45. परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव को कैसे समझें
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
अंतिम अवधि के दौरान युग का समापन करने के कार्य में, परमेश्वर का स्वभाव ताड़ना और न्याय का है, जो सभी अधार्मिकताओं को प्रकट करता है, ताकि असंख्य जनसमूहों का सार्वजनिक रूप से न्याय किया जा सके और उन लोगों को पूर्ण बनाया जा सके जो सच्चे दिल से उससे प्रेम करते हैं। केवल इस तरह का स्वभाव ही युग का अंत कर सकता है। अंत के दिन पहले ही आ चुके हैं। सभी चीजें उनकी किस्म के अनुसार छाँटी जाती हैं और उनकी विभिन्न प्रकृतियों के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में विभाजित की जाती हैं। ठीक यही वह समय है जब परमेश्वर लोगों के परिणाम और गंतव्य प्रकट करता है। यदि मनुष्य ताड़ना और न्याय का अनुभव नहीं करता है, तो उसके विद्रोहीपन और अधार्मिकता को उजागर नहीं किया जा सकता है। केवल ताड़ना और न्याय के माध्यम से ही सभी चीजों का परिणाम प्रकट किया जा सकता है। केवल ताड़ना और न्याय के बीच ही लोग अपनी असलियत दिखा सकते हैं। बुरे को बुरे के साथ रखा जाएगा, भले को भले के साथ, और सभी लोगों को उनकी किस्म के अनुसार छाँटा जाएगा। ताड़ना और न्याय के माध्यम से सभी चीजों के परिणाम प्रकट किए जाएँगे ताकि बुरे को दंडित किया जा सके और अच्छे को पुरस्कृत किया जा सके, और सभी असंख्य लोग परमेश्वर के प्रभुत्व के सामने आत्मसमर्पण कर दें। यह समस्त कार्य धार्मिक ताड़ना और न्याय के माध्यम से पूरा करना होगा। चूँकि मनुष्य की भ्रष्टता अपने चरम पर पहुँच गई है और उसका विद्रोहीपन बहुत गंभीर है, इसलिए केवल परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव ही, जो मुख्यतः ताड़ना और न्याय से युक्त है और जिसे अंत के दिनों में प्रकट किया जाता है, मनुष्य को पूरी तरह से परिवर्तित कर सकता है और उसे पूर्ण कर सकता है, और बुराई को बेनकाब कर सकता है, और इस तरह सभी अधार्मिक लोगों को कठोर दंड दे सकता है। इसलिए, इस तरह का स्वभाव युग का महत्व रखता है। परमेश्वर का स्वभाव प्रत्येक नए युग के कार्य की खातिर प्रकट और सार्वजनिक किया जाता है। ऐसा नहीं है कि परमेश्वर अपने स्वभाव को मनमाने और निरर्थक ढंग से प्रकट करता है। यदि अंत के दिनों में जब लोगों के परिणाम प्रकट किए जाते हैं, परमेश्वर अभी भी मनुष्य पर असीम दया और प्रेमपूर्ण दयालुता बरसाकर उससे प्रेम करता, धार्मिक न्याय के बजाय अभी भी उसके साथ प्रेम से पेश आता, उसके प्रति सहनशीलता, धैर्य और क्षमा दिखाता, और चाहे वह कितना भी गंभीर पाप क्यों न करे, उसे बिना रत्ती भर भी धार्मिक न्याय के माफ कर देता, तो उसके संपूर्ण प्रबंधन का समापन कब हो पाता? इस तरह का स्वभाव मनुष्य को मानवजाति की उचित मंजिल तक कब ले जा पाता? यह एक ऐसे न्यायाधीश के समान है जो हमेशा लोगों से प्रेम करता है, एक दयालु, कोमल हृदय वाला न्यायाधीश जो लोगों से प्रेम करता है; चाहे उन्होंने कोई भी अपराध किया हो, वह उनसे प्रेम करता है, और चाहे वे कोई भी हों, वह उनसे प्रेम करता है और उनके प्रति सहिष्णु है—वह कभी किसी मामले का स्पष्ट रूप से फैसला कब कर पाएगा? अंत के दिनों में, केवल धार्मिक न्याय ही सभी मनुष्यों को उनकी किस्म के अनुसार छाँट सकता है और मनुष्य को एक नवीनतर क्षेत्र में ले जा सकता है। इस प्रकार, परमेश्वर संपूर्ण युग का अंत करने के लिए न्याय और ताड़ना के धार्मिक स्वभाव का उपयोग करता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर के कार्य का दर्शन (3)
मैं स्वयं अद्वितीय परमेश्वर हूँ, इससे भी अधिक मैं परमेश्वर का एकमात्र व्यक्तित्व हूँ। इससे भी अधिक, मैं, देह की समग्रता, परमेश्वर की पूर्ण अभिव्यक्ति हूँ। जो कोई मेरा भय न मानने का साहस करता है, जो कोई अपनी आँखों से मेरा विरोध करने का साहस करता है, और जो कोई अपने होंठों से मेरा विरोध करने की हिम्मत करता है, वह निश्चित रूप से मेरे शापों और कोप से मारा जाएगा। (मेरे कोप के कारण शाप दिए जाएँगे।) इतना ही नहीं, जो कोई मेरे प्रति निष्ठावान अथवा संतानोचित नहीं होने का दुस्साहस करता, और जो कोई मुझसे चालबाज़ी करने का दुस्साहस करता है, वह निश्चित रूप से मेरी घृणा से मर जाएगा। मेरी धार्मिकता, प्रताप और न्याय सदा-सदा के लिए कायम रहेंगे। पहले मैं प्रेममय और दयालु था, परंतु यह मेरी पूरी दिव्यता का स्वभाव नहीं है; केवल धार्मिकता, प्रताप और न्याय ही मेरा स्वभाव हैं—स्वयं पूर्ण परमेश्वर का स्वभाव। अनुग्रह के युग में मैं प्रेमपूर्ण और दयालु था। जो कार्य मुझे पूरा करना था, उसके कारण मुझमें प्रेमपूर्ण दयालुता और दया थी; उसके बाद ऐसी चीज़ों की कोई आवश्यकता न रही (और तबसे कोई भी नहीं रही है)। यह सब धार्मिकता, प्रताप और न्याय है और यह मेरी सामान्य मानवता के साथ जुड़ी मेरी पूर्ण दिव्यता का संपूर्ण स्वभाव है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, आरंभ में मसीह के कथन, अध्याय 79
मैं बुरे लोगों को दंड दूँगा और अच्छे लोगों को इनाम दूँगा, और मैं अपनी धार्मिकता को लागू करूँगा, अपने न्याय को कार्यान्वित करूँगा, और मैं हर चीज पूरी करने के लिए अपने वचनों का उपयोग करूँगा, और सभी लोगों और सभी चीज़ों को अपने ताड़ना देने वाले हाथ का अनुभव करवाऊँगा। मैं निश्चित रूप से सभी लोगों को अपनी पूरी महिमा, अपनी पूरी बुद्धि, अपनी पूर्ण समृद्धि दिखवाऊँगा। कोई भी व्यक्ति आलोचना करने के लिए उठने का साहस नहीं करेगा, क्योंकि मुझमें सभी चीज़ें पूरी होती हैं और यहाँ हर आदमी मेरा पूरा सम्मान देखे और मेरी पूरी जीत का स्वाद ले, क्योंकि मुझमें सभी चीज़ें अभिव्यक्त होती हैं। यह मेरी महान शक्ति और मेरे अधिकार को दर्शाने के लिए पर्याप्त है। कोई मेरा अपमान करने का साहस नहीं करेगा और कोई मुझे बाधित करने का साहस नहीं करेगा। मुझमें सब कुछ खुला हुआ है—कौन कुछ भी छिपाने का साहस करेगा? मैं निश्चित रूप से उसे नहीं छोडूँगा! ऐसे निकृष्ट लोगों को मेरी गंभीर सजा अवश्य मिलेगी और ऐसे अधमों को मेरी नजर से दूर अवश्य हटाया जाएगा। मैं ज़रा-सी भी दया न दिखाते हुए और उनकी भावनाओं का ज़रा भी ध्यान न रखते हुए, उन पर लोहे की छड़ी से शासन करूँगा और मैं उनका न्याय करने के लिए अपने अधिकार का उपयोग करूँगा, क्योंकि मैं स्वयं परमेश्वर हूँ, जो दैहिक भावनाओं से रहित है और प्रतापी है और कोई अपमान सहन नहीं करता। सभी को यह समझना और देखना चाहिए, कहीं ऐसा न हो कि वे “बिना कारण या तर्क” के मेरे द्वारा मार गिराए जाएँ और नष्ट कर दिए जाएँ, क्योंकि मेरी छड़ी उन सभी को मार गिराएगी, जो मेरा अपमान करते हैं। मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि वे मेरे प्रशासनिक आदेशों को जानते हैं या नहीं; यह ऐसी चीज नहीं है जिसकी मुझे परवाह हो, क्योंकि मेरा व्यक्तित्व किसी के द्वारा कोई अपमान सहन नहीं करता। इसी कारण से ऐसा कहा जाता है कि मैं एक शेर हूँ; जिस किसी का भी सामना करता हूँ, उसे मार गिराता हूँ। इसी कारण से ऐसा कहा जाता है कि अब यह कहना कि मैं दया और प्रेममय दयालुता का परमेश्वर हूँ, मेरी ईशनिंदा करना है। मूलतः मैं मेमना नहीं, बल्कि शेर हूँ। कोई मेरा अपमान करने का साहस नहीं करता; जो कोई ऐसा करता है, मैं उसकी भावनाओं की फ़िक्र किए बिना तुरंत उसे मृत्युदंड दूँगा!
