14. कर्तव्य निर्वहन और परमेश्वर के लिए गवाही देने के बीच संबंध
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
तुम लोगों ने जो अनुभव किया और देखा है, वह सारे युगों के संतों और पैगंबरों के अनुभवों से बढ़कर है, लेकिन क्या तुम लोग मेरे बारे में अतीत के इन संतों और पैगंबरों के वचनों से बड़ी गवाही देने में सक्षम हो? अब जो कुछ मैं तुम लोगों को देता हूँ, वह मूसा को मिली चीजों से बढ़कर है और दाऊद को मिली चीजों से आगे है, उसी प्रकार मैं अपेक्षा करता हूँ कि तुम लोगों की गवाही मूसा की गवाही से बढ़कर हो और तुम लोगों के शब्द दाऊद के शब्दों से बड़े हों। मैं तुम लोगों को सौ गुना देता हूँ—अतः उसी प्रकार मैं तुम लोगों से कहता हूँ कि मुझे सौ गुना वापस करो। तुम्हें पता होना चाहिए कि वह मैं ही हूँ, जो मानवजाति को जीवन देता है और तुम्हीं लोग हो, जो मुझसे जीवन प्राप्त करते हो और तुम्हें मेरी गवाही अवश्य देनी चाहिए। यह तुम लोगों का वह कर्तव्य है, जिसे मैं नीचे तुम लोगों के लिए भेजता हूँ और जिसे तुम लोगों को मेरे लिए अवश्य निभाना चाहिए। मैंने अपनी सारी महिमा तुम लोगों को दे दी है और मैंने तुम लोगों को वह जीवन दिया है, जो इस्राएल के चुने हुए लोगों को भी कभी नहीं मिला। तुम लोगों को मेरी गवाही देनी चाहिए, अपनी जवानी मुझे समर्पित करनी चाहिए और अपना जीवन न्यौछावर करना चाहिए। जिस किसी को मैं अपनी महिमा दूँगा, वह मेरे लिए गवाही देगा और मेरे लिए अपना जीवन देगा—इसे मैंने पूर्वनियत किया हुआ है। यह एक आशीष है कि मैं अपनी महिमा तुम्हें देता हूँ और यह तुम लोगों का कर्तव्य है कि तुम लोग मेरी महिमा की गवाही दो। अगर तुम लोग केवल आशीष प्राप्त करने की खातिर मुझ पर विश्वास करते हो, तो मेरे कार्य का ज़्यादा महत्व नहीं रह जाएगा, और तुम लोग अपना कर्तव्य नहीं कर रहे होगे। ... तुम लोगों ने जो प्राप्त किया है वह केवल मेरा सत्य, मेरा मार्ग और मेरा जीवन नहीं है, बल्कि उनसे भी बड़े दर्शन और प्रकाशन हैं जो यूहन्ना ने प्राप्त किए थे। तुम लोग और भी बहुत सारे रहस्य समझते हो और तुम लोगों ने मेरे सच्चे मुखमंडल को भी देखा है; तुम लोगों को मेरा न्याय और अधिक मिला है और तुम मेरे धार्मिक स्वभाव को और अधिक जानते हो। और इसलिए यद्यपि तुम लोग अंत के दिनों में जन्मे थे, फिर भी तुम लोग पहले आ चुकी चीजों और अतीत की चीजों को समझते हो और तुम लोगों ने आज की चीजों का भी अनुभव किया है, जो व्यक्तिगत रूप से मेरे द्वारा की गई थीं। जो मैं तुम लोगों से माँगता हूँ वह अत्यधिक नहीं है, क्योंकि मैंने तुम लोगों को इतना ज़्यादा दिया है और तुम लोगों ने मुझमें इतना अधिक देखा है। इसलिए मैं तुम लोगों से अपेक्षा करता हूँ कि बीते युगों के संतों के सामने मेरी गवाही दो, और यह मेरे हृदय की एकमात्र इच्छा है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, “विश्वास” के बारे में, तुम इसे कैसे समझते हो?
कार्य के संबंध में, मनुष्य का विश्वास है कि परमेश्वर के लिए इधर-उधर दौड़ना, सभी जगहों पर प्रचार करना और उसकी खातिर खुद को खपाना ही कार्य है। यद्यपि यह विश्वास सही है, फिर भी यह अत्यधिक एकतरफा है; परमेश्वर इंसान से जो माँगता है, वह उसके लिए केवल इधर-उधर दौड़ना नहीं है, बल्कि यह आत्मा के भीतर अधिक सेवकाई और पोषण है। कई भाई-बहनों ने इतने वर्षों के अनुभव के बाद भी परमेश्वर के लिए कार्य करने के बारे में कभी नहीं सोचा है, क्योंकि मनुष्य द्वारा कल्पित कार्य परमेश्वर द्वारा की गई माँग के साथ असंगत है। इसलिए, मनुष्य को कार्य के मामले में किसी भी तरह की कोई दिलचस्पी नहीं है, और ठीक इसी कारण से मनुष्य का प्रवेश भी काफ़ी एकतरफा है। तुम सभी लोगों को परमेश्वर के लिए कार्य करने से अपने प्रवेश की शुरुआत करनी चाहिए, ताकि तुम लोग अनुभव के हर पहलू से बेहतर ढंग से गुज़र सको। यही है वह, जिसमें तुम लोगों को प्रवेश करना चाहिए। कार्य परमेश्वर के लिए इधर-उधर दौड़ने को संदर्भित नहीं करता, बल्कि इस बात को संदर्भित करता है कि मनुष्य का जीवन और जिसे वह जीता है, वे परमेश्वर को आनंद देने में सक्षम हैं या नहीं। कार्य परमेश्वर की गवाही देने और मनुष्य की सेवकाई के लिए लोगों द्वारा परमेश्वर के प्रति अपनी वफादारी और परमेश्वर के बारे में अपने ज्ञान के उपयोग को संदर्भित करता है। यह मनुष्य की जिम्मेदारी है और इसे सभी लोगों को समझना चाहिए। कहा जा सकता है कि तुम लोगों का प्रवेश ही तुम लोगों का कार्य है, और तुम लोग परमेश्वर के लिए कार्य करने के दौरान प्रवेश करने का प्रयास कर रहे हो। परमेश्वर के कार्य का अनुभव करने का अर्थ मात्र यह नहीं है कि तुम जानते हो कि उसके वचन को कैसे खाएँ और पिएँ; बल्कि इससे भी महत्वपूर्ण यह है कि तुम्हें यह जानना चाहिए कि परमेश्वर की गवाही कैसे दें और परमेश्वर की सेवा करने तथा मनुष्य की सेवकाई और आपूर्ति करने में सक्षम कैसे हों। यही कार्य है, और यही तुम लोगों का प्रवेश भी है; इसे ही हर व्यक्ति को संपन्न करना चाहिए।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, कार्य और प्रवेश (2)
