15. जब कोई अपने कर्तव्य का निर्वहन अच्छी तरह से करेगा, केवल तभी उसके पास सच्ची गवाही होगी
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
हर कोई जो परमेश्वर में विश्वास करता है उसे उसके इरादे समझने चाहिए। केवल अपना कर्तव्य अच्छी तरह से निभाकर ही वह परमेश्वर को संतुष्ट कर सकता है और केवल परमेश्वर का आदेश पूरा करके ही उसका अपने कर्तव्य का निर्वहन मानक स्तर का हो सकता है। परमेश्वर का आदेश पूरा करने के लिए एक मानक है। प्रभु यीशु ने कहा था : “तू प्रभु अपने परमेश्वर से अपने सारे मन से, और अपने सारे प्राण से, और अपनी सारी बुद्धि से, और अपनी सारी शक्ति से प्रेम रखना।” “परमेश्वर से प्रेम करना” उसका एक पहलू है, जिसकी परमेश्वर को लोगों से अपेक्षा है। यह अपेक्षा कहाँ अभिव्यक्त होनी चाहिए? परमेश्वर के आदेश की पूर्ति में—व्यावहारिक दृष्टि से तुम्हें एक इंसान के तौर पर अपना कर्तव्य अच्छी तरह से निभाना चाहिए। तो अपना कर्तव्य अच्छी तरह से निभाने का मानक क्या है? यह परमेश्वर की अपेक्षा है कि एक सृजित प्राणी के रूप में तुम अपना कर्तव्य अपने पूरे हृदय, अपनी पूरी आत्मा, अपने पूरे मन और अपनी पूरी शक्ति से अच्छी तरह से निभाओ। यह आसानी से समझ आना चाहिए। परमेश्वर की अपेक्षा पूरी करने के लिए तुम्हें मुख्य चीज यह करनी होगी कि अपना दिल अपने कर्तव्य में लगाओ। यदि तुम इसमें अपना हृदय लगा सकते हो, तो तुम्हारे लिए इसे अपनी पूरी आत्मा, पूरे मन और अपनी पूरी शक्ति से निभाना आसान हो जाएगा। यदि तुम केवल अपने मन की कल्पनाओं पर भरोसा करके, और अपने गुणों पर भरोसा करके अपना कर्तव्य निभाते हो, तो क्या तुम परमेश्वर की अपेक्षाएँ पूरी कर सकते हो? बिल्कुल नहीं। तो यह समझे जाने के लिए कि तुमने परमेश्वर का आदेश पूरा कर लिया है और अपना कर्तव्य समर्पित रूप से और अच्छी तरह से निभा दिया है, तुम्हें किस मानक पर खरा उतरना होगा? यह अपना कर्तव्य अपने पूरे दिल से, अपनी पूरी आत्मा से, अपने पूरे मन से और अपनी पूरी शक्ति से निभाना है। अपना कर्तव्य अच्छी तरह से निभाने के लिए तुम्हारे पास एक परमेश्वर-प्रेमी दिल होना चाहिए। यदि तुम्हारा परमेश्वर-प्रेमी हृदय निरंतर मजबूत और अधिक सच्चा होता जाता है, तो तुम स्वाभाविक रूप से अपने कर्तव्य को अपने पूरे हृदय से, अपनी पूरी आत्मा से, अपने पूरे मन से और अपनी पूरी शक्ति से अच्छे ढंग से करने में सक्षम होगे।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, मनुष्य वास्तव में किस चीज के अनुसार जीता है
यदि तुम्हारे पास वास्तव में विवेक है, तो तुम्हारे पास बोझ और उत्तरदायित्व की भावना अवश्य होनी चाहिए। तुम्हें कहना चाहिए, “चाहे मुझे जीता जाए या पूर्ण बनाया जाए, मुझे गवाही देने का यह चरण सही ढंग से पूरा करना चाहिए।” एक सृजित प्राणी के लिए, परमेश्वर द्वारा पूरी तरह से जीत लिया जाना और अंततः परमेश्वर को संतुष्ट करना, परमेश्वर-प्रेमी हृदय के साथ और स्वयं को पूरी तरह से परमेश्वर के प्रति समर्पित करके परमेश्वर के प्रेम का प्रतिदान करना—यह मनुष्य की जिम्मेदारी है और वह कर्तव्य है जिसे मनुष्य द्वारा निभाया जाना चाहिए; मनुष्य को यह बोझ उठाना चाहिए और इस आदेश को पूरा करना चाहिए। केवल तभी वह वास्तव में परमेश्वर में विश्वास करता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, अभ्यास (3)
