iii. क्यों अंत के दिनों में अपना न्याय का कार्य करने के लिए परमेश्वर मनुष्य का उपयोग नहीं करता, बल्कि देह धारण करता है और उसे स्वयं करता है
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
न्याय का कार्य परमेश्वर का अपना कार्य है, इसलिए स्वाभाविक रूप से इसे परमेश्वर द्वारा ही किया जाना चाहिए; उसकी जगह इसे मनुष्य द्वारा नहीं किया जा सकता। चूँकि न्याय मानवजाति को जीतने के लिए सत्य का उपयोग है, तो यह निर्विवाद है कि परमेश्वर अभी भी इस कार्य को करने के लिए देहधारी छवि में लोगों के बीच प्रकट होता है। अर्थात्, अंत के दिनों का मसीह सभी जगहों के लोगों को सिखाने के लिए सत्य का उपयोग करेगा और वह सभी जगहों के लोगों को स्पष्ट रूप से सभी सत्य बताएगा। यह परमेश्वर के न्याय का कार्य है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, मसीह सत्य के द्वारा न्याय का कार्य करता है
अंत के दिनों का मसीह मनुष्य को विविध सत्यों के साथ सिखाता है, मनुष्य के सार को उजागर करता है और मनुष्य के वचनों और कर्मों का गहन-विश्लेषण करता है। इन वचनों में सब विभिन्न सत्य होते हैं, जैसे कि मनुष्य का कर्तव्य, मनुष्य को परमेश्वर के प्रति समर्पण किस प्रकार करना चाहिए, मनुष्य को किस प्रकार परमेश्वर के प्रति निष्ठावान होना चाहिए, मनुष्य को किस प्रकार सामान्य मानवता जीनी चाहिए, और साथ ही परमेश्वर की बुद्धि और परमेश्वर का स्वभाव, इत्यादि। ये सभी वचन मनुष्य के सार पर केंद्रित हैं और उसके भ्रष्ट स्वभावों पर केंद्रित हैं। खास तौर पर जो वचन यह उजागर करते हैं कि मनुष्य परमेश्वर को कैसे छोड़ता है वे और भी अधिक इस तथ्य पर केंद्रित हैं कि मनुष्य कैसे मूलतः शैतान का मूर्त रूप है और मनुष्य कैसे मूलतः परमेश्वर के खिलाफ एक विरोधी शक्ति है। मनुष्य की प्रकृति के बारे में कहने के लिए जो कुछ भी है उसे बस कुछ ही शब्दों में कहकर, परमेश्वर अपना न्याय का कार्य नहीं करता है; बल्कि वह लंबे समय तक उसे उजागर करता है और उसकी काट-छाँट करता है। उजागर और काट-छाँट करने की इन विभिन्न विधियों को साधारण वचनों से प्रतिस्थापित नहीं किया जा सकता है; बल्कि उजागर और काट-छाँट करने के इस कार्य को करने में उस सत्य का उपयोग किया जाता है जो मनुष्य के पास बिल्कुल भी नहीं होता है। इस तरह की विधियाँ ही न्याय कही जा सकती हैं; इस तरह का न्याय ही मनुष्य को जीत सकता है, मनुष्य को परमेश्वर के बारे में पूरी तरह से आश्वस्त कर सकता है और साथ ही उसे परमेश्वर का सच्चा ज्ञान प्राप्त करने में सक्षम बना सकता है। न्याय का कार्य मनुष्य को परमेश्वर के असली चेहरे का ज्ञान कराता है; यह मनुष्य को उसकी स्वयं की विद्रोहशीलता के सत्य की समझ कराता है। न्याय के कार्य ने मनुष्य को परमेश्वर के इरादों के बारे में बहुत स्पष्टता प्राप्त करने, परमेश्वर के कार्य के उद्देश्य के बारे में बहुत स्पष्टता प्राप्त करने और उन रहस्यों की बहुत समझ प्राप्त करने