19. विवाह के प्रति कैसे पेश आएँ
बाइबल से उद्धृत वचन
“फिर यहोवा परमेश्वर ने कहा, ‘आदम का अकेला रहना अच्छा नहीं; मैं उसके लिये एक ऐसा सहायक बनाऊँगा जो उस से मेल खाए’” (उत्पत्ति 2:18)।
“तब यहोवा परमेश्वर ने आदम को भारी नींद में डाल दिया, और जब वह सो गया तब उसने उसकी एक पसली निकालकर उसकी जगह मांस भर दिया। और यहोवा परमेश्वर ने उस पसली को जो उसने आदम में से निकाली थी, स्त्री बना दिया; और उसको आदम के पास ले आया। तब आदम ने कहा, ‘अब यह मेरी हड्डियों में की हड्डी और मेरे मांस में का मांस है; इसलिए इसका नाम नारी होगा, क्योंकि यह नर में से निकाली गई है।’ इस कारण पुरुष अपने माता-पिता को छोड़कर अपनी पत्नी से मिला रहेगा, और वे एक ही तन बने रहेंगे” (उत्पत्ति 2:21-24)।
“फिर स्त्री से उसने कहा, ‘मैं तेरी पीड़ा और तेरे गर्भवती होने के दुःख को बहुत बढ़ाऊँगा; तू पीड़ित होकर बालक उत्पन्न करेगी; और तेरी लालसा तेरे पति की ओर होगी, और वह तुझ पर प्रभुता करेगा।’ और आदम से उसने कहा, ‘तू ने जो अपनी पत्नी की बात सुनी, और जिस वृक्ष के फल के विषय मैं ने तुझे आज्ञा दी थी कि तू उसे न खाना, उसको तू ने खाया है इसलिये भूमि तेरे कारण शापित है। तू उसकी उपज जीवन भर दुःख के साथ खाया करेगा; और वह तेरे लिये काँटे और ऊँटकटारे उगाएगी, और तू खेत की उपज खाएगा; और अपने माथे के पसीने की रोटी खाया करेगा, और अन्त में मिट्टी में मिल जाएगा क्योंकि तू उसी में से निकाला गया है; तू मिट्टी तो है और मिट्टी ही में फिर मिल जाएगा’” (उत्पत्ति 3:16-19)।
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
शादी का मूल और स्रोत परमेश्वर की रचना में है। परमेश्वर ने पहले मानव को बनाया, जिसे एक साथी की जरूरत थी जो उसकी मदद करे और उसका साथ दे, उसके साथ रहे, इसलिए परमेश्वर ने उसके लिए एक साथी बनाया, और इस तरह मनुष्य की शादी की शुरुआत हुई। बस इतना ही। यह इतना सरल है। तुम्हारे पास शादी के बारे में यह बुनियादी समझ होनी चाहिए। शादी परमेश्वर से आती है; यह उसके द्वारा व्यवस्थित और नियत की गई है। कम-से-कम, तुम यह कह सकते हो कि यह कोई नकारात्मक चीज नहीं है, बल्कि एक सकारात्मक चीज है। यह भी सटीक रूप से कहा जा सकता है कि शादी उचित है, यह मानव अस्तित्व के दौरान एक उचित चरण है, यह कोई दुष्ट चीज नहीं है, बल्कि उचित और सकारात्मक है, क्योंकि यह परमेश्वर की रचना, परमेश्वर के विधान और बेशक, परमेश्वर की व्यवस्था से आती है। मनुष्य की शादी का मूल परमेश्वर की रचना में निहित है और उसने इसे खुद ही व्यवस्थित और नियत किया है; इसलिए, इस दृष्टिकोण से देखा जाए, तो व्यक्ति के पास शादी के बारे में बस यह परिप्रेक्ष्य होना चाहिए कि यह परमेश्वर से आती है, यह एक उचित और सकारात्मक चीज है, और यह कोई नकारात्मक, दुष्ट, स्वार्थी या अंधकारमय चीज नहीं है। यह न तो मानवजाति से आती है, न ही शैतान से, और यह प्रकृति में अपने आप तो बिल्कुल नहीं विकसित हुई है; बल्कि परमेश्वर ने इसे अपने ही हाथों से बनाया और स्वयं इसे व्यवस्थित और नियत किया है। यह एकदम निश्चित है। यह शादी की सबसे मौलिक और सटीक परिभाषा और अवधारणा है।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (9)
शादी का वास्तविक महत्व सिर्फ मानवजाति को आगे बढ़ाना नहीं है, बल्कि इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि परमेश्वर ने हर पुरुष और महिला के लिए एक जीवनसाथी की व्यवस्था की है जो जीवन के हर चरण में उसका साथ दे। चाहे कठिनाई और दर्द का समय हो या आराम, आनंद और खुशी का, उनके पास कोई ऐसा व्यक्ति होता है जिसके साथ वे अपने अंतरतम की बातें साझा कर सकते हैं, कोई ऐसा जो पूरे दिल से उनके दुख, दर्द, खुशी और आनंद में शामिल होगा और हर परिस्थिति में साथ चलेगा। मानवजाति के लिए परमेश्वर द्वारा शादी की व्यवस्था करने के पीछे यही महत्व है और यह हर व्यक्ति के भीतर की एक व्यक्तिपरक जरूरत भी है। जब परमेश्वर ने मानवजाति की रचना की, तो वह नहीं चाहता था कि लोग अकेले रहें, इसलिए उसने उनके लिए शादी की व्यवस्था की। शादी में, पुरुष और महिला अलग-अलग भूमिकाएँ निभाते हैं, और इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि वे एक-दूसरे का साथ देते हैं और एक-दूसरे को सहारा देते हैं, हर दिन अच्छे से जीते हैं, जीवन की राह पर अच्छी तरह से आगे बढ़ते हैं। एक ओर, वे एक-दूसरे का साथ दे सकते हैं, और दूसरी ओर, वे एक-दूसरे को सहारा दे सकते हैं—यही शादी का वास्तविक अर्थ है और इसके अस्तित्व की अनिवार्यता है। बेशक, मानव को शादी के बारे में यही समझ और रवैया रखना चाहिए, और यही वह जिम्मेदारी और दायित्व है जो उन्हें शादी के प्रति निभाना चाहिए।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (9)
विवाह हर व्यक्ति के जीवन की एक प्रमुख घटना है; यह वह समय है जब व्यक्ति वास्तव में विभिन्न जिम्मेदारियाँ उठाना शुरू करता है और धीरे-धीरे विभिन्न मिशनों को पूरा करता है। स्वयं इसका अनुभव करने से पहले लोग विवाह के बारे में कई कल्पनाएँ सँजोते हैं और ये सभी एक बहुत ही सुंदर तस्वीर पेश करती हैं। महिलाएँ कल्पना करती हैं कि उनका जीवनसाथी एक सुंदर राजकुमार होगा और पुरुष कल्पना करते हैं कि वे परियों की कहानी वाली किसी राजकुमारी से विवाह करेंगे। ये कल्पनाएँ यह दर्शाती हैं कि जब विवाह की बात आती है, तो हर व्यक्ति के अपने अपेक्षित मानक होते हैं। यद्यपि इस बुरे युग में, हर प्रकार की जानकारी लगातार लोगों के मन में विवाह के बारे में विभिन्न विकृत दृष्टिकोण बैठाती है, जिसके कारण लोगों की विवाह के प्रति और भी अधिक अपेक्षाएँ हो जाती हैं और वे विवाह के बारे में हर तरह के बोझ और अजीब रवैये विकसित कर लेते हैं; जिस किसी का भी विवाह हुआ है वह जानता है कि कोई विवाह को चाहे जैसे भी समझे, इसके प्रति किसी का रवैया चाहे जो भी हो, विवाह व्यक्तिगत चुनाव का मामला नहीं है।
एक व्यक्ति जीवन में कई लोगों से मिलेगा, लेकिन कोई नहीं जानता कि अंततः विवाह में उसका जीवनसाथी कौन होगा। यद्यपि विवाह के विषय पर हर किसी के अपने दृष्टिकोण और विचार होते हैं, कोई भी यह पूर्वानुमान नहीं लगा सकता कि अंत में वास्तव में उसका जीवनसाथी कौन बनेगा और इस मामले में लोगों का अपना कोई वश नहीं होता। किसी ऐसे व्यक्ति से मिलने के बाद जिसे तुम पसंद करते हो, तुम उस व्यक्ति को पाने की कोशिश कर सकते हो; लेकिन क्या वह तुममें रुचि रखता है और क्या वह तुम्हारा जीवनसाथी बनेगा, यह तय करना तुम्हारे हाथ में नहीं है। जिसे तुम पसंद करते हो, जरूरी नहीं कि वही वह व्यक्ति हो जिसके साथ तुम अपना जीवन साझा करोगे। बल्कि, ऐसा हो सकता है कि तुम्हें पता चले बिना ही, कोई ऐसा व्यक्ति जिसकी तुमने कभी उम्मीद नहीं की थी, तुम्हारे जीवन में प्रवेश करे और तुम्हारा जीवनसाथी बन जाए, जो तुम्हारे भाग्य का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाए, तुम्हारा वह जीवनसाथी बन जाए जिसका भाग्य तुम्हारे भाग्य से अटूट रूप से जुड़ा हुआ है। इसलिए, यद्यपि दुनिया में अनगिनत विवाह होते हैं, हर एक विवाह अलग होता है : कुछ निराशाजनक होते हैं, कुछ आनंददायक होते हैं; कुछ पूरब और पश्चिम को मिलाते हैं, कुछ उत्तर और दक्षिण को; कुछ आदर्श जोड़े होते हैं, कुछ समान सामाजिक स्तर के होते हैं; कुछ परमानंद से भरे होते हैं, कुछ त्रासदी से भरे होते हैं; कुछ दूसरों की प्रशंसा और ईर्ष्या जगाते हैं, कुछ लोगों को भ्रमित करते हैं और तिरस्कार पैदा करते हैं; कुछ खुशी से भरे होते हैं, कुछ अंतहीन आँसू और निराशा लाते हैं...। इन असंख्य प्रकार के विवाहों में, लोग विवाह के प्रति वफादारी और एक शाश्वत, अटूट प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हैं; वे बहुत अधिक परवाह, दृढ़ लगाव और अपने जीवनसाथी के साथ टिके रहने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हैं; वे लाचारी और असमंजस प्रदर्शित करते हैं; वे विश्वासघात और यहाँ तक कि शत्रुता भी प्रदर्शित करते हैं। विवाह स्वयं खुशी लाए या दर्द, विवाह में हर किसी का मिशन, जो सृष्टिकर्ता द्वारा पूर्वनियत है, नहीं बदलता—यह मिशन ऐसा है जिसे हर किसी को पूरा करना ही चाहिए। और हर विवाह के पीछे मौजूद प्रत्येक व्यक्ति का भाग्य भी नहीं बदलता; यह सृष्टिकर्ता द्वारा बहुत पहले से पूर्वनियत होता है।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है III
विवाह किसी व्यक्ति के जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ है। यह उसके भाग्य के परिणाम के रूप में सामने आता है, और इस भाग्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है; यह किसी की भी व्यक्तिगत इच्छा या प्राथमिकताओं पर आधारित नहीं होता है, और किसी भी बाहरी कारक द्वारा प्रभावित नहीं होता है, बल्कि यह पूर्णतः दो लोगों के भाग्य, दोनों जीवनसाथियों के भाग्य के लिए सृष्टिकर्ता की पूर्वनियति और व्यवस्थाओं द्वारा निर्धारित होता है। सतही तौर पर विवाह इसलिए मौजूद है ताकि मनुष्य प्रजनन कर सकें, लेकिन वास्तव में विवाह व्यक्ति का मिशन पूरा होने के लिए एक समारोह के अलावा और कुछ नहीं है। विवाह में लोग जो भूमिका निभाते हैं वह केवल अगली पीढ़ी का पालन-पोषण करने की नहीं होती; वे उन सभी भूमिकाओं को अपनाते हैं जो विवाह को बनाए रखने का काम करती हैं, साथ ही उन मिशनों को भी अपनाते हैं जिन्हें उन्हें पूरा करना चाहिए। चूँकि व्यक्ति का जन्म उसके आसपास के लोगों, घटनाओं और चीजों में होने वाले बदलावों को प्रभावित करता है, इसलिए व्यक्ति का विवाह भी अनिवार्य रूप से इन चीजों को प्रभावित करता है और इससे भी बढ़कर, उनमें हर तरह के बदलाव लाता है।
