i. शैतान द्वारा मनुष्य को गुमराह और भ्रष्ट करना संसार में अंधकार और बुराई की जड़ है

अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन

परमेश्वर के बनाए हुए आदम और हव्वा शुरू में शुद्ध लोग थे, यानी जब वे अदन की वाटिका में थे तब वे शुद्ध थे और किसी भी तरह की गंदगी से अछूते थे। वे यहोवा के प्रति वफादार भी थे और यहोवा को धोखा देने के विषय में कुछ नहीं जानते थे। ऐसा इसलिए था क्योंकि शैतान के प्रभाव ने बाधा नहीं डाली थी और उनमें शैतान का विष नहीं था। वे समस्त मानवजाति में सबसे शुद्ध थे। वे अदन की वाटिका में रहकर किसी मलिनता से दूषित नहीं थे, वे देह के कब्जे में नहीं थे, और यहोवा का भय मानते थे। लेकिन जब शैतान ने उन्हें प्रलोभन दिया, तो उनके अंदर साँप का जहर आ गया और उनमें यहोवा से विश्वासघात करने की इच्छा पैदा हुई, और वे शैतान के प्रभाव में जीने लगे। शुरू में, वे शुद्ध थे और यहोवा का भय मानते थे; सिर्फ इस अवस्था में वे मानव थे। बाद में, जब शैतान ने उन्हें प्रलोभन दिया, तो उन्होंने भले और बुरे के ज्ञान के वृक्ष का फल खा लिया, और शैतान के प्रभाव के अधीन जीने लगे। धीरे-धीरे शैतान ने उन्हें भ्रष्ट कर दिया, और उन्होंने मनुष्य की मूल छवि गँवा दी। आरंभ में मानवजाति के अंदर यहोवा की श्वास थी, वह थोड़ी-सी भी विद्रोही नहीं थी और मनुष्य के हृदय में कोई बुराई नहीं थी। उस समय, मनुष्य सचमुच मानवीय था। शैतान द्वारा भ्रष्ट किए जाने के बाद, मनुष्य पशु बन गया। उसके विचार बुराई और मलिनता से भर गए, और उसमें कोई अच्छाई और पवित्रता नहीं रही। क्या यह शैतान नहीं है?

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पतरस के अनुभव : ताड़ना और न्याय का उसका ज्ञान

सामाजिक विज्ञानों के उदय के बाद से ही विज्ञान और ज्ञान मानव हृदय पर कब्जा जमा चुके हैं। विज्ञान और ज्ञान तब से मानवों पर शासन के लिए औजार बन गए हैं, जिससे मनुष्य के पास परमेश्वर की आराधना करने के लिए पर्याप्त गुंजाइश और परमेश्वर की आराधना करने के लिए उतनी अनुकूल परिस्थितियाँ नहीं बची हैं। सभी मानवों के हृदयों में परमेश्वर की स्थिति नीचे गिरती जा रही है। अपने हृदय में परमेश्वर के लिए स्थान न होने पर मानवों का आंतरिक संसार अंधकारमय होता है, वह निराशाजनक होता है और वह खाली है। बाद में मानव के हृदय और मन को भरने के लिए, बहुत-से सामाजिक वैज्ञानिकों, इतिहासकारों और राजनीतिज्ञों ने सामने आकर सामाजिक विज्ञान के सिद्धांत, मानव विकास के सिद्धांत व्यक्त किए और अन्य दावे किए जो इस सत्य का खंडन करते हैं कि परमेश्वर ने मानवजाति की रचना की है। और इस तरह, यह विश्वास करने वाले बहुत कम होते गए हैं कि परमेश्वर ने सब कुछ बनाया है और विकास के सिद्धांत पर विश्वास करने वालों की संख्या और अधिक बढ़ती गई है। अधिकाधिक लोग परमेश्वर के कार्य के अभिलेखों और पुराने विधान के युग के दौरान उसके वचनों को मिथक और किंवदंतियाँ समझते हैं। मनुष्य के दिल में परमेश्वर की गरिमा और परमेश्वर की महानता धुँधली पड़ गई है, और परमेश्वर का अस्तित्व और यह सिद्धांत कि परमेश्वर सभी चीजों पर संप्रभुता रखता है, मनुष्य के दिल में धुँधले पड़ गए हैं। मानवजाति का अस्तित्व और देशों एवं राष्ट्रों की नियति उनके लिए अब महत्वपूर्ण नहीं रहे, और सारी मानवजाति केवल खाने-पीने और भोग-विलास के अनुसरण पर ध्यान लगाए एक खोखले संसार में रहती है। ... बहुत थोड़े लोग स्वयं इस बात की खोज करने की पहल करते हैं कि आज परमेश्वर अपना कार्य कहाँ करता है या यह खोजने की पहल करते हैं कि वह किस प्रकार मानवजाति के गंतव्य पर संप्रभुता रखता है और इसकी व्यवस्था करता है। और इस तरह, मनुष्य के बिना जाने ही मानव-सभ्यता मनुष्य की इच्छाओं के अनुसार चलने में अधिक से अधिक अक्षम होती चली जाती है; इसके बजाय कई ऐसे लोग भी हैं जो यह महसूस करते हैं कि ऐसे संसार में रहकर वे उन लोगों की तुलना में कम खुश हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है। यहाँ तक कि उन देशों के लोग भी, जो अत्यधिक सभ्य हुआ करते थे, इस तरह की शिकायतें करते हैं। क्योंकि परमेश्वर के मार्गदर्शन के बिना अगर शासक और समाजशास्त्री मानव सभ्यता को संरक्षित रखने के लिए अपना दिमाग खपा भी लें, तो भी कोई फायदा नहीं होगा। मानव के हृदय का खालीपन कोई व्यक्ति नहीं भर सकता, क्योंकि कोई भी व्यक्ति मनुष्य का जीवन नहीं हो सकता और कोई भी सामाजिक शब्दाडंबर मनुष्य को खालीपन की परेशानियों से मुक्ति नहीं दिला सकता। विज्ञान, ज्ञान, स्वतंत्रता, लोकतंत्र, सुख और आराम मनुष्य को केवल अस्थायी सांत्वना देते हैं। ये चीजें होने के बावजूद मानवजाति अभी भी अपरिहार्य रूप से पाप करती है और समाज में अन्याय की शिकायत करती है। इन चीजों का होना मानवजाति की अन्वेषण करने की लालसा और इच्छा को बाधित नहीं कर सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि मनुष्य परमेश्वर द्वारा बनाया गया था और मानवजाति के निरर्थक त्याग और अन्वेषण मनुष्य के लिए अधिकाधिक संताप ही ला सकते हैं और मनुष्य के निरंतर भयाकुलता की अवस्था में होने का कारण बन सकते हैं, वह यह नहीं जानता कि मानवजाति के भविष्य का सामना कैसे करे और नहीं जानता कि आगामी मार्ग का सामना कैसे करे, इस हद तक कि मानवजाति विज्ञान से भी डरती है, ज्ञान से डरती है और खालीपन के एहसास से तो और भी अधिक डरती है। इस संसार में, चाहे तुम किसी स्वतंत्र देश में रहते हो या बिना मानवाधिकारों वाले देश में, तुम मानवजाति की नियति से बचने में सर्वथा अक्षम हो। तुम चाहे शासक हो या शासित, तुम मानवजाति की नियति, रहस्यों और गंतव्य का पता लगाने की इच्छा से बचने में सर्वथा अक्षम हो, खालीपन की अव्याख्येय भावना से बचने में तो तुम और भी अधिक अक्षम हो। इस प्रकार की परिघटनाएँ, जो समस्त मानवजाति के लिए आम हैं, समाजशास्त्रियों द्वारा सामाजिक परिघटनाएँ कही जाती हैं, लेकिन कोई भी महान व्यक्ति ऐसी समस्याओं का समाधान करने के लिए सामने नहीं आ सकता है। मनुष्य आखिर मनुष्य है और परमेश्वर के दर्जे और परमेश्वर के जीवन की जगह कोई नहीं ले सकता। मानवजाति को केवल एक ऐसे न्यायपूर्ण समाज की ही आवश्यकता नहीं है जिसमें लोगों को भरपेट भोजन मिले, सभी समान हों और हर कोई स्वतंत्र हो; मानवजाति को जिस चीज की जरूरत है वह है परमेश्वर का उद्धार और मनुष्य के लिए उसके जीवन की आपूर्ति। जब मानवजाति परमेश्वर के जीवन की आपूर्ति और उसका उद्धार प्राप्त करती है, केवल तभी उसकी आवश्यकताओं, उसकी अन्वेषण की इच्छा और उसके दिल के खालीपन का समाधान हो सकता है। यदि किसी देश या राष्ट्र के मानव परमेश्वर का उद्धार पाने और उन पर परमेश्वर की छत्रछाया प्राप्त करने में असमर्थ हैं तो ऐसा देश या राष्ट्र पतन की ओर, अंधकार की ओर बढ़ेगा और नतीजे में परमेश्वर द्वारा जड़ से मिटा दिया जाएगा।

