परमेश्वर के प्रकटन ने एक नए युग का सूत्रपात किया है
परमेश्वर की छह-हज़ार-वर्षीय प्रबंधन योजना समाप्त हो रही है, और राज्य का द्वार उन सभी लोगों के लिए पहले से ही खोल दिया गया है, जो उसका प्रकटन खोजते हैं। प्रिय भाइयो और बहनो, तुम लोग किस चीज़ की प्रतीक्षा कर रहे हो? वह क्या है, जो तुम खोज रहे हो? क्या तुम परमेश्वर के प्रकट होने की प्रतीक्षा कर रहे हो? क्या तुम उसके पदचिह्न खोज रहे हो? परमेश्वर के प्रकटन के लिए कितनी लालसा है! और परमेश्वर के पदचिह्नों को पाना कितना कठिन है! इस तरह के युग में, इस तरह की दुनिया में, हमें उस दिन को देखने के लिए क्या करना चाहिए, जिस दिन परमेश्वर प्रकट होता है? हमें परमेश्वर के पदचिह्नों के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए क्या करना चाहिए? इस तरह के प्रश्नों से उन सभी का सामना होता है, जो परमेश्वर के प्रकट होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। तुम लोगों ने उन सभी पर एक से अधिक अवसरों पर विचार किया है—लेकिन परिणाम क्या रहा? परमेश्वर कहाँ प्रकट होता है? परमेश्वर के पदचिह्न कहाँ हैं? क्या तुम लोगों को उत्तर मिल गए हैं? बहुत-से लोग इस तरह उत्तर देंगे : “परमेश्वर उन सभी के बीच प्रकट होता है, जो उसका अनुसरण करते हैं और उसके पदचिह्न हमारे बीच में हैं; यह इतना आसान है!” कोई भी फार्मूलाबद्ध उत्तर दे सकता है, किंतु क्या तुम लोग समझते हो कि परमेश्वर के प्रकटन या उसके पदचिह्नों का क्या अर्थ है? परमेश्वर के प्रकटन का अर्थ परमेश्वर के स्वयं कार्य करने के लिए पृथ्वी पर आने, अपनी स्वयं की पहचान के साथ, अपने स्वयं के स्वभाव के साथ और अपने अंतर्निहित तरीके से एक युग का आरंभ करने और एक युग का अंत करने का कार्य करने के लिए लोगों के बीच उतरने से है। इस तरह का प्रकटन कोई अनुष्ठान नहीं है, यह कोई संकेत नहीं है, यह कोई तस्वीर नहीं है, यह कोई चमत्कार नहीं है और यह किसी प्रकार का भव्य दर्शन नहीं है, और यह किसी प्रकार की धार्मिक प्रक्रिया तो बिल्कुल नहीं है। बल्कि यह एक असली और वास्तविक तथ्य है, जिसे किसी के भी द्वारा छुआ और देखा जा सकता है। इस तरह का प्रकटन केवल औपचारिकता निभाने के लिए या एक प्रकार के अल्पकालिक कार्य की खातिर नहीं है। इसके बजाय यह परमेश्वर की प्रबंधन योजना में कार्य के एक चरण के वास्ते है। परमेश्वर का प्रकटन हमेशा अर्थपूर्ण होता है और इसका उसकी प्रबंधन योजना से हमेशा कुछ संबंध होता है। यहाँ जिसे “प्रकटन” कहा गया है, वह उस प्रकार के “प्रकटन” से बिल्कुल ही भिन्न है, जिसमें परमेश्वर मनुष्य का मार्गदर्शन करता है, मनुष्य की अगुआई और उसका प्रबोधन करता है। हर बार जब परमेश्वर प्रकट होता है, वह अपने कार्य के एक प्रमुख चरण को कार्यान्वित करता है। यह कार्य किसी भी अन्य युग के कार्य से भिन्न होता है। यह मनुष्य के लिए अकल्पनीय है और इसका पहले कभी भी किसी ने भी अनुभव नहीं किया गया है। यह वह कार्य है, जो एक नए युग का आरंभ करता है और पुराने युग का समापन करता है, और यह मानवजाति के उद्धार के कार्य का एक अधिक नया और उच्चतर चरण है; इससे भी बढ़कर, यह वह कार्य है जो मानवजाति को नए युग में ले जाता है। यही परमेश्वर के प्रकटन का महत्त्व है।
