vi. यह कैसे जानें कि मसीह सत्य, मार्ग और जीवन है
बाइबल से उद्धृत परमेश्वर के वचन
“मार्ग और सत्य और जीवन मैं ही हूँ; बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुँच सकता” (यूहन्ना 14:6)।
“जो बातें मैं ने तुम से कही हैं वे आत्मा हैं, और जीवन भी हैं” (यूहन्ना 6:63)।
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
अंत के दिनों का मसीह जो लाता है वह है जीवन, और जो वह लाता है वह है सत्य का स्थायी और शाश्वत मार्ग। यह सत्य वह मार्ग है, जिसके द्वारा मनुष्य जीवन प्राप्त करता है, और यही मनुष्य के लिए परमेश्वर को जानने और परमेश्वर की स्वीकृति पाने का एकमात्र मार्ग है। यदि तुम अंत के दिनों के मसीह द्वारा प्रदान किया गया जीवन का मार्ग नहीं खोजते, तो तुम यीशु की स्वीकृति कभी प्राप्त नहीं करोगे, और स्वर्ग के राज्य के द्वार में प्रवेश करने के योग्य कभी नहीं हो पाओगे, क्योंकि तुम इतिहास की कठपुतली और इतिहास के कैदी हो। जो लोग विनियमों से, शब्दों से और इतिहास की बेड़ियों से नियंत्रित होते हैं, वे कभी जीवन प्राप्त नहीं कर पाएँगे और कभी जीवन का अनंत मार्ग प्राप्त नहीं कर पाएँगे। ऐसा इसलिए है, क्योंकि वे जो प्राप्त करते हैं वह सिंहासन से प्रवाहित होने वाले जीवन के जल के बजाय बस मैला पानी ही है, जिससे वे हजारों सालों से चिपके हुए हैं। जिन्हें जीवन के जल की आपूर्ति नहीं की जाती, वे हमेशा मुर्दे बने रहेंगे, हमेशा शैतान के खिलौने बने रहेंगे और हमेशा नरक की संतानें बने रहेंगे। फिर वे कैसे परमेश्वर के दर्शन कर सकते हैं? तुम केवल इतिहास को पकड़े रखने के प्रयास में रहते हो, स्थिर खड़े रहने और चीजों को जस का तस रखने के प्रयास में रहते हो और यथास्थिति को बदलने और इतिहास को त्यागने का प्रयास नहीं करते हो, इसलिए क्या तुम वह नहीं हो जो हमेशा परमेश्वर का विरोध करता है? परमेश्वर के कार्य के कदम उमड़ती लहरों और घुमड़ते गर्जनों की तरह जबरदस्त और शक्तिशाली हैं—फिर भी तुम निष्क्रियता से बैठकर मृत्यु का इंतजार करते हो, उससे चिपके रहते हो जो पुराना है और चीजों के अपनी गोद में आ गिरने की प्रतीक्षा करते हो। इस तरह, तुम्हें मेमने के पदचिह्नों का अनुसरण करने वाला व्यक्ति कैसे माना जा सकता है? यह कैसे दिखा सकता है कि तुम जिस परमेश्वर को थामे हो, वह वही परमेश्वर है जो हमेशा नया है और कभी पुराना नहीं होता? और तुम्हारी पीली पड़ चुकी किताबों के शब्द तुम्हें पार कराकर नए युग में कैसे ले जा सकते हैं? वे परमेश्वर के कार्य के चरणों को खोजने में तुम्हारी अगुआई कैसे कर सकते हैं? और वे तुम्हें ऊपर स्वर्ग में कैसे ले जा सकते हैं? जिन्हें तुम अपने हाथों में थामे हो, वे केवल शब्द हैं, जो तुम्हें केवल अस्थायी सांत्वना दे सकते हैं, वे तुम्हें जीवन देने में सक्षम सत्य नहीं हैं। धर्मशास्त्र के शब्द जिनका तुम पाठ करते हो वे मात्र वे धर्मशास्त्र हैं जो तुम्हारी जिह्वा को समृद्ध कर सकते हैं; वे ऐसे फलसफे नहीं हैं जो मानव जीवन को जानने में तुम्हारी मदद कर सकते हों, उनके तुम्हें पूर्ण बनाए जाने में सक्षम करने वाला मार्ग होने की बात तो दूर रही। क्या यह विसंगति तुम्हारे लिए चिंतन का कारण नहीं है? क्या यह तुम्हें इसके भीतर समाहित रहस्यों के बारे में अंतर्दृष्टि नहीं देती है? क्या तुम अपने बल पर परमेश्वर से मिलने के लिए अपने आप को स्वर्ग पहुँचाने में समर्थ हो? परमेश्वर के आए बिना, क्या तुम परमेश्वर के साथ पारिवारिक आनंद मनाने के लिए अपने आप को स्वर्ग में ले जा सकते हो? क्या तुम अभी भी स्वप्न देख रहे हो? तो मेरा उपदेश यह है कि तुम स्वप्न देखना बंद कर दो और उसकी ओर देखो जो अभी कार्य कर रहा है—अंत के दिनों में मनुष्य को बचाने का कार्य कौन कर रहा है। यदि तुम ऐसा नहीं करते, तो तुम कभी भी सत्य प्राप्त नहीं करोगे, और न ही कभी जीवन प्राप्त करोगे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, केवल अंत के दिनों का मसीह ही मनुष्य को अनंत जीवन का मार्ग दे सकता है
