iv. देहधारी परमेश्वर और परमेश्वर द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले लोगों के बीच सारभूत अंतर
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
“देहधारण” परमेश्वर का देह में प्रकट होना है; परमेश्वर सृजित मनुष्यों के मध्य देह की छवि में कार्य करता है। इसलिए, चूँकि वह देहधारी परमेश्वर है, तो उसे सबसे पहले देह होना होगा, सामान्य मानवता वाली देह होना होगा; यह सबसे मौलिक पूर्वापेक्षा है। वास्तव में, परमेश्वर के देहधारण का निहितार्थ यह है कि परमेश्वर देह में रहता और कार्य करता है, परमेश्वर अपने सार में देह बन जाता है, वह एक व्यक्ति बन जाता है। ... चूँकि वह परमेश्वर के सार वाला मनुष्य है, इसलिए वह सभी सृजित मानवों से ऊपर है, ऐसे किसी भी व्यक्ति से ऊपर है जो परमेश्वर का कार्य कर सकता है। तो, उसके समान मानवीय आवरण वाले सभी लोगों में, जिन लोगों में मानवता है, उनमें, एकमात्र वही स्वयं देहधारी परमेश्वर है—अन्य सभी सृजित मानव हैं। यद्यपि उन सभी में मानवता है, किन्तु सृजित मानव में केवल मानवता ही है, जबकि देहधारी परमेश्वर भिन्न है : उसकी देह में न केवल मानवता है, बल्कि सबसे महत्वपूर्ण यह है कि उसमें दिव्यता भी है। उसकी मानवता उसके देह के बाहरी रूप-रंग में और उसके दिन-प्रतिदिन के जीवन में देखी जा सकती है, किन्तु उसकी दिव्यता को देख पाना मुश्किल है। क्योंकि उसकी दिव्यता केवल तभी व्यक्त होती है जब उसमें मानवता होती है, और यह वैसी अलौकिक नहीं होती जैसी लोग कल्पना करते हैं, इसलिए लोगों के लिए इसे देख पाना बहुत कठिन होता है। आज भी, लोगों के लिए इसकी थाह पाना बहुत कठिन है कि देहधारी परमेश्वर का सार आखिर क्या है। मेरे इतने सारे वचन बोलने के बाद भी, मुझे लगता है कि तुम लोगों में से अधिकांश के लिए यह एक रहस्य ही है। वास्तव में, यह मामला बहुत सरल है : चूँकि परमेश्वर देहधारी बन जाता है, उसका सार मानवता और दिव्यता का संयोजन है। यह संयोजन स्वयं परमेश्वर, पृथ्वी पर स्वयं परमेश्वर कहलाता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, परमेश्वर द्वारा धारण किए गए देह का सार
जब परमेश्वर पृथ्वी पर आता है, तो वह केवल दिव्यता के भीतर अपना कार्य करता है, जो स्वर्गिक आत्मा ने देहधारी परमेश्वर को सौंपा होता है। जब वह आता है, तब वह भिन्न-भिन्न साधनों से और भिन्न-भिन्न परिप्रेक्ष्यों से अपने कथनों को वाणी देने के लिए ही धरती पर हर जगह बोलता है। वह मुख्य रूप से मनुष्य को आपूर्ति करने और उसे सिखाने को अपने लक्ष्यों और कार्य करने के सिद्धांत के रूप में देखता है, और लोगों के अंतर्वैयक्तिक संबंधों या उनके जीवन के विवरणों जैसी चीजों की चिंता नहीं करता। उसकी मुख्य सेवकाई आत्मा की ओर से बोलना है। अर्थात्, जब परमेश्वर का आत्मा मूर्त रूप में देह में प्रकट होता है, तब वह केवल मनुष्य के जीवन के लिए पोषण प्रदान करता है और सत्य विमोचित करता है। वह मनुष्य के कार्य में शामिल नहीं होता, जिसका तात्पर्य यह है कि वह मानवता के कार्य में भाग नहीं लेता। मनुष्य