एक बार जब तुम लोग समझ जाते हो कि परमेश्वर के प्रकटन का क्या अर्थ है, तो तुम्हें परमेश्वर के पदचिह्न कैसे खोजने चाहिए? इस प्रश्न को समझाना कठिन नहीं है : जहाँ कहीं भी परमेश्वर का प्रकटन होता है, वहाँ तुम्हें उसके पदचिह्न मिलेंगे। इस तरह की व्याख्या बहुत स्पष्ट लगती है, किंतु इसे अभ्यास में लाना इतना आसान नहीं है, क्योंकि बहुत लोग नहीं जानते कि परमेश्वर कहाँ प्रकट होता है, और यह तो बिल्कुल भी नहीं जानते कि वह कहाँ प्रकट होना चाहता है, या उसे कहाँ प्रकट होना चाहिए। कुछ लोग आवेगपूर्वक यह मान लेते हैं कि जहाँ भी पवित्र आत्मा कार्य पर है, वहाँ परमेश्वर प्रकट होता है। या फिर वे यह मानते हैं कि जहाँ भी आध्यात्मिक हस्तियाँ होती हैं, वहाँ परमेश्वर प्रकट होता है। या फिर वे यह मानते हैं कि जहाँ कहीं अत्यधिक प्रसिद्धि वाले लोग होते हैं, वहाँ परमेश्वर प्रकट होता है। फिलहाल, आओ इस बात को छोड़ दें कि ऐसी मान्यताएँ सही हैं या ग़लत। इस तरह के प्रश्न को समझाने के लिए पहले हमारे पास एक स्पष्ट उद्देश्य होना चाहिए : हम परमेश्वर के पदचिह्नों की खोज कर रहे हैं। हम आध्यात्मिक हस्तियों की खोज नहीं कर रहे हैं, हम विख्यात हस्तियों का अनुसरण तो बिल्कुल नहीं कर रहे हैं; हम परमेश्वर के पदचिह्नों का अनुसरण कर रहे हैं। चूँकि हम परमेश्वर के पदचिह्नों की खोज कर रहे हैं, इसलिए हमें परमेश्वर के इरादों को खोजना होगा, परमेश्वर के वचनों को खोजना होगा और उसके कथनों को खोजना होगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि जहाँ परमेश्वर द्वारा बोले गए नए वचन हैं, वहाँ परमेश्वर की वाणी है; जहाँ परमेश्वर के पदचिह्न हैं, वहाँ परमेश्वर के कर्म हैं; जहाँ परमेश्वर की अभिव्यक्ति है, वहाँ परमेश्वर प्रकट होता है; और जहाँ परमेश्वर प्रकट होता है, वहाँ सत्य, मार्ग और जीवन विद्यमान होते हैं। परमेश्वर के पदचिह्नों की तलाश में तुम लोगों ने इन वचनों की अनदेखी कर दी है कि “परमेश्वर ही सत्य, मार्ग और जीवन है।” और इसलिए, बहुत-से लोग सत्य को प्राप्त करके भी यह नहीं मानते कि उन्हें परमेश्वर के पदचिह्न मिल गए हैं और वे परमेश्वर के प्रकटन को तो बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करते हैं। कितनी गंभीर ग़लती है! परमेश्वर का प्रकटन मनुष्य की धारणाओं के अनुरूप नहीं हो सकता, और परमेश्वर का मनुष्य की माँग के अनुसार प्रकट होना तो बिल्कुल भी संभव नहीं है। जब परमेश्वर अपना कार्य करता है, तो उसके अपने चुनाव होते हैं, उसकी अपनी योजनाएँ होती हैं, और इससे भी बढ़कर, उसके अपने उद्देश्य और उसके अपने तरीके होते हैं। वह जो भी कार्य करता है, उसके बारे में उसे मनुष्य से चर्चा करने या उसकी सलाह लेने की आवश्यकता नहीं है, और हर एक व्यक्ति को सूचित करने की आवश्यकता तो उसे बिल्कुल भी नहीं है। यह परमेश्वर का स्वभाव है, और इससे भी बढ़कर, यही वह है जिसे हर व्यक्ति को जानना चाहिए। यदि तुम लोग परमेश्वर के प्रकटन को देखने की इच्छा रखते हो और उसके पदचिह्नों का अनुसरण करने की इच्छा रखते हो, तो तुम लोगों को पहले अपनी धारणाओं से दूरी बना लेनी चाहिए। तुम लोगों को यह माँग नहीं करनी चाहिए कि परमेश्वर ऐसा करे या वैसा करे, तुम्हें परमेश्वर को अपनी सीमाओं और अपनी धारणाओं तक सीमित तो बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। इसके बजाय, तुम लोगों को खुद से इस बारे में माँग करनी चाहिए कि तुम्हें परमेश्वर के पदचिह्नों की तलाश कैसे करनी चाहिए, तुम्हें परमेश्वर के प्रकटन को कैसे स्वीकार करना चाहिए, और तुम्हें परमेश्वर के नए कार्य के प्रति कैसे समर्पण करना चाहिए : मनुष्य को वास्तव में यही करना चाहिए। चूँकि कोई भी सत्य नहीं है, और किसी के पास सत्य नहीं है, इसलिए मनुष्य को जो करना चाहिए वह है खोजना, स्वीकार करना और समर्पण करना।