स्वयं परमेश्वर ही जीवन और सत्य है और उसका जीवन और सत्य सह-अस्तित्व में हैं। जो लोग सत्य प्राप्त करने में असमर्थ हैं, वे निश्चित ही जीवन प्राप्त नहीं करेंगे। सत्य के मार्गदर्शन, सहारे और आपूर्ति के बिना तुम जो कुछ भी प्राप्त करते हो वह केवल शब्द, धर्म-सिद्धांत और इससे भी अधिक मृत्यु है। परमेश्वर का जीवन सदा विद्यमान है, और उसका सत्य और जीवन साथ-साथ सह-अस्तित्व में हैं। यदि तुम सत्य का स्रोत नहीं पा सकते हो तो तुम जीवन का पोषण प्राप्त नहीं करोगे; यदि तुम जीवन की आपूर्ति प्राप्त नहीं कर सकते हो तो तुम्हारे पास निश्चित ही कोई सत्य नहीं होगा, और कल्पनाओं और धारणाओं के अलावा तुम्हारे संपूर्ण अस्तित्व में तुम्हारी देह—तुम्हारी दुर्गंधित देह—के सिवाय कुछ भी नहीं होगा। यह जान लो कि किताबों के शब्द मात्र जीवन नहीं माने जा सकते, इतिहास के अभिलेखों को सत्य के रूप में पूजित नहीं किया जा सकता और अतीत के विनियम परमेश्वर के मौजूदा वचनों का लेखा-जोखा नहीं हो सकते हैं, और परमेश्वर पृथ्वी पर आकर मनुष्य के बीच रहकर जो वचन व्यक्त करता है केवल वे ही सत्य हैं, जीवन हैं, परमेश्वर के इरादे हैं, और यही उसके कार्य करने का वर्तमान तरीका है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, केवल अंत के दिनों का मसीह ही मनुष्य को अनंत जीवन का मार्ग दे सकता है
राज्य के युग में परमेश्वर नए युग की शुरुआत करने, अपने कार्य के साधन बदलने और उस संपूर्ण युग का काम करने के लिए वचनों का उपयोग करता है। यही वह सिद्धांत है जिसके द्वारा परमेश्वर वचन के युग में कार्य करता है। वह देहधारी हुआ है और विभिन्न दृष्टिकोणों से बोलता है, जिससे मनुष्य सचमुच परमेश्वर को देखे, जो देह में प्रकट होने वाला वचन है, और उसकी बुद्धि और अद्भुतता को देखे। परमेश्वर इस तरह कार्य करता है ताकि लोगों को जीतने, लोगों को पूर्ण बनाने और लोगों को निकाल देने के लक्ष्यों को बेहतर ढंग से हासिल करे। वचन के युग में कार्य करने के लिए वचनों के उपयोग का यही वास्तविक अर्थ है। वचनों के द्वारा लोग परमेश्वर के कार्यों को, परमेश्वर के स्वभाव को, मनुष्य के सार के साथ ही यह जान पाते हैं कि मनुष्य को किसमें प्रवेश करना चाहिए। वचन के युग में परमेश्वर जो भी कार्य करना चाहता है, वह सारा वचनों के जरिए पूरा होता है। वचनों के माध्यम से लोगों को प्रकट किया और निकाला जाता है और उनका परीक्षण किया जाता है। लोगों ने इन वचनों को देखा है, इन वचनों को सुना है और इन वचनों के अस्तित्व को पहचाना है। इसके परिणामस्वरूप वे परमेश्वर के अस्तित्व पर विश्वास करने लगे हैं, परमेश्वर की सर्वशक्तिमत्ता और बुद्धि के साथ ही साथ मनुष्य के लिए परमेश्वर के प्रेममय और बचाने वाले हृदय पर विश्वास करने लगे हैं। यद्यपि “वचन” शब्द साधारण और सरल है, पर देहधारी परमेश्वर के मुख से निकले वचन ब्रह्माण्ड को झकझोरते हैं; लोगों के हृदय को रूपांतरित करते हैं, उनकी धारणाओं और पुराने स्वभावों को रूपांतरित करते हैं और समस्त संसार के पुराने स्वरूप में परिवर्तन लाते हैं। युगों-युगों में केवल आज का परमेश्वर इस प्रकार से कार्य करता है और केवल वही इस प्रकार से बोलता है और इस प्रकार मनुष्य को बचाता है। इसके बाद से मनुष्य परमेश्वर के वचनों के मार्गदर्शन में, उसके वचनों की चरवाही और आपूर्ति में जीवन जीता है; सभी लोग वचनों के संसार में जीते हैं, परमेश्वर के वचनों के अभिशापों और आशीषों के बीच जीते हैं और अधिकतर लोग परमेश्वर के वचनों के न्याय और ताड़ना के अधीन जीते हैं। ये वचन और यह कार्य सब कुछ मनुष्य के उद्धार, परमेश्वर की इच्छा को पूरा करने और पुरानी सृष्टि के संसार के मूल स्वरूप को बदलने के लिए हैं। परमेश्वर ने संसार की सृष्टि वचनों के उपयोग से की, वह समस्त ब्रह्माण्ड में सभी लोगों की अगुवाई वचनों के द्वारा करता है, वह वचनों के द्वारा उन्हें जीतता और उनका उद्धार करता है और अंत में वह वचनों के उपयोग से समस्त पुरानी दुनिया का अंत कर देगा और इस प्रकार अपनी संपूर्ण प्रबंधन योजना पूरी करेगा। राज्य के युग के शुरू से अंत तक, परमेश्वर अपना कार्य करने और अपने कार्यों का परिणाम प्राप्त करने के लिए वचन का उपयोग करता है। वह कौतुक या चमत्कार नहीं करता, बल्कि अपना कार्य केवल वचनों के जरिए करता है। इन वचनों के कारण सभी लोग संपोषण और आपूर्ति पाते हैं और ज्ञान और वास्तविक अनुभव प्राप्त करते हैं। वचन के युग में लोग विशेष रूप से धन्य रहे हैं। उन्हें कोई शारीरिक कष्ट नहीं होता और वे बस परमेश्वर के वचनों की भरपूर आपूर्ति का आनंद लेते हैं; उन्हें आँख मूँदकर खोजने या भाग-दौड़ करने की आवश्यकता नहीं और अपनी सहजता के बीच वे परमेश्वर के प्रकटन को निहारते हैं, परमेश्वर को अपने मुख से बोलते हुए सुनते हैं, वह जो आपूर्ति करता है उसे प्राप्त करते हैं और उसे व्यक्तिगत रूप से अपना काम करते हुए देखते हैं। बीते युगों में मनुष्य को इन सब बातों का आनंद प्राप्त नहीं था और वे इन आशीषों को कभी प्राप्त नहीं कर सकते थे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, राज्य का युग वचन का युग है