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, आरंभ में मसीह के कथन, अध्याय 120
मैं धार्मिक हूँ, मैं विश्वसनीय हूँ, और मैं वो परमेश्वर हूँ जो मनुष्यों के अंतरतम हृदय की पड़ताल करता है! मैं एक क्षण में इसे प्रकट कर दूँगा कि कौन असली और कौन झूठा है। घबराओ मत; सभी चीजें मेरे समय के अनुसार काम करती हैं। कौन मुझे सच्चे दिल से चाहता है और कौन नहीं—मैं एक-एक करके तुम सबको बता दूँगा। तुम लोग बस पेट-भर वचनों को खाने और पीने और मेरी उपस्थिति में मेरे करीब आने पर ध्यान केंद्रित करो और मैं अपना कार्य स्वयं करूँगा। त्वरित नतीजों के लिए बहुत अधीर मत होओ; मेरा कार्य ऐसा नहीं है जो सारा एक साथ पूरा किया जा सके। इसके भीतर मेरे चरण और मेरी बुद्धि निहित है, और इसीलिए मेरी बुद्धि प्रकट हो सकती है। मैं तुम सभी को देखने दूँगा कि मेरे हाथों द्वारा क्या किया जाता है—बुराई को दण्डित और भलाई को पुरस्कृत किया जाता है। मैं मनुष्य के प्रति पूरी तरह निष्पक्ष हूँ। तुम जो मुझे सच्चे दिल से प्रेम करते हो, मैं भी तुम्हें सच्चे दिल से प्रेम करूँगा, और जहाँ तक उनकी बात है जो मुझे सच्चे दिल से प्रेम नहीं करते, उन पर मेरा क्रोध हमेशा रहेगा, ताकि वे सदा के लिए याद रखें कि मैं सच्चा परमेश्वर हूँ, ऐसा परमेश्वर जो मनुष्यों के अंतरतम हृदय की परख करता है। लोगों के सामने एक तरह से और उनकी पीठ पीछे दूसरी तरह से काम न करो; तुम जो कुछ भी करते हो, उसे मैं स्पष्ट रूप से देखता हूँ, तुम दूसरों को भले ही मूर्ख बना लो, लेकिन तुम मुझे मूर्ख नहीं बना सकते। मैं यह सब स्पष्ट रूप से देखता हूँ। तुम्हारे लिए कुछ भी छिपाना संभव नहीं है; सब कुछ मेरे हाथों की पहुँच में है। यह मत समझो कि तुम तुच्छ छोटी-छोटी गणनाओं में बहुत ही चालाक और कुशल हो। मैं तुमसे कहता हूँ : मनुष्य चाहे जितनी योजनाएँ बना ले, वे चाहे हजारों हों या लाखों, लेकिन अंत में वह मेरे हाथ की पहुँच से बच नहीं सकता। सभी चीजें और सभी घटनाएँ मेरे हाथों से नियंत्रित होती हैं, एक व्यक्ति की तो बिसात ही क्या! मुझसे बचने या छिपने की कोशिश मत करो, फुसलाने या छिपाने की कोशिश मत करो। क्या ऐसा हो सकता है कि तुम अभी भी नहीं देख सकते कि मेरा महिमामय मुख, मेरा क्रोध और मेरा न्याय सार्वजनिक रूप से प्रकट किए गए हैं? जो भी मुझे सच्चे दिल से नहीं चाहते हैं, मैं उनका तत्काल और बिना दया के न्याय करूँगा। मेरी दया समाप्त हो गई है; अब और शेष नहीं रही है। अब और पाखंडी मत बनो, और अपने बेलगाम और उद्दंड चाल-चलन को रोक लो।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, आरंभ में मसीह के कथन, अध्याय 44
परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव को समझने के लिए व्यक्ति को पहले परमेश्वर के आनंद, गुस्से, दुख और खुशी को समझना होगा : वह किससे घृणा करता है, किसे बेइंतहा नफरत करता है और किससे प्यार करता है; वह किसके प्रति सहिष्णु है, किसके प्रति दयालु है, और किस प्रकार के व्यक्ति पर वह दया करता है। यह एक महत्त्वपूर्ण बिंदु है। व्यक्ति को यह भी समझना चाहिए कि परमेश्वर मनुष्य से चाहे कितना भी प्रेम क्यों न करे, वह लोगों पर चाहे कितनी भी दया और प्रेमपूर्ण दयालुता क्यों न बरसाए, परमेश्वर की पहचान और उसका दर्जा किसी भी व्यक्ति से अपमान सहन नहीं करता और न ही उसकी गरिमा अपमान सहन करती है। भले ही परमेश्वर लोगों से प्रेम करता है, वह उन्हें सिर पर नहीं चढ़ाता। वह लोगों को अपना प्रेम, अपनी दया और अपनी सहिष्णुता देता है लेकिन वह उन्हें कभी लाड़-प्यार से नहीं बिगाड़ता। परमेश्वर के अपने सिद्धांत और अपनी सीमाएँ हैं। तुम्हें चाहे ऐसा लगे कि परमेश्वर ने तुम्हें कितना भी प्रेम दिया है, वह प्रेम तुम्हें चाहे कितना भी गहरा क्यों न लगे, तुम्हें परमेश्वर के साथ कभी भी ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए मानो वह कोई इंसान हो। यद्यपि यह सच है कि परमेश्वर लोगों के साथ अपने सबसे प्यारे प्रियजनों के रूप में व्यवहार करता है, लेकिन यदि तुम परमेश्वर को इंसान के रूप में, एक ऐसे इंसान के रूप में देखते हो जो एक सृजित प्राणी के बराबर है या एक दोस्त या पूजा की वस्तु के रूप में देखते हो, तो परमेश्वर अपना चेहरा तुमसे छिपा लेगा और तुम्हें त्याग देगा। यह उसका स्वभाव है और किसी भी व्यक्ति को इस मुद्दे के बारे में लापरवाह होने की अनुमति नहीं है। इसलिए, हम अक्सर परमेश्वर द्वारा अपने स्वभाव के बारे में बोले गए ऐसे शब्द देखते हैं : इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि तुम लोगों ने कितनी यात्रा की है, तुम लोगों ने कितना काम किया है या तुम लोगों ने कितना कष्ट सहा है; यदि तुम लोग परमेश्वर के स्वभाव को ठेस पहुँचाते हो तो वह तुम लोगों में से प्रत्येक को तुम्हारे किए के आधार पर प्रतिफल देगा। इसका अर्थ यह है कि परमेश्वर लोगों के साथ अपने सबसे प्यारे प्रियजनों के रूप में व्यवहार करता है, फिर भी तुम्हें परमेश्वर के साथ किसी दोस्त या रिश्तेदार के रूप में व्यवहार नहीं करना चाहिए। परमेश्वर के साथ अपने यार-दोस्त जैसा व्यवहार मत करो। चाहे तुम्हें कितना भी लगे कि परमेश्वर तुमसे प्रेम करता है और तुम्हारे प्रति सहनशील है, तुम्हें कभी भी परमेश्वर से अपने मित्र के रूप में व्यवहार नहीं करना चाहिए। यह परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव है।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है VII
अपमान के प्रति परमेश्वर की असहनशीलता उसका अद्वितीय सार है; परमेश्वर का कोप उसका अद्वितीय स्वभाव है; परमेश्वर का प्रताप उसका अद्वितीय सार है। परमेश्वर के क्रोध के पीछे का सिद्धांत उसकी उस पहचान और दर्जे का प्रतिनिधित्व करता है, जिसे सिर्फ वही धारण करता है। कहने की आवश्यकता नहीं है कि यह स्वयं अद्वितीय परमेश्वर के सार का एक प्रतीक भी है। परमेश्वर का स्वभाव उसका अपना अंतर्निहित सार है, जो समय के साथ बिल्कुल भी नहीं बदलता है और न ही यह भौगोलिक स्थान के बदल जाने के साथ बदलता है। उसका अंतर्निहित स्वभाव उसका मौलिक सार है, वह चाहे जिस पर भी अपना कार्य करे, उसका सार नहीं बदलता और न ही उसका धार्मिक स्वभाव बदलता है। जब कोई परमेश्वर को क्रोधित करता है, तो वह अपना अंतर्निहित स्वभाव प्रकट करता है; इस समय उसके क्रोध के पीछे का सिद्धांत नहीं बदलता, और न ही उसकी अद्वितीय पहचान और दर्जा बदलते हैं। वह अपने सार में परिवर्तन के कारण या अपने स्वभाव में विभिन्न तत्त्वों के उत्पन्न होने के कारण क्रोधित नहीं होता, बल्कि इसलिए होता है क्योंकि उसके विरुद्ध मनुष्य का विरोध उसके स्वभाव को ठेस पहुँचाता है। मनुष्य द्वारा परमेश्वर को खुले तौर पर उकसाना परमेश्वर की अपनी पहचान और दर्जे के लिए एक गंभीर चुनौती है। परमेश्वर की नजर में, जब मनुष्य उसे चुनौती देता है, तब मनुष्य उससे मुकाबला कर रहा होता है और उसके क्रोध की परीक्षा ले रहा होता है। जब मनुष्य परमेश्वर का विरोध करता है, जब मनुष्य परमेश्वर से मुकाबला करता है, जब मनुष्य लगातार उसके क्रोध की परीक्षा लेता है, ठीक उसी समय पाप बेकाबू होकर फैल जाता है—ऐसे ही अवसरों पर परमेश्वर का कोप स्वाभाविक रूप से अपने आपको प्रकट और प्रस्तुत करेगा। इसलिए, परमेश्वर के कोप का प्रकट होना इस बात का प्रतीक है कि समस्त बुरी शक्तियाँ अस्तित्व में नहीं रहेंगी और यह इस बात का प्रतीक है कि सभी विरोधी शक्तियाँ नष्ट कर दी जाएँगी। यह परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव की अद्वितीयता है; यह परमेश्वर के कोप की अद्वितीयता है। जब परमेश्वर की गरिमा और उसकी पवित्रता को चुनौती दी जाती है, जब न्याय की ताकतों को बाधित किया जाता है और मनुष्य द्वारा नहीं देखा जाता है, तो यह ठीक वही समय होता है जब परमेश्वर अपना क्रोध प्रकट करेगा। परमेश्वर के सार के कारण, पृथ्वी पर वे सभी शक्तियाँ जो परमेश्वर से मुकाबला करती हैं, और जो उसके प्रति शत्रुतापूर्ण हैं और उसके खिलाफ खुद को खड़ा करने की कोशिश करती हैं, वे बुरी, भ्रष्ट और अन्यायपूर्ण हैं; वे सभी शैतान से आती हैं और शैतान की हैं। चूँकि परमेश्वर न्यायसंगत, प्रकाश का और पवित्र और निष्कलंक है, इसलिए जब परमेश्वर का क्रोध प्रकट होगा तो सभी चीजें जो बुरी, भ्रष्ट और शैतान की हैं, वे गायब हो जाएँगी।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है II