जब कोई व्यक्ति स्वावलंबी हो जाता है, तो वह जीवन में अपने मार्ग पर चलना शुरू कर देता है, जो उसे कदम-दर-कदम उन लोगों, घटनाओं और चीजों की ओर ले जाता है जिनका उसके विवाह से संबंध होता है। साथ ही, विवाह में उसका भावी जीवनसाथी भी कदम-दर-कदम उन्हीं लोगों, घटनाओं और चीजों की ओर बढ़ रहा होता है। सृष्टिकर्ता की संप्रभुता के अधीन, दो अपरिचित लोग धीरे-धीरे—अपने संबंधित भाग्य के कारण—एक विवाह में प्रवेश करते हैं और चमत्कारिक रूप से एक परिवार बन जाते हैं : “एक ही नाव पर सवार दो यात्री।” इसलिए, जब कोई व्यक्ति विवाह में प्रवेश करता है, तो जीवन में उसका मार्ग उसके जीवनसाथी को प्रभावित करेगा और उससे गहराई से जुड़ जाएगा, जबकि उसके जीवनसाथी का मार्ग जीवन में उसके अपने भाग्य को प्रभावित करेगा और उससे गहराई से जुड़ जाएगा। दूसरे शब्दों में, लोगों के भाग्य आपस में जुड़े हुए हैं और कोई भी एक-दूसरे से वास्तव में स्वतंत्र होकर जीवन में अपना मिशन पूरा नहीं कर सकता या अपनी भूमिका नहीं निभा सकता। व्यक्ति के जन्म का संबंधों के एक विशाल जाल पर प्रभाव पड़ता है; बड़े होने में भी संबंधों का एक जटिल जाल शामिल होता है और इसी तरह, एक विवाह अनिवार्य रूप से संबंधों के एक विशाल और जटिल जाल के भीतर मौजूद और कायम रहता है, जो उस जाल के हर सदस्य को शामिल करता है और उसका हिस्सा बनने वाले हर व्यक्ति के भाग्य को प्रभावित करता है। विवाह किसी के परिवार का, उस परिवेश का जिसमें वे बड़े हुए थे, उनके रंग-रूप, उनकी आयु, उनकी काबिलियत, उनकी प्रतिभाओं, या अन्य कारकों का परिणाम नहीं है; बल्कि यह साझा मिशन और संबंधित भाग्य का परिणाम होता है। यह विवाह का मूल है, सृष्टिकर्ता द्वारा आयोजित और व्यवस्थित मनुष्य के भाग्य के भीतर उपजा हुआ।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है III
तुम्हारे मन में शादी के बारे में कोई व्यक्तिपरक या अवास्तविक कल्पनाएँ नहीं होनी चाहिए, जैसे कि तुम्हारा जीवनसाथी कौन है या वह कैसा व्यक्ति है; तुम्हें परमेश्वर के प्रति समर्पित रवैया रखना चाहिए, परमेश्वर की व्यवस्थाओं और विधान के प्रति समर्पण करना चाहिए और यह भरोसा रखना चाहिए कि परमेश्वर तुम्हारे लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति को ही तैयार करेगा। क्या समर्पित रवैया होना जरूरी नहीं है? (बिल्कुल है।) दूसरा, तुम्हें जीवनसाथी चुनने के उन मानदंडों को छोड़ देना चाहिए जो समाज की दुष्ट प्रवृत्तियों ने तुम्हारे अंदर डाल दिए हैं, और फिर जीवनसाथी चुनने के लिए सही मापदंड स्थापित करने चाहिए। यानी, तुम्हारा जीवनसाथी कम-से-कम ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो परमेश्वर में विश्वास करता हो और तुम्हारे ही मार्ग पर चलता हो—यह सामान्य सिद्धांत है। इसके अलावा, उसे शादी में एक पुरुष या महिला की जिम्मेदारियाँ निभाने में सक्षम होना चाहिए; उसे एक जीवनसाथी की जिम्मेदारियाँ निभाने में सक्षम होना चाहिए। तुम इस पहलू को कैसे आँकोगे? तुम्हें उसका चरित्र देखना होगा, यह देखना होगा कि क्या उसमें जिम्मेदारी की भावना है और क्या उसमें जमीर है। और तुम यह कैसे तय करोगे कि किसी व्यक्ति में जमीर और मानवता है या नहीं? उसके साथ समय बिताए बिना, तुम्हारे पास यह जानने का कोई तरीका नहीं होगा कि उसकी मानवता कैसी है। और अगर तुम उसके साथ समय बिताते भी हो और वह केवल थोड़े समय के लिए हो, तो भी शायद तुम स्पष्ट रूप से यह नहीं देख पाओगे कि वह कैसा व्यक्ति है। तो फिर, तुम कैसे तय करोगे कि उसमें मानवता है या नहीं? तुम्हें यह देखना चाहिए कि क्या वह अपने कर्तव्य, परमेश्वर के आदेश और कलीसिया के काम की जिम्मेदारी लेता है और तुम्हें यह भी देखना चाहिए कि क्या वह परमेश्वर के घर के हितों की रक्षा कर सकता है और क्या वह अपना कर्तव्य निभाने में समर्पित है—किसी व्यक्ति के चरित्र को आँकने का यह सबसे अच्छा तरीका है। अगर इस व्यक्ति में मानवता है, इसका चरित्र नेक है, यह विशेष रूप से समर्पित और जिम्मेदार है, विशेष रूप से गंभीर और ईमानदार है, हर काम बारीकी से करता है, कलीसिया के काम की बात आने पर कभी लापरवाही नहीं करता, सत्य का अनुसरण भी करता है, परमेश्वर की हर बात को ध्यान से और गौर से सुनता है, उसके वचनों को समझते ही उन्हें अभ्यास में लाता है, तो भले ही ऐसे व्यक्ति की काबिलियत बहुत अधिक न हो, कम-से-कम वह ऐसा व्यक्ति है जो अपने कर्तव्य और कलीसिया के काम के प्रति लापरवाह नहीं है और जो इन चीजों को कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार तरीके से सँभालता है। अगर वह अपने कर्तव्य को कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार तरीके से सँभालता है, तो वह यकीनन पूरे दिल से तुम्हारे साथ अपना जीवन जिएगा और अंत तक तुम्हारी जिम्मेदारी लेगा—ऐसे व्यक्ति का चरित्र परीक्षाओं में खरा उतर सकता है। भले ही तुम बीमार पड़ जाओ, बूढ़े और बदसूरत हो जाओ या तुममें कोई कमी या खामी हो, यह व्यक्ति हमेशा तुम्हारे साथ सही तरीके से व्यवहार करेगा और तुम्हारे प्रति सहनशील होगा। वह परिवार की रक्षा करने की पूरी कोशिश करेगा, वह तुम्हारी रक्षा करने और तुम्हें एक स्थिर जीवन देने में भी सक्षम होगा, जिससे तुम बहुत निश्चिंत महसूस कर सको। वैवाहिक जीवन में किसी पुरुष या महिला को मिलने वाली यह सबसे बड़ी खुशी है। हो सकता है कि वह तुम्हें अमीर, विलासितापूर्ण या रूमानी जीवन न दे पाए और न ही यह जरूरी है कि वह स्नेह या अन्य पहलुओं के मामले में तुम्हें दूसरों से कुछ अलग दे पाए, लेकिन कम-से-कम, तुम्हारे जीवन में उसके होने से तुम निश्चिंत रहोगे और उसके बिना तुम बेचैन महसूस करोगे। जब तुम देखते हो कि वह अभी भरोसेमंद और विश्वसनीय है, तो यह ऐसा है मानो तुम देख सकते हो कि तुम जीवन के आने वाले 30 या 40 वर्षों के दौरान निश्चिंत और संतुष्ट रहोगे। जीवनसाथी चुनने के लिए इस तरह का व्यक्ति ही तुम्हारा मानदंड होना चाहिए। बेशक, जीवनसाथी चुनने का यह मानदंड थोड़ा ऊँचा है और आधुनिक मानवजाति के बीच ऐसे व्यक्ति को खोजना आसान नहीं है, है न? यह आँकने के लिए कि किसी का चरित्र कैसा है और क्या वह शादी में अपनी जिम्मेदारियाँ निभा पाएगा, तुम्हें कर्तव्य के प्रति उसका रवैया देखना होगा—यह एक पहलू है। दूसरा पहलू यह देखना होगा कि क्या उसके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल है। अगर है, तो कम-से-कम वह कुछ भी अमानवीय या अनैतिक काम नहीं करेगा, और इसलिए वह यकीनन तुम्हारे साथ बुरा व्यवहार नहीं करेगा। अगर उसके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल नहीं है, वह ढीठ और मनमाना है या उसकी मानवता क्रूर, कपटी और बेहद अहंकारी है; अगर उसके दिल में परमेश्वर नहीं है और वह किसी और के प्रति आदर भाव नहीं रखता है; अगर वह अपने कार्य, अपने कर्तव्यों और यहाँ तक कि परमेश्वर के आदेश और परमेश्वर के घर के किसी भी प्रमुख मामले से बेधड़क तरीके से निपटता है, मनमर्जी से काम करता है, कभी भी सतर्क नहीं रहता या सिद्धांतों को नहीं खोजता और खास तौर से चढ़ावों के मामले में वह इन्हें बेधड़क ले लेता है और इनका दुरुपयोग करता है और वह किसी बात से नहीं डरता, तो तुम्हें ऐसे किसी व्यक्ति की तलाश बिल्कुल भी नहीं करनी चाहिए। परमेश्वर का भय मानने वाले दिल के बिना वह आदमी कुछ भी कर सकता है। ऐसा व्यक्ति हो सकता है कि अभी तुमसे मीठी-मीठी बातें कर रहा हो और बड़ी-बड़ी कसमें खा रहा हो, लेकिन जब वह दिन आएगा कि उसकी तुममें दिलचस्पी खत्म हो जाएगी और तुम उसकी जरूरतें पूरी नहीं कर पाओगे, तो वह कहेगा कि वह अब तुमसे प्यार नहीं करता और उसके मन में तुम्हारे लिए कोई भावना नहीं है, वह बस तुम्हें किनारे कर देगा और भले ही वह तुम्हें तलाक न दे, वह घर के बाहर गुलछर्रे उड़ाएगा—इनमें से कुछ भी हो सकता है। वह तुम्हें किसी भी समय और किसी भी परिस्थिति में छोड़ सकता है और वह कुछ भी करने में सक्षम है। ऐसा व्यक्ति बहुत खतरनाक होता है; अपना पूरा जीवन उसे सौंपना तुम्हारे लिए उचित नहीं है। अगर तुम ऐसे आदमी को अपना जीवनसाथी चुनते हो, तो तुम मुसीबत में पड़ जाओगे। भले ही वह लंबा, अमीर और सुंदर हो, बेहद सक्षम हो, तुम्हारी बहुत परवाह करता हो और ध्यान रखता हो—सतही तौर पर एक विशेष रूप से योग्य पति लगता हो—अगर उसके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल बिल्कुल नहीं है, तो वह तुम्हारे लिए उपयुक्त जीवनसाथी नहीं है। अगर तुम उस पर मोहित हो जाते हो, उसके साथ डेटिंग शुरू कर देते हो और फिर शादी कर लेते हो, तो वह तुम्हारे पूरे जीवन के लिए एक बुरा सपना और एक आपदा बन जाएगा। कुछ लोग इस बात पर विश्वास नहीं करते और ऐसे व्यक्ति से शादी करने की जिद करते हैं, यह सोचते हुए कि वे खुद सत्य का अनुसरण करने वाले व्यक्ति हैं और इसलिए उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। तुम एक दुष्ट दानव के चंगुल में फँस चुकी हो, जो परमेश्वर से नफरत करता है, परमेश्वर का विरोध करता है और परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास में बाधा डालने के लिए हर तरह के पैंतरे आजमाता है—क्या तुम इस मुसीबत से उबर लोगी? अपने छोटे आध्यात्मिक कद और आस्था से तुम उसके अत्याचार को बर्दाश्त नहीं कर पाओगी, और कुछ दिन बाद ही तुम इतनी त्रस्त हो जाओगी कि दया की भीख माँगने लगोगी और परमेश्वर में विश्वास जारी नहीं रख पाओगी। तुम अपनी आस्था खो बैठोगी और तुम्हारा मन भावनात्मक उलझनों के इस जटिल मिश्रण से भरा होगा। यह मांस की चक्की में पिसकर टुकड़े-टुकड़े हो जाने जैसा है, इसमें मनुष्य जैसा कुछ भी नहीं है, तुम पूरी तरह इस दलदल में फँस चुकी होगी और आखिर में तुम उसी दानव के साथ तबाह हो जाओगी जिससे तुमने शादी की है और तुम्हारा जीवन वहीं खत्म हो जाएगा।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (10)
