12. धार्मिक जगत की यह धारणा कि : “पूरी बाइबल परमेश्वर से प्रेरित है और बाइबल के सारे शब्द परमेश्वर के वचन हैं”
बाइबल में पौलुस कहता है, “सम्पूर्ण पवित्रशास्त्र परमेश्वर की प्रेरणा से रचा गया है और उपदेश, और समझाने, और सुधारने, और धार्मिकता की शिक्षा के लिये लाभदायक है” (2 तीमुथियुस 3:16)। इसलिए, धार्मिक जगत यह सोचता है कि पूरी बाइबल परमेश्वर से प्रेरित है, और बाइबल में दर्ज सभी वचन परमेश्वर के वचन हैं।
अंत के दिनों के सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन
आज लोग हमेशा यह सोचते हैं कि बाइबल परमेश्वर है और परमेश्वर बाइबल है। इसलिए वे यह भी विश्वास करते हैं कि बाइबल के वचन ही वे वचन हैं, जिन्हें परमेश्वर ने बोला था और कि वे सब परमेश्वर द्वारा बोले गए वचन थे। परमेश्वर के सभी विश्वासी यहाँ तक सोचते हैं कि यद्यपि पुराने और नए नियम की सभी छियासठ पुस्तकें मनुष्य द्वारा लिखी गई थीं, फिर भी वे सभी परमेश्वर की अभिप्रेरणा द्वारा दी गई थीं, और वे पवित्र आत्मा के कथनों के अभिलेख हैं। यह मनुष्य की विकृत समझ है, और यह तथ्यों से पूरी तरह मेल नहीं खाती। वास्तव में, भविष्यवाणियों की पुस्तकों को छोड़कर, पुराने नियम का अधिकांश भाग ऐतिहासिक अभिलेख है। नए नियम के कुछ धर्मपत्र मनुष्य के अनुभवों से आए हैं, और कुछ पवित्र आत्मा की प्रबुद्धता से आए हैं; उदाहरण के लिए, पौलुस के धर्मपत्र मनुष्य के कार्य से उत्पन्न हुए थे, वे सभी पवित्र आत्मा की प्रबुद्धता के परिणाम थे और वे कलीसियाओं के लिए लिखे गए थे और वे कलीसियाओं के भाई-बहनों के लिए नसीहत और प्रोत्साहन के वचन थे। वे पवित्र आत्मा द्वारा बोले गए वचन नहीं थे—पौलुस पवित्र आत्मा की ओर से नहीं बोल सकता था, और न ही वह कोई नबी था, और उसने उन दर्शनों को तो बिल्कुल नहीं देखा था जिन्हें यूहन्ना ने देखा था। उसके धर्मपत्र इफिसुस, कुरिंथुस और गलातिया की कलीसियाओं, और उस समय की अन्य कलीसियाओं के लिए लिखे गए थे। और इस प्रकार, नए नियम में पौलुस के धर्मपत्र वे धर्मपत्र हैं, जिन्हें पौलुस ने कलीसियाओं के लिए लिखा था, और वे पवित्र आत्मा की अभिप्रेरणाएँ नहीं हैं, न ही वे पवित्र आत्मा के प्रत्यक्ष कथन हैं। वे महज नसीहत, दिलासा और प्रेरणा के वचन हैं, जिन्हें उसने अपने कार्य के दौरान कलीसियाओं के लिए लिखा था। इस प्रकार वे पौलुस के उस समय के अधिकांश कार्य के अभिलेख भी हैं। वे प्रभु में विश्वास करने वाले सभी भाई-बहनों के लिए लिखे गए थे और ताकि उस समय की कलीसियाओं के भाई-बहन उसकी सलाह को सुनें और प्रभु यीशु द्वारा बताए गए पश्चात्ताप के मार्ग का अनुसरण करें। किसी भी तरह से पौलुस ने यह नहीं कहा कि, चाहे वे उस समय की कलीसियाएँ हों या भविष्य की, सभी को उसके द्वारा लिखी गई चीज़ों को खाना और पीना चाहिए, न ही उसने कहा कि उसके सभी वचन परमेश्वर से आए हैं। उस समय की कलीसियाओं की परिस्थितियों के अनुसार बात बस इतनी थी कि उसने भाई-बहनों के साथ संगति की थी और उन्हें नसीहत दी थी, उन्हें उनकी आस्था में प्रेरित किया था और उसने बस लोगों में प्रचार किया था या उन्हें स्मरण दिलाया था और उन्हें नसीहत दी