तुमने परमेश्वर के इतने सारे कार्य का अनुभव किया है, तुमने इसे अपनी आँखों से देखा है और स्वयं इसका अनुभव किया है; अंततः तुम्हें सौंपे गए कार्य को पूरा करने में असमर्थ मत हो। यह कितना दुखद होगा! भविष्य में, जब सुसमाचार फैलेगा, तो तुम्हें अपने ज्ञान के बारे में बताने में सक्षम होना चाहिए, अपने दिल में तुमने जो कुछ पाया है, उसकी गवाही देने में सक्षम होना चाहिए और कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखनी चाहिए। एक सृजित प्राणी को यह सब हासिल करना चाहिए। वास्तव में परमेश्वर के कार्य के इस चरण के मायने क्या हैं? इसका प्रभाव क्या है? और इसका कितना हिस्सा लोगों पर पूरा किया गया है? लोगों को क्या करना चाहिए? जब तुम लोग देहधारी परमेश्वर के धरती पर आने के बाद से उसके द्वारा किए सारे कार्य को पूरी तरह से समझा सकोगे, तब तुम्हारी गवाही पूरी होगी। जब तुम इन पाँच चीजों के बारे में पूरी तरह से समझा सकोगे : उसके कार्य के मायने; उसकी विषय-वस्तु; उसका सार; वह स्वभाव जिसका प्रतिनिधित्व उसका कार्य करता है; उसके सिद्धांत, तब यह साबित होगा कि तुम परमेश्वर की गवाही देने में सक्षम हो और तुम्हारे अंदर सच्चा ज्ञान है। मेरी तुम लोगों से बहुत अधिक अपेक्षाएँ नहीं हैं, जो लोग सच्चे दिल से अनुसरण करते हैं, वे उन्हें प्राप्त कर सकते हैं। अगर तुममें परमेश्वर के गवाहों में से एक होने का संकल्प है, तो तुम्हें अवश्य समझना चाहिए कि परमेश्वर को किससे बेहद घृणा है और किससे प्रेम। तुमने उसके बहुत सारे कार्य का अनुभव किया है; उसके कार्य के जरिए तुम्हें उसके स्वभाव का ज्ञान होना चाहिए, उसके इरादों को और इंसान से उसकी अपेक्षाओं को समझना चाहिए, और इस ज्ञान का उपयोग उसकी गवाही देने और अपना कर्तव्य निभाने के लिए करना चाहिए।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, अभ्यास (7)
सभी सृजित प्राणियों की पहली प्राथमिकता सुसमाचार का प्रचार करना, परमेश्वर के प्रकटन और कार्य की गवाही देना और पृथ्वी के अंतिम छोर तक परमेश्वर के वचनों का प्रसार करना है। यह परमेश्वर के सुसमाचार को स्वीकारने वाले हर एक व्यक्ति की जिम्मेदारी और दायित्व है। वे इसे निभाने के लिए कर्तव्यबद्ध हैं। यह भी हो सकता है कि तुम अभी सुसमाचार का प्रचार करने का कर्तव्य नहीं निभा रहे हो या यह कर्तव्य तुमसे बहुत दूर है, या फिर तुमने कभी नहीं सोचा कि तुम्हें यह कर्तव्य अवश्य निभाना चाहिए। लेकिन तुम्हारा दिल इस बारे में स्पष्ट होना चाहिए : यह कर्तव्य परमेश्वर के सभी चुने हुए लोगों का है; वे सभी इसके लिए जिम्मेदारी उठाते हैं। यह केवल दूसरों की जिम्मेदारी नहीं है, यह तुम्हारी जिम्मेदारी और तुम्हारा कर्तव्य भी है। सिर्फ इसलिए कि तुमने अभी तक सुसमाचार का प्रचार करने का कर्तव्य नहीं सँभाला है, इसका मतलब यह नहीं है कि इस कर्तव्य से तुम्हारा कोई लेना-देना नहीं है, यह कर्तव्य तुम्हें नहीं निभाना है या परमेश्वर ने तुम्हें यह कर्तव्य निभाने का आदेश नहीं सौंपा है। यदि तुम इसे समझ सकते हो, तो क्या इसका मतलब यह नहीं है कि सुसमाचार का प्रचार करने के कर्तव्य को लेकर तुम्हारे दिल में जो परिप्रेक्ष्य है वह सत्य और परमेश्वर के इरादे के अनुरूप है? जब तुम इसे समझ लेते हो और एक दिन ऐसा आता है जब तुम सभी ने अपने हाथ में मौजूद काम को कमोबेश खत्म कर लिया होता है, परमेश्वर तुम्हें सुसमाचार का प्रचार करने के लिए विभिन्न स्थानों पर फैल जाने और बँट जाने की आज्ञा देता है—यहाँ तक कि कुछ ऐसे स्थानों पर भी जो तुम लोगों के लिए सबसे अपरिचित हैं, जिन्हें तुम सबसे ज्यादा नापसंद करते हो और जो तुम्हें सबसे ज्यादा श्रमसाध्य लगते हैं—तो तुम लोग क्या करोगे? (हम स्वीकार करने के लिए कर्तव्यबद्ध होंगे।) तुम लोग अभी ऐसा कह रहे हो, लेकिन जब वह दिन आएगा, तो तुम्हारी आँखों में आँसू भर सकते हैं। तुम लोगों को अब खुद को इस तरह से तैयार करना होगा—तुम्हें इस जागरूकता पर आना होगा : “यह वह युग है जिसमें मैं रहता हूँ। मैं खुशकिस्मत हूँ जो मैंने परमेश्वर के अंत के दिनों के कार्य को स्वीकार किया और मैं खुशकिस्मत हूँ कि मुझे परमेश्वर की प्रबंधन योजना के कार्य में हिस्सा लेने का मौका मिला। इसलिए, मेरे जीवन का मूल्य और महत्व मेरे जीवन की सारी ऊर्जा को परमेश्वर के सुसमाचार कार्य को फैलाने के लिए समर्पित करना होना चाहिए। मैं किसी और चीज के बारे में नहीं सोचूँगा।” क्या तुम लोगों में यह संकल्प है? (हाँ।) तुम्हारे भीतर यह संकल्प होना चाहिए; तुम्हें इसी तरह से खुद को तैयार करना चाहिए और चीजों की योजना बनानी चाहिए। केवल इसी तरह से तुम सच्चे सृजित प्राणी बन सकते हो, ऐसे सृजित प्राणी जो परमेश्वर को प्रिय हैं और मानक स्तर के हैं।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सुसमाचार का प्रचार करना वह कर्तव्य है जिसे निभाना सभी विश्वासियों का दायित्व है