क्या वैवाहिक सुख जीवन का ऐसा लक्ष्य है जिसका अनुसरण लोगों को करना चाहिए? क्या इसका परमेश्वर द्वारा नियत शादी से कोई लेना-देना है? (नहीं।) परमेश्वर ने तुम्हारे लिए शादी की व्यवस्था की है—उसने तुम्हें ऐसा परिवेश दिया है जहाँ तुम शादी के ढाँचे में रहकर एक पुरुष या महिला की जिम्मेदारियाँ और दायित्व पूरे कर सकते हो। परमेश्वर ने तुम्हारे लिए शादी की व्यवस्था की है, यानी उसने तुम्हें एक जीवनसाथी दिया है। यह साथी जीवनभर तुम्हारा साथ देगा और जीवन की हर अवस्था में तुम्हारे साथ रहेगा। “साथ” से मेरा क्या मतलब है? मेरे कहने का मतलब है कि तुम्हारा जीवनसाथी तुम्हारी मदद और देखभाल करेगा और जीवन में तुम्हारे सामने आने वाली हर चीज तुम्हारे साथ साझा करेगा। यानी, तुम्हारे सामने चाहे कितनी भी चीजें आएँ, तुम उनका सामना अकेले नहीं करोगे, बल्कि तुम दोनों मिलकर उनका सामना करोगे। इस तरह से जीने से जीवन कुछ हद तक आसान और अधिक सुकून भरा हो जाता है, जहाँ दोनों लोग अपनी-अपनी जिम्मेदारियाँ निभाते हैं और दोनों अपने-अपने मजबूत पक्षों और गुणों का उपयोग करते हुए अपना जीवन शुरू करते हैं। कितनी सरल बात है। लेकिन परमेश्वर ने तुमसे यह अपेक्षा नहीं की है कि तुम अंत तक अपने साथी से प्यार करो या हमेशा उसे खुश करो; उसने तुम्हें यह मिशन नहीं दिया है। परमेश्वर ने तुम्हारे लिए शादी की व्यवस्था की है, तुम्हें एक जीवनसाथी दिया है और तुम्हें एक नया जीवन-परिवेश दिया है। इस जीवन-परिवेश और संदर्भ में, उसका इरादा है कि तुम्हारा जीवनसाथी तुम्हारे साथ हर चीज साझा करे और मिलकर हर हालात का सामना करे, ताकि तुम अधिक आसानी और स्वतंत्रता से जी सको और साथ ही तुम जीवन के एक अलग चरण का अनुभव कर सको। हालाँकि, परमेश्वर ने तुम्हें शादी में बेचा नहीं है। मेरे कहने का क्या मतलब है? मेरा मतलब है कि परमेश्वर ने तुम्हारा जीवन, तुम्हारा भाग्य, तुम्हारा मिशन, तुम्हारे जीवन का मार्ग, तुम्हारे जीवन की दिशा और तुम्हारी आस्था तुम्हारे जीवनसाथी को नहीं सौंप दी है कि वह तुम्हारे लिए इन सबका निर्धारण करे। देखो, जब परमेश्वर ने शुरुआत में मानवजाति के लिए शादी की व्यवस्था की थी, तो उसने यह नहीं कहा था, “एक महिला (या पुरुष) की नियति, उसका अनुसरण, जीवन के प्रति उसका नजरिया और उसके जीवन का मार्ग उसके पति (या पत्नी) द्वारा तय किया जाना चाहिए।” परमेश्वर ने ऐसा नहीं कहा था और न ही उसने ऐसा नियत किया था। परमेश्वर ने यह भी नहीं कहा था, “वैवाहिक सुख की तलाश पुरुषों और महिलाओं का जीवनभर का मिशन है। केवल अपनी शादी की खुशी बनाए रखकर ही तुम अपने जीवन का मिशन पूरा कर पाओगे और एक सृजित प्राणी के रूप में उचित आचरण कर पाओगे।” परमेश्वर ने कभी ऐसी कोई बात नहीं कही है। और न ही परमेश्वर ने यह कहा, “तुम्हें शादी के ढाँचे में रहकर अपने जीवन का मार्ग चुनना होगा और तुम उद्धार पाओगे या नहीं, यह तुम्हारे साथी द्वारा तय किया जाना जरूरी होगा।” क्या परमेश्वर ने कभी ऐसी बात कही है? (नहीं।) परमेश्वर ने तुम्हारे लिए शादी नियत की और तुम्हें एक जीवनसाथी दिया है। शादी के बाद भी परमेश्वर के समक्ष तुम्हारी पहचान और दर्जा नहीं बदलता है। चाहे तुम पुरुष हो या महिला, तुम दोनों के बीच एक चीज समान है और वह यह है कि तुम दोनों सृष्टिकर्ता के सामने सृजित प्राणी हो। शादी के ढाँचे में, तुम लोग एक-दूसरे के प्रति सहनशील रहते हो, एक-दूसरे को सँजोते हो और एक-दूसरे की रक्षा करते हो, तुम एक-दूसरे की मदद और सहयोग करते हो, और यही तुम्हारे लिए जिम्मेदारियाँ निभाना है। लेकिन, परमेश्वर के सामने, जो जिम्मेदारियाँ तुम्हें निभानी चाहिए और जो मिशन तुम्हें पूरा करना चाहिए उसकी जगह अपने साथी के प्रति निभाई जाने वाली जिम्मेदारियाँ नहीं ले सकती हैं। इसलिए, जब भी अपने साथी के प्रति निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों और परमेश्वर के समक्ष एक सृजित प्राणी के कर्तव्य को करने के बीच टकराव की स्थिति हो, तो तुम्हें अपने साथी के प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ निभाने के बजाय एक सृजित प्राणी का कर्तव्य करना चाहिए। तुम्हें यही दिशा और यही लक्ष्य चुनना चाहिए और बेशक, यही मिशन पूरा करना चाहिए। हालाँकि, कुछ लोग गलती से वैवाहिक सुख की तलाश या अपने साथी के प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ निभाने, अपने साथी का ध्यान रखने, उसकी देखभाल करने, उसे संजोने और उसकी रक्षा करने को अपने जीवन का मिशन बना लेते हैं; वे अपने साथी को अपनी पूरी दुनिया, अपना जीवन मान लेते हैं—यह गलत है। तुम्हारी नियति परमेश्वर की संप्रभुता के अधीन है, इसमें तुम्हारे साथी का कोई नियंत्रण नहीं है। शादी तुम्हारी नियति नहीं बदल सकती, और न ही वह इस तथ्य को बदल सकती है कि परमेश्वर तुम्हारी नियति पर संप्रभु है। जीवन के प्रति तुम्हारा जो नजरिया होना चाहिए और तुम्हें जिस मार्ग पर चलना चाहिए, उन्हें तुम्हें परमेश्वर की शिक्षाओं और अपेक्षाओं के वचनों में खोजना चाहिए, उनके लिए अपने साथी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए और इन्हें अपने साथी को तय करने नहीं देना चाहिए। तुम्हारे प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ निभाने के अलावा उसका तुम्हारे भाग्य पर कोई नियंत्रण नहीं होना चाहिए और न ही उसे तुमसे तुम्हारे जीवन की दिशा बदलने की माँग करनी चाहिए, उसे यह तय नहीं करना चाहिए कि तुम किस मार्ग पर चलोगे या जीवन के प्रति तुम्हारा नजरिया क्या रहेगा; तुम्हें उद्धार का अनुसरण करने से रोकना या बाधित करना तो दूर रहा। जहाँ तक शादी की बात है, लोगों को बस इसे परमेश्वर से स्वीकार लेना चाहिए और परमेश्वर द्वारा मनुष्य के लिए शादी की नियत परिभाषा के अनुरूप चलना चाहिए, जहाँ पति और पत्नी दोनों ही एक-दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ और दायित्व पूरे करते हैं। वे अपने साथी की नियति, उसका पिछला जीवन, वर्तमान जीवन या अगला जीवन तय नहीं कर सकते, अनंत काल की तो बात छोड़ ही दो। तुम्हारी मंजिल, तुम्हारी नियति, और तुम्हारे जीवन का मार्ग केवल सृष्टिकर्ता तय कर सकता है। इसलिए, एक सृजित प्राणी होने के नाते, चाहे तुम्हारी भूमिका पत्नी की हो या पति की, इस जीवन में तुम्हें जिस खुशी का अनुसरण करना चाहिए वह एक सृजित प्राणी के रूप में अपना कर्तव्य करने और एक सृजित प्राणी का मिशन पूरा करने से ही आती है। खुशी शादी से नहीं मिलती है और शादी के ढाँचे में रहकर तुम्हारे द्वारा पत्नी या पति की जिम्मेदारियाँ निभाने से तो बिल्कुल भी नहीं मिलती है। बेशक, जीवन में जो मार्ग तुम चुनते हो और जो नजरिया अपनाते हो, वह वैवाहिक सुख पर आधारित नहीं होना चाहिए; यह पति-पत्नी में से किसी एक के द्वारा निर्धारित तो और भी नहीं होना चाहिए—यह बात तुम्हें समझनी होगी। इसलिए, जो लोग शादी करने के बाद केवल वैवाहिक सुख की तलाश करते हैं और केवल इस तलाश को ही अपना मिशन मानते हैं, उन्हें ऐसे विचारों और दृष्टिकोणों को त्याग देना चाहिए, और अपने अभ्यास का तरीका और जीवन की दिशा बदलनी चाहिए। तुम बस परमेश्वर के विधान के अनुसार शादी करके अपने साथी के साथ जीवन जी रहे हो, और एक साथ जीवन बिताते हुए पत्नी या पति की जिम्मेदारियाँ निभाना पर्याप्त है। जहाँ तक यह सवाल है कि तुम किस मार्ग पर चलते हो और जीवन के प्रति क्या नजरिया अपनाते हो, इसका तुम्हारे साथी पर कोई दायित्व नहीं है और उसे इन चीजों का फैसला करने का कोई अधिकार नहीं है। भले ही तुम पहले से शादीशुदा हो और तुम्हारा एक जीवनसाथी है, अगर यह तथाकथित जीवनसाथी परमेश्वर द्वारा नियत किया गया है, तो वह बस एक जीवनसाथी की जिम्मेदारियाँ निभा सकता है; बाकी हर वह चीज जिसका उससे कोई लेना-देना नहीं है, उसे चुनना और उसका फैसला करना तुम्हारा काम है। बेशक, इससे भी महत्वपूर्ण यह है कि तुम्हारे चुनाव और फैसले अपनी पसंद-नापसंद और समझ पर आधारित नहीं होने चाहिए, बल्कि परमेश्वर के वचनों पर आधारित होने चाहिए। क्या इस मामले पर स्पष्ट रूप से संगति कर ली गई है? (हाँ।) इसलिए, शादी के ढाँचे में जब दोनों में से कोई भी साथी वैवाहिक सुख की तलाश में सब कुछ दाँव पर लगाता है या कोई भी त्याग करता है, तो परमेश्वर उसे याद नहीं रखता। चाहे तुम कितने ही अच्छे तरीके से या बिना किसी कमी के अपने साथी के प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ और दायित्व निभाओ या अपने साथी से कितनी भी अच्छी तरह से पेश आओ—दूसरे शब्दों में, चाहे तुम कितने ही अच्छे तरीके से या बिना किसी कमी के अपना वैवाहिक सुख बनाए रखते हो या चाहे यह कितना ही दूसरों की ईर्ष्या का कारण बने—इसका मतलब यह नहीं है कि तुमने एक सृजित प्राणी का मिशन पूरा कर लिया है और न ही इससे साबित होता है कि तुम ऐसे सृजित प्राणी हो जो मानक स्तर का है। हो सकता है कि तुम एक आदर्श पत्नी या एक आदर्श पति हो, लेकिन यह बस शादी के ढाँचे तक ही सीमित है। तुम कैसे इंसान हो, सृष्टिकर्ता इसे इस आधार पर मापता है कि तुम उसके समक्ष एक सृजित प्राणी का कर्तव्य कैसे करते हो, तुम किस मार्ग पर चलते हो, जीवन के प्रति तुम्हारा नजरिया क्या है, जीवन में तुम किस चीज का अनुसरण करते हो और एक सृजित प्राणी होने का मिशन कितनी अच्छी तरह से पूरा करते हो। इन चीजों से ही परमेश्वर एक सृजित प्राणी के रूप में तुम्हारे द्वारा अपनाए गए मार्ग और तुम्हारी भविष्य की मंजिल को मापता है। वह इसे इस आधार पर नहीं मापता है कि तुम पत्नी या पति के रूप में अपनी जिम्मेदारियों और दायित्वों को कितनी अच्छी तरह पूरा करते हो, न ही इस आधार पर कि अपने साथी के प्रति तुम्हारा प्यार उसे खुश रखता है या नहीं।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (11)