थी। उसके वचन उसके स्वयं के बोझ पर आधारित थे, और उसने इन वचनों के जरिये लोगों को सहारा दिया था। उसने उस समय की कलीसियाओं के प्रेरित का कार्य किया था, वह एक कार्यकर्ता था जिसे प्रभु यीशु द्वारा इस्तेमाल किया गया था, इस प्रकार उसे कलीसियाओं की जिम्मेदारी लेनी थी, कलीसियाओं का कार्य सँभालना था और भाई-बहनों की दशाओं के बारे में जानना था—और इसी कारण उसने प्रभु में विश्वास करने वाले सभी भाई-बहनों के लिए धर्मपत्र लिखे थे। उसने जो कहा, जो मनुष्य का आत्मिक उन्नयन करने वाला और सकारात्मक था, वह सही था, किंतु वह पवित्र आत्मा के कथनों का प्रतिनिधित्व नहीं करता था और वह परमेश्वर का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता था। यदि मनुष्य किसी व्यक्ति के अनुभवों के अभिलेखों और किसी व्यक्ति के धर्मपत्रों को पवित्र आत्मा द्वारा कलीसियाओं को बोले गए वचन मान ले, तो यह एक बेहद गलत समझ और जबरदस्त ईश-निंदा है! यह पौलुस द्वारा कलीसियाओं के लिए लिखे गए धर्मपत्रों के संबंध में विशेष रूप से सत्य है, क्योंकि उसके धर्मपत्र उस समय प्रत्येक कलीसिया की परिस्थितियों और उनकी स्थिति के आधार पर भाइयों एवं बहनों के लिए लिखे गए थे और वे प्रभु में विश्वास करने वाले भाइयों एवं बहनों को नसीहत करने के लिए थे, ताकि वे प्रभु यीशु का अनुग्रह प्राप्त कर सकें। उसके धर्मपत्र उस समय के भाइयों एवं बहनों को जाग्रत करने के लिए थे। ऐसा कहा जा सकता है कि यह उसका स्वयं का बोझ था, और यह वह बोझ भी था, जो उसे पवित्र आत्मा द्वारा दिया गया था; आखिरकार, वह एक प्रेरित था जिसने उस समय की कलीसियाओं की अगुआई की थी और कलीसियाओं के लिए धर्मपत्र लिखना और उन्हें प्रोत्साहित करना उसकी जिम्मेदारी थी। उसकी पहचान मात्र काम करने वाले एक प्रेरित की थी, वह मात्र एक प्रेरित था जिसे परमेश्वर द्वारा भेजा गया था, वह नबी नहीं था और न ही भविष्यवक्ता था। उसके लिए उसका अपना कार्य और भाई-बहनों का जीवन अत्यधिक महत्वपूर्ण था। इस प्रकार, वह पवित्र आत्मा की ओर से नहीं बोल सकता था और उसके वचन पवित्र आत्मा के वचन नहीं थे, उन्हें परमेश्वर के वचन तो बिल्कुल भी नहीं कहा जा सकता, क्योंकि वह एक सृजित प्राणी से बढ़कर कुछ नहीं था और वह देहधारी परमेश्वर तो निश्चित रूप से नहीं था। उसकी पहचान यीशु के समान नहीं थी। यीशु के वचन पवित्र आत्मा के वचन थे, वे परमेश्वर के वचन थे, क्योंकि उसकी पहचान मसीह—परमेश्वर के पुत्र की थी। पौलुस को उसके बराबर कैसे माना जा सकता है? यदि मनुष्य पौलुस जैसे लोगों के धर्मपत्रों या शब्दों को पवित्र आत्मा के कथन मानता है और उनकी परमेश्वर के रूप में आराधना करता है, तो सिर्फ यह कहा जा सकता है कि उसमें भेद पहचानने की क्षमता का बहुत अभाव है। और अधिक गंभीर शब्दों में कहा जाए तो, क्या यह स्पष्ट रूप से ईश-निंदा नहीं है? कोई इंसान परमेश्वर की ओर से कैसे बोल सकता है? और मनुष्य किसी इंसान के धर्मपत्रों के अभिलेखों और उसके द्वारा बोले गए वचनों के सामने इस तरह कैसे झुक सकता है, मानो वे कोई पवित्र पुस्तक या स्वर्गिक पुस्तक हों? क्या परमेश्वर के वचन किसी इंसान के द्वारा बस यूँ ही बोले जा सकते हैं? कोई इंसान परमेश्वर की ओर से कैसे बोल सकता है? तो तुम क्या कहते हो—क्या वे धर्मपत्र, जिन्हें उसने कलीसियाओं के लिए लिखा था, उसके स्वयं के विचारों से दूषित नहीं हो सकते? वे उन चीजों से दूषित कैसे नहीं हो सकते जो उसके अपने विचारों से आए थे? उसने अपने व्यक्तिगत अनुभवों और अपने ज्ञान के आधार पर कलीसियाओं के लिए धर्मपत्र लिखे थे। उदाहरण के लिए, पौलुस ने गलातियाई कलीसियाओं को एक धर्मपत्र लिखा, जिसमें एक निश्चित राय थी, और पतरस ने दूसरा धर्मपत्र लिखा, जिसमें दूसरा विचार था। उनमें से कौन-सा पवित्र आत्मा से आया था? कोई निश्चित तौर पर नहीं कह सकता। इस प्रकार, सिर्फ यही कहा जा सकता है कि उन दोनों ने कलीसियाओं के लिए बोझ वहन किया था, फिर भी उनके पत्र उनके आध्यात्मिक कद का प्रतिनिधित्व करते हैं, वे भाइयों एवं बहनों के लिए उनके पोषण एवं समर्थन का, और कलीसियाओं के प्रति उनके बोझ का प्रतिनिधित्व करते हैं, और वे केवल मनुष्य के कार्य का प्रतिनिधित्व करते हैं; वे पूरी तरह से पवित्र आत्मा के नहीं थे। यदि तुम कहते हो कि उसके धर्मपत्र पवित्र आत्मा के वचन हैं, तो तुम बेतुके हो, और तुम ईश-निंदा कर रहे हो! पौलुस के धर्मपत्र और नए नियम के अन्य धर्मपत्र बहुत हाल की आध्यात्मिक हस्तियों के संस्मरणों के बराबर हैं : वे वाचमैन नी की पुस्तकों या लॉरेंस आदि के अनुभवों के समतुल्य हैं। सीधी-सी बात है कि हाल ही की आध्यात्मिक हस्तियों की पुस्तकों को नए नियम में संकलित नहीं किया गया है, फिर भी इन लोगों का सार एकसमान था : वे पवित्र आत्मा द्वारा एक निश्चित अवधि के दौरान इस्तेमाल किए गए लोग थे, और वे सीधे परमेश्वर का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते थे।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, बाइबल के विषय में (3)
बाइबल में हर चीज़ परमेश्वर के द्वारा व्यक्तिगत रूप से बोले गए वचनों का अभिलेख नहीं है। बाइबल बस परमेश्वर के कार्य के पिछले दो चरण दर्ज करती है, जिनमें से एक भाग नबियों की भविष्यवाणियों का अभिलेख है, और दूसरा भाग युगों-युगों में परमेश्वर द्वारा इस्तेमाल किए गए लोगों द्वारा लिखे गए अनुभवों और ज्ञान का अभिलेख है। मनुष्य के अनुभव उसके मतों और ज्ञान से दूषित होते हैं, और यह एक अपरिहार्य चीज़ है। बाइबल की कई पुस्तकों में मनुष्य की धारणाएँ, पूर्वाग्रह और विकृत समझ शामिल हैं। बेशक, अधिकतर वचन पवित्र आत्मा की प्रबुद्धता और रोशनी का परिणाम हैं और वे सही समझ हैं—फिर भी यह नहीं कहा जा सकता कि वे पूरी तरह से सत्य की सटीक अभिव्यक्ति हैं। कुछ चीज़ों पर उनके विचार व्यक्तिगत अनुभव से प्राप्त ज्ञान या पवित्र आत्मा की प्रबुद्धता से बढ़कर कुछ नहीं हैं। नबियों के पूर्वकथन परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से निर्देशित किए गए थे : यशायाह, दानिय्येल, एज्रा, यिर्मयाह और यहेजकेल जैसों की भविष्यवाणियाँ पवित्र आत्मा के सीधे निर्देशन से आई थीं; ये लोग द्रष्टा थे, उन्होंने भविष्यवाणी की आत्मा को प्राप्त किया था और वे सभी पुराने नियम के नबी थे। व्यवस्था के युग के दौरान यहोवा की अभिप्रेरणाओं को प्राप्त करने वाले लोगों ने अनेक भविष्यवाणियाँ की थीं, जिन्हें सीधे यहोवा के द्वारा निर्देशित किया गया था।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, बाइबल के विषय में (3)
