18. पारिवारिक, देह के रिश्तों से कैसे पेश आएँ
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
हजारों वर्षों की “राष्ट्रीय भावना” के माध्यम से मानव हृदय में गहराई तक बैठे हानिकारक प्रभावों और सामंती सोच ने लोगों को बाँध और जकड़ दिया है, जिससे उनमें जरा-सी भी स्वतंत्रता नहीं बची है, न कोई महत्वाकांक्षा या दृढ़ता है और न ही प्रगति करने की कोई इच्छा है; इसके बजाय वे नकारात्मक बने रहते हैं और पीछे हट जाते हैं, गुलामी की मानसिकता में जकड़े रहते हैं, इत्यादि। इन वस्तुनिष्ठ कारकों ने लोगों के वैचारिक दृष्टिकोण पर और उनकी व्यक्तिगत आकांक्षाओं, नैतिकता और स्वभाव पर एक अमिट गंदी और भद्दी छाप छोड़ी है। ऐसा लगता है कि मनुष्य आतंकमय अँधेरी दुनिया में जी रहे हैं और उनमें से कोई भी इससे पार पाने के बारे में नहीं सोचता या एक आदर्श दुनिया में जाने के बारे में नहीं सोचता; बल्कि, वे अपने जीवन की स्थिति को लेकर संतोष की भावना के साथ अपने दिन बिताते हैं : बच्चे पैदा करना और पालना, प्रयास करना, पसीना बहाना, अपने श्रम में लगे रहना और एक आरामदायक और सुखी परिवार, वैवाहिक स्नेह, संतानोचित बच्चों, जीवन के अंतिम पड़ाव में आनंद और शांतिपूर्ण ढंग से अपना जीवन जीने का सपना देखना...। दसियों हजारों, दसियों हजार वर्षों से लेकर अब तक लोग इसी तरह अपना समय बरबाद करते आ रहे हैं, किसी ने भी समस्त मानव जीवन में सबसे शानदार जीवन का निर्माण नहीं किया है, वे केवल इस अँधेरी दुनिया में एक-दूसरे की हत्या, प्रसिद्धि और लाभ की दौड़ और एक-दूसरे के खिलाफ साजिशें रचने में लगे रहते हैं। किसने कभी परमेश्वर के इरादे जानने का प्रयास किया है? क्या किसी ने कभी परमेश्वर के कार्य पर ध्यान दिया है? मनुष्य के वे सभी पक्ष, जो अंधकार के प्रभाव के अधीन हैं, बहुत पहले से ही उसकी मानव प्रकृति बन चुके हैं, इसलिए परमेश्वर का कार्य करना अत्यंत कठिन हो गया है और लोग आज परमेश्वर द्वारा उन्हें सौंपे गए कार्य पर ध्यान देने के तो और भी कम इच्छुक हैं।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, कार्य और प्रवेश (3)
इस वास्तविक समाज में जीने वाले लोगों को शैतान बुरी तरह भ्रष्ट कर चुका है। चाहे वे शिक्षित हों या न हों, उनके विचारों और दृष्टिकोणों में पारंपरिक संस्कृति की बहुत-सी बातें शामिल होती हैं। विशेष रूप से, महिलाओं से यह अपेक्षा की जाती है कि वे अपने पतियों की सेवा करें और अपने बच्चों का पालन-पोषण करें, एक नेक पत्नी और प्यारी माँ बनें, अपना पूरा जीवन अपने पतियों और बच्चों को समर्पित कर दें और उनके लिए जिएँ। उन्हें घर के सभी काम-काज, जैसे कि परिवार का दैनिक भोजन और कपड़ों की धुलाई और सफाई ठीक से सँभालने होंगे। एक नेक पत्नी और प्यारी माँ होने का यही स्वीकृत मानक है। हर महिला यह भी सोचती है कि उसे यही करना चाहिए और अगर वह ऐसा नहीं करती है, तो वह एक अच्छी महिला नहीं है और उसने अपनी अंतरात्मा और नैतिकता के इस पारंपरिक मानक का उल्लंघन किया है। कुछ लोग इस नैतिक मानक का उल्लंघन करने पर अपनी अंतरात्मा से समझौता नहीं कर पाते; उन्हें लगता है कि उन्होंने अपने पति और बच्चों के साथ गलत किया है और वे अच्छी महिलाएँ नहीं हैं। लेकिन परमेश्वर में विश्वास करने, उसके बहुत-से वचन पढ़ने, कुछ सत्यों को समझने और कुछ मामलों की असलियत देख पाने के बाद, तुम सोचोगी, “मैं एक सृजित प्राणी हूँ और मुझे एक सृजित प्राणी का कर्तव्य निभाना चाहिए और परमेश्वर के लिए खुद को खपाना चाहिए।” इस समय क्या एक नेक पत्नी और प्यारी माँ होने, और सृजित प्राणी के रूप में अपना कर्तव्य करने के बीच कोई टकराव होता है? अगर तुम एक नेक पत्नी और प्यारी माँ बनना चाहती हो तो फिर तुम अपना कर्तव्य पूरे समय नहीं कर सकती, लेकिन अगर तुम अपना कर्तव्य पूरे समय करना चाहती हो तो फिर तुम एक नेक पत्नी और प्यारी माँ नहीं बन सकती। अब तुम क्या करोगी? अगर तुम अपना कर्तव्य अच्छे से करने और कलीसिया के कार्य के लिए जिम्मेदार बनने और परमेश्वर के प्रति समर्पित रहने का फैसला करती हो, तो फिर तुम्हें एक नेक पत्नी और प्यारी माँ बनना छोड़ना पड़ेगा। अब तुम क्या सोचोगी? तुम्हारे मन में किस प्रकार की आंतरिक उथल-पुथल होगी? क्या तुम्हें ऐसा लगेगा कि तुमने अपने पति और बच्चों को निराश कर दिया है? इस प्रकार का अपराधबोध और बेचैनी कहाँ से आती है? जब तुम एक सृजित प्राणी का कर्तव्य पूरा नहीं करती हो, तो क्या तुम्हें ऐसा लगता है कि तुमने परमेश्वर को निराश कर दिया है? तुम्हें कोई अपराधबोध या ग्लानि नहीं होती क्योंकि तुम्हारे दिलोदिमाग में सत्य का लेशमात्र संकेत भी नहीं मिलता है। तो फिर तुम क्या समझती हो? परंपरागत संस्कृति—एक नेक पत्नी और प्यारी माँ होना। इस प्रकार तुम्हारे मन में “अगर मैं एक नेक पत्नी और प्यारी माँ नहीं हूँ, तो फिर मैं नेक और सुसभ्य औरत नहीं हूँ” की धारणा उत्पन्न होगी। उसके बाद से तुम इस धारणा से बँधी और जकड़ी रहोगी और परमेश्वर में विश्वास करने और अपना कर्तव्य करने के बाद भी इस धारणा से बँधी और जकड़ी रहोगी। जब अपना कर्तव्य करने और एक नेक पत्नी और प्यारी माँ होने के बीच टकराव होता है, तो भले ही तुम अनिच्छा से अपना कर्तव्य करने का फैसला कर लो या परमेश्वर के प्रति थोड़ी-सी लगन दिखा लो, फिर भी तुम्हारे दिल में बेचैनी और थोड़ी-सी ग्लानि होगी। इसलिए अपना कर्तव्य निभाने के दौरान जब तुम्हें कुछ फुर्सत मिलेगी तो तुम अपने बच्चों और पति की देखभाल करने के मौके तलाश करोगी, उनकी और अधिक भरपाई करना चाहोगी और सोचोगी कि भले ही तुम्हें ज्यादा कष्ट झेलना पड़े तो भी यह ठीक है, बशर्ते तुम्हारे पास मन की शांति हो। क्या यह एक नेक पत्नी और प्यारी माँ होने के परंपरागत संस्कृति के विचार और सिद्धांत के असर का नतीजा नहीं है? अब तुम दो नावों पर सवार हो, अपना कर्तव्य अच्छे से करना चाहती हो लेकिन नेक पत्नी और प्यारी माँ भी बनना चाहती हो। लेकिन परमेश्वर के सामने हमारे पास सिर्फ एक जिम्मेदारी और दायित्व होता है और एक ही मिशन होता है : एक सृजित प्राणी का कर्तव्य पूरा करना। क्या तुमने यह कर्तव्य अच्छे से निभाया? तुम दूसरे मार्ग पर क्यों चली गई? क्या सच में तुम्हारे दिल में ग्लानि या दोष का कोई भाव नहीं है? तुम दूसरे मार्ग पर इसलिए जा सकी क्योंकि सत्य ने अभी तक तुम्हारे दिल में नींव नहीं रखी है और वह अभी तक उस पर शासन नहीं करता है। इस तरह, तुम पूरे दिल से अपना कर्तव्य करने में असमर्थ हो और तुम दूसरे मार्ग पर चलती रहती हो और तुम्हें अपने दिल में ग्लानि या दोष का कोई भाव महसूस नहीं होता। इसमें तुम वास्तव में परमेश्वर के लिए खुद को खपा नहीं रही हो। भले ही अब तुम अपना कर्तव्य कर पा रही हो, तुम वास्तव में अभी भी सत्य के मानकों और परमेश्वर की अपेक्षाओं से बहुत दूर हो। क्या तुम अब इस तथ्य को स्पष्ट रूप से समझ सकती हो? परमेश्वर का यह कहने का क्या अर्थ है, “परमेश्वर मनुष्य के जीवन का स्रोत है”? इसका अर्थ हर व्यक्ति को यह एहसास कराना है : हमारा जीवन और हमारी आत्माएँ परमेश्वर से आती हैं और उसी के द्वारा रची गई हैं—ये हमारे माता-पिता से नहीं आती हैं और प्रकृति से तो बिल्कुल भी नहीं आतीं, बल्कि ये हमें परमेश्वर द्वारा दी गई हैं; बात बस इतनी है कि हमारी देह हमारे माता-पिता से पैदा हुई है और हमारे बच्चे हमसे पैदा हुए हैं, लेकिन उनकी किस्मत पूरी तरह परमेश्वर के हाथों में है। हम परमेश्वर पर विश्वास कर सकते हैं, यह उसका दिया हुआ अवसर है; यह उसने नियत किया है और उसका अनुग्रह है। इसलिए, तुम्हें किसी और के प्रति अपने दायित्व या जिम्मेदारी को पूरा करने की कोई आवश्यकता नहीं है; तुम्हें केवल परमेश्वर के प्रति वह कर्तव्य पूरा करना चाहिए जो एक सृजित प्राणी के रूप में तुम्हें पूरा करना है। लोगों को किसी भी अन्य चीज से बढ़कर यही करना चाहिए और यह सबसे प्रमुख मामला है जिसे लोगों को अपने जीवन में सबसे पहले पूरा करना चाहिए। यदि तुम अपना कर्तव्य अच्छी तरह से नहीं करती हो, तो तुम मानक-स्तरीय सृजित प्राणी नहीं हो। दूसरों की नजर में, तुम एक नेक पत्नी और प्यारी माँ, एक सक्षम गृहिणी, एक आज्ञाकारी संतान और समाज की एक अच्छी सदस्य हो सकती हो, लेकिन परमेश्वर के सामने तुम एक ऐसी इंसान हो जो उसके खिलाफ विद्रोह करती है, जो परमेश्वर में विश्वास तो करती है लेकिन एक सृजित प्राणी के कर्तव्य और दायित्व को पूरा नहीं करती, जो परमेश्वर में विश्वास तो करती है लेकिन सत्य का अनुसरण नहीं करती, सच्चे मन से परमेश्वर के प्रति समर्पण नहीं करती, और जिसे बेनकाब कर दिया जाएगा और हटा दिया जाएगा। क्या ऐसा कोई इंसान परमेश्वर की स्वीकृति पा सकता है? ऐसे लोग मूल्यहीन हैं।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपने गलत विचारों को जानकर ही खुद को सचमुच बदला जा सकता है
