ii. परमेश्वर की भेड़ें उसकी वाणी सुनती हैं, और केवल परमेश्वर की वाणी सुनकर ही व्यक्ति प्रभु का स्वागत कर सकता है
बाइबल से उद्धृत परमेश्वर के वचन
“मुझे तुम से और भी बहुत सी बातें कहनी हैं, परन्तु अभी तुम उन्हें सह नहीं सकते। परन्तु जब वह अर्थात् सत्य का आत्मा आएगा, तो तुम्हें सब सत्य का मार्ग बताएगा, क्योंकि वह अपनी ओर से न कहेगा परन्तु जो कुछ सुनेगा वही कहेगा, और आनेवाली बातें तुम्हें बताएगा” (यूहन्ना 16:12-13)।
“जिसके कान हों वह सुन ले कि आत्मा कलीसियाओं से क्या कहता है” (प्रकाशितवाक्य 2:7)।
“आधी रात को धूम मची : ‘देखो, दूल्हा आ रहा है! उससे भेंट करने के लिये चलो’” (मत्ती 25:6)।
“मेरी भेड़ें मेरा शब्द सुनती हैं; मैं उन्हें जानता हूँ, और वे मेरे पीछे पीछे चलती हैं” (यूहन्ना 10:27)।
“देख, मैं द्वार पर खड़ा हुआ खटखटाता हूँ; यदि कोई मेरा शब्द सुनकर द्वार खोलेगा, तो मैं उसके पास भीतर आकर उसके साथ भोजन करूँगा और वह मेरे साथ” (प्रकाशितवाक्य 3:20)।
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
चूँकि हम परमेश्वर के पदचिह्नों की खोज कर रहे हैं, इसलिए हमें परमेश्वर के इरादों को खोजना होगा, परमेश्वर के वचनों को खोजना होगा और उसके कथनों को खोजना होगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि जहाँ परमेश्वर द्वारा बोले गए नए वचन हैं, वहाँ परमेश्वर की वाणी है; जहाँ परमेश्वर के पदचिह्न हैं, वहाँ परमेश्वर के कर्म हैं; जहाँ परमेश्वर की अभिव्यक्ति है, वहाँ परमेश्वर प्रकट होता है; और जहाँ परमेश्वर प्रकट होता है, वहाँ सत्य, मार्ग और जीवन विद्यमान होते हैं। परमेश्वर के पदचिह्नों की तलाश में तुम लोगों ने इन वचनों की अनदेखी कर दी है कि “परमेश्वर ही सत्य, मार्ग और जीवन है।” और इसलिए, बहुत-से लोग सत्य को प्राप्त करके भी यह नहीं मानते कि उन्हें परमेश्वर के पदचिह्न मिल गए हैं और वे परमेश्वर के प्रकटन को तो बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करते हैं। कितनी गंभीर ग़लती है! परमेश्वर का प्रकटन मनुष्य की धारणाओं के अनुरूप नहीं हो सकता, और परमेश्वर का मनुष्य की माँग के अनुसार प्रकट होना तो बिल्कुल भी संभव नहीं है। जब परमेश्वर अपना कार्य करता है, तो उसके अपने चुनाव होते हैं, उसकी अपनी योजनाएँ होती हैं, और इससे भी बढ़कर, उसके अपने उद्देश्य और उसके अपने तरीके होते हैं। वह जो भी कार्य करता है, उसके बारे में उसे मनुष्य से चर्चा करने या उसकी सलाह लेने की आवश्यकता नहीं है, और हर एक व्यक्ति को सूचित करने की आवश्यकता तो उसे बिल्कुल भी नहीं है। यह परमेश्वर का स्वभाव है, और इससे भी बढ़कर, यही वह है जिसे हर व्यक्ति को जानना चाहिए। यदि तुम लोग परमेश्वर के प्रकटन को देखने की इच्छा रखते हो और उसके पदचिह्नों का अनुसरण करने की इच्छा रखते हो, तो तुम लोगों को पहले अपनी धारणाओं से दूरी बना लेनी चाहिए। तुम लोगों को यह माँग नहीं करनी चाहिए कि परमेश्वर ऐसा करे या वैसा करे, तुम्हें परमेश्वर को अपनी सीमाओं और अपनी धारणाओं तक सीमित तो बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। इसके बजाय, तुम लोगों को खुद से इस बारे में माँग करनी चाहिए कि तुम्हें परमेश्वर के पदचिह्नों की तलाश कैसे करनी चाहिए, तुम्हें परमेश्वर के प्रकटन को कैसे स्वीकार करना चाहिए, और तुम्हें परमेश्वर के नए कार्य के प्रति कैसे समर्पण करना चाहिए : मनुष्य को वास्तव में यही करना चाहिए। चूँकि कोई भी सत्य नहीं है, और किसी के पास सत्य नहीं है, इसलिए मनुष्य को जो करना चाहिए वह है खोजना, स्वीकार करना और समर्पण करना।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परिशिष्ट 1 : परमेश्वर के प्रकटन ने एक नए युग का सूत्रपात किया है