अब मैं तुम्हारी निष्ठा और समर्पण, तुम्हारा प्रेम और गवाही चाहता हूँ। यहाँ तक कि अगर तुम इस समय नहीं जानते कि गवाही क्या होती है या प्रेम क्या होता है, तो तुम्हें अपना सब कुछ मेरे पास ले आना चाहिए और जो एकमात्र खजाना तुम्हारे पास है, यानी तुम्हारी निष्ठा और समर्पण मुझे सौंप देना चाहिए। तुम्हें जानना चाहिए कि मेरे द्वारा शैतान को हराए जाने की गवाही मनुष्य की निष्ठा और समर्पण में निहित है, साथ ही मनुष्य के ऊपर मेरी संपूर्ण विजय की गवाही भी। मुझ पर तुम्हारे विश्वास का कर्तव्य है मेरे लिए गवाही देना, किसी अन्य के प्रति नहीं बल्कि मेरे प्रति वफादार होना और अंत तक समर्पित बने रहना। इससे पहले कि मैं अपने कार्य का अगला चरण आरंभ करूँ, तुम्हें मेरी गवाही कैसे देनी चाहिए? तुम्हें मेरे प्रति वफादार और समर्पित कैसे होना चाहिए? क्या तुम अपने कार्य के प्रति अपनी लगन दिखाओगे या उसे ऐसे ही छोड़ दोगे? मैं तुम्हारे लिए जिसकी भी व्यवस्था करता हूँ (चाहे वह तुम्हारा मर जाना हो या नष्ट हो जाना हो) क्या तुम उसके प्रति समर्पित होना चाहोगे, या मेरी ताड़ना से बचने के लिए बीच रास्ते से ही भाग जाओगे? मैं तुम्हें ताड़ना देता हूँ ताकि तुम मेरी गवाही दो, मेरे प्रति निष्ठावान और समर्पित बनो। यह भी कहा जा सकता है कि वर्तमान ताड़ना मेरे कार्य के अगले चरण को कार्यान्वित करने और भविष्य के कार्य की निर्बाध प्रगति के लिए है। अतः मैं तुम्हें यह नसीहत देता हूँ कि तुम बुद्धिमान बनो और न तो अपने जीवन को, न ही अपने अस्तित्व को मूल्यहीन रेत समझो। क्या तुम सही-सही जान सकते हो कि मेरा आगामी कार्य क्या होगा? क्या तुम जानते हो कि भविष्य में मैं किस तरह कार्य करूँगा और अपने कार्य को किस तरह कार्यान्वित करूँगा? तुम्हें मेरे कार्य का अनुभव करने का महत्व और इससे भी बढ़कर मुझमें विश्वास रखने का महत्व जानना चाहिए। मैंने इतना अधिक कार्य किया है—मैं उसे अधबीच कैसे छोड़ सकता हूँ, जैसा कि तुम सोचते हो? मैंने इतनी बड़ी परियोजना शुरू की है—मैं इसे नष्ट कैसे कर सकता हूँ? यह सच है कि मैं इस युग को समाप्त करने आया हूँ, लेकिन इससे भी अधिक महत्वपूर्ण रूप से तुम्हें यह जरूर जानना चाहिए कि मैं एक नया युग शुरू करने आया हूँ, कि मैं नया कार्य कार्यान्वित करने आया हूँ और इससे भी बढ़कर मैं राज्य के सुसमाचार को फैलाने आया हूँ। अतः तुम्हें जानना चाहिए कि वर्तमान कार्य केवल एक युग का आरंभ करने तथा आने वाले समय में सुसमाचार फैलाने और भविष्य में इस युग को समाप्त करने के लिए नींव डालने का कार्य है। मेरा कार्य उतना सरल नहीं है जितना तुम सोचते हो, और न ही वैसा बेकार और निरर्थक है, जैसा तुम्हें लग सकता है। इसलिए मैं अब भी तुमसे कहूँगा : तुम्हें मेरे कार्य के लिए स्वयं को समर्पित करना चाहिए और इससे भी बढ़कर तुम्हें मेरी महिमा के लिए अपने आपको समर्पित करना चाहिए। मेरी लंबे समय से यह लालसा रही है कि तुम मेरी गवाही दो, और इससे भी बढ़कर मैंने लंबे समय से यह देखने के लिए प्रतीक्षा की है कि तुम मेरा सुसमाचार फैलाओ। तुम्हें यह समझना चाहिए कि मेरे हृदय में क्या है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, “विश्वास” के बारे में, तुम इसे कैसे समझते हो?
हमेशा अपने लिए कार्य मत करो, हमेशा अपने हितों की मत सोचो, अपने अहंकार, प्रतिष्ठा और रुतबे पर विचार मत करो और अपने निजी हितों पर विचार मत करो। तुम्हें सबसे पहले परमेश्वर के घर के हितों पर विचार करना चाहिए और उन्हें अपनी प्राथमिकता बनाना चाहिए। तुम्हें परमेश्वर के इरादों के प्रति विचारशील होना चाहिए और सबसे पहले यह चिंतन करना चाहिए कि तुम्हारे कर्तव्य निर्वहन में अशुद्धियाँ रही हैं या नहीं, तुम समर्पित रहे हो या नहीं, तुमने अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी की हैं या नहीं, और अपना सर्वस्व दिया है या नहीं, साथ ही तुम अपने कर्तव्य और कलीसिया के कार्य पर पूरे दिल से विचार करते रहे हो या नहीं। तुम्हें इन चीजों के बारे में अवश्य विचार करना चाहिए। अगर तुम इन पर बार-बार विचार करते हो और इन्हें समझ लेते हो, तो तुम्हारे लिए अपना कर्तव्य अच्छे से निभाना आसान हो जाएगा। अकेला अपवाद यह है कि अगर तुम्हारी काबिलियत खराब है या तुम्हारा अनुभव उथला है या तुम अपने पेशेवर कार्य में पर्याप्त रूप से दक्ष नहीं हो और नतीजतन तुम्हारे कार्य में कुछ गलतियाँ या कमियाँ पैदा होती हैं, और यह अच्छे परिणाम मिलने से रोकता है, पर तुम पहले ही