पुराने विधान के व्यवस्था के युग के दौरान यहोवा ने बड़ी संख्या में नबियों को खड़ा किया ताकि वे उसके लिए भविष्यवाणी करें, विभिन्न कबीलों एवं राष्ट्रों को निर्देश दें और यहोवा द्वारा किए जाने वाले कार्य के बारे में पहले से बता दें। इन सभी खड़े किए गए लोगों को यहोवा द्वारा भविष्यवाणी की आत्मा दी गई थी। वे यहोवा के दर्शनों को देखने और उसकी वाणी सुनने में सक्षम थे; इस प्रकार, वे उसके द्वारा प्रेरित थे और उन्होंने भविष्यवाणियाँ लिखीं। उन्होंने जो कार्य किया, वह यहोवा की आवाज़ की अभिव्यक्ति था, यहोवा की भविष्यवाणी की अभिव्यक्ति था, और उस समय यहोवा का कार्य केवल आत्मा का उपयोग करके लोगों का मार्गदर्शन करना था; उसने देह धारण नहीं किया और लोगों ने उसका चेहरा बिल्कुल नहीं देखा। इस प्रकार, उसने अपना कार्य करने के लिए बहुत-से नबियों को खड़ा किया और उन्हें आकाशवाणियाँ दीं, जिन्हें उन्होंने इस्राएल के प्रत्येक कबीले और वंश को सौंप दिया। उनका कार्य भविष्यवाणी करना था और उनमें से कुछ ने उन्हें दिए गए यहोवा के निर्देश लिख लिए ताकि वे अन्य लोगों को दिखा सकें। यहोवा ने इन लोगों को भविष्यवाणी करने, भविष्य के कार्य या उस कार्य के बारे में पूर्वकथन कहने के लिए खड़ा किया था जो उस युग के दौरान अभी किया जाना था, ताकि लोग यहोवा की चमत्कारिकता एवं बुद्धि को देख सकें। भविष्यवाणी की ये पुस्तकें बाइबल की अन्य पुस्तकों से काफी अलग थीं; वे उन लोगों द्वारा बोले या लिखे गए वचन थे, जिन्हें भविष्यवाणी की आत्मा दी गई थी—उनके द्वारा, जिन्होंने यहोवा के दर्शनों या वाणी को प्राप्त किया था। भविष्यवाणी की पुस्तकों के अलावा, पुराने विधान में हर चीज़ उन अभिलेखों से बनी है, जिन्हें लोगों द्वारा तब तैयार किया गया था, जब यहोवा ने अपना काम समाप्त कर लिया था। ये पुस्तकें यहोवा द्वारा खड़े किए गए नबियों द्वारा की गई भविष्यवाणियों का स्थान नहीं ले सकतीं; उदाहरण के लिए, उत्पत्ति और निर्गमन की तुलना यशायाह की पुस्तक और दानिय्येल की पुस्तक से नहीं की जा सकती। भविष्यवाणियाँ कार्य किए जाने से पहले की गई थीं; जबकि अन्य पुस्तकें कार्य किए जाने के बाद लिखी गई थीं, जिसे करने में लोग समर्थ थे। उस समय के नबी यहोवा द्वारा प्रेरित थे और उन्होंने कुछ भविष्यवाणियाँ कीं, उन्होंने कई वचन बोले, और अनुग्रह के युग की चीजों, और साथ ही अंत के दिनों में संसार के विनाश—वह कार्य, जिसे करने की यहोवा की योजना थी—के बारे में भविष्यवाणी की। बाकी सभी पुस्तकों में यहोवा के द्वारा इस्राएल में किए गए कार्य को दर्ज किया गया है। ... इस तरह, बाइबल के पुराने विधान में जो कुछ भी दर्ज है, वह केवल उस समय इस्राएल में किया गया परमेश्वर का कार्य है। नबियों द्वारा, यशायाह, दानिय्येल, यिर्मयाह और यहेज़केल द्वारा बोले गए वचन ... उनके वचन पृथ्वी पर उसके अन्य कार्य के बारे में पूर्वकथन करते हैं, वे स्वयं यहोवा परमेश्वर के कार्य का पूर्वकथन करते हैं। यह पूरी तरह से परमेश्वर से आया, यह पवित्र आत्मा का कार्य था, और नबियों की इन पुस्तकों के अलावा, बाकी हर चीज़ उस समय यहोवा के कार्य के बारे में लोगों के अनुभवों का अभिलेख है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, बाइबल के विषय में (1)