तुम सब लोग अभी अपने कर्तव्य निभाने में व्यस्त हो, परमेश्वर के वचनों और अंत के दिनों के परमेश्वर के कार्य का प्रसार करने और इसकी गवाही देने का प्रशिक्षण ले रहे हो। परमेश्वर की गवाही देने के लिए चाहे फिल्में बनाना हो या भजन गाना, तुम लोग जो कर्तव्य निभाते हो क्या वे भ्रष्ट मानवजाति के लिए मूल्यवान हैं? (हैं।) उनका मूल्य कहाँ निहित है? इसका मूल्य लोगों को यह देखने में मदद करने में निहित है कि परमेश्वर द्वारा व्यक्त किए गए केवल ये वचन ही सत्य हैं और केवल इन सत्यों को स्वीकार करके ही वे उद्धार प्राप्त कर सकते हैं। तुम्हारे कर्तव्य लोगों को यह देखने में मदद करते हैं कि परमेश्वर लोगों को बचाने के लिए सत्य व्यक्त करता है और केवल वे ही जो सत्य को स्वीकार करते हैं सृष्टिकर्ता के सामने आ सकते हैं। बहुत-से लोग जिन चीजों का सामना करते हैं उनमें से कई चीजों की असलियत जानने या इन्हें समझने में असमर्थ होते हैं। वे असहाय महसूस करते हैं और उन्हें जीवन निरर्थक और खोखला लगता है, उनके पास कोई आध्यात्मिक सहारा नहीं होता। इस सबका स्रोत क्या है? इन सबका उत्तर परमेश्वर के वचनों में निहित है। इतने वर्षों में जब से तुम लोगों ने परमेश्वर में विश्वास किया है, तुम सभी ने उसके वचनों को बहुत पढ़ा है और तुमने कुछ सत्यों को भी समझा है, तो तुम लोगों को जो कर्तव्य निभाना चाहिए वह है परमेश्वर के वचन का उपयोग करके इन लोगों को प्रबुद्ध करना और उनके गलत विचारों और दृष्टिकोणों का समाधान करना, उन्हें परमेश्वर के वचन के भीतर के सत्य को समझने और संसार के अँधेरे और बुराई की असलियत जानने में सक्षम बनाना, उन्हें सच्चा मार्ग खोजने, सृष्टिकर्ता को खोजने, परमेश्वर की वाणी सुनने, और उसके वचनों को पढ़ने में समर्थ बनने में मदद करना। इससे वे कुछ सत्यों को समझ सकेंगे और परमेश्वर द्वारा किए जा रहे उद्धार-कार्य को देख पाएँगे, ताकि वे उसकी ओर मुड़कर उसके कार्य को स्वीकार सकें। यही वह कर्तव्य है जो तुम लोगों को निभाना चाहिए। परमेश्वर में विश्वास करने के बाद से तुम लोगों ने कई सत्यों को समझा है और काफी समस्याओं का समाधान किया है और अंततः तुम लोग थोड़ा-बहुत मनुष्य की छवि में जी रहे हो। यह सब परमेश्वर का अनुग्रह है और वह है जो तुम लोगों ने परमेश्वर के कार्य का अनुभव करके प्राप्त किया है। आजकल, धर्मावलंबी और अविश्वासी दोनों तरह के बहुत-से लोग सच्चा मार्ग खोज रहे हैं और उद्धारकर्ता की तलाश में हैं। वे विशिष्ट प्रश्नों के उत्तर नहीं जानते, जैसे कि लोग क्यों जीते और मरते हैं, किसी व्यक्ति के जीवन का मूल्य और अर्थ क्या है, या लोग कहाँ से आते हैं और कहाँ जा रहे हैं। वे तुम लोगों के इंतजार में हैं, ताकि तुम सुसमाचार का प्रचार करते हुए और परमेश्वर की गवाही देते हुए, उन्हें सृष्टिकर्ता के समक्ष ले जाओ। यही कारण है कि अभी जो कर्तव्य तुम लोग निभा रहे हो वे बहुत अर्थपूर्ण हैं! एक ओर तुम खुद परमेश्वर के कार्य का अनुभव कर रहे हो, वहीं दूसरी ओर तुम दूसरों को भी परमेश्वर के कार्य की गवाही दे रहे हो। जितना अधिक तुम लोग इसका अनुभव करोगे, तुम्हें उतने ही अधिक सत्यों को समझने और उनसे सुसज्जित होने की जरूरत होगी, और तुम्हें उतना ही अधिक कार्य भी करना होगा। यह परमेश्वर के लिए लोगों को पूर्ण बनाने का एक बेहतरीन अवसर है। अपने कर्तव्यों में तुम्हें चाहे जिन भी कठिनाइयों का सामना करना पड़े तुम्हें परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए और परमेश्वर की ओर देखना चाहिए और सभी को मिलकर परमेश्वर का वचन पढ़ना चाहिए और सत्य की अधिक खोज करनी चाहिए। कोई समस्या ऐसी नहीं है जिसे इन चीजों को करने के द्वारा हल न किया जा सके। परमेश्वर के वचनों में ऐसे बहुत-से सत्य हैं जिन्हें तुम लोगों को समझना है, इसलिए तुम्हें उन पर अक्सर विचार और संगति करनी चाहिए, और फिर तुम्हें पवित्र आत्मा का प्रबोधन और रोशनी मिलेगी। ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका समाधान परमेश्वर पर भरोसा करके न किया जा सके, तुम लोगों की यह आस्था होनी चाहिए।