हम “वैवाहिक सुख के पीछे भागना छोड़ने” पर संगति इसलिए नहीं कर रहे हैं कि तुम शादी करना छोड़ दो या तुम्हें तलाक लेने के लिए प्रोत्साहित करें, बल्कि इसलिए कर रहे हैं ताकि तुम सत्य को समझ सको, शादी के बारे में सही दृष्टिकोण रख सको और वैवाहिक सुख के पीछे भागना छोड़ने में सक्षम हो सको। सबसे पहले, वैवाहिक सुख के पीछे भागने को लेकर उन गलत दृष्टिकोणों को छोड़ दो और फिर वैवाहिक सुख के पीछे भागने के गलत अभ्यासों को छोड़ दो, अपना अधिकांश समय, वर्ष और ऊर्जा सत्य का अनुसरण करने और एक सृजित प्राणी का कर्तव्य करने में समर्पित करो। जहाँ तक शादी की बात है, अगर यह तुम्हारे सत्य के अनुसरण में बाधा नहीं डालती या उसके आड़े नहीं आती है, तो तुम्हें जो दायित्व पूरे करने चाहिए, जो मिशन पूरा करना चाहिए और शादी के ढाँचे के भीतर तुम्हें जो भूमिका निभानी चाहिए, वह नहीं बदलेगी। इसलिए, तुमसे वैवाहिक सुख के पीछे भागना छोड़ने के लिए कहना तुम्हें विवाह छोड़ने या तलाक लेने के लिए कहना नहीं है, बल्कि तुमसे विवाह के साथ सही ढंग से पेश आने के लिए कहना है और फिर, इस नींव पर, एक सृजित प्राणी के रूप में अपना मिशन पूरा करने और जो कर्तव्य तुम्हें करना चाहिए उसे पूरा करने के लिए कहना है। बेशक, यदि तुम्हारा वैवाहिक सुख के पीछे भागना एक सृजित प्राणी के तुम्हारे कर्तव्य निर्वहन को प्रभावित या बाधित करता है या यहाँ तक कि तुम्हारे इस कर्तव्य को छोड़ने का कारण बनता है जिसे तुम्हें करना ही चाहिए, तो तुम एक अत्यंत विद्रोही व्यक्ति हो। यदि तुम इस मामले पर सत्य की तलाश करते हो तो तुम्हें स्पष्ट रूप से यह देखने में सक्षम होना चाहिए कि लोगों को क्या बनाए रखना चाहिए और उन्हें क्या छोड़ देना चाहिए। तुम्हें जो छोड़ देना चाहिए वह केवल तुम्हारा वैवाहिक सुख के पीछे भागना नहीं है; तुम्हें अपना पूरा विवाह छोड़ देना चाहिए। इस तरह, तुम सत्य सिद्धांतों के साथ पूर्ण अनुरूपता प्राप्त करोगे। इन मुद्दों पर संगति करने का अंतिम उद्देश्य और महत्व क्या है? यह तुम्हें बताना है : तुम्हें वैवाहिक सुख द्वारा रोका गया, अंधा किया गया, बाधित या यहाँ तक कि उसके वश में नहीं होना चाहिए, तुम्हें वैवाहिक सुख के पीछे भागने को अपने जीवन पथ और अपने जीवन पर हावी नहीं होने देना चाहिए; इसके बजाय, तुम्हें उन जिम्मेदारियों और दायित्वों के साथ सही ढंग से पेश आना चाहिए जिन्हें तुम्हें विवाह में पूरा करना है और उन जिम्मेदारियों और दायित्वों को सही ढंग से पहचानना चाहिए जिन्हें तुम्हें पूरा करना है। अभ्यास करने का एक बेहतर तरीका यह है कि तुम अपने कर्तव्य में अधिक समय और ऊर्जा समर्पित करो, जो कर्तव्य तुम्हें करना चाहिए उसे करो और जो मिशन परमेश्वर ने तुम्हें सौंपा है उसे पूरा करो। तुम्हें कभी नहीं भूलना चाहिए कि तुम एक सृजित प्राणी हो, परमेश्वर ने ही तुम्हें जीवन के इस पड़ाव पर लाकर खड़ा किया है, वह परमेश्वर ही है जिसने तुम्हें शादी की व्यवस्था दी, एक परिवार दिया और वे जिम्मेदारियाँ सौंपी जो तुम्हें शादी के ढाँचे के भीतर निभानी चाहिए, और कि वह तुम नहीं हो जिसने शादी का विकल्प चुना या ऐसा नहीं है कि तुम्हारी शादी बस यूँ ही हो गई, या फिर तुम अपनी क्षमताओं या ताकत के भरोसे अपने वैवाहिक सुख को कायम रख सकते हो। क्या अब मैंने इसे स्पष्ट रूप से समझा दिया है? (हाँ।) क्या तुम समझते हो कि तुम्हें क्या करना है? क्या अब तुम्हारा मार्ग स्पष्ट है? (हाँ।) अगर वैवाहिक जीवन में तुम्हारी जिम्मेदारियों और दायित्वों और एक सृजित प्राणी के रूप में तुम्हारे कर्तव्य और मिशन के बीच कोई टकराव या विरोधाभास नहीं है, तो ऐसी परिस्थिति में तुम्हें शादी के ढाँचे के भीतर अपनी जिम्मेदारियाँ उस तरह निभानी चाहिए जैसे उन्हें निभाया जाना चाहिए, तुम्हें अपनी जिम्मेदारियाँ अच्छे से निभानी चाहिए, वे जिम्मेदारियाँ उठानी चाहिए जो तुम्हें उठानी हैं और उनसे भागने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। तुम्हें अपने जीवनसाथी की जिम्मेदारी लेनी ही चाहिए—उसके जीवन की, उसकी भावनाओं और उसके बारे में हर चीज की जिम्मेदारी। लेकिन जब शादी के ढाँचे के भीतर तुम्हारे द्वारा निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों और दायित्वों और एक सृजित प्राणी के रूप में तुम्हारे मिशन और कर्तव्य के बीच कोई टकराव होता है, तो तुम्हें अपना कर्तव्य या मिशन नहीं, बल्कि शादी के ढाँचे के भीतर अपनी जिम्मेदारियों को त्याग देना चाहिए। परमेश्वर तुमसे यही अपेक्षा करता है, यह तुम्हारे लिए परमेश्वर का आदेश है और बेशक, हर पुरुष और महिला से परमेश्वर यही अपेक्षा करता है। जब तुम यह सब करने में सक्षम होगे तभी सत्य का अनुसरण कर रहे होगे और परमेश्वर का अनुसरण कर रहे होगे। अगर तुम इसमें सक्षम नहीं हो और इस तरह से अभ्यास नहीं कर सकते, तो तुम बस नाममात्र के विश्वासी हो, तुम सच्चे दिल से परमेश्वर का अनुसरण नहीं करते, और सत्य का अनुसरण करने वालों में से भी नहीं हो। मुख्यभूमि चीन में परमेश्वर के चुने हुए कुछ लोग अपने कर्तव्य निभाने और राज्य के सुसमाचार का प्रसार करने के लिए अब एक के बाद एक विदेश जा रहे हैं। कुछ लोग कहते हैं, “अगर मैं अपना कर्तव्य निभाने के लिए विदेश जाता हूँ, तो मुझे अपने परिवार का त्याग करना पड़ेगा। क्या मैं कभी अपने पति (या पत्नी) को नहीं देख पाऊँगा? क्या हमें एक दूसरे से दूर अलग-अलग जगहों पर नहीं रहना पड़ेगा? क्या हमारा वैवाहिक संबंध टूट जाएगा? तब मैं अपने पति (या पत्नी) के बिना कैसे रहूँगा?” क्या तुम्हें यह सोचना चाहिए कि तुम्हारा भविष्य कैसा होगा? वह कौन-सी चीज है जिसके बारे में तुम्हें सबसे ज़्यादा सोचना चाहिए? यदि तुम सत्य का अनुसरण करने वाले व्यक्ति बनना चाहते हो, तो तुम्हें सबसे ज़्यादा इस बारे में सोचना चाहिए कि परमेश्वर तुमसे जिस चीज को छोड़ने के लिए कहता है उसे कैसे छोड़ें और परमेश्वर तुमसे जिस चीज को पूरा करने के लिए कहता है उसे कैसे पूरा करें। भले ही भविष्य में तुम्हें वैवाहिक जीवन और अपने साथी के बिना रहना हो, फिर भी तुम अपने अंतिम वर्षों को देखने के लिए जी पाओगे और अच्छी तरह से जियोगे। लेकिन यदि तुम अपना कर्तव्य निभाने के इस अवसर को छोड़ देते हो, तो यह तुम्हारे उस कर्तव्य को छोड़ने के बराबर है जिसे तुम्हें करना चाहिए और उस मिशन को छोड़ने के बराबर है जो परमेश्वर ने तुम्हें सौंपा है। परमेश्वर की नजर में, तब तुम सत्य का अनुसरण करने वाले व्यक्ति, वास्तव में परमेश्वर को चाहने वाले व्यक्ति या उद्धार का अनुसरण करने वाले व्यक्ति नहीं होगे। यदि तुम सक्रिय रूप से उद्धार प्राप्त करने के अपने अवसर और अधिकार को छोड़ देते हो, अपने मिशन को छोड़ देते हो, और इसके बजाय तुम वैवाहिक जीवन को चुनते हो, अपने जीवनसाथी के साथ रहने का विकल्प चुनते हो, उसका साथ देने और उसे संतुष्ट करने का विकल्प चुनते हो, और अपने वैवाहिक संबंध को अक्षुण्ण रखने का विकल्प चुनते हो तो अंत में तुम कुछ प्राप्त करते हुए निश्चित रूप से कुछ खोओगे। तुम समझते हो कि तुम क्या खो बैठोगे, है न? शादी तुम्हारा सब कुछ नहीं है, न ही वैवाहिक सुख तुम्हारा सब कुछ है—यह तुम्हारी किस्मत तय नहीं कर सकता, यह तुम्हारा भविष्य भी तय नहीं कर सकता, तो फिर तुम्हारी मंजिल तय करना तो दूर की बात है। तो, लोगों को क्या फैसला करना चाहिए, और क्या उन्हें वैवाहिक सुख के पीछे भागना छोड़कर एक सृजित प्राणी का कर्तव्य करना चाहिए, यह उन पर निर्भर करता है।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (10)
परमेश्वर ने तुम्हारे लिए शादी सिर्फ इसलिए नियत की है ताकि तुम अपनी जिम्मेदारियाँ निभाना सीख सको, किसी दूसरे इंसान के साथ शांतिपूर्ण ढंग से रहना सीख सको और उसके साथ जीवन बिता सको, यह अनुभव कर सको कि अपने जीवनसाथी के साथ जीवन बिताना कैसा होता है और यह जान सको कि तुम्हें एक टीम के रूप में सभी तरह के हालात का सामना कैसे करना चाहिए, जिससे तुम्हारा जीवन पहले से अधिक समृद्ध और अलग हो जाए। हालाँकि, उसने शादी में तुम्हें बेचा नहीं है और बेशक उसने तुम्हारे जीवनसाथी के हाथों तुम्हें उसका गुलाम बनने के लिए नहीं बेचा है। तुम उसके गुलाम नहीं हो और वह तुम्हारा मालिक नहीं है। तुम दोनों बराबर हो। तुम्हें अपने साथी के प्रति सिर्फ एक पत्नी (या पति) की जिम्मेदारियाँ निभानी हैं, और जब तुम ये जिम्मेदारियाँ निभाते हो, तो परमेश्वर तुम्हें एक पत्नी (या पति) मानता है जो मानक स्तरीय है। अगर तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो और सत्य का अनुसरण करते हो, अपना कर्तव्य कर सकते हो, अक्सर सभाओं में जाते हो, परमेश्वर के वचनों का प्रार्थना-पाठ करते हो और परमेश्वर के समक्ष आते हो, तो ये वे चीजें हैं जिन्हें परमेश्वर स्वीकार करता है; एक सृजित प्राणी को यही करना चाहिए और एक सृजित प्राणी को इसी सामान्य स्थिति में जीना चाहिए। इसमें कुछ भी शर्मनाक नहीं है और तुम्हें ऐसा महसूस करने की कोई जरूरत नहीं है कि इस तरह का जीवन जीने के कारण तुम अपने जीवनसाथी के ऋणी हो—तुम उसके ऋणी नहीं हो। अगर वह मानता है कि परमेश्वर का अस्तित्व है, तो तुम्हारा दायित्व है कि तुम उसे परमेश्वर के कार्य की गवाही दो। लेकिन अगर वह परमेश्वर में विश्वास नहीं करता है और उसके मूल्य और मार्ग तुम्हारे मूल्य और मार्ग जैसे नहीं हैं, तो तुम्हें अपनी आस्था या जिस मार्ग पर तुम चलते हो उसके बारे में उसे कोई भी जानकारी देने की जरूरत नहीं है और न ही तुम ऐसा करने के लिए बाध्य हो और न ही उसे इन चीजों के बारे में जानने का कोई अधिकार है। तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो और अगर वह तुम्हारा समर्थन करता है, तुम्हें प्रोत्साहित करता है और तुम्हारा बचाव करता है, तो वह अपनी जिम्मेदारी और दायित्व निभा रहा है। अगर वह ऐसा नहीं कर सकता, तो वह मानवता वाला व्यक्ति नहीं है। मैं ऐसा क्यों कहता हूँ? क्योंकि तुम जिस मार्ग पर चलते हो वह सही है और क्योंकि तुम सही मार्ग पर चलते हो, इसलिए तुम्हारा परिवार और तुम्हारा जीवनसाथी धन्य हैं और तुम्हारे साथ परमेश्वर के अनुग्रह का आनंद लेते हैं। इसके लिए उसका तुम्हारे प्रति आभारी होना ही सही है, न कि तुम्हारे साथ भेदभाव करना या तुम्हें सताना या यह मानना कि तुम्हें घर के काम और अन्य चीजें ज्यादा करनी चाहिए या तुम उसके ऋणी हो, क्योंकि तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो और अत्याचार सहते हो। तुम भावनात्मक, मानसिक या किसी अन्य तरीके से उसके ऋणी नहीं हो। इसके विपरीत, क्योंकि तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो, वह परमेश्वर से और भी अधिक अतिरिक्त अनुग्रह और आशीषों का आनंद लेता है—वह काफी फायदे में रहा है। मेरे यह कहने का क्या मतलब है कि वह “काफी फायदे में रहा है”? मेरा मतलब है कि ऐसा व्यक्ति उन चीजों को पाने के लायक नहीं है और उसे वे नहीं मिलनी चाहिए। उसे वे चीजें क्यों नहीं मिलनी चाहिए? क्योंकि वह परमेश्वर को नहीं मानता और परमेश्वर का अनुसरण नहीं करता। उसके इस सारे अनुग्रह का आनंद लेने का कारण पूरी तरह से यह है कि तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो। वह तुम्हारी बदौलत फायदा उठा रहा है, तुम्हारे साथ आशीषों का आनंद ले रहा है और उसके लिए तुम्हारे प्रति आभारी होना ही सही है। दूसरे शब्दों में, क्योंकि वह इन अतिरिक्त आशीषों और इस अतिरिक्त अनुग्रह का आनंद लेता