में सक्षम बनाया है जिन्हें वह समझ नहीं पाता है। इसने मनुष्य को अपने भ्रष्ट सार और अपनी भ्रष्टता की जड़ को जानने और उसका बोध प्राप्त करने में भी सक्षम बनाया है, और इससे मनुष्य को अपना बदसूरत चेहरा देखने में सक्षम बनाया है। कार्य के ये सभी नतीजे न्याय के कार्य द्वारा लाए गए हैं, क्योंकि न्याय के कार्य का सार वास्तव में परमेश्वर के सत्य, मार्ग और जीवन को उन सभी के लिए खोलने का कार्य है जो उसमें विश्वास करते हैं। यह कार्य परमेश्वर के द्वारा किया जाने वाला न्याय का कार्य है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, मसीह सत्य के द्वारा न्याय का कार्य करता है
आज मैं तुम्हारी मलिनता के कारण ही तुम्हारा न्याय कर रहा हूँ, और तुम्हारी भ्रष्टता और विद्रोहशीलता के कारण ही तुम्हें ताड़ना दे रहा हूँ। मैं तुम लोगों के सामने अपने सामर्थ्य की अकड़ नहीं दिखा रहा या जानबूझकर तुम लोगों का दमन नहीं कर रहा; मैं ऐसा इसलिए कर रहा हूँ, क्योंकि इस मलिन धरती पर पैदा हुए तुम लोग मलिनता से बुरी तरह दूषित हो गए हो। तुम लोगों ने गंदी जगहों पर रहने वाले सूअर की तरह अपनी सत्यनिष्ठा और मानवीयता खो दी है। तुम्हारी मलिनता और भ्रष्टता की वजह से ही तुम्हारा न्याय किया जाता है और मैं तुम पर अपना क्रोध बरसाता हूँ। ठीक इन वचनों के न्याय की वजह से ही तुम यह देख पाए हो कि परमेश्वर धार्मिक परमेश्वर है और परमेश्वर पवित्र परमेश्वर है; ठीक अपनी पवित्रता और धार्मिकता की वजह से ही वह तुम लोगों का न्याय करता है और तुम लोगों पर अपना क्रोध बरसाता है; ठीक मानवजाति की विद्रोहशीलता को देखने की वजह से ही उसका धार्मिक स्वभाव उससे प्रकट होता है। मानवजाति की मलिनता और भ्रष्टता उसकी पवित्रता को प्रकट करती है। यह दिखाने के लिए यह पर्याप्त है कि वह स्वयं परमेश्वर है, जो पवित्र और निष्कलंक है और फिर भी मलिनता की धरती पर रहता है। यदि कोई व्यक्ति दूसरों के साथ कीचड़ में लोटता है और उसके बारे में कुछ भी पवित्र नहीं है, और उसके पास कोई धार्मिक स्वभाव नहीं है तो वह मनुष्य की अधार्मिकता का न्याय करने के योग्य नहीं है, न ही वह मनुष्य पर न्याय को कार्यान्वित करने के योग्य है। जो लोग सब मलिन हैं, वे अपने जैसे लोगों का न्याय करने के योग्य कैसे हो सकते हैं? केवल स्वयं पवित्र परमेश्वर ही पूरी मलिन मानवजाति का न्याय कर सकता है। मनुष्य के पापों का न्याय मनुष्य कैसे कर सकता है? मनुष्य के पाप मनुष्य कैसे देख सकता है और मनुष्य किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने के योग्य कैसे हो सकता है? अगर परमेश्वर मनुष्य के पापों का न्याय करने योग्य न होता, तो वह स्वयं धार्मिक परमेश्वर कैसे हो सकता था? चूँकि मनुष्य भ्रष्ट स्वभाव प्रकट करता है, इसलिए परमेश्वर उसका न्याय करने के लिए बोलता है और केवल तभी मनुष्य यह देख सकता है कि वह एक पवित्र परमेश्वर है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, विजय-कार्य के दूसरे चरण के प्रभावों को कैसे प्राप्त किया जाता है