परमेश्वर ने इस मानवजाति को बनाने के बाद एक प्रबंधन योजना बनाई। पिछले कुछ हजार वर्षों में परमेश्वर ने मानवजाति के बीच जो कार्य किया वह अपेक्षाकृत छिपा हुआ और सरल था और इस मानवजाति ने सृष्टिकर्ता की गवाही देने की कोई बड़ी जिम्मेदारी या आदेश अपने कंधों पर नहीं लिया। लेकिन अंत के दिनों में चीजें पहले जैसी नहीं हैं। सृष्टिकर्ता ने वचन बोलने शुरू कर दिए हैं। वह बहुत सारे सत्य व्यक्त कर चुका है और परमेश्वर की प्रबंधन योजना के सारे रहस्यों का खुलासा कर चुका है, लेकिन भ्रष्ट मानवजाति मंदबुद्धि और सुन्न है : मनुष्य देखते हैं लेकिन जानते नहीं हैं, वे सुनते हैं लेकिन समझते नहीं हैं, मानो उनके दिल सुन्न हो चुके हों। इसलिए तुम सब लोगों पर एक बड़ी जिम्मेदारी है! यह जिम्मेदारी इतनी महत्वपूर्ण क्यों है? परमेश्वर द्वारा व्यक्त इन वचनों और सत्यों का प्रसार करने के अलावा यह बात अभी और भी महत्वपूर्ण है कि तुम हरेक सृजित प्राणी को सृष्टिकर्ता की गवाही दो और परमेश्वर का सुसमाचार सुन चुके सभी सृजित प्राणियों को सृष्टिकर्ता के समक्ष लेकर आओ, और परमेश्वर द्वारा मानवजाति की रचना के महत्व को समझने और यह समझने में उनकी मदद करो कि सृजित प्राणी के रूप में उन्हें सृष्टिकर्ता के समक्ष लौटना चाहिए, उसके कथन सुनने चाहिए और उसके द्वारा व्यक्त सभी सत्य स्वीकारने चाहिए। इस तरह, सभी लोग सृष्टिकर्ता की संप्रभुता और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण कर सकते हैं। क्या उन्हें परमेश्वर के वचनों के बस कुछ अंश पढ़कर सुनाकर ये नतीजे हासिल करना मुमकिन है? या बस कुछ भजन गाना सिखाकर? या बस सत्य के एक पहलू पर संगति करके? नहीं। इसलिए यदि तुम लोगों को अपने कर्तव्य अच्छे से निभाने हैं तो तुम्हें विभिन्न तरीकों और विभिन्न रूपों का उपयोग कर सृष्टिकर्ता के क्रियाकलापों और उसकी संप्रभुता और व्यवस्थाओं की गवाही देनी चाहिए। इस तरीके से तुम अधिक लोगों को सृष्टिकर्ता के समक्ष लाने में सक्षम रहोगे ताकि वे उसकी संप्रभुता और व्यवस्थाओं को स्वीकार कर सकें और इनके प्रति समर्पण कर सकें। क्या यह एक बड़ी जिम्मेदारी नहीं है? (है।) तो फिर तुम लोगों को अपने कर्तव्यों के प्रति कैसा रवैया अपनाना चाहिए? क्या भ्रमित स्थिति में रहना ठीक है? क्या चीजों से आँखें मूँद लेना ठीक है? क्या अपनी ऊर्जा का सिर्फ 50 प्रतिशत इस्तेमाल करना और खानापूरी करना ठीक है? क्या टालमटोल करना और चीजों को लेकर लापरवाही करना ठीक है? (नहीं।) तो फिर क्या करना चाहिए? (पूरा दिल लगाना चाहिए।) तुम्हारे पास जितनी भी ऊर्जा, अनुभव और अंतर्दृष्टि है, उसका उपयोग करते हुए, तुम्हें पूरे दिल से काम करना चाहिए। अविश्वासियों को यह समझ नहीं आता कि कोई इंसान अपने जीवन में सबसे सार्थक काम क्या कर सकता है, लेकिन तुम लोग तो इस बारे में थोड़ा-बहुत समझते हो, है ना? (हाँ।) परमेश्वर का आदेश स्वीकारना और अपना मिशन पूरा करना—यह सबसे महत्वपूर्ण चीज है। अभी तुम लोग जो कर्तव्य निभा रहे हो वे मूल्यवान हैं! हो सकता है कि तुम्हें फिलहाल उनके नतीजे दिखाई न दें, यह भी हो सकता है कि तुम्हें फिलहाल उनके बड़े प्रभाव न दिखें, लेकिन उनका फल मिलने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। यदि यह कार्य अच्छी तरह कर लिया गया तो यह लंबे समय में मानवजाति के लिए जो योगदान देता है उसे पैसों से नहीं मापा जा सकता है। ऐसी सच्ची गवाहियाँ किसी भी अन्य चीज से अधिक बेशकीमती और मूल्यवान हैं और वे अनंत काल तक बनी रहेंगी। ये वे अच्छे कर्म हैं जो परमेश्वर के अनुयायियों के पास होने ही चाहिए और ये याद रखने योग्य हैं। परमेश्वर में विश्वास रखने, सत्य का अनुसरण करने और सृजित प्राणी के रूप में अपना कर्तव्य पूरा करने के सिवाय व्यक्ति अपने जीवन में जो कुछ भी करता है वह सब कुछ खोखला है और याद न रखने योग्य है। भले ही तुमने धरती को हिला देने वाला कारनामा किया हो, तुम अंतरिक्ष में और चंद्रमा पर जा चुके हो, यह व्यर्थ है; भले ही तुमने ऐसी वैज्ञानिक प्रगति की हो जो मानवजाति के लिए कुछ लाभप्रद या मददगार रही हो, यह व्यर्थ है। ये समस्त चीजें नष्ट हो जाएँगी। ऐसी एकमात्र चीज कौन-सी है जो नष्ट नहीं होगी? (परमेश्वर के वचन।) केवल परमेश्वर के वचन, केवल परमेश्वर की गवाहियाँ, वे सभी गवाहियाँ और कृतियाँ जो सृष्टिकर्ता की गवाही देती हैं, और लोगों के अच्छे कर्म नष्ट नहीं होंगे। ये चीजें हमेशा रहेंगी और ये बहुत ही मूल्यवान हैं। इसलिए तुम लोग अपनी पूरी ताकत से इसमें जुट जाओ और अपनी क्षमताओं का भरपूर लाभ उठाओ। किसी भी व्यक्ति, घटना और चीज से बाधित मत होओ; सच्चे दिल से खुद को परमेश्वर के लिए खपाओ, और अपनी सारी ऊर्जा और हृदय का रक्त अपने कर्तव्य निभाने में लगाओ। यही वह चीज है जिसे परमेश्वर सबसे अधिक आशीष देता है और इसके लिए किसी भी हद तक कष्ट उठाना सार्थक है!