अपना सर्वश्रेष्ठ कर रहे हो। तुम अपनी स्वार्थपूर्ण इच्छाओं या पसंद को संतुष्ट करने के लिए कार्य नहीं कर रहे हो। इसके बजाय, तुम हर मामले में कलीसिया के कार्य और परमेश्वर के घर के हितों पर विचार कर रहे हो। यूँ तो हो सकता है कि तुम अपने कर्तव्य में अच्छे नतीजे प्राप्त न कर रहे हो, तुम्हारा हृदय सही दशा में है; इसके अलावा अगर तुम अपने कर्तव्य में समस्याओं का समाधान करने के लिए सत्य खोजने में समर्थ हो तो तुम अपने कर्तव्य निर्वहन में मानक स्तर के होओगे और साथ ही तुम सत्य वास्तविकता में प्रवेश करोगे। तब तुम्हारे पास गवाही होगी।
कुछ लोग परमेश्वर में विश्वास तो करते हैं, लेकिन सत्य का अनुसरण नहीं करते। वे हमेशा देह के अनुसार जीते हैं, दैहिक सुखों के लिए लालच करते हैं, हमेशा अपनी स्वार्थपूर्ण कामनाओं को संतुष्ट करते हैं। वे चाहे कितने भी वर्षों तक परमेश्वर में विश्वास करें, वे कभी भी सत्य वास्तविकता में प्रवेश नहीं करेंगे। यह परमेश्वर का अनादर करने का संकेत है। तुम कहते हो, “मैंने परमेश्वर का प्रतिरोध करने वाला कोई काम नहीं किया। मैंने उसका अनादर कैसे कर दिया?” तुम्हारे सभी विचार और सोच दुष्टतापूर्ण हैं। तुम जो करते हो उसके पीछे की मंशाएँ, लक्ष्य और उद्देश्य और तुम्हारे क्रियाकलापों के परिणाम सभी शैतान को संतुष्ट करते हैं, तुम्हें उपहास का पात्र बनाते हैं और उसे तुम्हारे विरुद्ध इस्तेमाल करने के लिए तुम्हारी कोई कमजोरी पकड़ने का मौका देते हैं। तुमने एक भी गवाही नहीं दी है जो एक ईसाई को देनी चाहिए। तुम शैतान के हो। तुम सभी चीजों में परमेश्वर के नाम का अनादर करते हो और तुम्हारे पास सच्ची गवाही नहीं है। क्या परमेश्वर तुम्हारे द्वारा किए गए कृत्यों को याद रखेगा? अंत में परमेश्वर तुम्हारे सभी क्रियाकलापों, व्यवहार और उन कर्तव्यों के बारे में क्या निष्कर्ष निकालेगा जो तुम कर चुके हो? क्या उसका कोई नतीजा नहीं निकलना चाहिए, किसी प्रकार का कोई वक्तव्य नहीं आना चाहिए? बाइबल में, प्रभु यीशु कहता है : “उस दिन बहुत से लोग मुझ से कहेंगे, ‘हे प्रभु, हे प्रभु, क्या हम ने तेरे नाम से भविष्यद्वाणी नहीं की, और तेरे नाम से दुष्टात्माओं को नहीं निकाला, और तेरे नाम से बहुत से आश्चर्यकर्म नहीं किए?’ तब मैं उनसे खुलकर कह दूँगा, ‘मैं ने तुम को कभी नहीं जाना। हे कुकर्म करनेवालो, मेरे पास से चले जाओ’” (मत्ती 7:22-23)। प्रभु यीशु ने ऐसा क्यों कहा? धर्मोपदेश देने, दुष्टात्माओं को निकालने और प्रभु के नाम पर इतने चमत्कार करने वालों में से इतने सारे लोग कुकर्मी क्यों हो गए? इसका कारण यह था कि उन्होंने प्रभु यीशु द्वारा व्यक्त किए गए सत्यों को स्वीकार नहीं किया, उन्होंने उसकी आज्ञाओं का पालन नहीं किया, और सत्य के लिए उनके दिल में कोई प्रेम नहीं था। वे सिर्फ प्रभु के लिए किए गए अपने काम, उठाए गए कष्टों और त्यागों के बदले में स्वर्ग के राज्य के आशीष चाहते थे। ऐसा करके, वे परमेश्वर के साथ एक सौदा करने की कोशिश कर रहे थे, और वे परमेश्वर का इस्तेमाल करने और परमेश्वर को धोखा देने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए प्रभु यीशु उनसे विमुख होता था, उनसे घृणा करता था और उन्हें कुकर्मियों के रूप में दोषी ठहराता था। आज लोग परमेश्वर के वचनों के न्याय और ताड़ना को स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन कुछ अब भी नाम और रुतबे के पीछे भागते हैं, और हमेशा विशिष्ट दिखना चाहते हैं; हमेशा अगुआ और कार्यकर्ता बनना चाहते हैं ताकि वे नाम और रुतबा पा सकें और इस प्रकार रुतबे के फायदे का आनंद ले सकें। हालाँकि वे सभी कहते हैं कि वे परमेश्वर में विश्वास करते हैं और उसका अनुसरण करते हैं, और वे परमेश्वर के लिए चीजों को छोड़ देते हैं और खपते हैं, पर वे प्रसिद्धि, लाभ और रुतबा पाने के लिए ही अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं और उनकी अपनी चालें हमेशा