19. अहंकार और दंभ की समस्या का समाधान कैसे करें

अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन

जब से मानवजाति शैतान द्वारा भ्रष्ट कर दी गई थी, तब से उसकी प्रकृति, जो उसका सार भी है, बदल गई है। तो फिर मनुष्‍य का सार क्या है? अब मैं जिस बारे में बात कर रहा हूँ, वह सभी लोगों का सार और प्रकृति है, और किसी एक व्यक्ति की ओर निर्देशित नहीं है। शैतान द्वारा मनुष्यों को भ्रष्ट किए जाने के बाद से उनकी प्रकृति बिगड़नी शुरू हो गई है और उन्होंने धीरे-धीरे उस विवेक को खो दिया है जो सामान्य लोगों में होता है। मानव होते हुए भी उन्होंने मनुष्य के सही स्थान में रहना छोड़ दिया है; बल्कि, वे अनियंत्रित महत्वाकांक्षाओं से भरे हुए हैं; वे मनुष्य की स्थिति पार कर चुके हैं, फिर भी, वे और भी ऊँचे जाने की लालसा रखते हैं। यह “और भी ऊँचे” क्या दर्शाता है? वे परमेश्वर से बढ़कर होना चाहते हैं, स्वर्ग से बढ़कर होना चाहते हैं, और बाकी सभी से बढ़कर होना चाहते हैं। लोगों के ऐसे स्वभाव प्रकट करने का मूल कारण क्या है? सबसे गहरे स्तर पर, ऐसा इसलिए है क्योंकि मनुष्य का स्वभाव बहुत अहंकारी है। ज्यादातर लोग “अहंकार” शब्द का अर्थ समझते हैं। यह एक निंदात्मक शब्द है। अगर कोई अहंकार प्रकट करता है, तो दूसरे सोचते हैं कि वह अच्छा इंसान नहीं है। जब कोई व्यक्ति अत्यधिक अहंकारी होता है, तो दूसरे हमेशा मान लेते हैं कि वह बुरा व्यक्ति है। कोई भी इस शब्द को अपने साथ जोड़ा जाना पसंद नहीं करता। पर तथ्य यह है कि हर कोई अहंकारी है, और सभी भ्रष्ट मनुष्यों का यही सार है। कुछ लोग कहते हैं, “मैं जरा भी अहंकारी नहीं हूँ। मैंने कभी भी महादूत नहीं बनना चाहा, न ही मैंने कभी परमेश्वर से या बाकी सभी चीजों से ऊँचा उठना चाहा है। मैं हमेशा ऐसा व्यक्ति रहा हूँ जो विशेष रूप से अच्छा व्यवहार करता है और अपनी जगह को ध्यान में रखता है।” जरूरी नहीं; ये शब्द गलत हैं। लोगों में अहंकारी प्रकृति और सार है, इसलिए वे अक्सर परमेश्वर के खिलाफ विद्रोह और उसका प्रतिरोध कर सकते हैं, उसके वचनों को नहीं सुनते, उसके बारे में धारणाएँ रखते हैं, ऐसी चीजें करते हैं जो उससे विश्वासघात करती हैं और वे खुद की बड़ाई करने और अपने बारे में गवाही देने के लिए चीजें करते हैं। तुम कहते हो कि तुम अहंकारी नहीं हो, लेकिन मान लो कि तुम्हें अगुआई करने के लिए एक कलीसिया सौंपी गई और मैंने तुम्हारी काट-छाँट नहीं की और परमेश्वर के घर में किसी ने तुम्हारी आलोचना नहीं की या तुम्हारी मदद नहीं की। कुछ समय तक इसकी अगुआई करने के बाद, लोग तुम्हारे पैरों पर पड़े होंगे और तुम हर किसी से अपनी आज्ञा मनवाओगे, यहाँ तक कि वे तुम्हारे बारे में ऊँचा सोचेंगे और तुम्हारा आदर करेंगे। ऐसा कैसे हो सकता है? यह तुम्हारी प्रकृति से निर्धारित होता है; यह एक स्वाभाविक खुलासे के अलावा और कुछ नहीं है। तुम्हें जानबूझकर इसे दूसरों से सीखने की आवश्यकता नहीं है, न ही दूसरों को जानबूझकर तुम्हें यह सिखाने या तुम्हें ऐसा करने का आदेश देने या मजबूर करने की आवश्यकता है—इस तरह की स्थिति स्वाभाविक रूप से पैदा होती है। तुम जो कुछ भी करते हो उसका उद्देश्य लोगों से अपनी बड़ाई करवाना, अपनी प्रशंसा करवाना, अपनी आराधना करवाना, अपनी आज्ञा मनवाना और सभी चीजों में अपनी बात मनवाना होता है। जब तुम्हें अगुआई के पद पर रखा जाता है, तो तुम स्वाभाविक रूप से यह स्थिति पैदा करते हो और चाहकर भी इसे बदल नहीं सकते। और यह स्थिति कैसे पैदा होती है? यह मनुष्य की अहंकारी प्रकृति से निर्धारित होता है। अहंकार की अभिव्यक्ति परमेश्वर के खिलाफ विद्रोह और प्रतिरोध है। लोग अहंकारी, दंभी और आत्मधर्मी होते हैं, इसलिए वे अपने स्वयं के स्वतंत्र राज्य स्थापित करने और अपने तरीके से काम करने में सक्षम होते हैं। वे लोगों को अपने नियंत्रण में लेने और उन्हें अपने दायरे में खींचने में भी सक्षम होते हैं। यह तथ्य कि लोग इतने अहंकारी हैं कि वे अपने स्वयं के स्वतंत्र राज्य स्थापित करने में सक्षम हैं, यह साबित करता है कि उनका प्रकृति सार शैतान है, अर्थात् वही महादूत है। यदि लोग एक निश्चित बिंदु तक अहंकारी और दंभी हैं, तो उनके दिलों में परमेश्वर नहीं होगा, वे परमेश्वर को किनारे कर देंगे और वे परमेश्वर बनना चाहेंगे और हर किसी से अपनी आज्ञा मनवाएँगे। तब, वे महादूत बन चुके होंगे। यदि तुम्हारे पास शैतान की अहंकारी प्रकृति है, तो तुम्हारे दिल में परमेश्वर के लिए कोई जगह नहीं होगी। भले ही तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो, परमेश्वर तुम्हें स्वीकार नहीं करेगा और वह तुम्हें एक बुरे व्यक्ति के रूप में हटा देगा।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर के प्रति मनुष्य के प्रतिरोध की जड़ उसकी अहंकारी प्रकृति है

ऐसे अनेक प्रकार के भ्रष्ट स्वभाव हैं जो शैतानी स्वभावों के भीतर शामिल हैं, लेकिन जो सबसे स्पष्ट और प्रमुख है वह एक अहंकारी स्वभाव है। अहंकार मनुष्‍य के भ्रष्‍ट स्‍वभावों का मूल कारण है। लोग जितने ज्यादा अहंकारी होते हैं, उतना ही उनमें विवेक नहीं होता और जितना उनमें विवेक नहीं होता, वे परमेश्वर का प्रतिरोध करने के लिए उतने ही प्रवृत्त होते हैं। यह समस्‍या कितनी गंभीर है? चूँकि लोगों के अहंकारी स्‍वभाव होते हैं, न केवल उनमें किसी और के लिए कोई सम्मान नहीं है, बल्कि सबसे बुरा यह है कि उनमें परमेश्वर के लिए भी कोई सम्मान नहीं है और उनके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल बिल्कुल भी नहीं होता। भले ही लोग परमेश्वर में विश्वास करते हैं और उसका अनुसरण करते हैं, फिर भी वे उसके साथ परमेश्वर जैसा व्यवहार कतई नहीं करते। उन्‍हें हमेशा लगता है कि उनके पास सत्‍य है और वे अपने बारे में बहुत ऊँचा सोचते हैं। अहंकारी स्वभाव का यही सार और जड़ है और यह शैतान से आता है। इसलिए, अहंकार की समस्‍या का समाधान अनिवार्य है। बाकी सभी को अपने से नीचे समझना एक छोटी बात है। महत्वपूर्ण मुद्दा यह है कि एक अहंकारी स्वभाव लोगों को परमेश्वर, उसकी संप्रभुता और उसकी व्यवस्थाओं के प्रति समर्पण करने से रोकता है और यह लोगों को लगातार सत्ता के लिए परमेश्वर के साथ प्रतिस्पर्धा करने और दूसरों को नियंत्रित करने का प्रयास करने के लिए भी प्रेरित करता है। इस तरह के व्‍यक्ति के पास रत्ती भर भी परमेश्वर का भय मानने वाला दिल नहीं होता है, परमेश्वर से प्रेम या उसके प्रति समर्पण करने की तो बात ही क्या की जाए। जो लोग अहंकारी और दंभी होते हैं, खास तौर से वे जो इतने घमंडी हैं कि अपना विवेक खो चुके हैं, वे परमेश्वर पर अपने विश्वास में उसके प्रति समर्पण नहीं कर सकते हैं, यहाँ तक कि अपनी ही बड़ाई करते हैं और अपने बारे में गवाही देते हैं। ऐसे लोग परमेश्वर का प्रतिरोध सबसे अधिक करते हैं और उनके पास बिल्कुल भी परमेश्वर का भय मानने वाला दिल नहीं होता है।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन

यदि तुममें अहंकारी और दंभी स्वभाव होगा, तो तुम्हें परमेश्वर का प्रतिरोध न करने को कहने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि तुम खुद को नियंत्रित नहीं कर पाओगे—यह तुम्हारे लिए अनैच्छिक होगा। तुम ऐसा जानबूझकर नहीं करोगे; तुम ऐसा अपनी अहंकारी और दंभी प्रकृति के प्रभुत्व के अधीन करोगे। तुम्हारे अहंकार और दंभ के कारण तुम परमेश्वर को तुच्छ समझोगे और उसे अनदेखा कर दोगे; वे तुम्हें खुद की बड़ाई करने की ओर ले जाएँगे और उनके कारण तुम हर मोड़ पर खुद का दिखावा करोगे; वे तुम्हें दूसरों को नीची नजर से देखने के लिए मजबूर करेंगे और तुम्हारे दिल में तुम्हें छोड़कर और किसी को नहीं रहने देंगे; वे तुम्हारे दिल से परमेश्वर का स्थान छीन लेंगे और अंततः तुम्हें परमेश्वर के स्थान पर बैठने और यह माँग करने के लिए मजबूर करेंगे कि लोग तुम्हारे प्रति समर्पण करें, वे तुमसे अपने ही विचारों, ख्यालों और धारणाओं को सत्य मानकर पूजा करवाएँगे। लोग अपनी अहंकारी और दंभी प्रकृति के प्रभुत्व के अधीन इतनी बुराई करते हैं!

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सत्य का अनुसरण करके ही व्यक्ति स्वभाव में बदलाव ला सकता है