जब परमेश्वर अपना क्रोध भेजता है, तो बुरी शक्तियों को रोका जाता है, बुरी चीजों को नष्ट किया जाता है, जबकि न्यायोचित और सकारात्मक चीज़ें परमेश्वर की देखरेख और सुरक्षा ग्रहण करती हैं और उन्हें जारी रहने दिया जाता है। परमेश्वर अपना कोप इसलिए भेजता है क्योंकि अन्यायपूर्ण, नकारात्मक और बुरी चीज़ें न्यायोचित और सकारात्मक चीजों की सामान्य गतिविधि और विकास को रोकती, बाधित या नष्ट करती हैं। परमेश्वर के क्रोध का उद्देश्य अपने दर्जे और पहचान की रक्षा करना नहीं है, बल्कि न्यायोचित, सकारात्मक और सुंदर और अच्छी चीजों के अस्तित्व की रक्षा करना, मानवजाति के सामान्य अस्तित्व के नियमों और कायदों की रक्षा करना है। यह परमेश्वर के कोप का मूल कारण है। परमेश्वर का क्रोध उसके स्वभाव का बिल्कुल उचित, स्वाभाविक और वास्तविक प्रकटन है। उसके क्रोध का कोई गुप्त अभिप्राय नहीं है, न ही उसमें चालाकी या षड्यंत्र हैं; इच्छाएँ, चतुराई, दुर्भावना, हिंसा, दुष्टता या भ्रष्ट मानवजाति के अन्य साझा पहलू होने की तो बात ही छोड़ दो। अपना कोप भेजने से पहले परमेश्वर हर मामले के सार को पहले ही पूरी स्पष्टता और पूर्ण सरलता से जान चुका होता है; वह पहले ही सभी मामलों के संबंध में सटीक, स्पष्ट परिभाषाएँ और निष्कर्ष तैयार कर चुका होता है। इस प्रकार परमेश्वर जो कुछ भी करता है, उसमें उसका उद्देश्य और उसका रवैया बिल्कुल स्पष्ट होता है। वह भ्रमित, अंधा, आवेशपूर्ण या मनमाना नहीं है और वह निश्चित रूप से सिद्धांतहीन नहीं है। यह परमेश्वर के कोप का व्यावहारिक पहलू है, और परमेश्वर के कोप के इस व्यावहारिक पहलू के कारण ही मानवजाति सामान्य ढंग से जी सकती है। परमेश्वर के कोप के बिना मानवजाति अस्थिर जीवन स्थितियों में पड़ जाती और सभी न्यायोचित और सुंदर और अच्छी चीजें नष्ट हो जातीं और उनका अस्तित्व नहीं रहता। परमेश्वर के कोप के बिना सृजित प्राणियों के लिए अस्तित्व के सिद्धांत और नियम तोड़ दिए जाते या यहाँ तक कि पूरी तरह से उलट दिए जाते। मानवजाति के सृजन के समय से ही परमेश्वर ने मानवजाति के सामान्य अस्तित्व की रक्षा करने और उसे कायम रखने के लिए अपने धार्मिक स्वभाव का निरंतर इस्तेमाल किया है। क्योंकि उसके धार्मिक स्वभाव में कोप और प्रताप का समावेश है, इसलिए सभी बुरे लोग, घटनाएँ और चीजें और मानवजाति के सामान्य अस्तित्व में बाधा डालने और उसे क्षति पहुँचाने वाली सभी चीजें उसके कोप के परिणामस्वरूप दंडित, नियंत्रित और नष्ट कर दी जाती हैं। पिछले कई सहस्राब्दियों के दौरान परमेश्वर ने भी लगातार अपने धार्मिक स्वभाव का उपयोग करके सभी प्रकार के अशुद्ध आत्माओं और दुष्ट आत्माओं को मार गिराया और नष्ट किया है, जो परमेश्वर का विरोध करते हैं और मानवजाति के प्रबंधन के परमेश्वर के कार्य में शैतान के सहयोगियों और सेवकों के रूप में कार्य करते हैं। इस प्रकार, मानवजाति के उद्धार का परमेश्वर का कार्य उसकी योजना के अनुसार सदैव आगे बढ़ता गया है। कहने का तात्पर्य है कि परमेश्वर के कोप के अस्तित्व के कारण मानवजाति के बीच के सर्वाधिक न्यायसंगत कार्य को कभी नष्ट नहीं किया गया है।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है II
समस्त मानवजाति के प्रति, उस मानवजाति के प्रति जो कि मूर्ख और जाहिल है, परमेश्वर का व्यवहार मुख्य रूप से दया और सहिष्णुता का है। दूसरी ओर, उसका कोप अधिकांश समय और अधिकांश घटनाओं में छिपाकर और मनुष्य के लिए अज्ञात रखा जाता है। परिणामस्वरूप, परमेश्वर को अपना कोप अभिव्यक्त करते हुए देखना मनुष्य के लिए कठिन है, और उसके कोप को समझना भी उसके लिए कठिन है। इसलिए मनुष्य परमेश्वर के कोप को हल्के में लेता है। जब लोगों के प्रति सहनशीलता दिखाने और उन्हें क्षमा करने के परमेश्वर के कार्य का अंतिम हिस्सा और अंतिम चरण उनके ऊपर आता है—अर्थात्, जब परमेश्वर की दया की अंतिम घटना और अंतिम चेतावनी लोगों पर आती है—तब यदि लोग फिर भी उसी तरह से परमेश्वर का विरोध करते रहते हैं और जरा-भी पश्चात्ताप नहीं करते हैं, अपना रास्ता नहीं पलटते या उसकी दया को स्वीकार नहीं करते हैं तो परमेश्वर आगे उन्हें अपनी सहनशीलता और धैर्य नहीं दिखाएगा। इसके विपरीत, उस समय परमेश्वर अपनी दया वापस ले लेगा। इसके बाद वह केवल अपना कोप ही भेजेगा। वह विभिन्न तरीकों से अपना कोप व्यक्त कर सकता है, वैसे ही, जैसे वह लोगों को दंड देने और नष्ट करने के लिए विभिन्न पद्धतियाँ इस्तेमाल कर सकता है।
सदोम नगर का विनाश करने के लिए परमेश्वर ने आग का इस्तेमाल किया था। परमेश्वर की नजरों में यह मानवजाति या किसी अन्य चीज को पूरी तरह से नष्ट करने की तीव्रतम पद्धति है। सदोम के मानवों को जलाना बस उनके शरीर को नष्ट करना नहीं था; बल्कि उसके भी अधिक पूरी तरह से उनकी आत्माओं, उनके प्राण और उनके शरीर को नष्ट करना था, यह सुनिश्चित करना था कि उस नगर के मानव न तो भौतिक संसार में अस्तित्व में रहें और न ही उस संसार में जो मनुष्य के लिए अदृश्य है। यह परमेश्वर द्वारा अपना कोप प्रकट और अभिव्यक्त करने का एक तरीका है। इस तरह का प्रकटन और अभिव्यक्ति परमेश्वर के कोप के सार का एक पहलू है, ठीक वैसे ही जैसे यह स्वाभाविक रूप से परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव के सार का प्रकटन भी है। जब परमेश्वर अपना कोप भेजता है तो वह कोई दया या प्रेमपूर्ण दयालुता प्रकट करना बंद कर देता है, न ही वह अब आगे अपनी सहनशीलता या धैर्य दिखाता है; कोई ऐसा व्यक्ति, वस्तु या कारण नहीं है जो उसे धैर्य धारण किए रहने, फिर से दया दिखाने और एक बार फिर अपनी सहनशीलता दिखाने के लिए कायल कर सके। इन चीजों के स्थान पर, एक पल की भी देरी किए बिना, परमेश्वर अपना क्रोध और प्रताप व्यक्त करता है और जो उसका इरादा है वह करता है, वह ऐसा एक तेज और साफ तरीके से करता है और यह सुनिश्चित करता है कि यह उसका वांछित परिणाम प्राप्त करे। यह वह तरीका है जिससे परमेश्वर अपना क्रोध और प्रताप व्यक्त करता है, जो कोई अपमान सहन नहीं करता और यह उसके धार्मिक स्वभाव की अभिव्यक्ति भी है। जब लोग परमेश्वर को मनुष्य के प्रति चिंता और प्रेम दिखाते हुए देखते हैं, तो वे उसके कोप को भाँपने में, उसके प्रताप को देखने में या अपमान के प्रति उसकी असहिष्णुता अनुभव करने में असमर्थ होते हैं। इन चीजों ने हमेशा लोगों को यह गलत विश्वास दिलाया है कि परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव केवल दया, सहनशीलता और प्रेम का है। किंतु जब लोग परमेश्वर को किसी नगर को नष्ट करते हुए देखते हैं या मानवजाति के प्रति उसकी नफरत को देखते हैं तो मानवजाति को नष्ट करने में उसका क्रोध और उसका प्रताप लोगों को उसके धार्मिक स्वभाव का अन्य पक्ष देखने देता है जो कि अपमान के प्रति परमेश्वर की असहिष्णुता है। परमेश्वर का कोई अपमान सहन न करने वाला स्वभाव किसी भी सृजित प्राणी की कल्पना से परे है, और ग़ैर-सृजित प्राणियों में से कोई उसके स्वभाव के साथ दखलंदाज़ी करने या उसे प्रभावित करने में सक्षम नहीं है; उसका ढोंग या नकल करना तो बिल्कुल संभव नहीं। इस प्रकार परमेश्वर के स्वभाव का यह ऐसा पहलू है, जिसे मानवजाति को सबसे अधिक जानना ही चाहिए। केवल स्वयं परमेश्वर का ही ऐसा स्वभाव है, और केवल स्वयं परमेश्वर ही ऐसे स्वभाव से युक्त है। परमेश्वर का ऐसा धार्मिक स्वभाव इसलिए है, क्योंकि वह दुष्टता, अंधकार, विद्रोहशीलता और शैतान ने मानवजाति को भ्रष्ट करने और निगलने में जो तमाम बुरे कर्म किए हैं, इनसे घृणा करता है, क्योंकि वह अपने विरुद्ध पाप के सारे कृत्यों से घृणा करता है, और इसलिए भी, क्योंकि उसका सार पवित्र और निष्कलंक है। यही कारण है कि वह किसी भी सृजित या गैर-सृजित प्राणी से अपना खुला विरोध या स्वयं से मुकाबला सहन नहीं करेगा। यहाँ तक कि कोई ऐसा व्यक्ति भी जिस पर उसने किसी समय दया दिखाई हो या जिसे उसने चुना हो, जैसे ही वह उसके स्वभाव को भड़काता है और उसके धीरज और सहनशीलता के सिद्धांतों के खिलाफ अपराध करता है, परमेश्वर थोड़ी-सी भी दया या संकोच दिखाए बिना, अपमान सहन न करने वाला अपना धार्मिक स्वभाव उन्मुक्त और प्रकट कर देगा।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है II