पूरे ब्रह्मांड में मैं अपना कार्य कर रहा हूँ और पूर्व में भारी गर्जनाएँ निरंतर जारी हैं और सभी राष्ट्रों और संप्रदायों को झकझोर रही हैं। ये मेरे कथन ही हैं जो मनुष्य को वर्तमान में लेकर आए हैं। मैं मनुष्य को अपने कथनों से जीत लेता हूँ, उन्हें इस धारा में बहा ले आता हूँ और उनसे अपने आगे आत्मसमर्पण करवाता हूँ क्योंकि मैंने बहुत पहले पूरी पृथ्वी से अपनी महिमा वापस लेकर उसे नए सिरे से पूर्व में जारी किया है। भला कौन मेरी महिमा देखने के लिए लालायित नहीं होता? कौन बेसब्री से मेरे लौटने का इंतजार नहीं करता? किसे मेरे पुनः प्रकटन की प्यास नहीं है? कौन मेरी मनोहरता के लिए नहीं तरसता? कौन रोशनी की ओर नहीं आएगा? कौन कनान की समृद्धि नहीं देखेगा? किसे उद्धारकर्ता के लौटने की लालसा नहीं है? कौन उसकी सराहना नहीं करता जिसके पास महान सामर्थ्य है? मेरे कथन पूरी पृथ्वी पर प्रसारित होंगे और मैं अपने चुने हुए लोगों के सामने और अधिक वचन व्यक्त करूँगा और कहूँगा, जैसे शक्तिशाली गर्जन पर्वतों और नदियों को हिला रहा हो। मैं अपने वचन पूरे ब्रह्मांड से और मानवजाति से बोलता हूँ। इस प्रकार मेरे मुँह से निकले वचन मनुष्य की निधि बन गए हैं और सभी लोग मेरे वचनों को सँजोते हैं। बिजली पूर्व से लेकर पश्चिम तक कौंधती है। मेरे वचन ऐसे हैं कि मनुष्य इनसे अलग होने का अनिच्छुक होता है और ये मनुष्य के लिए अथाह भी हैं और यही नहीं, इनके कारण मनुष्य आनन्द का अनुभव करता है। नवजात शिशुओं की तरह सभी लोग खुशी और आनंद से भरे हैं और मेरे आगमन का जश्न मनाते हैं। अपने कथनों के माध्यम से मैं सब लोगों को अपने समक्ष ले आऊँगा। उसके बाद मैं औपचारिक रूप से मानवजाति के बीच प्रवेश करूँगा और ऐसा करूँगा कि वे मेरी पूजा करने आएँ। मुझसे प्रवाहित होती महिमा और मेरे मुँह से निकले वचनों के चलते सब लोग मेरे समक्ष आते हैं और देखते हैं कि बिजली पूर्व से चमकती है और मैं भी पूर्व में “जैतून के पर्वत” पर उतर चुका हूँ, और मैं बहुत पहले पृथ्वी पर आ चुका हूँ, और मैं अब यहूदियों का पुत्र नहीं हूँ, बल्कि पूर्व की बिजली हूँ। क्योंकि मैं बहुत पहले ही मरकर जी उठा हूँ और लोगों के बीच से जा चुका हूँ और फिर महिमा के साथ मनुष्य की दुनिया में पुनः प्रकट हुआ हूँ। मैं वही हूँ जिसकी आराधना अब से असंख्य युगों पहले की गई थी, और मैं वह शिशु भी हूँ जिसे अब से असंख्य युगों पहले इस्राएलियों ने त्याग दिया था। उससे भी अधिक, मैं वर्तमान युग का संपूर्ण-महिमामय सर्वशक्तिमान परमेश्वर हूँ! सभी मेरे सिंहासन के सामने आएँ और मेरे महिमामय मुखमंडल को देखें, मेरे कथन सुनें और मेरे कर्मों को देखें। यही मेरा संपूर्ण इरादा है; यही मेरी योजना का अंत और चरमोत्कर्ष है और साथ ही मेरे प्रबंधन का उद्देश्य भी है : असंख्य राष्ट्र मेरी पूजा करें, असंख्य मुख मुझे स्वीकार करें, असंख्य लोग मुझ पर भरोसा रखें और मेरे चुने असंख्य लोग मेरे सामने आत्मसमर्पण करें!