परमेश्वर के बारे में सोचना और परमेश्वर के लिए तड़पना यह साबित नहीं करता कि तुम परमेश्वर द्वारा जीते जा चुके हो; यह इस बात पर निर्भर करता है कि तुम यह मानते हो या नहीं कि वह देहधारी मार्ग है, तुम यह मानते हो या नहीं कि वचन देहधारी हुआ है, और तुम यह मानते हो या नहीं कि आत्मा वचन बन गया है और वचन देह में प्रकट हुआ है। यही प्रमुख गवाही है। यह मायने नहीं रखता कि तुम किस तरह से अनुसरण करते हो, न ही यह कि तुम अपने आप को कैसे खपाते हो; महत्वपूर्ण यह है कि तुम इस सामान्य मानवता से यह पता लगाने में सक्षम हो या नहीं कि वचन देहधारी हुआ है और सत्य का आत्मा देह में साकार हुआ है—कि समस्त सत्य, मार्ग और जीवन देह में आ गया है, परमेश्वर के आत्मा का वास्तव में पृथ्वी पर आगमन हो गया है और आत्मा देह में आ गया है। यद्यपि, सतही तौर पर, यह पवित्र आत्मा द्वारा गर्भधारण से भिन्न प्रतीत होता है, किंतु इस कार्य से तुम और अधिक स्पष्टता से देखने में सक्षम होते हो कि आत्मा पहले ही देह में साकार हो गया है, और इसके अतिरिक्त, मार्ग देहधारी हुआ है, और वचन देह में प्रकट हो गया है। इससे तुम वचनों का सच्चा अर्थ समझ पाते हो : “आदि में मार्ग (वचन) था, और मार्ग (वचन) परमेश्वर के साथ था, और मार्ग (वचन) परमेश्वर था।” इसके अलावा, तुम्हें यह समझना चाहिए कि आज का वचन परमेश्वर है, कि मार्ग परमेश्वर है, और कि यह तुम्हें देखने देता है कि वचन देहधारी हुआ है। यह सर्वोत्तम गवाही है, जो तुम दे सकते हो। यह साबित करता है कि तुम्हें परमेश्वर के देहधारण का सच्चा ज्ञान है—तुम न केवल उसे जानने में सक्षम हो, बल्कि यह भी जानते हो कि आज तुम जिस मार्ग पर चलते हो, वह जीवन का मार्ग है और सत्य का मार्ग है। कार्य का जो चरण यीशु ने संपन्न किया, उसने केवल “मार्ग परमेश्वर के साथ था” का सार ही पूरा किया : परमेश्वर का सत्य परमेश्वर के साथ था, और परमेश्वर का आत्मा देह के साथ था और उस देह से अभिन्न था। अर्थात्, देहधारी परमेश्वर का देह परमेश्वर के आत्मा के साथ था, जो इस बात का अधिक बड़ा प्रमाण है कि देहधारी यीशु परमेश्वर का प्रथम देहधारण था। कार्य का यह चरण सटीक रूप से “वचन देहधारी हुआ है” के आंतरिक अर्थ को पूरा करता है, “मार्ग परमेश्वर के साथ था, और मार्ग परमेश्वर था,” को और गहन अर्थ देता है और तुम्हें इन वचनों पर दृढ़ता से विश्वास कराता है कि “आरंभ में मार्ग था।” कहने का अर्थ है कि सृष्टि के निर्माण के समय परमेश्वर वचनों से संपन्न था, उसके वचन उसके साथ थे और उससे अभिन्न थे, और अंतिम युग में वह अपने वचनों का सामर्थ्य और अधिकार और भी अधिक प्रकट करता है, और मनुष्य को अपना सारा मार्ग देखने—अपने सभी वचन सुनने देता है। ऐसा है अंतिम युग का कार्य। तुम्हें इन चीजों को हर पहलू से जान लेना चाहिए। यह देह को जानने का प्रश्न नहीं है, बल्कि इस बात का है कि तुम देह और वचन को और देह और मार्ग को कैसे समझते हो। यही वह गवाही है, जो तुम्हें देनी चाहिए, जिसे हर किसी को जानना चाहिए।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, अभ्यास (4)
मेरे वचन सदा अपरिवर्तनीय सत्य हैं। मैं मनुष्य के लिए जीवन की आपूर्ति और मानवजाति के लिए एकमात्र मार्गदर्शक हूँ; मेरे वचनों का मूल्य और अर्थ इससे निर्धारित नहीं होता कि क्या उन्हें मानवजाति मानती या स्वीकार करती है, बल्कि स्वयं वचनों के सार से निर्धारित होता है; और भले ही इस पृथ्वी पर एक भी व्यक्ति मेरे वचन न स्वीकार कर सके, तो भी मेरे वचनों का मूल्य और इनकी मानवजाति के लिए मदद किसी भी व्यक्ति के आकलन से परे हैं। इसलिए मेरे वचनों के खिलाफ विद्रोह करने वाले, उनका खंडन करने वाले या उनका पूरी तरह से तिरस्कार करने वाले बहुत-से लोगों से सामना होने पर मेरा रवैया केवल यह रहता है : समय और तथ्यों को मेरी गवाही देने दो और यह साबित करने दो कि मेरे वचन सत्य, मार्ग और जीवन हैं। उन्हें यह साबित करने दो कि जो कुछ मैंने कहा है वह सब सही है और वह ऐसा है जो मनुष्य के पास होना चाहिए और इतना ही नहीं, जो मनुष्य को स्वीकार करना चाहिए। मैं निश्चित करूँगा कि जो लोग मेरा अनुसरण करते हैं वे इस तथ्य को जान लें : जो लोग पूरी तरह से मेरे वचनों को स्वीकार नहीं कर सकते, जो मेरे वचनों का अभ्यास नहीं कर सकते, जो मेरे वचनों में कोई लक्ष्य नहीं खोज सकते और जो मेरे वचनों के माध्यम से उद्धार का अनुग्रह प्राप्त नहीं कर सकते, वे ऐसे लोग हैं जिनकी मेरे वचन निंदा करते हैं; यही नहीं, वे ऐसे लोग हैं जिन्होंने मेरे उद्धार का अनुग्रह गँवा दिया है, और मेरा डंडा उन्हें कभी नहीं छोड़ेगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, तुम लोगों को अपने कर्मों पर विचार करना चाहिए