अगर हम इस पर बच्चों के परिप्रेक्ष्य से गौर करें, तो उनका जीवन और शरीर उनके माता-पिता से आते हैं, जिनमें उन्हें पाल-पोसकर बड़ा करने की दयालुता भी होती है, इसलिए बच्चों को उनकी हर बात माननी चाहिए, अपना संतानोचित दायित्व निभाना चाहिए, और अपने माता-पिता की खामियाँ नहीं देखनी चाहिए। इन बातों का छिपा हुआ अर्थ यह है कि तुम्हें यह भेद नहीं पहचानना चाहिए कि तुम्हारे माता-पिता असल में क्या हैं। अगर हम इस परिप्रेक्ष्य से इसका विश्लेषण करें, तो क्या यह नजरिया सही है? (नहीं, यह गलत है।) हमें सत्य के अनुसार इस मामले को कैसे देखना चाहिए? इसे पेश करने का सही तरीका क्या है? क्या बच्चों का जीवन और उनके शरीर उन्हें माता-पिता द्वारा दिए गए हैं? (नहीं।) किसी व्यक्ति का दैहिक शरीर उसके माता-पिता से पैदा होता है, लेकिन माता-पिता को बच्चे जनने की क्षमता कहाँ से मिलती है? (यह परमेश्वर द्वारा दी जाती है, परमेश्वर से आती है।) व्यक्ति की आत्मा का क्या? यह कहाँ से आती है? यह भी परमेश्वर से आती है। तो मूल में, लोगों को परमेश्वर ने रचा है, और ये सब उसके द्वारा पूर्व-निर्धारित किए गए हैं। परमेश्वर ने ही तुम्हारा इस परिवार में जन्म लेना पूर्वनियत किया। परमेश्वर ने इस परिवार में एक आत्मा भेजी, फिर तुम इस परिवार में जन्मे, तुम्हारे माता-पिता के साथ तुम्हारा रिश्ता पूर्व-निर्धारित है—यह परमेश्वर द्वारा पूर्वनियत था। परमेश्वर की संप्रभुता और पूर्वनियति के कारण ही तुम्हारे माता-पिता को तुम मिले और तुमने इस परिवार में जन्म लिया। यह मामले की तह तक जाना है। लेकिन अगर परमेश्वर ने चीजें इस तरह पूर्व-निर्धारित न की होतीं, तो? तो फिर तुम्हारे माता-पिता ने तुम्हें जन्म ही नहीं दिया होता, और तुम्हारा उनके साथ माता-पिता और संतान का रिश्ता भी नहीं बना होता। कोई रक्त संबंध, कोई पारिवारिक वात्सल्य, कोई भी नाता नहीं रहा होता। इसलिए, यह कथन गलत है कि “किसी व्यक्ति का जीवन उसे उसके माता-पिता द्वारा दिया जाता है।” दूसरा पहलू यह है कि बच्चे के परिप्रेक्ष्य से देखने पर, परिवार में उसके माता-पिता उससे एक पीढ़ी ऊपर होते हैं, लेकिन जहाँ तक सभी मनुष्यों की बात है, माता-पिता भी, बाकी सभी की तरह, भ्रष्ट मानवजाति के सदस्य हैं और उन सभी में शैतानी भ्रष्ट स्वभाव होते हैं। वे किसी और से अलग नहीं हैं और तुमसे अलग नहीं हैं। यद्यपि व्यावहारिक रूप से उन्होंने तुम्हें जन्म दिया है और तुम्हारे खून के रिश्ते के लिहाज से, वे परिवार में तुमसे एक पीढ़ी ऊपर हैं, लेकिन मनुष्य स्वभाव सार के लिहाज से, तुम सभी लोग शैतान की सत्ता के अधीन जी रहे हो और तुम सभी शैतान द्वारा गहराई से भ्रष्ट किए गए हो और शैतानी स्वभावों से भरे हुए हो। इस तथ्य को देखते हुए, सभी लोगों का सार एक ही है। परिवार में किसी की पीढ़ी चाहे जो भी हो या किसी की उम्र चाहे जो भी हो या कोई इस दुनिया में कितनी ही जल्दी या देर से क्यों न आया हो, लोगों में मूल रूप से एक ही भ्रष्ट स्वभाव सार होता है और वे सभी शैतान द्वारा भ्रष्ट किए गए मनुष्य हैं—इस लिहाज से वे अलग नहीं हैं। उनकी मानवता चाहे बुरी हो या अच्छी, चूँकि उनमें भ्रष्ट स्वभाव हैं, इसलिए जब लोगों और मामलों को देखने और सत्य के प्रति व्यवहार करने की बात आती है, तो वे समान परिप्रेक्ष्य और दृष्टिकोण अपनाते हैं। इस अर्थ में, उनके बीच कोई अंतर नहीं है। साथ ही, चूँकि हर कोई इस बुरी मानवजाति के बीच रहता है, इसलिए वे सभी एक ऐसे परिवेश में बड़े होते हैं जिसमें वे अपने परिवारों के पारंपरिक तौर-तरीकों, राज्य की शिक्षा और सामाजिक अनुकूलन को स्वीकार करते हैं। लोग जो कुछ भी ग्रहण करते हैं, वे बुरी दुनिया से आने वाले विभिन्न विचार और दृष्टिकोण हैं, जो अंततः शैतान के सभी प्रकार के विधर्म और भ्रांतियाँ हैं, जो सत्य के अनुसार बिल्कुल नहीं हैं और उनमें कोई सत्य नहीं है; इससे भी बढ़कर, लोग यह नहीं समझते कि सत्य क्या है। इस दृष्टिकोण से, माता-पिता और उनके बच्चे एक समान होते हैं और उनके विचार और दृष्टिकोण एक समान होते हैं। बात बस इतनी है कि माता-पिता ने इन विचारों और दृष्टिकोणों को 20 या 30 साल पहले स्वीकार कर लिया था, जबकि बच्चों ने उन्हें थोड़ा बाद में स्वीकार किया। कहने का मतलब है कि एक समान सामाजिक पृष्ठभूमि को देखते हुए, जब तक तुम एक सामान्य व्यक्ति हो, तुमने और तुम्हारे माता-पिता दोनों ने शैतान से एक समान भ्रष्टता, सामाजिक परिवेश से मिली शिक्षा और समाज की विभिन्न बुरी प्रवृत्तियों से उत्पन्न होने वाले समान विचारों और दृष्टिकोणों को स्वीकार किया है। इस दृष्टिकोण से, बच्चे भी अपने माता-पिता की ही श्रेणी में आते हैं। परमेश्वर के लिए, भले ही कोई उसके द्वारा पूर्वनिर्धारित किया गया और चुना गया हो या नहीं, उसकी नजर में बच्चे और माता-पिता सभी सृजित प्राणी हैं। चाहे वे उसकी आराधना करने वाले सृजित प्राणी हों या ऐसे सृजित प्राणी हों जो उसकी आराधना नहीं करते, वे सभी सृजित प्राणी कहलाते हैं और वे सभी उसकी संप्रभुता, आयोजनों और व्यवस्थाओं के अधीन हैं। इस नजरिए से, परमेश्वर की दृष्टि में माता-पिता और बच्चों का दर्जा वास्तव में एक-समान है, और वे सभी समान रूप से और बराबरी से परमेश्वर की संप्रभुता और व्यवस्थाओं को स्वीकार करते हैं। यह एक वस्तुपरक तथ्य है। अगर वे सभी परमेश्वर द्वारा चुने गए हैं, तो उन सबके पास सत्य के अनुसरण के समान अवसर हैं। बेशक उनके पास परमेश्वर की ताड़ना और न्याय को स्वीकार करने और उद्धार किए जाने के भी बराबर के अवसर हैं। उपरोक्त समानताओं के अलावा, माता-पिता और उनके बच्चों के बीच केवल एक ही अंतर है, वह यह है कि माता-पिता परिवार में अपने बच्चों से एक पीढ़ी ऊपर होते हैं; इसका मतलब है कि वे बस 20 या 30 साल बड़े हैं। और चूँकि माता-पिता अपने बच्चों को जन्म देते हैं, उनका पालन-पोषण करते हैं और उनका यह विशेष दर्जा होता है, इसलिए बच्चों को अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित निष्ठा दिखानी चाहिए और उनके प्रति अपने दायित्वों को पूरा करना चाहिए। लोगों की अपने माता-पिता के प्रति केवल यही जिम्मेदारी है। लेकिन चूँकि माता-पिता और बच्चे समान रूप से भ्रष्ट मनुष्य हैं, इसलिए माता-पिता अपने बच्चों के लिए नैतिक प्रतिमान नहीं हैं, न ही वे सत्य का अनुसरण करने में अपने बच्चों के लिए मिसाल या आदर्श हैं, परमेश्वर की आराधना करने और उसके प्रति समर्पण करने के मामले में अपने बच्चों के लिए आदर्श होने की तो बात ही दूर है। बेशक, माता-पिता सत्य का मूर्त रूप भी नहीं हैं। बच्चों को अपने माता-पिता को नैतिक प्रतिमान नहीं मानना चाहिए, बिना शर्त उनकी आज्ञा मानने का उनका कोई दायित्व या जिम्मेदारी होने की तो बात ही दूर है। बच्चों को अपने माता-पिता के क्रियाकलापों, व्यवहार और स्वभाव सार का भेद पहचानने का प्रयास करने से भी नहीं डरना चाहिए। यानी, जब अपने माता-पिता के साथ पेश आने की बात आती है, तो बच्चों को इस विचार से नहीं चिपके रहना चाहिए कि “माता-पिता हमेशा सही होते हैं।” यह दृष्टिकोण माता-पिता के विशेष दर्जे पर आधारित है, जो यह है कि उन्होंने परमेश्वर की पूर्वनियति के तहत अपने बच्चों को जन्म दिया और इसलिए, देह के लिहाज से, उनका दर्जा और परिवार में उनकी पीढ़ी उनके बच्चों के दर्जे और पीढ़ी से अलग है। इस अंतर के कारण, लोग अपने माता-पिता को ऐसे लोगों का वर्ग मानते हैं जो कभी गलत नहीं होते। क्या यह सही है? (नहीं।) यह तर्कहीन है और सत्य के अनुरूप नहीं है। कुछ लोग कहते हैं, “यह देखते हुए कि माता-पिता और बच्चों का इस तरह का रिश्ता होता है, व्यक्ति को अपने माता-पिता के साथ कैसे पेश आना चाहिए?” अगर माता-पिता परमेश्वर में विश्वास रखते हैं, तो उनके साथ विश्वासियों की तरह पेश आना चाहिए; अगर वे परमेश्वर में विश्वास नहीं रखते, तो उनके साथ गैर-विश्वासियों जैसे पेश आना चाहिए। माता-पिता चाहे जिस प्रकार के लोग हों, उनके साथ तदनुरूप सत्य सिद्धांतों के अनुसार पेश आना चाहिए। अगर वे दानव हों, तो तुम्हें कहना चाहिए कि वे दानव हैं। अगर उनमें मानवता नहीं है, तो तुम्हें कहना चाहिए कि उनमें मानवता नहीं है। यदि वे तुम्हें जो विचार और दृष्टिकोण सिखाते हैं, वे सत्य के अनुसार नहीं हैं, तो तुम उन्हें स्वीकार करने से इनकार कर सकते हो और तुम सत्य के आधार पर उनका भेद पहचान सकते हो और उन्हें उजागर कर सकते हो। अगर वे कहते हैं कि वे यह तुम्हारी भलाई के लिए कर रहे हैं और रोते-चिल्लाते हैं, खुद को नुकसान पहुँचाने की धमकी देते हैं, तो तुम्हें उनके साथ कैसे पेश आना चाहिए? जब तुम देखते हो कि वे दानव हैं, तो बस उन पर कोई ध्यान मत दो और बात वहीं खत्म हो जाती है। परमेश्वर द्वारा व्यक्त किए गए सत्य ही वे सत्य और जीवन हैं जिन्हें स्वीकार करने की लोगों को सबसे अधिक आवश्यकता है। अगर वे उन्हें स्वीकार नहीं कर सकते या उन्हें ग्रहण नहीं कर सकते, तो वे किस तरह के नीच लोग हैं? वे परमेश्वर के वचन नहीं समझ सकते और उनमें कोई मानवता नहीं है; वे पूरी तरह से दानव हैं, है ना?