अंत के दिनों में न्याय और ताड़ना का कार्य मुख्य रूप से लोगों की अहंकारी प्रकृति पर निर्देशित है। अहंकार में बहुत-सी चीजें, बहुत सारे भ्रष्ट स्वभाव शामिल हैं; लोगों के अहंकारी स्वभाव को पूरी तरह से दूर करने के लिए न्याय और ताड़ना सीधे इस शब्द, “अहंकार” पर आती है। अंत में, लोग परमेश्वर के खिलाफ विद्रोह नहीं करेंगे या उसका प्रतिरोध नहीं करेंगे, इसलिए वे स्वयं के स्वतंत्र राज्य स्थापित करने का प्रयास नहीं करेंगे, न ही वे खुद की बड़ाई करेंगे या अपने बारे में गवाही देंगे—वे ऐसे नीच काम नहीं करेंगे—और वे परमेश्वर से अत्यधिक माँगें नहीं करेंगे। इस तरह, उन्होंने अपना अहंकारी स्वभाव त्याग दिया होगा। अहंकार की कई अभिव्यक्तियाँ होती हैं। उदाहरण के लिए, मान लो कि कोई व्यक्ति जो परमेश्वर में विश्वास करता है, उसके अनुग्रह की माँग करता है—तुम किस आधार पर इसकी माँग कर सकते हो? तुम शैतान द्वारा भ्रष्ट किए गए व्यक्ति हो, एक सृजित प्राणी हो; यह तथ्य कि तुम जीवित हो और साँस लेते हो, यह पहले से ही परमेश्वर का सबसे बड़ा अनुग्रह है। परमेश्वर ने पृथ्वी पर जो कुछ भी बनाया है उसका तुम आनंद ले सकते हो। परमेश्वर ने तुम्‍हें काफी कुछ दिया है, तो फिर तुम उससे और अधिक अनुग्रह की माँग क्यों करते हो? ऐसा इसलिए है क्योंकि लोग कभी भी अपने पास जो है, उससे संतुष्ट नहीं होते हैं। वे हमेशा सोचते हैं कि वे दूसरों से बेहतर हैं, उनके पास और अधिक होना चाहिए, इसलिए वे हमेशा परमेश्वर से अनुग्रह की माँग करते हैं। यह उनके अहंकारी स्वभाव का परिचायक है। चाहे लोग अपने मुँह से न कहें, लेकिन जब वे पहली बार परमेश्वर में विश्वास करना शुरू करते हैं, तो अपने दिलों में सोच रहे होते हैं, “मैं स्वर्ग जाना चाहता हूँ, नरक नहीं। मैं चाहता हूँ कि न केवल मैं, बल्कि मेरा पूरा परिवार आशीष पाए। मैं अच्छा भोजन खाना चाहता हूँ, अच्छे कपड़े पहनना चाहता हूँ, अच्छी चीजों का आनंद लेना चाहता हूँ। मुझे एक अच्छा परिवार, एक अच्छा पति (या पत्नी) और अच्छे बच्चे चाहिए। अंततः मैं एक राजा की तरह सत्ता सँभालना चाहता हूँ।” यह सब उनकी माँगों और अनुचित अपेक्षाओं से जुड़ा है। उनका यह स्‍वभाव, ये बातें जो वे अपने दिलों में सोचते हैं, ये अतिशय इच्छाएँ—ये सब मनुष्य की अहंकारी प्रकृति का प्रतीक हैं। मैं ऐसा क्यों कहता हूँ? लोगों को स्पष्ट होना चाहिए कि उनका रुतबा क्या है। मनुष्य एक सृजित प्राणी है जो मिट्टी से आया है; परमेश्वर ने मनुष्य को मिट्टी से बनाया और उसमें जीवन की साँस फूँकी, जिससे वह एक जीवित प्राणी बन गया। मनुष्य का रुतबा इतना नीचा है, फिर भी लोग परमेश्वर के सामने आकर यह और वह चाहते हैं। यह देखते हुए कि मनुष्य का रुतबा इतना तुच्छ है, उसे अपना मुँह नहीं खोलना चाहिए और परमेश्वर से किसी अनुग्रह या आशीष का अनुरोध नहीं करना चाहिए। तो लोगों को क्या करना चाहिए? उन्हें बिना किसी शिकायत के लगन से काम करना चाहिए, पूरी मेहनत करनी चाहिए और खुशी-खुशी समर्पण करना चाहिए। यदि तुम कहो कि यह स्वेच्छा से एक नीचा दर्जा स्वीकार करना है, तो यह उचित नहीं होगा; लोग इस प्रकार के रुतबे के साथ पैदा होते हैं और वे केवल अपने अहंकार के कारण खुद को इतना ऊँचा मानते हैं। इसलिए लोगों को समर्पण करना चाहिए और खुद को दीन बनाना चाहिए, क्योंकि मनुष्य का रुतबा बिल्कुल दीन ही है। लोगों को परमेश्वर से चीजों की माँगें नहीं करनी चाहिए या उसके प्रति अतिशय इच्छाएँ नहीं रखनी चाहिए। उनमें ऐसी चीजें नहीं मिलनी चाहिए। एक सरल उदाहरण देखो। किसी अमीर परिवार ने एक नौकर रखा। उस अमीर परिवार में इस नौकर की स्थिति विशेष रूप से निम्‍न थी, लेकिन फिर भी उसने घर के मालिक से कहा, “मैं आपके बेटे की टोपी पहनना चाहता हूँ, मैं उसका चावल खाना चाहता हूँ, उसके कपड़े पहनना चाहता हूँ और उसके बिस्तर पर सोना चाहता हूँ। वह जो भी वस्तुएँ उपयोग करता है, चाहे वे सोने की हों या चाँदी की, वे मुझे चाहिए! मैं अपने काम में बहुत अधिक योगदान देता हूँ और आपके घर में रहता हूँ, इसलिए मुझे इन चीजों की माँग करने का पूरा अधिकार है!” मालिक को उसके साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए? मालिक कहेगा, “तुम्हें पता होना चाहिए कि तुम क्‍या हो, तुम्हारी भूमिका क्या है : तुम एक नौकर हो। मैं अपने बेटे को वह देता हूँ जो वह चाहता है, क्योंकि उसका रुतबा वही है। तुम्‍हारा रुतबा, तुम्‍हारी पहचान क्या है? तुम ये चीजें माँगने के योग्य नहीं हो। तुम्‍हें जाकर अपना काम करना चाहिए, जाओ और अपने रुतबे और पहचान के अनुसार अपने कर्तव्‍य पूरे करो।” क्या ऐसे व्यक्ति में कोई विवेक है? परमेश्वर के बहुत-से विश्वासी ऐसे हैं जिनमें विवेक नहीं है। परमेश्वर में विश्वास करने की शुरुआत से ही, उनके पास गुप्त उद्देश्य होते हैं, और आगे बढ़ते हुए, वे लगातार परमेश्वर से माँगें करते हैं : “जब मैं सुसमाचार का प्रचार करूँ, तब मेरे साथ पवित्र आत्मा का कार्य होना चाहिए! जब मैं बुरे काम करूँ, तब तुम्हें मुझे माफ भी करना होगा और मेरे प्रति सहनशीलता भी दिखानी होगी! अगर मैं बहुत काम करता हूँ, तो तुम्‍हें मुझे इनाम देना होगा!” संक्षेप में, लोग हमेशा परमेश्वर से चीजें चाहते हैं, वे हमेशा लालची रहते हैं। कुछ लोग जिन्होंने थोड़ा-सा काम किया है और किसी कलीसिया का अच्छी तरह से नेतृत्व किया है, वे सोचते हैं कि वे दूसरों से श्रेष्ठ हैं, और अक्सर ऐसी बातें फैलाते हैं : “परमेश्वर ने मुझे एक महत्वपूर्ण पद पर क्यों रखा है? वह बार-बार मेरा नाम क्यों लेता है? वह मुझसे बात क्यों करता रहता है? परमेश्वर मेरे बारे में ऊँचा सोचता है! ऐसा इसलिए है क्योंकि मेरे पास काबिलियत है और मैं सामान्य लोगों से ऊपर हूँ। तुम लोगों को इस बात से भी ईर्ष्या हो रही है कि परमेश्वर मेरे साथ बेहतर व्यवहार करता है। तुम्हें किस बात से ईर्ष्या है? क्या तुम लोग देख नहीं सकते कि मैं कितना काम और त्याग करता हूँ? परमेश्वर ने मुझे जो भी अच्छी चीजें दी हैं, उनसे तुम लोगों को ईर्ष्या नहीं करनी चाहिए, क्योंकि मैं उनका हकदार हूँ। मैंने कई वर्षों तक काम किया है और बहुत कुछ सहा है। मैंने योगदान दिए हैं और मेरे पास व्यक्तिगत पूँजी है।” कुछ अन्य लोग हैं जो कहते हैं, “परमेश्वर ने मुझे सहकर्मियों की बैठकों में शामिल होने और परमेश्वर की संगति सुनने की अनुमति दी। मेरे पास व्यक्तिगत पूँजी है—क्या तुम लोगों के पास है? पहली बात, मेरी काबिलियत ऊँची है और मैं तुम लोगों की तुलना में सत्य का अधिक अनुसरण करता हूँ। यही नहीं, मैं खुद को अधिक खपाता हूँ और मैंने तुम लोगों की तुलना में अधिक कीमत चुकाई है और मैं कलीसिया का काम पूरा करवा सकता हूँ—क्या तुम लोग करवा सकते हो?” यह अहंकार है। विभिन्न लोगों को उनके द्वारा किए जाने वाले कर्तव्यों और काम में अलग-अलग नतीजे मिलते हैं। कुछ के नतीजे अच्छे होते हैं, जबकि कुछ के नतीजे खराब होते हैं। कुछ लोग अच्छी काबिलियत के साथ पैदा होते हैं और सत्य की खोज करना भी जानते हैं, इसलिए उनके कर्तव्यों के नतीजों में तेजी से सुधार होता है। यह उनकी अच्छी काबिलियत के कारण है, जो परमेश्वर द्वारा पूर्वनिर्धारित है। हालाँकि यदि तुम्हारे कर्तव्य के नतीजे खराब हैं, तो तुम्हें इसे कैसे हल करना चाहिए? तुम्हें निरंतर सत्य की खोज करनी चाहिए और कड़ी मेहनत करनी चाहिए, तब तुम भी धीरे-धीरे अच्छे नतीजे प्राप्त कर सकते हो। जब तक तुम सत्य के लिए प्रयास करते रहते हो और अपनी क्षमताओं की सीमा तक परिणाम हासिल करते रहते हो, परमेश्वर तुम्हें स्वीकृति देगा। लेकिन तुम्हारे काम के नतीजे अच्छे हों या नहीं, तुम्हें गलत विचार नहीं रखने चाहिए। भले ही तुम्हारे काम के नतीजे अच्छे हों, यह मत सोचो, “मेरे पास ऐसी पूँजी है जो मुझे परमेश्वर के समान स्तर पर रखती है। मेरे पास पूँजी है, इसलिए मैं परमेश्वर द्वारा दिए गए आशीषों का आनंद ले सकता हूँ। मेरे पास पूँजी है, इसलिए परमेश्वर मेरा उपयोग करता है। मेरी पूँजी मुझे दूसरों की अगुआई करने और उन्हें उपदेश देने की अनुमति देती है।” यह मत मान लो कि तुम्हारे पास कोई “पूँजी” है। लोगों के मन में ये विचार नहीं होने चाहिए। यदि तुम्हारे मन में ये विचार हैं, तो यह साबित करता है कि तुम गलत स्थान ग्रहण कर रहे हो और तुम्हारे पास वह बुनियादी विवेक भी नहीं है जो एक मानव में होना चाहिए। तो तुम अपना अहंकारी स्वभाव कैसे त्याग सकते हो? तुम ऐसा नहीं कर सकते।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर के प्रति मनुष्य के प्रतिरोध की जड़ उसकी अहंकारी प्रकृति है

कुछ लोग विशेष रूप से पौलुस को अपना आदर्श मानते हैं। उन्हें बाहर जाकर भाषण देना और कार्य करना पसंद होता है, उन्हें सभाएँ आयोजित करना और प्रचार करना पसंद होता है; उन्हें अच्छा लगता है कि लोग उन्हें सुनें, उन्हें आराध्य मानें और उनके इर्द-गिर्द घूमें। उन्हें पसंद होता है कि दूसरों के दिलों में उनकी एक जगह हो और दूसरे उनके द्वारा प्रदर्शित छवि पर ध्यान दें। आओ हम इन अभिव्यक्तियों से उनकी प्रकृति का गहन-विश्लेषण करें। उनकी प्रकृति कैसी है? यदि वे वास्तव में ये अभिव्यक्तियाँ प्रदर्शित करते हैं, तो यह इस बात को दर्शाने के लिए पर्याप्त है कि वे अहंकारी और दंभी हैं, वे परमेश्वर की आराधना बिल्कुल नहीं करते हैं और वे ऊँचे रुतबे के पीछे भागते हैं और दूसरों पर अधिकार रखना चाहते हैं, उन्हें वश में करना चाहते हैं और उनके दिल में जगह बनाना चाहते हैं। यह शैतान की ठेठ छवि है। उनकी प्रकृति के खासकर अलग दिखने वाले पहलू ये हैं कि वे अहंकारी और दंभी हैं, वे परमेश्वर की आराधना नहीं करते हैं और दूसरों से अपनी आराधना करवाने की कोशिश करते हैं। ऐसी अभिव्यक्तियों से तुम उनकी प्रकृति को बहुत स्पष्ट रूप से देख सकते हो।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, मनुष्य की प्रकृति को कैसे जानें

कुछ लोग कहते हैं कि उनमें भ्रष्ट स्वभाव नहीं है, वे अहंकारी नहीं हैं। ये कौन लोग हैं? ये वही लोग हैं जो सबसे अधिक विवेकहीन लोग हैं और वे सबसे मूर्ख, सबसे अड़ियल और सबसे अहंकारी भी हैं। वास्तव में, ये किसी भी अन्‍य व्‍यक्ति से अधिक अहंकारी और विद्रोही हैं; जो व्यक्ति जितना अधिक यह कहता है कि उसका स्वभाव भ्रष्ट नहीं है, वह उतना ही अधिक अहंकारी और आत्मधर्मी होता है। अन्‍य लोग क्यों खुद को जान पाते हैं और परमेश्वर का न्याय स्वीकार कर पाते हैं, और तुम क्यों ऐसा नहीं कर पाते? क्या तुम कोई अपवाद हो? क्या तुम कोई पवित्र इंसान हो? क्या तुम शून्य में रहते हो? तुम यह स्वीकार नहीं करते कि मानवजाति को शैतान द्वारा गहराई से भ्रष्ट कर दिया गया है, सभी में भ्रष्ट स्वभाव हैं। इसका मतलब है कि तुम सत्य बिल्कुल नहीं समझते, और तुम सबसे अधिक विद्रोही, अज्ञानी और अहंकारी हो। तुम्हारे अनुसार दुनिया में अनेक अच्छे लोग हैं और बुरे लोग बहुत कम हैं—तो यह दुनिया अंधकार, गंदगी और भ्रष्टता से क्यों भरी है, इसमें इतना संघर्ष क्यों है? मनुष्यों की दुनिया में हर कोई हमेशा एक-दूसरे से होड़ और लड़ाई क्‍यों करता है? यहाँ तक कि परमेश्वर में विश्वास रखने वाले भी अपवाद नहीं हैं। लोग हमेशा एक-दूसरे से लड़ाई और संघर्ष कर रहे हैं। और यह संघर्ष कहाँ से उपजता है? यह उनकी भ्रष्ट प्रकृति का परिणाम है, निश्चित रूप से यह उनके भ्रष्‍ट स्वभावों का खुलासा है। जिन लोगों में भ्रष्ट प्रकृति होती है, वे अहंकार और विद्रोहीपन प्रकट करते हैं; जो लोग शैतानी स्वभावों में जीते हैं वे लड़ाकू और विवादप्रिय होते हैं। जो लोग लड़ाकू और विवादप्रिय होते हैं वे सबसे अहंकारी होते हैं, वे किसी की भी आज्ञा नहीं मानते। ऐसा क्यों है कि लोग अक्सर अपने पापों को स्वीकार तो कर लेते हैं लेकिन पश्चाताप नहीं करते? ऐसा क्यों है कि वे परमेश्वर में विश्वास तो करते हैं लेकिन सत्य को अभ्यास में नहीं ला पाते? ऐसा क्यों है कि वे कई वर्षों तक परमेश्वर में विश्वास करते हैं, लेकिन उसके अनुरूप नहीं हो पाते? यह सब लोगों की अहंकारी प्रकृति के कारण होता है। मानवजाति ने हमेशा परमेश्वर के खिलाफ विद्रोह किया है और उसका प्रतिरोध किया है, सत्य को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया है, और यहाँ तक कि उसने सत्य को अस्वीकार किया और उससे नफरत की है। ऐसा इसलिए नहीं है क्योंकि लोगों से परमेश्वर की अपेक्षाएँ बहुत अधिक हैं, बल्कि इसलिए कि लोग परमेश्वर का बहुत क्रूरता और बेरहमी से प्रतिरोध करते हैं। वे परमेश्वर को अपना दुश्मन बना सकते हैं और उसे सूली पर चढ़ा सकते हैं—क्या ऐसी भ्रष्ट मानवजाति बहुत ही ज्यादा क्रूर, अहंकारी और विवेकहीन नहीं है? परमेश्वर बहुत सारे सत्य व्यक्त करता है, वह काफी हद तक लोगों पर दया करता है और उन्हें बचाता है, और उनके पापों को क्षमा करता है—लेकिन मानवजाति सत्य को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करती है, वह हमेशा परमेश्वर की निंदा और प्रतिरोध करती है, और परमेश्वर के साथ असंगत रहती है। मनुष्य का परमेश्वर से संबंध अब कहाँ पर है? मनुष्य परमेश्वर का शत्रु, उसका विरोधी बन गया है। परमेश्वर लोगों को उजागर करने, उनका न्याय करने और उन्हें बचाने के लिए सत्य व्यक्त करता है, लेकिन लोग बस उसे स्वीकार नहीं करते या उस पर कोई ध्यान नहीं देते हैं। लोग वह नहीं करते जो परमेश्वर उनसे अपेक्षा करता है; इसके बजाय वे ऐसी चीजें करते हैं जिनसे वह नफरत और तिरस्कार करता है। परमेश्वर सत्य व्यक्त करता है, लेकिन लोग उसे अस्वीकार कर देते हैं। परमेश्वर लोगों के भ्रष्ट स्वभावों का न्याय करता है और उन्हें ताड़ना देता है, और वे न केवल सत्य को स्वीकार नहीं करते, बल्कि बहस करते हैं और अवज्ञाकारी होते हैं, यहाँ तक कि उसकी आलोचना और निंदा भी करते हैं। लोग कितने अहंकारी हैं? उनके पास रत्ती भर भी जमीर या विवेक नहीं है। भ्रष्ट मानवजाति बेशर्मी से परमेश्वर को नकारती है और उसका प्रतिरोध करती है। भले ही वे परमेश्वर में विश्वास करते हों, पर वे हमेशा आशीष, इनाम और स्वर्ग के राज्य में प्रवेश के पीछे भागते हैं; वे राजाओं की तरह सत्‍ता भी सँभालना चाहते हैं। यह मनुष्य के अहंकार और उसके उसी भ्रष्ट स्वभाव का एक प्रतिनिधि उदाहरण है।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर के प्रति मनुष्य के प्रतिरोध की जड़ उसकी अहंकारी प्रकृति है

