vi. परमेश्वर के इरादे के अनुसार बाइबल से कैसे पेश आएँ
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
बाइबल इस्राएल में परमेश्वर के कार्य का ऐतिहासिक अभिलेख है और इसमें प्राचीन नबियों की बहुत-सी भविष्यवाणियों के साथ ही उस समय के यहोवा के कार्य के बारे में उसके कुछ कथन दर्ज हैं। इस प्रकार, सभी लोग इस पुस्तक को पवित्र मानते हैं (क्योंकि परमेश्वर पवित्र और महान है)। निस्संदेह, यह सब उनके यहोवा का भय मानने वाले हृदय और परमेश्वर के लिए श्रद्धा वाले हृदय का परिणाम है। लोग इस तरह से इस पुस्तक का उल्लेख केवल इसलिए करते हैं क्योंकि सृजित प्राणी अपने सृष्टिकर्ता का इतना भय मानते हैं और उसके प्रति इतनी श्रद्धा रखते हैं, और ऐसे लोग भी हैं जो इस पुस्तक को एक स्वर्गिक पुस्तक कहते हैं। वास्तव में, यह मात्र एक मानवीय अभिलेख है। यहोवा ने व्यक्तिगत रूप से इसका नाम नहीं रखा था और न ही यहोवा ने व्यक्तिगत रूप से इसकी रचना का मार्गदर्शन किया था। दूसरे शब्दों में, इस पुस्तक का लेखक परमेश्वर नहीं, बल्कि मनुष्य है। पवित्र बाइबल केवल सम्मानजनक शीर्षक है जो इसे मनुष्य ने दिया है। इस शीर्षक का निर्णय यहोवा और यीशु के द्वारा एक-दूसरे से विचार-विमर्श करने के बाद नहीं लिया गया था; यह मानव विचार से अधिक कुछ नहीं है। क्योंकि यह पुस्तक यहोवा ने नहीं लिखी, यीशु ने तो कदापि नहीं। इसके बजाय, यह अनेक प्राचीन नबियों, प्रेरितों और भविष्यद्रष्टाओं का बताया हुआ लेखा-जोखा है, जिसे बाद की पीढ़ियों ने प्राचीन लेखों की ऐसी पुस्तक के रूप में संकलित किया जो लोगों को विशेष रूप से पवित्र प्रतीत होती है, ऐसी पुस्तक जिसमें वे मानते हैं कि अनेक अथाह और गहन रहस्य हैं जो भावी पीढ़ियों द्वारा बाहर लाए जाने का इन्तज़ार कर रहे हैं। इस रूप में, लोग यह मानने को और भी अधिक तत्पर हैं कि यह एक स्वर्गिक पुस्तक है। चार सुसमाचारों और प्रकाशितवाक्य की पुस्तक को जोड़ लें, तो इसके प्रति लोगों का मनोभाव किसी भी अन्य पुस्तक के प्रति उनके मनोभाव से विशेष रूप से भिन्न है, और इस प्रकार कोई भी इस “स्वर्गिक पुस्तक” का गहन-विश्लेषण करने का साहस नहीं करता है—क्योंकि यह बहुत “पावन” है।
बाइबल पढ़ने के बाद लोग उस मार्ग को प्राप्त करने में क्यों सक्षम होते हैं जिसका उन्हें अभ्यास करना चाहिए? वे इतना कुछ, जो उनकी समझ से बाहर था, प्राप्त क्यों कर पाते हैं? आज मैं इस तरह से बाइबल का गहन-विश्लेषण कर रहा हूँ, लेकिन इसका यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि मैं इससे नफरत करता हूँ या संदर्भ के लिए इसके महत्व को नकारता हूँ। मैं तुम्हें बाइबल के अंतर्निहित मूल्य और इसकी उत्पत्ति के बारे में समझा रहा हूँ और इसे स्पष्ट कर रहा हूँ, ताकि तुम हमेशा अंधकार