जहाँ तक उन लोगों की बात है जो देह में जीते हैं, स्वभावगत बदलाव का अनुसरण करने के लिए लक्ष्यों की आवश्यकता होती है और परमेश्वर को जानने का अनुसरण करने के लिए परमेश्वर के व्यावहारिक कर्मों और वास्तविक चेहरे को देखने की जरूरत होती है। दोनों को सिर्फ परमेश्वर की देहधारी देह से ही प्राप्त किया जा सकता है, दोनों को सिर्फ सामान्य और व्यावहारिक देह से ही पूरा किया जा सकता है। इसीलिए देहधारण आवश्यक है—पूरी भ्रष्ट मानवजाति को इसकी आवश्यकता है। चूँकि लोगों से अपेक्षा की जाती है कि वे परमेश्वर को जानें, इसलिए काल्पनिक और अलौकिक परमेश्वरों की छवियों को उनके दिलों से दूर हटाया जाना चाहिए और चूँकि उनसे अपने भ्रष्ट स्वभाव छोड़ने की अपेक्षा की जाती है, इसलिए उन्हें पहले अपने भ्रष्ट स्वभावों को जानना चाहिए। यदि लोगों के दिलों से काल्पनिक परमेश्वरों की छवियाँ हटाने का कार्य केवल मनुष्य करता है, तो वह वांछित प्रभाव हासिल करने में असफल हो जाएगा। लोगों के दिलों से काल्पनिक परमेश्वर की छवियों को केवल वचनों से उजागर किया, उतार फेंका या पूरी तरह से निकाला नहीं जा सकता। ऐसा करने से, अंततः इन गहरी समाई चीजों को लोगों के दिलों से हटाना तब भी संभव नहीं होगा। केवल इन कल्पित और अलौकिक चीजों की जगह व्यावहारिक परमेश्वर और परमेश्वर की अंतर्निहित छवि को रखकर और लोगों को धीरे-धीरे इन्हें ज्ञात करवाकर ही वांछित प्रभाव हासिल किया जा सकता है। मनुष्य को एहसास होता है कि जिस परमेश्वर का वह पहले से अनुसरण करता रहा, वह काल्पनिक और अलौकिक है। आत्मा की प्रत्यक्ष अगुवाई इस प्रभाव को प्राप्त नहीं कर सकती, किसी व्यक्ति विशेष की शिक्षाएँ तो बिल्कुल नहीं बल्कि देहधारी परमेश्वर ही ऐसा कर सकता है। ठीक इस कारण कि देहधारी परमेश्वर की सामान्यता और व्यावहारिकता मनुष्य की कल्पनाओं के काल्पनिक एवं अलौकिक परमेश्वरों से विपरीत है, जब देहधारी परमेश्वर आधिकारिक रूप से अपना कार्य करता है, तो मनुष्य की सभी धारणाएँ उजागर हो जाती हैं। मनुष्य की मूल धारणाएँ तो तभी उजागर हो सकती हैं जब उनकी देहधारी परमेश्वर से तुलना की जाए। देहधारी परमेश्वर से तुलना के बिना, मनुष्य की धारणाओं को उजागर नहीं किया जा सकता; दूसरे शब्दों में, व्यावहारिकता को विषमता के रूप में रखे बिना कल्पित चीज़ों को प्रकट नहीं किया जा सकता। इस कार्य को करने के लिए कोई भी वचनों का उपयोग करने में सक्षम नहीं है, और कोई भी वचनों का उपयोग करके इस कार्य को स्पष्टता से व्यक्त करने में सक्षम नहीं है। स्वयं परमेश्वर ही अपना कार्य कर सकता है, अन्य कोई उसकी ओर से इस कार्य को नहीं कर सकता। मनुष्य की भाषा कितनी भी समृद्ध क्यों न हो, वह परमेश्वर की व्यावहारिकता और सामान्यता को स्पष्टता से व्यक्त करने में असमर्थ है। यदि परमेश्वर व्यक्तिगत रूप से मनुष्य के बीच कार्य करे और अपनी छवि और जो वह है, उसे पूरी तरह से प्रकट करे, तभी मनुष्य अधिक व्यावहारिकता से परमेश्वर को जान सकता है और अधिक स्पष्टता से देख सकता है। इस प्रभाव को कोई हाड़-माँस का मानव प्राप्त नहीं कर सकता।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, भ्रष्ट मानवजाति को देहधारी परमेश्वर के उद्धार की ज्यादा आवश्यकता है