दिव्य कार्य नहीं कर सकते, और परमेश्वर मनुष्य के कार्य में भाग नहीं लेता। इन सारे वर्षों में जबसे परमेश्वर अपना कार्य करने के लिए इस धरती पर आया है, उसने उसे सदैव लोगों के माध्यम से किया है। परंतु इन लोगों को देहधारी परमेश्वर नहीं माना जा सकता—उन्हें केवल ऐसे मनुष्य माना जा सकता है, जिनका परमेश्वर द्वारा उपयोग किया जाता है। इस बीच, आज का परमेश्वर आत्मा की वाणी व्यक्त करते हुए और आत्मा की ओर से कार्य करते हुए, सीधे दिव्यता के परिप्रेक्ष्य से बात कर सकता है। इसी प्रकार, वे सब जिनका परमेश्वर ने युगों-युगों और पीढ़ियों के दौरान उपयोग किया है, दैहिक शरीर के भीतर कार्यरत परमेश्वर के आत्मा के दृष्टांत हैं—तो उन्हें परमेश्वर क्यों नहीं कहा जा सकता? परंतु आज का परमेश्वर भी देह में सीधे कार्यरत परमेश्वर का आत्मा ही है, और यीशु भी देह में कार्यरत परमेश्वर का आत्मा था; उन दोनों को परमेश्वर कहा जाता है। तो अंतर क्या है? जिन लोगों का परमेश्वर ने युगों के दौरान उपयोग किया है वे सब सामान्य विचार और विवेक रखने में समर्थ रहे हैं। वे सभी स्वयं के आचरण के और मामलों को सँभालने के सिद्धांतों को समझ चुके हैं। उनकी सामान्य मानवीय धारणाएँ हैं और उनमें वे सभी चीजें रही हैं, जो सामान्य लोगों में होनी चाहिए। उनमें से अधिकांश के पास असाधारण प्रतिभा और जन्मजात बुद्धिमानी रही है। इन लोगों पर कार्य करते हुए परमेश्वर का आत्मा उनकी प्रतिभाओं का उपयोग करता है, जो उनके गुण हैं। परमेश्वर का आत्मा उनकी प्रतिभाओं को उपयोग में लाता है, परमेश्वर की सेवा में उनकी शक्तियों का उपयोग करता है। फिर भी परमेश्वर का सार धारणाओं या विचारों से रहित है, उसमें मनुष्य के ख्यालों की मिलावट नहीं है, यहाँ तक कि उसमें उसकी भी कमी है जो सामान्य मनुष्यों के पास है। कहने का तात्पर्य यह है कि वह स्वयं के आचरण और मामलों को सँभालने के सिद्धांतों से भी परिचित नहीं है। जब आज का परमेश्वर पृथ्वी पर आता है तो ऐसा ही होता है। उसके कार्य और वचनों में मनुष्य के ख्यालों या मानवीय विचारों की मिलावट नहीं है। बल्कि वे आत्मा के ख्यालों की सीधी अभिव्यक्ति हैं, और वह सीधे परमेश्वर की ओर से कार्य करता है। इसका अर्थ है कि आत्मा सीधे बात करता है, अर्थात्, दिव्यता सीधे कार्य करती है, उसमें मनुष्य के ख्यालों की रत्ती भर मिलावट नहीं होती। दूसरे शब्दों में, देहधारी परमेश्वर में दिव्यता सीधे शामिल है, मानवीय विचारों या धारणाओं से रहित है, और उसे संसार से निपटने के लोगों के सिद्धांतों की कोई समझ नहीं है। यदि केवल दिव्यता ही कार्यरत होती (अर्थात् यदि केवल स्वयं परमेश्वर कार्यरत होता), तो पृथ्वी पर परमेश्वर का कार्य करने का कोई उपाय न होता। इसलिए जब परमेश्वर पृथ्वी पर आता है, तो उसके पास थोड़ी संख्या में ऐसे लोग होने चाहिए जिनका उपयोग वह परमेश्वर द्वारा दिव्यता में किए जाने वाले कार्य के सहयोग में मानवता के भीतर कार्य करने के लिए करता है। दूसरे शब्दों में, वह अपने दिव्य कार्य को कायम रखने के लिए मानवीय कार्य का