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परिशिष्ट 2 : परमेश्वर संपूर्ण मानवजाति की नियति पर संप्रभुता रखता है

ऊपर से नीचे तक और शुरू से अंत तक शैतान परमेश्वर के कार्य को बाधित करता रहा है और उसके विरोध में काम करता रहा है। इन सारी “प्राचीन सांस्कृतिक विरासत,” मूल्यवान “प्राचीन संस्कृति के ज्ञान,” “ताओवाद और कन्फ्यूशीवाद की शिक्षाओं” और “कन्फ्यूशियन क्लासिक्स और सामंती संस्कारों” ने मनुष्य को नरक में पहुँचा दिया है। उन्नत आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ-साथ अत्यधिक विकसित उद्योग, कृषि और व्यवसाय कहीं नजर नहीं आते। इसके बजाय, यह सिर्फ़ प्राचीन काल के “वानरों” द्वारा लाए गए सामंती संस्कारों पर जोर देता है, ताकि परमेश्वर के कार्य को जानबूझकर गड़बड़ कर सके, उसका विरोध कर सके और उसे नष्ट कर सके। न केवल इसने आज तक मनुष्य को सताना जारी रखा है, बल्कि यह उसे पूरे का पूरा निगल[1] भी जाना चाहता है। सामंती नैतिकता की शिक्षाओं के प्रसारण और प्राचीन संस्कृति के ज्ञान के हस्तांतरण ने लंबे समय से सभी लोगों को संक्रमित किया है और उन्हें छोटे-बड़े दानवों में बदल दिया है। कुछ ही लोग हैं, जो सहर्ष परमेश्वर को ग्रहण करते हैं और कुछ ही लोग हैं, जो उसके आगमन का उल्लासपूर्वक स्वागत करते हैं। सभी लोगों के चेहरे हत्या के इरादे से भर गए हैं, और हर जगह हवा में एक हत्यारा वातावरण व्याप्त है। वे परमेश्वर को इस भूमि से निष्कासित करना चाहते हैं; हाथों में चाकू और तलवारें लिए वे परमेश्वर का “विनाश” करने के लिए खुद को युद्ध के विन्यास में व्यवस्थित करते हैं। दानवों की इस सारी भूमि पर, जहाँ मनुष्य को लगातार सिखाया जाता है कि कहीं कोई परमेश्वर नहीं है, मूर्तियाँ फैली हुई हैं, और ऊपर हवा जलते हुए कागज और धूप की वमनकारी गंध से तर है, इतनी घनी कि दम घुटता है। यह उस कीचड़ की बदबू की तरह है, जो जहरीले सर्प के कुलबुलाते समय ऊपर उठती है, जिससे व्यक्ति उलटी किए बिना नहीं रह सकता। इसके अलावा, वहाँ अस्पष्ट रूप से दुष्ट दानवों के मंत्रोच्चार की ध्वनि सुनी जा सकती है, जो दूर नरक से आती हुई प्रतीत होती है, जिसे सुनकर आदमी काँपे बिना नहीं रह सकता। इस भूमि में हर जगह इंद्रधनुष के सभी रंगों वाली मूर्तियाँ रखी हैं, जिन्होंने इस देश को भड़कीली, दिखावटी दुनिया में बदल दिया है, और दानवों का राजा दुष्टतापूर्वक हँसता रहता है, मानो उसका षड्यंत्र सफल हो गया हो। इस बीच, मनुष्य पूरी तरह से बेखबर रहता है, और उसे यह भी पता नहीं कि दानव ने उसे पहले ही इस हद तक भ्रष्ट कर दिया है कि वह बेसुध हो गया है और उसने अपना सिर लटका दिया है। शैतान चाहता है कि एक ही झपट्टे में परमेश्वर से संबंधित सब कुछ साफ कर दे, और एक बार फिर उसे अपवित्र कर उसकी हत्या कर दे; वह उसके कार्य को टुकड़े-टुकड़े करने और उसमें विघ्न डालने का इरादा रखता है। वह कैसे परमेश्वर को समान दर्जे का होने दे सकता है? कैसे वह मानवीय दुनिया में अपने काम में परमेश्वर का “हस्तक्षेप” बरदाश्त कर सकता है? कैसे वह परमेश्वर को उसके घिनौने चेहरे को उजागर करने दे सकता है? कैसे यह परमेश्वर को अपने काम को अव्यवस्थित करने की अनुमति दे सकता है? क्रोध के साथ भभकता यह दानव कैसे परमेश्वर को पृथ्वी पर अपने राजसी दरबार पर नियंत्रण करने दे सकता है? कैसे वह स्वेच्छा से परमेश्वर के श्रेष्ठतर सामर्थ्य के आगे झुक सकता है? इसके कुत्सित चेहरे की असलियत उजागर की जा चुकी है, इसलिए किसी को समझ नहीं आता कि हँसे या रोए और सचमुच इसके बारे में बात करना कठिन है। क्या यही इसका सार नहीं है? कुरूप आत्माओं के साथ, वे अभी भी यह मानते हैं कि वे अविश्वसनीय रूप से सुंदर हैं—यह सह-अपराधियों का गिरोह![2] वे भोग में लिप्त होने के लिए सांसारिक क्षेत्र में उतरते हैं और हंगामा करते हैं, और चीजों में इतनी हलचल पैदा कर देते हैं कि दुनिया एक चंचल और अस्थिर जगह बन जाती है और मनुष्य का दिल घबराहट और बेचैनी से भर जाता है, और उन्होंने मनुष्य के साथ इतना खिलवाड़ किया है कि उसका रूप एक अमानवीय जानवर जैसा अत्यंत कुरूप हो गया है, जिससे मूल शुद्ध मनुष्य का आखिरी निशान भी खो गया है। इतना ही नहीं, वे धरती पर संप्रभु सत्ता ग्रहण करना चाहते हैं। वे परमेश्वर के कार्य को इतना बाधित करते हैं कि वह मुश्किल से बहुत धीरे आगे बढ़ पाता है, और वे मनुष्य को इतना कसकर बंद कर देते हैं, जैसे कि तांबे और इस्पात की दीवारें हों। इतने सारे गंभीर पाप करने और इतनी आपदाओं का कारण बनने के बाद भी क्या वे ताड़ना के अलावा किसी अन्य चीज की उम्मीद कर रहे हैं? दानव और राक्षस काफी समय से पृथ्वी पर अंधाधुंध विचरण कर रहे हैं, और उन्होंने परमेश्वर के इरादों और हृदय के रक्त, दोनों को ही इतना कसकर सीलबंद कर दिया है कि वे अभेद्य बन गए हैं। सचमुच, यह एक घातक पाप है! ऐसा कैसे हो सकता है कि परमेश्वर चिंतित महसूस न करे? परमेश्वर कैसे क्रोधित नहीं हो सकता? उन्होंने परमेश्वर के कार्य में गंभीर बाधा पहुँचाई है और उसका घोर विरोध किया है : कितने विद्रोही हैं वे!