में न रहो। ऐसा इसलिए है क्योंकि बाइबल के बारे में लोगों के इतने अधिक विचार हैं और उनमें से अधिकांश गलत हैं; इस तरह बाइबल पढ़ना न केवल उन्हें वह प्राप्त करने से रोकता है जो उन्हें प्राप्त करना ही चाहिए, बल्कि इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि यह उस कार्य में भी बाधा डालता है जिसे मैं करना चाहता हूँ; यह भविष्य के कार्य में अत्यधिक गड़बड़ी पैदा करता है और इसमें दोष ही दोष हैं, लाभ तो कोई है ही नहीं। इस प्रकार, मैं तुम्हें बस बाइबल के सार और बाइबल के पीछे की असली कहानी समझने के लिए कह रहा हूँ। मैं यह नहीं कह रहा हूँ कि तुम बाइबल मत पढ़ो या तुम सार्वजनिक तौर पर यह घोषणा करते फिरो कि यह मूल्यविहीन है, बल्कि मैं सिर्फ यह चाहता हूँ कि तुम्हारे पास बाइबल का सही ज्ञान और दृष्टिकोण हो। तुम्हारी दृष्टि हद से ज़्यादा एकतरफा न हो! यद्यपि बाइबल इतिहास की पुस्तक है जो मनुष्य के द्वारा लिखी गई थी, लेकिन इसमें कई ऐसे सिद्धांत भी लिपिबद्ध हैं जिनके अनुसार प्राचीन संत और नबी परमेश्वर की सेवा करते थे और साथ ही इसमें परमेश्वर की सेवा करने के अपेक्षाकृत हाल के दिनों के प्रेरितों के अनुभव भी दर्ज हैं—यह सब इन लोगों की वास्तविक अंतर्दृष्टि और ज्ञान था और यह सच्चे मार्ग का अनुसरण करने में इस युग के लोगों के लिए संदर्भ का काम कर सकता है। इस प्रकार, बाइबल को पढ़ने से लोग जीवन के अनेक मार्ग भी प्राप्त कर सकते हैं जो अन्य पुस्तकों में नहीं मिल सकते। ये मार्ग पवित्र आत्मा के कार्य के जीवन के मार्ग हैं जिनका अनुभव नबियों और प्रेरितों ने बीते युगों में किया था, बहुत-से वचन काफी अनमोल हैं, जो लोगों की आवश्यकताओं के हिसाब से आपूर्ति कर सकते हैं। इस प्रकार, सभी लोग बाइबल पढ़ना पसंद करते हैं। क्योंकि बाइबल में इतना कुछ छिपा है, इसके प्रति लोगों के विचार महान आध्यात्मिक हस्तियों के किसी लेखन के प्रति उनके विचारों से भिन्न हैं। बाइबल पुराने और नए युगों में यहोवा और यीशु की सेवा करने वाले लोगों के अनुभवों और ज्ञान का अभिलेख और संकलन है, और इसलिए बाद की पीढ़ियाँ इससे अत्यधिक प्रबुद्धता, रोशनी और अभ्यास के मार्ग प्राप्त करने में सक्षम रही हैं। बाइबल किसी भी महान आध्यात्मिक हस्ती के लेखन से उच्चतर है, तो उसका कारण यह है कि उनका समस्त लेखन बाइबल से ही लिया गया है, उनके समस्त अनुभव बाइबल से ही आए हैं और वे सभी बाइबल की व्याख्याएँ हैं। इसलिए, यद्यपि लोग किसी भी महान आध्यात्मिक हस्ती की पुस्तकों से पोषण प्राप्त कर सकते हैं, फिर भी वे बाइबल की ही आराधना करते हैं, क्योंकि यह उन्हें काफी ऊँची और गहन प्रतीत होती है! यद्यपि बाइबल में पौलुस के धर्मपत्र और पतरस के धर्मपत्र जैसी जीवन के वचनों की कुछ पुस्तकों को एक