परमेश्वर के प्रत्येक कार्य के साथ व्यवहार करते समय, तुम्हें पहले निश्चित होना चाहिए कि परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव किसी भी मिलावट से मुक्त है और यह पवित्र और निर्दोष है, इसमें परमेश्वर का मानवों को मार गिराना, दंड देना और नष्ट करना शामिल है। बिना किसी अपवाद के, परमेश्वर का हर कार्य ठीक उसके अंतर्निहित स्वभाव और उसकी योजना के अनुसार व्यक्त किया जाता है। उसमें मानवजाति के ज्ञान, परंपरा और दर्शन का कोई अंश शामिल नहीं होता, बल्कि वह पूरी तरह परमेश्वर के स्वभाव और सार की अभिव्यक्ति है, जिसका ऐसी किसी चीज़ से संबंध नहीं है, जो भ्रष्ट मानवजाति से संबंधित हो। मनुष्य की धारणा है कि केवल उसके प्रति परमेश्वर का प्रेम, दया और सहनशीलता ही दोषरहित, मिलावटरहित और पवित्र है, और कोई नहीं जानता कि परमेश्वर का गुस्सा और कोप भी इसी तरह से मिलावटरहित हैं; इतना ही नहीं, किसी ने भी ऐसे प्रश्नों पर विचार नहीं किया है कि परमेश्वर कोई अपमान क्यों नहीं सहता है या उसका गुस्सा इतना ज्यादा क्यों है। इसके विपरीत, कुछ लोग गलती से परमेश्वर के कोप को मानवजाति के बुरे मिजाज के रूप में समझ लेते हैं और परमेश्वर के गुस्से को भ्रष्ट मानवजाति के गुस्से के समान ही समझने की गलती करते हैं। यहाँ तक कि वे गलती से यह मान लेते हैं कि परमेश्वर का गुस्सा मनुष्य के भ्रष्ट स्वभावों के स्वाभाविक प्रकटन के समान ही है। वे गलत ढंग से मानते हैं कि परमेश्वर के कोप का उन्मुक्त होना भ्रष्ट मानवजाति के उस समय प्रकट होने वाले क्रोध के समान ही है, जब वे किसी अप्रिय स्थिति का सामना करते हैं, और वे गलत ढंग से यह तक मानते हैं कि परमेश्वर के कोप का उन्मुक्त होना उसकी मनःस्थिति की अभिव्यक्ति भी है। ... परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव परमेश्वर का अपना सच्चा सार है। यह मनुष्य द्वारा सृजित या लिखी गई कोई चीज़ नहीं है। उसका धार्मिक स्वभाव उसका धार्मिक स्वभाव है और उसका सृजित प्राणियों से कोई संबंध या वास्ता नहीं है। स्वयं परमेश्वर स्वयं परमेश्वर है, और वह कभी सृजित प्राणी नहीं बनेगा। यदि वह सृजित प्राणियों का सदस्य बनता भी है, तो भी उसका अंतर्निहित स्वभाव और उसका सार नहीं बदलेगा। इसलिए, परमेश्वर को जानना किसी वस्तु को जानने के समान नहीं है; परमेश्वर को जानना किसी चीज़ का गहन-विश्लेषण करना नहीं है, न ही यह किसी व्यक्ति को समझने के समान है। यदि तुम किसी वस्तु को जानने या किसी व्यक्ति को समझने की अपनी अवधारणा या पद्धति का उपयोग परमेश्वर को जानने के लिए करते हो, तो तुम कभी भी परमेश्वर का ज्ञान प्राप्त नहीं कर पाओगे। परमेश्वर को जानना अनुभव या कल्पनाओं पर निर्भर नहीं हो सकता और इसलिए तुम्हें कभी भी अपने अनुभव या कल्पनाओं को परमेश्वर पर नहीं थोपना चाहिए। तुम्हारा अनुभव और कल्पनाएँ चाहे कितनी भी समृद्ध क्यों न हों, वे फिर भी सीमित हैं। इससे भी बड़ी बात यह है कि तुम्हारी कल्पनाएँ तथ्यों के अनुरूप नहीं हैं, सत्य के अनुरूप तो बिल्कुल भी नहीं हैं और परमेश्वर के सच्चे स्वभाव और सार के साथ असंगत हैं। यदि तुम परमेश्वर के सार को समझने के लिए अपनी कल्पनाओं पर निर्भर रहते हो तो तुम कभी सफल नहीं होओगे। एकमात्र रास्ता यह है : वह सब स्वीकार करो, जो परमेश्वर से आता है, फिर धीरे-धीरे उसे अनुभव करो और जानो। एक दिन ऐसा आएगा, जब परमेश्वर तुम्हारे सहयोग के कारण और सत्य के लिए तुम्हारी भूख और प्यास के कारण तुम्हें प्रबुद्ध करेगा, ताकि तुम सच में उसे समझ और जान सको।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है II
जब नीनवे के लोगों के प्रति परमेश्वर का हृदय-परिवर्तन हुआ, तो क्या उसकी दया और सहनशीलता दिखावा थी? बिल्कुल भी नहीं! तो फिर इस एक स्थिति में परमेश्वर के स्वभाव के इन दो पहलुओं के बीच बदलाव से क्या दिखाया गया है? परमेश्वर का स्वभाव पूरी तरह से संपूर्ण है—वह बिल्कुल भी विभाजित नहीं है। चाहे वह मनुष्य के प्रति क्रोध प्रकट कर रहा हो या दया और सहनशीलता दिखा रहा हो, ये सब उसके धार्मिक स्वभाव की अभिव्यक्तियाँ हैं। परमेश्वर का स्वभाव जीवंत और सजीव है, वह अपने विचार और रवैये चीजों के विकसित होने के हिसाब से बदलता है। नीनवे के लोगों के प्रति उसके रवैये का रूपांतरण मानवजाति को बताता है कि उसके अपने विचार और ख्याल हैं, वह कोई मशीन या मिट्टी का पुतला नहीं है, बल्कि स्वयं जीवित परमेश्वर है—वह नीनवे के लोगों से क्रोधित हो सकता था और वह उनके रवैये के कारण उनके अतीत को क्षमा भी कर सकता था; वह नीनवे के लोगों के ऊपर आपदा लाने का निर्णय ले सकता था और उनके पश्चात्ताप के कारण वह अपना निर्णय बदल भी सकता था। मनुष्य विनियमों को कठोरता से लागू करना और परमेश्वर को सीमांकित और परिभाषित करने के लिए विनियमों का उपयोग करना पसंद करते हैं, और वह परमेश्वर के स्वभाव को जानने के लिए सूत्रों का उपयोग करना भी पसंद करता है। इसलिए, जहाँ तक मनुष्य के विचारों के दायरे का संबंध है, परमेश्वर न तो सोचता है, न ही उसके पास कोई ठोस विचार हैं। वास्तव में परमेश्वर के विचार चीज़ों और वातावरण में परिवर्तन के अनुसार निरंतर रूपांतरण की स्थिति में रहते हैं। जब उसके विचार रूपांतरित हो रहे होते हैं, तब परमेश्वर के सार से विभिन्न पहलू प्रकट होते हैं। रूपांतरण की इस प्रक्रिया के दौरान जब परमेश्वर अपना मन बदलता है, ठीक उसी क्षण वह मानवजाति को अपने जीवन का वास्तविक अस्तित्व दिखाता है और यह भी दिखाता है कि उसका धार्मिक स्वभाव जीवंत और सजीव है। उसी समय, परमेश्वर मानवजाति के सामने अपने कोप, अपनी दया और प्रेमपूर्ण दयालुता और अपनी सहनशीलता के अस्तित्व की सच्चाई प्रमाणित करने के लिए अपने सच्चे प्रकटनों का उपयोग करता है। उसका सार चीज़ों के विकसित होने के ढंग के अनुसार उससे किसी भी समय और स्थान पर प्रकट होगा। उसमें एक सिंह का कोप और एक माता की दया और सहिष्णुता है। उसका धार्मिक स्वभाव किसी भी व्यक्ति द्वारा प्रश्न किए जाने, उल्लंघन किए जाने, बदले जाने या विकृत किए जाने को सहन नहीं करता। समस्त घटनाओं और चीज़ों में परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव, अर्थात् परमेश्वर का कोप और उसकी दया, उससे किसी भी समय और स्थान पर प्रकट हो सकते हैं। वह समस्त सृष्टि के प्रत्येक कोने में अपने धार्मिक स्वभाव को जीवंत अभिव्यक्ति देता है और वह अपने धार्मिक स्वभाव को हर गुज़रते पल में जीवंतता के साथ लागू करता है। परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव समय या स्थान द्वारा सीमित नहीं है; दूसरे शब्दों में, परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव उससे समय या स्थान की बाधाओं के अनुसार यांत्रिक रूप से व्यक्त या प्रकट नहीं होता है, बल्कि किसी भी समय और स्थान पर बिल्कुल आसानी से व्यक्त और प्रकट होता है। जब तुम परमेश्वर को अपना मन बदलते, अपने कोप को थामते और नीनवे के शहर का नाश करने से पीछे हटते हुए देखते हो, तो क्या तुम कह सकते हो कि परमेश्वर केवल दयालु और प्रेमपूर्ण है? क्या तुम कह सकते हो कि परमेश्वर का कोप खोखले वचनों से युक्त है? जब परमेश्वर