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, कार्य और प्रवेश (7)

फुटनोट :

1. “निगलना” दानवों के राजा के क्रूर व्यवहार के बारे में बताता है, जो लोगों को पूरी तरह से रौंद डालता है।

2. “सह-अपराधियों के गिरोह” और “खलनायकों के समूह” एक ही प्रकार के हैं।


शैतान राष्ट्रीय सरकारों और प्रसिद्ध एवं महान व्यक्तियों की शिक्षा और गहरे प्रभाव के माध्यम से मनुष्य को भ्रष्ट करता है। उनके शैतानी शब्द मनुष्य का जीवन और प्रकृति बन गए हैं। “हर व्यक्ति अपनी सोचे बाकियों को शैतान ले जाए” एक प्रसिद्ध शैतानी कथन है जो सभी लोगों में रिस चुका है और उनका जीवन ही बन गया है। सांसारिक आचरण के फलसफों के कुछ अन्य शब्द हैं जो इसी तरह के हैं। शैतान लोगों को शिक्षित करने, गुमराह करने और भ्रष्ट करने के लिए प्रत्येक देश की पारंपरिक संस्कृति का इस्तेमाल करता है, मानवजाति को विनाश की अतल खाई में गिराता है और अंत में, वह परमेश्वर द्वारा नष्ट कर दी जाएगी क्योंकि वह शैतान की सेवा करती है और परमेश्वर का प्रतिरोध करती है। कुछ लोग समाज में दशकों से लोक अधिकारी रहे हैं। कल्पना करो कि तुम उनसे यह सवाल पूछते हो : “यह देखते हुए कि तुम एक अधिकारी बन पाए और तुम्हारा इतना सुगम करियर हो सका तो वे कौन-सी मशहूर कहावतें हैं जिनके बल पर तुमने यह हासिल किया?” वे शायद कहेंगे, “मैं तो बस एक ही बात समझता हूँ : ‘अधिकारी उपहार देने वालों के लिए मुश्किलें खड़ी नहीं करते, और जो चापलूसी नहीं करते हैं वे कुछ भी हासिल नहीं करते हैं।’” उन्होंने अधिकारी बनने के लिए इसी शैतानी फलसफे का सहारा लिया। क्या ये शब्द ऐसे लोगों की प्रकृति के परिचायक नहीं हैं? पद हासिल करने के लिए गलत हथकंडों का सहारा लेना उनकी प्रकृति बन गया है। एक ऐसा अधिकारी बनना जो सबसे अलग दिखे और तेजी से तरक्की पाए, यही उनका लक्ष्य है। लोगों के जीवन, क्रियाकलापों और स्व-आचरण में शैतान के और भी बहुत-से ज़हर हैं। उदाहरण के लिए, उनके सांसारिक आचरण के फलसफे, उनके काम करने के हथकंडे और उनके सूत्रवाक्य, ये सभी बड़े लाल अजगर के ज़हर से भरे हैं, और ये सब शैतान से आते हैं। इस प्रकार, वे सभी चीजें जो लोगों की हड्डियों और खून में समाई हुई हैं, शैतान की हैं। वे सभी अधिकारी, जो शक्ति रखते हैं, और जो कामयाब हैं, उन सभी के पास सफलता के अपने रास्ते और रहस्य होते हैं। क्या ऐसे रहस्य उनकी प्रकृति के पूर्ण परिचायक नहीं हैं? वे दुनिया में बड़े-बड़े उपक्रमों को कार्यान्वित करने में सक्षम हैं, और कोई भी उनके पीछे की साजिशों और दुरभिसंधियों की असलियत को नहीं देख पाता है। इससे पता चलता है कि उनकी प्रकृति कितनी कपटी और दुर्भावनापूर्ण है। शैतान ने मानवजाति को गंभीर रूप से भ्रष्ट कर दिया है। शैतान का विष हर व्यक्ति के रक्त में बहता है, और यह कहा जा सकता है कि मनुष्य की प्रकृति भ्रष्ट, दुष्ट, प्रतिरोधात्मक और परमेश्वर के विरोध में है, शैतान के फलसफों और विषों से भरी हुई और उनमें डूबी हुई है। यह पूरी तरह शैतान का प्रकृति-सार बन गया है। इसी कारण लोग परमेश्वर का प्रतिरोध करते हैं और परमेश्वर के प्रति शत्रुतापूर्ण हैं।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, मनुष्य की प्रकृति को कैसे जानें