इस बार परमेश्वर कार्य करने के लिए आध्यात्मिक देह में नहीं, बल्कि बहुत ही साधारण शरीर में आया है। इसके अलावा, यह परमेश्वर के दूसरे देहधारण का शरीर है और यह वह शरीर भी है जिसमें परमेश्वर देह में लौटकर आता है। यह एक बहुत साधारण देह है। तुम उसके बारे में ऐसा कुछ भी नहीं देख सकते जो उसे दूसरों से अलग करता हो, लेकिन तुम उससे वे सत्य प्राप्त कर सकते हो जो तुमने पहले कभी नहीं सुने हैं। बस यह मामूली देह परमेश्वर के सत्य के सभी वचनों का मूर्त रूप है, और अंत के दिनों में परमेश्वर के कार्य का वाहक है, और वह अभिव्यक्ति भी है जिसके द्वारा मनुष्य परमेश्वर के संपूर्ण स्वभाव को जानता है। क्या तुम सच में स्वर्गिक परमेश्वर को नहीं देखना चाहते? क्या तुम सच में स्वर्गिक परमेश्वर को नहीं समझना चाहते? क्या तुम सच में मानवजाति की मंज़िल नहीं देखना चाहते? वह तुम्हें ये सभी रहस्य बताएगा—ऐसे रहस्य जो कोई भी कभी तुम्हें नहीं बता पाया है—और वह तुम्हें वे सत्य भी बताएगा जिन्हें तुम नहीं समझते। वह राज्य में जाने का तुम्हारा द्वार है और नए युग में तुम्हारा मार्गदर्शक है। यह साधारण देह कई ऐसे रहस्यों को समेटे हुए है जिनकी थाह मनुष्य नहीं पा सकता और वह जो कुछ भी करता है वह तुम्हारे लिए समझ से परे है, लेकिन उसके द्वारा किए जाने वाले कार्य के सभी लक्ष्य तुम्हें यह देखने में सक्षम बनाने के लिए पर्याप्त हैं कि वह कोई साधारण देह नहीं है, जैसा कि मनुष्य मानता है, क्योंकि वह अंत के दिनों में परमेश्वर के इरादों का प्रतिनिधित्व करता है, और वह अंत के दिनों में मानवजाति के प्रति परमेश्वर की परवाह का प्रतिनिधित्व करता है। यद्यपि तुम उसके वचनों को ऐसे नहीं सुन सकते जैसे कि वे आकाश और पृथ्वी को हिला रहे हों, यद्यपि तुम उसमें ऐसी आँखें नहीं देख सकते हो जो आग की लपटों जैसी हैं और यद्यपि तुम उसके लौह-दंड का अनुशासन नहीं पा सकते, फिर भी तुम उसके वचनों से यह सुन सकते हो कि परमेश्वर क्रोधित है और यह जान सकते हो कि परमेश्वर मानवजाति पर दया दिखा रहा है; तुम परमेश्वर का धार्मिक स्वभाव देख सकते हो और यह देख सकते हो कि उसकी बुद्धि कहाँ निहित है, और इससे भी बढ़कर, तुम समस्त मानवजाति के प्रति परमेश्वर की परवाह को अनुभव कर सकते हो। अंत के दिनों में परमेश्वर का कार्य मनुष्य को स्वर्गिक परमेश्वर का पृथ्वी पर मनुष्य के बीच रहना दिखाना है और परमेश्वर को जानने, उसके प्रति समर्पण करने, उसका भय मानने और उससे प्रेम करने में सक्षम बनाना है। यही कारण है कि वह दूसरी बार देह में लौटा है। यूँ तो आज मनुष्य जो देखता है वह एक ऐसा परमेश्वर है जो बिल्कुल मनुष्य के ही समान है, एक नाक और दो आँखों वाला परमेश्वर और एक बहुत ही साधारण परमेश्वर, लेकिन अंत में परमेश्वर तुम लोगों को दिखाएगा कि अगर यह व्यक्ति न हो, तो आकाश और धरती में जबरदस्त बदलाव आएँगे; अगर यह व्यक्ति न हो तो आकाश धुँधला जाएगा, पृथ्वी पर उथल-पुथल मच जाएगी और समस्त मानवजाति अकाल और महामारियों के बीच जिएगी। वह तुम लोगों को दिखाएगा कि यदि अंत के दिनों का देहधारी परमेश्वर तुम लोगों को बचाने के लिए न आता तो परमेश्वर बहुत पहले ही मनुष्य को नरक में नष्ट कर चुका होता; यदि यह देह न होती तो तुम लोग सदैव महापापी होते और तुम हमेशा के लिए लाश होते। तुम लोगों को जानना चाहिए कि यदि यह देह न होती तो समस्त मानवजाति के लिए एक महा आपदा से बचना असंभव होता, और उसके लिए अंत के दिनों में परमेश्वर द्वारा मानवजाति को दिए जाने वाले और भी कठोर दंड से बच पाना असंभव होता। यदि इस साधारण देह का जन्म न हुआ होता तो तुम सबकी ऐसी हालत होती कि तुम लोग जीवन की भीख माँगते लेकिन जी न पाते और मरने की भीख माँगते लेकिन मर न पाते; यदि यह देह न होती तो तुम लोग सत्य प्राप्त न कर पाते और आज परमेश्वर के सिंहासन के सामने न आ पाते, बल्कि अपने जघन्य पापों के लिए परमेश्वर द्वारा दंडित किए जाते। क्या तुम लोग जानते थे कि यदि परमेश्वर देह में लौटा न होता तो किसी के पास भी उद्धार का अवसर न होता; और यदि इस देह का आगमन न होता तो परमेश्वर ने बहुत पहले ही पुराने युग को समाप्त कर दिया होता? ऐसा होने से क्या तुम लोग अभी भी परमेश्वर के दूसरे देहधारण को नकारोगे? चूँकि तुम लोग इस साधारण व्यक्ति से इतने बड़े लाभ प्राप्त कर सकते हो तो तुम उसे प्रसन्नतापूर्वक स्वीकार क्यों नहीं करोगे?