अपना कोप बरसाता है और अपनी दया वापस ले लेता है तो क्या तुम कह सकते हो कि उसके पास मानवजाति के प्रति कोई सच्चा प्रेम नहीं है? परमेश्वर अपना कोप मनुष्य के बुरे कर्मों के प्रत्युत्तर में बरसाता है; उसका कोप दोषपूर्ण नहीं है। परमेश्वर का हृदय मनुष्य के पश्चात्ताप की प्रतिक्रिया में द्रवित हो जाता है और इसके कारण उसका हृदय परिवर्तन हो जाता है। परमेश्वर के द्रवित महसूस करना, परमेश्वर का हृदय परिवर्तन और परमेश्वर का मनुष्य के प्रति अपनी दया और सहिष्णुता दिखाना ये सब पूरी तरह से दागमुक्त होते हैं; ये स्वच्छ, अमिश्रित, शुद्ध और मिलावट-रहित हैं। परमेश्वर की सहनशीलता विशुद्ध सहनशीलता है, उसकी दया विशुद्ध दया है। उसका स्वभाव मनुष्य के पश्चात्ताप और उसकी विभिन्न अभिव्यक्तियों के अनुसार कोप प्रकट करता है और दया और सहिष्णुता व्यक्त करता है। वह चाहे जो कुछ भी प्रकट और व्यक्त करता हो, यह सब शुद्ध और सीधा होता है; यह किसी भी सृजित प्राणी के सार से अलग होता है। परमेश्वर जो कार्यकलाप का सिद्धांत व्यक्त करता है, उसके विचार और ख्याल, साथ ही वह जो भी निर्णय लेता है और जो भी कदम उठाता है, उनमें कोई भी त्रुटि या दाग नहीं होता है। चूँकि परमेश्वर ने ऐसा निर्णय लिया है और चूँकि उसने इस तरह से कार्य किया है, यही है वो जिसे वह पूरा करता है और यह नतीजा सही और दोषरहित है, क्योंकि इसका स्रोत दोषरहित और निष्कलंक है। परमेश्वर का क्रोध दोषरहित है। इसी तरह, परमेश्वर की दया और सहनशीलता सृजित प्राणियों के पास नहीं होती हैं, ये पवित्र और दोषरहित हैं, जो किसी भी सृजित प्राणी के पास नहीं हैं और ये जाँच-परख और प्रत्यक्ष अनुभव की कसौटी पर पूरी तरह खरे उतरते हैं।
नीनवे की कहानी समझने के बाद क्या तुम लोग अब परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव के सार का दूसरा पक्ष देखते हो? क्या तुम परमेश्वर के अद्वितीय धार्मिक स्वभाव का दूसरा पक्ष देखते हो? क्या मानवजाति में से किसी का इस प्रकार का स्वभाव है? क्या किसी में इस प्रकार का कोप, परमेश्वर का कोप है? क्या किसी में वैसी दया और सहनशीलता है, जैसी परमेश्वर में है? सृजित प्राणियों में ऐसा कौन है जो ऐसा कोप बरसा सकता है और मानवजाति को नष्ट करने या उस पर विपदा लाने का निर्णय ले सकता है? और मानवजाति पर दया करने और सहनशीलता दिखाने, मानवजाति को क्षमा करने और परिणामस्वरूप मानवजाति को नष्ट करने का अपना निर्णय बदलने की योग्यता किसके पास है? सृष्टिकर्ता अपना धार्मिक स्वभाव अपनी अनोखी पद्धतियों और सिद्धांतों के माध्यम से व्यक्त करता है; वह किन्हीं लोगों, घटनाओं या चीज़ों द्वारा थोपे गए नियंत्रण या प्रतिबंधों के अधीन नहीं है। उसके अद्वितीय स्वभाव के भीतर कोई भी उसके विचारों और सोच को बदलने में सक्षम नहीं है, न ही कोई उसे मनाने और उसका कोई निर्णय बदलने में सक्षम है। सृजित प्राणियों के समस्त व्यवहार और विचार उसके धार्मिक स्वभाव के निर्णयादेश के अधीन अस्तित्व में रहते हैं। वह कोप बरसाता है या दया करता है, इसे कोई भी नियंत्रित नहीं कर सकता है; केवल सृष्टिकर्ता का सार—या दूसरे शब्दों में, सृष्टिकर्ता का धार्मिक स्वभाव—ही यह तय कर सकता है। ऐसी है सृष्टिकर्ता के धार्मिक स्वभाव की अद्वितीय प्रकृति!
नीनवे के लोगों के प्रति परमेश्वर के रवैये के रूपांतरण की व्याख्या करने से क्या तुम लोग परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव में पाई जाने वाली दया का वर्णन करने के लिए “अद्वितीय” शब्द का उपयोग कर सकते हो? हमने पहले कहा कि परमेश्वर का कोप उसके अद्वितीय धार्मिक स्वभाव के सार का एक पहलू है। अब मैं दो पहलुओं—परमेश्वर का कोप और परमेश्वर की दया—को उसके धार्मिक स्वभाव के रूप में परिभाषित करूँगा। परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव पवित्र है; यह अपमान सहन नहीं करता, न ही यह किसी के द्वारा प्रश्न किया जाना सहन करता है; यह किसी भी सृजित या गैर-सृजित प्राणी के पास नहीं है। वह परमेश्वर के लिए अद्वितीय और अनन्य दोनों है। कहने का तात्पर्य है, परमेश्वर का कोप पवित्र है और अपमान सहन नहीं करता। इसी प्रकार, परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव का दूसरा पहलू—परमेश्वर की दया—भी पवित्र है और वह कोई अपमान सहन नहीं करता। परमेश्वर जो भी करने का इरादा रखता है उसे करने में कोई भी सृजित या गैर-सृजित प्राणी उसका स्थान नहीं ले सकता या उसका प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता, न ही उनमें से कोई सदोम के विनाश या नीनवे के उद्धार में परमेश्वर का स्थान ले सकता था या उसका प्रतिनिधित्व कर सकता था। यह परमेश्वर के अद्वितीय धार्मिक स्वभाव की सच्ची अभिव्यक्ति है।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है II
परमेश्वर की दया और सहनशीलता तो सचमुच हैं ही, किंतु जब वह अपने क्रोध का बाँध खोलता है तब परमेश्वर की पवित्रता और धार्मिकता मनुष्य को परमेश्वर का वह पहलू भी दिखाती है जो कोई अपमान सहन नहीं करता। जब मनुष्य परमेश्वर के आदेशों का पालन करने में पूर्णतः सक्षम होता है और परमेश्वर की अपेक्षाओं के अनुसार कार्य करता है, तब परमेश्वर मनुष्य के प्रति अपनी दया से भरपूर होता है; लेकिन जब मनुष्य भ्रष्टता से भरा होता है और उसके प्रति वैर-भाव और शत्रुता से लबालब भर जाता है, तब परमेश्वर प्रचंड क्रोध में होता है। वह किस हद तक क्रोध में होता है? उसका क्रोध तब तक बना रहेगा जब तक उसे मनुष्य का विरोध और बुरे कर्म दिखने बंद नहीं होते, जब तक वे उसकी नजरों के सामने अब और नहीं होते। तब कहीं जाकर परमेश्वर का क्रोध गायब होगा। दूसरे शब्दों में, चाहे जो भी व्यक्ति हो, यदि उसका हृदय परमेश्वर से दूर हो गया है और परमेश्वर से विमुख हो गया है और उसे वापस नहीं लाया जा सकता है, तब फिर वह अपने शरीर में या अपनी सोच में, अपने सभी स्वरूपों या अपनी व्यक्तिपरक इच्छाओं की दृष्टि से, परमेश्वर की चाहे जितनी आराधना, अनुसरण और उसके प्रति समर्पण करना चाहता हो, जब तक उसका दिल परमेश्वर से दूर होगा, परमेश्वर के क्रोध का बाँध टूटता जाएगा और रुकेगा नहीं। यह ऐसे होगा कि मनुष्य को प्रचुर अवसर देने के बाद, जब परमेश्वर अपने प्रचंड क्रोध का बाँध खोलता है, तब इसे वापस लेने का कोई रास्ता न होगा और ऐसे व्यक्ति के प्रति वह फिर कभी दयालु और सहनशील नहीं होगा। यह परमेश्वर के स्वभाव का एक पक्ष है जिसका अपमान नहीं किया जाना चाहिए। ... वह उन चीजों के प्रति सहनशील और दयालु है जो भली, सुंदर और अच्छी हैं; जो चीजें बुरी, पापमय और दुष्ट हैं, उनके प्रति वह प्रचंड रूप से क्रोधित होता है, इतना कि उसका क्रोध रुकता नहीं है। ये परमेश्वर के स्वभाव के दो प्राथमिक पहलू हैं जो सबसे महत्वपूर्ण, सबसे प्रमुख हैं और इससे भी बढ़कर, इन्हें परमेश्वर ने आरंभ से लेकर अंत तक लगातार प्रकट किया है : प्रचुर दया और प्रचंड क्रोध।
—वचन, खंड 2, परमेश्वर को जानने के बारे में, परमेश्वर का कार्य, परमेश्वर का स्वभाव और स्वयं परमेश्वर II
परमेश्वर जो कुछ भी करता है, उसमें वह हमेशा उचित सीमा के भीतर कार्य करता है। वह जानता है कि क्या करना है और कैसे करना है, वह निश्चित रूप से लोगों से ऐसा कुछ भी नहीं कराएगा जो उनकी प्राकृतिक क्षमताओं से परे हो। प्रत्येक व्यक्ति के साथ परमेश्वर के निपटने का तरीका उस समय की वास्तविक परिस्थितियों और पृष्ठभूमि के साथ-साथ उस व्यक्ति के क्रियाकलापों और व्यवहार और उसके प्रकृति सार पर आधारित होता है। परमेश्वर कभी किसी के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार नहीं करता। यही परमेश्वर की धार्मिकता है। उदाहरण के लिए, हव्वा को साँप ने भले और बुरे के ज्ञान के पेड़ का फल खाने के लिए प्रलोभन दिया था, लेकिन यहोवा ने यह कहकर उसे नहीं धिक्कारा, “मैंने तुमसे कहा था कि इसे मत खाना, तो तुमने फिर भी ऐसा क्यों किया? तुममें चीजों का भेद पहचानने की क्षमता होनी चाहिए थी; तुम्हें पता होना चाहिए था कि साँप केवल तुम्हें प्रलोभन देने के लिए बोला था।” यहोवा ने हव्वा को इस तरह नहीं धिक्कारा। ऐसा इसलिए है क्योंकि मनुष्य परमेश्वर द्वारा बनाए गए हैं और वह जानता है कि उनकी प्राकृतिक क्षमताएँ कैसी हैं और वे लोगों को क्या करने की अनुमति देती हैं, लोग किस हद तक खुद को नियंत्रित कर सकते हैं और लोग कितना कुछ हासिल कर सकते हैं। परमेश्वर यह सब काफी स्पष्ट रूप से जानता है। किसी व्यक्ति के साथ परमेश्वर का व्यवहार उतना सरल नहीं है जितना लोग कल्पना करते हैं। किसी व्यक्ति के प्रति परमेश्वर का रवैया—चाहे वह उसे पसंद करता हो, उससे विमुख हो या उससे घृणा करता हो—मुख्य रूप से सत्य के प्रति उस व्यक्ति के रवैये पर आधारित होता है। चाहे कोई किसी भी संदर्भ में कुछ भी कहे, परमेश्वर उसकी जाँच-परख करता है और उसे समझता है, क्योंकि परमेश्वर मनुष्य के हृदय और सार की जाँच-परख करता है। लोग हमेशा मानते हैं, “परमेश्वर में केवल दिव्यता है। वह धार्मिक है और मनुष्य द्वारा किया गया कोई भी अपमान सहन नहीं करता। वह मनुष्य की कठिनाइयों पर विचार नहीं करता या खुद को उसकी जगह नहीं रखता। यदि कोई व्यक्ति परमेश्वर का प्रतिरोध करता है, तो वह उसे दंड देगा।” ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। यदि लोग परमेश्वर के कार्य, लोगों के साथ व्यवहार करने के उसके सिद्धांतों और उसकी धार्मिकता को इस तरह समझते हैं, तो यह एक गंभीर गलती है। परमेश्वर द्वारा प्रत्येक व्यक्ति के परिणाम का निर्धारण मनुष्य की धारणाओं और कल्पनाओं पर नहीं, बल्कि परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव पर आधारित है। वह प्रत्येक व्यक्ति को उसके किए के अनुसार प्रतिफल देगा। परमेश्वर धार्मिक है और देर-सबेर, वह सभी लोगों को पूरी तरह से आश्वस्त कर देगा।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
लोग कहते हैं, “परमेश्वर एक धार्मिक परमेश्वर है। अगर मनुष्य अंत तक उसका अनुसरण करता रहे, तो वह निश्चित रूप से मनुष्य के प्रति निष्पक्ष होगा, क्योंकि वह सबसे धार्मिक है। यदि मनुष्य अंत तक उसका अनुसरण करता रहे, तो क्या वह मनुष्य को दरकिनार कर सकता है?” मैं सभी लोगों के प्रति निष्पक्ष हूँ और सभी लोगों का न्याय अपने धार्मिक स्वभाव से करता हूँ, फिर भी मैं लोगों से जो अपेक्षाएँ रखता हूँ उन सबमें उचित शर्तें शामिल होती हैं, और मैं जो अपेक्षा करता हूँ वह सभी लोगों के लिए पूरा करना जरूरी है, चाहे वे कोई भी हों। मैं इसकी परवाह नहीं करता कि तुम कितने वरिष्ठ हो या कितने अनुभवी हो; मैं सिर्फ इसकी परवाह करता हूँ कि तुम मेरे मार्ग का अनुसरण कर रहे हो या नहीं, सत्य के लिए तुममें प्रेम और प्यास है या नहीं। यदि तुममें सत्य की कमी है, और इसके बजाय तुम मेरे नाम का अनादर करते हो, और मेरे मार्ग के अनुसार कार्य नहीं करते हो, कोई परवाह या चिंता किए बगैर सिर्फ अनुसरण मात्र कर रहे हो, तो मैं उस समय तुम्हें मार गिराऊँगा और तुम्हारी बुराई के लिए तुम्हें दंड दूँगा, तब तुम्हारे पास कहने के लिए क्या होगा? क्या तुम यह कह पाओगे कि परमेश्वर धार्मिक नहीं है? यदि तुमने आज मेरे द्वारा बोले गए सभी वचनों का पालन किया है, तो तुम एक ऐसे व्यक्ति हो जिसे मैं स्वीकृति देता हूँ। तुम कहते हो कि तुमने परमेश्वर का अनुसरण करते हुए हमेशा पीड़ा सही है, कि तुमने तूफानों के बीच उसका अनुसरण किया है और उसके साथ अच्छा और बुरा समय बिताया है, लेकिन तुमने परमेश्वर द्वारा बोले गए वचनों को नहीं जिया है; तुम हर दिन परमेश्वर के लिए भाग-दौड़ करना और परमेश्वर के लिए खुद को खपाना ही चाहते हो, तुमने कभी भी एक अर्थपूर्ण जीवन जीने के बारे में नहीं सोचा है। तुम यह भी कहते हो, “चाहे जो हो, मैं मानता हूँ कि परमेश्वर धार्मिक है। मैं उसके लिए पीड़ा सहता हूँ, उसके लिए भाग-दौड़ करता हूँ और अपने आपको उसे समर्पित करता हूँ, और भले ही मेरे पास कोई उपलब्धि न हो, फिर भी मैंने कठिनाई सही है; वह निश्चित ही मुझे याद रखेगा।” यह सच है कि परमेश्वर धार्मिक है, फिर भी इस धार्मिकता पर किसी अशुद्धता का दाग नहीं है : इसमें कोई मानवीय इच्छा नहीं है, और यह देह या मानवीय लेन-देनों से दूषित नहीं है। जो लोग विद्रोही हैं और विरोध में हैं, जो उसके मार्ग का पालन नहीं करते हैं, उन सबको दंडित किया जाएगा; न तो किसी को क्षमा किया जाएगा, न ही किसी को बख्शा जाएगा! कुछ लोग कहते हैं, “आज मैं तुम्हारे लिए भाग-दौड़ करता हूँ; अंत में क्या तुम मुझे थोड़ा-सा आशीष दे सकते हो?” इसलिए मैं तुमसे पूछता हूँ, “क्या तुमने मेरे वचनों का पालन किया है?” तुम जिस धार्मिकता की बात करते हो, वह एक लेन-देन पर आधारित है। तुम केवल यह सोचते हो कि मैं धार्मिक हूँ, कि मैं सब लोगों के प्रति निष्पक्ष हूँ, और जो बिल्कुल अंत तक मेरा अनुसरण करेंगे उन सबका उद्धार किया जाना निश्चित है और मेरे आशीष प्राप्त करेंगे। “जो बिल्कुल अंत तक मेरा अनुसरण करेंगे उन सबका उद्धार किया जाना निश्चित है,” मेरे इन वचनों का एक आंतरिक अर्थ है : जो लोग बिल्कुल अंत तक मेरा अनुसरण करेंगे वे ऐसे लोग होंगे जिन्हें मेरे द्वारा पूरी तरह से प्राप्त कर लिया जाएगा, वे ऐसे लोग हैं जो मेरे द्वारा जीते जाने के बाद, सत्य खोजते हैं और जिन्हें पूर्ण बनाया जाता है। तुम कितनी अपेक्षाएँ पूरी कर चुके हो? तुमने केवल अंत तक मेरा अनुसरण करने की अपेक्षा पूरी की है, लेकिन और क्या? क्या तुमने मेरे वचनों का पालन किया है? तुमने मेरी पाँच अपेक्षाओं में से एक को पूरा किया है, लेकिन बाकी चार को पूरा करने का तुम्हारा कोई इरादा नहीं है। तुमने बस सबसे सरल और आसान रास्ता ढूँढ़ लिया है और भाग्यशाली होने की उम्मीद के रवैये के साथ अनुसरण किया है। तुम्हारे जैसे व्यक्ति के लिए मेरे धार्मिक स्वभाव का अर्थ सिर्फ ताड़ना और न्याय और धार्मिक प्रतिफल है; इसका अर्थ है सभी कुकर्मियों के लिए धार्मिक दंड। जो लोग मेरे मार्ग का अनुसरण नहीं करते हैं उन सबको निश्चित ही दंड दिया जाएगा, भले ही वे बिल्कुल अंत तक अनुसरण करते रहें। यह परमेश्वर की धार्मिकता है। जब यह धार्मिक स्वभाव मनुष्य के दंड में व्यक्त होता है, तो मनुष्य भौंचक्का रह जाता है, और उसे अफसोस होता है कि परमेश्वर का अनुसरण करते हुए उसने उसके मार्ग का अनुसरण क्यों नहीं किया। “उस समय, परमेश्वर का अनुसरण करते हुए मैंने केवल थोड़ा-सा ही कष्ट सहा, किंतु मैंने परमेश्वर के मार्ग का अनुसरण नहीं किया। इसके लिए क्या बहाने बनाये जा सकते हैं? ताड़ना दिए जाने के सिवाय और कोई विकल्प नहीं है!” फिर भी वह अपने मन में सोच रहा होता है, “जो भी हो, मैंने तेरा अंत तक अनुगमन किया है, अगर तू मुझे ताड़ना भी देगा, तो वह ताड़ना बहुत कठोर नहीं हो सकती, और मेरी ताड़ना करने के बाद भी तू मुझे चाहेगा। मैं जानता हूँ कि तू धार्मिक है, और तू हमेशा मेरे साथ इस प्रकार का व्यवहार नहीं करेगा। आखिरकार, मैं उनके समान नहीं हूँ जो नष्ट हो जाएँगे; जिन्हें नष्ट होना है वे कठोर ताड़ना प्राप्त करेंगे, जबकि मेरी ताड़ना हल्की होगी।” परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव वैसा नहीं है जैसा तुम कहते हो। ऐसा नहीं है कि जो लोग अपने पाप सही तरह से स्वीकारते हैं उनके साथ नरमी से निपटा जाता है। धार्मिकता पवित्रता है, और एक ऐसा स्वभाव है जो मनुष्य के द्वारा अपमान को सहन नहीं कर सकता, और वह सब कुछ जो अशुद्ध है और जो परिवर्तित नहीं हुआ है, वह परमेश्वर की घृणा का पात्र है। परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव व्यवस्था नहीं, बल्कि प्रशासनिक आदेश है : यह राज्य के भीतर एक प्रशासनिक आदेश है और यह प्रशासनिक आदेश हर उस व्यक्ति के लिए धार्मिक दंड है जिसमें सत्य नहीं है और जो परिवर्तित नहीं हुआ है और जिसके उद्धार की कोई गुंजाइश नहीं है। क्योंकि जब प्रत्येक व्यक्ति को उसकी किस्म के अनुसार छाँटा जाएगा, तो अच्छे को पुरस्कार और बुरे को दंड दिया जाएगा। इसी समय मानवजाति के गंतव्य प्रकट किए जाएँगे; यह वह समय होगा जब उद्धार का कार्य भी समाप्त हो जाएगा, उसके बाद मनुष्य के उद्धार का कार्य नहीं किया जाएगा, और बुराई करने वाले हर इंसान को कठोर दंड दिया जाएगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पतरस के अनुभव : ताड़ना और न्याय का उसका ज्ञान