उपयोग करता है। यदि वह ऐसा न करे, तो मनुष्य के पास दिव्य कार्य से सीधे जुड़ने का कोई उपाय नहीं होगा। यीशु और उसके शिष्यों के साथ ऐसा ही था। संसार में अपने समय के दौरान यीशु ने पुरानी व्यवस्था को समाप्त कर दिया और नई आज्ञाएँ स्थापित कीं। उसने अनेक वचन भी कहे। यह सारा कार्य दिव्यता में किया गया था। पतरस, पौलुस और युहन्ना जैसे अन्य सभी ने अपने अनुवर्ती कार्य यीशु के वचनों की नींव पर अवलंबित किए। कहने का तात्पर्य यह है कि उस युग में परमेश्वर ने अपना शुरुआती कार्य किया, अनुग्रह के युग के आरंभ का मार्गदर्शन किया; अर्थात्, उसने पुराने युग को समाप्त करके नए युग का मार्गदर्शन किया, और साथ ही “परमेश्वर आदि और अंत है” वचनों को भी साकार किया। दूसरे शब्दों में, मनुष्य को दिव्य कार्य की नींव पर ही मानवीय कार्य करना चाहिए। जब यीशु ने वह सब कुछ कह दिया जो उसे कहने की आवश्यकता थी और पृथ्वी पर अपना कार्य समाप्त कर लिया, तो वह मनुष्य को छोड़कर चला गया। इसके बाद, सभी लोगों ने, कार्य करते हुए, उसके वचनों में व्यक्त सिद्धांतों के अनुसार ऐसा ही किया, और उसके द्वारा बोले गए सत्यों के अनुसार अभ्यास किया। इन सभी लोगों ने यीशु के लिए कार्य किया। यदि यीशु अकेले ही कार्य कर रहा होता, तो उसने चाहे जितने भी वचन बोले होते, लोगों के पास उसके वचनों के साथ जुड़ने के कोई साधन न होते, क्योंकि वह दिव्यता में कार्य कर रहा था और केवल दिव्यता के वचन ही बोल सकता था, और वह चीजों को लोगों को नहीं समझा सकता था, सामान्य लोगों को अपने वचन नहीं समझा सकता था। और इसलिए उसे प्रेरित और नबी रखने पड़े, जो उसके कार्य का पूरक होने के लिए उसके बाद आए। यही वह सिद्धांत है, जिससे देहधारी परमेश्वर अपना कार्य करता है—बोलने और कार्य करने के लिए देहधारी शरीर का उपयोग करना, ताकि दिव्यता का कार्य पूरा किया जा सके, और फिर अपने कार्य का पूरक होने के लिए कुछ, या शायद अधिक, ऐसे लोगों का उपयोग करना जो परमेश्वर के इरादों के अनुरूप हैं। अर्थात्, परमेश्वर मानवता में चरवाही और सिंचन करने के लिए ऐसे लोगों का उपयोग करता है जो उसके इरादों के अनुरूप हैं, ताकि परमेश्वर के चुने हुए लोग सत्य वास्तविकता में प्रवेश कर सकें।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, देहधारी परमेश्वर और परमेश्वर द्वारा उपयोग किए जाने वाले लोगों के बीच सार रूप में अंतर
जब परमेश्वर देह में आया, तब यदि वह केवल दिव्यता का कार्य करता, और उसके साथ सहयोग करने के लिए उसके इरादों के अनुरूप लोग नहीं होते, तो मनुष्य परमेश्वर के इरादों को समझने या परमेश्वर के साथ जुड़ने में असमर्थ होता। परमेश्वर के लिए यह कार्य पूर्ण करने, कलीसियाओं की देख-रेख और उनकी चरवाही करने के लिए ऐसे सामान्य लोगों का उपयोग करना आवश्यक है जो उसके इरादों के अनुरूप हों, ताकि मनुष्य की संज्ञानात्मक प्रक्रियाएँ, उसका मस्तिष्क, जिस स्तर की कल्पना करने में सक्षम हैं, उसे प्राप्त किया जा सके। दूसरे शब्दों में, परमेश्वर अपनी दिव्यता के भीतर जो कार्य करता है, उसका “अनुवाद” करने के लिए वह अपने इरादों के अनुरूप लोगों की एक छोटी संख्या का उपयोग करता है, ताकि उसे स्पष्ट किया जा सके—और दिव्य भाषा को मानव-भाषा में रूपांतरित किया जा सके, ताकि सभी लोग उसे समझ-बूझ सकें। यदि परमेश्वर ऐसा न करता, तो कोई भी परमेश्वर की दिव्य भाषा न समझ पाता, क्योंकि परमेश्वर के इरादों के अनुरूप लोग अंततः थोड़े हैं, और मनुष्य की समझने की क्षमता कमजोर है। यही कारण है कि परमेश्वर देहधारी शरीर में कार्य करते हुए यह तरीका चुनता है। यदि केवल दिव्य कार्य ही होता, तो मनुष्य के पास परमेश्वर को जानने और उसके साथ जुड़ने का कोई तरीका न होता, क्योंकि मनुष्य परमेश्वर की भाषा नहीं समझता। मनुष्य यह भाषा केवल परमेश्वर के इरादों के अनुरूप लोगों के माध्यम से ही समझ सकने में समर्थ है, जो उसके वचनों को स्पष्ट करते हैं। तथापि, यदि मानवता के भीतर केवल ऐसे लोग ही कार्यरत होते, तो यह केवल मनुष्य का सामान्य जीवन बनाए रख सकता था; यह मनुष्य का स्वभाव नहीं बदल सकता था। परमेश्वर का कार्य एक नया शुरुआती-बिंदु नहीं हो सकता था; केवल वही पुराने गीत होते, वही पुरानी लचर बातें होतीं। केवल देहधारी परमेश्वर के माध्यम से ही, जो अपने देहधारण की अवधि के दौरान वह सब कहता है जिसे कहने की आवश्यकता है और वह सब करता है जिसे करने की आवश्यकता है, उसके बाद लोग उसके वचनों के अनुसार कार्य और अनुभव करते हैं, केवल इसी प्रकार उनका जीवन स्वभाव बदल पाएगा, और केवल इसी प्रकार वे युग के साथ चल पाएँगे। जो दिव्यता के भीतर कार्य करता है वह परमेश्वर का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि जो मानवता के भीतर कार्य करते हैं, वे परमेश्वर द्वारा उपयोग किए जाने वाले लोग हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि देहधारी परमेश्वर परमेश्वर द्वारा उपयोग किए जाने वाले लोगों से सार रूप में भिन्न है। देहधारी परमेश्वर दिव्यता का कार्य करने में समर्थ है, जबकि परमेश्वर द्वारा उपयोग किए जाने वाले लोग नहीं। प्रत्येक युग के आरंभ में परमेश्वर का आत्मा मनुष्य को एक नए आरंभ में ले जाने के लिए व्यक्तिगत रूप से बोलता है और नए युग का सूत्रपात करता है। जब वह बोलना समाप्त कर देता है, तो इसका अर्थ होता है कि दिव्यता के भीतर उसका कार्य पूरा हो गया है। तत्पश्चात्, सभी लोग अपने जीवन-अनुभव में प्रवेश करने के लिए परमेश्वर द्वारा उपयोग किए गए लोगों की अगुआई का अनुसरण करते हैं।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, देहधारी परमेश्वर और परमेश्वर द्वारा उपयोग किए जाने वाले लोगों के बीच सार रूप में अंतर