... यह तथ्य कि तुम लोग आज तक पहुँच गए हो, इसी देह के कारण है। चूँकि परमेश्वर देह में जीता है, इसीलिए तुम लोगों के पास जीवित रहने का मौका है। ये सारे आशीष इसी साधारण व्यक्ति के कारण मिले हैं। इतना ही नहीं, बल्कि अंत में असंख्य राष्ट्र इस साधारण व्यक्ति की उपासना करेंगे और साथ ही इस मामूली व्यक्ति को धन्यवाद देंगे और उसके प्रति समर्पण करेंगे, क्योंकि उसके द्वारा लाए गए सत्य, जीवन और मार्ग ने ही समस्त मानवजाति को बचाया है, मनुष्य और परमेश्वर के बीच के संघर्ष को शांत किया है, उनके बीच की दूरी कम की है, और परमेश्वर के विचारों और मनुष्य के बीच संबंध स्थापित किया है। इसी ने परमेश्वर के लिए और अधिक महिमा हासिल की है। क्या ऐसा साधारण व्यक्ति तुम्हारे विश्वास और श्रद्धा के योग्य नहीं है? क्या यह साधारण देह मसीह कहलाने के योग्य नहीं है? क्या ऐसा साधारण व्यक्ति मनुष्य के बीच परमेश्वर की अभिव्यक्ति नहीं बन सकता? क्या ऐसा व्यक्ति, जिसने मनुष्य को आपदा से बचाया है, तुम लोगों के प्रेम और उसे थामे रखने की तुम्हारी इच्छा का अधिकारी नहीं है? यदि तुम लोग उसके मुख से व्यक्त सत्य को नकारते हो, और अपने बीच उसके अस्तित्व से घृणा करते हो, तो अंत में तुम लोगों का क्या होगा?
अंत के दिनों में परमेश्वर का सारा कार्य इस साधारण व्यक्ति के माध्यम से किया जाता है। वह तुम्हें सब कुछ प्रदान करेगा और इतना ही नहीं, वह तुमसे संबंधित हर चीज तय करने में सक्षम है। क्या ऐसा व्यक्ति वैसा हो सकता है जैसा तुम लोग मानते हो : एक ऐसा व्यक्ति जो इतना सरल है कि उल्लेख करने योग्य नहीं है? क्या उसका सत्य तुम लोगों को पूरी तरह से कायल करने के लिए पर्याप्त नहीं है? क्या अपनी आँखों से उसके कर्म देखकर भी तुम लोग कायल नहीं होते? या फिर जिस मार्ग पर वह लोगों को ले जाता है वह मार्ग तुम लोगों के लिए चलने के लायक नहीं है? आखिरकार वह क्या चीज है जिसके कारण तुम लोग उससे अरुचि महसूस करते हो, उसे अस्वीकार करते हो और उससे दूर रहते हो? यही वह व्यक्ति है जो सत्य व्यक्त करता है, यही वह व्यक्ति है जो सत्य प्रदान करता है और यही वह व्यक्ति है जो तुम लोगों को अनुसरण करने के लिए मार्ग प्रदान करता है। क्या तुम लोग अभी भी इन सत्यों के भीतर परमेश्वर के कार्य के निशान खोज पाने में असमर्थ हो? यीशु के कार्य के बिना मानवजाति सूली से नहीं उतर सकती थी, लेकिन आज के देहधारी परमेश्वर के बिना सूली से उतरे लोग कभी परमेश्वर की स्वीकृति नहीं पा सकते या नए युग में प्रवेश नहीं कर सकते। इस साधारण व्यक्ति के आगमन के बिना तुम लोगों को कभी परमेश्वर के सच्चे मुखमंडल का दर्शन करने का अवसर नहीं मिलता, न ही तुम इसके योग्य होते, क्योंकि तुम सब ऐसे पात्र हो जिन्हें बहुत पहले ही नष्ट कर दिया जाना चाहिए था।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, क्या तुम जानते थे? परमेश्वर ने मनुष्यों के बीच एक महान काम किया है