है, इसलिए उसे अधिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए और परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास का और भी अधिक समर्थन करना चाहिए। कुछ लोग परमेश्वर के अनुग्रह का आनंद इसलिए लेते हैं क्योंकि उनके घर में एक व्यक्ति परमेश्वर में विश्वास करता है—परिवार का कारोबार लगातार बढ़ता जाता है, वे अधिक पैसा कमाते हैं, उनका भौतिक जीवन अधिक समृद्ध हो जाता है और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है। ये चीजें कैसे होती हैं? कुछ लोग कहते हैं, “परमेश्वर ने नियत किया था कि वे अमीर होंगे।” यह सच है कि परमेश्वर ने यह नियत किया था, लेकिन अगर उनके परिवार में कोई भी परमेश्वर में विश्वास नहीं करता, तो उनके कारोबार को परमेश्वर से इतना अनुग्रह और इतने आशीष नहीं मिलते। ऐसा इसलिए है क्योंकि परिवार में कोई सच्चे मन से परमेश्वर में विश्वास करता है, सत्य का अनुसरण करता है और स्वेच्छा से खुद को अर्पित करता है और खपाता है, जिससे अविश्वासी परिवार के सदस्यों को बिना हक के यह अनुग्रह और ये आशीष मिलते हैं। परमेश्वर के लिए, ऐसा करना बेहद आसान है। अविश्वासी इसके बाद भी संतुष्ट नहीं होते, वे तो परमेश्वर के विश्वासियों को दबाते और सताते भी हैं। देश और समाज विश्वासियों पर जैसा अत्याचार करता है वह पहले से ही उनके लिए एक आपदा है, और फिर भी उनके परिवार वाले उन पर दबाव बनाने के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में, अगर तुम्हें अब भी लगता है कि तुम उसके ऋणी हो और अपनी शादी के गुलाम बनने को तैयार हो, तो तुम्हें ऐसा बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। वह परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास का समर्थन नहीं करता, तो कोई बात नहीं; वह परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास का बचाव नहीं करता है, तब भी कोई बात नहीं। वह ऐसा करने के लिए स्वतंत्र है। लेकिन, उसे इसलिए तुम्हारे साथ गुलाम जैसा व्यवहार नहीं करना चाहिए कि तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो। तुम गुलाम नहीं हो, एक मनुष्य हो, एक गरिमामय और ईमानदार व्यक्ति हो। कम से कम, परमेश्वर के सामने तुम एक सृजित प्राणी हो, किसी के गुलाम नहीं। अगर तुम्हें गुलाम बनना ही है, तो सत्य का गुलाम बनो, परमेश्वर का गुलाम बनो, किसी व्यक्ति का गुलाम मत बनो, और अपने जीवनसाथी को अपना मालिक तो बिल्कुल मत मानो। दैहिक रिश्तों के मामले में, तुम्हारे माता-पिता के अलावा, इस संसार में तुम्हारे सबसे करीब तुम्हारा जीवनसाथी ही है। फिर भी बस इसलिए कि तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो, वह तुम पर इस तरह हमले और अत्याचार करता है मानो तुम उसके दुश्मन हो। वह तुम्हारे सभा में जाने का विरोध करता है; कोई अफवाह सुनने को मिल जाए, तो वह घर आकर सीधे तुम्हें डाँटता और पीटता है। यहाँ तक कि जब तुम घर पर परमेश्वर के वचन पढ़ते या प्रार्थना करते हो और उनके सामान्य जीवन में कोई दखल नहीं देते, वे तुम्हें फटकारेंगे और तुम्हारा विरोध करेंगे, और तुम्हें पीटेंगे भी। बताओ, वे किस प्रकार के प्राणी हैं? क्या वे राक्षस नहीं हैं? क्या यह वही व्यक्ति है जो तुम्हारे सबसे करीब है? क्या ऐसा व्यक्ति इस लायक है कि तुम उसके प्रति अपनी कोई भी जिम्मेदारी निभाओ? (नहीं।) ऐसा शादीशुदा जीवन जीने वाले कुछ लोग वही करते हैं जो उनका जीवनसाथी उन्हें करने के लिए कहता है, वे उनके लिए सब कुछ त्यागने को तैयार रहते हैं—वे अपना कर्तव्य करने में दिया जाने वाला समय, अपना कर्तव्य करने का अवसर और यहाँ तक कि अपना उद्धार पाने का मौका भी त्यागने को तैयार होते हैं। इसमें से कुछ भी उचित नहीं है और कम से कम उन्हें ऐसे विचारों को पूरी तरह त्याग देना चाहिए। परमेश्वर का ऋणी होने के अलावा, लोग किसी और के ऋणी नहीं हैं। तुम पर अपने माता-पिता, अपने पति (या पत्नी), अपने बच्चों का कोई कर्ज नहीं है, अपने दोस्तों का तो बिल्कुल भी कोई कर्ज नहीं है—तुम किसी के भी ऋणी नहीं हो। लोगों के पास जो कुछ भी है सब परमेश्वर से आता है, उनकी शादियाँ भी परमेश्वर द्वारा नियत की जाती हैं। अगर हम ऋणी होने की बात करें, तो लोग सिर्फ परमेश्वर के ऋणी हैं। बेशक, परमेश्वर यह माँग नहीं करता कि तुम उसका कर्ज उतारो; वह बस इतना चाहता है कि तुम जीवन में सही मार्ग पर चलो। शादी के संबंध में, तुम्हारे लिए परमेश्वर का सबसे बड़ा इरादा यह है कि तुम इसके साथ सही ढंग से पेश आ सको—विशेष रूप से जब परमेश्वर में विश्वास की बात आती है, तो तुम्हें अपने पति (या पत्नी) द्वारा बाधित नहीं होना चाहिए और तुम्हें अपनी शादी के परिणामस्वरूप, अपनी गरिमा और सत्यनिष्ठा नहीं खोनी चाहिए या जीवन के प्रति अपने सही नजरिए और अनुसरण की दिशा को नहीं छोड़ना चाहिए या यहाँ तक कि सत्य का अनुसरण करना, अपने उद्धार का अवसर या परमेश्वर द्वारा तुम्हें दिया गया कोई भी आदेश या मिशन नहीं छोड़ना चाहिए और इसके बजाय स्वेच्छा से अपनी शादी का गुलाम नहीं बन जाना चाहिए। अगर तुम अपनी शादी इस तरह सँभालते हो तो तुम्हारा शादी न करना बेहतर होता और तुम्हारे लिए अकेले जीवन जीना उपयुक्त होगा। अगर तुम सब कुछ करने के बाद भी शादी की ऐसी परिस्थिति या ढाँचे से खुद को मुक्त नहीं कर सकते, तो फिर इस शादी को पूरी तरह खत्म कर देना ही सबसे अच्छा रहेगा, और तुम्हारा एक आजाद पंछी की तरह जीना बेहतर होगा। जैसा कि मैंने कहा है, शादी नियत करने के पीछे परमेश्वर का इरादा यह है कि तुम्हें एक जीवनसाथी मिले जो तुम्हारे साथ मिलकर जीवन के सभी उतार-चढ़ावों का सामना करे और जीवन के हर चरण से गुजरे, ताकि तुम जीवन के हर चरण में अकेले न रहो, कोई तुम्हारे साथ हो, कोई ऐसा हो जिसे तुम अपने मन की बातें बता सको, और जो तुम्हें सुकून दे और तुम्हारी देखरेख कर सके। लेकिन, परमेश्वर शादी का इस्तेमाल तुम्हें बाँधने के लिए नहीं करता—वह तुम्हारे हाथ-पैर बाँधने के लिए शादी का इस्तेमाल नहीं करता, जिससे कि तुम्हारे पास अपना मार्ग चुनने का कोई हक ही नहीं हो और तुम्हें शादी का गुलाम बनना पड़े। परमेश्वर ने तुम्हारे लिए शादी नियत की है और एक जीवनसाथी की व्यवस्था की है; उसने तुम्हारे लिए कोई मालिक नहीं ढूँढ़ा है, और न ही वह चाहता है कि तुम अपने अनुसरणों के बिना, अपने जीवन के लक्ष्यों के बिना, अपने अनुसरणों के लिए सही दिशा के बिना और उद्धार का अनुसरण करने के अधिकार के बिना शादी के दायरे तक ही सीमित रहो। इसके विपरीत, चाहे तुम शादीशुदा हो या नहीं हो, परमेश्वर ने तुम्हें जो सबसे बड़ा अधिकार दिया है, वह है अपने जीवन के लक्ष्यों का अनुसरण करना, जीवन के प्रति सही नजरिया अपनाना और उद्धार पाने का अनुसरण करना। कोई तुमसे यह अधिकार नहीं छीन सकता और कोई इसमें दखल नहीं दे सकता, तुम्हारा जीवनसाथी भी नहीं। इसलिए, तुममें से जो लोग अपने वैवाहिक जीवन में गुलाम की भूमिका निभाते हैं, उन्हें गुलामी का जीवन जीने का तरीका त्याग देना चाहिए, अपनी शादी और अपने बच्चों के लिए जीने के विचारों और अभ्यासों को छोड़ देना चाहिए और उस स्थिति से बाहर निकल आना चाहिए। अपने जीवनसाथी द्वारा बाधित मत हो और अपने जीवनसाथी की भावनाओं, विचारों, बातों, रवैये या यहाँ तक कि उसके क्रियाकलापों से प्रभावित, सीमित, बाधित या बंधे हुए मत रहो। उन सबको पीछे छोड़ दो और बहादुरी और साहस के साथ परमेश्वर पर निर्भर रहो। जब तुम परमेश्वर के वचन पढ़ना चाहो, तो उन्हें पढ़ो; जब सभा का समय हो, तो सभा में जाओ। इसका कारण यह है कि तुम एक इंसान हो, कोई जानवर नहीं और तुम्हें अपने क्रियाकलापों को नियंत्रित करने या अपने जीवन को बाधित और नियंत्रित करने के लिए किसी की जरूरत नहीं है, तुम्हें यह चुनने का अधिकार है कि तुम कैसे जीते हो और जीवन में अपने लक्ष्यों का अनुसरण कैसे करते हो और यह परमेश्वर द्वारा तुम्हें दिया गया अधिकार है—विशेष रूप से, चूँकि तुम परमेश्वर में विश्वास करके सही मार्ग पर चल रहे हो, इसलिए तुम्हें किसी के भी द्वारा बिल्कुल बाधित नहीं होना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जब परमेश्वर का घर तुम्हें कोई कर्तव्य सौंपता है, तो तुम्हें—इसे अपना बाध्यकारी कर्तव्य मानते हुए, किसी अन्य विकल्प पर विचार किए बिना और बिना किसी संकोच के—सब कुछ एक तरफ रख देना चाहिए और वह कर्तव्य करना चाहिए जो तुम्हें करना जरूरी है, ताकि परमेश्वर के हृदय को संतुष्ट करने के लिए परमेश्वर द्वारा तुम्हें दिया गया मिशन पूरा हो सके। सत्य का अनुसरण करने वालों में यही रवैया, संकल्प और इच्छा होनी चाहिए। इस बात की परवाह किए बिना कि काम के लिए तुम्हें कई महीनों, आधे साल, एक साल या उससे भी अधिक समय के लिए घर छोड़ना पड़ेगा, परमेश्वर द्वारा तुम्हें दिए गए मिशन को पूरा करने के लिए तुम्हें अपना परिवार छोड़ने और अपना सब कुछ त्याग देने को अपना बाध्यकारी कर्तव्य मानना चाहिए। इसका कारण यह है कि अब परमेश्वर द्वारा मनुष्य को बचाने के कार्य का अहम पल है; राज्य का सुसमाचार फैलाने के लिए अधिक लोगों को अपनी शक्ति का योगदान देने की जरूरत है—यह तुम्हारा कर्तव्य और जिम्मेदारी है। इस प्रकार, यह मत सोचो कि शादीशुदा होने का मतलब यह है कि तुम्हें अपनी शादी का गुलाम होना चाहिए या शादी का टूटना अपमान की बात है। वास्तव में, यह कोई अपमान की बात नहीं है; यह उन परिस्थितियों पर निर्भर करता है जिनमें तुम्हारी शादी खत्म होती है और परमेश्वर की व्यवस्थाएँ क्या हैं। अगर परमेश्वर इसे नियत करता है, इस पर संप्रभुता रखता है और परमेश्वर के पास तुम्हारे लिए एक आदेश है, तुम एक न्यायसंगत कार्य के लिए, परमेश्वर को संतुष्ट करने का अनुसरण करने और एक सृजित प्राणी के रूप में अपना मिशन पूरा करने के लिए अपनी शादी को त्याग देते हो और खत्म कर देते हो, तो यह ऐसी चीज है जिसे परमेश्वर द्वारा याद रखा और स्वीकार किया जाता है। यह कोई अपमान की बात नहीं है; यह गौरव की बात है। भले ही तुम्हारी शादी इसलिए टूट जाए क्योंकि तुम्हारा जीवनसाथी तुम्हें छोड़ देता है और तुम्हें धोखा देता है—बोलचाल की भाषा में, तुम्हें ठुकरा दिया जाता है और लात मार दी जाती है—तो यह कोई शर्मनाक