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, सात गर्जनाएँ गरजती हैं—भविष्यवाणी करती हैं कि राज्य का सुसमाचार पूरे ब्रह्मांड में फैल जाएगा
जब मैं पूरे ब्रह्मांड से बोलता हूँ, सब लोग मेरी आवाज सुनते हैं, यानी सभी लोग उन सभी कर्मों को देखते हैं जिन्हें मैंने समूचे ब्रह्मांड में अंजाम दिया है। जो मेरे इरादों के विरुद्ध जाते हैं—अर्थात् जो अपने मानवीय कर्मों से मेरा विरोध करते हैं—वे मेरी ताड़ना के बीच गिर जाएँगे। आकाश के असंख्य तारों को मैं नया बनाऊँगा और सूर्य और चंद्रमा मेरी बदौलत नए हो जाएँगे, ताकि आकाश अब वैसा न रहे जैसा वह पहले था। और पृथ्वी पर सभी चीजें फिर से नई बना दी जाएँगी—यह सब मेरे वचनों के कारण संपन्न किया जाएगा। ब्रह्मांड के भीतर सारे देशों को नए सिरे से बाँटा जाएगा और उन्हें मेरे राज्य द्वारा प्रतिस्थापित किया जाएगा, जिससे पृथ्वी पर विद्यमान देश हमेशा के लिए विलुप्त हो जाएँगे, और इसके बजाय वह राज्य होगा जो मेरी आराधना करता है; पृथ्वी के सभी देशों को नष्ट कर दिया जाएगा और उनका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। ब्रह्मांड के भीतर के लोगों में से, वे सभी जो दानवों के हैं पूर्णतया नष्ट कर दिए जाएँगे। वे सभी जो शैतान की आराधना करते हैं वे मेरी जलती हुई आग के बीच गिर पड़ेंगे—अर्थात् उनको छोड़कर जो अभी धारा के अन्तर्गत हैं, शेष सभी को राख में बदल दिया जाएगा। जब मैं प्रत्येक व्यक्ति को ताड़ना दूँगा तो धार्मिक समुदाय मेरे राज्य में अलग-अलग पैमाने पर लौट आएँगे और मेरे कर्मों के द्वारा जीत लिए जाएँगे, क्योंकि वे यह देख चुके होंगे कि “सफेद बादल पर सवार पवित्र दिव्य जन” पहले ही आ चुका है। सब लोग अपनी किस्म के अनुसार छाँटे जाएँगे और वे अपने क्रियाकलापों के अनुरूप विविध प्रकार की ताड़नाएँ प्राप्त करेंगे; वे सब जिन्होंने मेरा प्रतिरोध किया होगा नष्ट हो जाएँगे और जहाँ तक उनकी बात है जिनके पृथ्वी पर कर्मों ने मुझे शामिल नहीं किया है, वे अपनी अभिव्यक्तियों के कारण पृथ्वी पर मेरे पुत्रों और मेरे लोगों के शासन के अधीन अस्तित्व में बने रहेंगे। मैं असंख्य देशों और लोगों के सामने प्रकट होऊँगा और अपनी वाणी को पृथ्वी पर व्यक्त करूँगा, अपने महान कार्य के पूरे होने की उद्घोषणा करूँगा और सब लोगों को अपनी-अपनी आँखों से यह देखने दूँगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, संपूर्ण ब्रह्मांड के लिए परमेश्वर के वचन, अध्याय 26
“जिसके कान हों वह सुन ले कि आत्मा कलीसियाओं से क्या कहता है।” क्या तुम लोगों ने अब पवित्र आत्मा के वचन सुन लिए हैं? परमेश्वर के वचन तुम लोगों पर आ चुके हैं। क्या तुम लोग उन्हें सुनते हो? अंत के दिनों में परमेश्वर वचनों का कार्य करता है और ये वचन पवित्र आत्मा के वचन हैं, क्योंकि परमेश्वर पवित्र आत्मा है और वह देहधारी भी हो सकता है; इसलिए पवित्र आत्मा के वे वचन जिनका उल्लेख अतीत में किया गया था, आज देहधारी परमेश्वर के वचन हैं। बहुत-से ऐसे बेतुके लोग हैं जो मानते हैं कि चूँकि यह पवित्र आत्मा बोल रहा है, इसलिए इसकी वाणी स्वर्ग से आनी चाहिए ताकि लोग उसे सुन सकें। इस प्रकार सोचने