चाहे तुम अमेरिकी हो, ब्रिटिश या फिर किसी अन्य देश के, तुम्हें अपनी राष्ट्रीयता की सीमाओं से बाहर कदम रखना चाहिए, अपनी अस्मिता के पार जाना चाहिए, और परमेश्वर के कार्य को एक सृजित प्राणी की हैसियत से देखना चाहिए—इस तरह तुम परमेश्वर के पदचिह्नों को किसी निश्चित दायरे में नहीं सीमित करोगे। ऐसा इसलिए है क्योंकि आजकल ऐसे बहुत-से लोग हैं जो अपनी धारणाओं में विश्वास करते हैं कि परमेश्वर किसी देश विशेष में प्रकट नहीं हो सकता या वह किसी निश्चित जातीय समूह के बीच प्रकट नहीं हो सकता। परमेश्वर के कार्य का कितना गहन अर्थ है, और परमेश्वर का प्रकटन कितना महत्वपूर्ण है—मनुष्य की धारणाएँ और सोच भला उन्हें कैसे माप सकती हैं? और इसलिए मैं कहता हूँ कि तुम्हें परमेश्वर के प्रकटन की तलाश करने के लिए राष्ट्रीयता और जातीयता की अपनी धारणाओं को तोड़ देना चाहिए! केवल इसी प्रकार से तुम अपनी धारणाओं से बंधे नहीं होगे; केवल इसी प्रकार से तुम परमेश्वर के प्रकटन का स्वागत करने के योग्य होगे। अन्यथा, तुम हमेशा के लिए अंधकार में रहने वाले व्यक्ति होगे, और हमेशा के लिए ऐसे व्यक्ति होगे जो परमेश्वर की स्वीकृति प्राप्त नहीं कर सकता।
परमेश्वर समस्त मानवजाति का परमेश्वर है। वह स्वयं को किसी भी देश या किसी जातीय समूह की निजी संपत्ति नहीं मानता, बल्कि किसी भी रूप या किसी भी देश या जातीयता तक सीमित हुए बिना, वह कार्य करता है जिसकी उसने योजना बनाई है। शायद तुमने इस रूप की कभी कल्पना नहीं की है या शायद इस रूप के प्रति तुम्हारा रवैया इनकार करने वाला है या शायद वह देश और जातीय समूह जिसमें परमेश्वर प्रकट होता है, ठीक वही है जिसके साथ सभी लोग भेदभाव करते हैं और ठीक वही है जो पृथ्वी पर सबसे पिछड़ा हुआ है। फिर भी परमेश्वर के पास अपनी बुद्धि है। अपनी महान शक्ति के साथ, और अपने सत्य और अपने स्वभाव का उपयोग करते हुए, उसने सचमुच ऐसे लोगों के एक समूह को प्राप्त कर लिया है जो उसके साथ एकदिल और एकमन हैं, और उसने जीते गए लोगों का एक ऐसा समूह प्राप्त कर लिया है जिसने हर प्रकार का कष्ट और परीक्षण सहे हैं, हर प्रकार का उत्पीड़न सहा है, और जो बिल्कुल अंत तक उसका अनुसरण कर सकता है, और जिसे वह पूर्ण करना चाहता है। किसी भी रूप या देश तक सीमित हुए बिना प्रकट होने में परमेश्वर का लक्ष्य उस कार्य को पूरा करना है जिसकी उसने योजना बनाई है। यह ठीक वैसा ही है जैसे जब परमेश्वर यहूदिया में देहधारी हुआ था : उसका लक्ष्य समस्त मानवजाति को छुटकारा दिलाने के लिए सलीब पर चढ़ाए जाने का कार्य पूरा करना था। फिर भी यहूदियों का मानना था कि परमेश्वर के लिए इस तरह कार्य करना असंभव है, और परमेश्वर के लिए प्रभु यीशु की छवि में देहधारी होना असंभव है। उनका “असंभव” परमेश्वर की निंदा करने और परमेश्वर का प्रतिरोध करने का उनका आधार बन गया, और अंततः इस्राएल के विनाश का कारण बना। आज, बहुत-से लोग यही गलती कर चुके हैं। वे बेलगाम होकर परमेश्वर के आसन्न प्रकटन की घोषणा करते हैं, फिर भी साथ ही उसके प्रकटन की निंदा भी करते हैं; उनका “असंभव” एक बार फिर परमेश्वर के प्रकटन को उस दायरे तक सीमित कर देता है जिसकी वे