मनुष्य के ज्ञान प्राप्त करने की प्रक्रिया के दौरान सभी प्रकार के तरीके इस्तेमाल करके, चाहे वह कहानियाँ सुनाना हो, चाहे बस उसे कुछ ज्ञान देना हो या उसे अपनी इच्छाएँ या आकांक्षाएँ पूरी करने देना हो, शैतान मनुष्य को किस मार्ग पर ले जाना चाहता है? मनुष्य को लगता है कि ज्ञान प्राप्त करने में कुछ भी गलत नहीं है, यह पूरी तरह स्वाभाविक और न्यायोचित है। इसे आकर्षक ढंग से प्रस्‍तुत करें तो ऊँची आकांक्षाएँ रखने या महत्वाकांक्षाएँ होने का मतलब दृढ़-संकल्प होना है और यही जीवन में सही मार्ग होना चाहिए। अगर कोई अपने जीवनकाल में अपनी आकांक्षाएँ पूरी कर सके या सफल करियर बना सके, तो क्या यह जीने का अधिक शानदार तरीका नहीं है? इस तरह व्यक्ति न केवल अपने पूर्वजों का सम्मान कर सकता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अपनी छाप छोड़ने का मौका भी पा सकता है—क्या यह अच्छी बात नहीं है? सांसारिक लोगों की दृष्टि में यह एक अच्छी बात है, और उनकी निगाह में यह उचित और सकारात्मक होनी चाहिए। लेकिन क्या शैतान, अपने धूर्त इरादों के साथ, मनुष्य को ऐसे मार्ग पर ले जाता है और बस इतना ही होता है? बिल्कुल नहीं। वास्तव में, मनुष्य की आकांक्षाएँ चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, उसकी इच्छाएँ चाहे कितनी भी यथार्थपरक क्यों न हों या वे कितनी भी उचित क्यों न हों, मनुष्य जो कुछ भी हासिल करना चाहता है और मनुष्य जिस चीज का भी अनुसरण करता है वह सब अटूट रूप से दो शब्दों से जुड़ा है। ये दो शब्द हर व्यक्ति के लिए उसके संपूर्ण जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, और ये ऐसी चीजें हैं जिन्हें शैतान मनुष्य के भीतर बैठाना चाहता है। वे दो शब्द कौन-से हैं? वे हैं “प्रसिद्धि” और “लाभ।” शैतान एक बहुत ही सौम्य तरीका चुनता है, एक ऐसा तरीका जो मनुष्य की धारणाओं के बहुत ही अनुरूप है और जो बहुत आक्रामक नहीं है, ताकि वह लोगों से अनजाने में ही जीवित रहने के अपने साधन और नियम स्वीकार करवा ले, जीवन लक्ष्य और जीवन की दिशाएँ विकसित करवा ले और जीवन की आकांक्षाएँ रखवाने लगे। अपने जीवन की आकांक्षाओं के बारे में लोगों के वर्णन कितने ही आडंबरपूर्ण क्यों न लगते हों, ये आकांक्षाएँ हमेशा “प्रसिद्धि” और “लाभ” के इर्द-गिर्द घूमती हैं। कोई भी महान या प्रसिद्ध व्यक्ति—या वास्तव में कोई भी व्यक्ति—जीवन भर जिन सारी चीजों का पीछा करता है वे केवल इन दो शब्दों से जुड़ी होती हैं : “प्रसिद्धि” और “लाभ।” लोगों को लगता है कि एक बार उनके पास प्रसिद्धि और लाभ आ जाए तो उनके पास ऊँचे रुतबे और अपार धन-संपत्ति का आनंद लेने और जीवन का आनंद लेने के लिए पूँजी आ जाती है। उन्हें लगता है कि एक बार उनके पास प्रसिद्धि और लाभ आ जाए तो उनके पास वह पूँजी होती है जिसका इस्तेमाल वे सुख खोजने और देह के उच्छृंखल आनंद में लिप्त रहने के लिए कर सकते हैं। लोग जिस प्रसिद्धि और लाभ की कामना करते हैं उसकी खातिर वे खुशी से और अनजाने में, अपने शरीर, दिल और यहाँ तक कि अपनी संभावनाओं और नियतियों समेत वह सब जो उनके पास है, शैतान को सौंप देते हैं। वे बिना कुछ बाकी रखे ऐसा करते हैं, बिना एक पल के संदेह के करते हैं और उनके पास कभी जो कुछ था उसे वापस लेने की जागरूकता के बिना करते हैं। लोग जब इस प्रकार खुद को शैतान को सौंप देते हैं और उसके प्रति वफादार हो जाते हैं तो क्या वे खुद पर कोई नियंत्रण बनाए रख सकते हैं? कदापि नहीं। वे पूरी तरह से और शत-प्रतिशत शैतान से नियंत्रित होते हैं। वे पूरी तरह से और सर्वथा इस दलदल में धँस जाते हैं और अपने आप को मुक्त कराने में असमर्थ रहते हैं। जब कोई प्रसिद्धि और लाभ की दलदल में फँस जाता है, तो फिर वह उजली, न्यायसंगत, खूबसूरत और अच्छी चीजों की खोज करना छोड़ देता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि लोगों के लिए प्रसिद्धि और लाभ का प्रलोभन बहुत बड़ा होता है और ये ऐसी चीजें हैं जिनका अनुसरण लोग अंतहीन ढंग से अपने पूरे जीवन भर और यहाँ तक कि अनंत काल तक कर सकते हैं। क्या यह असली स्थिति नहीं है? कुछ लोग कहेंगे कि ज्ञान अर्जित करना पुस्तकें पढ़ने और कुछ ऐसी चीजें सीखने से अधिक कुछ नहीं है जिन्हें तुम पहले से नहीं जानते हो, ताकि समय से पीछे न रह जाओ या संसार द्वारा पीछे न छोड़ दिए जाओ। ज्ञान का अर्जन केवल आजीविका जुटाने के लिए, अपने भविष्य के लिए या बुनियादी आवश्यकताएँ मुहैया कराने के लिए किया जाता है। क्या कोई ऐसा व्यक्ति है, जो मात्र मूलभूत आवश्यकताओं के लिए और मात्र भोजन का मसला हल करने के लिए एक दशक तक कठिन परिश्रम से अध्ययन करेगा? नहीं, ऐसा कोई नहीं है। तो फिर व्‍यक्ति इन सारे वर्षों तक ये कठिनाइयाँ क्‍यों सहन करता है? प्रसिद्धि और लाभ के लिए। ऐसा इसलिए है क्योंकि प्रसिद्धि और लाभ आगे उसका इंतजार कर रहे हैं, उसे इशारे से बुला रहे हैं, और वह मानता है कि केवल अपने परिश्रम, कठिनाइयों, और संघर्ष के माध्यम से ही वह उस मार्ग पर कदम बढ़ा सकता है जो प्रसिद्धि और लाभ की ओर ले जाएगा, जिससे उसे ये चीजें प्राप्त होंगी। ऐसे व्यक्ति को अपने भविष्य के पथ के लिए, अपने भविष्य के आनंद के लिए, और एक बेहतर जिंदगी प्राप्त करने के लिए ये कठिनाइयाँ सहनी ही होंगी। भला यह ज्ञान क्या है—क्या तुम लोग मुझे बता सकते हो? क्या यह जीवित रहने के वे नियम और फलसफे नहीं हैं जिन्हें शैतान मनुष्य के भीतर डालता है, जैसे “पार्टी से प्यार करो, देश से प्यार करो, और अपने धर्म से प्यार करो” और “बुद्धिमान इंसान हालात के अनुसार अपना रुख बदलता है”? क्या ये जीवन की “ऊँची आकांक्षाएँ” नहीं हैं, जिन्हें शैतान द्वारा मनुष्य के भीतर डाला गया है, जैसे, महान लोगों की सोच, प्रसिद्ध लोगों की सत्यनिष्ठा, नायकों की बहादुरी की भावना या मार्शल आर्ट से जुड़े उपन्यासों में शूरवीरों और तलवारबाजों का शौर्य और उदारता? ये विचार और कथन पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोगों को प्रभावित करते हैं; बहुत-से लोग इन विचारों को स्वीकार करते हैं, और वे इन “ऊँची आकांक्षाओं” को पूरा करने के लिए उनके पीछे भागते हैं, लगातार संघर्ष करते हैं और यहाँ तक कि अपने प्राणों की आहुति देने को भी तैयार रहते हैं। यह वह साधन और तरीका है जिसके द्वारा शैतान मनुष्य को भ्रष्ट करने के लिए ज्ञान का उपयोग करता है। तो शैतान द्वारा मनुष्य को इस मार्ग पर ले जाए जाने के बाद क्या मनुष्य परमेश्वर के प्रति समर्पण और उसकी आराधना कर पाता है? और क्या वह परमेश्वर के वचन स्वीकार कर पाता है और सत्य का अनुसरण कर पाता है? बिल्कुल नहीं—क्योंकि उसे शैतान द्वारा भटका दिया गया है। आओ, अब हम इस पर विचार करें : शैतान द्वारा लोगों के मन में बिठाए गए ज्ञान, विचारों और दृष्टिकोणों के भीतर क्या परमेश्वर के प्रति समर्पण करने और उसकी आराधना करने के सत्य हैं? क्या परमेश्वर का भय मानने और बुराई से दूर रहने के सत्य हैं? क्या परमेश्वर का कोई वचन है? क्या उनमें कुछ ऐसा है जो सत्य का है? बिल्कुल नहीं—ये चीजें पूरी तरह से अनुपस्थित हैं। क्या तुम लोग निश्चित हो सकते हो कि शैतान द्वारा मनुष्य में डाली गई चीजों में कोई सत्य नहीं है? भले ही तुम निश्चित रूप से कहने का साहस न करो, इसमें कोई समस्या नहीं है। अगर तुम यह मानते हो कि “प्रसिद्धि” और “लाभ” वे दो प्रमुख शब्द हैं, जिनका इस्तेमाल शैतान मनुष्य को बहकाकर दुष्टता के मार्ग पर ले जाने के लिए करता है, तो यह पर्याप्त है।