बात नहीं है। तुम्हें कहना चाहिए, “यह मेरे लिए सम्मान की बात है, क्योंकि परमेश्वर के विधान और संप्रभुता के कारण ही मेरी शादी इस मुकाम पर पहुँची और इस तरह खत्म हुई। परमेश्वर के मार्गदर्शन से ही मैं यह कदम उठा पाया। अगर परमेश्वर ऐसा नहीं करता और वह मेरे साथी को मुझे लात मारकर निकालने की अनुमति नहीं देता, तो मेरे पास यह कदम उठाने का विश्वास और साहस नहीं होता। परमेश्वर की संप्रभुता और मार्गदर्शन का धन्यवाद! सारी महिमा परमेश्वर की हो!” यह एक सम्मान की बात है। सभी प्रकार की शादियों में, तुम्हें ऐसा अनुभव मिल सकता है : तुम परमेश्वर के मार्गदर्शन में सही मार्ग पर चलने का फैसला कर सकते हो, उसके द्वारा दिया गया मिशन पूरा कर सकते हो और इस आधार और प्रेरणा के साथ अपने जीवनसाथी को छोड़कर अपनी शादी तोड़ सकते हो। इसके लिए तुम बधाई के पात्र हो। इसमें कम से कम एक खुशी की बात तो यह है कि अब तुम अपनी शादी के गुलाम नहीं हो। तुम अपनी शादी की गुलामी से बच गए हो और अब तुम्हें इस बात की चिंता करने, पीड़ा सहने और संघर्ष करने की जरूरत नहीं है कि तुम अपनी शादी के गुलाम हो और इससे मुक्त होना चाहकर भी मुक्त होने में असमर्थ हो। उसी पल से, तुम बच गए हो, तुम अब आजाद हो और यह एक अच्छी बात है। इसी के साथ मैं उम्मीद करता हूँ कि तुममें से जिन लोगों की शादियाँ पहले बहुत पीड़ादायक ढंग से टूटी हैं और जो अभी भी इस घटना की छाया में जी रहे हैं, तुम अपनी शादी और उसकी यादों को वास्तव में भुला सको और इस शादी ने तुम्हें जो नफरत, गुस्सा और पीड़ा दी है, उसे त्याग सको; अपने साथी की खातिर तुमने जो सभी त्याग और प्रयास किए, उनके बदले तुम्हें बेवफाई, विश्वासघात और उपहास का सामना करना पड़ा हो, फिर अब भी तुम इन सबके कारण मन में कोई पीड़ा या गुस्सा न रखो। मुझे उम्मीद है कि तुम यह सब भुला दोगे, और इस बात पर खुद को खुशकिस्मत मानोगे कि तुम अब अपनी शादी के गुलाम नहीं हो, इस बात पर खुद को खुशकिस्मत मानोगे कि अब तुम अपनी शादी में अपने मालिक के लिए कुछ भी नहीं कर रहे या अनावश्यक त्याग नहीं कर रहे; लेकिन इसके बजाय तुम परमेश्वर के मार्गदर्शन और संप्रभुता में, जीवन के सही मार्ग का अनुसरण कर रहे हो, और वह कर्तव्य निभा रहे हो जो एक सृजित प्राणी को निभाना चाहिए, और अब तुम्हें परेशान होने या किसी बात की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। बेशक, अब तुम्हें अपने पति या पत्नी के बारे में सोचने, चिंता करने या बेचैन होने या उनकी यादों में डूबे रहने की कोई जरूरत नहीं है। तुम्हें अपने निजी मामलों के बारे में अपने पति या पत्नी से चर्चा करने की जरूरत नहीं है, तुम्हें अब उसके द्वारा बाधित होने की कोई जरूरत नहीं है। तुम्हें बस सत्य खोजना है और परमेश्वर के वचनों में आधार के रूप में सिद्धांत ढूँढ़ने हैं। तुम आजाद हो चुके हो और अब अपनी शादी के गुलाम नहीं हो। तुम भाग्यशाली महसूस करते हो कि तुमने शादी के उस खौफनाक अनुभव को पीछे छोड़ दिया है, तुम वास्तव में परमेश्वर के समक्ष आए हो, अब अपनी शादी के कारण बाधित नहीं हो, और अब तुम्हारे पास परमेश्वर के वचन पढ़ने, सभाओं में हिस्सा लेने, और आध्यात्मिक भक्ति करने के लिए ज्यादा समय है। तुम पूरी तरह से आजाद हो, तुम्हें अब किसी और की मनोदशा के हिसाब से किसी खास तरीके से काम नहीं करना है; तुम्हें किसी के उपहासपूर्ण ताने सुनने, और किसी की मानसिक स्थिति और भावनाओं का ख्याल रखने की जरूरत नहीं है—अकेले जीवन जीना बहुत बढ़िया है! तुम अब अपनी शादी के गुलाम नहीं हो; तुम दूसरों का गुलाम होने और उनके प्रति सभी प्रकार की जिम्मेदारियाँ निभाने के उस परिवेश से बाहर निकल सकते हो और एक सच्चे सृजित प्राणी, सृष्टिकर्ता के प्रभुत्व के अधीन एक सृजित प्राणी बन सकते हो और एक सृजित प्राणी का कर्तव्य निभा सकते हो, बस यही एक काम कर सकते हो। यह कितना अद्भुत है! तुम्हें वैवाहिक मामलों के कारण फिर कभी बहस करने, परेशान होने, बखेड़ा खड़ा करने, सहने, ज्यादती सहने या गुस्सा होने की जरूरत नहीं है; तुम्हें अब उस भयानक परिवेश और उन जटिल परिस्थितियों में जीने की जरूरत नहीं है। देखो यह कितना बढ़िया है—ये सभी अच्छी बातें हैं और एक बार इसके सही हो जाने पर बाकी सब कुछ अपनी जगह पर आ जाता है। जब कोई व्यक्ति सृष्टिकर्ता के समक्ष आता है, तो वह परमेश्वर के वचनों के अनुसार और सत्य सिद्धांतों के अनुरूप बोलता और कार्य करता है। अब वे उलझे हुए विवाद और झंझट नहीं रहते और वह अपने दिल में शांत रह सकता है। ये सभी अच्छी बातें हैं। लेकिन यह अफसोस की बात है कि कुछ लोग अभी भी ऐसे भयानक वैवाहिक परिवेश में गुलाम बनने को तैयार हैं और वे इससे मुक्त नहीं हुए हैं। जो भी हो, मुझे अभी भी उम्मीद है कि भले ही ये लोग अपनी शादी खत्म न करें, कम से कम वे अपनी शादी के गुलाम नहीं होंगे। तुम्हारा जीवनसाथी चाहे कोई भी हो, उसकी मानवता चाहे जैसी भी हो, उसका रुतबा कितना भी ऊँचा हो या वह कितना भी काबिल हो, फिर भी वह तुम्हारा मालिक नहीं है—वह तुम्हारा जीवनसाथी है, तुम्हारे बराबर है। वह तुमसे ज्यादा श्रेष्ठ नहीं है और तुम उससे कमतर नहीं हो। अगर वह अपनी वैवाहिक जिम्मेदारियाँ निभाने में सक्षम नहीं है, तो तुम्हें उसे फटकारने का अधिकार है और तुम उसे नियंत्रित करने के लिए बाध्य हो। यह मत सोचो कि वह बहुत दबंग है या इस बात से मत डरो कि वह तुमसे ऊब जाएगा और तुम्हें छोड़ देगा और परिणामस्वरूप अपनी शादी को बनाए रखने के लिए खुद को नीचा मत दिखाओ, उसे खुद पर हावी मत होने दो और स्वेच्छा से उसका और अपनी शादी का गुलाम बनकर समझौता मत करो। यह उचित नहीं है। शादी के ढाँचे में व्यक्ति को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए और न ही ये वे जिम्मेदारियाँ हैं जिन्हें व्यक्ति को निभाना चाहिए। परमेश्वर तुमसे किसी का गुलाम या मालिक बनने को नहीं कहता है। वह बस इतना चाहता है कि तुम अपनी जिम्मेदारियाँ निभाओ, और इसलिए तुम्हें शादी में निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों को सही से समझना चाहिए, और तुम्हें उस भूमिका को भी सही से समझना और साफ तौर पर देखना होगा जिसे तुम शादी में निभाओगे। अगर तुम जो भूमिका निभाते हो वह विकृत है और मानवता के अनुरूप नहीं है या परमेश्वर ने जो नियत किया है उसके अनुरूप नहीं है, तो तुम्हें आत्म-चिंतन करना चाहिए और खुद की जाँच करनी चाहिए और इस स्थिति से बाहर निकलने के तरीके को खोजना चाहिए। अगर तुम्हारा जीवनसाथी अपनी वैवाहिक जिम्मेदारियाँ पूरी करने में विफल रहता है और तुम्हारे साथ एक गुलाम जैसा व्यवहार करता है, तो तुम उसे फटकार लगा सकते हो; अगर अपने जीवनसाथी को फटकारने से तुम्हें बुरे परिणाम भुगतने पड़ेंगे, तो तुम्हें एक बुद्धिमानी भरा और उपयुक्त फैसला करना चाहिए।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (11)
जब लोगों की शादी होती है, तो वे सभी भाग्यशाली और खुश महसूस करते हैं। साथ ही, अधिकांश लोगों का मानना है कि शादी उनके भविष्य के सुखी जीवन का प्रतीक है और निश्चित रूप से वे शादी को उस मंजिल के रूप में भी देखते हैं जिसका वे इस जीवन में अनुसरण करते हैं। इसका क्या मतलब है? इसका मतलब है कि अधिकांश लोग, शादी करने के बाद, यह मानते हैं कि उनकी शादी ही उनकी मंजिल है, उनका विश्राम स्थल है। वे अपनी संभावनाओं, अपने भविष्य और अपनी खुशी को अपनी शादी और अपने जीवनसाथी पर टिका देते हैं। इस प्रकार, शादी करने के बाद, वे सोचते हैं कि अब उनके पास तलाशने के लिए कुछ और नहीं है और उन्हें किसी बात की चिंता नहीं है। ऐसा इसलिए है क्योंकि वे सोचते हैं कि उन्हें अपनी मंजिल मिल चुकी है, और यह मंजिल उनका साथी और वह घर है जो उन्होंने उस व्यक्ति के साथ मिलकर बसाया है। चूँकि उन्हें अपनी मंजिल मिल गई है, तो उन्हें किसी और चीज का अनुसरण या आशा करने की जरूरत नहीं है। ... जब कोई शादी करता है और उस शादी को अपनी मंजिल मान लेता है, जबकि वह जीवन के प्रति सही नजरिया अपनाने, जीवन के सही मार्ग पर चलने और परमेश्वर की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए अपना कर्तव्य निभाने को कुछ अतिरिक्त और गौण मानता है, तो यह दृष्टिकोण कि “शादी ही व्यक्ति की मंजिल है” अनजाने में उसके उद्धार के अनुसरण में एक ठोकर और बाधा बन जाता है और उसके जीवन के सही मार्ग पर चलने में एक रुकावट बन जाता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि जब लोग अपने जीवनसाथी को अपनी मंजिल और इस जीवन में अपनी नियति मान लेते हैं, तो वे मानते हैं कि उनके जीवनसाथी के सुख-दुख, उनका सौभाग्य और दुर्भाग्य उनसे जुड़े हैं और वे अपने स्वयं के सौभाग्य और दुर्भाग्य, अपने स्वयं के सुख-दुख को अपने जीवनसाथी से जुड़ा हुआ मानते हैं; इस प्रकार, वे यह मानने लगते हैं कि उनका जीवन और मृत्यु, उनकी खुशी और आनंद, सब एक साथ बंधे हुए हैं। इसलिए, इन लोगों के लिए, उनका यह विचार कि “शादी ही व्यक्ति की मंजिल है” उन्हें उनके जीवन के सही मार्ग, सकारात्मक चीजों और उद्धार पाने के अनुसरण में बहुत धीमा और निष्क्रिय बना देता है। कहने का तात्पर्य यह है कि यद्यपि कुछ लोग परमेश्वर में विश्वास करने लगे हैं और उसका अनुसरण करने लगे हैं, लेकिन अगर उनका जीवनसाथी दुनिया का अनुसरण करता है, तो वे अपरिहार्य रूप से अपने साथी से प्रभावित होंगे और उनके लिए सत्य का अनुसरण करने के मार्ग पर चलना आसान नहीं होगा। ... ऐसा इसलिए है क्योंकि उसके दिल में, उसका पति ही उसकी आत्मा है, वही उसका जीवन है, और इससे भी बढ़कर, वही उसका संपूर्ण संसार और उसका सब कुछ है। उसके दिल में बसा उसका पति उससे सबसे अधिक प्यार करता है, और वह भी अपने पति से सबसे अधिक प्यार करती है। उसे चिंता होती है कि उसका पति परमेश्वर में उसके विश्वास का विरोध करेगा और वह अक्सर इस बात को लेकर परेशान रहती है। भले ही वह परमेश्वर के घर में अपना कर्तव्य भी निभाना चाहती है, फिर भी जब उसे अपना कर्तव्य निभाने के लिए घर से दूर जाने की जरूरत होती है, तो वह लंबे समय तक घर से दूर रहने के विचार से ही पीड़ा महसूस करती है। उसे चिंता होती है कि अगर वह चली गई, तो उसके पति की देखभाल