रहती हैं। वे परमेश्वर के प्रति समर्पित या वफादार नहीं हैं, वे थोड़ा भी आत्मचिंतन किए बिना अनियंत्रित रूप से बुरी चीजें कर सकते हैं, इसलिए वे कुकर्मी बन जाते हैं। परमेश्वर इन बुरे लोगों से नफरत करता है और बुरे लोगों को बचाता नहीं है। वह मानक क्या है जिसके द्वारा किसी व्यक्ति के कर्मों को अच्छे या बुरे के रूप में आँका जाता है? वह यह है कि वह अपने विचारों, प्रकाशनों और क्रियाकलापों में सत्य को अभ्यास में लाने और सत्य वास्तविकता को जीने की गवाही रखता है या नहीं। यदि तुम्हारे पास यह वास्तविकता नहीं है या तुम इसे नहीं जीते, तो बेशक, तुम एक कुकर्मी हो। परमेश्वर कुकर्मियों को कैसे देखता है? परमेश्वर की नजर में, तुम्हारे विचार और बाहरी क्रियाकलाप परमेश्वर की गवाही नहीं देते हैं, न ही वे शैतान को शर्मिंदा करते या हराते हैं; बल्कि वे परमेश्वर का अनादर करते हैं और उसका अनादर करने के निशानों से भरे हुए हैं। तुम परमेश्वर की गवाही नहीं दे रहे हो, न ही तुम खुद को परमेश्वर के लिए खपा रहे हो, तुम परमेश्वर की खातिर अपनी जिम्मेदारियों और दायित्वों को भी पूरा नहीं कर रहे हो; बल्कि केवल अपनी खातिर कार्य कर रहे हो। “केवल अपनी खातिर” का क्या मतलब है? इसका सही-सही मतलब है, शैतान की खातिर। इसलिए अंत में परमेश्वर यही कहेगा : “हे कुकर्म करनेवालो, मेरे पास से चले जाओ।” परमेश्वर की नजर में तुम्हारे कार्यों को अच्छे कर्मों के रूप में नहीं देखा जाएगा, बल्कि उन्हें बुरे कर्म माना जाएगा। उन्हें न केवल परमेश्वर की स्वीकृति हासिल नहीं होगी—बल्कि उन्हें दोषी भी ठहराया जाएगा। परमेश्वर में ऐसे विश्वास से कोई क्या हासिल करने की आशा कर सकता है? क्या इस तरह का विश्वास अंततः व्यर्थ नहीं हो जाएगा?
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपने भ्रष्ट स्वभावों को त्यागकर ही आजादी और मुक्ति पाई जा सकती है
चाहे तुम किसी भी परीक्षण का सामना क्यों न करो, तुम्हें प्रार्थना में परमेश्वर के सम्मुख अवश्य आना चाहिए और परमेश्वर से खोजना चाहिए। यही परम कुंजी है। अपने कर्तव्य के निर्वाह में कोई विलंब किए बिना तुम्हें अपने बारे में चिंतन-मनन करना चाहिए। बस चिंतन ही मत करते रहो कि अपना कर्तव्य न कर पाओ, क्योंकि ऐसा करने का मतलब है, महत्वहीन चीजों पर ध्यान देकर महत्वपूर्ण चीजों को अनदेखा करना। वह मूर्खतापूर्ण तरीका है। चाहे तुम्हारे सामने कोई भी परीक्षण क्यों न आए, तुम्हें इसे परमेश्वर द्वारा दिए गए एक बोझ के रूप में देखना चाहिए। उदाहरण के लिए, कुछ लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ जाते हैं—उनकी पीड़ा असहनीय होती है और कुछ मृत्यु का भी सामना करते हैं। उन्हें इस तरह की स्थिति से कैसे निपटना चाहिए? कई मामलों में परमेश्वर के परीक्षण वे बोझ होते हैं जो वह लोगों को देता है। परमेश्वर तुम पर कितना भी बड़ा बोझ क्यों न डाले, यही वह बोझ है जिसका भार तुम्हें उठाना चाहिए, क्योंकि परमेश्वर तुम्हें समझता है और यह जानता है कि तुम वह बोझ उठा पाओगे। परमेश्वर तुम्हें जो बोझ देता है, वह तुम्हारे आध्यात्मिक कद या तुम्हारी सहनशक्ति की सीमा से अधिक नहीं होगा और इसमें कोई संदेह नहीं है कि तुम उसे वहन करने में सक्षम होगे। परमेश्वर चाहे तुम्हें किसी भी तरह का बोझ या किसी भी तरह का परीक्षण दे, एक बात याद रखो : प्रार्थना करने के बाद चाहे तुम परमेश्वर के इरादों को समझ पाओ या नहीं, चाहे तुम पवित्र आत्मा द्वारा प्रबुद्ध और रोशन हो पाओ या नहीं; और इस परीक्षण द्वारा परमेश्वर चाहे तुम्हें अनुशासित कर रहा हो या तुम्हें चेतावनी दे रहा हो, अगर तुम इसे नहीं समझ पाते हो तो कोई फर्क नहीं पड़ता—अगर तुम अपना कर्तव्य करने में देर नहीं करते और वफादारी से उस पर डटे रह सकते हो, तो परमेश्वर संतुष्ट रहेगा और तुम अपनी गवाही में अडिग रहोगे। जब कुछ लोग किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त