परमेश्वर मौन है और हमारे सामने कभी प्रकट नहीं हुआ है, फिर भी उसका कार्य कभी नहीं रुका है। वह पूरी पृथ्वी की जाँच-परख करता है, हर चीज पर शासन करता है और मनुष्य के हर एक शब्द और कर्म को, उसके हर एक कदम और क्रियाकलाप को देखता है। वह अपना प्रबंधन एक योजना के साथ और चरणबद्ध ढंग से, चुपचाप और स्वर्गों और पृथ्वी को हिलाए बिना संचालित करता है, फिर भी उसके कदम एक-एक करके मानवजाति के और अधिक निकट बढ़ते जाते हैं और वह बिजली की रफ्तार से ब्रह्मांड में अपना न्याय का आसन स्थापित करता है, जिसके बाद हमारे बीच उसके सिंहासन का तुरंत अवरोहण होता है। वह कैसा प्रतापी दृश्य है, कितनी गौरवशाली और गंभीर झाँकी है। एक कपोत के समान और एक गरजते हुए सिंह के समान, आत्मा हम जनसाधारण के बीच आ जाता है। वह बुद्धि है, वह धार्मिकता और प्रताप है और वह अधिकार के साथ प्रेमपूर्ण दयालुता और दया से भरा होकर चुपके से हमारे बीच उतरता है। उसके आगमन के बारे में कोई नहीं जानता है, उसके आगमन का स्वागत कोई नहीं करता है और इससे भी बढ़कर कोई भी यह नहीं जानता कि वह सब क्या करने वाला है। मनुष्य का जीवन पहले जैसा चलता रहता है, उसका हृदय भी पहले जैसा ही रहता है और दिन पहले जैसे बीतते जाते हैं। परमेश्वर एक साधारण व्यक्ति के रूप में हमारे बीच भी रहता है, सबसे मामूली अनुयायियों में से एक और एक साधारण विश्वासी के रूप में रहता है। उसके अपने अनुसरण हैं, उसके अपने लक्ष्य हैं और इससे भी बढ़कर उसमें ऐसी दिव्यता है जो साधारण मनुष्य में नहीं होती है। किसी ने भी उसकी दिव्यता के अस्तित्व पर गौर नहीं किया है और किसी ने भी उसके सार और मनुष्य के सार के बीच का अंतर नहीं देखा है। हम उसके साथ बिल्कुल बिना किसी संकोच और भय के मिलकर रहते हैं, क्योंकि हमारी दृष्टि में वह एक मामूली विश्वासी से अधिक कुछ नहीं है। हमारी हर एक गतिविधि उसकी नजर में है और हमारे सभी सोच और विचार उसके सामने पूरी तरह से बेपर्दा कर कर दिए जाते हैं। कोई भी उसके अस्तित्व में रुचि नहीं लेता, वह जो कार्य करता है उसके बारे में किसी के पास कोई कल्पना नहीं है और इससे भी बढ़कर उसकी पहचान के बारे में किसी को रत्ती भर भी संदेह नहीं होता है। हम बस अपने अनुसरणों में लगे रहते हैं, मानो इसका उससे बिल्कुल भी कुछ लेना-देना न हो ...
संयोगवश, पवित्र आत्मा उसके “माध्यम से” वचनों का एक अंश व्यक्त करता है और भले ही यह बहुत अनपेक्षित महसूस होता हो, फिर भी हम दृढ़ता से विश्वास करते हैं कि यह परमेश्वर से आने वाला कथन है और परमेश्वर की ओर से आया मानकर तत्परता से उसे स्वीकार कर लेते हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि चाहे इन वचनों को कोई भी व्यक्त करता हो, यदि ये पवित्र आत्मा से आते हैं, तो हमें उन्हें स्वीकार करना चाहिए, अस्वीकार नहीं करना चाहिए। अगला कथन मेरे माध्यम से या तुम्हारे माध्यम से या किसी अन्य के माध्यम से आ सकता है। वह कोई भी हो, सब परमेश्वर का अनुग्रह है। परंतु यह व्यक्ति चाहे जो भी हो, हम इसकी आराधना नहीं कर सकते, क्योंकि चाहे कुछ भी हो, यह व्यक्ति परमेश्वर नहीं हो सकता; न ही हम किसी भी तरह से ऐसे किसी साधारण व्यक्ति को अपना परमेश्वर चुन सकते हैं। हमारा परमेश्वर बहुत महान और सम्माननीय है; ऐसा कोई मामूली व्यक्ति उसकी जगह कैसे ले सकता है? यही नहीं, हम सब परमेश्वर के आगमन की और उसके द्वारा हमें वापस स्वर्ग के राज्य में ले जाए जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं, इसलिए कोई इतना मामूली व्यक्ति कैसे इतना महत्वपूर्ण और कठिन कार्य करने में सक्षम हो सकता है? यदि प्रभु दोबारा आता है, तो उसे एक सफेद बादल पर आना चाहिए, ताकि असंख्य लोग उसे देख सकें। वह कितना महिमामय होगा! यह कैसे संभव है कि वह चुपके से साधारण लोगों के एक समूह में छिप जाए?