साथ लाया गया है; यद्यपि ये पुस्तकें लोगों को पोषण और सहायता प्रदान कर सकती हैं, किन्तु फिर भी ये पुस्तकें अप्रचलित हैं और पुराने युग की हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितनी अच्छी हैं, वे केवल एक कालखंड के लिए ही उपयुक्त हैं, चिरस्थायी नहीं हैं। क्योंकि परमेश्वर का कार्य निरन्तर विकसित हो रहा है, यह केवल पौलुस और पतरस के समय पर ही नहीं रुक सकता, यानी यह हमेशा अनुग्रह के युग में ही बना नहीं रह सकता जिसमें यीशु को सलीब पर चढ़ा दिया गया था। अतः, ये पुस्तकें केवल अनुग्रह के युग के लिए उपयुक्त हैं, अंत के दिनों के राज्य के युग के लिए नहीं। ये केवल अनुग्रह के युग के विश्वासियों को पोषण प्रदान कर सकती हैं, राज्य के युग के संतों को नहीं, और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितनी अच्छी हैं, वे अब भी अप्रचलित ही हैं। यहोवा के सृष्टि के कार्य या इस्राएल के उसके कार्य के साथ भी ऐसा ही है : इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि यह कार्य कितना बड़ा था, यह अब भी अप्रचलित हो जाएगा, और वह समय अब भी आएगा जब यह व्यतीत हो जाएगा। परमेश्वर का कार्य भी ऐसा ही है : चाहे यह कितना भी महान हो, एक समय आएगा जब यह समाप्त हो जाएगा; यह न तो सृष्टि के कार्य के बीच और न ही सलीब पर चढ़ाने के कार्य के बीच हमेशा बना रह सकता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि सलीब पर चढ़ाने का कार्य कितना विश्वास दिलाने वाला था या शैतान को पराजित करने में यह कितना कारगर था, कार्य आख़िर कार्य ही है, और युग आख़िर युग ही हैं; कार्य हमेशा उसी नींव पर टिका नहीं रह सकता, न ही ऐसा हो सकता है कि समय कभी न बदले, क्योंकि सृष्टि थी और अंत के दिन भी अवश्य होंगे। यह अवश्यम्भावी है! इस प्रकार, आज नया नियम—प्रेरितों के धर्मपत्र और चार सुसमाचार—में जीवन के वचन इतिहास की पुस्तकें बन गए हैं, वे पुराने पंचांग बन गए हैं, और पुराने पंचांग लोगों को नए युग में कैसे ले जा सकते हैं? चाहे ये पंचांग लोगों को जीवन प्रदान करने में कितने भी समर्थ हों, वे सलीब तक लोगों की अगुआई करने में कितने भी सक्षम हों, क्या वे पुराने नहीं हो गए हैं? क्या वे मूल्य से वंचित नहीं हैं? इसलिए, मैं कहता हूँ कि तुम्हें आँख बंद करके इन पंचांगों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। ये अत्यधिक पुराने हैं, ये तुम्हें नए कार्य में नहीं पहुँचा सकते, ये केवल तुम्हारे ऊपर बोझ लाद सकते हैं। केवल यही नहीं कि ये तुम्हें नए कार्य में और नए प्रवेश में नहीं ले जा सकते, बल्कि ये तुम्हें पुरानी धार्मिक कलीसियाओं में ले जाते हैं—और यदि ऐसा हो, तो क्या तुम परमेश्वर के प्रति अपने विश्वास में पीछे नहीं लौट रहे हो?
