव्य का निष्पादन होगा, और राज्य के भीतर परमेश्वर के साथ उसका जीना होगा। याजकों के निकाय में महायाजक और याजक होंगे, और शेष लोग परमेश्वर के पुत्र और उसके लोग होंगे। उन्हें क्लेश के दौरान परमेश्वर के प्रति उनकी गवाहियों के आधार पर विभाजित किया जाएगा; ये सनक के आधार पर दी जाने वाली उपाधियाँ नहीं हैं। जब मनुष्य की हैसियत स्थापित कर दी जाएगी, तो परमेश्वर का कार्य रुक जाएगा, क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति को उसके प्रकार के अनुसार छाँट दिया जाएगा और उसकी मूल स्थिति में लौटा दिया जाएगा, यह परमेश्वर के महान कार्य के समापन का चिह्न है, यह परमेश्वर के कार्य और मनुष्य के अभ्यास का अंतिम परिणाम है और यह परमेश्वर के कार्य के दर्शनों और मनुष्य के सहयोग का मूर्त परिणाम है। अंत में, मनुष्य परमेश्वर के राज्य में प्रवेश करेगा और वहाँ विश्राम करेगा; साथ ही, परमेश्वर भी विश्राम करने के लिए अपने निवास-स्थान में लौट जाएगा। यह परमेश्वर और मनुष्य के बीच 6,000 वर्षों के सहयोग का अंतिम परिणाम होगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर का कार्य और मनुष्य का अभ्यास
राज्य मनुष्य के बीच फैल रहा है, यह मनुष्य के बीच बन रहा है और यह मनुष्य के बीच ऊपर उठ रहा है; ऐसी कोई शक्ति नहीं है जो मेरे राज्य को नष्ट कर सके। मेरे लोग, जो आज के राज्य में हैं, तुम लोगों में से कौन मानवजाति का सदस्य नहीं है? तुममें से कौन मानवीय स्थिति के बाहर है? जब मेरा नया शुरुआती बिंदु सार्वजनिक किया जाएगा तो मनुष्य किस तरह से प्रतिक्रिया देगा? मानव संसार की अवस्था—तुम लोगों ने इसे अपनी आँखों से देखा है। क्या तुमने अभी तक इस दुनिया में हमेशा के लिए रहने के विचार को नहीं छोड़ा है? अभी मैं अपने लोगों के बीच चल रहा हूँ और अपने लोगों के बीच रह रहा हूँ। आज जो लोग मुझसे सच्चा प्रेम करते हैं—ऐसे लोग धन्य हैं। धन्य हैं वे लोग जो मेरे प्रति समर्पण करते हैं, वे मेरे राज्य में बने रहेंगे। धन्य हैं वे लोग जो मुझे जानते हैं, वे मेरे राज्य में सत्ता का इस्तेमाल करेंगे। धन्य हैं वे लोग जो मेरा अनुसरण करते हैं, वे शैतान के बंधनों से मुक्त हो जाएँगे और मेरे आशीषों का आनंद लेंगे। धन्य हैं वे लोग जो अपने खिलाफ विद्रोह कर पाते हैं; वे पूरी तरह मेरे अधिकार में कर लिए जाएँगे और मेरे राज्य की प्रचुरता विरासत में प्राप्त करेंगे। जो लोग मेरे लिए दौड़-धूप करते हैं, उन्हें मैं याद रखूँगा, जो लोग मेरे लिए खुद को खपाते हैं, उन्हें मैं स्वीकार करूँगा और जो लोग मुझे भेंट अर्पित करते हैं, उन्हें मैं आनंद के लिए चीजें दूँगा। जो लोग मेरे वचनों का आनंद लेते हैं, उन्हें मैं आशीष दूँगा; वे मेरे राज्य के स्तंभ होंगे, वे मेरे घर में असीम रूप से समृद्ध होंगे और कोई भी उनसे तुलना नहीं कर सकता है। जो आशीष तुम लोगों के लिए तैयार किए गए थे—क्या तुमने उन्हें कभी स्वीकार किया? जो वादे तुम लोगों के लिए किए गए थे—क्या तुमने कभी उनका अनुसरण किया? तुम लोग मेरे प्रकाश के मार्गदर्शन में अंधकार की शक्तियों का शिकंजा तोड़कर अवश्य बाहर आ जाओगे। तुम अवश्य ही अंधकार के बीच प्रकाश का मार्गदर्शन नहीं खोओगे। तुम अवश्य ही सभी चीजों के बीच मालिक होगे। तुम अवश्य ही शैतान के सामने विजेता होगे। तुम बड़े लाल अजगर के देश के पतन पर मेरी विजय के प्रमाण के रूप में असंख्य लोगों के बीच अवश्य खड़े होगे। सिनिम की भूमि में तुम लोग अडिग और अटल रहोगे। तुम जो कष्ट सहते हो उनके परिणामस्वरूप अवश्य ही विरासत में मेरे आशीष प्राप्त करोगे और तुम पूरे ब्रह्मांड में मेरा महिमामय प्रकाश बिखेरोगे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, संपूर्ण ब्रह्मांड के लिए परमेश्वर के वचन, अध्याय 19
संबंधित वीडियो
रंगमंच नाटिका “मृत प्रियजन की स्मृति”
अमिट घाव
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
वांटेड मगर बेकसूर
दुर्व्यवहार और यातना के दिन
मेरे परिवार द्वारा मेरा उत्पीड़न : सबक देने वाला एक अनुभव
सुसमाचार प्रचार की मेरी पथरीली राह
संबंधित भजन
तुम सब वे हो जो परमेश्वर की विरासत प्राप्त करोगे
विजेताओं का गीत
तुम चाहे कितनी ही बड़ी पीड़ा सह रहे हो, परमेश्वर से प्रेम करने का प्रयास करो
मसीह का अनुसरण करते हुए, मैं कभी पीछे नहीं मुड़ूँगा, चाहे मृत्यु ही क्यों न आ जाए