आज, तुम लोगों में से कौन यह कहने का साहस कर सकता है कि पवित्र आत्मा के द्वारा उपयोग किए गए लोगों द्वारा कहे गए सभी वचन पवित्र आत्मा से आये थे? क्या किसी में ऐसी चीज़ें कहने का साहस है? यदि तुम ऐसी चीज़ें कहते हो, तो फिर क्यों एज्रा की भविष्यवाणी की पुस्तक को हटा दिया गया था, और क्यों यही उन प्राचीन संतों और भविष्यवक्ताओं की पुस्तकों के साथ किया गया था? यदि वे सभी पवित्र आत्मा से आयी थीं, तो तुम लोग क्यों ऐसे मनमाने चुनाव करने का साहस करते हो? क्या तुम पवित्र आत्मा के कार्य को चुनने के योग्य हो? इस्राएल की बहुत सारी कहानियों को भी हटा दिया गया था। और यदि तुम मानते हो कि अतीत के ये सभी लेख पवित्र आत्मा से आये, तो फिर क्यों कुछ पुस्तकों को हटा दिया गया था? यदि वे सभी पवित्र आत्मा से आये, तो उन सब को सुरक्षित रखा जाना चाहिए था, और पढ़ने के लिए कलीसियाओं के भाइयों और बहनों को भेजा जाना चाहिए था, उन्हें मानवीय इच्छा के अनुसार मनमाने ढंग से चुना या नामंज़ूर नहीं किया जाना चाहिए था—केवल ऐसा करना ही सही होता। यह कहना कि पौलुस और यूहन्ना के अनुभव उनकी व्यक्तिगत अंतर्दृष्टियों के साथ घुल-मिल गए थे इसका यह मतलब नहीं है कि उनका अनुभवजन्य ज्ञान शैतान से आया था, बल्कि बात केवल इतनी है कि उनके पास ऐसी चीज़ें थीं जो उनके व्यक्तिगत अनुभवों और अंतर्दृष्टियों से आई थीं। उनका ज्ञान उस समय के उनके वास्तविक अनुभवों की पृष्ठभूमि पर आधारित था। कौन आत्मविश्वास के साथ कह सकता था कि यह सब पवित्र आत्मा से आया था? यदि चारों सुसमाचार पवित्र आत्मा से आए, तो ऐसा क्यों था कि मत्ती, मरकुस, लूका और यूहन्ना में से प्रत्येक ने यीशु के कार्य के बारे में कुछ भिन्न कहा? यदि तुम लोग इस पर विश्वास नहीं करते हो, तो फिर तुम बाइबल के विवरणों में देखो कि किस प्रकार पतरस ने प्रभु को तीन बार नकारा था : वे सब भिन्न हैं, और उनमें से प्रत्येक की अपनी विशेषताएँ हैं। बहुत-से अज्ञानी लोग कहते हैं, “देहधारी परमेश्वर भी एक मनुष्य है, तो क्या जो वचन वह कहता है, वे पूरी तरह से पवित्र आत्मा से आ सकते हैं? जब पौलुस और यूहन्ना के शब्द मानवीय इच्छा के साथ मिले हुए थे, तो क्या जिन वचनों को वो कहता है वे वास्तव में मानवीय इच्छा के साथ मिले हुए नहीं हैं?” जो लोग ऐसी बातें करते हैं वे अन्धे और अज्ञानी हैं! चारों सुसमाचारों को ध्यान से पढ़ो : यीशु ने जो कहा और किया, उसके बारे में प्रत्येक व्यक्ति का विवरण एक-दूसरे से वाकई भिन्न है और प्रत्येक लेखक का अपना दृष्टिकोण है। यदि इन पुस्तकों के लेखकों के द्वारा जो कुछ लिखा गया था, वह सब पवित्र आत्मा से आया, तो यह सब एक समान और सुसंगत होना चाहिए। तो फिर उनमें विसंगतियाँ क्यों हैं? क्या मनुष्य अत्यंत मूर्ख नहीं है जो इसे देखने में असमर्थ है?