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सृजित प्राणी का कर्तव्य उचित ढंग से निभाने में ही जीने का मूल्य है
यदि तुम यह स्वीकारते हो कि तुम सृजित प्राणी हो, तो तुम्हें सुसमाचार का प्रचार करने की अपनी जिम्मेदारी पूरी करने और अपना कर्तव्य समुचित रूप से निभाने की खातिर कष्ट भुगतने और कीमत चुकाने के लिए स्वयं को तैयार करना होगा। यह कीमत शायद कोई शारीरिक बीमारी या कठिनाई सहना या बड़े लाल अजगर के उत्पीड़नों या सांसारिक लोगों की गलतफहमियों को सहना और साथ ही उन क्लेशों को सहना हो सकता है जिनसे व्यक्ति सुसमाचार का प्रचार करते समय गुजरता है : जैसे गद्दारी का सामना करना, पीटे जाना और बुरा-भला कहा जाना, दोषी ठहराया जाना—यहाँ तक कि भीड़ का हमला सहना और मृत्यु के खतरे में डाल दिया जाना। सुसमाचार का प्रचार करने के दौरान, यह संभव है कि परमेश्वर का कार्य पूरा होने से पहले ही तुम्हारी मृत्यु हो जाए, और तुम वह दिन देखने के लिए जीवित न बचो जब परमेश्वर महिमा प्राप्त करेगा। तुम लोगों को इसके लिए तैयार रहना होगा। इसका उद्देश्य तुम लोगों को भयभीत करना नहीं है; यह सच्चाई है। अब जब मैंने यह स्पष्ट कर दिया है और इसके बारे में समझा दिया है, यदि अब भी तुम लोगों में यही संकल्प है और यह पक्का है कि इसमें कोई बदलाव नहीं होगा और तुम मृत्यु तक वफादार रहोगे, तो यह सिद्ध करता है कि तुम्हारा एक निश्चित आध्यात्मिक कद है। यह मानकर मत चलो कि धार्मिक स्वतंत्रता और मानव अधिकारों वाले इन विदेशी देशों में सुसमाचार का प्रचार करना खतरे से खाली होगा और तुम जो करोगे वह सब कुछ सुचारू ढंग से होता जाएगा, यह कि इन सभी को परमेश्वर के आशीष मिलेंगे और उसकी महान शक्ति और अधिकार का साथ मिलेगा। ये मानवीय धारणाएँ और कल्पनाएँ हैं। फरीसी भी परमेश्वर में विश्वास करते थे, फिर भी उन्होंने देहधारी परमेश्वर को सलीब पर चढ़ा दिया। तो मौजूदा धार्मिक संसार देहधारी परमेश्वर के साथ क्या-क्या कर सकता है? वे बहुत-सी बुरी चीजें कर सकते हैं—परमेश्वर की आलोचना करना, परमेश्वर को दोषी ठहराना, परमेश्वर को बदनाम करना, परमेश्वर की ईश-निंदा करना—ऐसी कोई बुरी चीज नहीं है जिसे करने में वे सक्षम न हों। चाहे जो भी हो, यह मत भूलो कि जिन लोगों ने प्रभु यीशु को पकड़ा और उसे सूली पर चढ़ाया वे विश्वासी थे। केवल विश्वासियों के पास ही परमेश्वर का प्रतिरोध करने वाली कई चीजें करने का अवसर होता है—अविश्वासी ऐसे मामलों से कोई मतलब नहीं रखते। ये विश्वासी ही थे जिन्होंने प्रभु यीशु को सलीब पर चढ़ाकर मार डालने के लिए सरकार के साथ साँठ-गाँठ की थी। इतना ही नहीं, प्रभु यीशु के उन शिष्यों की मौत कैसे हुई? उनमें ऐसे शिष्य थे जिन्हें पत्थरों से मार डाला गया, घोड़े से बाँध कर घसीटा गया, सूली पर उलटा लटका दिया गया, पाँच घोड़ों से खिंचवाकर उनके टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए—विभिन्न रूपों की मौत उन पर टूटी। उनकी मृत्यु का कारण क्या था? क्या ऐसा है कि उन्होंने कुछ गलत काम किया और फिर उन्हें कानून के जरिए सजा दी गई? नहीं। उन्होंने प्रभु के सुसमाचार का प्रसार किया, लेकिन दुनिया के लोगों ने इसे स्वीकार नहीं किया और इसके बजाय उनकी निंदा की, उन्हें पीटा और उन्हें कोसा, यहाँ तक कि उन्हें मार डाला—इस तरह वे शहीद हुए। आओ, हम उन शहीदों के अंतिम परिणाम या उनके कर्मों पर परमेश्वर के फैसले के बारे में बात न करें, बल्कि यह पूछें : जब वे शहीद अंत तक पहुँचे, तो क्या उनके जीवन के अंत के तरीके मानवीय धारणाओं के अनुरूप थे? (नहीं, वे नहीं थे।) मानवीय धारणाओं के परिप्रेक्ष्य से, उन शहीदों ने परमेश्वर के कार्य का प्रसार करने के लिए इतनी बड़ी कीमत चुकाई, लेकिन अंततः शैतान द्वारा उन्हें गंभीर रूप से नुकसान पहुँचाकर मार डाला गया। यह मानवीय धारणाओं के अनुरूप नहीं है। हालाँकि, ये चीजें ठीक वही हैं जो उन पर बीतीं—यह वही है जिसकी परमेश्वर ने अनुमति दी। इसमें कौन-सा सत्य खोजा जा सकता है? क्या परमेश्वर का उन्हें इस तरह मरने देना उसका शाप और निंदा थी या यह उसकी व्यवस्था थी, उसका आशीष था? यह दोनों में से कुछ भी नहीं था। यह क्या था? उन शहीदों की मौतों के बारे में सोचकर लोगों को दुख होता है, फिर भी ये वास्तव में तथ्य हैं। परमेश्वर में विश्वास करने वालों के इस तरह मरने के लिए क्या स्पष्टीकरण दिया जाना चाहिए? जब हम इस विषय का उल्लेख करते हैं, तो तुम लोग खुद को उनकी जगह पर रखते हो, तो क्या तुम लोग अपने दिलों में परेशान और थोड़ा-सा छिपा हुआ दर्द महसूस करते हो? तुम सोचते हो, “इन लोगों ने परमेश्वर के सुसमाचार का प्रसार करने का अपना कर्तव्य निभाया, इन्हें अच्छा इंसान माना जाना चाहिए, तो फिर उनका अंत, और उनका परिणाम ऐसा कैसे हो सकता है?” वास्तव में, उनके शरीर इसी तरह मृत्यु को प्राप्त हुए और चल बसे; यह मानव संसार से प्रस्थान का उनका अपना तरीका था, तो भी इसका यह अर्थ नहीं था कि उनका परिणाम भी वैसा ही था। उनके निधन और प्रस्थान का तरीका चाहे जो भी रहा हो या यह चाहे जैसे भी हुआ हो, लेकिन परमेश्वर ने उन जीवनों के, उन सृजित प्राणियों के अंतिम परिणाम इस तरह निर्धारित नहीं किए थे। यह ऐसी बात है जो तुम्हें स्पष्ट रूप से समझ लेनी चाहिए। इसके विपरीत, यह सटीक तौर पर वह तरीका था जिससे उन्होंने इस