यह ठीक इसलिए है, क्योंकि शैतान ने मनुष्य की देह को भ्रष्ट कर दिया है और मनुष्य ही वह प्राणी है जिसे परमेश्वर बचाना चाहता है, यही कारण है कि परमेश्वर को शैतान के साथ युद्ध करने और व्यक्तिगत रूप से मनुष्य की चरवाही करने के लिए देह धारण करनी चाहिए। केवल यही उसके कार्य के लिए लाभदायक है। परमेश्वर की दो देहधारी देह शैतान को हराने के लिए और मनुष्य को बेहतर ढंग से बचाने के लिए भी अस्तित्व में रही हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि जो शैतान के साथ युद्ध कर रहा है, वह केवल परमेश्वर ही हो सकता है, चाहे वह परमेश्वर का आत्मा हो या परमेश्वर की देहधारी देह। संक्षेप में, शैतान के साथ युद्ध करने वाले स्वर्गदूत नहीं हो सकते, और वह मनुष्य तो बिल्कुल नहीं हो सकता, जिसे शैतान द्वारा भ्रष्ट किया जा चुका है। यह युद्ध लड़ने में स्वर्गदूत निर्बल हैं, और मनुष्य के इसमें शामिल होने की आशा और भी कम है। इसलिए यदि परमेश्वर मनुष्य के जीवन का स्रोत बनना चाहता है, यदि वह मनुष्य को बचाने के लिए व्यक्तिगत रूप से पृथ्वी पर आना चाहता है, तो उसे व्यक्तिगत रूप से देह धारण करना होगा—अर्थात् उसे व्यक्तिगत रूप से देह को ओढ़ना होगा, और अपनी अंतर्निहित पहचान तथा उस कार्य के साथ, जिसे उसे अवश्य करना चाहिए, मनुष्य के बीच आना होगा और व्यक्तिगत रूप से मनुष्य को बचाना होगा। अन्यथा, यदि वह परमेश्वर का आत्मा या मनुष्य होता, जो यह कार्य करता, तो इस युद्ध से कभी कुछ न निकलता, और यह कभी समाप्त न होता। जब परमेश्वर मनुष्य के बीच व्यक्तिगत रूप से शैतान के साथ युद्ध करने के लिए देहधारी होता है, केवल तभी मनुष्य के पास उद्धार का एक अवसर होता है। इसके अतिरिक्त, शैतान इसके परिणाम स्वरूप शर्मिंदा होता है और उसके पास लाभ उठाने के लिए कोई अवसर नहीं होता है या कार्यान्वित करने के लिए कोई साजिश नहीं बचती है। देहधारी परमेश्वर द्वारा किया जाने वाला कार्य परमेश्वर के आत्मा के द्वारा अप्राप्य है, और परमेश्वर की ओर से किसी माँस और रक्त वाले मनुष्य द्वारा उसे किया जाना तो और भी अधिक असंभव है, क्योंकि जो कार्य वह करता है, वह मनुष्य के जीवन के वास्ते और मनुष्य के भ्रष्ट स्वभाव को बदलने के लिए है। यदि मनुष्य इस युद्ध में भाग लेता, तो वह अपने हथियार डाल देता, वह पूरी तरह से अपमानित होकर भाग जाता और उसकी दुर्गति हो जाती; वह मनुष्य के भ्रष्ट स्वभाव को बदलने में एकदम असमर्थ रहता। वह सलीब से मनुष्य को बचाने या संपूर्ण विद्रोही मानव-जाति पर विजय प्राप्त करने में असमर्थ होता, केवल थोड़ा-सा पुराना कार्य