होते हैं और मरने वाले होते हैं तो वे मन ही मन सोचते हैं, “मैंने तो मौत से बचने के लिए ही परमेश्वर में विश्वास करना शुरू किया था, लेकिन ऐसा लगता है कि इतने वर्षों तक अपना कर्तव्य निभाने के बाद भी वह मुझे मर जाने देगा। क्या इसका यह मतलब नहीं है कि मैंने अपना कर्तव्य व्यर्थ में निभाया? मुझे पहले अपनी बीमारी का इलाज करने का तरीका खोजना चाहिए और फिर अपनी अधूरी इच्छाओं को पूरा करना चाहिए और इस जीवन में जिन चीजों का मैंने कभी आनंद नहीं लिया, बिना समय गँवाए उनका आनंद लेना चाहिए। मैं अभी के लिए अपना कर्तव्य निभाना बंद कर दूँगा।” यह क्या रवैया है? तुम इतने वर्षों से अपना कर्तव्य करते रहे हो, तुमने ये तमाम उपदेश सुने हैं, और फिर भी तुमने सत्य को नहीं समझा। एक परीक्षण तुम्हें गिरा देता है, तुम्हें घुटनों पर ले आता है और तुम्हें बेनकाब कर देता है। क्या इस तरह का व्यक्ति परमेश्वर की परवाह की भावनाओं के योग्य है? (वे योग्य नहीं हैं।) उनमें जरा-सी भी निष्ठा नहीं है। तो इतने वर्षों तक उन्होंने अपना जो कर्तव्य निभाया है, उसे क्या कहते हैं? इसे “मजदूरी करना” कहते हैं, और वे सिर्फ मेहनत करते रहे हैं। अगर परमेश्वर में अपनी आस्था और सत्य के अनुसरण में तुम यह कहने में सक्षम हो, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि परमेश्वर कोई बीमारी या अप्रिय घटना मुझ पर आने दे—परमेश्वर चाहे कुछ भी करे—मुझे समर्पण करना चाहिए और एक सृजित प्राणी के रूप में अपनी जगह पर रहना चाहिए। अन्य सभी चीजों से पहले मुझे सत्य के इस पहलू—समर्पण—को अभ्यास में लाना चाहिए, मुझे इसे कार्यान्वित करना और परमेश्वर के प्रति समर्पण की वास्तविकता को जीना ही चाहिए। साथ ही, परमेश्वर ने जो आदेश मुझे दिया है और जो कर्तव्य मुझे करना चाहिए, मुझे उनका परित्याग नहीं करना चाहिए। यहाँ तक कि अंतिम साँस लेते हुए भी मुझे अपने कर्तव्य पर डटे रहना चाहिए,” तो क्या यह गवाही देना नहीं है? जब तुम्हारा इस तरह का संकल्प होता है और तुम्हारी इस तरह की अवस्था होती है, तो क्या तब भी तुम परमेश्वर के बारे में शिकायत करोगे? नहीं, तुम ऐसा नहीं करोगे। ऐसे समय में तुम मन ही मन सोचोगे, “परमेश्वर ने मुझे यह साँस दी है, उसने इन तमाम वर्षों में मेरा पोषण और मेरी रक्षा की है, उसने मुझे बहुत-से दर्द से बचाया है और मुझे बहुत-सा अनुग्रह और बहुत-से सत्य दिए हैं। मैंने ऐसे सत्यों और रहस्यों को समझा है, जिन्हें लोग कई युगों और पीढ़ियों से नहीं समझ पाए हैं। मैंने परमेश्वर से इतना कुछ पाया है, इसलिए मुझे भी उसका प्रतिदान करना चाहिए! पहले, मेरा आध्यात्मिक कद छोटा था, मुझमें कोई बेहतर समझ नहीं थी और मैं हमेशा ऐसे काम करता था जो परमेश्वर को ठेस पहुँचाते थे। संभव है कि भविष्य में मुझे परमेश्वर का प्रतिदान करने का और कोई अवसर न मिले। मेरे पास जीने के लिए चाहे जितना भी समय बचा हो, मुझे अपनी थोड़ी-सी शक्ति भी अर्पित करनी चाहिए और मैं जो कुछ भी करने में सक्षम हूँ, वह सब परमेश्वर को अर्पित करना चाहिए, ताकि परमेश्वर देख सके कि इतने वर्षों तक मेरा भरण-पोषण करना व्यर्थ नहीं गया है, बल्कि उसका फल मिला है, और ताकि मैं परमेश्वर को सांत्वना दे सकूँ और अब उसे ठेस न पहुँचाऊँ या निराश न करूँ।” यह कैसा लगता है? यह मत सोचो कि खुद को कैसे बचाया जाए या कैसे भागा जाए, यह सोचते हुए, “यह बीमारी कब ठीक होगी? जब यह ठीक हो जाएगी, तो मैं अपना कर्तव्य करने और समर्पित रहने की पूरी कोशिश करूँगा। बीमार होने पर मैं कैसे समर्पित रह सकता हूँ? मैं एक सृजित प्राणी का कर्तव्य कैसे निभा सकता हूँ?” जब तक तुम्हारी एक भी साँस चल रही है, क्या तुम अपना कर्तव्य निभाने में सक्षम नहीं हो? जब तक तुम्हारी एक भी साँस चल रही है, क्या तुम परमेश्वर का अनादर न करने में सक्षम हो? जब तक तुम्हारी एक भी साँस चल रही है, जब तक तुम्हारा मन स्पष्ट है, क्या तुम परमेश्वर के बारे में शिकायत न करने में सक्षम हो? (हाँ।) अभी “हाँ” कहना आसान है, लेकिन जब तुम सच में बीमार पड़ोगे, तो तुम कहोगे “यह आसान नहीं है।” और इसलिए, तुम लोगों को सत्य का अनुसरण करना चाहिए, अक्सर सत्य पर कड़ी मेहनत करनी चाहिए और इस पर अधिक विचार करना चाहिए कि तुम परमेश्वर के इरादों को कैसे पूरा कर सकते हो, परमेश्वर के प्रेम का प्रतिदान कैसे कर सकते हो और एक सृजित प्राणी का कर्तव्य कैसे पूरा कर सकते हो।