कुछ लोग कहते हैं, “परमेश्वर के घर में मैं परमेश्वर के अलावा किसी के प्रति समर्पण नहीं करता क्योंकि सत्य सिर्फ परमेश्वर के पास है; लोगों के पास सत्य नहीं होता है, उनमें भ्रष्ट स्वभाव हैं, वे जो कुछ भी कहते हैं उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता, इसलिए मैं सिर्फ परमेश्वर के प्रति समर्पण करता हूँ।” क्या उनका यह कहना सही है? (नहीं।) क्यों नहीं? यह कैसा स्वभाव है? (अहंकारी और दंभी स्वभाव।) (शैतान का स्वभाव और प्रधान दूत का स्वभाव।) यह एक अहंकारी स्वभाव है। हमेशा ऐसा मत कहो कि यह शैतान का स्वभाव या प्रधान दूत का स्वभाव है, बोलने का यह तरीका बहुत व्यापक और अस्पष्ट है और लोगों के लिए इसे समझना मुश्किल है। बस कहो कि यह एक अहंकारी स्वभाव है; यह अधिक विशिष्ट है। ... कुछ लोगों में कुछ खूबियाँ, कुछ गुण, कुछ होशियारी होती हैं और उन्होंने कलीसिया के लिए कई कर्म किए होते हैं, इसलिए वे सोचते हैं, “परमेश्वर में तुम लोगों की आस्था का मतलब है दिन भर परमेश्वर के वचन पढ़ना, उन्हें हाथ से लिखना, उन्हें लिख-लिखकर उतारना और याद करना और किसी आध्यात्मिक व्यक्ति की तरह व्यवहार करना। इसका क्या फायदा? क्या तुम कोई वास्तविक काम कर सकते हो? जब तुम कुछ भी करने में असमर्थ हो, तो तुम आध्यात्मिक कैसे हो सकते हो? तुम लोगों के पास जीवन नहीं है। मेरे पास जीवन है, मैं जो कुछ भी करता हूँ वह वास्तविक है।” यह कैसा स्वभाव है? उनमें कुछ खूबियाँ हैं, कुछ गुण हैं, वे थोड़ा-बहुत अच्छा काम कर सकते हैं और वे इन चीजों को जीवन मान लेते हैं। नतीजतन, वे किसी की आज्ञा नहीं मानते, वे बाकी सभी को नीचा समझते हैं, वे किसी को भी भाषण देने से नहीं डरते—क्या यह अहंकार नहीं है? (हाँ।) यह अहंकार है। लोग आमतौर पर किन परिस्थितियों में अहंकार प्रकट करते हैं? (जब कोई सोचता है कि उसके पास पूँजी है, सिर्फ इसलिए कि उसमें कुछ गुण या खूबियाँ हैं और क्योंकि वह कुछ वास्तविक चीजें कर सकता है; तब वह अहंकारी स्वभाव प्रकट करेगा।) यह एक प्रकार की स्थिति होती है। तो क्या जिन लोगों में गुण या खूबियाँ नहीं होती हैं, वे अहंकारी नहीं होते? (वे भी अहंकारी होते हैं।) जिस व्यक्ति के बारे में हमने अभी बात की है, वह अक्सर कहेगा, “मैं परमेश्वर के अलावा किसी के प्रति समर्पण नहीं करता,” और यह सुनकर लोग अपने मन में सोचेंगे, “यह व्यक्ति सत्य के प्रति कितना समर्पित है, यह सत्य के अलावा किसी के प्रति समर्पण नहीं करता, यह जो कहता है वह सही है!” वास्तव में, इन सही लगने वाले शब्दों के भीतर एक प्रकार का अहंकारी स्वभाव है : “मैं परमेश्वर के अलावा किसी के प्रति समर्पण नहीं करता” का स्पष्ट अर्थ है कि वह किसी के प्रति समर्पण नहीं करता। मैं तुमसे पूछता हूँ, क्या ऐसी बातें कहने वाले वास्तव में परमेश्वर के प्रति समर्पण कर पाते हैं? वे कभी भी परमेश्वर के प्रति समर्पण नहीं कर सकते। जो इस तरह की बातें कहते हैं वे निस्संदेह सबसे ज्यादा अहंकारी होते हैं। बाहर से उनका कहा सही लगता है—पर वास्तव में यह सबसे कपटपूर्ण तरीका है जिससे अहंकारी स्वभाव अभिव्यक्त होता है। वे इन “परमेश्वर के अलावा” शब्दों का उपयोग यह साबित करने की कोशिश में करते हैं कि उनमें विवेक है, लेकिन वास्तव में यह किसी जगह सोना गाड़कर उसके ऊपर यह लिखने जैसा है कि “यहाँ कोई सोना नहीं गड़ा है।” क्या यह मूर्खता नहीं है? तुम लोग क्या कहते हो, किस तरह का व्यक्ति सबसे अहंकारी होता है? ऐसी कौन-सी बातें हैं जो सबसे ज्यादा अहंकारी लोग कहते हैं? शायद तुम लोगों ने पहले कुछ अहंकार भरी बातें सुनी हों। क्या तुम लोग जानते हो कि सबसे अहंकार भरी बात क्या है? क्या कोई यह कहने की हिम्मत करता है, “मैं किसी के प्रति समर्पण नहीं करता—स्वर्ग या पृथ्वी के प्रति भी नहीं, यहाँ तक कि परमेश्वर के वचनों के प्रति भी नहीं”? सिर्फ बड़ा लाल अजगर, यह दुष्ट दानव ही ऐसा कहने का साहस करता है। परमेश्वर में विश्वास करने वाला कोई भी ऐसा नहीं कहेगा। लेकिन परमेश्वर में विश्वास करने वाले लोग अगर यह कहें कि “मैं परमेश्वर के अलावा किसी के प्रति समर्पण नहीं करता” तो वे बड़े लाल अजगर से बहुत अलग नहीं हैं, वे दुनिया में अव्वल स्थान पर आने की बराबरी करते हैं और वे सबसे ज्यादा अहंकारी हैं। तुम लोग क्या सोचते हो, सभी लोग अहंकारी हैं लेकिन क्या उनके अहंकार में कोई अंतर है? तुम कहाँ भेद करते हो? सभी भ्रष्ट मानवों में अहंकारी स्वभाव होते हैं, लेकिन उनके अहंकार में अंतर होता है। जब व्यक्ति का अहंकार एक निश्चित स्तर तक पहुँच जाता है, तो वह सारा विवेक खो देता है। अंतर यह है कि क्या किसी के कहने में कोई विवेकपूर्ण बात है। कुछ लोग अहंकारी होते हैं, फिर भी उनमें थोड़ा-सा विवेक होता है। अगर वे सत्य स्वीकार लेते हैं तो अभी भी उनके पास उद्धार की आशा होती है। कुछ लोग इतने अहंकारी होते हैं कि उनमें कोई विवेक नहीं होता—बोलचाल की भाषा में, उनका अहंकार सीमा से परे है—और ऐसे लोग कभी भी सत्य नहीं स्वीकार कर पाते। अगर लोग इतने अहंकारी हों कि उनमें कोई विवेक न हो, तो वे सारी शर्म खो देते हैं और सिर्फ मूर्खतापूर्वक अहंकारी होते हैं। ये सभी एक अहंकारी स्वभाव के खुलासे और अभिव्यक्तियाँ हैं।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, छह प्रकार के भ्रष्ट स्वभावों को जानने का अर्थ ही वास्तव में खुद को जानना है