वाला कोई भी मनुष्य परमेश्वर के कार्य को नहीं जानता। वास्तव में, जो कथन पवित्र आत्मा व्यक्त करता है वे वही होते हैं जिन्हें देहधारी परमेश्वर व्यक्त करता है। पवित्र आत्मा मनुष्य से प्रत्यक्ष रूप से कतई बात नहीं कर सकता; यहाँ तक कि व्यवस्था के युग में भी यहोवा ने असंख्य जनसमूह से प्रत्यक्ष रूप से बात नहीं की थी। क्या इस बात की संभावना और भी कम नहीं होगी कि वह आज के युग में ऐसा करेगा? अपनी वाणी और कथनों के साथ कार्य करने के लिए परमेश्वर को देहधारण करना होगा; अन्यथा उसका कार्य अपने लक्ष्य पूरे नहीं कर सकता। जो लोग देहधारी परमेश्वर को नकारते हैं वे आत्मा को या उन सिद्धान्तों को नहीं जानते जिनके द्वारा परमेश्वर कार्य करता है। जो मानते हैं कि अब पवित्र आत्मा का युग है, फिर भी उसके नए कार्य को स्वीकार नहीं करते, वे काल्पनिक आस्था के बीच जीने वाले लोग हैं। ऐसे लोगों को कभी भी पवित्र आत्मा का कार्य प्राप्त नहीं होगा। जो लोग बस यही माँग करते हैं कि पवित्र आत्मा प्रत्यक्ष रूप से बात करे और प्रत्यक्ष रूप से अपना कार्य करे और देहधारी परमेश्वर के वचनों या कार्य को स्वीकार नहीं करते, वे कभी नए युग में प्रवेश नहीं कर पाएँगे या परमेश्वर द्वारा पूरी तरह से नहीं बचाए जा सकेंगे!
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, जिन लोगों ने परमेश्वर को अपनी ही धारणाओं में सीमित कर दिया है, वे किस प्रकार उसके प्रकाशनों को प्राप्त कर सकते हैं?
किसी भी रूप या देश तक सीमित हुए बिना प्रकट होने में परमेश्वर का लक्ष्य उस कार्य को पूरा करना है जिसकी उसने योजना बनाई है। यह ठीक वैसा ही है जैसे जब परमेश्वर यहूदिया में देहधारी हुआ था : उसका लक्ष्य समस्त मानवजाति को छुटकारा दिलाने के लिए सलीब पर चढ़ाए जाने का कार्य पूरा करना था। फिर भी यहूदियों का मानना था कि परमेश्वर के लिए इस तरह कार्य करना असंभव है, और परमेश्वर के लिए प्रभु यीशु की छवि में देहधारी होना असंभव है। उनका “असंभव” परमेश्वर की निंदा करने और परमेश्वर का प्रतिरोध करने का उनका आधार बन गया, और अंततः इस्राएल के विनाश का कारण बना। आज, बहुत-से लोग यही गलती कर चुके हैं। वे मनमाने ढंग से परमेश्वर के आसन्न प्रकटन की घोषणा करते हैं, फिर भी साथ ही उसके प्रकटन की निंदा भी करते हैं; उनका “असंभव” एक बार फिर परमेश्वर के प्रकटन को उस दायरे तक सीमित कर देता है जिसकी वे कल्पना करते हैं। और इसलिए, मैंने बहुत-से लोगों को परमेश्वर के वचन प्राप्त करने के बाद बेतहाशा और ढिठाई से हँसते हुए देखा है। क्या यह “हँसी” बिल्कुल यहूदियों द्वारा किए गए दोषारोपण और ईशनिंदा के समान नहीं है? तुम लोग सत्य की उपस्थिति में श्रद्धावान नहीं हो, और तुम लोगों में तरसने का रवैया तो और भी कम है। तुम बस अड़े रहते हुए जाँच-परख करते हो और लापरवाही भरी उदासीनता के साथ प्रतीक्षा करते हो। इस तरह पड़ताल और प्रतीक्षा करने से तुम क्या हासिल कर सकते हो? क्या तुम्हें वास्तव में लगता है कि तुम परमेश्वर से व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हो? तुम तो परमेश्वर के कथनों और वचनों का भेद तक नहीं पहचान सकते हो—तुम किस प्रकार