कल्पना करते हैं। और इसलिए, मैंने बहुत-से लोगों को परमेश्वर के वचन प्राप्त करने के बाद बेतहाशा और ढिठाई से हँसते हुए देखा है। क्या यह “हँसी” बिल्कुल यहूदियों द्वारा किए गए दोषारोपण और ईशनिंदा के समान नहीं है? तुम लोग सत्य की उपस्थिति में श्रद्धावान नहीं हो, और तुम लोगों में तरसने का रवैया तो बिल्कुल नहीं है। तुम बस अड़े रहते हुए जाँच-परख करते हो और लापरवाही भरी उदासीनता के साथ प्रतीक्षा करते हो। इस तरह पड़ताल और प्रतीक्षा करने से तुम क्या हासिल कर सकते हो? क्या तुम्हें वास्तव में लगता है कि तुम स्वयं परमेश्वर से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हो? तुम तो परमेश्वर के कथनों और वचनों का भेद तक नहीं पहचान सकते हो—तुम किस प्रकार परमेश्वर का प्रकटन देखने के योग्य हो सकते हो? जहाँ परमेश्वर प्रकट होगा, वहीं सत्य व्यक्त किया जाएगा और वहीं परमेश्वर की वाणी होगी। जो लोग सत्य को स्वीकार कर सकते हैं वे ही यह जानते हैं कि परमेश्वर की वाणी कैसे सुनी जाए और केवल इसी तरह के लोग परमेश्वर का प्रकटन देखने के योग्य हैं। अपनी धारणाओं को त्याग दो! खुद को शांत करो और इन वचनों को ध्यान से पढ़ो। अगर तुम्हारे पास एक ऐसा दिल है जो सत्य के लिए लालायित रहता है तो परमेश्वर तुम्हें प्रबुद्ध करेगा ताकि तुम उसके इरादों को समझो, उसके वचनों को समझो। “असंभवता” के अपने दावे छोड़ दो! मनुष्य किसी चीज को जितना अधिक “असंभव” मानता है, उसके घटित होने की उतनी ही अधिक संभावना होती है, क्योंकि परमेश्वर की बुद्धि स्वर्ग से ऊँची है, परमेश्वर के विचार मनुष्य के विचारों से ऊँचे हैं और परमेश्वर अपना कार्य मनुष्य की सोच और धारणा की सीमाओं से परे करता है। जितना अधिक कुछ असंभव होता है, उतना ही अधिक उसमें खोजने लायक सत्य होता है; जितना अधिक किसी चीज की कल्पना मनुष्य की धारणाओं द्वारा नहीं की जा सकती है, उसमें परमेश्वर के इरादे उतने ही अधिक होते हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि परमेश्वर चाहे कहीं भी प्रकट क्यों न हो, वह फिर भी परमेश्वर है और उसका सार उसके प्रकटन के स्थान या तरीके के आधार पर कभी नहीं बदलेगा। परमेश्वर के पदचिह्न चाहे कहीं भी हों, उसका स्वभाव नहीं बदलेगा; परमेश्वर के पदचिह्न चाहे कहीं भी हों, वह समस्त मानवजाति का परमेश्वर है, ठीक वैसे ही, जैसे कि प्रभु यीशु न केवल इस्राएलियों का परमेश्वर है, बल्कि वह एशिया, यूरोप और उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के सभी लोगों का परमेश्वर है और इससे भी अधिक, वह समस्त ब्रह्मांड भर में और इसके ऊपर एकमात्र, अद्वितीय परमेश्वर है। तो आओ, हम परमेश्वर के इरादे खोजें और उसके कथनों और वचनों में उसके प्रकटन का पता लगाएँ और उसके पदचिह्नों के साथ तालमेल रखें! परमेश्वर सत्य, मार्ग और जीवन है। उसके वचन और उसका प्रकटन साथ-साथ विद्यमान हैं और उसका स्वभाव और उसके पदचिह्न हर समय मानवजाति के सामने खुलेआम प्रकट किए जाते हैं। प्यारे भाई-बहनो, मुझे आशा है कि तुम सभी लोग इन वचनों में परमेश्वर का प्रकटन देख सकते हो, उसके पदचिह्नों के साथ-साथ चलना शुरू कर सकते हो और एक नए युग की तरफ बढ़ सकते हो और उस सुंदर नए स्वर्ग और नई पृथ्वी में प्रवेश कर सकते हो, जिसे परमेश्वर ने उन लोगों के लिए तैयार किया है जो उसके प्रकटन का इंतजार करते हैं!
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य