कुछ लोग ऐसे होते हैं जो कार्य करते समय अक्सर सिद्धांतों का उल्लंघन करते हैं और काट-छाँट स्वीकार नहीं करते हैं। अपने दिल में वे स्पष्ट रूप से जानते हैं कि दूसरे लोग जो बातें कहते हैं वे सत्य के अनुरूप हैं, लेकिन वे इन्हें स्वीकार नहीं करते हैं। ऐसे लोग बहुत ही अहंकारी और आत्मधर्मी होते हैं! मैं ऐसा क्यों कहता हूँ कि वे अहंकारी हैं? काट-छाँट स्वीकार करने के प्रति इनकार में वे अवज्ञाकारी होते हैं, और क्या अवज्ञा अहंकार नहीं है? वे सोचते हैं कि वे अच्छा कर रहे हैं और वे यह नहीं सोचते कि वे कोई गलती करते हैं, जिसका अर्थ है कि वे स्वयं को नहीं जानते हैं और अहंकारी हैं। इसलिए तुम्हें अपने द्वारा की गई चीजों का गंभीरता से विश्लेषण करना चाहिए। तुलना करने के लिए उन्हें परमेश्वर के वचनों के सामने रखो और थोड़ा-थोड़ा करके अपने भ्रष्ट स्वभावों को खोज निकालो और उनका गहन-विश्लेषण करो। केवल इसी तरह से तुम धीरे-धीरे खुद को जान सकते हो। कलीसिया का काम करते हुए, यदि तुम उस बिंदु तक पहुँच सकते हो जहाँ अन्य लोग तुम्हारी प्रशंसा करते हैं और तुम्हें सुझाव देने और संगति में तुम्हारे सामने खुद को खोलकर रखने में सक्षम होते हैं, तो यह साबित करता है कि तुमने अपना काम अच्छी तरह से किया है। यदि लोग हमेशा तुम्हारे द्वारा नियंत्रित किए जाते हैं, तो वे धीरे-धीरे तुम्हारा भेद पहचान लेंगे और तुमसे दूरी बना लेंगे। यह साबित करता है कि तुम्हारे पास सत्य वास्तविकता नहीं है, जिस स्थिति में तुम जो कुछ भी कहते हो वे निश्चित रूप से केवल शब्द और धर्म-सिद्धांत हैं और दूसरों को नियंत्रित करने वाले हैं। कुछ कलीसिया अगुआओं को बर्खास्त कर दिया जाता है और उन्हें बर्खास्त क्यों किया जाता है? ऐसा इसलिए है क्योंकि वे केवल शब्द और धर्म-सिद्धांत बोलते हैं, हमेशा दिखावा करते हैं और अपने बारे में गवाही देते हैं। ऐसे अगुआ कहेंगे कि उनका प्रतिरोध करना परमेश्वर का प्रतिरोध करना है और जो कोई भी ऊपरवाले को यह रिपोर्ट करता है कि क्या चल रहा है, वह खुद को उनके खिलाफ खड़ा कर रहा है और कलीसिया के काम में विघ्न डाल रहा है। यह किस प्रकार की समस्या है? ये लोग पहले ही इतने अहंकारी हो चुके हैं कि उनमें अब कोई विवेक नहीं बचा है। वे खुद को मसीह-विरोधियों के रूप में उजागर करते हैं, क्या वे ऐसा नहीं करते? यदि चीजें आगे बढ़ती हैं, तो क्या वे अपने स्वयं के स्वतंत्र राज्य स्थापित करना शुरू नहीं कर देंगे? कुछ लोग जिन्होंने अभी-अभी विश्वास करना शुरू किया है, उनकी आराधना करेंगे और उनकी गवाही देंगे और वे इसका बहुत आनंद लेंगे और बहुत प्रसन्न महसूस करेंगे। इतना अहंकारी व्यक्ति पहले ही खत्म हो चुका है। उनका यह कहना कि “मेरा प्रतिरोध करना परमेश्वर का प्रतिरोध करना है” यह दर्शाता है कि वे पहले ही आधुनिक पौलुस बन चुके हैं; उनके शब्दों की प्रकृति पौलुस के शब्दों से अलग नहीं है जब उसने कहा था, “मेरे लिये जीवित रहना मसीह है।” क्या इस तरह की बात करने वाले लोग बड़े खतरे में नहीं हैं? भले ही वे स्वतंत्र राज्य स्थापित न करें, फिर भी वे असली मसीह-विरोधी हैं। यदि ऐसा व्यक्ति किसी कलीसिया की अगुआई करता है, तो वह कलीसिया जल्दी ही एक मसीह-विरोधी का राज्य बन जाएगी। कुछ लोग, कलीसिया के अगुआ बनने के बाद, विशेष रूप से ऊँचे-ऊँचे धर्मोपदेश देने और दिखावा करने पर, विशेष रूप से रहस्य की बातें बोलने पर ध्यान केंद्रित करते हैं ताकि लोग उन्हें आदर की दृष्टि से देखें, और इसका परिणाम यह होता है कि वे सत्य वास्तविकता से और भी दूर होते जाते हैं। इससे अधिकांश लोग आध्यात्मिक सिद्धांतों की आराधना करने लगते हैं। जो भी ऊँचा-ऊँचा बोलता है, लोग उसी की सुनते हैं; जो कोई भी जीवन प्रवेश के बारे में बात करता है, लोग उसे बिल्कुल नहीं सुनते। क्या यह लोगों को भटकाना नहीं है? यदि कोई व्यक्ति सत्य वास्तविकता पर संगति करता है और कोई नहीं सुनता है, तो यह काफी परेशानी की बात है। इस व्यक्ति के अलावा कोई भी कलीसिया की अगुआई नहीं कर सकता, क्योंकि सभी लोग आध्यात्मिक सिद्धांतों की पूजा करते हैं और जो लोग आध्यात्मिक सिद्धांतों के बारे में बात नहीं कर सकते, वे उस कलीसिया में टिके नहीं रह पाते। क्या तब भी ऐसी कलीसिया पवित्र आत्मा का कार्य प्राप्त कर सकती है? क्या लोग सत्य वास्तविकता में प्रवेश कर सकते हैं? सत्य के बारे में संगति करने और व्यावहारिक अनुभवों के बारे में बोलने को क्यों अस्वीकार कर दिया जाता है, इस हद तक कि वे मुझे भी सत्य की संगति करते हुए सुनने को तैयार नहीं होते? इससे साबित होता है कि इस अगुआ ने पहले ही इन लोगों को गुमराह कर दिया है और उन पर नियंत्रण कर लिया है। ये लोग परमेश्वर के प्रति समर्पण करने के बजाय उसकी बात सुनकर उसी के प्रति समर्पण करते हैं। यह स्पष्ट है कि ये ऐसे लोग हैं जो परमेश्वर के बजाय अपने अगुआ के प्रति समर्पण करते हैं। क्योंकि जो लोग सच्चे मन से परमेश्वर में विश्वास रखते हैं और सत्य का अनुसरण करते हैं, वे लोगों की आराधना या उनका अनुसरण नहीं करेंगे; उनके दिलों में परमेश्वर के लिए जगह होती है, और उनके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल होता है, तो उन्हें लोग कैसे नियंत्रित कर सकते हैं? वे आज्ञाकारी ढंग से कैसे एक झूठे अगुआ के प्रति समर्पण कर सकते हैं जिसमें सत्य वास्तविकता नहीं है? जिससे एक झूठा अगुआ सबसे ज्यादा डरता है वह एक ऐसा व्‍यक्ति है जिसके पास सत्य वास्तविकता है, एक ऐसा व्यक्ति जो परमेश्वर का भय मानता है और बुराई से दूर रहता है। यदि किसी के पास सत्य नहीं है, और फिर भी वह दूसरों से अपनी आज्ञा मनवाना चाहता है, तो क्या यह संभवतः सबसे अहंकारी दानव नहीं है? यदि तुम कलीसिया पर एकाधिकार रखते हो या परमेश्वर के चुने हुए लोगों को नियंत्रित करते हो, तो तुमने परमेश्वर के स्वभाव को ठेस पहुँचाई है और खुद को बरबाद कर लिया है, और शायद तुम्‍हें पश्चात्ताप करने का मौका भी न मिले। तुम लोगों में से हर एक को सावधान रहना चाहिए; यह एक बहुत ही खतरनाक मामला है। तुममें से किसी के लिए भी ऐसी चीजें करना बहुत आसान होगा जो लोगों को गुमराह करती हैं और नियंत्रित करती हैं। कुछ लोग कह सकते हैं, “मैं बस ऐसा नहीं करूँगा, मैं बस अपने बारे में गवाही नहीं दूँगा या लोगों को गुमराह नहीं करूँगा!” ऐसा सिर्फ इसलिए है क्योंकि तुमने केवल थोड़े समय के लिए काम किया है। एक बार जब तुम्हारे पास रुतबा आ जाएगा, तो तुम अधिक से अधिक दुस्साहसी हो जाओगे और तभी तुम बुराई करोगे। यदि कुछ लोग तब तुम्हारी प्रशंसा करते हैं और चापलूसी करते हैं और सभी मामलों में तुम्हारी आज्ञा मानते हैं, तो तुम स्वाभाविक रूप से सोचोगे कि तुम्हारा रुतबा ऊँचा है, तुम अद्भुत हो : “मुझे देखो, मैं काफी अच्छा हूँ। मैं इन सभी लोगों की अगुआई कर सकता हूँ और ये सभी मेरी बात सुनते हैं; जो लोग मेरी बात नहीं सुनते, मैं उन्हें अपने अधीन कर लेता हूँ। यह साबित करता है कि मेरे पास कुछ कार्यक्षमता है और मैं अपने काम के योग्य हूँ।” जैसे-जैसे समय बीतेगा, तुम्हारी प्रकृति के अहंकारी तत्व प्रकट होने लगेंगे। यदि तुम इतने अहंकारी हो जाते हो कि तुम अपना विवेक खो देते हो, तो तुम खतरे में पड़ जाओगे। क्या तुम इसे स्पष्ट रूप से देख सकते हो? जैसे ही तुम अपना अहंकारी स्वभाव प्रकट करते हो जो किसी के आगे नहीं झुकता, तुम्हारे लिए परेशानी खड़ी हो जाएगी। जब मैं बोलूँगा तब भी तुम नहीं सुनोगे। यदि परमेश्वर का घर तुम्हें बर्खास्त कर देता है, तो तुम यह कहने की हिम्मत भी करोगे, “पवित्र आत्मा को इसे बेनकाब करने दो!” तुम्हारा यह कहना साबित करता है कि तुम सत्य को स्वीकार नहीं करते हो और तुम्हारा विद्रोहीपन बहुत बड़ा है। तुम्हारा ऐसा कहना तुम्हारे प्रकृति सार को उजागर करता है और इसका मतलब है कि तुम परमेश्वर को बिल्कुल नहीं जानते। इसलिए, मैं आज तुम लोगों से यह सब कहता हूँ ताकि तुम लोग खुद पर सतर्कता बरतो और अपनी बड़ाई न करो और अपनी गवाही न दो। लोगों की यह प्रवृत्ति होती है कि वे प्रयास करें और अपने स्वतंत्र साम्राज्य स्थापित करें, क्योंकि वे सभी पद, धन और महिमा तथा दिखावे की प्रशंसा पसंद करते हैं। और वे सभी सोपानिक क्रम में दूसरी सबसे ऊँची जगह पर कब्जा करना और शक्ति प्रदर्शन करना पसंद करते हैं : “देखा मैं वहाँ कितना डरावना लग रहा था? जैसे ही मैंने उनमें थोड़ा डर पैदा किया, वे सभी आज्ञाकारी और विनम्र हो गए!” इस प्रकार की शक्ति का प्रदर्शन मत करो; यह बेकार है और यह कुछ भी साबित नहीं करता है। यह केवल इतना साबित करता है कि तुम विशेष रूप से अहंकारी हो, और तुम्‍हारा स्वभाव खराब है; इससे यह साबित नहीं होता कि तुममें कोई योग्यता है, तुममें सत्य वास्तविकता का होना तो दूर की बात है। कुछ वर्षों तक धर्मोपदेश सुनने के बाद, क्या तुम्हारे पास खुद का कोई ज्ञान है? क्या तुम्‍हें यह महसूस नहीं होता कि तुम खतरे में हो? यदि परमेश्वर मनुष्य को बचाने के लिए नहीं बोल रहा होता और कार्य नहीं कर रहा होता, तो क्या तुम सभी स्वतंत्र राज्य स्थापित नहीं कर रहे होते? क्या तुम लोग अपनी जिम्मेदारी वाली कलीसियाओं पर एकाधिकार नहीं करना चाहते, उन लोगों को अपने प्रभाव में नहीं लाना चाहते, ताकि उनमें से कोई भी तुम लोगों के नियंत्रण से बच न सके और सभी को तुम लोगों की बात सुननी पड़े? यदि तुम कभी ऐसा करते हो, लोगों को अपने नियंत्रण में लाते हो, तो तुम दानव और शैतान हो। ऐसे विचार रखना तुम्‍हारे लिए बहुत खतरनाक है; तुम पहले ही एक मसीह-विरोधी के मार्ग पर कदम रख चुके हो। यदि तुम उचित तरीके से आत्म-चिंतन नहीं करते और तुम परमेश्वर के सामने अपने पापों को कबूल करने और पश्चात्ताप करने में असमर्थ हो, तो तुम्‍हें निश्चित रूप से अलग कर दिया जाएगा, और परमेश्वर तुम पर कोई ध्यान नहीं देगा। यह सुनिश्चित करने के लिए कि तुम परमेश्वर के स्वभाव का अपमान न करो, तुम्‍हें पता होना चाहिए कि परमेश्वर के इरादों के अनुरूप होने के लिए तुम्हें खुद को कैसे बदलना है। तब तक प्रतीक्षा मत करते रहो, जब तक कि परमेश्वर का घर तुम्हें मसीह-विरोधी निरूपित करके निष्कासित न कर दे—तब तक बहुत देर हो चुकी होगी।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, परमेश्वर के प्रति मनुष्य के प्रतिरोध की जड़ उसकी अहंकारी प्रकृति है

मनुष्य को स्वयं को बहुत पूर्ण, बहुत प्रतिष्ठित, बहुत कुलीन या दूसरों से बहुत भिन्न नहीं समझना चाहिए; यह सब उसके अभिमानी स्वभाव और अज्ञानता से उत्पन्न होता है। हमेशा अपने आप को दूसरों से अलग समझना—यह अभिमानी स्वभाव के कारण होता है; कभी भी अपनी कमियाँ स्वीकार न कर पाना और कभी भी अपनी भूलों और असफलताओं का सामना न कर पाना—यह अभिमानी स्वभाव के कारण होता है; कभी भी दूसरों को अपने से श्रेष्ठ नहीं होने देना या अपने से बेहतर नहीं होने देना—ऐसा अभिमानी स्वभाव के कारण होता है; दूसरों की खूबियों को कभी खुद से श्रेष्ठ या बेहतर न होने देना—यह अभिमानी स्वभाव के कारण होता है; कभी दूसरों को अपने से बेहतर विचार, सुझाव और दृष्टिकोण न रखने देना और दूसरे लोगों के बेहतर होने का पता चलने पर खुद नकारात्मक हो जाना, बोलने की इच्छा न रखना, व्यथित और निराश महसूस करना और परेशान हो जाना—ये सभी चीजें अभिमानी स्वभाव के ही कारण होती हैं। अभिमानी स्वभाव तुम्हें अपनी प्रतिष्ठा के प्रति रक्षात्‍मक होने के कारण दूसरों के सुधारों को स्वीकार करने में असमर्थ बना सकता है, अपनी कमियों का सामना करने तथा अपनी असफलताओं और गलतियों को स्वीकार करने में असमर्थ बना सकता है। इसके अतिरिक्त, जब कोई व्यक्ति तुमसे बेहतर होता है, तो यह तुम्हारे दिल में घृणा और जलन पैदा कर सकता है, और तुम स्वयं को बाधित महसूस कर सकते हो, यहाँ तक कि तुम अपना कर्तव्य करना नहीं चाहते और इसे निभाने में खानापूरी करने वाले हो जाते हो। अभिमानी स्वभाव के कारण तुम्हारे अंदर ये व्यवहार और अभ्यास पैदा हो सकते हैं। अगर तुम इन विवरणों की धीरे-धीरे गहराई तक खोदकर पड़ताल करने, बाधाओं को पार करने में समर्थ हो और उनकी समझ हासिल कर लेते हो; और यदि तुम फिर धीरे-धीरे इन विचारों के खिलाफ विद्रोह करने, इन गलत धारणाओं, दृष्टिकोणों और यहाँ तक कि व्यवहारों के खिलाफ विद्रोह करने और उनसे बाधित होना बंद करने में सक्षम हो जाते हो; और यदि, अपना कर्तव्य करने के दौरान, तुम अपना उचित स्थान खोजने, सिद्धांतों के अनुसार काम करने और वह कर्तव्य करने में सक्षम हो जाते हो जो तुम कर सकते हो और जो तुम्हें करना चाहिए; तो तुम लोग जितना अधिक अपना कर्तव्य करोगे, तुम उसमें उतने ही बेहतर होते जाओगे। इस तरह, तुम सत्य वास्तविकता में प्रवेश कर चुके होगे। यदि तुम सत्य वास्तविकता में प्रवेश कर पाते हो तो तुम मानव के समान प्रतीत होगे और लोग कहेंगे, “यह व्यक्ति अपने पद के अनुसार आचरण करता है और वह अपना कर्तव्य व्यावहारिक ढंग से कर रहा है। वह अपना कर्तव्य करने के लिए स्वाभाविकता पर, गर्ममिजाजी पर या अपने शैतानी भ्रष्ट स्वभाव पर निर्भर नहीं रहता। वह संयम से काम करता है और उसके पास परमेश्वर का भय मानने वाला दिल होता है। उसमें सत्य से प्रेम करने के तत्व होते हैं और वह अपनी देह और अपनी पसंदों के खिलाफ विद्रोह करने की अभिव्यक्तियाँ दिखाता और इनका खुलासा करता है।” ऐसा आचरण करना कितना अद्भुत है! कभी-कभी जब दूसरे लोग तुम्हारी कमियाँ बताते हैं, तो तुम न केवल उन्हें स्वीकार कर लेते हो, बल्कि तुम आशावादी रहते हो, अपनी कमियों और समस्याओं का शांतचित्त होकर सामना करते हो। तुम्हारी मनोदशा बिल्कुल सामान्य है, अतिशयता और गरममिजाजी से मुक्त। क्या मानव के समान होना यही नहीं होता? केवल ऐसे लोगों में ही विवेक होता है।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, व्यक्ति के स्व-आचरण का मार्गदर्शन करने वाले सिद्धांत