एक व्यक्ति को परमेश्वर के प्रेम और धार्मिकता को अच्छी तरह से समझना चाहिए और परमेश्वर के वचनों और सत्य के आधार पर उनकी व्याख्या करना और उन्हें समझना चाहिए। इसके भी अधिक, परमेश्वर के प्रेम और धार्मिकता को वास्तव में समझने के लिए व्यक्ति को वास्तविक अनुभव से गुजरना चाहिए और परमेश्वर का प्रबोधन प्राप्त करना चाहिए। व्यक्ति को उसके प्रेम और धार्मिकता को अपनी धारणाओं और कल्पनाओं के आधार पर नहीं मापना चाहिए। मानव धारणाओं के अनुसार, अच्छाई को पुरस्कार दिया जाता है और बुराई को दंड दिया जाता है, अच्छे लोगों को अच्छा प्रतिफल मिलता है और दुष्ट व्यक्तियों को बुराई का प्रतिफल मिलता है, और जो बुराई नहीं करते उन सभी को अच्छाई का प्रतिफल मिलना चाहिए और आशीष प्राप्त होना चाहिए। ऐसा लगेगा कि जो भी लोग दुष्ट नहीं हैं उन्हें अच्छाई का प्रतिफल दिया जाना चाहिए। यह परमेश्वर की धार्मिकता होगी। क्या यह लोगों की धारणा नहीं है? अगर उन्हें अच्छा प्रतिफल नहीं मिलता तो क्या तब तुम कहोगे कि परमेश्वर धार्मिक नहीं है? उदाहरण के लिए, नूह के समय में, परमेश्वर ने नूह से कहा : “सब प्राणियों के अन्त करने का प्रश्न मेरे सामने आ गया है; क्योंकि उनके कारण पृथ्वी उपद्रव से भर गई है, इसलिये मैं उनको पृथ्वी समेत नष्ट कर डालूँगा” (उत्पत्ति 6:13)। तब उसने नूह को जहाज बनाने का आदेश दिया। जब नूह ने परमेश्वर का आदेश स्वीकार कर जहाज बना लिया, तब चालीस दिनों और रातों तक धरती पर भारी मूसलाधार वर्षा हुई, पूरी दुनिया बाढ़ में डूब गई और, नूह और उसके परिवार के सात सदस्य जो जहाज में सवार हुए थे और बच गए थे, उन्हें छोड़कर, परमेश्वर ने उस युग के सभी मनुष्यों को नष्ट कर दिया। तुम इससे क्या समझते हो? क्या तुम कहोगे कि परमेश्वर स्नेही नहीं है? जहाँ तक मनुष्य का संबंध है, वह चाहे कितना ही भ्रष्ट हो, अगर परमेश्वर उसे नष्ट करता है, तो इसका मतलब है कि परमेश्वर स्नेही नहीं है। क्या यह सही है? क्या यह बेतुका नहीं है? परमेश्वर ने जिन लोगों का विनाश किया उनसे वह प्रेम नहीं करता था, लेकिन क्या तुम कह सकते हो कि वह उन लोगों से प्यार नहीं करता था जो बच गए और जिन्होंने उसका उद्धार प्राप्त किया? पतरस परमेश्वर से परम प्रेम करता था और परमेश्वर भी पतरस से प्रेम करता था—क्या तुम कह सकते हो कि परमेश्वर स्नेही नहीं है? परमेश्वर उनसे प्रेम करता है जो उससे वास्तव में प्यार करते हैं और वह उन लोगों से घृणा करता है और उन्हें शाप देता है जो उसका विरोध करते हैं और पश्चात्ताप करने से हठपूर्वक इनकार करते हैं। परमेश्वर में प्रेम और नफरत दोनों हैं। यह सच है। लोगों को अपनी धारणाओं या कल्पनाओं के अनुसार परमेश्वर को सीमित नहीं करना चाहिए या उसके बारे में अपनी राय नहीं बनानी चाहिए, क्योंकि लोगों की धारणाओं और कल्पनाओं अर्थात्, उनके चीजों को देखने के तरीकों में बिल्कुल भी सच्चाई नहीं होती है। व्यक्ति को मानवजाति के प्रति परमेश्वर के रवैये, उसके स्वभाव और सार के आधार पर ही उसे जानना चाहिए। परमेश्वर जो भी करता है और जिन चीजों का समाधान करता है उनके बाह्य रूपों के आधार पर व्यक्ति को परमेश्वर के स्वभाव और सार को सीमित करने का प्रयास बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। मानवजाति को शैतान ने बहुत ज्यादा भ्रष्ट कर दिया है कि वे भ्रष्ट मानवजाति के प्रकृति सार को बिल्कुल भी नहीं जानते, इस बारे में तो और भी नहीं जानते कि भ्रष्ट मानवजाति परमेश्वर के समक्ष वाकई क्या है, न ही यह जानते हैं कि उसके धार्मिक स्वभाव के अनुसार उनके साथ कैसा व्यवहार किया जाना चाहिए। अय्यूब को ही देखो, वह एक धार्मिक व्यक्ति था और परमेश्वर ने उसे आशीष दी। यह परमेश्वर की धार्मिकता थी। शैतान ने यहोवा के साथ एक शर्त लगाई : “क्या अय्यूब परमेश्वर का भय बिना लाभ के मानता है? क्या तूने उसके, और उसके घर के, और जो कुछ उसका है उसके चारों ओर बाड़ा नहीं बाँधा? तू ने तो उसके काम पर आशीष दी है, और उसकी सम्पत्ति देश भर में फैल गई है। परन्तु अब अपना हाथ बढ़ाकर जो कुछ उसका है, उसे छू; तब वह तेरे मुँह पर तेरी निन्दा करेगा” (अय्यूब 1:9-11)। यहोवा परमेश्वर ने कहा : “जो कुछ उसका है, वह सब तेरे हाथ में है; केवल उसके शरीर पर हाथ न लगाना” (अय्यूब 1:12)। तब शैतान अय्यूब पर हमला करने और उसे प्रलोभन देने गया, और अय्यूब ने परीक्षणों का सामना किया। उसके पास मौजूद सब कुछ छिन गया—उसने अपने बच्चे और अपनी संपत्ति खो दी, और उसका पूरा शरीर छालों से भर गया। क्या अय्यूब के परीक्षण परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव का मूर्तरूप थे? तुम लोग स्पष्ट रूप से नहीं कह सकते, है ना? भले ही तुम एक धर्मी व्यक्ति हो, तो भी परमेश्वर को तुम्हें परीक्षणों से गुजारने और तुमसे अपनी गवाही दिलवाने का अधिकार है। परमेश्वर का स्वभाव धार्मिक है; वह सबके साथ समान व्यवहार करता है। ऐसी बात नहीं है कि धार्मिक लोगों को परीक्षणों से गुजरने की जरूरत नहीं है क्योंकि वे इन्हें बर्दाश्त कर सकते हैं या फिर धार्मिक लोगों की रक्षा की जानी चाहिए। यह ऐसा नहीं है। परमेश्वर को धार्मिक लोगों को परीक्षणों में डालने का अधिकार है। यह परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव का प्रकाशन है। अंत में, जब अय्यूब परीक्षणों से गुजर चुका और यहोवा की गवाही दे चुका था, उसके बाद यहोवा ने उसे पहले से भी अधिक आशीष दी, पहले से बेहतर आशीष दी और उसने दोगुनी आशीष दी। इतना ही नहीं, यहोवा ने उसे दर्शन दिए और बवंडर में से उससे बातें कीं, और अय्यूब ने मानो उसे आमने-सामने देखा। यह परमेश्वर द्वारा उसे दी गई आशीष थी। यह परमेश्वर की धार्मिकता थी। जब अय्यूब परीक्षण से गुजर चुका और यहोवा ने देखा कि कैसे अय्यूब ने शैतान की मौजूदगी में उसकी गवाही दी और शैतान को लज्जित किया, तब अगर यहोवा मुड़कर चला जाता और उसकी अनदेखी करता, और बाद में अय्यूब को आशीष नहीं मिलती—तो क्या इसमें परमेश्वर की धार्मिकता होती? परीक्षणों के बाद चाहे अय्यूब को आशीष मिली हो या नहीं, या यहोवा उसके सामने प्रकट हुआ हो कि नहीं, इनमें परमेश्वर का अच्छा इरादा शामिल है। अय्यूब को दर्शन देना परमेश्वर की धार्मिकता थी, और उसे दर्शन न देना भी परमेश्वर की धार्मिकता होती। तुम—सृजित प्राणी—किस आधार पर परमेश्वर से माँग करते हो? लोग परमेश्वर से माँगें करने के योग्य नहीं हैं। परमेश्वर से माँगें करने से ज्यादा तर्कहीन कुछ नहीं है। वह वही करेगा जो उसे करना ही चाहिए, और उसका स्वभाव धार्मिक है। धार्मिकता किसी भी तरह से निष्पक्षता या तर्कसंगतता नहीं है; यह समतावाद नहीं है, न ही तुम्हारे काम के लिए तुम्हें वह देना है जिसके तुम लायक हो, न ही तुमने जो भी काम किया हो उसके बदले तुम्हें भुगतान करना है और न ही तुम्हारे द्वारा किए गए प्रयास के अनुसार तुम्हारा देय चुकाना है। यह धार्मिकता नहीं है, यह केवल निष्पक्ष और तर्कसंगत होना है। बहुत कम लोग परमेश्वर के धार्मिक स्वभाव को जान पाते हैं। मान लो कि अय्यूब द्वारा उसके लिए गवाही देने के बाद परमेश्वर अय्यूब का विनाश कर देता : क्या यह धार्मिक होता? वास्तव में, यह धार्मिक होता। इसे धार्मिकता क्यों कहा जाता है? लोग धार्मिकता को कैसे देखते हैं? अगर कोई चीज लोगों की धारणाओं के अनुरूप होती है, तब उनके लिए यह कहना बहुत आसान हो जाता है कि परमेश्वर धार्मिक है; परंतु, अगर वे किसी चीज को अपनी धारणाओं के अनुरूप नहीं