... शैतान मनुष्य के विचारों को नियंत्रित करने के लिए प्रसिद्धि और लाभ का इस्तेमाल करता है, उससे और कुछ नहीं, बस इन दो ही चीजों के बारे में सोच-विचार करवाता है और उससे प्रसिद्धि और लाभ के लिए संघर्ष करवाता है, प्रसिद्धि और लाभ के लिए कष्ट उठवाता है, प्रसिद्धि और लाभ के लिए अपमान सहन करवाता है और भारी बोझ उठवाता है, प्रसिद्धि और लाभ के लिए अपना सर्वस्व त्याग करवाता है और उससे प्रसिद्धि और लाभ की खातिर हर फैसला या निर्णय करवाता है। इस तरीके से शैतान मनुष्य पर अदृश्य बेड़ियाँ डाल देता है और इन बेड़ियों के रहते उसमें उन बंधनों से मुक्त होने की न तो क्षमता होती है, न ही साहस। अनजाने में वह बड़ी ही कठिनाई से कदम-दर-कदम आगे घिसटते हुए ये बेड़ियाँ ढोता रहता है। इस प्रसिद्धि और लाभ की खातिर मानवजाति परमेश्वर से दूर हो जाती है, उसके साथ विश्वासघात करती है और अधिकाधिक दुष्ट होती जाती है। इस तरह, एक के बाद एक पीढ़ी शैतान की प्रसिद्धि और लाभ के बीच नष्ट होती जाती है।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है VI