परमेश्वर द्वारा जीत लिए जाने के बाद, मनुष्यों में कम-से-कम इतना विवेक तो होना ही चाहिए कि वे बिल्कुल भी अहंकारपूर्वक बात न करें। उन्हें “जमीन पर पड़े गोबर” का स्थान लेना चाहिए और कुछ ऐसी बातें कहनी चाहिए जो वास्तविक और ईमानदार हों—यह सबसे अच्छा होगा। विशेष रूप से परमेश्वर की गवाही देते समय, यदि तुम सचमुच दिल से निकली कुछ बातें कह सको और कुछ वास्तविक और ईमानदार बातें कह सको, जिसमें कोई खोखली या बड़ी-बड़ी बातें न हों और कोई झूठ या धोखा न हो, तो तुम्हारा स्वभाव सचमुच थोड़ा बदल गया होगा; परमेश्वर द्वारा जीत लिए जाने के बाद तुममें यही बदलाव आना चाहिए। अगर तुममें इतना भी विवेक नहीं हो सकता, तो तुम्हारे अंदर मनुष्य की छवि बिल्कुल भी नहीं है। भविष्य में जब सभी राष्ट्रों और क्षेत्रों में परमेश्वर के चुने हुए लोग परमेश्वर के समक्ष लौट चुके होंगे और उसके वचनों के जरिए जीत लिए गए होंगे, तब अगर परमेश्वर के गुणगान में किसी विशाल सभा में तुम फिर से अहंकारपूर्वक कार्य करने लगते हो, लगातार डींगें हाँकते हो और दिखावा करते हो, तो तुम्हें पूरी तरह से रद्दी में डालकर हटा दिया जाएगा। लोगों को हमेशा उचित तरीके से व्यवहार करना चाहिए, अपनी पहचान और रुतबे को स्पष्ट रूप से देखना चाहिए और अपने पुराने ढर्रे पर वापस नहीं लौटना चाहिए। मानव का अहंकार और दंभ शैतान की विशिष्ट छवि बनाते हैं। अपने इस पहलू को बदले बगैर, तुममें कभी भी मनुष्य की छवि नहीं हो सकती और हमेशा शैतान का चेहरा धारण किए रहोगे। अहंकार और दंभ का समाधान करना सबसे कठिन चीज है; और अपने अहंकार और दंभ का जरा-सा ज्ञान होने पर तुम पूर्ण परिवर्तन हासिल नहीं कर पाओगे; तुम्हें अभी भी शोधन से गुजरने के बहुत-से कष्ट सहने होंगे। न्याय, ताड़ना और काट-छाँट का सामना किए बिना, तुम लंबे समय में अभी भी खतरे में रहोगे और आसानी से अपने पुराने ढर्रे पर लौट जाओगे। भविष्य में, जब सभी राष्ट्रों और क्षेत्रों से परमेश्वर के चुने हुए लोग उसके कार्य को स्वीकार करेंगे और कहेंगे, “हमें बहुत पहले ही यह खुलासा कर दिया गया था कि परमेश्वर ने चीन में विजेताओं का एक समूह प्राप्त कर लिया है,” जब तुम लोग यह सुनोगे, तो तुम अपने मन में सोच सकते हो, “हमारे पास शेखी बघारने के लिए कुछ नहीं है, सब कुछ परमेश्वर के अनुग्रह से दिया गया है। हम विजेता कहलाने के लायक नहीं हैं।” लेकिन समय के साथ, जब तुम खुद को कुछ अनुभवजन्य समझ साझा करने में सक्षम देखना शुरू करते हो और तुम देखते हो कि तुम्हारे पास थोड़ी वास्तविकता है, तो तुम गहराई से विचार करोगे, “यहाँ तक कि अन्य देशों के लोगों को भी पवित्र आत्मा से प्रकाशन प्राप्त हुए हैं और वे कहते हैं कि परमेश्वर ने चीन में विजेताओं का एक समूह बनाया है, इसलिए यह हमें विजेता बनाता है।” तुम अपने दिलों में मौन रूप से इससे सहमत होगे और इसे स्वीकार करोगे और फिर बाद में तुम बिना किसी संकोच के बढ़ोगे और सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार करोगे। प्रशंसा का सामना करने पर मनुष्य के पाँव जमीन पर नहीं रहते; रुतबे की परीक्षा में डाले जाने पर वे झुक जाते हैं। यदि हमेशा तुम्हारी प्रशंसा की जाती है, तो तुम बड़े खतरे में हो; तुम्हारे विफल होने और गिरने की संभावना है। जिन लोगों का स्वभाव नहीं बदला है, वे आखिर में अडिग नहीं रह सकते।

भ्रष्ट मानवजाति के लिए समाधान करने वाली सबसे कठिन समस्या है अपने पुराने ढर्रे पर लौट जाना। इसे रोकने के लिए लोगों को पहले इससे अवगत होना चाहिए कि उन्होंने अभी तक सत्य प्राप्त नहीं किया है, उनके जीवन-स्वभाव में कोई बदलाव नहीं आया है, और यह कि भले ही वे परमेश्वर में विश्वास करते हैं, पर वे अभी भी शैतान की सत्ता में रह रहे हैं और उनका उद्धार नहीं किया गया है; वे किसी भी समय परमेश्वर से विश्वासघात कर सकते हैं और उसे छोड़ सकते हैं। यदि उनके हृदय में संकट का यह भाव हो—यदि, जैसा कि लोग अक्सर कहते हैं, वे शांति के समय खतरे के लिए तैयार रहें—तो वे कुछ हद तक अपने आपको काबू में रख पाएँगे, और अगर उनके साथ कुछ घटित हो भी जाए, तो वे परमेश्वर से प्रार्थना करेंगे और उस पर निर्भर रहेंगे, और अपने पुराने ढर्रे में लौट जाने से बच पाएँगे। तुम्हें स्पष्ट देखना चाहिए कि तुम्हारा स्वभाव नहीं बदला है, परमेश्वर से विश्वासघात करने की प्रकृति अभी भी तुममें गहराई तक जड़ें जमाए हुए है और वह निकाली नहीं गई है, तुम अब भी परमेश्वर के साथ विश्वासघात करने के जोखिम में हो और तुम्हारे अनंत विनाश भोगने और नष्ट किए जाने की संभावना निरंतर बनी हुई है। यह वास्तविक है; इसलिए तुम लोगों को सावधान रहना चाहिए। तीन सबसे महत्वपूर्ण बातें हैं, जिन्हें ध्यान में रखना चाहिए : पहली, तुम अभी भी परमेश्वर को नहीं जानते; दूसरी, तुम्हारे स्वभाव में कोई बदलाव नहीं आया है; और तीसरी, तुमने अभी तक सच्चे मनुष्य की छवि को नहीं जिया है। ये तीनों चीजें तथ्यों के अनुरूप हैं, ये वास्तविक हैं, और तुम्हें इनके बारे में स्पष्ट होना चाहिए। एक व्यक्ति के रूप में तुम्हें आत्म-जागरूक होना चाहिए। यदि तुममें सचमुच देह के खिलाफ विद्रोह करने और दोबारा अपने पुराने ढर्रे पर नहीं लौटने का संकल्प है, तो तुम्हें अपना नीति-वाक्य चुनना चाहिए : उदाहरण के लिए, “मैं जमीन पर पड़ा गोबर हूँ,” या “मैं प्रकृति से दानव हूँ,” या “मैं अक्सर पुराने ढर्रे पर चल पड़ता हूँ,” या “मैं हमेशा बड़े खतरे में हूँ।” इनमें से कोई भी तुम्हारा व्यक्तिगत नीति-वाक्य बनने के लिए उपयुक्त है, और यदि तुम जब कभी भी इसकी जरूरत होने पर इसे याद करोगे, तो यह तुम्हारी मदद करेगा। इसे कुछ और बार मन में दोहराते रहो, आत्म-चिंतन करो और शायद तुम कम गलतियाँ करने लगो या गलतियाँ करना बंद कर दो। बहरहाल, सबसे महत्वपूर्ण बात है परमेश्वर के और अधिक वचन पढ़ना, सत्य को समझना, अपनी प्रकृति को जानना और अपने भ्रष्ट स्वभाव को उतार फेंकना। तभी तुम सुरक्षित रहोगे। दूसरी चीज यह है कि कभी भी “परमेश्वर के गवाह” का स्थान न लो और कभी खुद को परमेश्वर के गवाह मत कहो। तुम केवल निजी अनुभव के बारे में बात कर सकते हो। तुम इस बारे में बात कर सकते हो कि परमेश्वर ने तुम लोगों को कैसे बचाया, इस बारे में संगति कर सकते हो कि परमेश्वर ने तुम लोगों को कैसे जीता, और यह बता सकते हो कि उसने तुम लोगों पर कौन-सा अनुग्रह किया। यह कभी मत भूलो कि तुम लोग सबसे अधिक भ्रष्ट हो, तुम गोबर और कचरा हो और यह कि अब तुम अंत के दिनों का परमेश्वर का कार्य स्वीकार कर पा रहे हो, तो यह पूरी तरह से इसलिए है क्योंकि उसके द्वारा तुम्हें ऊँचा उठाया गया है। इसकी वजह केवल यही है कि तुम लोग सबसे भ्रष्ट और सबसे गंदे हो, इसलिए तुम्हारा देहधारी परमेश्वर ने उद्धार किया है और उसने तुम पर इतना बड़ा अनुग्रह किया है। इसलिए तुम लोगों में शेखी बघारने के लिए कुछ भी नहीं है; तुम केवल परमेश्वर के उद्धार के लिए उसे धन्यवाद दे सकते हो। परमेश्वर के अनुग्रह को मत भूलो। तुम लोगों का उद्धार विशुद्ध रूप से परमेश्वर के अनुग्रह के कारण हुआ है।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, सत्य का अनुसरण करके ही व्यक्ति स्वभाव में बदलाव ला सकता है

और आज जब चीजें इस मुकाम पर पहुँच गई हैं, तो तुम उसके बारे में वास्तव में कितना जानते हो, जो मैं कहता और करता हूँ? यह मत सोचो कि तुम एक स्वाभाविक रूप से जन्मी विलक्षण प्रतिभा हो, जो स्वर्ग से थोड़ी ही निम्न, किंतु पृथ्वी से कहीं अधिक ऊँची है। तुम किसी दूसरे से ज्यादा होशियार नहीं हो—और यहाँ तक कहा जा सकता है कि तुम्हारी यह मूर्खता भी कितनी प्यारी है कि तुम पृथ्वी पर मौजूद किसी भी विवेकवान व्यक्ति से वास्तव में कितने अधिक मूर्ख हो, क्योंकि तुम खुद को बहुत ऊँचा समझते हो और तुममें कभी हीनता की भावना नहीं रही, मानो तुम मेरे कार्यों को उनके छोटे से छोटे ब्योरे तक स्पष्ट रूप से देख सकते हो। वास्तव में, तुम ऐसे व्यक्ति ही नहीं हो, जिसमें विवेक हो, क्योंकि तुम्हें इस बात का कुछ पता नहीं कि मैं क्या करने का इरादा रखता हूँ, और तुम इस बात से तो बिल्कुल भी अवगत नहीं हो कि मैं अभी क्या कर रहा हूँ। और इसलिए मैं कहता हूँ कि तुम एक बूढ़े किसान के बराबर भी नहीं हो, एक ऐसा किसान जिसे मानव-जीवन की थोड़ी-सी भी समझ नहीं है फिर भी जो भूमि पर खेती करते समय अपना सारा भरोसा स्वर्ग के आशीषों पर रखता है। तुम्हें अपने जीवन की जरा भी परवाह नहीं है, तुम प्रसिद्धि के बारे में भी कुछ नहीं जानते और तुममें आत्म-जागरूकता तो बिल्कुल भी नहीं है। तुम वास्तव में इतने “महान” हो! ... मैं तुम्हें एक सत्य बता दूँ : आज यह बहुत कम महत्त्व रखता है कि तुम्हारे पास भय मानने वाला हृदय है या नहीं; उसके बारे में मैं न तो चिंतित हूँ और न ही व्याकुल। लेकिन मुझे तुम्हें यह भी बताना होगा : तुम यह “प्रतिभा के धनी” व्यक्ति, जो सीखते नहीं और अज्ञानी बने रहते हो, अंततः अपनी आत्म-प्रशंसात्मक क्षुद्र चतुराई के कारण पतन को प्राप्त हो जाओगे—तुम वही होगे जो दुःख भोगेगा और जिसे ताड़ना दी जाएगी। मैं इतना बेवकूफ नहीं हूँ कि जब तुम नरक में दुःख भुगतोगे तो मैं तुम्हारा साथ दूँगा, क्योंकि मैं तुम्हारे जैसा नहीं हूँ। मत भूलो कि तुम एक सृजित प्राणी हो, जिसे मेरे द्वारा शाप दिया गया है, लेकिन जिसे मेरे द्वारा सिखाया और बचाया भी जाता है, और तुममें ऐसा कुछ भी नहीं है जिसे मैं छोड़ना न चाहूँ। मैं जिस भी समय अपना काम करता हूँ, मैं कभी किसी भी व्यक्ति, घटना या चीज से प्रभावित नहीं होता। मानवजाति के प्रति मेरा रवैया और दृष्टिकोण हमेशा एक-से रहे हैं। मैं तुम्हारे प्रति अनुकूल भाव नहीं रखता, क्योंकि तुम मेरे प्रबंधन का केवल एक गौण हिस्सा हो और तुम किसी भी अन्य प्राणी से अधिक विशेष नहीं हो। तुम्हें मेरी यह सलाह है : तुम्हें हर समय यह याद रखना चाहिए कि तुम परमेश्वर द्वारा सृजित प्राणी से अधिक कुछ नहीं हो! हालाँकि तुम अपना अस्तित्व मेरे साथ साझा करते हो, लेकिन तुम्हें अपनी पहचान पता होनी चाहिए; अपने बारे में बहुत ऊँची राय मत रखो। अगर मैं तुम्हें न भी फटकारूँ, या तुम्हारी काट-छाँट न भी करूँ और मुस्कराते चेहरे के साथ तुम्हारा अभिवादन भी करूँ, तो भी यह ये साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं है कि तुम मेरे समान ही हो। तुम—तुम्हें खुद को सत्य का अनुसरण करने वाले व्यक्ति के रूप में जानना चाहिए, खुद सत्य के रूप में नहीं! तुम्हें हर समय मेरे वचनों के अनुसार बदलने के लिए तैयार रहना ही होगा। तुम इससे बच नहीं सकते। मैं तुमसे आग्रह करता हूँ, इस मूल्यवान समय के दौरान, जब तुम्हारे पास यह दुर्लभ अवसर है, कुछ सीखने का प्रयास करो। मुझे मूर्ख मत बनाओ; मैं नहीं चाहता कि तुम मुझे धोखा देने के लिए मेरी चापलूसी करो। जब तुम मुझे खोजते हो, तो यह पूरी तरह से मेरे लिए नहीं होता, बल्कि तुम्हारे खुद के लिए होता है!