और फिर भी लोगों के बीच छिपा हुआ यही वह साधारण व्यक्ति है जो हमें बचाने का नया काम कर रहा है। वह हमें कोई स्पष्टीकरण नहीं देता, न ही वह हमें यह बताता है कि वह क्यों आया है, बल्कि जो काम करने का उसका इरादा होता है उस काम को अपनी योजना और प्रक्रिया के अनुसार करता है। उसके वचनों और कथनों की बारंबारता और भी ज्यादा बढ़ जाती है। सांत्वना देने, नसीहत करने, याद दिलाने और चेतावनी देने से लेकर फटकारने और अनुशासित करने तक; मृदु और कोमल स्वर से लेकर प्रचंड और प्रतापी वचनों तक—यह सब मनुष्य को महान दया और घोर भय का अनुभव करवाता है। जो कुछ भी वह कहता है वह हमारे अंदर गहरे छिपे रहस्यों पर सीधे चोट करता है; उसके वचन हमारे दिलों में चुभते हैं, हमारी आत्माओं में चुभते हैं और हमें असहनीय शर्मिंदगी से भर देते हैं, हम समझ ही नहीं पाते कि खुद को कहाँ छिपाएँ। हमें इसे लेकर संदेह होने लगता है कि इस व्यक्ति के हृदय का परमेश्वर हमसे वास्तव में प्रेम करता भी है या नहीं और वास्तव में उसका इरादा क्या है। शायद ये कष्ट सहने के बाद ही हमें उठा लिया जा सकता हो? अपने मस्तिष्क में हम हिसाब लगा रहे हैं ... आने वाली मंजिल के बारे में और अपनी भावी नियति के बारे में। फिर भी पहले की तरह हममें से कोई भी यह विश्वास नहीं करता कि हमारे बीच कार्य करने के लिए परमेश्वर पहले ही देह धारण कर चुका है। भले ही वह इतने लंबे समय तक हमारे साथ रहा हो, भले ही वह हमसे आमने-सामने पहले ही इतने सारे वचन बोल चुका हो, फिर भी हम इतने साधारण व्यक्ति को अपने भविष्य का परमेश्वर स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं, इस मामूली व्यक्ति को अपने भविष्य और नियति का नियंत्रण सौंपने को तो हम बिल्कुल भी तैयार नहीं हैं। उससे हम जीवित जल की अंतहीन आपूर्ति का आनंद लेते हैं और उसके माध्यम से हम ऐसा जीवन जीते हैं जिसमें मनुष्य और परमेश्वर आमने-सामने रहते हैं। लेकिन हम केवल स्वर्ग में मौजूद प्रभु यीशु के अनुग्रह के लिए धन्यवाद देते हैं, हमने कभी इस साधारण व्यक्ति की भावनाओं पर ध्यान नहीं दिया, जो दिव्यता से युक्त है। फिर भी, वह पहले की तरह विनम्रता से देह में छिपे रहकर अपना कार्य करता है, अपने हृदय की वाणी को अभिव्यक्ति देता है, मानो वह मानवजाति की अस्वीकृति से बेखबर हो, मानो वह मनुष्य की अपरिपक्वता और अज्ञानता को हमेशा के लिए क्षमा कर रहा हो और अपने प्रति मनुष्य के अपमानजनक रवैये के प्रति हमेशा के लिए सहिष्णु हो।
हमारी जानकारी के बिना ही, इस मामूली व्यक्ति द्वारा हमें परमेश्वर के कार्य के एक के बाद एक चरण में ले जाया गया है। हमने अनगिनत परीक्षणों का अनुभव किया है, अनगिनत ताड़नाओं का अनुभव किया है और मृत्यु की परख का भी अनुभव किया है। हमने परमेश्वर के धार्मिक और प्रतापी स्वभाव के बारे में जाना है, परमेश्वर की प्रेमपूर्ण दयालुता और दया का भी आनंद लिया है, परमेश्वर की महान शक्ति और बुद्धि को समझा है, परमेश्वर की मनोहरता को देखा है, और मनुष्य को बचाने के परमेश्वर के उत्सुक इरादे को देखा है। इस साधारण व्यक्ति के वचनों में, हमने परमेश्वर के स्वभाव और परमेश्वर के सार को जाना है, परमेश्वर के इरादों को समझा है, मनुष्य के प्रकृति सार को भी जाना है, और उद्धार और पूर्णता का मार्ग देखा है। उसके वचन हमें “मारते” हैं और हमें “वापस जीवित” भी करते हैं; उसके वचन हमें दिलासा देते हैं और हमें गहराई से दोषी और कर्जदार भी महसूस कराते हैं; उसके वचन हमें आनंद और शांति देते हैं, और हमें अत्यधिक पीड़ा भी देते हैं। कभी-कभी हम उसके हाथों में मेमनों के समान होते हैं, जिनका जैसे वह चाहे वैसे वध कर दिया जाएगा; कभी-कभी हम उसकी आँख के तारे के समान होते हैं और उसके कोमल प्रेम का आनंद उठाते हैं; कभी-कभी हम उसके शत्रु जैसे होते हैं और उसकी निगाह में उसके क्रोध से भस्म कर दिए जाते हैं। हम वे मानव हैं जिन्हें वह बचाता है, हम उसकी नजरों में कीड़े हैं, और हम वे खोई हुई भेड़ें भी हैं जिन्हें वापस लाने के लिए वह दिन-रात लालायित रहता है। वह हमारे प्रति दयालु है, वह हमसे बेहद घृणा करता है, वह हमें ऊपर उठाता है, वह हमें दिलासा और नसीहत देता है, वह हमारा मार्गदर्शन करता है, वह हमें प्रबुद्ध करता है, वह हमें ताड़ना भी देता है और अनुशासित भी करता है, यहाँ तक कि वह हमें शाप भी देता है। वह दिन-रात हमारी चिंता करना और दिन-रात हमारी देखभाल और रक्षा करना कभी नहीं छोड़ता, और कभी हमारा साथ नहीं छोड़ता। वह हमारे लिए अपने हृदय का रक्त उँडेल देता है और हर कीमत चुकाता है। इस मामूली और साधारण-सी देह के वचनों में हमने परमेश्वर की संपूर्णता का आनंद लिया है और उस मंजिल को भी देखा है, जो परमेश्वर