परमेश्वर का प्रकटन देखने के योग्य हो सकते हो? जहाँ परमेश्वर प्रकट होगा, वहीं सत्य व्यक्त किया जाएगा और वहीं परमेश्वर की वाणी होगी। जो लोग सत्य को स्वीकार कर सकते हैं वे ही यह जानते हैं कि परमेश्वर की वाणी कैसे सुनी जाए और केवल इसी तरह के लोग परमेश्वर का प्रकटन देखने के योग्य हैं। अपनी धारणाओं को त्याग दो! खुद को शांत करो और इन वचनों को ध्यान से पढ़ो। अगर तुम्हारे पास एक ऐसा दिल है जो सत्य के लिए लालायित रहता है तो परमेश्वर तुम्हें प्रबुद्ध करेगा ताकि तुम उसके इरादों को समझो, उसके वचनों को समझो। “असंभवता” के अपने दावे छोड़ दो! मनुष्य किसी चीज को जितना अधिक “असंभव” मानता है, उसके घटित होने की उतनी ही अधिक संभावना होती है, क्योंकि परमेश्वर की बुद्धि स्वर्ग से ऊँची है, परमेश्वर के विचार मनुष्य के विचारों से ऊँचे हैं और परमेश्वर अपना कार्य मनुष्य की सोच और धारणा की सीमाओं से परे करता है। जितना अधिक कुछ असंभव होता है, उतना ही अधिक उसमें खोजने लायक सत्य होता है; जितना अधिक किसी चीज की कल्पना मनुष्य की धारणाओं द्वारा नहीं की जा सकती है, उसमें परमेश्वर के इरादे उतने ही अधिक होते हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि परमेश्वर चाहे कहीं भी प्रकट क्यों न हो, वह फिर भी परमेश्वर है और उसका सार उसके प्रकटन के स्थान या तरीके के आधार पर कभी नहीं बदलेगा। परमेश्वर के पदचिह्न चाहे कहीं भी हों, उसका स्वभाव नहीं बदलेगा; परमेश्वर के पदचिह्न चाहे कहीं भी हों, वह समस्त मानवजाति का परमेश्वर है, ठीक वैसे ही, जैसे कि प्रभु यीशु न केवल इस्राएलियों का परमेश्वर है, बल्कि वह एशिया, यूरोप और उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के सभी लोगों का परमेश्वर है और इससे भी अधिक, वह समस्त ब्रह्मांड भर में और इसके ऊपर एकमात्र, अद्वितीय परमेश्वर है। तो आओ, हम परमेश्वर के इरादे खोजें और उसके कथनों और वचनों में उसके प्रकटन का पता लगाएँ और उसके पदचिह्नों के साथ तालमेल रखें! परमेश्वर सत्य, मार्ग और जीवन है। उसके वचन और उसका प्रकटन साथ-साथ विद्यमान हैं और उसका स्वभाव और उसके पदचिह्न हर समय मानवजाति के सामने खुलेआम प्रकट किए जाते हैं। प्यारे भाई-बहनो, मुझे आशा है कि तुम सभी लोग इन वचनों में परमेश्वर का प्रकटन देख सकते हो, उसके पदचिह्नों के साथ-साथ चलना शुरू कर सकते हो और एक नए युग की तरफ बढ़ सकते हो और उस सुंदर नए स्वर्ग और नई पृथ्वी में प्रवेश कर सकते हो, जिसे परमेश्वर ने उन लोगों के लिए तैयार किया है जो उसके प्रकटन का इंतजार करते हैं!
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परिशिष्ट 1 : परमेश्वर के प्रकटन ने एक नए युग का सूत्रपात किया है
संबंधित चलचित्र अंश
परमेश्वर की वाणी को कैसे पहचानें?
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
यह परमेश्वर की वाणी है
संबंधित धर्मोपदेश
हम केवल परमेश्वर की वाणी सुनकर ही प्रभु का स्वागत क्यों कर सकते हैं?
क्या आपने परमेश्वर की वाणी सुनी है?
संबंधित भजन
परमेश्वर के पदचिह्न कैसे खोजें
सत्य को स्वीकारने वाले ही परमेश्वर की वाणी सुन सकते हैं
परमेश्वर की भेड़ें सुनती हैं उसकी वाणी