संसार की निंदा की और परमेश्वर के कर्मों की गवाही दी। इन सृजित प्राणियों ने अपने सर्वाधिक बहुमूल्य जीवन का उपयोग किया—उन्होंने अपने जीवन के अंतिम क्षण का उपयोग—परमेश्वर के कर्मों की गवाही देने के लिए किया, परमेश्वर की महान शक्ति की गवाही देने के लिए किया और शैतान तथा इस संसार के समक्ष यह घोषणा करने के लिए किया कि परमेश्वर के कर्म सही हैं, प्रभु यीशु परमेश्वर है, वह प्रभु है और परमेश्वर का देहधारी शरीर है। यहाँ तक कि अपने जीवन के बिल्कुल अंतिम क्षण तक उन्होंने प्रभु यीशु का नाम कभी नहीं नकारा। क्या यह इस संसार पर न्याय सुनाए जाने का एक रूप नहीं था? उन्होंने अपने जीवन का उपयोग संसार के समक्ष यह घोषणा करने, मनुष्यों के सामने यह साबित करने के लिए किया कि प्रभु यीशु प्रभु है, प्रभु यीशु मसीह है, वह परमेश्वर की देहधारी देह है, उसने समस्त मानवजाति के छुटकारे के लिए जो कार्य किया वही मानवजाति को जीवित रख पाया है—यह सच्चाई कभी बदलने वाली नहीं है। जो लोग प्रभु यीशु के सुसमाचार का प्रसार करने के लिए शहीद हुए, उन्होंने किस सीमा तक अपना कर्तव्य निभाया? क्या यह अंतिम सीमा तक किया गया था? यह अंतिम सीमा कैसे परिलक्षित होती थी? (उन्होंने अपना जीवन अर्पित किया।) यह सही है, उन्होंने अपने जीवन से कीमत चुकाई। परिवार, सम्पदा, और इस जीवन की भौतिक वस्तुएँ, सभी बाहरी चीजें हैं; स्वयं से संबंधित एकमात्र चीज जीवन है। प्रत्येक जीवित व्यक्ति के लिए जीवन सबसे अधिक सँजोने योग्य है, सबसे बहुमूल्य है और वास्तव में ये लोग मानवजाति के प्रति परमेश्वर के प्रेम की पुष्टि और गवाही के रूप में अपनी सबसे बहुमूल्य वस्तु अर्पित कर सके। अपनी मृत्यु तक उन्होंने परमेश्वर के नाम को नहीं नकारा, न ही परमेश्वर के कार्य को नकारा, और उन्होंने जीवन के अपने अंतिम क्षणों का उपयोग इस तथ्य के अस्तित्व की गवाही देने के लिए किया—क्या यह गवाही का सर्वोच्च रूप नहीं है? यह अपना कर्तव्य निभाने का सर्वश्रेष्ठ तरीक़ा है; अपना उत्तरदायित्व इसी तरह पूरा किया जाता है। जब शैतान ने उन्हें धमकाया और आतंकित किया, और अंत में जब उसने उनसे उनके प्राणों की कीमत भी वसूल ली, तब भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी नहीं छोड़ी। यही अपना कर्तव्य भरसक निभाना होता है। इससे मेरा क्या आशय है? क्या मेरा आशय यह है कि तुम लोग भी परमेश्वर की गवाही देने और उसके सुसमाचार का प्रसार करने के लिए इसी तरीके का उपयोग करो? तुम्हें अनिवार्य रूप से ऐसा करने की आवश्यकता नहीं है, किन्तु तुम्हें समझना होगा कि यह तुम्हारा दायित्व है, यदि परमेश्वर ऐसा चाहे, तो तुम्हें इसे कुछ ऐसा मानकर स्वीकार करना चाहिए जिसे करने को तुम कर्तव्यबद्ध हो। आज लोगों के भीतर डर और चिंता है, लेकिन यह चिंता किस काम की है? यदि परमेश्वर को तुमसे यह करवाने की आवश्यकता नहीं है, तो तुम चिंता करो या न करो, इसका कोई परिणाम नहीं होता। यदि परमेश्वर को तुमसे यह करवाने की आवश्यकता है, तो तुम्हें इस जिम्मेदारी से नहीं भागना चाहिए या इसे अस्वीकार नहीं करना चाहिए; तुम्हें सक्रिय रूप से सहयोग करना चाहिए और इसे स्वीकार करना चाहिए—यहाँ चिंता करने का कोई फायदा नहीं है। कोई व्यक्ति चाहे जैसे भी मरे, उसे शैतान की उपस्थिति में नहीं मरना चाहिए, उसे उसके हाथों नहीं मरना चाहिए। यदि मरना ही है, तो उसे परमेश्वर के हाथों में मरना चाहिए। लोग परमेश्वर से आए हैं, और उन्हें परमेश्वर के पास ही लौटना है—यही विवेक और रवैया सृजित प्राणियों में होना चाहिए। यही अंतिम सत्य है, जिसे सुसमाचार का प्रचार करने और अपना कर्तव्य निभाने में हर किसी को समझना चाहिए—देहधारी परमेश्वर के कार्य और मनुष्य के उद्धार के सुसमाचार का प्रसार करने और उसकी गवाही देने के लिए मनुष्य को अपने जीवन की कीमत चुकानी ही होगी। यदि तुम्हारे मन में यह संकल्प है, यदि तुम इस तरह गवाही दे सकते हो, तो बहुत अच्छी बात है। यदि तुम्हारे मन में इस प्रकार का संकल्प नहीं है, तो तुम्हें कम से कम इतना तो करना ही चाहिए कि अपने सामने मौजूद इस जिम्मेदारी और कर्तव्य को पूरा करो, बाकी सब परमेश्वर को सौंप दो और परमेश्वर की संप्रभुता और व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करो। शायद तब, ज्यों-ज्यों महीने और वर्ष बीतेंगे और तुम्हारे अनुभव और आयु में बढ़ोतरी होगी, और सत्य की तुम्हारी समझ गहरी होती जाएगी, तो तुम्हें एहसास होगा कि अपने जीवन के अंतिम पल तक भी, परमेश्वर के सुसमाचार कार्य के लिए अपना जीवन अर्पित कर देना तुम्हारा दायित्व और जिम्मेदारी है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सुसमाचार का प्रचार करना वह कर्तव्य है जिसे निभाना सभी विश्वासियों का दायित्व है