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (13)
तुम्हारे माता-पिता ने तुम्हें बड़ा करते समय तुम्हारी चाहे जितनी भी देखभाल की हो या तुम्हारे प्रति चाहे जितनी भी जिम्मेदारियाँ पूरी की हों, वे बस वही कर रहे थे जो एक सृजित प्राणी को करना चाहिए—यह उनकी सहजप्रवृत्ति है। जब पक्षी अपनी अगली पीढ़ी को जन्म देते हैं, तो उनके साथ भी ऐसा ही होता है। संतान पैदा करने से एक-दो महीने पहले, वे घोंसला बनाने के लिए कोई सुरक्षित जगह ढूँढ़ते हैं, और नर और मादा पक्षी बारी-बारी से बाहर जाकर उसे बनाने के लिए तरह-तरह की चीजें इकट्ठा करते हैं। जब अंडे सेने का समय होता है, तो वे चौबीसों घंटे बारी-बारी से घोंसले की रखवाली करते हैं। कुछ ही समय में, कुछ चूजे अंडों से बाहर निकल आते हैं और फिर नर और मादा पक्षी लगातार कीड़े पकड़ते हैं और उन्हें खिलाने के लिए भोजन ढूँढ़ते हैं। सभी तरह के पक्षी अपनी अगली पीढ़ी को जन्म देने के लिए ऐसी ही लगन और श्रमसाध्य प्रयास करते हैं। ... सभी प्रकार के जीवित प्राणियों और पशुओं में ये सहजप्रवृत्तियाँ और नियम होते हैं, और वे उनका बढ़िया पालन कर उन्हें पूर्णता तक कार्यान्वित करते हैं। यह ऐसी चीज है जिसे कोई भी व्यक्ति नष्ट नहीं कर सकता। कुछ विशेष पशु भी होते हैं, जैसे कि बाघ और सिंह। वयस्क हो जाने पर ये पशु अपने माता-पिता को छोड़ देते हैं, और उनमें से कुछ नर तो प्रतिद्वंद्वी भी बन जाते हैं, और जैसी जरूरत हो, वैसे काटते और लड़ते-झगड़ते हैं। यह सामान्य है, यह एक नियम है। वे भावनाओं पर ध्यान नहीं देते और वे मानव की तरह भावनाओं में नहीं जीते, उन्हें बड़ा करने में उनके माता-पिता ने जो दयालुता दिखाई, वे हमेशा उसका कर्ज चुकाना नहीं चाहते, हमेशा यह चिंता नहीं करते कि अगर उन्होंने अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित निष्ठा नहीं दिखाई, तो दूसरे लोग उनकी निंदा करेंगे, उन्हें फटकारेंगे, और पीठ पीछे उनकी आलोचना करेंगे। ऐसे विचार पशु जगत में नहीं होते। लोग ऐसे विचार क्यों रखते हैं? इस वजह से कि समाज में और लोगों के समुदायों में ऐसे विभिन्न विचार और आमतौर पर अपनाए गए दृष्टिकोण हैं जो गलत होते हैं। इन चीजों से लोगों के प्रभावित हो जाने, क्षय होने और सड़-गल जाने के बाद उनके पास माता-पिता और बच्चे के रिश्ते की व्याख्या करने और उससे निपटने के अलग-अलग तरीके होते हैं और आखिरकार वे अपने माता-पिता से लेनदारों जैसा बर्ताव करते हैं—ऐसे लेनदार जिनका कर्ज वे पूरी जिंदगी नहीं चुका सकेंगे। कुछ ऐसे लोग भी हैं जो अपने माता-पिता के निधन के बाद पूरी जिंदगी अपराधी महसूस करते हैं, इस बात के लिए अपराध बोध महसूस करते हैं कि वे अपने माता-पिता की दयालुता का बदला नहीं चुका पाए, क्योंकि कभी उन्होंने कुछ ऐसा काम किया जिससे उनके माता-पिता खुश नहीं हुए या वे उस राह पर नहीं चले जो उनके माता-पिता चाहते थे। मुझे बताओ, क्या यह अनावश्यक नहीं है? लोग अपनी भावनाओं के बीच जीते हैं, तो इन भावनाओं से उपजने वाले तरह-तरह के विचारों से ही वे अतिक्रमित हो सकते हैं। लोग एक ऐसे माहौल में जीते हैं जो भ्रष्ट मानवजाति की विचारधारा से रंगा होता है, इसलिए वे विभिन्न भ्रामक विचारों से अतिक्रमित होते हैं, जो उनके जीवन को थकाऊ बना देता है और यह दूसरे जीवित प्राणियों के जीवन जितना सरल नहीं रहता है। लेकिन अभी चूँकि परमेश्वर कार्यरत है और लोगों को इन तमाम तथ्यों का सत्य बताने और उन्हें सत्य समझने योग्य बनाने के लिए सत्य व्यक्त कर रहा है, इसलिए सत्य को समझ लेने के बाद ये भ्रामक विचार और दृष्टिकोण तुम पर बोझ नहीं बनेंगे और फिर तुम उन्हें मार्गदर्शक के रूप में इस्तेमाल नहीं करोगे जो तुम्हें बताए कि अपने माता-पिता के साथ तुम्हें अपना रिश्ता कैसे सँभालना चाहिए। तब तुम जीवन में सुकून महसूस करोगे। जीवन में सुकून महसूस करने का यह अर्थ नहीं है कि तुम यह नहीं जानते कि तुम्हारी जिम्मेदारियाँ और दायित्व क्या हैं—तुम अब भी ये चीजें जानते हो। यह बस इस पर निर्भर करता है कि तुम अपनी जिम्मेदारियों और दायित्वों से पेश आने के लिए कौन-से परिप्रेक्ष्य और तरीके चुनते हो। एक रास्ता भावनाओं की राह पकड़ना और इन चीजों के साथ एक भावना-प्रेरित तरीके के आधार पर पेश आना और उन तरीकों, विचारों और दृष्टिकोणों के आधार पर पेश आना है जिनकी ओर मनुष्य को शैतान ले जाता है। दूसरा रास्ता इन चीजों से परमेश्वर द्वारा मनुष्य को सिखाए गए वचनों के आधार पर निपटना है। लोग जब शैतान के भ्रामक विचारों और दृष्टिकोणों के अनुसार इन मामलों को सँभालते हैं तो वे बस अपनी भावनाओं की उलझनों में ही जी सकते हैं और वे कभी भी सही-गलत में फर्क नहीं कर पाते हैं। इन हालात में, वे केवल जाल में फँसकर जी सकते हैं, वे हमेशा “तुम सही हो, मैं गलत। तुमने मुझे ज्यादा दिया है, मैंने तुम्हें कम दिया। तुम कृतघ्न हो। तुम हद से बाहर जा चुके हो” के मामलों में उलझे रहते हैं, इत्यादि—वे खुद को निकाल नहीं पाते। हालाँकि, लोगों के सत्य समझने के बाद वे अपने भ्रामक विचारों, दृष्टिकोणों और अपनी भावनाओं के जाल से खुद को छुड़ा लेते हैं और जब वे इन मामलों को फिर से देखते हैं, सबकुछ कहीं अधिक सरल हो जाता है। अगर तुम सत्य सिद्धांतों के किसी पहलू या किसी ऐसे विचार और नजरिए का पालन करते हो जो सही है और परमेश्वर से आता है, तो तुम जीवन में वास्तव में सुकून महसूस करोगे। तुम अपने माता-पिता से अपने रिश्ते को कैसे सँभालते हो, इसमें अब न तो जनमत रुकावट बनेगा, न तुम्हारे जमीर की जागरूकता और न ही तुम्हारी भावनाओं का बोझ; इसके बजाय, ये सत्य सिद्धांत तुम्हें इस योग्य बना देंगे कि तुम इस रिश्ते का सही और तार्किक ढंग से सामना कर सको और इसे सँभाल सको। ... मैं इस पर संगति इसलिए कर रहा हूँ ताकि तुम सत्य को समझोगे और इन चीजों को लेकर अपने दिल में सही समझ, सही विचार और दृष्टिकोण रखोगे, ताकि तुम न तो दैहिक भावनाओं के मामलों से परेशान होओगे और न ही इनसे तुम्हारे हाथ-पैर बँधे रहेंगे, और इससे भी ज्यादा जरूरी, ताकि ये चीजें एक सृजित प्राणी के तुम्हारे कर्तव्य निर्वहन को प्रभावित न करें। इस तरह मेरी संगति अपना लक्ष्य प्राप्त कर लेगी।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण कैसे करें (17)
क्या अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित प्रेम दिखाना सत्य है? (नहीं, ऐसा नहीं है।) अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित व्यवहार करना एक सही और सकारात्मक बात है, लेकिन हम यह क्यों कहते हैं कि यह सत्य नहीं है? (क्योंकि लोग अपने माता-पिता के साथ संतानोचित व्यवहार करने में किसी सिद्धांत का पालन नहीं करते और वे यह भेद नहीं कर पाते कि उनके माता-पिता वास्तव में किस प्रकार के लोग हैं।) एक व्यक्ति को अपने माता-पिता के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए, इसका संबंध सत्य से है। यदि तुम्हारे माता-पिता परमेश्वर में विश्वास करते हैं और तुम्हारे साथ अच्छा व्यवहार करते हैं, तो क्या तुम्हें उनके प्रति संतानोचित व्यवहार करना चाहिए? (हाँ।) तुम संतानोचित कैसे होते हो? तुम उनके साथ भाई-बहनों से अलग व्यवहार करते हो। तुम उनके द्वारा बताए गए हर काम को करते हो, और यदि वे बूढ़े हों, तो तुम्हें लगता है कि तुम्हें हर हाल में उनकी देखभाल के लिए उनके पास रहना चाहिए और तुम अपना कर्तव्य करने के लिए घर नहीं छोड़ सकते। क्या ऐसा करना सही है? (नहीं।) ऐसे समय में तुम्हें क्या करना चाहिए? यह परिस्थितियों पर निर्भर करता है। यदि तुम अपने घर के आस-पास ही कहीं अपना कर्तव्य करते हो और उनकी देखभाल भी कर पा रहे हो और तुम्हारे माता-पिता को परमेश्वर के प्रति तुम्हारी आस्था पर आपत्ति नहीं है, तो तुम्हें एक पुत्र या पुत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और अपने माता-पिता के कुछ काम करते हुए उनकी मदद करनी चाहिए। यदि वे बीमार हों, तो उनकी देखभाल करो; अगर उन्हें कोई परेशानी हो, तो उन्हें दिलासा दो; यदि तुम्हारी वित्तीय परिस्थितियाँ अनुमति दें, तो अपने बजट के अनुरूप उनके लिए पोषक पूरक तत्व खरीदो। परंतु, यदि तुम अपने कर्तव्य में व्यस्त रहते हो, जबकि तुम्हारे माता-पिता की देखभाल करने वाला और कोई न हो, और वे भी परमेश्वर में विश्वास करते हों, तो तुम्हें क्या करने का फैसला करना चाहिए? तुम्हें कौन-से सत्य का अभ्यास करना चाहिए? चूँकि अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित होना सत्य नहीं, बल्कि केवल एक मानवीय जिम्मेदारी और दायित्व है, तो तुम्हें तब क्या करना चाहिए जब तुम्हारा दायित्व तुम्हारे कर्तव्य से टकराता हो? (हमारे कर्तव्य को प्राथमिकता देनी चाहिए; कर्तव्य को पहले रखना चाहिए।) दायित्व अनिवार्य रूप से व्यक्ति का कर्तव्य नहीं है। अपना कर्तव्य करने का चुनाव करना सत्य का अभ्यास करना है, जबकि दायित्व पूरा करना सत्य का अभ्यास करना नहीं है। अगर तुम्हारी स्थिति ऐसी हो, तो तुम यह जिम्मेदारी या दायित्व पूरा कर सकते हो, लेकिन अगर वर्तमान परिवेश इसकी अनुमति न दे, तो तुम्हें क्या करना चाहिए? तुम्हें कहना चाहिए, “मुझे अपना कर्तव्य निभाना ही चाहिए—यही सत्य का अभ्यास करना है। अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित होना अपने जमीर से जीना है और यह सत्य का अभ्यास करने के मानक के अनुरूप नहीं है।” इसलिए, तुम्हें अपने कर्तव्य को प्राथमिकता देनी चाहिए और उस पर कायम रहना चाहिए। अगर अभी तुम्हारे पास कोई कर्तव्य नहीं है और तुम घर से दूर रहकर काम नहीं करते, और अपने माता-पिता के पास रहते हो, तो उनकी देखभाल करने के तरीके खोजो। उनके जीवन को थोड़ा बेहतर बनाने और उनके कुछ कष्टों को कम करने में मदद करने की पूरी कोशिश करो। लेकिन यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि तुम्हारे माता-पिता किस तरह के लोग हैं। यदि तुम्हारे माता-पिता खराब मानवता वाले हैं, यदि वे तुम्हें परमेश्वर में विश्वास करने और अपना कर्तव्य निभाने से लगातार रोकते हैं, और यदि वे तुम्हारे परमेश्वर में विश्वास के कारण तुमसे घृणा तक करते हैं और तुम्हें श्राप तक देते हैं तो तुम्हें क्या करना चाहिए? वह सत्य क्या है जिसका तुम्हें अभ्यास करना चाहिए? (रिश्ता तोड़ देना चाहिए।) इस समय तुम्हें रिश्ता तोड़ना ही होगा। अब तुम्हारा उनके प्रति संतानोचित आदर दिखाने का कोई दायित्व नहीं है। यदि वे परमेश्वर में विश्वास करते हैं, तो वे परिवार हैं, तुम्हारे माता-पिता हैं। यदि वे परमेश्वर में विश्वास नहीं करते और परमेश्वर का प्रतिरोध भी करते हैं, तो तुम लोग अलग-अलग रास्तों पर चल रहे हो। वे शैतान में विश्वास करते हैं और दानव राजा की आराधना करते हैं, और वे शैतान के मार्ग पर चलते हैं; वे तुमसे अलग मार्ग पर हैं। अब तुम एक परिवार नहीं हो। वे परमेश्वर में विश्वास करने वालों को अपना विरोधी और शत्रु मानते हैं, इसलिए उनकी देखभाल करने का तुम्हारा दायित्व नहीं रह गया है और तुम्हें उनसे पूरी तरह से संबंध तोड़ना होगा। सत्य क्या है : अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित होना या अपना कर्तव्य करना? बेशक, अपना कर्तव्य करना ही सत्य है। परमेश्वर के घर में अपना कर्तव्य करना केवल अपने थोड़े-से दायित्व पूरे करने और थोड़ा-सा वह करने जैसा सरल नहीं है जो व्यक्ति से करने की अपेक्षा की जाती है। यह सृजित प्राणी का कर्तव्य करना है। यहाँ परमेश्वर का आदेश है; यह तुम्हारा दायित्व है, तुम्हारी जिम्मेदारी है। यह सच्ची जिम्मेदारी है, जो सृष्टिकर्ता के समक्ष अपनी जिम्मेदारी और दायित्व पूरा करना है। यह सृष्टिकर्ता की लोगों से अपेक्षा है और यह जीवन का बड़ा मामला है। लेकिन अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित सम्मान दिखाना किसी पुत्र या पुत्री की जिम्मेदारी और दायित्व मात्र है। यह निश्चित रूप से परमेश्वर द्वारा आदेशित नहीं है और यह परमेश्वर की माँगों के अनुरूप तो बिल्कुल नहीं है। इसलिए, अपने माता-पिता का संतानोचित सम्मान करने और अपना कर्तव्य करने के बीच, इसमें कोई संदेह नहीं है कि अपना कर्तव्य करना और केवल वही करना सत्य का अभ्यास करना है। एक सृजित प्राणी के रूप में अपना कर्तव्य करना सत्य और एक अनिवार्य कर्तव्य है। अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित सम्मान प्रदर्शित करने का मतलब लोगों के प्रति संतानोचित व्यवहार करने से है। इसका मतलब यह नहीं कि व्यक्ति अपना कर्तव्य कर रहा है, न ही इसका मतलब यह है कि वह सत्य का अभ्यास कर रहा है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सत्य वास्तविकता क्या है?