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, बाइबल के विषय में (4)
यदि तुम व्यवस्था के युग के कार्य को देखना चाहते हो, और यह देखना चाहते हो कि इस्राएली किस प्रकार यहोवा के मार्ग का अनुसरण करते थे, तो तुम्हें पुराना विधान पढ़ना चाहिए; यदि तुम अनुग्रह के युग के कार्य को समझना चाहते हो, तो तुम्हें नया विधान पढ़ना चाहिए। मगर तुम अंत के दिनों के कार्य को किस प्रकार देखते हो? तुम्हें आज परमेश्वर की अगुआई स्वीकार करनी चाहिए, और आज के कार्य में प्रवेश करना चाहिए, क्योंकि यह नया कार्य है, और किसी ने पूर्व में इसे बाइबल में दर्ज नहीं किया है। आज परमेश्वर देहधारी हो चुका है और उसने चीन में अन्य चुने हुए लोगों को चुन लिया है। परमेश्वर इन लोगों पर कार्य करता है, वह पृथ्वी पर अपना काम जारी रख रहा है, और अनुग्रह के युग के कार्य से आगे जारी रख रहा है। आज का कार्य वह राह है जिस पर मनुष्य कभी नहीं चला है और ऐसा मार्ग है जिसे कभी किसी ने नहीं देखा है। यह वह कार्य है जो पहले कभी नहीं किया गया है—यह पृथ्वी पर परमेश्वर का नवीनतम कार्य है। इस प्रकार, जो कार्य पहले कभी नहीं किया गया, वह इतिहास नहीं है, क्योंकि अभी तो अभी है, और वह अभी अतीत नहीं बना है। लोग नहीं जानते कि परमेश्वर ने पृथ्वी पर और इस्राएल के बाहर पहले से बड़ा और नया काम किया है, जो पहले ही इस्राएल के दायरे के बाहर और नबियों के पूर्वकथनों के पार जा चुका है, वह भविष्यवाणियों के बाहर नया और अद्भुत, और इस्राएल के परे नवीनतर कार्य है, और ऐसा कार्य, जिसकी लोग न तो थाह ले सकते हैं और न ही उसकी कल्पना कर सकते हैं। बाइबल ऐसे कार्य के सुस्पष्ट अभिलेखों को कैसे समाविष्ट कर सकती है? कौन आज के कार्य के प्रत्येक अंश को, बिना किसी चूक के, अग्रिम रूप से दर्ज कर सकता है? कौन इस अधिक महान, अधिक बुद्धिमत्तापूर्ण कार्य को, जो परंपरा के विरुद्ध जाता है, उस पुस्तक में दर्ज कर सकता है जो इतनी पुरानी है कि एकदम घिसी-पिटी हो चुकी है? वर्तमान कार्य इतिहास नहीं है, और इसलिए, यदि तुम आज के नए पथ पर चलना चाहते हो, तो तुम्हें बाइबल से विदा लेनी चाहिए, तुम्हें बाइबल की भविष्यवाणियों या इतिहास की पुस्तकों के परे जाना चाहिए। केवल तभी तुम नए मार्ग पर उचित तरीके से चल पाओगे और केवल तभी तुम एक नए क्षेत्र और नए कार्य में प्रवेश कर पाओगे। तुम्हें यह समझना चाहिए कि आज तुमसे बाइबल न पढ़ने के लिए क्यों कहा जा रहा है, क्यों एक अन्य कार्य है जो बाइबल से अलग है, क्यों परमेश्वर बाइबल में कोई अधिक नवीन और अधिक विस्तृत अभ्यास नहीं खोजता; इसके बजाय, बाइबल के बाहर अधिक प्रतापी कार्य क्यों है। यही सब है, जो तुम लोगों को समझना चाहिए। तुम्हें पुराने और नए कार्य के बीच का अंतर जानना चाहिए, और भले ही तुम बाइबल को न पढ़ते हो, फिर भी तुम्हें उसका गहन-विश्लेषण करने में सक्षम होना चाहिए; यदि नहीं, तो तुम अभी भी बाइबल की आराधना करोगे, और तुम्हारे लिए नए कार्य में प्रवेश करना और नए परिवर्तनों से गुजरना कठिन होगा। जब एक उच्चतर मार्ग मौजूद है, तो फिर निम्न, पुराने मार्ग का अध्ययन क्यों करते हो? जब यहाँ अधिक नवीन कथन और अधिक नया कार्य उपलब्ध है, तो अभी भी पुराने