जो व्यक्ति जीवन प्रवेश के बिना कई वर्षों से परमेश्वर पर विश्वास करता रहा हो, जो व्यक्ति अनुभवजन्य गवाही के बारे में न बता सकता हो, परमेश्वर की गवाही देना तो दूर की बात है, जो सुसमाचार का प्रचार करके किन्हीं अच्छे लोगों को प्राप्त न कर सकता हो—वह परमेश्वर की गवाही देने वाला व्यक्ति कहलाने लायक नहीं है। इसलिए जिस व्यक्ति का आध्यात्मिक कद अपरिपक्व है और जिसके पास जीवन प्रवेश नहीं है, वह कभी परमेश्वर की गवाही नहीं दे सकता। यहाँ निहितार्थ यह है कि इस किस्म का व्यक्ति परमेश्वर की उपस्थिति में नहीं जीता। अगर तुम परमेश्वर की उपस्थिति में नहीं जीते हो, तुमने जीवन प्रवेश नहीं किया है, परमेश्वर की गवाही नहीं दी है, तो क्या वह तुम्हें अपने अनुयायियों में से एक के रूप में स्वीकार करेगा? नहीं करेगा। परमेश्वर ने तुम्हें अपना कर्तव्य निभाने का एक अवसर दिया है और तुम इसके लिए तैयार भी हो, लेकिन तुम्हारी अभिव्यक्तियों के जरिये उसने देखा है कि इतने लंबे समय तक उसमें विश्वास करने के बावजूद तुम उसकी गवाही नहीं दे सकते। न केवल तुम्हारे पास सच्चा अनुभवजन्य ज्ञान नहीं है, बल्कि तुम जीते भी अपनी धारणाओं और कल्पनाओं के अनुसार हो; तुममें सत्य वास्तविकता बिल्कुल नहीं है और तुम बस परमेश्वर की उपस्थिति में नहीं रहते। ... यदि तुम चाहते हो कि परमेश्वर तुम्हें अपने अनुयायियों में से एक के रूप में मान्यता दे, तो सबसे पहले तुम्हें जीवन प्रवेश पर ध्यान केंद्रित करना होगा—इसका अर्थ है खुद को जानने से शुरुआत करना। व्यक्ति खुद को जितना अधिक जानता है, उतना ही अधिक वह अपनी भ्रष्टता के सार और वास्तविकता की असलियत जानने में सक्षम होगा और उतना ही अधिक वह अपने भीतर सत्य का अनुसरण करने के लिए तरसेगा; अपना कर्तव्य निभाने में वह सत्य खोजने, सत्य का अभ्यास करने और अपने भ्रष्ट स्वभाव त्यागने को विशेष महत्व देगा जिससे वह अपना कर्तव्य कायम रखने और परमेश्वर की अपेक्षाओं के अनुसार अपना कर्तव्य पूरा करने में सक्षम हो जाएगा। यह तुम्हारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जीवन प्रवेश पर ध्यान केंद्रित करने का उद्देश्य अपना कर्तव्य अच्छे से निभाना है; मूल रूप से इसका निचोड़ तुम्हारा कर्तव्य निभाना है। जीवन प्रवेश का अनुसरण तुम्हें अपना कर्तव्य निभाने के साथ शुरू करना चाहिए और जीवन प्रवेश के जरिये तुम्हें बूंद-बूंद करके सत्य समझना और पाना चाहिए, ताकि तुम एक ऐसे मुकाम पर पहुँच जाओ जहाँ तुम्हारा आध्यात्मिक कद हो, जहाँ तुम्हारा जीवन धीरे-धीरे बढ़ता रहे और तुम्हें सत्य के व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हों। तब तुम्हें अभ्यास के सभी प्रकार के सिद्धांतों में महारत हासिल कर लेनी चाहिए, ताकि तुम किसी भी व्यक्ति, घटना या चीज के नियंत्रण में आए बिना या उसके व्यवधान के बिना अपना कर्तव्य निभा पाओ। इस तरह तुम हौले-हौले परमेश्वर की उपस्थिति में रहने लगोगे। तुम किसी भी तरह के व्यक्ति, घटना या वस्तु से बाधित नहीं होओगे और तुम्हें सत्य का अनुभव होगा। जैसे-जैसे तुम्हारा अनुभव और अधिक प्रचुर होता जाएगा, वैसे-वैसे तुम परमेश्वर की गवाही देने में और अधिक सक्षम होते जाओगे और जैसे-जैसे तुम परमेश्वर की गवाही देने में अधिक सक्षम होओगे, वैसे-वैसे तुम धीरे-धीरे उपयोगी व्यक्ति बनते जाओगे। उपयोगी व्यक्ति बनने पर तुम परमेश्वर के घर में उस ढंग से अपना कर्तव्य निभा पाओगे जो मानक-स्तरीय होगा, तुम एक सृजित प्राणी के रूप में सही तरीके से अपना स्थान ग्रहण करने और परमेश्वर की व्यवस्थाओं और आयोजनों के प्रति समर्पण करने में सक्षम रहोगे और तुम दृढ़ता से खड़े रह सकोगे। इस प्रकार का व्यक्ति ही मानक स्तर का सृजित प्राणी और ऐसा व्यक्ति होता है जो परमेश्वर की स्वीकृति पाता है। तब तुम उन सब चीजों के योग्य बनोगे जो परमेश्वर ने तुम्हें प्रदान की हैं।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, जीवन प्रवेश कर्तव्य निभाने से प्रारंभ होता है
यद्यपि तुम लोगों की आस्था बहुत सच्ची है, फिर भी तुम लोगों में से कोई भी मेरी पूरी तरह व्याख्या नहीं कर सकता, कोई भी उन सारे तथ्यों की गवाही नहीं दे सकता जिन्हें तुम देखते हो। इस बारे में सोचो : आज तुममें से अधिकतर लोग उचित कार्यों पर ध्यान नहीं देते हैं, इसके बजाय देह का अनुसरण करते हैं, देह को तृप्त करते हैं और देह में लिप्त रहते हैं। तुम्हारे पास बहुत कम सत्य है। तो फिर तुम लोग उस सबकी गवाही कैसे दे सकते हो जो तुमने देखा है? क्या तुम लोग सचमुच आश्वस्त हो कि तुम मेरे गवाह बन सकते हो? अगर कोई ऐसा दिन आता है जब तुम उस सबकी गवाही नहीं दे पाओगे जो तुमने आज देखा है तो तुम सृजित प्राणी का प्रकार्य खो चुके होगे और तुम्हारे अस्तित्व का कतई कोई अर्थ नहीं होगा। तुम मनुष्य होने के लायक नहीं होगे। यहाँ तक कहा जा सकता है कि तुम मनुष्य नहीं होगे! मैंने तुम लोगों पर अथाह कार्य किया है, लेकिन चूँकि तुम अभी कुछ भी सीखने का प्रयास नहीं करते हो और हर चीज के प्रति अनजान रहते हो और व्यर्थ परिश्रम करते हो, जब मेरे कार्य को फैलाने का समय होगा, तब तुम बस भावशून्य दृष्टि से ताकोगे, तुम्हारे मुँह से आवाज नहीं निकलेगी और तुम बिल्कुल बेकार होगे। क्या तब तुम इतिहास में एक पापी के रूप में याद नहीं किए जाओगे? जब वह समय आएगा, तो क्या तुम्हें सबसे गहरा पछतावा नहीं होगा? क्या तुम उदासी में नहीं डूब जाओगे? आज मेरा सारा कार्य बेकारी और ऊब के कारण नहीं, बल्कि भविष्य के मेरे कार्य की नींव रखने के लिए किया जाता है। ऐसा नहीं है कि मेरे सामने गतिरोध है और मुझे कुछ नया करने की जरूरत है। मैं जो कार्य करता हूँ, उसे तुम्हें समझना चाहिए; यह गली में खेल रहे किसी बच्चे द्वारा की गई कोई चीज नहीं है, बल्कि मेरे पिता के प्रतिनिधित्व में किया जाने वाला कार्य है। तुम लोगों को पता होना चाहिए कि यह सब मैं स्वयं नहीं कर