अगर अपने जीवन-परिवेश और उस संदर्भ के आधार पर, जिसमें तुम खुद को पाते हो, अपने माता-पिता का सम्मान करने से परमेश्वर का आदेश पूरा करने और अपना कर्तव्य करने में कोई टकराव नहीं होता—या दूसरे शब्दों में, अगर तुम्हारे माता-पिता का सम्मान करने से तुम्हारे कर्तव्य के प्रति लगन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता—तो तुम एक ही समय में उन दोनों का अभ्यास कर सकते हो। तुम्हें अपने माता-पिता से बाहरी रूप से अलग होने, उन्हें बाहरी रूप से त्यागने या नकारने की जरूरत नहीं। यह किस स्थिति में लागू होता है? (जब अपने माता-पिता का सम्मान करना व्यक्ति के कर्तव्य निर्वहन से नहीं टकराता।) यह सही है। दूसरे शब्दों में, अगर तुम्हारे माता-पिता परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास में बाधा डालने की कोशिश नहीं करते, और वे भी विश्वासी हैं, और वे वाकई तुम्हें अपना कर्तव्य लगन से करने और परमेश्वर का आदेश पूरा करने में समर्थन और प्रोत्साहन देते हैं, तो तुम्हारे माता-पिता के साथ तुम्हारा रिश्ता, सामान्य अर्थ में, रिश्तेदारों के बीच का दैहिक रिश्ता नहीं है; बल्कि वह कलीसिया के भाई-बहनों के बीच का रिश्ता है। उस स्थिति में, उनके साथ कलीसिया के भाई-बहनों की तरह मेलजोल रखने के अलावा तुम्हें उनके प्रति अपनी कुछ संतानोचित जिम्मेदारियाँ भी पूरी करनी चाहिए। यह भी सही होगा कि तुम उनके प्रति थोड़ी अधिक परवाह दिखाओ। अगर इससे तुम्हारा कर्तव्य-निर्वहन प्रभावित नहीं होता, यानी अगर वे तुम्हारे दिल को बाधित नहीं करते, तो तुम अपने माता-पिता को फोन करके उनका हालचाल पूछ सकते हो और उनके लिए थोड़ी परवाह दिखा सकते हो, तुम उनकी कुछ कठिनाइयाँ हल करने और उनके जीवन की कुछ समस्याएँ सुलझाने में मदद कर सकते हो, तुम उनके जीवन प्रवेश के संदर्भ में उनकी कुछ कठिनाइयाँ हल करने में मदद कर सकते हो—तुम ये सभी चीजें कर सकते हो। दूसरे शब्दों में, अगर तुम्हारे माता-पिता परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास में बाधा नहीं डालते, तो तुम्हें उनके साथ यह रिश्ता बनाए रखना चाहिए, और तुम्हें उनके प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी करनी चाहिए। और तुम्हें उनके लिए परवाह क्यों दिखानी चाहिए, उनकी देखभाल क्यों करनी चाहिए और उनका हालचाल क्यों पूछना चाहिए? क्योंकि तुम उनकी संतान हो। चूँकि तुम्हारा उनके साथ यह रिश्ता है, तुम्हारी एक और तरह की जिम्मेदारी है, तुम्हें उनकी थोड़ी और खैर-खबर लेनी चाहिए और उन्हें और ज्यादा सहायता प्रदान करनी चाहिए। अगर यह तुम्हारे कर्तव्य-निर्वहन को प्रभावित नहीं करता और अगर तुम्हारे माता-पिता परमेश्वर में तुम्हारी आस्था और तुम्हारे कर्तव्य निर्वहन में बाधा नहीं डालते या गड़बड़ी नहीं करते, और वे तुम्हें रोकते भी नहीं, तो तुम्हारे लिए उनके प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ निभाना स्वाभाविक और उचित है और तुम्हें इसे उस हद तक करना चाहिए, जिस हद तक तुम्हारा जमीर तुम्हें न धिक्कारे—यह सबसे न्यूनतम मानक है, जिसे तुम्हें पूरा करना चाहिए। अगर तुम अपनी परिस्थितियों के प्रभाव और बाधा के कारण घर पर अपने माता-पिता का सम्मान नहीं कर पाते, तो तुम्हें इस विनियम का पालन करने की जरूरत नहीं। तुम्हें अपने आपको परमेश्वर के आयोजनों के हवाले कर देना चाहिए और उसकी व्यवस्थाओं के प्रति समर्पित होना चाहिए, और तुम्हें अपने माता-पिता का सम्मान करने पर जोर देने की जरूरत नहीं है। क्या परमेश्वर इसकी निंदा करता है? परमेश्वर इसकी निंदा नहीं करता; वह लोगों को ऐसा करने के लिए मजबूर नहीं करता। ... अगर तुम्हारे माता-पिता परमेश्वर में विश्वास नहीं करते और वे तुम्हारे साथ समान वैचारिक धरातल नहीं रखते या अनुसरण के समान लक्ष्य साझा नहीं करते और उस मार्ग पर नहीं चलते जिस पर तुम चलते हो, यहाँ तक कि परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास में बाधा डालते हैं और सताते हैं, तब तुम उनका भेद पहचान सकते हो, उनके सार की असलियत जान सकते हो और उन्हें नकार सकते हो। बेशक, अगर वे परमेश्वर को गाली देते हैं या तुम्हें कोसते हैं, तो तुम उन्हें अपने दिल में कोस सकते हो। तो, “अपने माता-पिता का सम्मान करना,” जिसकी परमेश्वर बात करता है, किसे संदर्भित करता है? तुम्हें इसका अभ्यास कैसे करना चाहिए? अगर तुम अपनी जिम्मेदारियाँ निभा सकते हो तो निभाओ और अगर तुम्हें यह अवसर नहीं मिलता है या अगर उनके साथ पहले ही बहुत अधिक मनमुटाव हो गया है, तुम लोगों के बीच टकराव है और तुम पहले ही उस बिंदु पर पहुँच गए हो जहाँ तुम अब एक-दूसरे को नहीं देख सकते, तो तुम्हें उनसे जल्दी से अलग हो जाना चाहिए। जब परमेश्वर इस तरह के माता-पिता का सम्मान करने की बात करता है, तो उसका मतलब है कि तुम्हें उनकी संतान होने की अपनी स्थिति के परिप्रेक्ष्य से अपनी संतानोचित जिम्मेदारियाँ पूरी करनी चाहिए, और वे चीजें करनी चाहिए जो एक बच्चे को करनी चाहिए। तुम्हें अपने माता-पिता के साथ खराब ढंग से पेश नहीं आना चाहिए या उनके साथ बहस नहीं करनी चाहिए, तुम्हें उनके साथ मार-पीट नहीं करनी चाहिए या उन पर चिल्लाना नहीं चाहिए, उनका उत्पीड़न नहीं करना चाहिए और उनके प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ भरसक निभानी चाहिए। ये वे चीजें हैं, जो मानवता के दायरे में की जानी चाहिए; ये वे सिद्धांत हैं जिनका अभ्यास “अपने माता-पिता का सम्मान करने” के संबंध में करना चाहिए। क्या इन्हें करना आसान नहीं है? (आसान है।) तुम्हें यह कहते हुए अपने माता-पिता के साथ गर्ममिजाजी से पेश आने की आवश्यकता नहीं है, “हे राक्षसो और छद्म-विश्वासियो, परमेश्वर तुम लोगों को आग और गंधक की झील, अथाह कुंड में जाने, नरक के अठारहवें स्तर पर जाने का शाप देता है!” यह आवश्यक नहीं है, तुम्हें इतनी अति तक जाने की जरूरत नहीं है। अगर परिस्थितियाँ अनुकूल हों तो आवश्यक होने पर तुम अपने माता-पिता के प्रति अपनी संतानोचित जिम्मेदारियाँ पूरी कर सकते हो। अगर परिस्थितियाँ अनुकूल न हों या यह संभव न हो, तो तुम इस दायित्व से मुक्त हो सकते हो। तुम्हें सिर्फ इतना करने की जरूरत है कि जब तुम अपने माता-पिता से मिलो और उनके साथ मिलो-जुलो, तो अपनी संतानोचित जिम्मेदारियाँ पूरी कर दो। जब तुम ऐसा कर लेते हो, तो तुम्हारा कार्य पूरा हो जाता है। तुम इस सिद्धांत के बारे में क्या सोचते हो? (यह अच्छा है।) तुम्हारे पास ऐसे सिद्धांत होने चाहिए कि तुम अपने माता-पिता समेत सभी लोगों से कैसे पेश आते हो। तुम गर्ममिजाजी से काम नहीं ले सकते। अगर तुम अपने माता-पिता को इसलिए कोसते हो क्योंकि वे परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास के कारण तुम्हारा उत्पीड़न करते हैं, तो यह गलत है। दुनिया में ऐसे बहुत-से लोग हैं जो परमेश्वर में विश्वास नहीं करते और वे सभी परमेश्वर को नकारते हैं और उसका प्रतिरोध करते हैं। अगर तुम उनके प्रति आँखें मूँद लेते हो और केवल अपने माता-पिता को कोसते हो, तो तुम गर्ममिजाजी के बीच जी रहे हो और परमेश्वर यह पसंद नहीं करता है। ऐसा मत सोचो कि अगर तुम उन्हें यह कहते हुए कोसते हो कि वे दानव हैं, जीते-जागते शैतान हैं और शैतान के गुर्गे हैं और उन्हें नरक में जाने का शाप देते हो, तो परमेश्वर तुमसे संतुष्ट होगा—ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सक्रियता के इस झूठे प्रदर्शन के कारण परमेश्वर तुम्हें स्वीकार्य नहीं पाएगा या यह नहीं कहेगा कि तुममें मानवता है। इसके बजाय, परमेश्वर कहेगा कि तुम्हारे क्रियाकलापों में भावनाएँ और गर्ममिजाजी शामिल होती है। परमेश्वर को तुम्हारा इस तरह पेश आना पसंद नहीं आएगा, यह हद पार करना है और यह उसके इरादों के अनुरूप नहीं है। अपने माता-पिता समेत, अन्य सभी लोगों के प्रति तुम्हारे व्यवहार के सिद्धांत होने चाहिए; चाहे वे परमेश्वर में विश्वास करते हों या नहीं, और चाहे वे बुरे लोग हों या नहीं, तुम्हें उनके साथ सिद्धांतों के अनुसार व्यवहार करना चाहिए। परमेश्वर ने मनुष्य को यह सिद्धांत बताया है : यह दूसरों के साथ निष्पक्ष ढंग से व्यवहार करने के बारे में है—बात बस इतनी है कि लोगों की अपने माता-पिता के प्रति अतिरिक्त जिम्मेदारी है। तुम्हें बस यह जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है। चाहे तुम्हारे माता-पिता विश्वासी हों या नहीं, चाहे वे अपने विश्वास का अनुसरण करते हों या नहीं, चाहे जीवन के प्रति उनका दृष्टिकोण और उनकी मानवता तुम्हारे साथ मेल खाती हो या नहीं, तुम्हें बस उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है। तुम्हें उनसे बचने की जरूरत नहीं—बस हर चीज परमेश्वर के आयोजनों और व्यवस्थाओं के अनुसार स्वाभाविक रूप से होने दो। अगर वे परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास में बाधा डालते हैं, तो तुम्हें उनका भेद पहचानना चाहिए, उनकी शैतानी साजिशों की असलियत जाननी चाहिए और अडिग रहना चाहिए। इसके अलावा, तुम्हें अपनी पूरी क्षमता से अपनी कुछ संतानोचित जिम्मेदारियाँ पूरी करनी चाहिए—तुम्हें कम से कम अपनी अंतरात्मा में यह महसूस नहीं करना चाहिए कि तुम उनके ऋणी हो। अगर वे तुम्हें बाधित नहीं करते हैं और वे परमेश्वर में तुम्हारे विश्वास का समर्थन करते हैं, तो तुम्हें भी सिद्धांतों के अनुसार अभ्यास करना चाहिए, उनके साथ अच्छे से पेश आना चाहिए, जैसा कि तुम्हें करना ही चाहिए। संक्षेप में कहें तो चाहे कुछ भी हो, मनुष्य से परमेश्वर की अपेक्षाएँ नहीं बदलतीं और लोगों को जिन सत्य सिद्धांतों का अभ्यास करना चाहिए, वे नहीं बदल सकते। इन मामलों में तुम्हें बस सिद्धांत कायम रखने और वे जिम्मेदारियाँ निभाने की जरूरत है, जिन्हें तुम निभा सकते हो।
—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण करने का क्या अर्थ है (4)