—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, जो लोग सीखते नहीं और अज्ञानी बने रहते हैं—क्या वे जानवर नहीं हैं?

शैतान ने मानवजाति को बहुत गहराई तक भ्रष्ट कर दिया है। सभी लोगों के भीतर शैतानी प्रकृति और अहंकारी स्वभाव है। यहाँ तक कि मूर्ख और बेवकूफ भी अहंकारी हैं, और खुद को अन्य लोगों से बेहतर मानते हुए उनकी आज्ञा का पालन करने से इनकार कर देते हैं। साफ दिखाई देता है कि मानवजाति बहुत गहराई तक भ्रष्ट है और उसके लिए परमेश्वर के प्रति समर्पण करना बहुत मुश्किल है। अपने अहंकार और आत्मधर्मिता के कारण, लोगों में विवेक की पूरी तरह से कमी हो गई है और वे किसी की भी आज्ञा नहीं मानते—दूसरों की बात सही और सत्य के अनुरूप होने पर भी वे उनकी आज्ञा नहीं मानते। यह अहंकार के कारण ही है कि लोग परमेश्वर की आलोचना, निंदा और प्रतिरोध करने का दुस्साहस करते हैं। तो, अहंकारी स्वभाव का समाधान कैसे किया जा सकता है? क्या इसका समाधान मानवीय संयम के भरोसे रहकर किया जा सकता है? क्या केवल इसकी पहचान करने और इसे स्वीकार करने मात्र से इसका समाधान हो सकता है? बिल्‍कुल नहीं। अहंकारी स्वभाव के समाधान का केवल एक ही तरीका है, और वह है परमेश्वर के न्याय और ताड़ना को स्वीकार करना। केवल वे जो सत्य को स्वीकार करने में सक्षम हैं, धीरे-धीरे अपना अहंकारी स्वभाव छोड़ सकते हैं; जो लोग सत्य स्वीकार नहीं करते, वे कभी अपने अहंकारी स्वभाव का समाधान करने में सक्षम नहीं होंगे। मैं ऐसे कई लोगों को देखता हूँ जो अपने कर्तव्य में थोड़ा कौशल क्या दिखा देते हैं, इसे अपने दिमाग पर हावी हो जाने देते हैं। जब वे कुछ खूबियाँ दिखाते हैं, तो वे सोचते हैं कि वे अद्भुत हैं और फिर वे अपनी उपलब्धियों पर संतुष्ट हो जाते हैं और खुद को आगे नहीं बढ़ाते। दूसरों की बातें चाहे कितनी भी सही या सत्य के कितने भी अनुरूप क्यों न हों, वे नहीं सुनते, यह सोचते हुए कि उनके पास जो यह तुच्छ चीज है, वही सबसे मूल्यवान है, यह बेजोड़ है और सत्य की जगह ले सकती है। यह कैसा स्वभाव है? यह अहंकारी स्वभाव है। उनमें विवेक की बहुत कमी है। क्या अहंकारी स्वभाव होने पर कोई व्यक्ति अपना कर्तव्य अच्छी तरह से कर सकता है? क्या वह परमेश्वर के प्रति समर्पण कर सकता है और अंत तक परमेश्वर का अनुसरण कर सकता है? यह तो और भी मुश्किल है। अहंकारी स्वभाव का समाधान करने के लिए, तुम्हें सीखना होगा कि अपना कर्तव्य करते समय परमेश्वर के कार्य, उसके न्याय और ताड़ना का अनुभव कैसे किया जाए। केवल इसी तरह से तुम स्वयं को वास्तव में जान सकते हो। केवल अपने भ्रष्ट सार को स्पष्ट रूप से देखकर और अपने अहंकार की जड़ को स्पष्ट रूप से देखकर, और फिर उनका भेद पहचानकर और गहन-विश्लेषण करके ही तुम वास्तव में अपने प्रकृति सार को जान सकते हो। अपने भीतर की सभी भ्रष्ट चीजों को खोदकर निकालने और सत्य के आधार पर उनकी तुलना करने और उन्हें जानने से, तुम स्पष्ट रूप से देखोगे कि तुम क्या हो : न केवल तुम भ्रष्ट स्वभावों से भरे हो और तुममें विवेक और समर्पण का अभाव है, बल्कि तुममें बहुत ज्यादा कमी है—तुममें सत्य वास्तविकता का लेशमात्र भी नहीं है और तुम सचमुच दयनीय हो। यदि तुम यह एहसास कर लेते हो, तो तुम बिल्कुल भी अहंकार नहीं कर पाओगे। यदि तुम इस तरह से अपना गहन-विश्लेषण नहीं करते और स्वयं को नहीं जानते, तो कुछ समय तक अपना कर्तव्य करने के बाद तुम्हें लगेगा कि तुम्हारे पास पूँजी है और तुम अपनी सीमाएँ भूल जाओगे। तुम सोचोगे कि तुम हर तरह से महान हो, दूसरे हर तरह से बुरे हैं और केवल तुम ही सबसे अच्छे हो। फिर तुम हर अवसर पर अपना दिखावा करोगे, यह कोशिश करते हुए कि दूसरे तुम्हारे प्रति उच्च सम्मान रखें और तुम्हारी आराधना करें। यह पूरी तरह से आत्म-जागरूकता की कमी है। कुछ लोग हमेशा दिखावा करते रहते हैं। जब दूसरों को यह बुरा लगता है, तो वे उन्हें अहंकारी कहकर उनकी आलोचना करते हैं। लेकिन वे प्रतिरोधी हो जाते हैं; वे अभी भी सोचते हैं कि उनमें कौशल और क्षमता है। यह कैसा स्वभाव है? वे अत्यधिक अहंकारी और आत्मधर्मी हैं! क्या ऐसे अहंकारी और आत्मधर्मी लोग सत्य के प्‍यासे हो सकते हैं? क्या वे सत्य का अनुसरण कर सकते हैं? यदि वे कभी स्वयं को जानने में सक्षम नहीं होते हैं और यह भ्रष्ट स्वभाव नहीं छोड़ पाते हैं, तो क्या वे अपना कर्तव्य अच्छी तरह से कर सकते हैं? निश्‍चित रूप से, नहीं।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, अपने स्‍वभाव का ज्ञान उसमें बदलाव की बुनियाद है

जब तुम मनुष्य द्वारा प्रकट किए जाने वाले अहंकारी स्वभाव की अभिव्यक्तियाँ उजागर करने वाले परमेश्वर के वचन सुनते हो, तो तुम्हें अपने मन में सोचना चाहिए : “क्या मैं अहंकार की अभिव्यक्तियाँ प्रदर्शित करता हूँ? मैं एक भ्रष्ट मानव हूँ, तो मैं ऐसी अभिव्यक्तियाँ प्रदर्शित करता होऊंगा; मुझे इस बात पर विचार करना चाहिए कि मैं ऐसा कहाँ करता हूँ। लोग कहते हैं कि मैं अहंकारी हूँ, कि मैं हमेशा खुद को दूसरों से ज्यादा महत्वपूर्ण मानकर चलता हूँ, कि जब मैं बोलता हूँ तो लोगों को बाधित करता हूँ। क्या वास्तव में यही मेरा स्वभाव है?” चिंतन के माध्यम से तुम अंततः जान जाओगे कि परमेश्वर के वचनों का खुलासा पूरी तरह से सटीक है—कि तुम एक अहंकारी व्यक्ति हो। और चूँकि परमेश्वर के वचनों का प्रकाशन पूरी तरह से सटीक है, चूँकि वह बिना किसी विसंगति के तुम्हारी स्थिति से पूरी तरह मेल खाता है और जितना ज्यादा तुम आत्मचिंतन करते हो, तुम्हें यह और भी ज्यादा सटीक लगता है, तो तुम्हें उसके वचनों का न्याय और प्रताड़ना स्वीकारनी चाहिए और परमेश्वर के वचनों के अनुसार अपने भ्रष्ट स्वभाव के सार का भेद पहचानना और जानना चाहिए। तब तुम सच्चा पछतावा महसूस कर पाओगे। परमेश्वर में विश्वास करते हुए, केवल इस तरह से उसके वचन खाने-पीने से ही तुम खुद को जान सकते हो। अपने भ्रष्ट स्वभाव दूर करने के लिए तुम्हें परमेश्वर के वचनों का न्याय और प्रकाशन स्वीकारना चाहिए। अगर तुम ऐसा नहीं कर सकते, तो तुम्हारे पास अपने भ्रष्ट स्वभाव को त्याग देने का कोई उपाय नहीं होगा। अगर तुम एक चतुर व्यक्ति हो और तुम देखते हो कि परमेश्वर के वचनों का खुलासा आम तौर पर सटीक होता है या यह स्वीकार सकते हो कि उसका आधा हिस्सा सही है, तो तुम्हें फौरन उसे स्वीकार लेना चाहिए और परमेश्वर के सामने समर्पण कर देना चाहिए। तुम्हें उससे प्रार्थना कर आत्मचिंतन भी करना चाहिए। तभी तुम समझ पाओगे कि परमेश्वर के खुलासे के सभी वचन सटीक होते हैं, कि वे सभी तथ्य हैं, उससे कम कुछ नहीं हैं। परमेश्वर के सामने समर्पण करके और परमेश्वर का भय मानने वाला हृदय रखकर ही लोग वास्तव में आत्मचिंतन कर सकते हैं। तभी वे अपने भीतर मौजूद विभिन्न प्रकार के भ्रष्ट स्वभाव देख पाएँगे और यह भी कि वे वास्तव में अहंकारी और आत्मधर्मी हैं, जिनमें जरा-सा भी विवेक नहीं है। अगर वे सत्य के प्रेमी हैं तो वे परमेश्वर के सामने दंडवत करेंगे, उसके सामने स्वीकार करेंगे कि वे गहराई तक भ्रष्ट हैं और उसका न्याय और ताड़ना स्वीकार करने के इच्छुक होंगे। इस तरह, उनके भीतर पछतावे का हृदय विकसित होगा और वे खुद को नकारना और खुद से नफरत करना शुरू कर देंगे और खेद महसूस करेंगे : “पहले मैं अच्छी तरह जानता था कि परमेश्वर के वचन सत्य हैं, तो फिर मैं परमेश्वर के वचनों का न्याय और ताड़ना क्यों नहीं स्वीकार सका? परमेश्वर के वचनों के प्रति मेरा रवैया इतना अहंकारी क्यों था?” कुछ समय तक इस तरह बार-बार आत्मचिंतन करने के बाद वे दिल से स्वीकार करेंगे कि वे वास्तव में अहंकारी हैं और उनका यह पूरी तरह से स्वीकार करने में विफल रहना कि परमेश्वर के वचन सत्य और तथ्य हैं, पूरी तरह से विवेक से रहित है। लेकिन खुद को जानना बहुत मुश्किल चीज है। हर बार जब कोई व्यक्ति चिंतन करता है, तब वह अपने बारे में केवल थोड़ा-सा ज्ञान प्राप्त कर सकता है और थोड़ा और गहराई में जा सकता है। भ्रष्ट स्वभाव का स्पष्ट ज्ञान प्राप्त करना कोई ऐसी चीज नहीं है, जिसे थोड़े समय में पूरा किया जा सकता हो; व्यक्ति को परमेश्वर के और अधिक वचन पढ़ने चाहिए, अधिक प्रार्थना करनी चाहिए और अधिक आत्मचिंतन करना चाहिए। सिर्फ इसी तरह वह धीरे-धीरे खुद को जान सकता है। वे सभी जो वाकई खुद को जानते हैं, अतीत में कुछ बार असफल हुए और लड़खड़ाए हैं, जिसके बाद, उन्होंने परमेश्वर के वचन पढ़े, उससे प्रार्थना की, और आत्मचिंतन किया, और इस तरह वे अपनी भ्रष्टता का सत्य स्पष्ट रूप से देख पाए, और यह महसूस कर पाए कि वे वाकई अत्यधिक भ्रष्ट और सत्य वास्तविकता से सर्वथा वंचित थे। अगर तुम इस प्रकार परमेश्वर के कार्य का अनुभव करते हो और जब तुम्हारे साथ चीजें घटित होती हैं तो उससे प्रार्थना करते और सत्य खोजते हो, तो तुम धीरे-धीरे स्वयं को जान जाओगे। फिर एक दिन, अंततः तुम्हारे हृदय में स्पष्ट समझ आ जाएगी, “मैं दूसरों की तुलना में थोड़ी बेहतर काबिलियत का हो सकता हूँ, लेकिन यह मुझे परमेश्वर द्वारा दी गई थी। मैं हमेशा शेखी बघारता हूँ, जब बोलता हूँ तो दूसरों से आगे निकलने का प्रयास करता हूँ, कोशिश करता हूँ कि लोग मेरे तरीके से काम करें। मुझमें वाकई विवेक नहीं है—यह अहंकार और खुद को ही सही मानना है! आत्मचिंतन से मैंने अपने अहंकारी स्वभाव के बारे में जान लिया है। यह परमेश्वर का प्रबोधन और अनुग्रह है, और मैं इसके लिए उसका धन्यवाद करता हूँ!” अपने भ्रष्ट स्वभाव के बारे में जानना अच्छी बात है या बुरी? (अच्छी बात है।) यहाँ से, तुम्हें खोजना चाहिए कि विवेक और आज्ञाकारिता के साथ कैसे बोलना और कार्य करना है, दूसरों के साथ बराबरी पर कैसे खड़े होना है, दूसरों के साथ उचित व्यवहार कैसे करना है, उन्हें बाधित करने से कैसे बचना है, अपनी काबिलियत, गुणों और खूबियों आदि को सही तरीके से कैसे लेना है। इस तरह, जैसे एक बार में एक प्रहार करने से पहाड़ धूल में बदल जाता है, वैसे ही तुम्हारे अहंकारी स्वभाव का समाधान हो जाएगा। उसके बाद जब तुम दूसरों के साथ बातचीत करोगे या कोई कर्तव्य निभाने के लिए उनके साथ काम करोगे, तो तुम उनके विचारों पर सही तरह से विचार कर पाओगे और उन्हें सुनते हुए उन पर सावधानी और करीब से ध्यान दे पाओगे। जब तुम दूसरों को ऐसे विचार व्यक्त करते हुए सुनते हो जो सही और सत्य के अनुरूप होते हैं, तो तुम्हें एहसास होगा कि अन्य सभी लोगों में अपनी कुछ खूबियाँ हैं और वे तुमसे बिल्कुल भी हीन नहीं हैं। तुम सोचोगे, “मैं हमेशा यह क्यों मानता था कि मैं दूसरों से बेहतर हूँ? यह आत्म-प्रशंसा और संकीर्ण मानसिकता वाली अज्ञानता थी। मैं कुएँ के मेंढक की तरह था। इस तरह सोचना कितना विवेकरहित था—यह बेशर्मी थी! मेरे अहंकारी स्वभाव ने मेरी आँखों पर पट्टी बाँध दी थी और कान अवरुद्ध कर दिए थे। मैंने किसी और की बात नहीं सुनी और बस यही सोचा कि मैं ठीक और सही हूँ। पता चला कि मैं किसी और से बेहतर नहीं हूँ!” तब से तुम्हें अपनी कमियों और अपने छोटे आध्यात्मिक कद की सच्ची गहरी समझ और ज्ञान होगा। फिर, जब तुम दूसरों के साथ संगति करोगे और अपना कर्तव्य निभाने में उनके साथ सहयोग करोगे, तो तुम पाओगे कि ऐसे बहुत-से लोग हैं जो तुमसे बेहतर हैं और तुम्हारी काबिलियत और बोध क्षमता ज्यादा से ज्यादा औसत दर्जे की है। क्या यह इस बात का संकेत नहीं होगा कि तुममें थोड़ी आत्म-जागरूकता है? इस तरह अनुभव करने से—परमेश्वर के वचनों के अनुसार बार-बार आत्मचिंतन करने से—तुम सच्चा आत्म-ज्ञान प्राप्त करने में सक्षम होगे और यह ज्ञान और भी गहरा होता जाएगा। तुम अपनी भ्रष्टता की असलियत देख पाओगे, अपनी दरिद्रता और दयनीयता देख पाओगे और अपनी असहनीय कुरूपता देख पाओगे। उस समय तुम खुद से विमुख महसूस करोगे और अपने भ्रष्ट स्वभावों से नफरत करोगे। तब तुम्हारे लिए खुद से विद्रोह करना आसान हो जाएगा। परमेश्वर के कार्य का अनुभव इसी तरह किया जाता है। तुम्हें परमेश्वर के वचनों के अनुसार अपनी भ्रष्टता के प्रकटीकरण पर चिंतन करना चाहिए। विशेष रूप से, किसी भी प्रकार की स्थिति में भ्रष्ट स्वभाव प्रकट करने के बाद तुम्हें बार-बार आत्मचिंतन करना और खुद को जानना चाहिए। तब तुम्हारे लिए अपने भ्रष्ट स्वभावों को स्पष्ट रूप से देखना आसान हो जाएगा और तुम दिल से अपनी देह और शैतान से नफरत कर सकोगे और अपने दिल में सत्य से प्रेम कर सकोगे और उसे पाने का प्रयास कर सकोगे। इस तरह तुम्हारा अहंकारी स्वभाव कम होता जाएगा और तुम धीरे-धीरे इसे त्याग दोगे। तुम अधिक से अधिक विवेक प्राप्त करोगे और तुम्हारे लिए परमेश्वर के प्रति समर्पित होना आसान हो जाएगा। दूसरों की नजर में तुम अधिक स्थिर, अधिक सुलझे हुए होगे और अधिक वस्तुनिष्ठ रूप से बोलोगे। तुम दूसरों की बात सुनोगे और जब वे कुछ सही कहेंगे, तो तुम्हारे लिए उनकी बातें स्वीकार करना आसान होगा। तुम लोगों के साथ सामान्य रूप से व्यवहार कर सकोगे और उनके साथ सामंजस्यपूर्ण ढंग से सहयोग कर सकोगे। इस तरह अपना कर्तव्य निभाने से क्या तब तुममें विवेक और मानवता नहीं होगी? (हाँ।) इस भ्रष्ट स्वभाव को हल करने का यही तरीका है।