ऐतिहासिक अभिलेखों के मध्य क्यों जीते हो? नए कथन तुम्हारा भरण-पोषण कर सकते हैं, जिससे साबित होता है कि यह नया कार्य है; पुराने अभिलेख तुम्हें तृप्त नहीं कर सकते या तुम्हारी वर्तमान आवश्यकताएँ पूरी नहीं कर सकते, जिससे साबित होता है कि वे इतिहास हैं और वर्तमान कार्य नहीं हैं। उच्चतम मार्ग नवीनतम कार्य है, और नए कार्य के साथ, भले ही अतीत का मार्ग कितना भी ऊँचा हो, वह सिर्फ इतिहास है जिसे लोग पीछे मुड़कर देख रहे हैं, और भले ही संदर्भ के रूप में उसका कितना भी महत्व हो, वह फिर भी एक पुराना मार्ग है। भले ही वह “पवित्र पुस्तक” में दर्ज किया गया हो, फिर भी पुराना मार्ग इतिहास है; भले ही ऐसा एक भी पृष्ठ नहीं है जो इसे “पवित्र पुस्तक” में दर्ज करता हो, फिर भी नया मार्ग वर्तमान मार्ग है। यह मार्ग तुम्हें बचा सकता है, और यह मार्ग तुम्हें बदल सकता है, क्योंकि यह पवित्र आत्मा का कार्य है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, बाइबल के विषय में (1)
बाइबल हजारों साल के इतिहास में मनुष्य के साथ रही है। इतना ही नहीं, सभी लोग इसे परमेश्वर की तरह मानते हैं, इस हद तक कि अंत के दिनों में वे बाइबल का इस्तेमाल परमेश्वर की जगह लेने के लिए करते हैं, जिससे परमेश्वर अत्यंत घृणा करता है। इसलिए परमेश्वर को अपने फुर्सत के समय में बाइबल के पीछे की वास्तविक कहानी और इसकी उत्पत्ति दोनों के बारे में एक-एक करके स्पष्ट करना आवश्यक था। अगर वह ऐसा न करता तो बाइबल मनुष्य के दिल में परमेश्वर का स्थान लेना जारी रखती, और सभी लोग परमेश्वर के कर्मों को मापने और उनकी निंदा करने के लिए बाइबल के वचनों का इस्तेमाल करते रहते। बाइबल के सार, उसकी संरचना और उसकी कमियों की व्याख्या करके परमेश्वर किसी भी तरह से न तो बाइबल के अस्तित्व को नकार रहा था, न ही वह उसकी निंदा कर रहा था; बल्कि वह एक उपयुक्त और उचित व्याख्या प्रदान कर रहा था, जिससे बाइबल की मौलिक छवि बहाल हो, बाइबल के प्रति मनुष्य की भ्रांतिपूर्ण समझ दूर हो और सभी लोगों को बाइबल का सही दृष्टिकोण मिले, ताकि वे अब बाइबल की आराधना न करें और अब दिशाहीन न हों—वे बाइबल में अपनी अंधी आस्था को गलती से परमेश्वर में विश्वास न समझ बैठें और परमेश्वर की आराधना समझने न लगें, और यहाँ तक कि इसकी असली पृष्ठभूमि और दोषों का सामना करने से डरें। एक बार सभी लोगों में बाइबल की विशुद्ध समझ पैदा हो जाए, तो वे बेहिचक इसे दरकिनार कर देंगे और परमेश्वर के नए वचनों को हिम्मत के साथ स्वीकार करेंगे। इन कुछ अध्यायों में परमेश्वर का यही लक्ष्य है। यहाँ परमेश्वर मनुष्य को जो सत्य बताना चाहता है वह यह है कि कोई भी सिद्धांत या तथ्य परमेश्वर के मौजूदा कार्य और वचनों की जगह नहीं ले सकता है और परमेश्वर का स्थान कोई चीज नहीं ले सकती है। अगर मनुष्य बाइबल के फंदे से नहीं निकल सका, तो वह परमेश्वर के सामने कभी नहीं आ पाएगा। अगर मनुष्य परमेश्वर के सामने आना चाहता है, तो पहले उसे अपने दिल से हर वो चीज़ साफ करनी होगी जो परमेश्वर की जगह ले सकती हो—तभी वह परमेश्वर के लिए संतोषजनक होगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, कलीसियाओं के बीच जाकर बोले गए मसीह के वचन, परिचय