करने वाला कोई नहीं होगा और वह उसके बारे में सोचती रहेगी और उसे याद करेगी। उसे यहाँ तक लगता है कि वह उसके पास नहीं होगा, तो वह जी नहीं पाएगी, वह जीवन में आशा और दिशा खो देगी और वह पूरे दिल से अपना कर्तव्य नहीं निभा पाएगी। अभी इसके बारे में सोचने भर से ही उसके दिल को पीड़ा होती है, वास्तव में ऐसा होने की बात तो दूर रही। इसलिए, वह कभी भी अपना कर्तव्य निभाने के लिए कहीं और जाने का विचार सामने रखने की हिम्मत नहीं करती और जब कलीसिया के काम के लिए उसे यात्रा करने की जरूरत होती है, तो वह कभी भी सहमत होने की हिम्मत नहीं करती। वह केवल भाई-बहनों के लिए संदेश पहुँचाने या कभी-कभार सभाओं के लिए उनकी मेजबानी करने जैसे काम करती है, लेकिन वह कभी भी कुछ दिनों के लिए भी अपने पति से दूर रहने की हिम्मत नहीं करती। ... ये लोग हमेशा अपने दिल में महसूस करते हैं कि जब तक वे अपने साथी को देख सकते हैं, अपने साथी का हाथ पकड़ सकते हैं और उसके साथ रह सकते हैं, तब तक उनके पास जीवन भर निर्भर रहने के लिए कोई होगा, मानो उन्होंने कोई ऐसी दवा खा ली हो जिससे उनके मन को शांति मिल गई हो। वे सोचते हैं कि उन्हें कभी भी भोजन या कपड़े के बारे में चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे जीवन भर निश्चिंत रहेंगे; उन्हें लगता है कि उनका साथी ही उनकी मंजिल है। अविश्वासियों की एक कहावत है, “जीवन में तेरा साथ है तो मुझे और क्या चाहिए?” ये लोग अपने दिल की गहराइयों में अपनी शादी और अपने जीवनसाथी के प्रति ऐसा ही महसूस करते हैं; जब उनका जीवनसाथी खुश होता है, तो वे खुश होते हैं, जब उनका जीवनसाथी दुखी होता है, तो वे दुखी होते हैं और जब उनका साथी पीड़ा सहता है, तो वे पीड़ा सहते हैं। अगर उनके साथी की मृत्यु हो जाती है, तो वे भी अब और नहीं जीना चाहते। और अगर उनके साथी को किसी और से प्यार हो जाता है, तो वे क्या करते हैं? (वे जीवित नहीं रह सकते।) कुछ लोग आत्महत्या कर लेते हैं और कुछ विक्षिप्त—पागल हो जाते हैं। कुछ महिलाओं का मानना है कि इस जीवन में उनका पति ही उनकी मंजिल है और एक बार जब उन्हें ऐसा आदमी मिल जाता है, तो वे फिर कभी किसी और से प्यार नहीं करेंगी—“जीवन में उसका साथ है तो मुझे और क्या चाहिए?” लेकिन उसका पति अपना प्यार किसी और की तरफ मोड़ लेता है और उसे छोड़ देता है, तो फिर वह सभी पुरुषों से नफरत करने लगती है। जब वह किसी पुरुष को देखती है, तो वह उस पर थूकती है, उसका अपमान करती है और यहाँ तक कि उसे पीटना भी चाहती है। उसमें हिंसक प्रवृत्तियाँ विकसित हो जाती हैं और वह असामान्य विवेक दिखाती है। और ऐसे भी कुछ लोग हैं जो विक्षिप्त हो जाते हैं। जब लोग शादी को सही ढंग से नहीं समझते हैं, तो ये उसके परिणाम होते हैं।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (11)
जब तुम्हारा साथी तुमसे बेवफाई करे, तो तुम्हें क्या करना चाहिए? तुम्हें न तो शोर मचाना चाहिए और न ही तमाशा करना चाहिए और न ही तुम्हें पागलों की तरह व्यवहार करके जमीन पर लोटना चाहिए। तुम्हें समझना चाहिए कि जब ऐसा होता है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि आसमान टूट पड़ा है, न ही यह कि अपनी मनचाही मंजिल पाने का तुम्हारा सपना टूट गया है और निश्चित रूप से इसका मतलब यह नहीं है कि तुम्हारी शादी विफल हो गई है या टूटने और खत्म होने वाली है। बात सिर्फ इतनी है, क्योंकि हर किसी में भ्रष्ट स्वभाव होते हैं और क्योंकि लोग दुनिया की बुरी प्रवृत्तियों और सामाजिक माहौल से प्रभावित होते हैं और इन प्रवृत्तियों से बचाव करने में पूरी तरह से असमर्थ होते हैं, इसलिए लोग अपरिहार्य रूप से अपनी शादी में गलतियाँ कर बैठते हैं, धोखा देते हैं और बेवफा हो जाते हैं। यदि तुम इस समस्या को इस परिप्रेक्ष्य से देखो, तो यह कोई बहुत बड़ी बात नहीं है, क्योंकि हर विवाहित परिवार दुनिया के बड़े परिवेश और समाज की बुरी प्रवृत्तियों और माहौल से प्रभावित होता है; इस तरह की समस्याओं से बचना मुश्किल है। इसके अलावा, चूँकि लोगों में देह की कामुक इच्छाएँ होती हैं—और विशेष रूप से चूँकि दुष्ट समाज की अश्लील प्रवृत्तियों का प्रभाव उनके लिए उन सिद्धांतों और नैतिक सीमा पर टिके रहना मुश्किल बना देता है जिन पर उन्हें टिके रहना चाहिए—इसलिए कामुक इच्छाओं में उनका लिप्त होना उनके वश में नहीं होता। कामुक इच्छा अपने आप में भ्रष्ट नहीं है, लेकिन क्योंकि लोगों में भ्रष्ट स्वभाव होते हैं, साथ ही यह तथ्य भी है कि वे अपने परिवेश द्वारा प्रलोभन में पड़ जाते हैं, इसलिए वे पुरुषों और महिलाओं के बीच के मामलों में आसानी से गलतियाँ कर बैठते हैं; यह ऐसी बात है जिसे लोगों को स्पष्ट रूप से समझना चाहिए। भ्रष्ट स्वभावों वाला कोई भी व्यक्ति दुष्टता और अश्लीलता से भरे समाज के बड़े परिवेश में प्रलोभन या बहकावे के आगे टिक नहीं सकता। लोगों की कामुक इच्छा कभी भी और कहीं भी उमड़ सकती है और लोग कभी भी और कहीं भी बेवफाई कर सकते हैं। ऐसा इसलिए नहीं है कि कामुक इच्छा में ही कोई समस्या है, बल्कि इसलिए है क्योंकि भ्रष्ट स्वभाव होने के कारण, लोग प्रलोभन पर विजय प्राप्त नहीं कर सकते और यहाँ तक कि अपनी कामुक इच्छाओं का उपयोग ऐसी चीजें करने के लिए कर सकते हैं जो नैतिकता और आचार-विचार का उल्लंघन करती हैं और जिससे वे अपनी सत्यनिष्ठा खो बैठते हैं, जैसे कि बेवफाई करना, विवाहेतर संबंध रखना, रखैल रखना और ऐसे ही अन्य शर्मनाक चीजें करना। इस प्रकार, परमेश्वर में विश्वास करने वाला व्यक्ति होने के नाते अगर तुम इन चीजों पर सही ढंग से विचार कर सकते हो, तो तुम्हें इनसे विवेकशील ढंग से निपटना चाहिए। तुम एक भ्रष्ट इंसान हो और तुम्हारा पति (या पत्नी) भी एक भ्रष्ट इंसान है, इसलिए तुम्हें यह माँग नहीं करनी चाहिए कि सिर्फ इसलिए कि तुम अपनी शादी के प्रति वफादार रह सकते हो, तो उसे भी वफादार रहना चाहिए और वह कभी बेवफाई नहीं कर सकता। जब ऐसा कुछ होता है, तो तुम्हें सही तरीके से इसका सामना करना चाहिए। क्यों? क्योंकि ऐसी परिस्थितियाँ और प्रलोभन हर किसी के सामने आ सकते हैं। तुम अपने जीवनसाथी पर चाहे कितनी भी कड़ी नजर रखो, तुम ऐसी चीजों को घटित होने से नहीं रोक सकते, क्योंकि हर किसी में भ्रष्ट स्वभाव होते हैं और ऐसे दुष्ट सामाजिक परिवेश में रहते हुए, बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो व्यभिचारी गतिविधियों में लिप्त नहीं होते। भले ही कुछ लोगों ने ऐसा न किया हो, लेकिन ऐसा केवल इसलिए है क्योंकि उनकी स्थिति या परिस्थितियों ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी है। इंसान जानवरों से बहुत बेहतर नहीं हैं; जानवरों की प्रतिक्रियाएँ केवल शारीरिक सहज-वृत्ति तक सीमित होती हैं, लेकिन इंसान ऐसे नहीं होते—वे जानबूझकर व्यभिचारी गतिविधियों में लिप्त हो सकते हैं और घोर दुराचार कर सकते हैं। इस प्रकार, भ्रष्ट मानवजाति व्यभिचारी गतिविधियों में लिप्त होने के लिए सबसे अधिक प्रवृत्त है। इसलिए, इस दुष्ट समाज के व्यापक परिवेश में लगभग हर कोई घृणित और मर्यादाओं का उल्लंघन करने वाले काम करने में सक्षम है। यह एक निर्विवाद तथ्य है और यह एक ऐसी समस्या है जिससे बचा नहीं जा सकता। इसलिए, चूँकि इस तरह की चीज किसी के साथ भी हो सकती है, तो ऐसा क्यों है कि तुम इसे अपने पति (या पत्नी) के साथ नहीं होने देते? यह वास्तव में एक बहुत ही सामान्य बात है। ऐसा केवल इसलिए है क्योंकि तुम भावनात्मक रूप से उसके साथ जुड़े हुए हो, इसलिए जब वह तुम्हें छोड़ देता है, तो तुम उससे उबर नहीं पाते और तुम उसे सहन नहीं कर पाते। अगर किसी और के साथ ऐसा कुछ हो, तो तुम्हें लग सकता है कि यह सामान्य है और आजकल समाज बस इतना ही दुष्ट है। अविश्वासियों की वह कहावत क्या है? (घर में रिश्ता बरकरार रखते हुए बाहर दूसरे के साथ संबंध बनाना।) यह एक लोकप्रिय कहावत है और दुनिया की बुरी प्रवृत्तियों से पैदा हुई एक सामान्य-सी स्थिति है। लोग सोचते हैं कि यह एक आदमी के लिए शेखी बघारने वाली बात है और अगर किसी आदमी की घर के बाहर कोई प्रेमिका नहीं है, तो इसका मतलब है कि उसमें कोई खास बात नहीं है और उसमें कोई काबिलियत नहीं है और लोग उसे नीची नजर से देखेंगे। यह समाज की वर्तमान स्थिति है। जब कुछ महिलाओं को पता चलता है कि उनके पति का चक्कर चल रहा है, तो वे पागलों की तरह व्यवहार करती हैं, जमीन पर लोटती हैं, रोती हैं और तमाशा करती हैं या यहाँ तक कि फाँसी लगाने की कोशिश करती हैं; कुछ तो इतनी क्रोधित हो जाती हैं कि वे विक्षिप्त हो जाती हैं। यह शादी के प्रति ऐसी महिला के रवैये से संबंधित है और बेशक यह सीधे तौर पर उसके इस विचार से भी जुड़ा है कि “उसका जीवनसाथी ही उसकी मंजिल है।” वह सोचती है कि उसके पति का उनकी शादी को तोड़ना इस जीवन में उसकी मंजिल के लिए उसकी आशाओं और प्यारी इच्छाओं को नष्ट करने के बराबर है। चूँकि उसने उसे छोड़ दिया और अपनी शादी की कसमें तोड़ दीं, इसलिए उसका खूबसूरत सपना एक बुरे सपने में बदल गया है, जिससे वह ऐसे चरम व्यवहार करने लगती है। अगर तुम परमेश्वर से आई शादी की सही समझ को स्वीकार करते हो, तो तुम कुछ अधिक तर्कसंगत ढंग से व्यवहार करोगे। कोई भी व्यक्ति जो इस तरह की किसी स्थिति का सामना करता है, वह आहत महसूस करेगा, रोएगा और पीड़ा सहेगा। लेकिन जब तुम शांत होते हो और व्यापक सामाजिक परिवेश पर विचार करते हो और फिर परमेश्वर के वचन पढ़ते हो और सत्य खोजते हो, तो तुम देखोगे कि हर किसी में भ्रष्ट स्वभाव होते हैं और वह पुरुषों और महिलाओं के बीच के मामलों में गलतियाँ करने के लिए प्रवृत्त होता है। तब तुम इस मामले को शांति से, तर्कसंगत तरीके से और सही ढंग से सँभालोगे। तुम हठपूर्वक इससे चिपके नहीं रहोगे, बल्कि परमेश्वर के समक्ष अपने दिल को शांत कर पाओगे और जब तुम्हारी शादी की बात आएगी, तो तुम अब और माँग नहीं करोगे—तुम इसे जाने दे सकोगे। “इसे जाने देने” का क्या मतलब है? इसका मतलब है कि चूँकि वह पहले ही तुम्हारी शादी के प्रति बेवफा हो चुका है, इसलिए तुम्हें इस तथ्य को स्वीकार करना चाहिए; उसके साथ बैठो और बात करो, पूछो कि उसकी क्या योजनाएँ हैं और तुम आगे अपना जीवन कैसे जियोगे—क्या तुम