कुछ लोग पूछेंगे, “देहधारी परमेश्वर के द्वारा किए गए कार्य और अतीत के भविष्यवक्ताओं और प्रेरितों द्वारा किए गए कार्य में क्या अन्तर है? दाऊद को प्रभु कहकर पुकारा जाता था, और यीशु को प्रभु कहकर पुकारा जाता था; यद्यपि उन्होंने जो कार्य किया वह भिन्न था, फिर भी उन्हें एक जैसे ही नाम से पुकारा गया था। मुझे बताओ उनकी पहचान एक जैसी क्यों नहीं थी? जो यूहन्ना ने देखा था वह एक दर्शन था, ऐसा दर्शन जो पवित्र आत्मा से भी आया था, और वह उन वचनों को कहने में समर्थ था जो पवित्र आत्मा ने कहने का इरादा किया था; तो यूहन्ना की पहचान यीशु से भिन्न क्यों है?” यीशु के द्वारा कहे गए वचन परमेश्वर का पूरी तरह से प्रतिनिधित्व करने में समर्थ थे और वे परमेश्वर के कार्य का पूरी तरह से प्रतिनिधित्व करते थे। जो यूहन्ना ने देखा वह एक दर्शन था, और वह परमेश्वर के कार्य का पूरी तरह से प्रतिनिधित्व करने में असमर्थ था। ऐसा क्यों है कि यूहन्ना, पतरस और पौलुस ने बहुत-से वचन कहे—जैसे यीशु ने कहे थे—फिर भी उनके पास यीशु के समान पहचान नहीं थी? मुख्य रूप से ऐसा इसलिए है क्योंकि उन्होंने जो कार्य किया वह भिन्न था। यीशु ने परमेश्वर के आत्मा का प्रतिनिधित्व किया, और वह परमेश्वर का आत्मा था जो सीधे तौर पर कार्य कर रहा था। उसने नये युग का कार्य किया, ऐसा कार्य जिसे पहले कभी किसी ने नहीं किया था। उसने एक नया मार्ग प्रशस्त किया, उसने यहोवा का प्रतिनिधित्व किया और उसने स्वयं परमेश्वर का प्रतिनिधित्व किया, जबकि पतरस, पौलुस और दाऊद, इस बात की परवाह किए बिना कि उन्हें क्या कहकर पुकारा जाता था, उन्होंने केवल सृजित प्राणी की पहचान का प्रतिनिधित्व किया था, और उन्हें यीशु या यहोवा ने भेजा था। इसलिए भले ही उन्होंने कितना ही काम क्यों न किया हो, भले ही उन्होंने कितने ही बड़े चमत्कार क्यों न किए हों, वे तब भी बस सृजित प्राणी ही थे, और परमेश्वर के आत्मा का प्रतिनिधित्व करने में असमर्थ थे। उन्होंने परमेश्वर के नाम पर या परमेश्वर द्वारा भेजे जाने के बाद ही कार्य किया था; इससे भी बढ़कर उन्होंने यीशु या यहोवा द्वारा शुरू किए गए युगों में कार्य किया था और उन्होंने इसके अलावा कोई और कार्य नहीं किया था। वे आखिरकार सृजित प्राणी ही थे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पदवियों और पहचान के संबंध में
अनुग्रह के युग में यीशु ने भी कई वचन बोले और बहुत कार्य किया। वह यशायाह से कैसे अलग था? वह दानिय्येल से कैसे अलग था? क्या वह कोई नबी था? ऐसा क्यों कहा जाता है कि वह मसीह है? उनके मध्य क्या भिन्नताएँ हैं? वे सभी मनुष्य थे और उन सबने वचन बोले थे, जो, इसके अलावा, मनुष्य को लगभग एक-से प्रतीत होते थे। उन सभी ने वचन बोले और कार्य किए। पुराने नियम के नबियों ने भविष्यवाणियाँ कीं और उसी तरह से यीशु भी वैसा ही कर सकता था। ऐसा क्यों है? यहाँ भेद कार्य की प्रकृति के आधार पर है। इस मामले को विवेक से परखने के लिए तुम्हें देह की प्रकृति पर विचार नहीं करना चाहिए, न ही तुम्हें उनके वचनों की गहराई पर विचार करना चाहिए। कुछ भी हो, तुम्हें पहले उनके कार्य और उसके द्वारा मनुष्य में प्राप्त किए जाने वाले परिणामों पर विचार करना चाहिए। उस समय नबियों द्वारा की गई भविष्यवाणियों ने मनुष्य के जीवन की आपूर्ति नहीं की, यशायाह और दानिय्येल जैसे लोगों द्वारा प्राप्त की गई प्रेरणाएँ मात्र भविष्यवाणियाँ थीं, जीवन का मार्ग नहीं। यदि यहोवा की ओर से प्रत्यक्ष प्रकाशन नहीं होता, तो कोई भी