परमेश्वर के वचनों में वे सिद्धांत कौन-से हैं जिनसे लोगों को एक-दूसरे के साथ पेश आने के लिए कहा जाता है? परमेश्वर जिससे प्रेम करता है उससे प्रेम करो, और जिससे वह घृणा करता है उससे घृणा करो। यही वह सिद्धांत है जिसका लोगों को पालन करना चाहिए। परमेश्वर सत्य का अनुसरण करने और उसकी इच्छा का पालन कर सकने वालों से प्रेम करता है; हमें भी ऐसे लोगों से प्रेम करना चाहिए। जो लोग परमेश्वर की इच्छा का पालन नहीं कर सकते, जो परमेश्वर से नफरत और उसके खिलाफ विद्रोह करते हैं—परमेश्वर ऐसे लोगों से घृणा करता है और हमें भी उनसे घृणा करनी चाहिए। परमेश्वर इंसान से यही अपेक्षा करता है। अगर तुम्हारे माता-पिता परमेश्वर में विश्वास नहीं रखते, यदि वे अच्छी तरह जानते हैं कि परमेश्वर में आस्था रखना सही मार्ग है और यह उद्धार की ओर ले जा सकता है, फिर भी वे न केवल ग्रहणशील नहीं होते, बल्कि परमेश्वर में विश्वास करने वालों की आलोचना और निंदा भी करते हैं, तो इसमें कोई संदेह नहीं है कि वे सत्य से विमुख रहने वाले और उससे नफरत करने वाले लोग हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है कि वे परमेश्वर का विरोध और उससे नफरत करते हैं—और बेशक परमेश्वर उनसे घृणा और नफरत करता है। क्या तुम ऐसे माता-पिता से घृणा कर सकते हो? वे परमेश्वर का विरोध करते और उसे बुरा-भला कहते हैं—ऐसे में वे निश्चित रूप से दानव और शैतान हैं। क्या तुम उनसे नफरत कर उन्हें धिक्कार सकते हो? ये सब वास्तविक प्रश्न हैं। यदि तुम्हारे माता-पिता तुम्हें परमेश्वर में विश्वास रखने से रोकें, तो तुम्हें उनके साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए? तुम्हें परमेश्वर की अपेक्षाओं के अनुसार चलना चाहिए : परमेश्वर जिससे प्रेम करता है उससे प्रेम करो, और जिससे वह घृणा करता है उससे घृणा करो। अनुग्रह के युग के दौरान, प्रभु यीशु ने कहा था : “कौन है मेरी माता? और कौन हैं मेरे भाई?” “जो भी मेरे स्वर्गिक पिता की इच्छा के अनुसार चलेगा, वही मेरा भाई, मेरी बहिन और मेरी माँ है।” ये वचन अनुग्रह के युग में पहले से मौजूद थे, और अब परमेश्वर के वचन और भी अधिक स्पष्ट हैं : “परमेश्वर जिससे प्रेम करता है उससे प्रेम करो, और जिससे वह घृणा करता है उससे घृणा करो।” ये वचन बिल्कुल सीधे हैं, फिर भी लोग अक्सर इनका वास्तविक अर्थ नहीं समझ पाते। अगर कोई व्यक्ति ऐसा है जो परमेश्वर को नकारता और उसका विरोध करता है, जो परमेश्वर द्वारा शापित है, लेकिन वह तुम्हारा पिता या माता या कोई संबंधी है और जहाँ तक तुम जानते हो वह कोई बुरा व्यक्ति प्रतीत नहीं होता है और वह तुम्हारे साथ ठीक से व्यवहार करता है तो फिर हो सकता है तुम उस व्यक्ति से घृणा करने में खुद को असमर्थ पाओ, यहाँ तक कि तुम उसके निकट संपर्क में बने रहो और तुम्हारा संबंध अपरिवर्तित रहे। जब तुम यह सुनोगे कि परमेश्वर ऐसे लोगों से नफरत करता है तो तुम परेशान महसूस करोगे, परमेश्वर के पक्ष में खड़े नहीं हो पाओगे और उन लोगों को अस्वीकार करने के लिए अपने दिल को कठोर नहीं बना पाओगे। तुम हमेशा भावनाओं के कारण बाधित रहोगे और तुम वास्तव में उनके साथ संबंध तोड़ने में सक्षम नहीं होगे। इसका क्या कारण है? ऐसा इसलिए होता है क्योंकि तुम्हारी भावनाएँ बहुत मजबूत हैं और ये तुम्हें सत्य का अभ्यास करने से रोकती हैं। वह व्यक्ति तुम्हारे साथ अच्छा व्यवहार करता है, इसलिए तुम उससे नफरत नहीं कर पाते। तुम उससे तभी नफरत कर सकते हो, जब उसने तुम्हें नुकसान पहुँचाया हो। क्या यह नफरत सत्य सिद्धांतों के अनुसार होगी? साथ ही, तुम अभी भी परंपरागत धारणाओं से बँधे हो, सोचते हो कि वे तुम्हारे माता-पिता या रिश्तेदार हैं और यह कि अगर तुम उनसे नफरत करोगे तो समाज तुम्हारा तिरस्कार करेगा और जनमत तुम्हें धिक्कारेगा, कपूत, अंतरात्मा से विहीन और अमानुष कहकर तुम्हारी निंदा करेगा। तुम्हें लगता है कि तुम्हें इसके लिए दैवीय निंदा और दंड भुगतना होगा। भले ही तुम उनसे नफरत करना चाहो, लेकिन तुम्हारी अंतरात्मा तुम्हें ऐसा नहीं करने देगी। तुम्हारी अंतरात्मा का यह प्रभाव कहाँ से आता है? यह एक ऐसे विचार से आता है जिसे तुम्हारी पारिवारिक विरासत, माता-पिता द्वारा तुम्हें दी गई शिक्षा और परंपरागत संस्कृति की शिक्षा के द्वारा तुम्हारे मन में बचपन से ही बैठा दिया गया है। यह विचार तुम्हारे दिल में बहुत गहराई तक बैठा हुआ है और इसके कारण तुम गलती से यह विश्वास करते हो कि संतानोचित निष्ठा बिल्कुल स्वाभाविक और उचित है और अपने पुरखों से विरासत में मिली हर चीज हमेशा अच्छी होती है। पहले तुमने इसे सीखा और फिर यह तुम पर हावी हो जाता है, तुम्हारी आस्था में और सत्य स्वीकार करने में आड़े आकर भारी व्यवधान डालता है, और तुम्हें इस लायक नहीं छोड़ता कि तुम परमेश्वर के वचनों को अभ्यास में ला सको, तुम उसके प्रति प्रेम का अभ्यास करने में असमर्थ होते हो जिससे परमेश्वर प्रेम करता है और उससे घृणा करने में असमर्थ होते हो जिससे परमेश्वर घृणा करता है। वास्तव में तुम दिल से जानते हो कि तुम्हें अपना जीवन परमेश्वर से मिला, अपने माता-पिता से नहीं और तुम यह भी जानते हो कि तुम्हारे माता-पिता परमेश्वर पर विश्वास करना तो दूर उसका विरोध भी करते हैं, कि परमेश्वर उनसे घृणा करता है और तुम्हें परमेश्वर के प्रति समर्पित होकर उसका साथ देना चाहिए, लेकिन तुम चाहो भी तो उनसे घृणा नहीं कर पाते। तुम इस मानसिकता को नहीं बदल सकते, तुम अपने हृदय को दृढ़ नहीं कर पाते और तुम सत्य को अभ्यास में नहीं ला पाते। इसके मूल में क्या है? शैतान इन पारंपरिक संस्कृतियों और नैतिकता की इन धारणाओं का उपयोग तुम्हारे हृदय और मन को बाँधने के लिए करता है, चीजों पर तुम्हारे विचारों को बेहूदा बना देता है और तुमसे अपने हृदय में परमेश्वर से इनकार और उसका विरोध करवाता है, इस प्रकार तुम्हें परमेश्वर के वचनों को स्वीकार करने में असमर्थ बना देता है; तुम शैतान की इन चीजों के वश में हो गए हो, और परमेश्वर के वचनों को स्वीकार करने में अक्षम बना दिए गए हो। यदि तुम परमेश्वर के वचनों का अभ्यास करना चाहते हो, तो ये चीजें तुम्हारे भीतर सिर उठाएँगी और विघ्न डालेंगी, और तुमसे सत्य और परमेश्वर की माँगों का प्रतिरोध कराएँगी। भले ही तुम पारंपरिक संस्कृति के जुए से खुद को छुटकारा दिलाना चाहो, तुम ऐसा करने में शक्तिहीन होगे। कुछ समय संघर्ष करने के बाद, तुम समझौता कर लोगे। तुम मान लोगे कि नैतिकता की पारंपरिक धारणाएँ सही हैं और सत्य के अनुसार हैं, और इसलिए तुम परमेश्वर के वचनों को नकार दोगे या उन पर संदेह करोगे, परमेश्वर के वचनों को सत्य के रूप में स्वीकार नहीं करोगे, और इस बात की परवाह नहीं करोगे कि क्या तुम उद्धार प्राप्त कर सकते हो, यह महसूस करोगे कि आखिरकार तुम अभी भी इसी दुनिया में रहते हो, और इन चीजों पर निर्भर रहकर ही जीवन में आगे बढ़ सकते हो। जनमत की निंदा को सहन करने में असमर्थ होकर तुम सत्य और परमेश्वर के वचनों को छोड़ने का विकल्प चुनोगे और इसके बजाय पारंपरिक संस्कृति की नैतिकता की धारणाओं से चिपके रहोगे, शैतान के पक्ष में जाओगे और शैतान के साथ खड़े होओगे, सत्य को स्वीकार करने के बजाय परमेश्वर को नाराज करना पसंद करोगे। मुझे बताओ, क्या मनुष्य दयनीय नहीं है? क्या उसे परमेश्वर के उद्धार की आवश्यकता नहीं है? कुछ लोगों ने वर्षों से परमेश्वर में विश्वास किया है, लेकिन वे अभी भी संतानोचित निष्ठा के मामले की असलियत नहीं देख पाते हैं। सत्य पर चाहे कैसे भी संगति क्यों न की जाए, वे उसे समझ नहीं सकते हैं। वे इस सांसारिक संबंध पर कभी काबू नहीं पा सकते हैं; उनमें साहस नहीं है, न ही आस्था है, और संकल्प की बात तो छोड़ ही दो, इसलिए वे परमेश्वर से प्रेम और उसके प्रति समर्पण नहीं कर सकते हैं। कुछ लोग इसकी असलियत देख सकते हैं और कह सकते हैं, “मेरे माता-पिता परमेश्वर पर विश्वास नहीं करते हैं और वे मुझे भी विश्वास करने से रोकते हैं। वे दानव हैं।” यह कुछ ऐसा नहीं है जिसे करना आसान हो। एक भी अविश्वासी को यह विश्वास नहीं होता कि परमेश्वर का अस्तित्व है या उसने स्वर्ग, पृथ्वी और सब कुछ बनाया है या मनुष्य को परमेश्वर ने बनाया है। कुछ ऐसे भी लोग हैं जो कहते हैं, “मनुष्य को जीवन उसके माता-पिता ने दिया है और उसे उनका सम्मान करना चाहिए।” ऐसा विचार या दृष्टिकोण कहाँ से आता है? क्या यह शैतान से आता है? यह हजारों साल की परंपरागत संस्कृति है जिसने मनुष्य को इस तरह सिखाकर गुमराह किया है और उसे परमेश्वर की सृष्टि और संप्रभुता से इनकार करने को प्रेरित किया है। शैतान से गुमराह और नियंत्रित न होने पर मानवजाति परमेश्वर के कार्यों की जाँच-पड़ताल करती और उसके वचन पढ़ती, वह जान लेती कि मनुष्य को परमेश्वर ने सृजित किया है, कि मनुष्य का जीवन परमेश्वर द्वारा दिया गया है; कि मनुष्य के पास जो कुछ भी है वह परमेश्वर का दिया हुआ है और कि यह परमेश्वर ही है जिसका उसे आभार मानना चाहिए। अगर कोई हमारा भला करता है, तो हमें उसे परमेश्वर से आया मानकर स्वीकारना चाहिए—खासकर हमारे माता-पिता जिन्होंने हमें जन्म दिया और पाला-पोसा; यह सब परमेश्वर की व्यवस्था है। परमेश्वर की सब पर संप्रभुता है; मनुष्य सिर्फ सेवा का जरिया है। अगर कोई खुद को परमेश्वर के लिए खपाने की खातिर अपने माता-पिता या अपने पति (या पत्नी) और बच्चों के प्रति जुड़ाव को छोड़ सके, तो फिर वह व्यक्ति और मजबूत हो जाएगा और परमेश्वर के सामने उसमें न्याय की भावना अधिक होगी।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपने गलत विचारों को जानकर ही खुद को सचमुच बदला जा सकता है
एक दिन, जब तुम थोड़ा-बहुत सत्य समझ लोगे, तो तुम यह नहीं सोचोगे कि तुम्हारी माँ सबसे अच्छी इंसान है, या तुम्हारे माता-पिता सबसे अच्छे लोग हैं। तुम महसूस करोगे कि वे भी भ्रष्ट मानवजाति के सदस्य हैं, उनके भ्रष्ट स्वभाव बिल्कुल एक-जैसे हैं, अंतर सिर्फ तुम्हारे साथ उनके रक्त-संबंध का है और अगर वे परमेश्वर में विश्वास नहीं करते हैं, तो वे भी गैर-विश्वासियों के ही समान हैं। तब तुम उन्हें परिवार के किसी सदस्य के नजरिए से नहीं, या अपने देह के संबंध के नजरिए से नहीं, बल्कि सत्य के दृष्टिकोण से देखोगे। तुम्हें किन मुख्य पहलुओं पर ध्यान देना चाहिए? तुम्हें परमेश्वर में विश्वास के बारे में उनके दृष्टिकोण, दुनिया को लेकर उनके दृष्टिकोण, मामले सँभालने के समय उनके दृष्टिकोण, और सबसे महत्वपूर्ण बात, परमेश्वर के प्रति उनके रवैये देखने चाहिए। अगर तुम इन पहलुओं को सटीक ढंग से देख लेते हो तो तुम स्पष्ट रूप से देख पाओगे कि वे अच्छे लोग हैं या बुरे लोग। किसी दिन तुम स्पष्ट रूप से देख सकते हो कि वे बिल्कुल तुम्हारे जैसे भ्रष्ट स्वभाव वाले लोग हैं और वे ऐसे दयालु लोग नहीं हैं जो तुमसे वास्तविक प्रेम करते हैं, जैसा कि तुम उन्हें समझते हो, और न वे तुम्हें सत्य की ओर या जीवन में सही रास्ते पर ले जाने में बिल्कुल भी समर्थ हैं। तुम स्पष्ट रूप से देख सकते हो कि उन्होंने तुम्हारे लिए जो कुछ किया है, वह कोई बहुत लाभदायक नहीं है और यह जीवन में सही मार्ग पर चलने में तुम्हारे लिए किसी काम का नहीं है। तुम यह भी देख सकते हो कि उनके बहुत-से क्रियाकलाप और मत सत्य के विपरीत और देह के होते हैं, और तुम्हें तिरस्कार, विकर्षण और घृणा महसूस कराते हैं। अगर तुम इन चीजों को भाँप सको तो फिर तुम अपने