—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण करने का क्या अर्थ है (1)

अगर तुम्हारे पास अहंकारी स्वभाव हल करने का कोई मार्ग नहीं है, तो तुम्हें परमेश्वर से इस तरह प्रार्थना करनी चाहिए : “परमेश्वर, मेरा अहंकारी स्वभाव है। मुझे लगता है कि मैं दूसरों से ज्यादा काबिल हूँ, दूसरों से बेहतर हूँ, दूसरों से ज्यादा चतुर हूँ और मैं दूसरों से वैसा ही करवाना चाहता हूँ जैसा मैं कहता हूँ। यह विवेक से रहित है। यह जानते हुए भी कि यह अहंकार है, मैं इसे क्यों नहीं छोड़ पाता? मैं विनती करता हूँ कि तुम मुझे अनुशासित करो और फटकारो। मैं अपना अहंकार और अपने इरादे छोड़कर तुम्हारे इरादे खोजने के लिए तैयार हूँ। मैं तुम्हारे वचन सुनने और उन्हें अपना जीवन और कार्य करने के सिद्धांत मानने के लिए तैयार हूँ। मैं तुम्हारे वचनों को जीने के लिए तैयार हूँ। मैं विनती करता हूँ कि तुम मेरा मार्गदर्शन करो, मैं विनती करता हूँ कि तुम मेरी सहायता और अगुआई करो।” क्या इन शब्दों में समर्पण का रवैया है? समर्पण करने की इच्छा है? (हाँ।) कुछ लोग कह सकते हैं, “सिर्फ एक बार प्रार्थना करने से काम नहीं चलता। जब मेरे साथ कुछ घटित होता है, तो मैं अभी भी अपने भ्रष्ट स्वभाव के अनुसार जीता हूँ और मैं अभी भी अपनी मर्जी चलाना चाहता हूँ।” उस स्थिति में प्रार्थना करते रहो, “परमेश्वर, मैं बहुत अहंकारी हूँ, बहुत विद्रोही हूँ! मैं तुमसे विनती करता हूँ कि तुम मुझे अनुशासित करो, मेरे बुरे काम के कदम रोक दो, और मेरे अहंकारी स्वभाव पर लगाम लगाओ। मैं विनती करता हूँ कि तुम मेरा मार्गदर्शन और मेरी अगुआई करो और इस तरह मुझे सक्षम बनाओ कि मैं तुम्हारे वचनों को जी सकूँ और तुम्हारे वचनों और तुम्हारी अपेक्षाओं के अनुसार अभ्यास कर सकूँ।” प्रार्थना और विनती करने में परमेश्वर के सामने और ज्यादा आओ और उसे कार्य करने दो और तुम्हारी अगुआई करने दो। तुम्हारे शब्द जितने सच्चे होंगे और तुम्हारा दिल जितना सच्चा होगा, अपनी देह और खुद से विद्रोह करने की तुम्हारी इच्छा उतनी ही ज्यादा होगी। जब यह इच्छा अपनी इच्छा के अनुसार कार्य करने की तुम्हारी इच्छा पर हावी हो जाएगी, तो तुम्हारा दिल धीरे-धीरे बदलना शुरू हो जाएगा। उस समय, तुम्हारे सत्य का अभ्यास करने और सत्य सिद्धांतों के अनुसार कार्य करने की आशा होगी। जब तुम प्रार्थना कर रहे होगे, तो परमेश्वर तुमसे कुछ नहीं कहेगा, या तुम्हें कोई निर्देश नहीं देगा, या तुमसे किसी चीज का वादा नहीं करेगा, बल्कि वह तुम्हारे दिल और तुम्हारे शब्दों के पीछे की मंशा की जाँच-परख करेगा—वह यह जाँच-परख करेगा कि तुम जो कहते हो वह सच्चा और सही है या नहीं और क्या तुम एक ईमानदार दिल से उससे विनती और प्रार्थना कर रहे हो। जब परमेश्वर देखेगा कि तुम्हारा दिल ईमानदार है, तो वह तुम्हारी अगुआई करेगा, तुम्हारा मार्गदर्शन करेगा और तुम्हारे अनुरोधों और विनती के अनुसार तुम्हारी प्रार्थनाओं का उत्तर देगा। तब तुम्हारा दिल प्रबुद्ध हो जाएगा और धीरे-धीरे बदलना शुरू हो जाएगा। यदि उस अवधि के दौरान जब परमेश्वर तुम्हें प्रबुद्ध कर रहा है और तुम्हारा मार्गदर्शन कर रहा है, तुम कोई भ्रष्ट स्वभाव प्रकट करते हो और इस तरह उसके खिलाफ विद्रोह या उसका प्रतिरोध करते हो, तो वह तुम्हें फटकारेगा और अनुशासित भी करेगा।

—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण करने का क्या अर्थ है (2)