शैतान लोगों को भ्रष्ट करने के लिए विज्ञान का उपयोग कैसे करता है? ... विज्ञान लोगों को केवल भौतिक जगत की वस्तुएँ देखने देता है जिससे मनुष्य की केवल जिज्ञासा शांत होती है, लेकिन वह मनुष्य को वे नियम देखने में सक्षम नहीं बना सकता जिनके द्वारा परमेश्वर सभी चीजों पर संप्रभु है। मनुष्य को विज्ञान में उत्तर मिल गए लगते हैं और वे उत्तर गुमराह करने वाले हैं और अस्थायी संतुष्टि लाते हैं, ऐसी संतुष्टि जो मनुष्य के दिल को भौतिक संसार तक सीमित रखने का काम करती है। मनुष्य को लगता है कि उसे विज्ञान से उत्तर मिल गए हैं, इसलिए जो भी मुद्दा सामने आता है, वह उस मुद्दे को सत्यापित और स्वीकार करने के आधार के रूप में वैज्ञानिक विचारों का उपयोग करता है। मनुष्य के दिल को विज्ञान बहका देता और अपने वश में कर लेता है और परिणामस्वरूप, मनुष्य का परमेश्वर को जानने, परमेश्वर की आराधना करने और यह विश्वास करने का मन नहीं रह जाता कि सभी चीजें परमेश्वर से आती हैं और मनुष्य को सभी उत्तर परमेश्वर से प्राप्त करने चाहिए। क्या यह सच नहीं है? कोई व्यक्ति जितना अधिक विज्ञान में विश्वास करता है, उतना ही अधिक बेतुका हो जाता है और यह मानने लगता है कि हर चीज का एक वैज्ञानिक समाधान होता है, कि शोध किसी भी चीज का समाधान कर सकता है। वह परमेश्वर को नहीं खोजता और वह यह विश्वास नहीं करता कि उसका अस्तित्व है। परमेश्वर में लंबे समय से विश्वास करने वाले कई लोग हैं, जो कोई समस्या सामने आने पर चीजों के बारे में जानने और उत्तर खोजने के लिए कंप्यूटर का उपयोग करते हैं; वे केवल वैज्ञानिक ज्ञान में विश्वास करते हैं। वे यह नहीं मानते कि परमेश्वर के वचन सत्य हैं, वे यह नहीं मानते कि परमेश्वर के वचन मानवजाति की सभी समस्याएँ हल कर सकते हैं और वे मानवजाति की प्रत्येक समस्या को सत्य के दृष्टिकोण से नहीं देखते। चाहे उनके सामने कोई भी समस्या आए, वे कभी परमेश्वर से प्रार्थना नहीं करते, न ही परमेश्वर के वचनों में सत्य खोजकर उसका समाधान करने की कोशिश करते हैं। अनेक मामलों में वे अभी भी यह विश्वास करते हैं कि ज्ञान समस्या का समाधान कर सकता है और विज्ञान ही अंतिम उत्तर है। परमेश्वर ऐसे लोगों के दिलों से बिल्कुल नदारद रहता है। वे छद्म-विश्वासी हैं और परमेश्वर में विश्वास के बारे में उनके विचार उन कई उच्चस्तरीय बुद्धिजीवियों और वैज्ञानिकों के विचारों से अलग नहीं हैं, जो हमेशा वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करके परमेश्वर का अध्ययन करने की कोशिश करते रहते हैं। उदाहरण के लिए, कई धर्म-विशेषज्ञ हैं, जिन्होंने उस पर्वत पर जाकर निरीक्षण किया है, जहाँ वह जहाज रुका था, और इस प्रकार उन्होंने जहाज के अस्तित्व को प्रमाणित कर दिया है। किंतु जहाज के बाहरी स्वरूप में वे परमेश्वर के अस्तित्व को नहीं देखते। वे केवल कहानियों और इतिहास पर विश्वास करते हैं; यह उनके वैज्ञानिक शोध और भौतिक संसार के अध्ययन का परिणाम है। अगर तुम भौतिक चीजों पर शोध करोगे, चाहे वह सूक्ष्म जीवविज्ञान हो, खगोलशास्त्र हो या भूगोल हो, तो तुम कभी ऐसा परिणाम नहीं पाओगे, जो यह निर्धारित करता हो कि परमेश्वर का अस्तित्व है या यह कि वह सभी चीजों पर संप्रभु है। तो विज्ञान मनुष्य के लिए क्या करता है? क्या वह मनुष्य को परमेश्वर से दूर नहीं करता? क्या वह लोगों को परमेश्वर को अध्ययन के अधीन करने के लिए प्रेरित नहीं करता? क्या वह लोगों को परमेश्वर के अस्तित्व और संप्रभुता के बारे में अधिक संशयात्मक नहीं बनाता और क्या इसी वजह से वे परमेश्वर से इनकार नहीं करते और उसके साथ विश्वासघात नहीं करते? यही परिणाम होता है। तो जब शैतान मनुष्य को भ्रष्ट करने के लिए विज्ञान का उपयोग करता है, तो वह कौन-सा उद्देश्य हासिल करने की कोशिश कर रहा होता है? वह लोगों को गुमराह और संज्ञाहीन करने के लिए वैज्ञानिक निष्कर्षों का उपयोग करना चाहता है और उनके हृदयों पर कब्जा करने के लिए अस्पष्ट उत्तरों का भी उपयोग करना चाहता है, ताकि वे परमेश्वर के अस्तित्व की खोज या उस पर विश्वास न करें। इसीलिए मैं कहता हूँ कि विज्ञान भी उन तरीकों में से एक है, जिनसे शैतान लोगों को भ्रष्ट करता है।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है V

सामाजिक प्रवृत्तियों से शैतान मनुष्य को भ्रष्ट और नियंत्रित करता है। सामाजिक प्रवृत्तियों में कई पहलू हैं जिनमें ऐसे क्षेत्र शामिल हैं, जैसे प्रसिद्ध और महान हस्तियों और साथ ही फिल्म और संगीत के नायकों की आराधना, सेलिब्रिटी-आराधना और ऑनलाइन गेम। ये सभी सामाजिक प्रवृत्तियों का हिस्सा हैं, और यहाँ विवरण में जाने की कोई आवश्यकता नहीं। हम बस उन विचारों के बारे में, जिन्हें सामाजिक प्रवृत्तियाँ लोगों में लाती हैं, उस तरीके के बारे में बात करेंगे, जिस तरह से वे लोगों को संसार से निपटने की दिशा दिखाती हैं, और ये लोगों में जो जीवित रहने के लक्ष्य और जीवन-दृष्टिकोण लेकर आती हैं। ये अत्यंत महत्वपूर्ण हैं; ये लोगों की सोच और विचारों को नियंत्रित और प्रभावित कर सकते हैं। इनमें से हर एक प्रवृत्ति अपने साथ एक बुरा प्रभाव लेकर आती है। यह बुरा प्रभाव लोगों को लगातार पतित करता है और इसके कारण वे अपना जमीर, मानवता और विवेक खोते रहते हैं, यह लगातार उनकी नैतिकता को कमजोर करता है और उनकी सत्यनिष्ठा को अधिकाधिक कम करता है, इस हद तक कि हम यह भी कह सकते हैं कि अधिकांश लोगों में अब कोई सत्यनिष्ठा, कोई मानवता और कोई जमीर नहीं है, विवेक की तो बात ही छोड़ दो। तो ये सामाजिक प्रवृत्तियाँ क्या हैं? ये ऐसी प्रवृत्तियाँ हैं जिन्हें तुम नंगी आँखों से नहीं देख सकते। जब कोई नई प्रवृत्ति आती है तो शायद केवल कुछ ही लोग इसे जल्दी अपनाते हैं—वे इस तरह की चीज करने, इस तरह के विचार को स्वीकार करने और इस तरह के दृष्टिकोण को स्वीकार करने में अगुआई करते हैं। इसके बावजूद अधिकांश लोग बिना एहसास किए इस प्रवृत्ति से लगातार संक्रमित, आकर्षित और आत्मसात होते रहेंगे, जब तक कि वे सभी अनजाने में और अनैच्छिक रूप से इसे स्वीकार नहीं कर लेते और इसमें डूब नहीं जाते और इसके द्वारा नियंत्रित नहीं हो जाते। एक के बाद एक, ऐसी प्रवृत्तियाँ उन लोगों से, जो स्वस्थ शरीर और मन के नहीं होते; जो नहीं जानते कि सत्य क्या है, और जो सकारात्मक और नकारात्मक चीजों के बीच बिल्कुल भी अंतर नहीं कर सकते, इन्हें और साथ ही शैतान से आने वाले जीवन जीने के नजरिए और मूल्यों को खुशी से स्वीकार करवाती हैं। शैतान उन्हें जीवन के प्रति नजरिया रखने के बारे में जो कुछ भी बताता है, वे उसे और जीते रहने के उस तरीके को खुशी से स्वीकार कर लेते हैं, जो शैतान उन्हें “प्रदान” करता है। उनके पास न तो प्रतिरोध करने का सामर्थ्य होता है, न ही योग्यता, और जागरूकता तो बिल्कुल भी नहीं होती। ...