माता-पिता के लिए अपने दिल में सही रवैया रख सकोगे, तुम उनकी कमी महसूस नहीं करोगे, उनके बारे में चिंतित नहीं रहोगे और उनसे अलग रहने में असमर्थ नहीं रहोगे; उन्होंने माता-पिता के रूप में अपना मिशन पूरा कर लिया है। अब तुम उन्हें अपने सबसे करीबी लोग नहीं मानोगे और न ही उन्हें अपना आराध्य मानोगे। बल्कि, तुम उन्हें साधारण व्यक्ति मानोगे और तब तुम स्नेह के बंधन से पूरी तरह से मुक्त हो जाओगे और स्नेह और पारिवारिक प्रेम से उबर जाओगे। एक बार तुम स्नेह और पारिवारिक प्रेम से मुक्त हो जाओगे तो तुम्हें एहसास हो जाएगा कि ये चीजें सँजोने लायक नहीं हैं। उस समय तुम देखोगे कि रिश्तेदार, परिवार और देह के संबंध सत्य को समझने और खुद को स्नेह से मुक्त करने की राह की बाधाएँ हैं। तुम देखोगे कि चूँकि तुम्हारा अपने माता-पिता के साथ वैसा पारिवारिक संबंध, वैसा दैहिक संबंध है जो तुम्हें पंगु बना देता है, तुम्हें पथभ्रष्ट करता है, इसलिए तुम यह विश्वास करते हो कि वे तुम्हारे सबसे निकट हैं, किसी से भी बेहतर ढंग से तुम्हारी देखभाल करते हैं, तुमसे सर्वाधिक प्रेम करते हैं, और तुम स्पष्ट रूप से यह भेद पहचानने के लायक नहीं रहते हो कि वे अच्छे लोग हैं या बुरे। एक बार जब तुम स्नेह से सचमुच किनारा कर लोगे तो क्या तुम तब भी उसी तरह तहेदिल से उनकी कमी महसूस करोगे, उनके बारे में ही सोचते रहोगे और उनकी चिंता करोगे जैसा अभी समय-समय पर उनके बारे में सोचते हुए महसूस करते हो? तुम ऐसा नहीं करोगे। तुम ऐसा नहीं कहोगे, “जिस व्यक्ति के बिना मैं वाकई रह नहीं सकता वह मेरी माँ है; वही मुझसे प्यार करती है, मेरी देखभाल करती है और मेरी सबसे ज्यादा फिक्र करती है।” जब तुम इतना समझने लगोगे तो क्या तुम्हें अब भी उनकी इतनी अधिक याद सताएगी कि तुम रो पड़ते हो? नहीं। यह समस्या हल हो जाएगी। इसलिए जब तुम किन्हीं मसलों या मामलों में कठिनाइयों का सामना करते हो तो अगर तुमने सत्य के उस पहलू को हासिल नहीं किया है और सत्य वास्तविकता के उस पहलू में प्रवेश नहीं किया है तो तुम ऐसी कठिनाइयों या दशाओं में फँस जाओगे और इनसे कभी नहीं निकल पाओगे। अगर तुम इस प्रकार की कठिनाइयों और समस्याओं को जीवन प्रवेश की मुख्य समस्याएँ मानोगे और फिर इन्हें हल करने के लिए सत्य खोजोगे तो फिर तुम सत्य वास्तविकता के इस पहलू में प्रवेश कर लोगे; तुम अनजाने में ही, इन कठिनाइयों और समस्याओं से सबक सीख लोगे। जब स्नेह के संबंध में तुम्हारी समस्याएँ हल हो जाएँगी तो तुम्हें एहसास होगा कि तुम अपने माता-पिता और परिजनों के उतने करीब नहीं हो, तुम उनके प्रकृति सार को अधिक स्पष्टता से देख सकोगे, और तुम देख लोगे कि वे सचमुच किस प्रकार के लोग हैं। मान लो तुम अपने संबंधियों को स्पष्ट रूप से देखते हो और कहते हो, “मेरी माँ सत्य बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करती है; वास्तव में उसकी सत्य के प्रति अरुचि है और वह उससे घृणा करती है। अपने सार में वह बुरी व्यक्ति है, एक दानव है। मेरे पिता हमेशा लोगों को खुश करने की कोशिश करते हैं और हमेशा मेरी माँ का पक्ष लेते हैं। वह न तो सत्य को स्वीकार करते हैं और न ही इसका अभ्यास करते हैं; वह सत्य का अनुसरण करने वाले इंसान नहीं हैं। वह छद्म-विश्वासी हैं। मैं उनके खिलाफ पूरी तरह विद्रोह करूँगा और उनके साथ स्पष्ट सीमारेखा खींच दूँगा।” इस तरह तुम सत्य के पक्ष में खड़े होगे और उन्हें ठुकरा सकोगे। जब तुम यह भेद पहचान लोगे कि वे कौन हैं, किस किस्म के लोग हैं, तो क्या तब भी तुम उनके लिए स्नेह रखोगे? क्या तुम तब भी उनके प्रति पारिवारिक स्नेह महसूस करोगे? क्या तुम तब भी उनके साथ दैहिक संबंध रखोगे? तुम ऐसा नहीं करोगे। क्या तुम्हें तब भी इस तरह के स्नेह को संयम में रखने की जरूरत पड़ेगी? (नहीं।) तो तुम इन कठिनाइयों को वास्तव में कैसे हल करते हो? सत्य को समझकर, परमेश्वर पर निर्भर रहकर और परमेश्वर की ओर देखकर। अगर तुम्हारे मन में इन चीजों को लेकर स्पष्टता है तो क्या तब भी तुम्हें खुद पर संयम रखने की जरूरत है? क्या तब भी इसकी आवश्यकता है कि तुम महसूस करो कि तुम्हारे साथ गलत हुआ है? क्या तुम्हें तब भी इतनी अधिक पीड़ा सहने की जरूरत है? क्या तुम्हें अब भी दूसरों की जरूरत है कि वे तुम्हारे साथ संगति करें और तुम्हारे सोचने के तरीके पर परामर्श दें? तुम्हें ऐसी जरूरत नहीं है; तुम खुद ही चीजों को सुलझा सकते हो—यह बहुत आसान है। विषय पर लौटें तो तुम्हें यह मसला कैसे हल करना चाहिए ताकि तुम उनके बारे में न सोचो या तुम्हें उनकी कमी न खले? (इसका समाधान करने के लिए सत्य खोजना चाहिए।) ये भारी-भरकम शब्द हैं और सुनने में बहुत औपचारिक लगते हैं—थोड़ा और व्यावहारिक रूप से बताओ। (उनके सार की असलियत देखने के लिए परमेश्वर के वचनों का प्रयोग करो; यानी सार के आधार पर उनका भेद पहचानो। तब हम अपने स्नेह और अपने दैहिक संबंधों को परे रखने में सक्षम रहेंगे।) सही कहा। यह व्यक्ति के प्रकृति सार का भेद पहचानने के बारे में है और यह करने के लिए तुम्हें परमेश्वर के वचनों को अपने आधार के रूप में लेना चाहिए। परमेश्वर के वचनों के प्रकाशन के बिना कोई भी व्यक्ति दूसरों के प्रकृति सार की असलियत नहीं जान सकता है। परमेश्वर के वचनों और सत्य के आधार पर टिके रहकर ही दूसरे लोगों के प्रकृति सार की असलियत देखी जा सकती है; केवल तभी मानवीय भावनाओं की समस्या का समूल समाधान किया जा सकता है। पहले अपने स्नेह और दैहिक संबंधों को छोड़कर शुरुआत करो; जिसके लिए भी तुम्हारी भावनाएँ सबसे तीव्र हों, सबसे पहले उसी का गहन-विश्लेषण करना और भेद पहचानना चाहिए। तुम्हें यह समाधान कैसा लगता है? (यह अच्छा है।) कुछ लोग कहते हैं, “जिन लोगों से मेरी भावनाएँ सबसे मजबूती से जुड़ी हैं, उनका भेद पहचानना और उनका गहन-विश्लेषण करना—यह कितनी निष्ठुर बात है!” तुमसे उनका भेद पहचानने के लिए कहने का उद्देश्य यह नहीं है कि तुम उनसे संबंध तोड़ लो; यह इसलिए नहीं है कि तुम अपने माता-पिता के साथ अपना रिश्ता खत्म कर लो, न ही यह इसलिए है कि तुम उन्हें त्याग दो और फिर कभी उनसे मेल-जोल न करो। बल्कि तुम्हें अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करना चाहिए और वह सब कुछ करना चाहिए जो तुम्हारे वश में है। हालाँकि तुम्हें उनसे बाधित होना या उनके द्वारा रोके जाना नहीं चाहिए। यदि इससे तुम्हारे सत्य के अनुसरण और तुम्हारे कर्तव्य निर्वहन में देरी होती है तो तुम मूर्ख हो, क्योंकि तुम परमेश्वर के अनुयायी हो—तुम्हें इस सिद्धांत को समझना चाहिए। यदि तुम उनकी बाधाओं और उलझनों से मुक्त नहीं हो सकते हो तो तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए और परमेश्वर पर भरोसा करना चाहिए। केवल इसी तरीके से तुम यह गारंटी दे सकते हो कि तुम अपने कर्तव्य निर्वहन को प्रभावित किए बिना उनके प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करोगे; यह एक बुद्धिमानी भरा चुनाव है। अगर तुम परमेश्वर के अनुयायी या सत्य के अनुरागी न होते तो कोई भी तुमसे यह अपेक्षा न करता।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपने भ्रष्ट स्वभावों का समाधान करने से ही सच्चा परिवर्तन आ सकता है
अय्यूब ने अपने बच्चों के साथ कैसा व्यवहार किया? एक पिता के नाते उसने बस अपना दायित्व पूरा किया, उन्हें सुसमाचार का उपदेश दिया और उनके साथ सत्य पर संगति की। उन्होंने चाहे अय्यूब की बात सुनी या नहीं और उसने जो कहा उसे स्वीकार किया या नहीं, लेकिन अय्यूब का रवैया उन्हें परमेश्वर में विश्वास रखने के लिए मजबूर करने का नहीं था—कभी उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध जबर्दस्ती परमेश्वर में विश्वास करने के लिए विवश करने का या उनके जीवन में हस्तक्षेप करने का नहीं था। उनके विचार और दृष्टिकोण अय्यूब के अपने विचारों से भिन्न थे, तो वे जो कुछ भी करते उसमें उसने कभी हस्तक्षेप नहीं किया, वे किस मार्ग पर जा रहे हैं, इस मामले में उसने कभी हस्तक्षेप नहीं किया। क्या अय्यूब अपने बच्चों से परमेश्वर में विश्वास रखने को लेकर कभी-कभार ही बात करता था? उसने निश्चित रूप से इस विषय के बारे में उनसे काफी बातें की थीं, लेकिन उन्होंने सुनने से इनकार कर दिया और उसकी कही बातों को स्वीकार नहीं किया। इस चीज के प्रति अय्यूब का क्या रवैया था? “मैंने अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी; जहाँ तक बात है कि वे कौन-सा मार्ग अपनाते हैं, यह उन्हीं पर निर्भर करता है कि वे क्या चुनते हैं और यह परमेश्वर के आयोजनों और व्यवस्थाओं पर निर्भर करता है। यदि परमेश्वर कार्य नहीं करता है या उन्हें प्रेरित नहीं करता है, तो मैं उन्हें बाध्य करने का प्रयास नहीं करूँगा।” इसलिए अय्यूब ने परमेश्वर से उनके लिए प्रार्थना नहीं की, उनके लिए पीड़ा के आँसू नहीं बहाए, उनके लिए उपवास नहीं रखा या किसी भी तरह कष्ट नहीं उठाए। उसने ये सब नहीं किया। अय्यूब ने यह सब क्यों नहीं किया? क्योंकि इनमें से कोई भी बात परमेश्वर की संप्रभुता और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करना नहीं है; यह सब मानवीय इच्छा के आधार पर अपनी ओर से जबरन कदम उठाना है। जब अय्यूब के बच्चों ने उसका रास्ता नहीं अपनाया तो उसका यह रवैया था। तो जब उसके बच्चे मरे, तब उसका रवैया कैसा था? क्या वह रोया या गुस्से में बेकाबू हो गया? क्या उसे दुख महसूस हुआ? बाइबल में इस बारे में कोई उल्लेख नहीं है। अपने बच्चों की मृत्यु पर क्या उसका दिल दुखा और क्या वह परेशान हुआ? (हाँ।) अपने बच्चों के प्रति उसकी भावनाओं के संदर्भ में बात करें, तो वह निश्चित रूप से उनकी मृत्यु से थोड़ा दुखी था, लेकिन फिर भी उसने परमेश्वर के प्रति समर्पण किया। उसका समर्पण कैसे व्यक्त हुआ? उसने कहा, “ये बच्चे मुझे परमेश्वर द्वारा दिए गए थे। चाहे वे परमेश्वर में विश्वास करते हों या नहीं, उनके जीवन परमेश्वर के हाथों में थे। यदि उन्होंने परमेश्वर में विश्वास किया होता, तो परमेश्वर उन्हें अपनी मर्जी से ले जा सकता था; उन्होंने परमेश्वर में विश्वास नहीं किया और परमेश्वर अभी भी उन्हें अपनी मर्जी से ले जाने में सक्षम था। यह सब परमेश्वर के हाथों में है; अन्यथा लोगों की जान कौन ले सकता है?” इसका निष्कर्ष क्या निकला? “यहोवा ने दिया और यहोवा ही ने लिया; यहोवा का नाम धन्य है” (अय्यूब 1:21)। अपने बच्चों के प्रति भी उसका यही रवैया था। चाहे वे जीवित हों या मृत, उसका यही रवैया रहा। उसका अभ्यास सही था; अपने हर अभ्यास में और प्रत्येक चीज के प्रति अपने दृष्टिकोण और रवैये में—साथ ही अपनी अवस्था में—वह हमेशा समर्पण करने, प्रतीक्षा करने, खोज करने और फिर आध्यात्मिक समझ प्राप्त करने की स्थिति में था। यह रवैया बहुत महत्वपूर्ण है। यदि लोग जो कुछ भी करते हैं उसमें उनका इस तरह का रवैया नहीं होता और उनके अपने विचार विशेष रूप से मजबूत होते हैं, वे जो कुछ भी करते हैं उसमें व्यक्तिगत इरादे रखते हैं और केवल अपने हितों पर विचार करते हैं, तो क्या उनमें सच्चा समर्पण होता है? (नहीं।) उनमें सच्चा समर्पण नहीं पाया जा सकता, न ही यह कुछ ऐसा है जिसे वे प्राप्त कर सकते हैं।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर के प्रति समर्पित होने के अभ्यास के सिद्धांत