करने में सक्षम होता जो सिद्धांतों से परे नहीं जाता, या कोई और कार्य, जिसका शैतान की पराजय से कोई संबंध नहीं है। तो परेशान क्यों हुआ जाए? वह मनुष्य को प्राप्त नहीं कर पाता और शैतान को पराजित करने का काम तो बिल्कुल नहीं कर पाता, तो इसका क्या मतलब होता? और इसलिए, शैतान के साथ युद्ध केवल स्वयं परमेश्वर द्वारा ही किया जा सकता है, और इसे मनुष्य द्वारा किया जाना पूरी तरह से असंभव होगा। मनुष्य का कर्तव्य समर्पण और अनुसरण करना है, क्योंकि मनुष्य स्वर्ग और धरती के सृजन के समान कार्य करने में पूरी तरह से असमर्थ है, वह शैतान के साथ युद्ध करने का कार्य तो बिल्कुल नहीं कर सकता है। मनुष्य केवल स्वयं परमेश्वर की अगुआई के तहत ही सृष्टिकर्ता को संतुष्ट कर सकता है, जिसके माध्यम से शैतान पराजित होता है; केवल यही वह एकमात्र कार्य है जो मनुष्य कर सकता है। और इसलिए, हर बार जब एक नया युद्ध आरंभ होता है, अर्थात् हर बार जब एक नए युग का कार्य शुरू होता है, तो इस कार्य को स्वयं परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से किया जाता है, जिसके माध्यम से वह संपूर्ण युग की अगुआई करता है और संपूर्ण मानव-जाति के लिए एक नया मार्ग खोलता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, मनुष्य के सामान्य जीवन को बहाल करना और उसे एक अद्भुत मंज़िल पर ले जाना
परमेश्वर की संपूर्ण प्रबंधन योजना का कार्य व्यक्तिगत रूप से स्वयं परमेश्वर द्वारा किया जाता है। प्रथम चरण—संसार का सृजन—परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से किया गया था और यदि ऐसा न किया जाता, तो कोई भी मानव-जाति का सृजन कर पाने में सक्षम न हुआ होता। दूसरा चरण, जो संपूर्ण मानवजाति के छुटकारे का था, उसे भी स्वयं परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से किया गया था। तीसरा चरण स्वतः स्पष्ट है : परमेश्वर के संपूर्ण कार्य के अंत को स्वयं परमेश्वर द्वारा किए जाने की और भी अधिक आवश्यकता है। संपूर्ण मानव-जाति के छुटकारे, उस पर विजय पाने, उसे प्राप्त करने, और उसे पूर्ण बनाने का समस्त कार्य स्वयं परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से किया जाता है। यदि वह व्यक्तिगत रूप से यह कार्य न करता, तो मनुष्य उसकी पहचान का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता था, न ही उसका कार्य मनुष्य द्वारा किया जा सकता था। शैतान को हराने, मानवजाति को प्राप्त करने और मानवजाति को पृथ्वी पर एक सामान्य जीवन प्रदान करने के लिए वह स्वयं मनुष्य की अगुआई करता है और स्वयं मनुष्यों के बीच कार्य करता है; अपनी संपूर्ण प्रबंधन योजना के वास्ते और अपने संपूर्ण कार्य के लिए उसे व्यक्तिगत रूप से इस कार्य को करना चाहिए। यदि मनुष्य केवल यह विश्वास करता है कि परमेश्वर इसलिए आया था कि मनुष्य उसे देख सके, या वह मनुष्य को खुश करने के लिए आया था, तो ऐसे विश्वास का कोई मूल्य, कोई महत्व नहीं