इन सामाजिक प्रवृत्तियों को देखते हुए, क्या तुम कहोगे कि इनका मानवजाति पर बड़ा प्रभाव है? क्या वे मनुष्य का गहराई से विनाश करती हैं? वास्तव में बहुत गहराई से! इनमें से प्रत्येक प्रवृत्ति के साथ शैतान मनुष्य के किन पहलुओं को भ्रष्ट करता है? शैतान मुख्य रूप से मनुष्य के जमीर, विवेक, मानवता, नैतिकता और अस्तित्व के प्रति दृष्टिकोण को भ्रष्ट करता है। और क्या ये सामाजिक प्रवृत्तियाँ धीरे-धीरे मनुष्य को नीचे नहीं गिराती हैं, और उसे अधिक से अधिक भ्रष्ट नहीं बनाती हैं? शैतान इन सामाजिक प्रवृत्तियों का उपयोग मनुष्य को कदम-दर-कदम दानवों की माँद में लुभाने के लिए करता है, ताकि मनुष्य अनजाने में सामाजिक प्रवृत्तियों के बीच धन, भौतिक इच्छाओं, बुराई और हिंसा की पूजा करे। एक बार जब ये चीजें मनुष्य के दिल में प्रवेश कर जाती हैं, तो मनुष्य क्या बन जाता है? वह दानव और शैतान बन जाता है! ऐसा इसलिए है क्योंकि मनुष्य का दिल उस चीज के वश में आ जाता है जिसे वह पूजता है; जब मनुष्य नकारात्मक चीजों को पूजता है, तो वह बुराई और हिंसा पसंद करने लगता है, और वह सुंदरता और अच्छाई को पसंद नहीं करता है, शांति को पसंद करना तो और भी दूर की बात है। वह सामान्य मानवता में सरल जीवन जीने का अनिच्छुक हो जाता है, बल्कि ऊँचे रुतबे और बहुत सारे धन का आनंद लेना चाहता है, देह का आनंद लेना चाहता है, बिना किसी प्रतिबंध या बंधन के अपनी देह को संतुष्ट करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ता है—दूसरे शब्दों में, वह जो चाहता है वही करता है। तो जब तुम इस तरह की प्रवृत्तियों में फँस गए हो, तो क्या वह ज्ञान जो तुमने सीखा है, तुम्हें खुद को मुक्त करने में मदद कर सकता है? क्या पारंपरिक संस्कृति और अंधविश्वासों के वे पहलू जिन्हें तुम जानते हो, तुम्हें इस दुर्दशा से बचने में मदद कर सकते हैं? क्या वे पारंपरिक नैतिकता और शिष्टाचार जिन्हें तुम जानते हो, तुम्हें संयम बरतने में मदद कर सकते हैं? उदाहरण के लिए, एनालेक्ट्स और ताओ ते चिंग को लो। क्या वे मनुष्य को इन बुरी प्रवृत्तियों के दलदल से अपने पैर बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं? बिल्कुल नहीं। इस प्रकार, मनुष्य अधिकाधिक बुरा, घमंडी, अत्यंत अभिमानी, स्वार्थी, और दुर्भावनापूर्ण हो जाता है। लोगों के बीच अब कोई स्नेह और निष्ठा नहीं होती है, परिवार के सदस्यों के बीच अब कोई प्यार नहीं रहता है, रिश्तेदारों और दोस्तों के बीच अब कोई समझ नहीं रहती है; मानवीय रिश्ते हिंसा से भरे होते हैं। प्रत्येक व्यक्ति हिंसक साधनों और तरीकों से दूसरों के बीच रहने, हिंसा का उपयोग कर अपने लिए आजीविका के साधन छीनने, हिंसा का उपयोग करके अपना स्थान कब्जाने और अपने लाभ प्राप्त करने और अपनी इच्छानुसार किसी भी चीज को करने के लिए हिंसक और दुष्ट तरीकों का उपयोग करने का प्रयास करता है। क्या यह मानवजाति भयावह नहीं है? यह बहुत हद तक ऐसा ही है : न केवल वे परमेश्वर को क्रूस पर चढ़ा सकते हैं, बल्कि वे उन सबको नेस्तनाबूद भी कर सकते हैं, जो उसका अनुसरण करते हैं—क्योंकि यह मानवजाति बहुत बुरी है।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है VI