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, पदवियों और पहचान के संबंध में
नए नियम में मत्ती का सुसमाचार यीशु की वंशावली दर्ज करता है। प्रारंभ में वह कहता है कि यीशु अब्राहम और दाऊद का वंशज और यूसुफ का पुत्र था; आगे वह कहता है कि वह पवित्र आत्मा के द्वारा गर्भ में आया था, और कुँआरी से जन्मा था—जिसका अर्थ है कि वह यूसुफ का पुत्र या अब्राहम और दाऊद का वंशज नहीं था। हालाँकि वंशावली यीशु का संबंध यूसुफ से जोड़ने पर ज़ोर देती है। आगे वंशावली उस प्रक्रिया को दर्ज करना प्रारंभ करती है, जिसके तहत यीशु का जन्म हुआ था। वह कहती है कि यीशु पवित्र आत्मा के द्वारा गर्भ में आया था, उसका जन्म कुँआरी से हुआ था, और वह यूसुफ का पुत्र नहीं था। फिर भी वंशावली में यह साफ-साफ लिखा हुआ है कि यीशु यूसुफ का पुत्र था, और चूँकि वंशावली यीशु के लिए लिखी गई है, इसलिए वह बयालीस पीढ़ियों को दर्ज करती है। जब वह यूसुफ की पीढ़ी पर जाती है, तो वह जल्दी से कह देती है कि यूसुफ मरियम का पति था, ये वचन यह साबित करने के लिए दिए गए हैं कि यीशु अब्राहम का वंशज था। क्या यह विरोधाभास नहीं है? वंशावली साफ-साफ यूसुफ की वंश-परंपरा को दर्ज करती है, वह स्पष्ट रूप से यूसुफ की वंशावली है, किंतु मत्ती दृढ़ता से कहता है कि यह यीशु की वंशावली है। क्या यह यीशु के पवित्र आत्मा द्वारा गर्भ में आने के तथ्य को नहीं नकारता? इस प्रकार, क्या मत्ती द्वारा दी गई वंशावली मानवीय विचार नहीं है? यह और भी ज्यादा हास्यास्पद है! इस तरह से तुम जान सकते हो कि यह पुस्तक बिल्कुल भी पूरी तरह से पवित्र आत्मा से नहीं आई थी। शायद ऐसे कुछ लोग हैं जो यह सोचते हैं कि पृथ्वी पर परमेश्वर की वंशावली अवश्य होनी चाहिए, जिसके परिणामस्वरूप वे यीशु को अब्राहम की बयालीसवीं पीढ़ी बताते हैं। यह वास्तव में हास्यास्पद है! पृथ्वी पर आने के बाद परमेश्वर की वंशावली कैसे हो सकती है? यदि तुम कहते हो कि परमेश्वर की वंशावली है, तो क्या तुम उसे सृजित प्राणियों की श्रेणी में ही शामिल नहीं कर देते? परमेश्वर पृथ्वी का नहीं है, वह सृष्टिकर्ता है, और भले ही वह देह में आ गया है, फिर भी उसका सार मनुष्य के सार जैसा नहीं है, तो तुम परमेश्वर को सृजित प्राणी के समान दर्जा कैसे दे सकते हो? अब्राहम परमेश्वर का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता; वह उस समय यहोवा के कार्य का पात्र था, वह एक वफादार सेवक मात्र था जिसे यहोवा ने योग्य पाया था और वह इस्राएल के लोगों में से एक था। वह यीशु का पूर्वज कैसे हो सकता है?