इस कार्य को नहीं कर सकता था, जो नश्वर लोगों के लिए संभव नहीं है। यीशु ने भी कई वचन बोले, परंतु वे वचन जीवन का मार्ग थे, जिनमें से मनुष्य अभ्यास का मार्ग प्राप्त कर सकता था। दूसरे शब्दों में, एक तो वह मनुष्य के जीवन की आपूर्ति कर सकता था, क्योंकि यीशु जीवन है; दूसरे, वह मनुष्यों के विकृत पहलुओं को उलट सकता था; तीसरे, वह यहोवा के कार्य को अपने हाथ में ले सकता था और अगले युग का सूत्रपात कर सकता था; चौथे, वह मनुष्य के भीतर की आवश्यकताएँ जान सकता था और समझ सकता था कि मनुष्य में किस चीज का अभाव है; पाँचवें, वह नए युग का सूत्रपात और पुराने युग का समापन कर सकता था। यही कारण है कि वह परमेश्वर और मसीह है; वह न केवल यशायाह से भिन्न है, अपितु अन्य सभी नबियों से भी भिन्न है। नबियों के कार्य के लिए तुलना के रूप में यशायाह को लें। पहले, वह मनुष्य के जीवन की आपूर्ति नहीं कर सकता था। दूसरे, वह नए युग का सूत्रपात नहीं कर सकता था। वह यहोवा की अगुआई के अधीन कार्य कर रहा था, न कि नए युग का सूत्रपात करने के लिए। तीसरे, उसके द्वारा बोले गए शब्द उससे परे थे। वे सीधे परमेश्वर के आत्मा से प्राप्त प्रकाशन थे और दूसरे लोगों ने जब उन्हें सुना तो वे उन्हें नहीं समझे। ये कुछ चीज़ें अकेले ही यह सिद्ध करने के लिए पर्याप्त हैं कि उसके वचन भविष्यवाणियों से अधिक और यहोवा के बदले किए गए कार्य के एक पहलू से ज़्यादा कुछ नहीं थे। हालाँकि वह पूरी तरह से यहोवा का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता था। वह यहोवा का सेवक था, यहोवा के काम में एक उपकरण। वह केवल व्यवस्था के युग के भीतर और यहोवा के कार्य-क्षेत्र के भीतर ही कार्य कर रहा था; उसने व्यवस्था के युग से आगे कार्य नहीं किया। इसके विपरीत, यीशु का कार्य भिन्न था। उसने यहोवा के कार्य-क्षेत्र को पार कर लिया; उसने देहधारी परमेश्वर के रूप में कार्य किया और संपूर्ण मानवजाति के छुटकारे के लिए सलीब पर चढ़ गया। दूसरे शब्दों में, उसने यहोवा द्वारा किए गए कार्य के बाहर नया कार्य किया। यह नए युग का सूत्रपात करना था। इसके अतिरिक्त वह उन बातों के बारे में बोलने में सक्षम था जिन तक मनुष्य नहीं पहुँच सकता था। उसका कार्य परमेश्वर के प्रबंधन के भीतर का कार्य था, जो संपूर्ण मानवजाति को समाविष्ट करता था। इसमें केवल कुछ ही लोग शामिल नहीं थे, न ही इसका उद्देश्य केवल सीमित संख्या में लोगों की अगुआई करना था। जहाँ तक इस बात का संबंध है कि परमेश्वर कैसे मनुष्य के रूप में देहधारी हुआ, कैसे उस समय आत्मा ने प्रकाशन दिए और कैसे आत्मा कार्य करने के लिए एक मनुष्य पर उतरा, तो ये ऐसी बातें हैं, जिन्हें मनुष्य देख या छू नहीं सकता। इन तथ्यों का इस बात का साक्ष्य होना सर्वथा असंभव है कि वह देहधारी परमेश्वर है। इस प्रकार भेद केवल परमेश्वर के वचनों और कार्य के बीच ही किया जा सकता है, जो मनुष्य के लिए मूर्त रूप में मौजूद है। केवल यही वास्तविक है। इसका कारण यह है कि आत्मा के मामले तुम्हारे लिए दृष्टिगोचर नहीं हैं और केवल स्वयं परमेश्वर