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, केवल परमेश्वर के वचन बार-बार पढ़ने और सत्य पर चिंतन-मनन करने से ही अनुसरण का मार्ग मिल सकता है
अपना कर्तव्य निभाते समय तुम्हारा किसी भी चीज से सामना हो—नकारात्मकता और कमजोरी या काट-छाँट के बाद बुरी मनःस्थिति में हो—तुम्हें इससे ठीक से पेश आना चाहिए, और तुम्हें साथ ही सत्य को खोजना और परमेश्वर के इरादों को समझना चाहिए। ये काम करने से तुम्हारे पास अभ्यास का एक मार्ग होगा। अगर तुम अपना कर्तव्य निर्वाह बहुत अच्छे ढंग से करना चाहते हो, तो तुम्हें अपनी मनःस्थिति से बिल्कुल प्रभावित नहीं होना चाहिए। तुम चाहे कितने भी नकारात्मक या कमजोर महसूस कर रहे हो, तुम्हें सत्य का अभ्यास करना चाहिए, अपने दायित्व और जिम्मेदारियाँ पूरी करनी चाहिए और अपने हर काम में सिद्धांतों पर कायम रहना चाहिए। यदि तुम ऐसा करते हो, तो न केवल अन्य लोग तुम्हें स्वीकृति देंगे, बल्कि परमेश्वर भी तुम्हें पसंद करेगा। इस प्रकार तुम एक ऐसे व्यक्ति होगे जो जिम्मेदार है, जो जिम्मेदारी ले सकता है, जो वास्तव में अच्छा है और जो वास्तव में अपने कर्तव्य मानक-स्तरीय निभाता है और तुम पूरी तरह से एक सच्चे इंसान के समान जिओगे। ऐसे लोगों का शुद्धिकरण किया जाता है और वे अपने कर्तव्य निभाते समय वास्तविक बदलाव हासिल करते हैं, वे परमेश्वर की दृष्टि में ईमानदार लोग कहे जा सकते हैं। केवल ईमानदार लोग ही सत्य का अभ्यास करने में डटे रह सकते हैं ताकि वे सिद्धांत के साथ क्रियाकलाप करना हासिल कर सकें और अपने कर्तव्य मानक-स्तर से निभाने में सक्षम हो सकें। सिद्धांत पर चलकर कर्म करने वाले लोग अच्छी मनोदशा में होने पर अपना कर्तव्य ध्यान से निभाते हैं; वे खानापूरी वाले ढंग से कार्य नहीं करते, वे ढीठ नहीं होते और दूसरे उनके बारे में ऊँचा सोचें इसके लिए दिखावा नहीं करते। बुरी मनःस्थिति में होने पर भी वे अपने रोजमर्रा के काम को उतनी ही गंभीरता और जिम्मेदारी से पूरा करते हैं और यदि वे किसी कष्टदायक चीज का सामना भी करते हैं, जो कर्तव्य निभाते समय उन पर दबाव डालती है या बाधा पहुँचाती है, तो भी वे परमेश्वर के सामने अपने दिल को शांत रख पाते हैं और यह कहते हुए प्रार्थना करते हैं, “मेरे सामने चाहे जितनी बड़ी समस्या खड़ी हो जाए—भले ही आसमान फट कर गिर पड़े—जब तक मैं जीवित हूँ, मुझे अपना कर्तव्य पूरा करना होगा। मेरे जीवन का प्रत्येक दिन वह दिन है जब मुझे अच्छी तरह से अपना कर्तव्य निभाना होगा, ताकि मैं परमेश्वर द्वारा मुझे दिए गए इस कर्तव्य और उसके द्वारा मेरे शरीर में प्रवाहित इस साँस के योग्य बना रहूँ। चाहे जितनी भी मुश्किलों में रहूँ, मैं उन सबको परे रख दूँगा क्योंकि अपना कर्तव्य पूरा करना मेरे लिए सबसे अधिक महत्वपूर्ण है!” जो लोग किसी व्यक्ति, घटना, चीज या माहौल से प्रभावित नहीं होते, जो किसी मनःस्थिति या बाहरी स्थिति से बाधित नहीं होते, और जो परमेश्वर द्वारा उन्हें सौंपे गये कर्तव्यों और आदेशों को सबसे आगे रखते हैं—वही परमेश्वर के प्रति निष्ठावान होते हैं और सच्चाई के साथ उसके सामने समर्पण करते हैं। ऐसे लोगों ने जीवन प्रवेश हासिल किया है और सत्य वास्तविकता में प्रवेश किया है। यह सत्य को जीने की सबसे सच्ची और व्यावहारिक अभिव्यक्तियों में से एक है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, जीवन प्रवेश कर्तव्य निभाने से प्रारंभ होता है