यीशु की वंशावली को किसने लिखा था? क्या यीशु ने स्वयं उसे लिखा था? क्या यीशु ने व्यक्तिगत रूप से उनसे कहा था, “मेरी वंशावली लिखो”? यीशु को सूली पर चढ़ाए जाने के बाद इसे मत्ती द्वारा दर्ज किया गया था। उस समय यीशु ने बहुत सारा ऐसा काम किया था, जो उसके शिष्यों की समझ से परे था, और उसने कोई व्याख्या प्रस्तुत नहीं की थी। उसके जाने के बाद शिष्यों ने हर जगह प्रचार करना और काम करना प्रारंभ किया, और कार्य के उस चरण के लिए उन्होंने धर्मपत्र और सुसमाचार की पुस्तकें लिखनी प्रारंभ कीं। नए नियम की सुसमाचार की पुस्तकें यीशु को सूली पर चढ़ाए जाने के बीस से तीस साल बाद लिखी गई थीं। उससे पहले इस्राएल के लोग केवल पुराना नियम ही पढ़ते थे। दूसरे शब्दों में, अनुग्रह के युग की शुरुआत में लोग पुराना नियम ही पढ़ते थे। नया नियम केवल अनुग्रह के युग के दौरान ही प्रकट हुआ। यीशु के काम करने के समय नया नियम मौजूद नहीं था; लोगों ने उसके कार्य को उसके मरकर जी उठने और स्वर्गारोहण करने के बाद दर्ज किया। केवल तभी चार सुसमाचार और पौलुस व पतरस के धर्मपत्र और साथ ही प्रकाशितवाक्य की पुस्तक सामने आई। यीशु के स्वर्ग जाने के तीन सौ साल से अधिक समय के बाद आगामी पीढ़ियों ने इन दस्तावेजों को चुनिंदा तौर पर एकत्र और संयोजित किया, तब जाकर बाइबल का नया नियम अस्तित्व में आया। केवल इस कार्य के पूरा होने के बाद ही नया नियम अस्तित्व में आया था; यह पहले मौजूद नहीं था। परमेश्वर ने वह सब कार्य किया था, और पौलुस और अन्य प्रेरितों ने विभिन्न स्थानों पर स्थित कलीसियाओं को बहुत-से धर्मपत्र लिखे थे। उनके बाद के लोगों ने उनके धर्मपत्रों को संयुक्त किया और पतमुस के द्वीप में यूहन्ना द्वारा देखे गए उसके सबसे बड़े दर्शन का ब्यौरा संलग्न किया, जिसमें अंत के दिनों के परमेश्वर के कार्य के बारे में भविष्यवाणी की गई थी। लोगों ने यह क्रम बनाया था, जो आज के कथनों से अलग है। आज जो दर्ज किया जा रहा है, वह परमेश्वर के कार्य के चरणों के अनुसार है; आज लोग जिसके संपर्क में आते हैं, वह परमेश्वर द्वारा व्यक्तिगत रूप से किया जाने वाला कार्य और उसके द्वारा व्यक्तिगत रूप से बोले गए वचन हैं। तुम्हें—मनुष्य को—हस्तक्षेप करने की आवश्यकता नहीं है; आत्मा से सीधे आने वाले वचनों को कदम-दर-कदम व्यवस्थित किया गया है और यह व्यवस्था लोगों के अभिलेखों की व्यवस्था से अलग है। कहा जा सकता है कि जो कुछ उन्होंने दर्ज किया है, वह उनकी शिक्षा के स्तर और मानवीय काबिलियत के अनुसार था। उन्होंने जो कुछ दर्ज किया, वे मानवीय अनुभव थे और प्रत्येक के पास दर्ज करने का अपना साधन था और उनकी अपनी समझ थी और प्रत्येक अभिलेख अलग था। इसलिए, यदि तुम बाइबल की परमेश्वर के रूप में आराधना करते हो, तो तुम बहुत ही ज़्यादा नासमझ और मूर्ख हो! तुम आज के परमेश्वर के कार्य को क्यों नहीं खोजते हो? केवल परमेश्वर का कार्य ही मनुष्य को बचा सकता है। बाइबल मनुष्य को नहीं बचा सकती, लोग हज़ारों सालों तक इसे पढ़ते रह सकते हैं और फिर भी उनमें ज़रा-सा भी परिवर्तन नहीं होगा, और यदि तुम बाइबल की आराधना करते हो, तो तुम्हें पवित्र आत्मा का कार्य कभी प्राप्त नहीं होगा।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, बाइबल के विषय में (3)