रहा हूँ; बल्कि मैं अपने पिता का प्रतिनिधित्व कर रहा हूँ। इस बीच, तुम लोगों की भूमिका बस अनुगमन करने, समर्पण करने, बदलने और गवाही देने की है। तुम लोगों को यह समझना चाहिए कि तुम लोगों को मुझमें विश्वास क्यों करना चाहिए; यह सबसे अधिक महत्वपूर्ण प्रश्न है जो तुम लोगों में से प्रत्येक को समझना चाहिए। मेरे पिता ने अपनी महिमा के वास्ते तुम सब लोगों को उसी क्षण से मेरे लिए पूर्व-निर्धारित कर दिया था जिस क्षण उसने इस संसार की सृष्टि की थी। मेरे कार्य और अपनी महिमा के वास्ते उसने तुम लोगों को पूर्व-निर्धारित किया था। मेरे पिता के कारण ही तुम लोग मुझमें विश्वास करते हो; मेरे पिता द्वारा पूर्व-निर्धारित कर दिए जाने के कारण ही है कि तुम मेरा अनुसरण करते हो। इसमें से कुछ भी तुम लोगों का अपना चुनाव नहीं है। इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि तुम लोग यह समझो कि तुम लोग वही हो, जिन्हें मेरे लिए गवाही देने के उद्देश्य से मेरे पिता ने मुझे प्रदान किया था। चूँकि उसने तुम लोगों को मुझे दिया था, इसलिए तुम लोगों को उस मार्ग का पालन करना चाहिए, जो मैं तुम लोगों को प्रदान करता हूँ, साथ ही उस मार्ग और वचनों का भी, जो मैं तुम लोगों को सिखाता हूँ, क्योंकि मेरे मार्ग का पालन करना तुम लोगों का कर्तव्य है और यही मुझमें तुम लोगों की आस्था का मूल उद्देश्य है। इसलिए मैं तुम लोगों से कहता हूँ : तुम लोग बस मेरे पिता द्वारा मेरे मार्ग का पालन करने के लिए मुझे प्रदान किए गए लोग हो। यूँ तो तुम लोग सिर्फ मुझमें विश्वास करते हो, लेकिन तुम मेरे नहीं हो, क्योंकि तुम लोग इस्राएली परिवार के नहीं हो, और इसके बजाय प्राचीन साँप की किस्म के हो। मैं तुम लोगों से सिर्फ इतना करने के लिए कह रहा हूँ कि मेरे लिए गवाही दो, लेकिन आज तुम लोगों को मेरे मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। यह सब भविष्य की गवाही के वास्ते है। अगर तुम लोग केवल मेरे मार्ग को सुनते हो तो वह बेकार है और मेरे पिता द्वारा तुम लोगों को मुझे प्रदान किए जाने का महत्त्व खो जाएगा। मैं तुम लोगों को जो अभी भी बताना चाहता हूँ वह यह है : तुम लोगों को मेरे मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, “परमेश्वर” के बारे में, तुम उसे कैसे समझते हो?
अब क्या तुम सच में जानते हो कि तुम्हें मुझ पर क्यों विश्वास करना चाहिए? क्या तुम सच में मेरे कार्य के उद्देश्य और महत्व को जानते हो? क्या तुम सच में अपने कर्तव्य को जानते हो? क्या तुम सच में जानते हो कि मेरी गवाही क्या है? अगर तुम केवल मुझमें विश्वास करते हो, फिर भी तुममें मेरी महिमा या गवाही का लेशमात्र भी अंश नहीं है, तो तुम वह हो जिसे मैंने बहुत पहले ही निकाल दिया है। जहाँ तक सब कुछ समझने वालों का सवाल है, वे और भी ज्यादा मेरी आँख के काँटे हैं और मेरे घर में वे मेरे रास्ते की अड़चनों से ज्यादा कुछ नहीं हैं। वे मेरे कार्य से पूरी तरह निकाल दिए जाने वाले खरपतवार हैं और वे बिल्कुल भी किसी काम के नहीं हैं, उनका कोई महत्व नहीं है और मेरे द्वारा उनसे लंबे समय से घृणा की जाती रही है। जहाँ तक उन सब की बात है जिनके पास कोई गवाही नहीं है, उन पर मेरा क्रोध हमेशा बना रहता है और मेरी छड़ी उनसे कभी दूर नहीं होती। मैं उन्हें बहुत पहले ही एक दुष्ट के हाथों में दे चुका हूँ; वे मेरे आशीषों से पूरी तरह वंचित हैं। जब दिन आएगा, उनकी ताड़ना मूर्ख, जिद्दी स्त्रियों की ताड़ना से भी कहीं अधिक पीड़ादायक होगी। आज मैं केवल वही कार्य करता हूँ जिसे करना मेरा कर्तव्य है, सारे गेहूँ को उस खरपतवार के साथ गट्ठरों में बाँधना। आज मेरा यही कार्य है। जब मैं फटकूँगा, तो मैं इस सारी खरपतवार को फटककर अलग कर दूँगा; उसके बाद मैं गेहूँ के दानों को भंडारगृह में इकट्ठा करूँगा और फटककर अलग की गई खरपतवार को आग में जलाकर राख कर दूँगा। अब मेरा कार्य सभी लोगों को गट्ठरों में बाँधना है, अर्थात् उन्हें पूरी तरह से जीतना। तब सभी लोगों के परिणामों का खुलासा करने के लिए मैं ओसाई शुरू करूँगा। इसलिए तुम्हें जानना चाहिए कि अब तुम्हें मुझे किस तरह संतुष्ट करना चाहिए और तुम्हें किस तरह मेरे प्रति विश्वास में सही मार्ग पर आना चाहिए। अब मैं तुम्हारी निष्ठा और समर्पण, तुम्हारा प्रेम और गवाही चाहता हूँ। यहाँ तक कि अगर तुम इस समय नहीं जानते कि गवाही क्या होती है या प्रेम क्या होता है, तो तुम्हें अपना सब कुछ मेरे पास ले आना चाहिए और जो एकमात्र खजाना तुम्हारे पास है, यानी तुम्हारी निष्ठा और समर्पण मुझे सौंप देना चाहिए। तुम्हें जानना चाहिए कि मेरे द्वारा शैतान को हराए जाने की गवाही मनुष्य की निष्ठा और समर्पण में निहित है, साथ ही मनुष्य के ऊपर मेरी संपूर्ण विजय की गवाही भी। मुझ पर तुम्हारे विश्वास का कर्तव्य है मेरे लिए गवाही देना, किसी अन्य के प्रति नहीं बल्कि मेरे प्रति वफादार होना और अंत तक समर्पित बने रहना।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, “विश्वास” के बारे में, तुम इसे कैसे समझते हो?
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
परमेश्वर की गवाही देना सच में कर्तव्य निभाना है
संबंधित भजन
परमेश्वर के लिए गवाही देना मानव का कर्तव्य है
एक विश्वासी के रूप में तुम्हारा कर्तव्य परमेश्वर के लिए गवाही देना है