जो लोग परमेश्वर के सामने अपना कर्तव्य नहीं निभाते, वे पहले से ही सर्वाधिक जघन्य अपराधों के दोषी हैं, जिसके लिए मृत्यु भी अपर्याप्त सज़ा है, फिर भी वे परमेश्वर के साथ बहस करने और परमेश्वर से मुकाबला करने की धृष्टता करते हैं। ऐसे लोगों को पूर्ण बनाने का क्या मूल्य है? जब लोग अपना कर्तव्य पूरा करने में विफल होते हैं, तो उन्हें दोषी और ऋणी महसूस करना चाहिए; उन्हें अपनी कमजोरी और अनुपयोगिता, अपनी विद्रोहशीलता और भ्रष्टता से घृणा करनी चाहिए; इससे भी बढ़कर, उन्हें परमेश्वर को सब कुछ अर्पित कर देना चाहिए, यहाँ तक कि अपना जीवन भी। केवल तभी वे सृजित प्राणी होते हैं, जो परमेश्वर से सच्चा प्रेम करते हैं और केवल ऐसे लोग ही परमेश्वर के आशीषों और वादों का आनंद लेने और उसके द्वारा पूर्ण बनाए जाने के लिए उपयुक्त हैं। और तुम लोगों में से अधिकतर क्या हैं? तुम लोग उस परमेश्वर के साथ कैसा व्यवहार करते हो, जो तुम लोगों के मध्य रहता है? तुम लोगों ने उसके सामने अपना कर्तव्य किस तरह निभाया है? क्या तुमने, अपने जीवन की कीमत पर भी, वह सब कर लिया है, जिसे तुम संभवतः कर सकते हो? तुम लोगों ने क्या बलिदान किया है? क्या तुम लोगों को मुझसे बहुत कुछ नहीं मिला है? क्या तुम लोग विवेक से परख सकते हो? तुम लोग मेरे प्रति कितने वफादार हो? तुम लोगों ने मेरी किस प्रकार से सेवा की है? और मैंने जो कुछ तुम लोगों को दिया है और तुम्हारे लिए किया है, उसका क्या? क्या तुम लोगों ने यह सब माप लिया है? क्या तुम सभी लोगों ने इसका आकलन और तुलना उस जरा-सी अंतरात्मा के साथ कर ली है, जो तुम लोगों के भीतर है? तुम्हारे शब्द और कार्य किसके योग्य हो सकते हैं? क्या तुम लोगों का इतना छोटा-सा बलिदान उस सबके बराबर है, जो मैंने तुम लोगों को दिया है? मैं पूरे हृदय से, बिना किसी हिचकिचाहट के, तुम लोगों के प्रति समर्पित रहा हूँ, फिर भी तुम लोग मेरे बारे में दुष्ट इरादे रखते हो और मेरे प्रति अनमने रहते हो। तुम लोगों ने यही कर्तव्य निभाया है, तुम लोगों ने यही छटाँक भर भूमिका निभाई है। क्या ऐसा नहीं है? क्या तुम लोग नहीं जानते कि तुम लोग एक सृजित प्राणी का कर्तव्य पूरा करने में बिल्कुल असफल हो गए हो? तुम लोग सृजित प्राणी कैसे माने जा सकते हो? क्या तुम लोगों को यह स्पष्ट नहीं है कि तुम क्या व्यक्त कर रहे हो और क्या जी रहे हो? तुम लोग अपना कर्तव्य पूरा करने में असफल रहे हो, पर तुम परमेश्वर की सहनशीलता और भरपूर अनुग्रह प्राप्त करना चाहते हो। इस प्रकार का अनुग्रह तुम जैसे बेकार और अधम लोगों के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए तैयार किया गया है, जो कुछ नहीं माँगते और खुशी से बलिदान करते हैं। तुम जैसे मामूली लोग स्वर्ग के अनुग्रह का आनंद लेने के बिल्कुल भी योग्य नहीं हैं। केवल कठिनाई और अनंत सज़ा ही तुम लोगों को अपने जीवन में मिलेगी! यदि तुम लोग मेरे प्रति समर्पित नहीं हो सकते, तो तुम लोगों के भाग्य में पीड़ा ही होगी। यदि तुम लोग मेरे वचनों और कार्यों के प्रति जवाबदेह नहीं हो सकते, तो तुम्हारा परिणाम दंड होगा। राज्य के समस्त अनुग्रह, आशीषों और अद्भुत जीवन का तुम लोगों के साथ कोई लेना-देना नहीं होगा। यही वह अंत है, जिसके तुम काबिल हो और जो तुम लोगों की अपनी करतूतों का परिणाम है! वे अज्ञानी घमंडी लोग न केवल पूरी कोशिश नहीं करते या अपना कर्तव्य नहीं निभाते, बल्कि वे अनुग्रह के लिए अपने हाथ तक पसार देते हैं, मानो वे जो माँगते हैं, उसके योग्य हों। और यदि वे वह प्राप्त नहीं कर पाते, जो वे माँगते हैं, तो वे और भी ज्यादा धोखेबाज बन जाते हैं। ऐसे लोगों को विवेक युक्त कैसे माना जा सकता है? तुम लोग कमजोर काबिलियत के और विवेकशून्य हो; प्रबंधन के कार्य के दौरान तुम लोगों को जो कर्तव्य उचित रूप से निभाना चाहिए, उसे निभाने में तुम पूर्णतः अक्षम हो। तुम लोगों का मूल्य पहले ही तेजी से घट चुका है। तुम लोगों पर किए गए अनुग्रह का बदला चुकाने