है। मनुष्य की समझ बहुत ही सतही है! केवल स्वयं कार्यान्वित करके ही परमेश्वर इस कार्य को अच्छी तरह से और पूरी तरह से कर सकता है। यदि मनुष्य को यह कार्य करना हो, तो वह परमेश्वर का प्रतिनिधित्व करने में अक्षम होगा। चूँकि उसके पास परमेश्वर की पहचान या उसका सार नहीं है, इसलिए वह परमेश्वर का कार्य करने में असमर्थ है और यदि मनुष्य इसे करता भी, तो इसका कोई प्रभाव नहीं होता। पहली बार जब परमेश्वर ने देह धारण किया था, तो वह छुटकारे के वास्ते था, संपूर्ण मानव-जाति को पाप से छुटकारा देने के लिए था, मनुष्य को शुद्ध होने और उसके पापों को क्षमा किए जाने में सक्षम बनाने के लिए था। विजय का कार्य भी परमेश्वर द्वारा मनुष्यों के बीच व्यक्तिगत रूप से किया जाता है। इस चरण के दौरान यदि परमेश्वर को केवल भविष्यवाणी ही करनी होती, तो किसी नबी—किसी गुणी व्यक्ति—को उसका स्थान लेने के लिए ढूँढ़ा जा सकता था; यदि केवल भविष्यवाणी ही कहनी होती, तो मनुष्य परमेश्वर की जगह ले सकता था। किंतु व्यक्तिगत रूप से स्वयं परमेश्वर का कार्य करने और मनुष्य के जीवन पर कार्य करने के संदर्भ में, मनुष्य इस कार्य को नहीं कर सकता था। इसे व्यक्तिगत रूप से स्वयं परमेश्वर द्वारा ही किया जाना चाहिए : इस कार्य को करने के लिए परमेश्वर को व्यक्तिगत रूप से देह धारण करना चाहिए। वचन के युग में, यदि केवल भविष्यवाणी ही कही जाती, तो इस कार्य को करने के लिए नबी यशायाह या एलिय्याह को ढूँढ़ा जा सकता था, और इसे व्यक्तिगत रूप से करने के लिए स्वयं परमेश्वर की कोई आवश्यकता न होती। चूँकि इस चरण में किया जाने वाला कार्य मात्र भविष्यवाणी कहना नहीं है, और चूँकि इस बात का और अधिक महत्व है कि वचनों के कार्य का उपयोग मानवजाति पर विजय पाने और शैतान को पराजित करने के लिए किया जाता है, इसलिए यह कार्य मनुष्य द्वारा नहीं किया जा सकता है और इसे स्वयं परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से किया जाना चाहिए। व्यवस्था के युग में यहोवा ने अपने कार्य का एक भाग किया था, जिसके पश्चात् उसने कुछ वचन कहे और नबियों के जरिये कुछ कार्य किया। ऐसा इसलिए है, क्योंकि मनुष्य यहोवा के कार्य में उसका स्थान ले सकता था, और भविष्यद्रष्टा उसकी ओर से चीजों की भविष्यवाणी और कुछ स्वप्नों की व्याख्या कर सकते थे। उस समय किया गया कार्य सीधे-सीधे मनुष्य के स्वभाव को परिवर्तित करने का कार्य नहीं था, और वह मनुष्य के पाप से संबंध नहीं रखता था, और मनुष्य से केवल व्यवस्था का पालन करने की अपेक्षा की गई थी। अतः यहोवा देहधारी नहीं हुआ और मनुष्य के सामने प्रकट नहीं हुआ था; इसके बजाय उसने मूसा और अन्य लोगों से सीधे बातचीत की, उनसे बुलवाया और अपने स्थान पर कार्य करवाया, और उनसे मनुष्यों के बीच सीधे तौर पर कार्य करवाया। परमेश्वर के कार्य का पहला चरण मनुष्य की अगुआई का था। यह शैतान के विरुद्ध युद्ध का आरंभ था, किंतु यह युद्ध आधिकारिक रूप से शुरू होना बाक़ी