बाइबल इस्राएल में परमेश्वर के कार्य का ऐतिहासिक अभिलेख है और इसमें प्राचीन नबियों की बहुत-सी भविष्यवाणियों के साथ ही उस समय के यहोवा के कार्य के बारे में उसके कुछ कथन दर्ज हैं। इस प्रकार, सभी लोग इस पुस्तक को पवित्र मानते हैं (क्योंकि परमेश्वर पवित्र और महान है)। निस्संदेह, यह सब उनके यहोवा का भय मानने वाले हृदय और परमेश्वर के लिए श्रद्धा वाले हृदय का परिणाम है। लोग इस तरह से इस पुस्तक का उल्लेख केवल इसलिए करते हैं क्योंकि सृजित प्राणी अपने सृष्टिकर्ता का इतना भय मानते हैं और उसके प्रति इतनी श्रद्धा रखते हैं, और ऐसे लोग भी हैं जो इस पुस्तक को एक स्वर्गिक पुस्तक कहते हैं। वास्तव में, यह मात्र एक मानवीय अभिलेख है। यहोवा ने व्यक्तिगत रूप से इसका नाम नहीं रखा था और न ही यहोवा ने व्यक्तिगत रूप से इसकी रचना का मार्गदर्शन किया था। दूसरे शब्दों में, इस पुस्तक का लेखक परमेश्वर नहीं, बल्कि मनुष्य है। पवित्र बाइबल केवल सम्मानजनक शीर्षक है जो इसे मनुष्य ने दिया है। इस शीर्षक का निर्णय यहोवा और यीशु के द्वारा एक-दूसरे से विचार-विमर्श करने के बाद नहीं लिया गया था; यह मानव विचार से अधिक कुछ नहीं है। क्योंकि यह पुस्तक यहोवा ने नहीं लिखी, यीशु ने तो कदापि नहीं। इसके बजाय, यह अनेक प्राचीन नबियों, प्रेरितों और भविष्यद्रष्टाओं का बताया हुआ लेखा-जोखा है, जिसे बाद की पीढ़ियों ने प्राचीन लेखों की ऐसी पुस्तक के रूप में संकलित किया जो लोगों को विशेष रूप से पवित्र प्रतीत होती है, ऐसी पुस्तक जिसमें वे मानते हैं कि अनेक अथाह और गहन रहस्य हैं जो भावी पीढ़ियों द्वारा बाहर लाए जाने का इन्तज़ार कर रहे हैं। इस रूप में, लोग यह मानने को और भी अधिक तत्पर हैं कि यह एक स्वर्गिक पुस्तक है। चार सुसमाचारों और प्रकाशितवाक्य की पुस्तक को जोड़ लें, तो इसके प्रति लोगों का मनोभाव किसी भी अन्य पुस्तक के प्रति उनके मनोभाव से विशेष रूप से भिन्न है, और इस प्रकार कोई भी इस “स्वर्गिक पुस्तक” का गहन-विश्लेषण करने का साहस नहीं करता है—क्योंकि यह बहुत “पावन” है।
—वचन, खंड 1, परमेश्वर का प्रकटन और कार्य, बाइबल के विषय में (4)
संबंधित चलचित्र अंश
क्या बाइबल परमेश्वर द्वारा प्रेरित है
क्या पूरी बाइबल परमेश्वर की प्रेरणा से रची गयी है?
संबंधित अनुभवात्मक गवाहियाँ
क्या पूरी बाइबल परमेश्वर द्वारा प्रेरित है?
संबंधित भजन
क्या पूरी बाइबल परमेश्वर की प्रेरणा से दी गई है?