में तुम लोगों की विफलता पहले ही चरम विद्रोहीपन का कृत्य है, जो तुम लोगों को दोषी ठहराने के लिए पर्याप्त है और तुम लोगों की कायरता, अक्षमता, अधमता और अनैतिकता को प्रदर्शित करती है। कौन-सी चीज़ तुम लोगों को अपने हाथ पसारे रखने का अधिकार देती है? तुम लोगों का मेरे कार्य के लिए रत्तीभर सहायक न हो पाना, समर्पित न हो पाना और मेरी गवाही देने में अडिग न हो पाना तुम्हारे कुकर्म और असफलताएँ हैं, इसके बावजूद तुम लोग मुझ पर आक्रमण करते हो, झूठा दावा करते हो कि मैं गलत करता हूँ, और शिकायत करते हो कि मैं अधार्मिक हूँ। क्या यही तुम्हारी निष्ठा है? क्या यही तुम्हारा प्रेम है? इससे अधिक तुम लोग और क्या कार्य कर सकते हो? जो भी कार्य किया गया है, उसमें तुम लोगों ने क्या योगदान दिया है? तुमने खुद को कितना खपाया है? तुम लोगों को कोई दोष न देकर मैंने पहले ही बड़ी सहनशीलता दिखाई है, फिर भी तुम लोग बेशर्मी से मुझसे बहाने बनाते हो और निजी तौर पर मेरी शिकायत करते हो। क्या तुम लोगों में मानवता का हलका-सा भी निशान है? यद्यपि मनुष्य के कर्तव्य में उसके विचारों और उसकी धारणाओं की मिलावट होती है, फिर भी तुम्हें अपना कर्तव्य निभाना चाहिए और समर्पित होना चाहिए। मनुष्य के कार्य में अशुद्धताएँ उसकी काबिलियत की समस्या हैं, जबकि, यदि मनुष्य अपना कर्तव्य नहीं निभाता, तो यह उसकी विद्रोहशीलता दर्शाता है। मनुष्य के कर्तव्य और उसे आशीष प्राप्त होने या उसके घोर कष्ट का सामना करने के बीच कोई सह-संबंध नहीं है। कर्तव्य वह है, जो मनुष्य के लिए निभाना आवश्यक है; यह उसका स्वर्ग द्वारा प्रदत्त बुलावा है, उसे प्रतिफल खोजे बिना, और बिना शर्तों या बहानों के इसे करना चाहिए। केवल इसे अपना कर्तव्य निभाना कहा जा सकता है। आशीष प्राप्त होना उन आशीषों को संदर्भित करता है जिनका कोई व्यक्ति तब आनंद लेता है जब उसे न्याय का अनुभव करने के बाद पूर्ण बनाया जाता है। घोर कष्ट का सामना करने का अभिप्राय उस दंड से है जो एक व्यक्ति को तब मिलता है जब ताड़ना और न्याय से गुजरने के बाद भी उसका स्वभाव नहीं बदलता—अर्थात् जब उसे पूर्ण नहीं बनाया जाता। लेकिन उन्हें चाहे आशीष प्राप्त हों या घोर कष्ट का सामना करना पड़े, सृजित प्राणियों को अपना कर्तव्य पूरा करना चाहिए; जो उन्हें करना चाहिए, वह करना और जो वे करने में सक्षम हैं, वह करना। यह तो कम से कम व्यक्ति को, परमेश्वर का अनुसरण करने वाले व्यक्ति को करना ही चाहिए। तुम्हें अपना कर्तव्य आशीष प्राप्त करने की खातिर नहीं निभाना चाहिए और तुम्हें घोर कष्ट का सामना करने के भय से अपना कर्तव्य निभाने से इनकार नहीं करना चाहिए। मैं तुम लोगों को यह बात बताता हूँ : मनुष्य द्वारा अपने कर्तव्य का निर्वाह ऐसी चीज है, जो उसे करनी ही चाहिए और यदि वह अपना कर्तव्य नहीं निभाता है, तो यह उसकी विद्रोहशीलता है। अपना कर्तव्य निभाने की प्रक्रिया के माध्यम से मनुष्य धीरे-धीरे बदलता है, और इसी प्रक्रिया के माध्यम से वह अपनी वफ़ादारी प्रदर्शित करता है। इस प्रकार, जितना अधिक तुम अपना कर्तव्य निभाओगे, उतने ही अधिक सत्य प्राप्त करने में सक्षम होगे और उतनी ही अधिक तुम्हारी अभिव्यक्ति व्यावहारिक हो जाएगी। जो लोग अपना कर्तव्य निभाने में महज खानापूर्ति करते हैं और सत्य की खोज नहीं करते, वे अंत में निकाल दिए जाएँगे, क्योंकि ऐसे लोग सत्य के अभ्यास में अपना कर्तव्य नहीं निभाते और अपना कर्तव्य निभाने में सत्य का अभ्यास नहीं करते। ये वे लोग हैं जो अपरिवर्तित रहते हैं और जिन्हें घोर कष्ट का सामना करना पड़ेगा। उनकी न केवल अभिव्यक्तियाँ अशुद्ध हैं, बल्कि वे जो कुछ भी व्यक्त करते हैं, वह दुष्टतापूर्ण होता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, देहधारी परमेश्वर की सेवकाई और मनुष्य के कर्तव्य के बीच अंतर
संबंधित भजन
अगर तुम अपना कर्तव्य अच्छे से निभा सकते हो तो तुम अपनी गवाही में अडिग रहोगे