अय्यूब की मानवता का एक और पहलू उसके और उसकी पत्नी के बीच इस संवाद में प्रदर्शित होता है : “फिर उसकी पत्नी ने उससे कहा, ‘क्या तुम अब भी अपनी सत्यनिष्ठा कायम रखे हुए हो? परमेश्वर को त्याग दो, और मर जाओ।’ उसने उससे कहा, ‘तू एक मूढ़ स्त्री की सी बातें करती है, क्या हम जो परमेश्वर के हाथ से सुख लेते हैं, दुःख न लें?’” (अय्यूब 2:9-10)। वह जो यंत्रणा भुगत रहा था उसे देखकर, अय्यूब की पत्नी ने उसे इस यंत्रणा से बच निकलने में सहायता करने के लिए सलाह देने की कोशिश की, तो भी उसके “भले इरादों” को अय्यूब की स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई; इसके बजाय, उन्होंने उसका क्रोध भड़का दिया, क्योंकि उसने यहोवा परमेश्वर में उसकी आस्था और उसके प्रति उसके समर्पण को नकारा था, और यहोवा परमेश्वर के अस्तित्व को भी नकारा था। यह अय्यूब के लिए असहनीय था, क्योंकि उसने, दूसरों की तो बात ही छोड़ दें, स्वयं अपने को भी कभी ऐसा कुछ नहीं करने दिया था जो परमेश्वर का विरोध करता हो या उसे ठेस पहुँचाता हो। उस समय वह कैसे उदासीन रह सकता था जब उसने दूसरों को ऐसे वचन बोलते देखा जो परमेश्वर की निंदा और उसका अपमान करते थे? इस प्रकार उसने अपनी पत्नी को “मूढ़ स्त्री” कहा। अपनी पत्नी के प्रति अय्यूब का रवैया क्रोध और घृणा, और साथ ही भर्त्सना और फटकार का था। यह सटीक रूप से अय्यूब की मानवता का—प्रेम और घृणा के बीच अंतर करने का—स्वाभाविक प्रकाशन था, और उसकी खरी मानवता की सच्ची अभिव्यक्ति थी। अय्यूब में न्याय की एक समझ थी—ऐसी समझ जिसकी बदौलत वह बुराई की प्रवृत्तियों और ज्वार से नफ़रत करता था, और भ्रांतियों और विधर्मों, हास्यास्पद तर्कों और ऊटपटाँग कहावतों से नफरत, उनकी भर्त्सना और उन्हें अस्वीकार करता था, और वह स्वयं अपने, सही सिद्धांतों और रवैये को उस समय सच्चाई से थामे रह सका जब उसे भीड़ के द्वारा अस्वीकार कर दिया गया था और उन लोगों द्वारा छोड़ दिया गया था जो उसके क़रीबी थे।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, परमेश्वर का कार्य, परमेश्वर का स्वभाव और स्वयं परमेश्वर II
हर एक इंसान की अपनी किस्मत होती है और यह सब परमेश्वर ने पूर्वनियत कर रखा है; कोई भी किसी दूसरे की किस्मत नियंत्रित नहीं कर सकता। तुम्हें अपने परिवार की चिंता करना बंद करने की और सभी चीजें छोड़ना और एक तरफ रखना सीखने की जरूरत है। तुम यह कैसे कर सकते हो? एक तरीका परमेश्वर से प्रार्थना करना है। तुम्हें यह विचार भी करना ही होगा कि परमेश्वर में विश्वास न करने वाले तुम्हारे परिवार के सदस्य कैसे सांसारिक चीजों, धन और भौतिक सुख-सुविधाओं का अनुसरण करते हैं और कैसे वे शैतान के हैं और तुमसे अलग तरह के इंसान हैं। अगर तुम अपना कर्तव्य नहीं करते और उनके बीच रहते हो तो तुम जिंदगी भर कष्ट सहोगे। क्योंकि तुम मामलों को उनसे अलग तरीके से देखते हो, इसलिए तुम्हारी उनके साथ नहीं बनेगी बल्कि तुम्हें कष्ट सहना पड़ेगा। सिर्फ दुख होगा, सुख नहीं मिलेगा। क्या स्नेह तुम्हें शांति और आनंद दिला सकता है? देह के लिए विचारशीलता दिखाने से तुम्हें पीड़ा, खालीपन और जीवन भर के पछतावे के अलावा कुछ नहीं मिलेगा। यह एक ऐसी चीज है जिसकी तुम्हें असलियत जानने की जरूरत है। इसलिए अपने परिवार की याद आना केवल एकतरफा स्नेह है; यह अनावश्यक रूप से भावुक होना है! तुम जिस मार्ग पर चल रहे हो, वह उनके मार्ग से अलग है। जीवन और दुनिया को लेकर तुम्हारा नजरिया, जीवन-पथ और अनुसरण के लक्ष्य सभी अलग हैं। अब तुम अपने परिवार के साथ नहीं हो लेकिन क्योंकि तुम्हारा खून एक ही है, इसलिए तुम्हें हमेशा लगता है कि तुम उनके करीब हो और तुम एक परिवार हो। हालाँकि जब तुम सच में उनके साथ रहने लगोगे, तो उनके साथ कुछ ही दिनों का व्यवहार तुम्हें पूरी तरह से तंग कर डालेगा। वे झूठ से भरे हुए हैं; वे जो कहते हैं वह सब झूठ, चिकनी-चुपड़ी बातें और कपट है। उनका आचरण और दुनिया से व्यवहार का उनका तरीका सब शैतान के फलसफों और जीवन-सिद्धांतों पर आधारित है। उनके ख्याल और नजरिए सभी गलत और बेतुके हैं और वे सुनने में बिल्कुल बर्दाश्त से बाहर हैं। तब तुम मन ही मन सोचोगे, “मैं उन्हें हर समय अपने मन में रखता था लेकिन अब मेरे मन में उनके प्रति घृणा की भावना पैदा हो गई है। यदि मुझे उनके साथ रहना पड़ता तो यह वास्तव में असहनीय होता!” तुम्हें उनसे घृणा होगी। तुम्हें अभी तक पता नहीं चला है कि वे किस तरह के लोग हैं, इसलिए तुम अभी भी सोचते हो कि पारिवारिक संबंध किसी भी दूसरी चीज से ज्यादा जरूरी और ज्यादा असली हैं। तुम अभी भी स्नेह से बाधित हो। स्नेह की उन चीजों को जितना संभव हो सके छोड़ देने का प्रयास करो। अगर तुम नहीं कर सकते तो अपना कर्तव्य ऊपर रखो। परमेश्वर का आदेश और तुम्हारा मिशन सबसे जरूरी है। अपना कर्तव्य पूरा करना बाकी सभी चीजों से ऊपर है और अभी अपने रक्त-संबंधियों की उन चीजों के बारे में चिंता न करो। जब तुम्हारा आदेश और तुम्हारा कर्तव्य सही तरह से किए जाते हैं, सत्य तुम्हारे लिए और अधिक स्पष्ट हो जाता है, परमेश्वर के साथ तुम्हारा रिश्ता अधिक से अधिक सामान्य हो जाता है, तुम्हारा परमेश्वर की आज्ञा मानने वाला दिल और बड़ा होता जाता है और परमेश्वर का भय मानने वाला तुम्हारा दिल और ज्यादा बड़ा और स्पष्ट होता जाता है, तब तुम्हारे भीतर की अवस्था बदल जाएगी। एक बार जब तुम्हारी दशा बदल जाएगी, तो तुम्हारे सांसारिक नजरिए और स्नेह धीरे-धीरे मिट जाएँगे, तुम अब उन चीजों का अनुसरण नहीं करोगे और तुम्हारा दिल सिर्फ यह तलाशना चाहेगा कि परमेश्वर से कैसे प्यार करें, उसे कैसे संतुष्ट करें, कैसे उस तरीके से जिंदगी गुजारें जिससे वह प्रसन्न हो और सत्य के साथ कैसे जिएँ। जब तुम्हारा दिल इस ओर कोशिश करने लगता है, तो देह के स्नेह से जुड़ी चीजें धीरे-धीरे धूमिल पड़ने लगती हैं और वे तुम्हें बांध या नियंत्रित नहीं कर पातीं।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
जो अपने सर्वथा अविश्वासी बच्चों और रिश्तेदारों को खींचकर कलीसिया में लाते हैं, वे बेहद स्वार्थी हैं और सिर्फ़ अपनी दयालुता का प्रदर्शन कर रहे हैं। ये लोग इसकी परवाह किए बिना कि उनका विश्वास है भी या नहीं और यह परमेश्वर का इरादा है या नहीं, केवल प्रेमपूर्ण बने रहने पर ध्यान देते हैं। कुछ लोग अपनी पत्नियों को परमेश्वर के सामने लाते हैं या अपने माता-पिता को खींचकर परमेश्वर के सामने लाते हैं और चाहे पवित्र आत्मा इससे सहमत हो या नहीं और चाहे पवित्र आत्मा उन पर कार्य कर रहा हो या नहीं, वे आँखें बंदकर परमेश्वर के लिए “प्रतिभाशाली लोगों को अपनाते हैं।” इन गैर-विश्वासियों के प्रति दयालुता दिखाने से आखिर क्या लाभ मिल सकता है? भले ही ये छद्म-विश्वासी, जिनमें पवित्र आत्मा उपस्थित नहीं है, अनिच्छापूर्वक परमेश्वर का अनुसरण करें भी, तब भी उनका उद्धार नहीं किया जा सकता है, जैसा कि लोग कल्पना करते हैं। जो लोग उद्धार प्राप्त कर सकते हैं, उन्हें वास्तव में प्राप्त करना उतना आसान नहीं है। जो लोग पवित्र आत्मा के कार्य और परीक्षणों से नहीं गुजरे हैं और देहधारी परमेश्वर द्वारा पूर्ण नहीं बनाए गए हैं, वे पूर्ण किए जाने में सर्वथा असमर्थ हैं। इसलिए जिस क्षण से वे नाममात्र के लिए परमेश्वर का अनुसरण आरंभ करते हैं, उन लोगों में पवित्र आत्मा मौजूद नहीं होता। उनकी स्थितियों और वास्तविक दशाओं के प्रकाश में उन्हें पूर्ण किया ही नहीं जा सकता है। इसलिए, पवित्र आत्मा उन पर अधिक ऊर्जा खपाने का इरादा नहीं रखता है, न ही वह उन्हें किसी प्रकार का प्रबोधन प्रदान करता है, न उनका मार्गदर्शन करता है; वह उन्हें केवल साथ चलने की अनुमति देता है और अंततः उनके परिणाम प्रकट करेगा—यही पर्याप्त है। लोगों का उत्साह और इच्छाएँ शैतान से आती हैं और ये चीजें किसी भी तरह से पवित्र आत्मा का कार्य पूर्ण नहीं कर सकती हैं। चाहे लोग किसी भी प्रकार के हों, उनमें पवित्र आत्मा का कार्य अवश्य होना चाहिए। क्या मनुष्य दूसरे मनुष्यों को पूर्ण कर सकते हैं? पति अपनी पत्नी से क्यों प्रेम करता है? पत्नी अपने पति से क्यों प्रेम करती है? बच्चे क्यों अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित आज्ञाकारिता दिखाते हैं? माता-पिता क्यों अपने बच्चों पर प्यार न्योछावर करते हैं? वह कौन-सी मंशा है जो सारे लोग पालते हैं? क्या यह अपनी योजनाओं और स्वार्थी इच्छाओं को पूरा करने की नहीं होती है? क्या यह वास्तव में परमेश्वर की प्रबंधन योजना के लिए कार्य करने की है? क्या यह वास्तव में परमेश्वर के कार्य के लिए कार्य करने की है? क्या यह सृजित प्राणी के कर्तव्यों को अच्छे से निभाने की है? वे जो परमेश्वर पर विश्वास करना शुरू करने के समय से पवित्र आत्मा की उपस्थिति को नहीं पा सके हैं, वे पवित्र आत्मा के कार्य को कभी नहीं पा सकते हैं; ये लोग निश्चित रूप से वे हैं जो नष्ट किए जाएँगे। इससे फ़र्क नहीं पड़ता कि कोई उनसे कितना प्रेम करता है, यह पवित्र आत्मा के कार्य का स्थान नहीं ले सकता। लोगों का उत्साह और प्रेम मानवीय इच्छाओं के निरूपक हैं, पर ये परमेश्वर की इच्छाओं के निरूपक नहीं हो सकते हैं और न ही ये परमेश्वर के कार्य का विकल्प हो सकते हैं। जो नाममात्र के लिए परमेश्वर में विश्वास करते हैं और जो परमेश्वर में विश्वास करने का अर्थ जाने बिना उसके अनुसरण का दिखावा करते हैं, उनके प्रति भले ही कोई व्यक्ति यथासंभव सर्वाधिक प्रेम या दया दिखा भी दे, तो भी वे परमेश्वर की सहानुभूति प्राप्त नहीं करेंगे, न ही वे पवित्र आत्मा का कार्य प्राप्त करेंगे। भले ही जो लोग ईमानदारी से परमेश्वर का अनुसरण करते हैं कमज़ोर काबिलियत वाले हों और बहुत-से सत्यों को न समझ पाते हों, वे तब भी कभी-कभी पवित्र आत्मा का कार्य प्राप्त कर सकते हैं; लेकिन जो काफी अच्छी काबिलियत वाले हैं, मगर ईमानदारी से विश्वास नहीं करते, वे पवित्र आत्मा की उपस्थिति प्राप्त कर ही नहीं सकते। ऐसे लोगों के उद्धार की कतई कोई संभावना नहीं है। भले ही वे परमेश्वर के वचनों को पढ़ें या कभी-कभी धर्मोपदेश सुनें, या परमेश्वर की स्तुति गाएं, तब भी वे अंततः विश्राम के समय तक बच नहीं पाएँगे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर और मनुष्य साथ-साथ विश्राम में प्रवेश करेंगे