शादी को बरकरार रखना जारी रखोगे या इसे खत्म कर दोगे और अलग-अलग जीवन जियोगे। शांतिपूर्ण ढंग से बातचीत करो; लड़ने या तमाशा करने की कोई जरूरत नहीं है। अगर तुम्हारा पति शादी खत्म करने पर जोर देता है, तो यह कोई बड़ी बात नहीं है। अविश्वासी अक्सर कहते हैं, “समुद्र में बहुत-सी मछलियाँ हैं” और “यूनिकॉर्न मिलना मुश्किल है, लेकिन लोग तो कौड़ियों के भाव मिलते हैं।” और वह दूसरी कहावत क्या है? “एक पेड़ के लिए पूरे जंगल को मत छोड़ो।” क्या ये कहावतें सही हैं? ये कुछ ऐसी कहावतें हैं जिनका उपयोग अविश्वासी खुद को सांत्वना देने के लिए करते हैं। क्या इनका सत्य से कोई लेना-देना है? (नहीं।) तो इस मामले के संबंध में सही विचार और दृष्टिकोण क्या हैं? जब तुम ऐसी किसी स्थिति का सामना करते हो, तो सबसे पहले, तुम्हें आपा नहीं खोना चाहिए और भले ही तुम्हें क्रोध आए, तुम्हें सहन करना चाहिए। शांत हो जाओ और उससे बात करो; पूछो कि वह क्या करने की योजना बना रहा है। अगर वह तुम्हारे साथ कोशिश जारी रखना चाहता है, तो तुम कहो, “चूँकि तुम कोशिश जारी रखना चाहते हो, तो अब और इधर-उधर चक्कर चलाने की कोई जरूरत नहीं है; एक पति के रूप में अपनी जिम्मेदारियाँ निभाओ और हम इस मामले को यहीं खत्म कर देंगे। लेकिन अगर तुम ऐसा नहीं कर सकते, तो हम अलग हो जाएँगे और अपने-अपने रास्ते चले जाएँगे। शायद परमेश्वर ने निर्धारित किया हो कि हमारी शादी यहीं खत्म हो जानी चाहिए। अगर ऐसा है, तो मैं उसकी व्यवस्था के प्रति समर्पण के लिए तैयार हूँ। तुम चौड़े रास्ते पर चल सकते हो, मैं परमेश्वर में आस्था के मार्ग पर चलूँगी, और फिर हम एक दूसरे को प्रभावित नहीं करेंगे। मैं तुम्हारे मामलों में टाँग नहीं अड़ाऊँगी, और तुम भी मुझे बेबस नहीं करोगे। मेरी किस्मत तुम्हारे हाथों में नहीं है और तुम मेरी मंजिल नहीं हो। मेरी किस्मत और मेरी मंजिल परमेश्वर के हाथों में है। इस जीवन में अंततः कौन-सा पड़ाव मेरा आखिरी पड़ाव—मेरी मंजिल का आगमन बनता है—यह परमेश्वर ही जानता है; यह सब परमेश्वर की संप्रभुता के भीतर है और मैं उसके आयोजनों और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करने के लिए तैयार हूँ। चाहे जो भी हो, अगर तुम मेरे साथ इस शादी को आगे नहीं बढ़ाना चाहते, तो चलो हम शांति से अलग हो जाएँ। मैं तुम्हारे बिना भी जी सकती हूँ और मैं अच्छी तरह से जिऊँगी। हवा में उड़ने वाले पक्षी न तो बोते हैं और न ही काटते हैं, फिर भी परमेश्वर उन्हें भूखा नहीं मरने देता—मेरी तो बात ही छोड़ दो, मैं एक जीवित इंसान हूँ। मेरे दो हाथ और दो पैर हैं और मैं अपना भरण-पोषण कर सकती हूँ, इसलिए तुम्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। अगर परमेश्वर ने यह निर्धारित किया है कि मैं तुम्हारे साथ के बिना जीवन भर अकेली रहूँगी, तो मैं समर्पण करने को तैयार हूँ, और इस तथ्य को बिना किसी शिकायत के स्वीकारना चाहती हूँ।” क्या ऐसा करना अच्छी बात नहीं है? (बिल्कुल है।) अच्छी बात है, है न? बहस और झगड़ा करने की कोई जरूरत नहीं, इस बात को लेकर बखेड़ा खड़ा करने की जरूरत तो बिल्कुल नहीं है, ताकि सबको इसका पता चल जाए—इन सबकी कोई जरूरत नहीं। तुम्हारी शादी तुम्हारे और तुम्हारे पति के बीच का मामला है। अगर शादी में कोई विवाद उत्पन्न होता है, तो तुम दोनों को साथ मिलकर इसे सुलझाना होगा, और इसके नतीजे भुगतने होंगे। परमेश्वर के विश्वासी होने के नाते, तुम्हें नतीजे की परवाह किए बिना परमेश्वर के आयोजनों और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करना चाहिए। बेशक, जब शादी की बात आती है, तो चाहे कैसी भी दरारें आएँ या नतीजे कैसे भी हों, तुम्हारी शादी बनी रहे या नहीं, तुम अपनी शादी में एक नए जीवन की शुरुआत कर पाते हो या नहीं, या तुम्हारी शादी उसी मुकाम पर टूट जाए, तुम्हारी शादी तुम्हारी मंजिल नहीं है, और न ही तुम्हारा जीवनसाथी तुम्हारी मंजिल है। परमेश्वर ने उसका तुम्हारे जीवन और अस्तित्व में आना निर्धारित किया था, ताकि वह तुम्हारे जीवन के मार्ग में तुम्हारे साथ एक भूमिका निभा सके। अगर वह पूरे रास्ते तुम्हारा साथ दे पाता है और अंत तक तुम्हारे साथ चलता रहता है, तो इससे बेहतर और कुछ नहीं है, और तुम्हें परमेश्वर के अनुग्रह के लिए धन्यवाद करना चाहिए। अगर शादी के दौरान कोई समस्या आती है, चाहे दरारें आती हैं या तुम्हारी पसंद के विरुद्ध कुछ होता है, जिसकी वजह से तुम्हारी शादी टूट जाती है, तो इसका मतलब यह नहीं कि अब तुम्हारे पास कोई मंजिल नहीं है, अब तुम्हारा जीवन अंधकार में पड़ गया है, आगे कोई रोशनी नहीं है, और अब तुम्हारा कोई भविष्य नहीं है। यह भी हो सकता है कि तुम्हारी शादी का टूटना तुम्हारे लिए एक और भी शानदार जीवन की शुरुआत हो। यह सब परमेश्वर के हाथों में है, और सब आयोजन और व्यवस्था परमेश्वर ही करेगा। ऐसा हो सकता है कि शादी टूटने से तुम्हें शादी के बारे में अधिक गहरा बोध और अनुभूति मिले और तुम्हें शादी के बारे में अधिक गहरी समझ हो। बेशक, तुम्हारी शादी का टूटना तुम्हारे जीवन के लक्ष्यों और दिशा के लिए और जिस मार्ग पर तुम चलते हो उसके लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ हो सकता है। तुम्हें अंधकारपूर्ण यादें और दर्दनाक यादें देने या नकारात्मक अनुभव और नतीजे देने के बजाय, यह तुम्हें सकारात्मक अनुभव दे सकता है जो तुम्हें अभी तक शादी में बने रहने से शायद नहीं मिल पाते। अगर तुम्हारी शादी बनी रहती, तो शायद तुम अपने आखिरी दिनों तक हमेशा यही सादा, औसत दर्जे का और नीरस जीवन जीते रहते। लेकिन, अगर तुम्हारी शादी खत्म होकर टूट जाती है, तो जरूरी नहीं कि यह तुम्हारे लिए कोई खराब बात हो। इससे पहले तुम अन्य भावनाओं या जीने के तरीकों के साथ ही अपनी शादी की खुशी और जिम्मेदारियों, अपने जीवनसाथी के लिए चिंता करने, उसकी देखभाल करने, उसका ख्याल रखने, उसकी परवाह करने और उसके बारे में फिक्र करने को लेकर बाधित महसूस करते थे। लेकिन, तुम्हारी शादी टूटने के दिन से ही तुम्हारे जीवन में मौजूद सभी स्थितियाँ, जीवन जीने के तुम्हारे लक्ष्य और अनुसरण के तरीके पूरी तरह से बदल जाते हैं, और ऐसा कहना सही होगा कि तुममें यह बदलाव तुम्हारी शादी टूटने के कारण ही आया है। ऐसा हो सकता है कि यह नतीजा, बदलाव और परिवर्तन वह है जो परमेश्वर चाहता है कि तुम उसके द्वारा तुम्हारे लिए नियत की गई शादी से हासिल करो; साथ ही, यह उस शादी को खत्म करने के लिए रास्ता दिखाकर परमेश्वर तुम्हें जो हासिल कराना चाहता है उसकी वजह से आया हो। भले ही तुम्हें पीड़ा हुई है और तुमने कुछ घुमावदार मार्ग अपनाया है, और भले ही तुमने अपनी शादी के ढाँचे में कुछ अनावश्यक त्याग और समझौते किए हैं, लेकिन अंत में तुम्हें जो हासिल होता है वह वैवाहिक जीवन में रहकर हासिल नहीं किया जा सकता। इसलिए, मामला चाहे जो भी हो, यह विचार और दृष्टिकोण कि “शादी ही व्यक्ति की मंजिल है” कुछ ऐसा है जिसे लोगों को त्याग देना चाहिए। चाहे तुम्हारी शादी चल रही हो या संकट का सामना कर रही हो, टूटने की कगार पर हो या पहले ही खत्म हो चुकी हो—स्थिति चाहे जैसी भी हो—शादी किसी व्यक्ति की मंजिल नहीं है। लोगों को यह बात समझनी चाहिए।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (11)
परमेश्वर ने तुम्हें एक स्थिर जीवन और एक जीवनसाथी बस इसलिए दिया है ताकि तुम बेहतर ढंग से जी सको और तुम्हारे पास तुम्हारा ख्याल रखने वाला कोई हो, तुम्हारे पास तुम्हारे साथ खड़ा होने वाला कोई हो, इसलिए नहीं कि तुम परमेश्वर और उसके वचनों को भूल सको या जीवनसाथी पाने के बाद अपना कर्तव्य निभाने के दायित्व या जीवन में उद्धार का अनुसरण करने के लक्ष्य को त्यागकर सिर्फ अपने जीवनसाथी के लिए जियो। अगर तुम वाकई ऐसा करते हो, इसी तरह से जीते हो, तो मैं उम्मीद करता हूँ कि तुम जल्द-से-जल्द अपना रास्ता बदलोगे। चाहे कोई तुम्हारे लिए कितना ही जरूरी क्यों न हो या वह तुम्हारे जीवन, तुम्हारे जीने के तरीके या यहाँ तक कि तुम्हारे जीवन के मार्ग के लिए कितना ही महत्व रखता हो, वह तुम्हारी मंजिल नहीं है, क्योंकि वह सिर्फ एक भ्रष्ट व्यक्ति है। परमेश्वर ने तुम्हारे लिए तुम्हारे मौजूदा जीवनसाथी की व्यवस्था की है और तुम उसके साथ जीवन बिता सकते हो। अगर परमेश्वर तुम्हारे लिए कोई और जीवनसाथी निर्धारित कर देता, तो तुम फिर भी उतने ही अच्छे से जी सकते थे, और इसलिए तुम्हारा वर्तमान जीवनसाथी तुम्हारा एकमात्र नहीं है, न ही वह तुम्हारी मंजिल है। सिर्फ परमेश्वर वह एकमात्र है जिसे तुम्हारी मंजिल सौंपी जा सकती है, और सिर्फ परमेश्वर वह एकमात्र है जिसे समस्त मानवजाति की मंजिल सौंपी जा सकती है। अपने माँ-बाप को छोड़ने के बाद भी तुम जिंदा रह सकते हो और जीवन बिता सकते हो, और बेशक अपने जीवनसाथी को छोड़ने के बाद भी तुम उतना ही अच्छा जीवन जी सकते हो। तुम्हारी मंजिल न तो तुम्हारे माँ-बाप हैं और न ही तुम्हारा जीवनसाथी। सिर्फ इसलिए कि तुम्हारा एक वैवाहिक जीवन है, तुम्हारे पास एक साथी है, तुम्हारे पास अपना दिल और अपनी देह को विश्राम देने के लिए एक स्थान है; जीवन की सबसे महत्वपूर्ण चीज, परमेश्वर द्वारा तुम्हें अपना कर्तव्य करने के लिए सौंपे जाने की बात को मत भूलो। अगर तुम परमेश्वर को भूल जाते हो, यह भूल जाते हो कि उसने तुम्हें क्या करने को सौंपा है, उस कर्तव्य को भूल जाते हो जो एक सृजित प्राणी को निभाना चाहिए, और अपनी पहचान को भुला देते हो, तो तुम अपनी अंतरात्मा और विवेक को पूरी तरह से खो दोगे। चाहे तुम्हारा जीवन आज जैसा भी हो, तुम शादीशुदा हो या नहीं हो, सृष्टिकर्ता के सामने तुम्हारी पहचान कभी नहीं बदलेगी। कोई व्यक्ति तुम्हारी मंजिल नहीं हो सकता और ऐसा कोई भी नहीं है जिसके हाथों में तुम खुद को सौंप सको। सिर्फ परमेश्वर ही तुम्हें एक उपयुक्त मंजिल दे सकता है, केवल परमेश्वर ही वह है जिसे मानवजाति के जीवन की जिम्मेदारी सौंपी गई है और यह हमेशा ऐसा ही रहेगा।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (11)
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
विश्वासियों को अविश्वासियों के साथ असमान रूप से नहीं जोड़ा जाना चाहिए
बिना पछतावे का चुनाव