को ही स्पष्ट रूप से ज्ञात हैं, यहाँ तक कि देहधारी परमेश्वर की देह भी सारी चीज़ें नहीं जानती; तुम केवल उसके द्वारा किए गए कार्य से ही यह निश्चित कर सकते हो कि वह परमेश्वर है। उसके कार्यों से यह देखा जा सकता है कि एक तो वह एक नए युग की शुरुआत करने में सक्षम है; दूसरे, वह मनुष्य के जीवन की आपूर्ति करने और मनुष्य को अनुसरण का मार्ग दिखाने में सक्षम है। यह इस बात को सिद्ध करने के लिए पर्याप्त है कि वह स्वयं परमेश्वर है। कम से कम, जो कार्य वह करता है, वह पूरी तरह से परमेश्वर के आत्मा का प्रतिनिधित्व कर सकता है, और ऐसे कार्य से यह देखा जा सकता है कि परमेश्वर का आत्मा उसके भीतर है। चूँकि देहधारी परमेश्वर द्वारा किया गया कार्य मुख्य रूप से नए युग का सूत्रपात करना, नए कार्य की अगुआई करना और नया क्षेत्र पैदा करना था, इसलिए ये कुछ स्थितियाँ अकेले ही यह सिद्ध करने के लिए पर्याप्त हैं कि वह स्वयं परमेश्वर है। इस प्रकार यह उसे यशायाह, दानिय्येल और अन्य महान नबियों से भिन्नता प्रदान करता है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, देहधारी परमेश्वर की सेवकाई और मनुष्य के कर्तव्य के बीच अंतर
परमेश्वर के वचन को हरगिज मनुष्य का वचन नहीं ठहराया जा सकता और मनुष्य के वचन को तो परमेश्वर का वचन हरगिज नहीं ठहराया जा सकता। परमेश्वर द्वारा इस्तेमाल किया गया व्यक्ति देहधारी परमेश्वर नहीं है और देहधारी परमेश्वर एक ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसे परमेश्वर द्वारा इस्तेमाल किया गया है। इसमें एक मूलभूत अंतर है। शायद ये वचन पढ़ने के बाद तुम इन्हें परमेश्वर के वचन नहीं मानते, बल्कि केवल उस प्रबुद्धता के रूप में मानते हो जो किसी व्यक्ति ने हासिल की है। उस स्थिति में तुम बहुत अज्ञानी हो। परमेश्वर के वचन मनुष्य द्वारा हासिल प्रबोधन के समान कैसे हो सकते हैं? देहधारी परमेश्वर के वचन एक नया युग आरंभ करते हैं, समस्त मानवजाति का मार्गदर्शन करते हैं, रहस्यों पर से परदा हटाते हैं और मनुष्य को वह दिशा दिखाते हैं जो उसे नए युग में ग्रहण करनी है। मनुष्य जो प्रबुद्धता हासिल करता है, वह केवल कुछ साधारण अभ्यास या ज्ञान मात्र है। यह समस्त मानवजाति को एक नए युग में नहीं ले जा सकती या स्वयं परमेश्वर के रहस्यों पर से परदा नहीं हटा सकती। आखिरकार, परमेश्वर परमेश्वर है और मनुष्य मनुष्य है। परमेश्वर में परमेश्वर का सार होता है और मनुष्य में मनुष्य का सार। यदि मनुष्य परमेश्वर द्वारा कहे गए वचनों को पवित्र आत्मा का साधारण प्रबोधन मानता है और प्रेरितों और नबियों के वचनों को परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से कहे गए वचन मानता है तो यह मनुष्य की गलती होगी।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, प्रस्तावना
संबंधित चलचित्र अंश
देहधारी परमेश्वर और परमेश्वर जिनका उपयोग करता है, उनमें मौलिक भेद क्या है?
संबंधित भजन
देहधारी परमेश्वर के पास मानवता है और उससे भी अधिक दिव्यता है
आखिरकार, परमेश्वर परमेश्वर है, मनुष्य मनुष्य है