अतीत में बोले गए ये वचन, “प्रभु में एक व्यक्ति का विश्वास पूरे परिवार के लिए आशीष लाता है” अनुग्रह के युग पर लागू होते थे, लेकिन व्यक्ति के गंतव्य से संबंधित नहीं हैं। ये केवल अनुग्रह के युग के दौरान एक चरण के लिए ही लागू होते थे। उन वचनों का अर्थ केवल शांति और भौतिक आशीष के सदर्भ में था, जिनका लोगों ने आनंद लिया; उनका मतलब यह नहीं था कि प्रभु को मानने वाले का पूरा परिवार बच जाएगा, न ही उनका मतलब यह था कि जब कोई आशीष पाता है, तो पूरे परिवार को भी विश्राम में लाया जा सकता है। किसी को आशीष मिलेगा या विपत्ति सहनी पड़ेगी, इसका निर्धारण व्यक्ति के सार के अनुसार होता है, न कि सामान्य सार के अनुसार, जो वह दूसरों के साथ साझा करता है। इस प्रकार की लोकोक्ति या नियम का राज्य में कोई स्थान है ही नहीं। यदि कोई व्यक्ति अंततः बच पाता है, तो ऐसा इसलिए है क्योंकि उसने परमेश्वर की अपेक्षाओं को पूरा किया है और यदि कोई विश्राम के दिनों तक बचने में सक्षम नहीं हो पाता, तो ऐसा इसलिए है कि वह परमेश्वर के प्रति विद्रोही रहा है और उसने परमेश्वर की अपेक्षाओं को पूरा नहीं किया है। प्रत्येक व्यक्ति की एक उचित मंजिल होती है जिसका निर्धारण प्रत्येक व्यक्ति के सार के अनुसार किया जाता है और इसका दूसरे लोगों से कोई लेना-देना नहीं होता। किसी बच्चे के बुरे कर्म उसके माता-पिता को हस्तांतरित नहीं किए जा सकते और न ही किसी बच्चे की धार्मिकता उसके माता-पिता के साथ बाँटी जा सकती है। माता-पिता के बुरे कर्म उनकी संतानों को हस्तांतरित नहीं किए जा सकते, न ही माता-पिता की धार्मिकता उनके बच्चों के साथ साझा की जा सकती है। हर कोई अपने-अपने पाप ढोता है और हर कोई अपने-अपने आशीषों का आनंद लेता है। कोई भी दूसरे व्यक्ति का स्थान नहीं ले सकता है। यही धार्मिकता है। मनुष्य के नज़रिए से, यदि माता-पिता आशीष पाते हैं, तो उनके बच्चों को भी मिलना चाहिए, यदि बच्चे बुरा करते हैं, तो उनके पापों के लिए माता-पिता को प्रायश्चित करना चाहिए। यह मनुष्य का दृष्टिकोण है और कार्य करने का मनुष्य का तरीक़ा है; यह परमेश्वर का दृष्टिकोण नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति के परिणाम का निर्धारण उनके कर्मों के सार के अनुसार होता है और इसका निर्धारण सदैव उचित तरीके से होता है। कोई भी दूसरे के पापों को नहीं ढो सकता; इससे भी बढ़कर, कोई भी दूसरे के बदले दंड नहीं पा सकता। यह निर्विवाद है। माता-पिता द्वारा अपनी संतान की बहुत अधिक देखभाल का अर्थ यह नहीं कि वे अपनी संतान के बदले धार्मिकता के कर्म कर सकते हैं, न ही किसी बच्चे की अपने माता-पिता के प्रति संतानोचित आज्ञाकारिता का यह अर्थ है कि वह अपने माता-पिता के बदले धार्मिकता के कर्म कर सकता है। यही इन वचनों का वास्तविक अर्थ है, “उस समय दो जन खेत में होंगे, एक ले लिया जाएगा और दूसरा छोड़ दिया जाएगा। दो स्त्रियाँ चक्की पीसती रहेंगी, एक ले ली जाएगी और दूसरी छोड़ दी जाएगी।” लोग बुरा करने वाले बच्चों के प्रति गहरे प्रेम के आधार पर उन्हें विश्राम में नहीं ले जा सकते, न ही कोई अपनी पत्नी (या पति) को अपने धार्मिक कर्मों के आधार पर विश्राम में ले जा सकता है। यह एक प्रशासनिक नियम है; किसी के लिए कोई अपवाद नहीं हो सकता। धार्मिक कर्म करने वाले अंततः धार्मिक कर्म करने वाले होते हैं और कुकर्मी अंततः कुकर्मी ही होते हैं। धार्मिक कर्म करने वाले ही अंततः जीवित बच पाएँगे, जबकि कुकर्मी नष्ट हो जाएँगे। पवित्र, पवित्र होते हैं; वे घिनौने नहीं होते हैं। घिनौने, घिनौने होते हैं और उनमें पवित्रता का एक भी अंश नहीं होता है। जो लोग नष्ट कर दिए जाएँगे वे सभी बुरे हैं और जो जीवित बचेंगे वे सभी धार्मिक हैं—फिर चाहे बुरे लोगों की संतानें धार्मिक कर्म करने वाली हों और फिर भले ही धार्मिक लोगों के माता-पिता बुरे कर्म करें। एक विश्वासी पति और अविश्वासी पत्नी के बीच मूल रूप से कोई संबंध नहीं होता और विश्वासी बच्चों और अविश्वासी माता-पिता के बीच कोई संबंध नहीं होता; ये दोनों तरह के लोग असंगत हैं। विश्राम में प्रवेश करने से पहले, लोगों में दैहिक, पारिवारिक स्नेह होता है, लेकिन एक बार जब वे विश्राम में प्रवेश कर जाते हैं, फिर दैहिक, पारिवारिक स्नेह जैसी कोई बात नहीं रह जाती। जो अपना कर्तव्य निभाते हैं वे अंतर्निहित रूप से उनके शत्रु हैं जो अपने कर्तव्य नहीं निभाते हैं; जो परमेश्वर से प्रेम करते हैं और जो उससे घृणा करते हैं, वे मूल रूप से एक दूसरे के विरोधी हैं। जो विश्राम में प्रवेश करेंगे और जो नष्ट किए जा चुके होंगे वे असंगत किस्म के सृजित प्राणी हैं। जो सृजित प्राणी अपने कर्तव्य निभाते हैं, वे बचे रहने में समर्थ होंगे, जबकि वे जो अपने कर्तव्य नहीं निभाते, वे विनाश के पात्र बनेंगे; यही नहीं, यह सब अनंत तक चलेगा। क्या तुम एक सृजित प्राणी के तौर पर अपना कर्तव्य निभाने के लिए अपने पति से प्रेम करती हो? क्या तुम एक सृजित प्राणी के तौर पर अपना कर्तव्य निभाने के लिए अपनी पत्नी से प्रेम करते हो? क्या तुम एक सृजित प्राणी के तौर पर अपना कर्तव्य निभाने के लिए अपने अविश्वासी माता-पिता के प्रति संतानोचित आज्ञाकारिता दिखाते हो? क्या परमेश्वर में विश्वास करने के मामले में लोगों के दृष्टिकोण वास्तव में सही हैं या गलत? तुम वास्तव में परमेश्वर में विश्वास किसलिए करते हो? तुम वास्तव में क्या पाना चाहते हो? तुम वास्तव में परमेश्वर से कैसे प्रेम करते हो? जो लोग सृजित प्राणियों के रूप में अपने कर्तव्य अच्छे से नहीं निभा सकते और जो भरपूर प्रयास नहीं कर सकते, वे विनाश के पात्र बनेंगे। आज के लोगों के बीच दैहिक संबंध होते हैं, साथ ही खून के रिश्ते होते हैं, किंतु भविष्य में ये सब टूट जाएँगे। विश्वासी और अविश्वासी अंतर्निहित रूप से एक दूसरे के प्रति सुसंगत नहीं हैं; बल्कि वे परस्पर विरोधी हैं। जो विश्राम में हैं, वे सभी वो लोग होंगे जो यह विश्वास करते हैं कि परमेश्वर मौजूद है और परमेश्वर के प्रति समर्पण करते हैं, जबकि वे जो परमेश्वर के प्रति विद्रोही हैं, वे सब नष्ट कर दिए गए होंगे। पृथ्वी पर परिवारों का अब और अस्तित्व नहीं होगा; तो माता-पिता या संतानों या पति-पत्नियों के बीच के रिश्ते कैसे हो सकते हैं? विश्वास और अविश्वास की असंगतता से ऐसे दैहिक संबंध पूरी तरह टूट चुके होंगे!
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर और मनुष्य साथ-साथ विश्राम में प्रवेश करेंगे
जब एक बार मानवजाति विश्राम में प्रवेश कर लेगी तो बुरे कर्म करने वाले नष्ट किए जा चुके होंगे और समस्त मानवता सही मार्ग पर होगी; सभी प्रकार के लोग उन भूमिकाओं के आधार पर जो उन्हें निभानी चाहिए, अपनी-अपनी किस्म के अनुसार छाँटे जाएँगे। केवल यही मानवता के विश्राम का दिन होगा, केवल यही मानवता के विकास की अपरिहार्य प्रवृत्ति है। जब मानवता विश्राम में प्रवेश करेगी, केवल तभी परमेश्वर के महान कार्य का अंततः समापन होगा; यह उसके कार्य का अंतिम भाग होगा। यह कार्य मानवता के समस्त पतनशील दैहिक जीवन का अंत करेगा, साथ ही यह भ्रष्ट मानवता के जीवन का अंत करेगा। इसके बाद से मनुष्य एक नए क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। यद्यपि सभी मनुष्य देह में जिएँगे, किंतु इस जीवन के सार में और भ्रष्ट मानवता के जीवन के सार में उल्लेखनीय अंतर होगा। इस अस्तित्व का अर्थ भी भ्रष्ट मानवता के अस्तित्व के अर्थ से भिन्न होगा। यूँ तो यह एक नए प्रकार के व्यक्ति का जीवन नहीं होगा, लेकिन इसे उस मानवता का जीवन कहा जा सकता है जिसे बचा लिया गया है, साथ ही एक ऐसा जीवन जिसमें मानवता और विवेक को पुनः प्राप्त कर लिया गया है। ये वे लोग होंगे जो कभी परमेश्वर के खिलाफ विद्रोहशील थे, जिन्हें परमेश्वर द्वारा जीत लिया गया है और फिर उसके द्वारा बचा लिया गया है; ये वे लोग होंगे जिन्होंने परमेश्वर का अनादर किया और बाद में उसकी गवाही दी। उसकी परख से गुजर चुकने और बचने के बाद उनका अस्तित्व सबसे अधिक सार्थक अस्तित्व होगा; ये वे लोग होंगे जिन्होंने शैतान के सामने परमेश्वर की गवाही दी और वे मनुष्य होंगे जो जीने के योग्य हैं। जो नष्ट हो जाएँगे वे ऐसे लोग हैं जो परमेश्वर के लिए अपनी गवाही में अडिग नहीं रह सकते और जो जीते रहने के योग्य नहीं हैं। उनका विनाश यह होगा कि वे अपने बुरे कर्मों के परिणामस्वरूप नष्ट हो जाएँगे और यह विनाश ही उनके लिए सर्वोत्तम गंतव्य है। भविष्य में जब मनुष्य एक सुंदर क्षेत्र में प्रवेश करेंगे, तब पति-पत्नी, पिता-पुत्री या माँ-बेटे का ऐसा कोई रिश्ता नहीं रहेगा जैसा कि लोग कल्पना करते हैं। उस समय, प्रत्येक मनुष्य को उसकी अपनी किस्म के अनुसार छाँटा जाएगा और परिवार पहले ही ध्वस्त हो चुके होंगे। पूरी तरह असफल हो चुकने के बाद शैतान फिर कभी मानवता को बाधित नहीं करेगा और इसलिए मनुष्यों में अब और शैतानी भ्रष्ट स्वभाव नहीं होंगे। वे विद्रोही लोग पहले ही नष्ट किए जा चुके होंगे और केवल समर्पण करने वाले लोग ही बचे रहेंगे। ऐसे में बहुत थोड़े से परिवार पूरी तरह बचेंगे, तो दैहिक संबंध कैसे बने रह सकते हैं? मनुष्य का अतीत का दैहिक जीवन पूरी तरह निषिद्ध होगा; तो लोगों के बीच दैहिक संबंध कैसे अस्तित्व में रह सकते हैं? शैतानी भ्रष्ट स्वभावों के बिना, मानव जीवन अब अतीत का पुराना जीवन नहीं रहेगा, बल्कि एक नया जीवन होगा। माता-पिता बच्चों को गँवा देंगे और बच्चे माता-पिता को गँवा देंगे। पति पत्नियों को गँवा देंगे और पत्नियाँ पतियों को गँवा देंगी। अभी लोगों के बीच दैहिक संबंध विद्यमान हैं, लेकिन जब सभी विश्राम में प्रवेश कर लेंगे तो ये संबंध आगे विद्यमान नहीं रहेंगे। केवल इस प्रकार की मानवता में ही धार्मिकता और पवित्रता होगी; केवल इस प्रकार की मानवता ही परमेश्वर की आराधना कर सकती है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर और मनुष्य साथ-साथ विश्राम में प्रवेश करेंगे
संबंधित वीडियो
रंगमंच नाटिका “कुकर्मी को निष्कासित करने की लड़ाई”
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
माता-पिता का असली चेहरा पहचानना
अपने मोह के कारण सही-गलत न समझ पाया
संबंधित भजन
क्या मनुष्य इस संक्षिप्त समय के लिए अपनी देह का त्याग नहीं कर सकता?
परमेश्वर लोगों के सार के अनुसार उनका परिणाम निर्धारित करता है