शैतान दुनिया को धोखा देकर अपनी प्रतिष्ठा बनाता है और अक्सर खुद को न्याय के अगुआ और आदर्श के रूप में स्थापित करता है। न्याय कायम रखने के झूठे दिखावे के तहत, यह लोगों को नुकसान पहुँचाता है और उनकी आत्माओं को निगल जाता है और यह लोगों को सुन्न करने, गुमराह करने और भड़काने के लिए सभी प्रकार के साधनों का उपयोग करता है, जिसका उद्देश्य लोगों से इसके बुरे आचरण को स्वीकार करवाना और उसका पालन करने में उन्हें समर्थ बनाना है और परमेश्वर के अधिकार का विरोध करने और संप्रभुता का विरोध करने में उसका साथ दिलाना है। किंतु जब कोई उसकी चालों, षड्यंत्रों और उसके भद्दे चेहरे की असलियत देख पाता है और नहीं चाहता कि शैतान द्वारा उसे लगातार कुचला जाए या मूर्ख बनाया जाए या वह निरंतर शैतान की गुलामी करे या उसके साथ दंडित और नष्ट किया जाए, तो शैतान अपना पिछला संतनुमा चेहरा बदल लेता है, अपना झूठा नकाब फाड़ देता है और अपना असली वहशी व्यक्तित्व प्रकट कर देता है, जो दुष्ट, क्रूर, और भद्दा है। वह उन सभी का विनाश करने से ज्यादा कुछ पसंद नहीं करता, जो उसका आज्ञा मानने से इनकार करते हैं और उसकी बुरी शक्तियों का विरोध करते हैं। इस बिंदु पर शैतान अब और एक भरोसेमंद, ईमानदार रूप धारण नहीं कर सकता है; उसकी जगह उसका बदसूरत असली रूप—दुष्ट दानव—ले लेता है, जो पहले उस “भेड़ की खाल” के नीचे छिपा था। एक बार जब शैतान की चालें प्रकाश में आ जाती हैं और उसका असली रूप उजागर हो जाता है, तो वह आग-बबूला हो जाएगा और अपनी बर्बरता को खुला छोड़ देगा और मनुष्य को नुकसान पहुँचाने और निगलने की उसकी इच्छा तीव्र हो जाएगी। वह मनुष्य के सत्य के प्रति जागृत होने से क्रोधित हो जाता है और वह स्वतंत्रता और प्रकाश के लिए मनुष्य की तड़प और उसकी जेल से मुक्त होने की उसकी आकांक्षा के लिए मनुष्य के प्रति एक शक्तिशाली नफरत और प्रतिशोध की भावना विकसित कर लेता है। उसके क्रोध का उद्देश्य अपनी दुष्टता का बचाव करना है और यह उसकी वहशी प्रकृति का सच्चा प्रकटन भी है।

शैतान जो कुछ भी करता है उसमें अपनी दुष्ट प्रकृति दिखाता है। शैतान ने मनुष्य पर जो भी बुरे कर्म किए हैं—मनुष्य को गुमराह करके अपना अनुसरण करवाने के उसके शुरुआती प्रयासों से लेकर मनुष्य के उसके शोषण तक जिसमें वह उसे अपने बुरे कर्मों में शामिल करवाता है, उसके असली रूप के उजागर होने और मनुष्य द्वारा उसे पहचानने और त्यागने के बाद मनुष्य के प्रति उसके प्रतिशोध तक, इत्यादि—इनमें से कोई भी कर्म शैतान के दुष्ट सार को उजागर करने में विफल नहीं होता है, कोई भी इस तथ्य को साबित करने में विफल नहीं होता है कि शैतान का सकारात्मक चीजों से कोई संबंध नहीं है और कोई भी यह साबित करने में विफल नहीं होता है कि शैतान सभी बुरी चीजों का स्रोत है। उसके सभी कार्य उसकी बुराई की रक्षा करने, उसके बुरे कर्मों की निरंतरता जारी रखने, न्यायसंगत और सकारात्मक चीजों के खिलाफ जाने और मानवजाति के सामान्य अस्तित्व के नियमों और कायदों को नष्ट करने का काम करते हैं। ये सभी कार्य परमेश्वर के प्रति शत्रुतापूर्ण हैं; ये वे सारी चीजें हैं जिन्हें परमेश्वर का कोप नष्ट करेगा।

—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है II

संबंधित भजन

मानवजाति द्वारा परमेश्वर का मार्गदर्शन खोने के परिणाम

प्रसिद्धि और लाभ से शैतान लोगों के विचारों पर नियंत्रण करता है

पिछला: viii. परमेश्वर का उद्धार केवल अंत के दिनों में उसके कार्य को स्वीकार करके और धार्मिक जगत को छोड़कर प्राप्त किया जा सकता है

अगला: ii. भ्रष्ट इंसान द्वारा सत्ता का इस्तेमाल किए जाने के कारण मानवजाति को होने वाले नुकसान और दुष्परिणाम

परमेश्वर के बिना जीवन कठिन है। यदि आप सहमत हैं, तो क्या आप परमेश्वर पर भरोसा करने और उसकी सहायता प्राप्त करने के लिए उनके समक्ष आना चाहते हैं?

संबंधित सामग्री

1. प्रभु ने हमसे यह कहते हुए, एक वादा किया, “मैं तुम्हारे लिये जगह तैयार करने जाता हूँ। और यदि मैं जाकर तुम्हारे लिये जगह तैयार करूँ, तो फिर आकर तुम्हें अपने यहाँ ले जाऊँगा कि जहाँ मैं रहूँ वहाँ तुम भी रहो” (यूहन्ना 14:2-3)। प्रभु यीशु पुनर्जीवित हुआ और हमारे लिए एक जगह तैयार करने के लिए स्वर्ग में चढ़ा, और इसलिए यह स्थान स्वर्ग में होना चाहिए। फिर भी आप गवाही देते हैं कि प्रभु यीशु लौट आया है और पृथ्वी पर ईश्वर का राज्य स्थापित कर चुका है। मुझे समझ में नहीं आता : स्वर्ग का राज्य स्वर्ग में है या पृथ्वी पर?

संदर्भ के लिए बाइबल के पद :“हे हमारे पिता, तू जो स्वर्ग में है; तेरा नाम पवित्र माना जाए। तेरा राज्य आए। तेरी इच्छा जैसी स्वर्ग में पूरी...

परमेश्वर का प्रकटन और कार्य परमेश्वर को जानने के बारे में अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन मसीह-विरोधियों को उजागर करना अगुआओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ सत्य के अनुसरण के बारे में सत्य के अनुसरण के बारे में न्याय परमेश्वर के घर से शुरू होता है अंत के दिनों के मसीह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर के अत्यावश्यक वचन परमेश्वर के दैनिक वचन सत्य वास्तविकताएं जिनमें परमेश्वर के विश्वासियों को जरूर प्रवेश करना चाहिए मेमने का अनुसरण करो और नए गीत गाओ राज्य का सुसमाचार फ़ैलाने के लिए दिशानिर्देश परमेश्वर की भेड़ें परमेश्वर की आवाज को सुनती हैं परमेश्वर की आवाज़ सुनो परमेश्वर के प्रकटन को देखो राज्य के सुसमाचार पर अत्यावश्यक प्रश्न और उत्तर मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 1) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 2) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 3) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 4) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 5) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 6) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 7) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 8) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 9) मैं वापस सर्वशक्तिमान परमेश्वर के पास कैसे गया

सेटिंग

  • इबारत
  • कथ्य

ठोस रंग

कथ्य

फ़ॉन्ट

फ़ॉन्ट आकार

लाइन स्पेस

लाइन स्पेस

पृष्ठ की चौड़ाई

विषय-वस्तु

खोज

  • यह पाठ चुनें
  • यह किताब चुनें

WhatsApp पर हमसे संपर्क करें