था। शैतान के विरुद्ध आधिकारिक युद्ध परमेश्वर के प्रथम देहधारण के साथ आरंभ हुआ, और यह आज तक जारी है। इस युद्ध की पहली लड़ाई तब हुई, जब देहधारी परमेश्वर को सलीब पर चढ़ाया गया। देहधारी परमेश्वर के सलीब पर चढ़ाए जाने ने शैतान को पराजित कर दिया, और यह युद्ध में प्रथम सफल चरण था। जब देहधारी परमेश्वर ने सीधे मनुष्य के जीवन पर कार्य करना आरंभ किया, तो यह मनुष्य को पुनः प्राप्त करने के कार्य की आधिकारिक शुरुआत थी। और चूँकि यह मनुष्य के पुराने स्वभाव को परिवर्तित करने का कार्य था, इसलिए यह शैतान के साथ युद्ध करने का कार्य था। आरंभ में यहोवा द्वारा किए गए कार्य का चरण पृथ्वी पर मानवजाति के जीवन की अगुआई मात्र था। यह परमेश्वर के कार्य का आरंभ था, और यूँ तो इसमें अभी कोई युद्ध या कोई बड़ा कार्य शामिल नहीं हुआ था, फिर भी इसने आने वाले युद्ध के कार्य की नींव डाली थी। बाद में, अनुग्रह के युग के दौरान दूसरे चरण के कार्य में मनुष्य के पुराने स्वभाव को परिवर्तित करना शामिल था, जिसका अर्थ है कि स्वयं परमेश्वर मनुष्य के जीवन पर कार्य कर रहा था। इसे परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से किया जाना था। इसमें अपेक्षित था कि परमेश्वर व्यक्तिगत रूप से देहधारी हो जाए। यदि वह देहधारी न हुआ होता, तो कार्य के इस चरण में कोई अन्य उसका स्थान नहीं ले सकता था, क्योंकि यह शैतान के विरुद्ध सीधी लड़ाई के कार्य को दर्शाता था। यदि परमेश्वर की ओर से मनुष्य ने शैतान की उपस्थिति में यह कार्य किया होता, तो उसे झुकाया नहीं जा सकता था; उसे हराना असंभव हो गया होता। देहधारी परमेश्वर को ही उसे हराने के लिए आना था, क्योंकि देहधारी परमेश्वर का सार फिर भी परमेश्वर है, वह फिर भी मनुष्य का जीवन है, और वह फिर भी सृष्टिकर्ता है; कुछ भी हो, उसकी पहचान और सार नहीं बदलेगा। और इसलिए, उसने देहधारण किया और शैतान को पूरी तरह झुकवाने का कार्य किया। कार्य के इस अंतिम चरण के दौरान, यदि मनुष्य को यह कार्य करना होता और उससे सीधे तौर पर वचनों को बुलवाया जाता, तो वह उन्हें बोलने में असमर्थ होता, और यदि भविष्यवाणी कही जाती, तो मनुष्य पर विजय प्राप्त करना असंभव हो जाता। देहधारी होकर परमेश्वर शैतान को हराने और उसे पूरी तरह झुकवाने के लिए आता है। जब वह शैतान को पूरी तरह से पराजित कर लेगा, पूरी तरह से मनुष्य पर विजय पा लेगा और मनुष्य को पूरी तरह से प्राप्त कर लेगा, तो कार्य का यह चरण पूरा हो जाएगा और सफलता प्राप्त कर ली जाएगी।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, मनुष्य के सामान्य जीवन को बहाल करना और उसे एक अद्भुत मंज़िल पर ले जाना
संबंधित चलचित्र अंश
अंत के दिनों में परमेश्वर अपना न्याय-कार्य कैसे करता है
केवल परमेश्वर ही न्याय का कार्य कर सकता है
संबंधित भजन
न्याय का कार्य स्वयं परमेश्वर द्वारा ही किया जाना चाहिए
परमेश्वर का न्याय उसकी धार्मिकता और पवित्रता को प्रकट करता है