ने हमें प्रदान की है। इसके बावजूद मिथ्याभिमान अभी भी हमारे हृदय को परेशान करता है और हम अभी भी ऐसे किसी व्यक्ति को अपने परमेश्वर के रूप में सक्रिय रूप से स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। यद्यपि उसने हमें बहुत अधिक मन्ना, आनंद लेने के लिए बहुत कुछ दिया है, किंतु इनमें से कुछ भी हमारे हृदय में प्रभु का स्थान नहीं ले सकता। हम इस व्यक्ति की विशिष्ट पहचान और रुतबे का बड़ी अनिच्छा से ही सम्मान करते हैं। जब तक वह हमसे यह स्वीकार करने के लिए कहने को अपना मुँह नहीं खोलता कि वह परमेश्वर है, तब तक हम स्वयं उसे शीघ्र आने वाले परमेश्वर के रूप में कभी स्वीकार नहीं करेंगे, भले ही वह हमारे बीच बहुत लंबे समय से काम करता आ रहा है।
परमेश्वर विभिन्न तरीकों और कई परिप्रेक्ष्यों के उपयोग से हमें इस बारे में सचेत करते हुए कि हमें क्या करना चाहिए और साथ ही अपने हृदय की वाणी व्यक्त करते हुए अपने कथन जारी रखता है। उसके वचनों में जीवन की शक्ति है, वे हमें वह मार्ग देते हैं जिसका हमें अनुसरण करना चाहिए और हमें यह अच्छी तरह से समझने में सक्षम बनाते हैं कि सत्य वास्तव में क्या है। हम उसके वचनों से आकर्षित होने लगते हैं, हम उसके बोलने के लहजे और तरीके पर ध्यान देने लगते हैं और हम इस अगोचर व्यक्ति के हृदय की वाणी पर अवचेतन रूप से ध्यान देने लगते हैं। वह हमारे लिए अपने हृदय को थका डालता है, हमारे लिए नींद और भूख त्याग देता है, हमारे लिए रोता है, हमारे लिए आहें भरता है, हमारे लिए बीमारी में कराहता है; वह हमारी मंजिल और उद्धार की खातिर अपमान सहता है; और हमारी संवेदनहीनता और विद्रोहशीलता के कारण उसका हृदय खून और आँसू बहाता है। जो परमेश्वर के पास है और जो वह स्वयं है, वे किसी साधारण व्यक्ति में नहीं हो सकते हैं, न ही वे किसी भ्रष्ट मानव में हो सकते हैं या वह उन्हें हासिल कर सकता है। उसमें ऐसी सहनशीलता और धैर्य है जो किसी साधारण व्यक्ति में नहीं होता है, और उसका प्रेम ऐसा है जो किसी सृजित प्राणी में नहीं होता है। उसके अलावा कोई भी हमारे समस्त विचारों को नहीं जान सकता या हमारी प्रकृति और सार को भली-भाँति जानता है या मानवजाति की विद्रोहशीलता और भ्रष्टता का न्याय नहीं कर सकता या इस तरह से स्वर्ग के परमेश्वर की ओर से हमसे बातचीत और हम पर कार्य नहीं कर सकता। उसके अलावा किसी में परमेश्वर का अधिकार, बुद्धि और गरिमा नहीं है; उसमें परमेश्वर का स्वभाव और उसके पास जो है और जो वह स्वयं है, अपनी संपूर्णता में प्रकट होते हैं। उसके अलावा कोई हमें मार्ग नहीं दिखा सकता या हमारे लिए प्रकाश नहीं ला सकता। उसके अलावा कोई भी उन रहस्यों को प्रकट नहीं कर सकता, जिन्हें परमेश्वर ने सृष्टि के आरंभ से अब तक प्रकट नहीं किया है। उसके अलावा कोई हमें शैतान के बंधन और हमारे भ्रष्ट स्वभावों से नहीं बचा सकता। वह परमेश्वर का प्रतिनिधित्व करता है; वह संपूर्ण मानवजाति के लिए परमेश्वर के हृदय की वाणी, परमेश्वर के प्रोत्साहनों और परमेश्वर के न्याय के वचनों को व्यक्त करता है। उसने एक नया युग, एक नया काल आरंभ किया है, वह एक नए स्वर्ग और पृथ्वी और नए कार्य में ले गया है, वह हमारे लिए आशा लेकर आया है और उसने उस जीवन को समाप्त कर दिया जिसे हम काल्पनिक स्थिति में जी रहे थे, उसने हमारे संपूर्ण अस्तित्व को उद्धार का मार्ग पूरी स्पष्टता से देखने में सक्षम बनाया है। उसने हमारे संपूर्ण अस्तित्व को जीत लिया है और हमारे दिलों को प्राप्त कर लिया है। उस क्षण से हमारे दिल जागरूक हो गए हैं और हमारी आत्माएँ पुनर्जीवित हो गई लगती हैं : यह साधारण, मामूली व्यक्ति, जो हमारे बीच रहता है और जिसे हम इतने लंबे समय से ठुकराते आए हैं—क्या यह वही प्रभु यीशु नहीं है, जो सोते-जागते हमेशा हमारे विचारों में रहता है और जिसके लिए हम रात-दिन लालायित रहते हैं? यह वही है! यह वास्तव में वही है! वही हमारा परमेश्वर है! वही सत्य, मार्ग और जीवन है! उसने हमें फिर से जीने और प्रकाश देखने में सक्षम बनाया है और हमारे दिलों को भटकने से रोका है। हम परमेश्वर के घर लौट आए हैं, हम उसके सिंहासन के सामने लौट आए हैं, हम उसके आमने-सामने हैं, हमने उसका मुखमंडल देखा है और हमने आगे का मार्ग देखा है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परिशिष्ट 4 : परमेश्वर के प्रकटन को उसके न्याय और ताड़ना में देखना
संबंधित चलचित्र अंश
कैसे जाना जाए कि मसीह ही सत्य, मार्ग और जीवन हैं
संबंधित भजन
परमेश्वर के वचन हैं, कभी न बदलने वाले सत्य
परमेश्वर हमारे मध्य खामोशी से उतरता है
अंत के दिनों का मसीह अनंत जीवन का मार्ग लेकर आता है
अंत के दिनों का मसीह राज्य में मनुष्य का प्रवेश द्वार है