अपने दैनिक जीवन में, चाहे बोलते हुए हो, आचरण करते और मामले सँभालते समय हो, अपना कर्तव्य निभाते हुए और दूसरों के साथ संगति करते हुए हो—चाहे कोई भी मामला या परिस्थिति हो, तुम्हें हर समय यह जाँचने पर ध्यान देना चाहिए कि तुममें अहंकारी स्वभाव के कौन-से खुलासे होते हैं। तुम्हें अहंकारी स्वभाव से आने वाले उन सभी खुलासों, विचारों और भावों का पता लगाना चाहिए जिनके बारे में तुम जानते हो और जिन्हें अनुभव कर सकते हो, साथ ही अपनी मंशाओं और लक्ष्यों को भी—विशेष रूप से, हमेशा ऊँचाई से दूसरों को भाषण देने की इच्छा रखना; किसी की आज्ञा न मानना; दूसरों को खुद से हीन समझना; दूसरे चाहे कितने भी सही क्यों न हों वे जो कहते हैं उसे स्वीकार न करना; खुद गलत होने पर भी दूसरों से अपनी बात मनवाना और उसके प्रति समर्पण करवाना; दूसरों की अगुआई करने की सतत प्रवृत्ति होना; अगुआ और कार्यकर्ता जब तुम्हारी काट-छाँट करें तो इसे स्वीकार करने का अनिच्छुक होना और बहाने बनाना, यहाँ तक कि झूठा कहकर उनकी निंदा करना; हमेशा दूसरों की निंदा करना और खुद को ऊपर उठाना; हमेशा यह सोचना कि तुम अन्य सबसे बेहतर हो; हमेशा एक मशहूर व्यक्ति या महान शख्सियत होने की इच्छा रखना; हमेशा दिखावा करना पसंद करना, ताकि दूसरे तुम्हें सम्मान दें और तुम्हारी आराधना करें...। भ्रष्टता के इन खुलासों पर चिंतन करने और इनका गहन-विश्लेषण करने के अभ्यास के जरिये तुम जान सकते हो कि तुम्हारा अहंकारी स्वभाव कितना भद्दा है, और तुम खुद से घृणा और अपना तिरस्कार कर सकते हो, और अपने अहंकारी स्वभाव से और भी ज्यादा नफरत कर सकते हो। इस तरह तुम इस बात पर विचार करने के इच्छुक होगे कि तुमने सभी मामलों में अहंकारी स्वभाव प्रकट किया है या नहीं। इसका एक हिस्सा इस बात पर चिंतन करना है कि तुम्हारे बोलने में अहंकारी और आत्मतुष्ट स्वभाव के कौन-से खुलासे होते हैं—तुम जो चीजें कहते हो उनमें कौन-सी बड़ी-बड़ी बातें, अहंकारी बातें और विवेक रहित बातें हैं। दूसरा हिस्सा इस बात पर चिंतन करना है कि अपनी धारणाओं, कल्पनाओं, महत्वाकांक्षाओं और इच्छाओं के अनुसार कार्य करते हुए तुम कौन-सी बेतुकी, कौन-सी विवेक रहित चीजें करते हो। केवल इस तरह का आत्मचिंतन ही आत्मज्ञान उत्पन्न कर सकता है। जब तुम सच्चा आत्मज्ञान प्राप्त कर लेते हो, तो तुम्हें परमेश्वर के वचनों में एक ईमानदार व्यक्ति होने के लिए अभ्यास के मार्ग और सिद्धांत खोजने चाहिए और फिर परमेश्वर के वचनों में बताए गए मार्गों और सिद्धांतों के अनुसार अभ्यास करना चाहिए, अपना कर्तव्य निभाना चाहिए और दूसरों से पेश आना और मिलना-जुलना चाहिए। कुछ समय, शायद एक-दो महीने, इस तरह से अभ्यास कर लेने पर तुम महसूस करोगे कि तुम कुछ हासिल कर चुके हो और यह जो मिठास लाता है उसका स्वाद प्राप्त कर चुके हो। तुम महसूस करोगे कि तुम्हारे पास एक ऐसा ईमानदार व्यक्ति बनने का मार्ग है जिसके पास विवेक है और तुम दिल से काफी प्रबुद्ध और अधिक स्थिरचित्त महसूस करोगे। यूँ तो तुम अभी सत्य के विशेष रूप से गहन ज्ञान के बारे में बात नहीं कर पाओगे, पर तुमने उसके बारे में कुछ बोधात्मक ज्ञान और साथ ही अभ्यास का एक मार्ग भी प्राप्त कर लिया होगा। हालाँकि तुम इसे शब्दों में स्पष्ट रूप से व्यक्त नहीं कर पाओगे, फिर भी तुम्हें भेद की थोड़ी पहचान होगी कि अहंकारी स्वभाव लोगों को क्या नुकसान पहुँचाता है और कैसे उनकी मानवता विकृत कर देता है। उदाहरण के लिए, अहंकारी, दंभी लोग अक्सर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं और अहंकारी चीजें कहते हैं और दूसरों को धोखा देने के लिए दानवी शब्द बोलते हैं; वे आडंबरपूर्ण शब्द बोलते हैं, नारे लगाते हैं और ऊँची-ऊँची बातें करते हैं। क्या ये अहंकारी स्वभाव की विभिन्न अभिव्यक्तियाँ नहीं हैं? क्या अहंकारी स्वभाव के ये खुलासे करना विवेक से रहित होना ही नहीं है? अगर तुम वास्तव में यह समझने में सक्षम हो कि अहंकारी स्वभाव के ये खुलासे करने का अर्थ वास्तव में यह है कि तुम अपना सामान्य मानवीय विवेक खो चुके हो और अहंकारी स्वभाव के भीतर जीने का मतलब है कि तुम मानवता के बजाय दानवता को जी रहे हो, तो तुमने वास्तव में पहचान लिया होगा कि भ्रष्ट स्वभाव शैतान का स्वभाव है, और तुम शैतान और भ्रष्ट स्वभावों से दिल से घृणा करने में सक्षम होगे। छह महीने या साल भर के ऐसे अनुभव के बाद, तुम सच्चा आत्मज्ञान प्राप्त करने में सक्षम हो जाओगे, और अगर तुम फिर से अहंकारी स्वभाव प्रकट करोगे, तो तुरंत उसके बारे में जान जाओगे, और उसके खिलाफ विद्रोह कर उसे त्यागने में सक्षम हो जाओगे। तुम बदलना शुरू कर चुके होगे, और धीरे-धीरे अपना अहंकारी स्वभाव छोड़ने में सक्षम हो जाओगे, और सामान्य रूप से दूसरों के साथ हिल-मिलकर रह पाओगे। तुम ईमानदारी से और दिल से बोल पाओगे; तुम अब झूठ नहीं बोलोगे या अहंकारी बातें नहीं कहोगे। तब क्या तुममें थोड़ा-सा विवेक और एक ईमानदार व्यक्ति की थोड़ी-सी समानता नहीं होगी? क्या वह प्रवेश कोई ऐसी चीज नहीं होगी जो तुम प्राप्त कर चुके हो? यह वह क्षण है, जब तुम कुछ हासिल करना शुरू करोगे। जब तुम इस तरह ईमानदार होने का अभ्यास करोगे, तो तुम चाहे किसी भी तरह का अहंकारी स्वभाव क्यों न प्रकट करो, सत्य खोजने और आत्मचिंतन करने में सक्षम होगे, और कुछ समय तक इस तरह से एक ईमानदार व्यक्ति होने का अनुभव करने के बाद तुम अनजाने ही और धीरे-धीरे एक ईमानदार व्यक्ति होने के बारे में सत्यों और परमेश्वर के प्रासंगिक वचनों को समझने लगोगे। और जब तुम अपने अहंकारी स्वभाव का गहन-विश्लेषण करने के लिए उन सत्यों का उपयोग करते हो, तो तुम्हारे हृदय की गहराइयों में परमेश्वर के वचनों की प्रबुद्धता और रोशनी होगी और तुम्हारा हृदय प्रबुद्ध महसूस करने लगेगा। तुम स्पष्ट रूप से वह भ्रष्टता देख सकोगे जो अहंकारी स्वभाव लोगों में लाता है, और वह कुरूपता देखोगे, जिसे जीने के लिए वह उन्हें मजबूर करता है, और उन सभी भ्रष्ट अवस्थाओं का भेद पहचानने में सक्षम होगे, जिनमें लोग स्वयं को तब पाते हैं जब वे अहंकारी स्वभाव प्रकट करते हैं। अधिक गहन-विश्लेषण करने पर तुम शैतान की कुरूपता और अधिक स्पष्ट रूप से देखोगे, और तुम शैतान से और भी अधिक घृणा करोगे। इस तरह तुम्हारे लिए अपना अहंकारी स्वभाव त्याग देना आसान हो जाएगा।

—वचन, खंड 6, सत्य के अनुसरण के बारे में, सत्य का अनुसरण करने का क्या अर्थ है (2)

अगर किसी व्यक्ति का खुद के बारे में ज्ञान बहुत उथला है, तो इससे कोई भी समस्या कतई हल नहीं होगी और उसका जीवन स्वभाव बिल्कुल नहीं बदलेगा। तुम्हें खुद को बहुत गहराई से जानना होगा। इसका मतलब है अपनी प्रकृति को जानना, यह जानना कि उसमें कौन-से तत्व शामिल हैं, ये चीजें कहाँ से पैदा होती हैं और कहाँ से आती हैं। इसके अलावा, क्या तुम सच में इन चीजों से नफरत करने में समर्थ हो? क्या तुमने अपनी बदसूरत आत्मा और अपनी दुष्ट प्रकृति को देखा है? अगर तुम सच में अपनी सच्चाई देख लो, तो तुम खुद से नफरत करने लगोगे। जब तुम खुद से नफरत करते हो और फिर परमेश्वर के वचनों का अभ्यास करने की कोशिश करते हो, तो तुम देह से विद्रोह कर पाओगे और सत्य का अभ्यास करने की ताकत पा लोगे, और तब यह संघर्ष जैसा महसूस नहीं होगा। कई लोग अपनी दैहिक पसंद के अनुसार काम क्यों करते हैं? क्योंकि वे खुद को काफी अच्छा समझते हैं और महसूस करते हैं कि उनके काम काफी उचित और जायज हैं, उनमें कोई त्रुटि नहीं है और यहाँ तक कि वे पूरी तरह से सही हैं और इसलिए वे पूरी आत्म-निश्चितता से काम करते हैं। जब वे सच में जान लेंगे कि उनकी प्रकृति कैसी है—यह कितनी बदसूरत, घिनौनी और दयनीय है—तो वे खुद को इतना बड़ा समझना और इतना घमंड करना बंद कर देंगे और वे खुद से इतने खुश नहीं रहेंगे। वे सोचेंगे, “मुझे जमीन से जुड़े रहकर परमेश्वर के कुछ वचनों का अभ्यास करना चाहिए। वरना, मैं मानव होने के मानक पर खरा नहीं उतरूँगा और परमेश्वर के सामने जीने में मुझे शर्म आएगी।” वे सच में खुद को छोटा और नितांत तुच्छ समझेंगे। इस मुकाम पर, उनके लिए सत्य का अभ्यास करना आसान हो जाएगा और वे कुछ-कुछ वैसे दिखने लगेंगे जैसा एक इंसान को दिखना चाहिए। जब कोई व्यक्ति सच में खुद से नफरत करता है, केवल तभी वह देह से विद्रोह कर पाता है। अगर वह खुद से नफरत नहीं करता, तो वह देह से विद्रोह नहीं कर पाएगा। खुद से सचमुच नफरत करना कोई आसान मामला नहीं है। इसके लिए व्यक्ति को कुछ सत्य समझने की आवश्यकता होती है : सबसे पहले उन्हें अपनी प्रकृति का ज्ञान अवश्य होना चाहिए। दूसरे, उसे यह देखना चाहिए कि वह दीन-हीन और दयनीय है, वह अत्यंत छोटा और तुच्छ है, और उसे अपनी दयनीय, गंदी आत्मा को देखना चाहिए। जब वह पूरी तरह से देख लेता है कि वह असल में क्या है—जब यह नतीजा हासिल हो जाता है—तो उसे सच में खुद का ज्ञान मिलता है और तब कहा जा सकता है कि खुद के बारे में उसका ज्ञान बिल्कुल सटीक है। केवल इस मुकाम पर वह खुद से नफरत कर सकता है, यहाँ तक कि खुद को कोस सकता है और सच में यह महसूस कर सकता है कि शैतान ने इंसानों को इतनी गहराई तक भ्रष्ट कर दिया है कि वे किसी भी मनुष्य की छवि से रहित हैं। एक दिन, अगर उस पर सच में मौत का खतरा मँडराएगा, तो वह सोचेगा, “यह परमेश्वर का धार्मिक दंड है। परमेश्वर सच में धार्मिक है। मैं मरने के ही लायक हूँ!” इस मुकाम पर, वह अपनी कोई शिकायत व्यक्त नहीं करेगा, परमेश्वर की शिकायत करने की तो बात ही दूर है—वह सिर्फ यह महसूस करेगा कि वह अत्यंत दीन-हीन, दयनीय, गंदा और भ्रष्ट है और उसे परमेश्वर द्वारा हटाकर नष्ट कर दिया जाना चाहिए और वह महसूस करेगा कि उसकी जैसी आत्मा इस धरती पर जीने के लायक नहीं है। इसलिए, वह परमेश्वर की शिकायत या उसका प्रतिरोध नहीं करेगा और उसे धोखा देने का तो सवाल ही नहीं उठता। लेकिन अगर वह खुद को नहीं जानता और अब भी खुद को काफी अच्छा समझता है, तो जब मौत का खतरा करीब आएगा, तो वह सोचेगा, “मैंने अपनी आस्था में बहुत अच्छा किया है। मैंने इतनी मेहनत से सत्य का अनुसरण किया है, इतना कुछ त्यागा है और इतने कष्ट सहे हैं, लेकिन आखिर में, परमेश्वर मुझे मरने दे रहा है। मुझे नहीं पता कि परमेश्वर की धार्मिकता कहाँ है। वह मुझे क्यों मरने दे रहा है? अगर मुझ जैसा इंसान भी मरेगा, तो फिर किसका उद्धार किया जा सकेगा? क्या पूरी मानवजाति का अंत नहीं हो गया?” सबसे पहले, उसके मन में परमेश्वर को लेकर धारणाएँ बनेंगी। दूसरे, वह परमेश्वर की शिकायत करेगा और उसमें जरा भी समर्पण नहीं होगा। वह बिल्कुल पौलुस की तरह है, जो मरते दम तक खुद को नहीं जान पाया। जब परमेश्वर का दंड उन पर आएगा, तब बहुत देर हो चुकी होगी।

—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन

संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ

अपने अहंकार से जागना

मैं इतना अहंकारी क्यों हूँ?

संबंधित भजन

मैंने परमेश्वर की मनोहरता देखी है

पिछला: 18. धोखेबाज स्वभाव की समस्या का समाधान कैसे करें

अगला: 20. अहंकार, खुद को ही सही मानना और अपने ही विचारों पर अड़े रहने की समस्या का समाधान कैसे करें

परमेश्वर के बिना जीवन कठिन है। यदि आप सहमत हैं, तो क्या आप परमेश्वर पर भरोसा करने और उसकी सहायता प्राप्त करने के लिए उनके समक्ष आना चाहते हैं?

संबंधित सामग्री

1. प्रभु ने हमसे यह कहते हुए, एक वादा किया, “मैं तुम्हारे लिये जगह तैयार करने जाता हूँ। और यदि मैं जाकर तुम्हारे लिये जगह तैयार करूँ, तो फिर आकर तुम्हें अपने यहाँ ले जाऊँगा कि जहाँ मैं रहूँ वहाँ तुम भी रहो” (यूहन्ना 14:2-3)। प्रभु यीशु पुनर्जीवित हुआ और हमारे लिए एक जगह तैयार करने के लिए स्वर्ग में चढ़ा, और इसलिए यह स्थान स्वर्ग में होना चाहिए। फिर भी आप गवाही देते हैं कि प्रभु यीशु लौट आया है और पृथ्वी पर ईश्वर का राज्य स्थापित कर चुका है। मुझे समझ में नहीं आता : स्वर्ग का राज्य स्वर्ग में है या पृथ्वी पर?

संदर्भ के लिए बाइबल के पद :“हे हमारे पिता, तू जो स्वर्ग में है; तेरा नाम पवित्र माना जाए। तेरा राज्य आए। तेरी इच्छा जैसी स्वर्ग में पूरी...

परमेश्वर का प्रकटन और कार्य परमेश्वर को जानने के बारे में अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन मसीह-विरोधियों को उजागर करना अगुआओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ सत्य के अनुसरण के बारे में सत्य के अनुसरण के बारे में न्याय परमेश्वर के घर से शुरू होता है अंत के दिनों के मसीह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर के अत्यावश्यक वचन परमेश्वर के दैनिक वचन सत्य वास्तविकताएं जिनमें परमेश्वर के विश्वासियों को जरूर प्रवेश करना चाहिए मेमने का अनुसरण करो और नए गीत गाओ राज्य का सुसमाचार फ़ैलाने के लिए दिशानिर्देश परमेश्वर की भेड़ें परमेश्वर की आवाज को सुनती हैं परमेश्वर की आवाज़ सुनो परमेश्वर के प्रकटन को देखो राज्य के सुसमाचार पर अत्यावश्यक प्रश्न और उत्तर मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 1) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 2) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 3) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 4) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 5) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 6) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 7) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 8) मसीह के न्याय के आसन के समक्ष अनुभवात्मक गवाहियाँ (खंड 9) मैं वापस सर्वशक्तिमान परमेश्वर के पास कैसे गया

सेटिंग

  • इबारत
  • कथ्य

ठोस रंग

कथ्य

फ़ॉन्ट

फ़ॉन्ट आकार

लाइन स्पेस

लाइन स्पेस

पृष्ठ की चौड़ाई

विषय-वस्तु

खोज

  • यह पाठ चुनें
  • यह किताब चुनें

WhatsApp पर हमसे संपर्क करें