पाते—अगर यह कुछ ऐसा है जिसे वे समझ नहीं पाते—तो उनके लिए यह कहना मुश्किल होगा कि परमेश्वर धार्मिक है। अगर परमेश्वर ने तब अय्यूब को नष्ट कर दिया होता, तो लोग यह नहीं कहते कि वह धार्मिक है। वास्तव में, चाहे लोग भ्रष्ट कर दिए गए हों या नहीं, चाहे वे बुरी तरह से भ्रष्ट कर दिए गए हों या नहीं, उन्हें नष्ट करते समय क्या परमेश्वर को इसका औचित्य सिद्ध करना पड़ता है? क्या उसे लोगों को समझाना चाहिए कि वह ऐसा किस आधार पर करता है? क्या परमेश्वर को लोगों को बताना होगा कि उसने कौन-सी व्यवस्थाएँ नियत की हैं? इसकी आवश्यकता नहीं है। परमेश्वर की नजरों में, जो व्यक्ति भ्रष्ट है, और जो परमेश्वर का प्रतिरोध करने की प्रवृत्ति रखता है वह बेकार है; परमेश्वर चाहे जैसे भी उससे निपटे, वह उचित ही होगा, और यह सब परमेश्वर की व्यवस्थाओं के अनुसार है। अगर तुम परमेश्वर की नजरों में अप्रिय होते और वह कहता कि तुम्हारी गवाही के बाद तुम उसके किसी काम के नहीं हो और इसलिए तुम्हें नष्ट कर देता, तो क्या यह उसकी धार्मिकता होती? यह भी होती। तुम इसे तथ्यों के दृष्टिकोण से इस समय भले न समझ सको, लेकिन तुम्हें इसे सिद्धांत के स्तर पर समझना ही चाहिए। तुम लोग क्या कहोगे—परमेश्वर द्वारा शैतान का विनाश क्या उसकी धार्मिकता की अभिव्यक्ति है? (हाँ।) अगर वह शैतान को बने रहने दे तो? तुम यह कहने की हिम्मत नहीं करते हो, है न? परमेश्वर का सार धार्मिकता है। हालाँकि वह जो करता है उसे समझना आसान नहीं है, तब भी वह जो कुछ भी करता है वह सब धार्मिक है; बात सिर्फ इतनी है कि लोग समझते नहीं हैं। जब परमेश्वर ने पतरस को शैतान के सुपुर्द कर दिया था, तब पतरस की प्रतिक्रिया क्या थी? “तुम जो भी करते हो उसकी थाह तो मनुष्य नहीं पा सकता, लेकिन तुम जो भी करते हो उस सब में तुम्हारे अच्छे इरादे शामिल हैं; उस सब में धार्मिकता है। यह कैसे सम्भव है कि मैं तुम्हारी बुद्धि और कर्मों की सराहना न करूँ?” अब तुम्हें यह देखना चाहिए कि मानवजाति के उद्धार के समय परमेश्वर द्वारा शैतान को नष्ट न किए जाने का कारण यह है ताकि मानवजाति स्पष्ट रूप से देख सके कि शैतान ने मनुष्य को कैसे और किस हद तक भ्रष्ट किया है, और परमेश्वर कैसे मानवजाति को शुद्ध करता और बचाता है। अंततः, जब लोग सत्य समझ लेंगे और शैतान का भयंकर चेहरा स्पष्ट रूप से देख लेंगे, और शैतान द्वारा उन्हें भ्रष्ट किए जाने का महापाप देख लेंगे, तो परमेश्वर उन्हें अपनी धार्मिकता दिखाते हुए शैतान को नष्ट कर देगा। शैतान के विनाश के समय में परमेश्वर का स्वभाव और बुद्धि निहित है। वह सब जो परमेश्वर करता है धार्मिक है। भले ही लोग यह समझ न पाएँ, तब भी उन्हें मनमाने ढंग से आलोचना नहीं करनी चाहिए। अगर मनुष्यों को उसका कोई कृत्य अतर्कसंगत प्रतीत होता है, या उसके बारे में उनकी कोई धारणाएँ हैं, और फिर वे कहते हैं कि वह धार्मिक नहीं है, तो वे सर्वाधिक विवेकहीन साबित हो रहे हैं। देखा तुमने, पतरस को भी कुछ चीजें अथाह लगी थीं, लेकिन उसे पक्का विश्वास था कि परमेश्वर की बुद्धिमता विद्यमान थी और उन चीजों में उसके अच्छे इरादे थे, कि लोग उनकी थाह नहीं पा सकते थे और बहुत कम ही चीजें थीं जिनकी वे थाह पा सकते थे। इस तरह, परमेश्वर के स्वभाव को जानना आसान बात नहीं है।
—वचन, खंड 3, अंत के दिनों के मसीह के प्रवचन, भाग तीन
मेरी दया उन लोगों के प्रति व्यक्त की जाती है जो मुझसे प्रेम करते हैं और खुद को नकारते हैं। इस बीच, बुरे लोगों को दिया गया दंड, मेरे धार्मिक स्वभाव का सटीक प्रमाण है और इससे भी बढ़कर, मेरे कोप की गवाही है। जब आपदा आएगी, तो मेरा प्रतिरोध करने वाले सभी लोग अकाल और महामारी के शिकार होंगे और रोएँगे। जिन लोगों ने हर तरह के बुरे कर्म किए हैं और कभी कई वर्षों तक मेरा अनुसरण किया था, वे भी अपने पापों का फल भुगतने से नहीं बचेंगे; वे भी ऐसी आपदा में फँसेंगे, जैसी लाखों वर्षों में शायद ही कभी देखी गई हो, वे लगातार दहशत और भय की अवस्था में जिएँगे। लेकिन जिन लोगों ने अटूट वफादारी के साथ मेरा अनुसरण किया है, वे खुशी में तालियाँ बजाएँगे, और मेरी महान शक्ति की प्रशंसा करेंगे। उनकी सहजता और खुशी की भावना अवर्णनीय होगी, और वे ऐसे आनंद के बीच जिएँगे जो मैंने मानव संसार को पहले कभी प्रदान नहीं किया है। क्योंकि मैं मनुष्य के अच्छे कर्मों को सँजोकर रखता हूँ और उसके बुरे कर्मों से घृणा करता हूँ। जबसे मैंने पहली बार मानवजाति की अगुआई करनी आरंभ की, तबसे मैं उत्सुकतापूर्वक मनुष्यों के ऐसे समूह को पाने की आशा करता रहा हूँ, जो मेरे साथ एकमन हों। इस बीच, जो मेरे साथ एकमन नहीं हैं, उन्हें मैं कभी नहीं भूलता; मैं हमेशा अपने दिल में उनसे नफरत करता हूँ, उनके बुरे कर्मों के लिए उन्हें कर्मफल देने और उसे देखकर आनंद लेने के अवसर की ही प्रतीक्षा करता रहता हूँ। अब आखिरकार मेरा दिन आ गया है, और मुझे अब और प्रतीक्षा करने की जरूरत नहीं है!
मेरा अंतिम कार्य केवल मनुष्यों को दंड देने के लिए ही नहीं है, बल्कि मनुष्य की मंजिल की व्यवस्था करने के लिए भी है। इससे भी अधिक, यह सभी लोगों से मेरे कर्म और कार्य स्वीकार करवाने की खातिर है। मैं हर एक व्यक्ति को दिखा दूँगा कि जो कुछ मैंने किया है वह सही है, जो कुछ मैंने किया है वह मेरे स्वभाव की अभिव्यक्ति है, यह मनुष्य का कार्य नहीं है, और वह प्रकृति तो बिल्कुल भी नहीं है जिसने मानवजाति की रचना की है, और इसके बजाय यह “मैं” हूँ जो सभी चीजों में हर जीव का पोषण करता है। मेरे अस्तित्व के बिना मानवजाति केवल नष्ट होगी और केवल आपदा द्वारा पंगु कर दी जाएगी। कोई भी फिर कभी सुंदर सूर्य और चंद्रमा को नहीं देखेगा और कोई भी फिर कभी हरे-भरे संसार को नहीं देखेगा; मानवजाति केवल काली, शीत रात्रि और मृत्यु की छाया की निर्मम घाटी देखेगी। मैं ही मानवजाति का एकमात्र उद्धार हूँ, मैं ही मानवजाति की एकमात्र आशा हूँ, और इससे भी बढ़कर, मैं ही वह हूँ जिस पर संपूर्ण मानवजाति का अस्तित्व निर्भर करता है। मेरे बिना मानवजाति तुरंत अवरुद्ध हो जाएगी, और मेरे बिना मानवजाति जबरदस्त आपदा का सामना करेगी और सभी प्रकार के भूतों द्वारा पैरों तले कुचली जाएगी, इसके बावजूद कोई मुझ पर ध्यान नहीं देता। मैंने वह काम किया है जो किसी दूसरे के द्वारा नहीं किया जा सकता, और मैं केवल यह आशा करता हूँ कि मनुष्य कुछ अच्छे कर्मों से मुझे प्रतिफल दे सके। यद्यपि केवल कुछ ही लोग मुझे प्रतिफल दे पाए हैं, फिर भी मैं मनुष्यों के संसार में अपनी यात्रा पूरी करूँगा और अपने उस कार्य का अगला कदम आरंभ करूँगा जो अभी खुलने वाला है, क्योंकि इन अनेक वर्षों में लोगों के बीच मेरे आने-जाने की भागदौड़ फलदायक रही है, और मैं अति प्रसन्न हूँ। मैं जिस चीज की परवाह करता हूँ, वह मनुष्यों की संख्या नहीं, बल्कि उनके अच्छे कर्म हैं। किसी भी स्थिति में, मैं आशा करता हूँ कि तुम लोग अपनी मंजिल के लिए पर्याप्त अच्छे कर्म तैयार करोगे। तभी मुझे संतुष्टि होगी; अन्यथा तुम लोगों में से कोई भी उस आपदा के हमले से नहीं बचेगा। आपदा मुझसे शुरू होती है और बेशक मेरे के अधीन रहती है। यदि तुम लोग मेरी नजरों में अच्छे दिखाई नहीं दे सकते, तो तुम लोगों में से कोई भी आपदा के कष्ट से नहीं बचेगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, अपनी मंजिल के लिए पर्याप्त अच्छे कर्म तैयार करो
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
परमेश्वर बहुत धार्मिक है
मेरे माता-पिता को कलीसिया से निकाल दिया गया यह पता चलने के बाद
संबंधित भजन
परमेश्वर का न्याय पूरी तरह से खोल दिया गया है
परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव जीवंत और सजीव है
परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव है अनूठा
परमेश्वर व्यापक रूप से दयालु और अत्यंत क्रोधी है
परमेश्वर का स्वभाव दयालु और प्रेमपूर्ण है और इससे भी बढ़कर धार्मिक और प्रतापी है